गंगा का जलस्तर बढ़ने से राफ्टिंग बंद

मौसम विभाग के अलर्ट के बाद रविवार की अलसुबह से ही सभी क्षेत्र में मूसलधार वर्षा हो रही है। पर्वतीय क्षेत्र में हो रही वर्षा के कारण गंगा के जल स्तर में वृद्धि हुई है। प्रशासन की ओर से गंगा में राफ्टिंग पर रोक लगा दी गई है। हालांकि यह रोक दो दिन के लिए है। 30 जून राफ्टिंग सत्र का आखिरी दिन होता है। दो दिन बाद समीक्षा के बाद प्रशासन अगला निर्णय लेगा।
गंगा के जल स्तर में वृद्धि के साथ बड़ी संख्या में सूखे पेड़ और लकड़ी गंगा में बहकर आ रही है। जिनसे राफ्ट के टकराने से दुर्घटना का अंदेशा भी बढ़ गया है। वर्तमान में उपजे हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से उप जिलाधिकारी नरेंद्र नगर देवेंद्र सिंह नेगी से राफ्टिंग पर रोक लगाने का आग्रह किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि उप जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला सहायक पर्यटन अधिकारी केएस नेगी के साथ टीम ने ब्रम्हपुरी में गंगा के जलस्तर की जांच की। यहां पर राफ्टिंग के लिए निर्धारित जल स्तर का मानक ग्रीन लेबल लगा हुआ है। गंगा का जलस्तर ग्रीन लेवल को पार कर गया है। जिसके बाद उपजिलाधिकारी ने रविवार और सोमवार के लिए राफ्टिंग पर रोक लगा दी है।

साहसिक पर्यटन विभाग की ओर से प्रत्येक वर्ष 30 जून तक ही राफ्टिंग सत्र संचालित होता है। इसके बाद मानसून सत्र शुरू हो जाता है और राफ्टिंग पर रोक लग जाती है। प्रशासन की ओर से मंगलवार को हालात की समीक्षा की जाएगी। यदि गंगा का जलस्तर प्रतिकूल हुआ तो राफ्टिंग पर रोक अगले कुछ दिन के लिए बढ़ाई जा सकती है।

ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज से लोगों ने लिया आशीर्वाद

ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज अपने दो दिवसीय प्रवास पर योग नगरी ऋषिकेश पहुंचे। यहां पहुंचने पर महामंडलेश्वरों, संतों एवं स्थानीय लोगों द्वारा उनका स्वागत किया गया। ऋषिकेश में अपने पहले कार्यक्रम में ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी विवेकानंद सरस्वती ने स्वामी नारायण घाट में गंगा आरती में सम्मलित हुए।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को शंकराचार्य स्वामी आविमुकातेश्वरानंद सरस्वती ने कर्म और भाग्य को परिभाषित करते हुए कहा कि भाग्य फलित होता है। उन्होंने बसुदेव और नंद का उदाहरण दिया। गंगा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गंगा जल स्पर्श मात्र से ही सभी राग द्बेष से मुक्त हो जाते हैं।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि गंगा जल और सामान्य जल में अंतर है। कहा कि पानी के प्रछालन से शरीर की गंदगी दूर होती है लेकिन गंगा जल मन के मेल को धोती है। उन्होंने संतो से आहवान किया कि अपने व्यवहार मे सरल और तरलता लाएं। राग द्बेष से दूर रहकर आदर्श प्रस्तुत करें और समाज का मार्गदर्शन करें।
इस अवसर पर स्वामीनारायण आश्रम के सुनील भगत ने शंकराचार्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। महामंडलेश्वर अभिषेक चैतन्य हरिद्वार के महंत प्रेमानंद शास्त्री ज्योतिर्मठ के प्रभारी ब्रह्मचारी मुकुंदानंद, स्वामी सहजानंद, ब्रह्मचारी श्रवणानंद, ज्योर्तिमठ के मीडिया प्रभारी डॉ बृजेश सती, ब्रह्म कपाल तीर्थ पुरोहित पंचायत के अध्यक्ष उमेश सती, अजय पांडे, कार्यक्रम के सह संयोजक रवि प्रपन्नाचार्य, स्वामीनारायण आश्रम के पीआरओ सौरभ राणा कोटी, जोशीमठ के पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रकाश रावत मौजूद रहे।

डीएम देहरादून से मंत्री अग्रवाल ने जताई नाराजगी

क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने जी-20 के अंतर्गत किये जा रहे निर्माण कार्य को पूर्व में तय डेटलाइन 20 जून तक पूर्ण न किये जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने मौके से ही जिलाधिकारी देहरादून सोनिका को दूरभाष पर वार्ता कर सभी अधिकारियों को निर्माण कार्य पूर्ण होने तक यही कैम्प करने के निर्देश दिये। साथ ही अति शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
शनिवार को डॉ अग्रवाल ने त्रिवेणी घाट पर निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने यहां अधिकारियों के समक्ष नाराजगी जताते हुए कहा कि अति शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार का समझौता ना हो और निर्माण कार्यों को परमानेंट किया जाए, इसकी सुनिश्चिता की जाए। साथ ही निर्देश दिए कि मैनपावर बढ़ाते हुए रात्रि में भी निर्माण कार्य किए जाएं।
डॉ अग्रवाल ने निर्देशित किया कि विभाग स्थाई प्रकृति के कार्य करें तथा जो कार्य किए जा रहे हैं उनके रखरखाव की भी पूर्ण व्यवस्था बना ली जाए। उन्होंने नगर निगम ऋषिकेश के अधिकारियों को निर्देशित किया कि साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें तथा नियमित सफाई कार्य सुनिश्चित किए जाएं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुश्री झरना कमठान, सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश सौरभ असवाल, नगर आयुक्त राहुल गोयल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग धीरेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई दिनेश उनियाल, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल शक्तिलाल, एसडीओ सिंचाई अनुभव नौटियाल सहित मण्डल अध्यक्ष सुमित पंवार, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा कविता शाह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बृजेश शर्मा, पार्षद रीना शर्मा, शिव कुमार गौतम, प्रदीप कोहली, जिला कार्यालय प्रभारी देवदत्त शर्मा, रूपेश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा शिवम टुटेजा, मण्डल महामंत्री युवा मोर्चा अभिनव पाल, उषा जोशी, सुधा असवाल, भावना किशोर गौड़ आदि उपस्थित रहे।

मुख्य सचिव ने जी20 के कार्यों की तैयारियों को लेकर की बैठक

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने सचिवालय में 25 जून से 28 जून तक ऋषिकेश में आयोजित होने वाली जी 20 की तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक ली। मुख्य सचिव ने कहा कि जी20 की पिछली बैठकों में काफी अच्छे से प्रबंधन किया गया था, इसे आने वाली बैठक में भी जारी रखा जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि पर्यटन प्रदेश होने के नाते हमें प्रदेश की छवि पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण के लिए जो भी कार्य करवाए जा रहे हैं, इनकी गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। जितने भी सुधार कार्य करवाए जाएं वह स्थाई प्रवृत्ति के हों ताकि जी 20 के बाद भी आने वाले पर्यटक उनका आनंद ले सकें।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में सड़कों की कायाकल्प के लिए एक मैकेनिज्म विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों के सौंदर्यीकरण के लिए जिलाधिकारी अथवा पर्यटन विभाग के अंतर्गत एक मद बनाया जाए, जिसमें सड़कों के किनारे सौंदर्यीकरण एवं उसके रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, सचिव सचिन कुर्वे, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, दीपेन्द्र कुमार चौधरी, विनोद कुमार सुमन, एच. सी. सेमवाल, ए.डी.जी. वी. मुरुगेशन, ए. पी. अंशुमान, वी.सी. एम.डी.डी.ए. बंशीधर तिवारी सहित अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों के संग तैयारियों का लिया जायजा

क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने जी-20 कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। बैठक के बाद तमाम अधिकारियों के साथ डॉ अग्रवाल ने त्रिवेणी घाट पर निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण भी किया।
रेलवे रोड स्थित एक होटल से आयोजित बैठक में मंत्री डॉ अग्रवाल ने जी-20 के दृष्टिगत त्रिवेणी घाट एवं ऋषिकेश विधानसभा में कराए जा रहे कार्यों की विभाग वार समीक्षा करते हुए समस्त विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए 20 जून तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डॉ अग्रवाल ने निर्देशित किया कि गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता ना हो और निर्माण कार्यों को परमानेंट किया जाए, इसकी सुनिश्चिता की जाए। साथ ही निर्देश दिए कि मैनपावर बढ़ाते हुए रात्रि में भी निर्माण कार्य किए जाएं।
डॉ अग्रवाल ने निर्देशित किया कि विभाग स्थाई प्रकृति के कार्य करें तथा जो कार्य किए जा रहे हैं उनके रखरखाव की भी पूर्ण व्यवस्था बना ली जाए। उन्होंने नगर निगम ऋषिकेश के अधिकारियों को निर्देशित किया कि साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें तथा नियमित सफाई कार्य सुनिश्चित किए जाएं।
डॉ अग्रवाल ने विभागों को निर्देश दिए कि मानसून के दृष्टिगत तैयारियां सुनिश्चित की जाए। ताकि बरसात होने पर अव्यवस्था न हो। उन्होंने नगर निगम को लाइटिंग कार्य, नाली सफाई, शौचालय मरम्मत तथा निराश्रित पशुओं को गौशालाओं में पहुंचाने के निर्देश दिए।
डॉ अग्रवाल ने डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को निर्देश दिए की कानून व्यवस्था में सुधार करते हुए सप्ताह अंत में पुलिस फोर्स बढ़ाई जाए, ताकि सड़को पर जाम की स्थिति और अराजकता से बचा जा सके। उन्होंने कार्य में लापरवाही किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सचिव शहरी विकास डॉ विनय शंकर पांडे, सचिव प्रशासन विनोद कुमार सुमन, डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी झरना कमठान, सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया, अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व रामजीशरण शर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कमलेश उपाध्याय, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश सौरभ असवाल, प्रभारी नगर आयुक्त नगर निगम ऋषिकेश तनवीर सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग धीरेंद्र कुमार, निवेशक ग्रामीण विकास अभिकरण प्रदीप पांडे सहित विद्युत, सिंचाई, आदि संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

टीन शेड से लैस होगा आरती स्थल
क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने बैठक के तुरंत बाद त्रिवेणी घाट में निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि त्रिवेणी घाट में गंगा स्थल पूरी तरह टिन शेड किया जाय। इससे जी-20 कार्यक्रम के बाद स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा।

चेंजिंग रूम की संख्या बढ़ाने के दिए निर्देश
डॉ अग्रवाल ने निरीक्षण के दौरान पाया कि घाट पर आने वाले पर्यटकों के लिए चेंजिंग रूम की आवश्यकता है, जिसको देखते हुए उन्होंने एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया को चेंजिंग रूम की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।

आरती स्थल के सामने टापू पर लगेगी ग्रीन ग्रास
डॉ अग्रवाल ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को गंगा आरती स्थल के ठीक सामने टापू पर ग्रीन ग्रास लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे घाट की सुंदरता में वृद्धि होगी।

28 जून को गंगा आरती की पूरी संभावना
डॉ अग्रवाल ने मीडिया कर्मियों को बताया कि उनके प्रयासों से पूर्व में सीपीए के सदस्यों ने गंगा आरती में भाग लिया था। इसी के निमित्त जी-20 कार्यक्रम में गंगा आरती ऋषिकेश त्रिवेणी घाट में कराए जाने को लेकर उनकी ओर से अथक प्रयास किए गए। जिसका परिणाम यह है कि 28 जून को त्रिवेणी घाट पर गंगा आरती होने की पूरी संभावना है।

कड़ी मशक्त के बाद दमकल कर्मियों ने बुझाई आग, दो बसें जलकर हुई राख

संयुक्त यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड में एक निजी बस में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग की लपटें उठते ही कंपाउंड में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठने से बगल में खड़ी दूसरी निजी बस भी चपेट में आ गई। अग्निशमन कर्मचारियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दो बसें जलकर राख हो गई। जबकि पास खड़ी तीसरी बस को आग लगने से बचा लिया गया।
सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे संयुक्त यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड में रिपेयरिंग के दौरान एक बस ने आग पकड़ ली। मरम्मत में जुटे कर्मचारी आग लगते ही भाग खड़े हुए। तेजी से फैलती आग में बस धूं-धूं कर जली, तो उसकी लपटें बगल में खड़ी बस तक पहुंच गई, जिससे वह बस भी जलकर खाक हो गई। बसों में आग लगने से कैंपस में अफरा-तफरी फैल गई। आसपास खड़े लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। अग्निशमन कर्मचारियों ने आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि पार्किंग में आग सिर्फ तीन बसों तक ही सीमित रही, जबकि बगल में ही दर्जनों की संख्या में और भी बसें खड़ी थी। हादसे में किसी के हताहत होने की अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। अग्निशमन अधिकारी बीरबल सिंह ने बताया कि यह हादसा प्रथम दृष्टया बस में रिपेयरिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से हुआ। बताया कि बस मालिक हनीफ ने करीब पांच लाख रुपये का नुकसान होना बताया है। फिलहाल विभागीय टीम आग लगने से सही कारणों की जांच में जुटी है।

जोगीवाला में अमृत सरोवर हुआ आमजन को समर्पित, मंत्री डा. अग्रवाल ने किया उद्धाटन

क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत अमृत सरोवर जोगीवाला माफी का विधिवत पूजा अर्चना के साथ रिबन काटकर शुभारंभ किया। इस मौके पर डा. अग्रवाल ने पर्यटकों के अनुरूप बच्चों के झूले, ओवर ब्रिज के निर्माण को 20 लाख रूपये की विधायक निधि देने की घोषणा भी की। इस मौके पर डा. अग्रवाल ने अमृत सरोवर में नौका विहार का आनंद भी उठाया। इसी के साथ अमृत सरोवर जोगीवाला माफी का विधिवत संचालन प्रारंभ हो गया।

जोगीवाला माफी में इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों द्वारा क्षेत्रीय विधायक डा. अग्रवाल का भव्य स्वागत भी किया गया। डा. अग्रवाल ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव को पूरा देश धूमधाम से मना रहा है। उत्तराखंड में करीब दो हजार अमृत सरोवर बनाए गए हैं। इसी क्रम में जोगीवाला माफी में अमृत सरोवर का निर्माण किया गया है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे।

डा. अग्रवाल ने बताया कि इस अमृत सरोवर की लागत 38 लाख 85 हजार रूपये है, जो पंचायत भूमि पर बनाया गया है। बताया कि इसकी लंबाई 71 मीटर और चौड़ाई 51 मीटर है, जो लगभग 3500 मीटर स्कवायर में फैला हुआ है। उन्होंने बताया कि इसमें पानी की मात्रा 5300 क्यूबिक मीटर है।

डा. अग्रवाल ने अमृत सरोवर के स्वरूप को बनाए रखने हेतु कार्य देखने वाली महिला मंगल दल और युवक मंगल दल के पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित भी किया। इस मौके पर जोगीवाला माफी के प्रधान सोबन सिंह कैंतुरा ने अमृत सरोवर के सौंदर्यीकरण के लिए मदद करने का आग्रह किया। इस पर मंत्री डा. अग्रवाल ने 20 लाख रूपये की विधायक निधि देने की घोषणा की। जिस पर ग्रामीणों द्वारा आभार प्रकट किया गया।

इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी, प्रधान जोगीवाला माफी सोबन सिंह कैंतुरा, प्रधान चक जोगीवाला भगवान सिंह महर, प्रधान खैरीकलां चन्द्रमोहन पोखरियाल, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी कमला नेगी, कार्यक्रम अध्यक्ष भरत सिंह भंडारी, पूर्व जिपंस अनिता राणा, मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा समा पंवार, सोनी रावत, प्रधान प्रतिनिधि सरदार बलविंदर सिंह, पूर्व प्रधान हरीश कक्कड़, सुशीला नेगी, हरपाल राणा, समाजसेवी मानवेंद्र कंडारी, रोशन कुड़ियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर खत्री आदि सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

नौका विहार कर उठाया लुत्फ
रायवाला। डा. अग्रवाल ने अमृत सरोवर के विधिवत उद्धाटन के बाद लाइफ जैकेट पहनकर ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल के साथ नौका विहार का लुत्फ भी उठाया। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर इस क्षेत्र के लोगों के लिए आर्थिकी का साधन बनेगा। उन्होंने सरोवर की प्रशंसा करते हुए कहा कि लोगों को नौका विहार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है।

अमृत सरोवर के साथ ही पहाड़ी भोजन का भी मिलेगा जायका
रायवाला। सरोवर के उद्धाटन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में डा. अग्रवाल ने कहा कि यहां पहाड़ी भोजन की भी व्यवस्था होनी चाहिए। इससे बाहर से आने वाले पर्यटकों को पहाड़ी भोज का स्वाद चखने को मिलेगा और हमारे भोज को बढ़ावा मिलेगा।

नीरजा देवभूमि ट्रस्ट ने बालिकाओं को उपलब्ध कराया निशुल्क मेहंदी प्रशिक्षण

नीरजा देवभूमि चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा पिछले 15 दिनों से निशुल्क चल रहे मेहंदी प्रशिक्षण का आज समापन हो गया। समापन अवसर पर समाजसेविका चारू माथुर कोठारी उपस्थित रहीं। इस दौरान निशुल्क प्रशिक्षण पाने वाली 16 बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र भी सौंपे गए। साथ ही प्रशिक्षण देने वाली अनिशा साहू और बबीता को भी ट्रस्ट द्वारा सम्मानित किया गया।

इस मौके पर समाजसेविका चारू माथुर कोठारी ने कहा कि ट्रस्ट द्वारा समाजहित में लगातार कार्य किया जा रहा है, जो कि सराहनीय है। उन्होंने कहा कि निशुल्क मेहंदी प्रशिक्षण से निश्चित रूप से बालिकाओं को आर्थिक रूप से मदद मिलेगी। उन्होंने सभी प्रशक्षिण पाने वाली बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र देते हुए शुभकामनाएं दी।

ट्रस्ट की संस्थापक व पैरा ओलंपिक खिलाड़ी नीरजा गोयल ने बताया कि 15 दिन पूर्व निशुल्क मेहंदी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया था। जिसमें शीशमझाड़ी, मायाकुंड, चंद्रेश्वर नगर के निर्धन परिवारों की बालिकाओं को उनकी रूचि के जरिए मेहंदी प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। उन्होंने बताया कि 15 दिन चले शिविर में 16 बालिकाओं ने मेहनत के जरिए सभी तरह का कोर्स संपन्न किया।

उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर के जरिए बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। साथ ही रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की ओर से भी भविष्य में इन्हें रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

इस मौके पर एसके पाठक, पूर्णिमा पाठक, हरीश आनंद, डीपी रतूड़ी, मनोज गुप्ता, कुसुम जोशी, राजेंद्र जोशी, शिखा पाल, मंजू देवी, अनीशा साहू, बबीता, नुपूर गोयल आदि उपस्थित रहे।

जिन्हे जनता ने हराया, उन्हें हार नही पच रही-भाजपा

क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने अमित ग्राम गुमानीवाला में विभिन्न सड़क निर्माण के लिए 15 लाख रूपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। इस दौरान मंत्री डा. अग्रवाल ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला।
पार्षद वीरेंद्र रमोला के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में डा. अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस के तथाकथित लोग तुच्छ राजनीति के जरिए ऋषिकेश में जहर घोलने का काम कर रहे है, उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी करने वालों का साथ कांग्रेस देकर क्षेत्र में भय का माहौल पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना से कार्य करती है। उन्होंने कहा कि साढ़े 16 वर्षों में उनकी ओर से भी हर वर्ग, हर समाज का सम्मान किया गया और उनकी मूलभूत समस्याओं का निस्तारण किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसा व्यक्ति जो विधानसभा चुनाव में 20 हजार मतों के अंतर से पराजित होता है, उनके द्वारा लगातार किये जा रहे विकास कार्यों से खिन्न होकर तथा उनकी बढ़ती लोकप्रियता से भयभीत होकर हल्की राजनीति से जनता को भ्रमित कर रहा है।
पार्षद वीरेंद्र रमोला ने कहा कि विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल को जनता से बड़े अंतर से जिताया है, यहां तक कि पिछले लोकसभा चुनावों में भी सर्वाधिक मत इसी विधानसभा से मिले थे। यही नहीं, निकाय चुनावों में भी रिकॉर्ड जीत दर्ज की। पार्षद ने कहा कि प्रदेश में 46 जगहों पर कांग्रेस के हारे प्रत्याशियों ने अपनी हार स्वीकार की है, जबकि ऋषिकेश विधानसभा में कांग्रेस का हारा व्यक्ति अपनी पराजय को स्वीकार नहीं कर पा रहा है और प्रतिदिन षड्यंत्र के तहत सोशल मीडिया का दुरूपयोग कर मंत्री की लोकप्रिय छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहा है।
समाजसेवी मानवेंद्र कंडारी ने कहा कि प्रदेश में जी-20 के विदेशी सरजमीं के मेहमान पहुंचे हैं, ऐसे में बाहरी लोगों के साथ एकत्र होकर कुटरचना की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को शर्म आनी है, जहां प्रदेश का नाम विदेशों में भी हो रहा है, वहीं, प्रदेश की छवि को धूमिल करने का काम कांग्रेस कर रही है। उन्होंने कहा कि विधायक डा. अग्रवाल की लोकप्रियता कांग्रेस के हारे प्रत्याशी को रास नहीं आ रही है। ऐसे में वह समाज में जहर घोलने का काम कर रहा है।
रंजीत थापा ने कहा कि कांग्रेस के कुछ तथाकथित लोग ऐसे लोगों के साथ दे रही है, जो स्वयं को समाजसेवी होने का दावा करते है, जबकि वास्तविकता यह है कि ऐसे लोग सोशल मीडिया का दुरप्रयोग करने में अव्वल हैं, साथ ही आरटीआई का गलत इस्तेमाल करते है। उन्होंने कहा कि बिना मुद्दों को तूल देकर कांग्रेस तुच्छ राजनीति कर रही है, इसके चलते रसातल की ओर अग्रसर हो रही है।
इस दौरान भारी संख्या में पर्वतीय मूल के लोगों ने मंत्री डा. अग्रवाल के समर्थन में नारे लगाए और समाज में नकारात्मकता फैला रहे तथाकथित लोगों के खिलाफ बिगुल फूंकते हुए बहिष्कार करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर प्रेम सिंह रावत, केपी डंगवाल, पूर्णानंद जोशी, धनीराम गौड़, राजेंद्र प्रसाद भट्ट, भुवन चंद फुलारा, विरेंद्र बिष्ट, राजू गुनसोला, मोहन प्रसाद गौड़, महिला मोर्चा अध्यक्ष निर्मला उनियाल, रूपा रमोला, अन्नू भट्ट, गुंजन, सुमन पैंयूली, सत्यपाल राणा आदि उपस्थित रहे।

डा. सुनील थपलियाल को मिला स्व. रीता शर्मा स्मृति सम्मान

मुनीकीरेती ढालवाला में आयोजित एक साहित्य सम्मान कार्यक्रम में इस वर्ष का शिक्षाविद साहित्यकार स्वर्गीय रीता शर्मा स्मृति साहित्य सम्मान आवाज. साहित्यिक संस्था के डिजिटल संयोजक डॉक्टर सुनील थपलियाल को दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनकवि डॉ अतुल शर्मा, रंजना शर्मा, रेखा शर्मा तथा पूर्व राज्य में मंत्री युवा तुर्क रविंद्र जुगलान ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद ममता जोशी द्वारा सरस्वती वंदना एवं लोक गायक रमेश उनियाल द्वारा जागरण से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

आवाज. साहित्यिक संस्था के उपाध्यक्ष आचार्य रामकृष्ण पोखरियाल ने स्वागत उद्बोधन के साथ सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया कार्यक्रम के संयोजक धरातल साहित्यिक संस्था देहरादून के अतुल शर्मा एवं रंजना शर्मा तथा रेखा शर्मा ने साहित्य के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए इस वर्ष का सम्मान आवाज साहित्यिक संस्था के संयोजक डॉक्टर सुनील थपलियाल को दिए जाने की घोषणा की।

इस अवसर पर डॉ अतुल शर्मा ने कहा कि रीता अनीता शर्मा एक शिक्षाविद और संवेदनशील लेखिका थी। उन्होंने समाज हित के लिए अपने साहित्य की रचना की और वही कार्य आवाज साहित्यिक संस्था के डॉक्टर सुनील थपलियाल कर रहे हैं इसलिए सुनील जी को यह सम्मान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साहित्य और समाज एक दूसरे के पूरक हैं और आवाज के डिजिटल कार्यक्रम में इसी जन-जन तक पहुंचाया है सम्मान के रूप में स्मृति चिन्ह साल प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मनोज प्रपन्नाचार्य ने कहा कि साहित्य समाज की अनमोल देन है। कार्यक्रम मे विशालमनी पैन्यूली ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि डा सुनील दत्त थपलियाल का सम्मान कई संस्थाओं का सम्मान है, कार्यक्रम का संचालन राम बल्लभ भट्ट ने किया। इस अवसर पर गढ़ भूमि लोक संरक्षण समिति समिति के अध्यक्ष आसाराम ब्यास आवाज साहित्यिक संस्था के अशोक शर्मा, प्रबोध उनियाल, सत्येंद्र चौहान, महेश चिटकारिया, सामाजिक कार्यकर्ता गजेंद्र कंडियाल, सुरेंद्र भंडारी, संतोष व्यास, महिपाल बिष्ट, धनीराम बिंजोला, बीना जोशी, निर्मला उनियाल, पुष्पा ध्यानी, ममता जोशी, नीलम जोशी, सरोजनी भट्ट, सुशीला बड़थ्वाल, प्रियंका, रश्मि पैन्यूली, दर्शनी भंडारी, विजय लक्ष्मी, गोपाल भटनागर सहित कई साहित्यकार उपस्थित थे।