टिहरी विकास प्राधिकरण ने मोबाइल टाॅवर और निर्माणाधीन बिल्डिंग की सील

टिहरी जिला विकास प्राधिकरण की टीम पुलिस और राजस्व की टीम के संग नगर पालिका ढालवाला-मुनिकीेरेती के वार्ड सात में पहुंची। यहां एक निर्माणाधीन भवन को सील करने की कार्रवाई जैसे ही शुरु हुई तो भवन स्वामी ने इसका विरोध करना शुरु कर दिया। लेकिन यह विरोध ज्यादा देर तक नहीं चल पाया। इसके बाद टीम ने यहां रह रहे एक परिवार को बाहर निकाला और बिल्डिंग को सील कर दिया। इस दौरान छत में लगे मोबाइल टावर को भी सील किया गया। इस मौके पर सभासद गजेंद्र सिंह, प्राधिकरण अधिकारी सर्वेश मित्तल, तहसीलदार अयोध्या उनियाल, राजस्व उपनिरीक्षक पवन कुमार, जेई रणवीर चैधरी, एएसआई शांति प्रसाद डिमरी आदि उपस्थित थे।

किसी भी कार्य के लिए धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगाः प्रेमचंद अग्रवाल

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने रायवाला के अंतर्गत शिवम एनक्लेव कॉलोनी में 1 करोड़ 79 लाख 44 हजार रुपए की लागत से निर्मित 3.5 किलोमीटर मोटर मार्ग का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा है कि ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में मोटर मार्गो का जाल बिछ रहा है।

शिलान्यास समारोह के अवसर पर स्पीकर ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के सभी क्षेत्रों में पर्याप्त रूप से मोटर मार्गो का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा है कि विद्युत विभाग के माध्यम से क्षेत्र में सैकड़ों किलोमीटर बंचिंग केवल का कार्य किया गया जबकि अनेक नए विद्युत पोल लगवाए गए।

उन्होंने कहा कि 18 करोड़ रुपए की लागत से रायवाला क्षेत्र में शुद्ध पेयजल आपूर्ति की योजना संचालित हो रही है जिससे समस्त क्षेत्रवासी लाभान्वित होंगे। कहा कि किसी भी कार्य के लिए धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा।उन्होंने कहा है कि क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता के लिए हर व्यक्ति सजग प्रहरी की भूमिका का निर्वहन करें। कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम में डोईवाला के ब्लाक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के कार्यों की प्रशंसा की। मौके पर लोनिवि के अधिशाषी अभियंता विपुल कुमार सैनी, विद्युत विभाग के उप खंडीय अधिकारी राजीव कुमार कमलेश पंथ, अपर सहायक अभियंता लक्ष्मीकांत गुप्ता, जिला महामंत्री भाजपा सुदेश कंडवाल, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, रायवाला प्रधान सागर गिरी, क्षेत्र पंचायत सदस्य निकिता चैहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य बबीता रावत, मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, सतपाल सैनी आदि उपस्थित रहे।

दुर्घटना में पीड़ित बागड़ियों की सीएम त्रिवेंद्र ने की आर्थिक मदद

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने दिनांक 22 अक्टूबर को ऋषिकेश में हुई दुर्घटना में मृतक आश्रित को एक-एक लाख रूपये और घायल को 50 हजार रूपये की सहायता स्वीकृत की है।
गौरतलब है कि ऋषिकेश स्थित देहरादून मार्ग पर बालाजी बगीचे के पास बागड़ियों के डेरे में ट्रक घुस गया था जिस कारण तीन लोगों की मृत्यु हो गयी थी और एक गंभीर रूप से घायल हो गया था।

बीएसएफ के जवान पर कोर्ट के आदेश से दर्ज होगा मुकदमा

कोतवाली पुलिस ऋषिकेश ने जिस मुकदमें को दर्ज करने से पहले इंकार किया था। अब कोर्ट के आदेश के बाद उसे दर्ज करना पड़ेगा।

दरअसल, एक महिला ने बीएसएफ के जवान पर जबरन शारिरीक संबंध बनाने का आरोप लगाया था। महिला ने बताया ने कोर्ट में दाखिल प्रार्थना पत्र में बताया कि आरोपी बीएसएफ जवान पंकज कुमार से उनकी मुलाकात कुछ वर्षों पूर्व गांव के एक शादी समारोह में हुई थी, उस वक्त पीड़िता तलाकशुदा थी। मुलाकात के बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हुआ और शारिरीक संबंध भी बन गए। इसके बाद आरोपी ने उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया, फिर उनकी शादी हो गई। ऋषिकेश में किराए के मकान में रह रहे थे। महिला का आरोप है कि कुछ माह से आरोपी जबरन संबंध बनाता है और गाली गलौच करता है। इसके अलावा अभद्र व्यवहार करता है। मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की तो पुलिस ने रिपोर्ट लिखने से साफ मना कर दिया।

महिला के अधिवक्ता अजय कथूरिया ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। बीएसएफ के जवान पर लगे आरोपों को न्यायाधीश मन मोहन सिंह ने उचित पाया। न्यायाधीश ने ऋषिकेश कोतवाल को आरोपी बीएसएफ जवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश सुनाया है।

राफ्ट और क्याक के जरिए पुलिस ने गंगा में की महिला की तलाश

करवाचैथ की शाम को पति के साथ सांई घाट पर पूजा करने के दौरान गंगा में लापता महिला की खोज आज पूरे दिनभर चली। मगर, कहीं भी महिला का पता नहीं चल पाया। जल पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने राफ्ट और क्याक की सहायता से गंगा में रेस्क्यू चलाया।

बीते रोज करवाचैथ के दिन शाम करीब साढ़े सात बजे करीब शांतिनगर जैन मंदिर के समीप रहने वाली महिला ओमवती उर्फ बाॅबी अपने पति के साथ सांई घाट पूजा की थाल लेकर पहुंची। गंगा में पूजा करने के दौरान महिला का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गई। एकाएक महिला गंगा की धारा में बह गई। यह देख आसपास लोगों में हड़कंप मच गया। आज पूरे दिन जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने राफ्ट और क्याक के जरिए गंगा में अभियान चलाया। मगर, सफलता नहीं मिल सकी। जल पुलिस की ओर से विनोद सेमवाल और एसडीआरएफ की ओर से सचिन, राकेश, संजीव, द्वारका प्रसाद आदि मौजूद रहे।

हिंदू जागरण मंच ने फूंका यूएस नगर पुलिस प्रशासन का पुतला

हिंदू जागरण मंच ऋषिकेश ने ऊधमसिंह नगर में अनुसूचित जाति के एक व्यक्ति को जबरन रोड से उठाकर अपनी राइस मिल में ले जाने मारपीट करने तमंचा लगाकर धमकाने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने की घटना पर पुलिस का पुतला फूंका है।

मंच के महानगर अध्यक्ष संजय प्रेम सिंह बिष्ट ने कहा कि पूरे प्रदेश में विरोध करने पर भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। मंच से जुडे़ लोगों ने डीजीबीआर चैक पर पुलिस प्रशासन उधम सिंह नगर का पुतला दहन कर अपना विरोध व्यक्त किया।

बता दें कि 18 सितंबर 2020 को पुष्पेंद्र सिंह पुत्र हरफूल सिंह जो कि अनुसूचित समाज के व्यक्ति हैं निवासी रेहमापुर कोतवाली जसपुर उधमसिंह नगर द्वारा नईम पुत्र अशरफ अली निवासी घूमर गो कोतवाली जसपुर जिला उधमसिंह नगर के विरुद्ध जबरन सड़क पर घेर कर रोकने तथा गाड़ी में तोड़फोड़ कर जबरन अपनी राइस मिल में ले जाने पर तमंचा दिखा कर धमकाने तथा मारपीट करने एवं जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने का मुकदमा दर्ज किया। प्रथम दिन से ही पुलिस का व्यवहार आरोपियों को बचाने वाला रहा था। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के संबंध में भविष्य में उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

पुतला फूंकने वालों में मंच महानगर अध्यक्ष संजय प्रेम सिंह बिष्ट, युवा नेता निखिल बर्थवाल, महानगर प्रचार प्रमुख हर्षित धीमान, अनुराग डिमरी, शंकर बर्थवाल, नीरज कुमार, आशु रावत, आशुतोष तिवारी, अनूप नौटियाल, राहुल कुमार, आकाश थापा, शुभम चैहान, जयदीप रावत आदि उपस्थित थे।

एसडीएम ऋषिकेश ने जांची तीर्थनगरी की दुकानों की मिठाईयां

दीपावली पर एक्सपायरी मिठाई बेची तो मुकदमा झेलने के लिए तैयार रहना होगा। उप जिलाधिकारी ऋषिकेश वरूण चैधरी ने आज मिठाईयों की दुकान में छापा मारा। इस दौरान उन्होंने सरकार की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए। एसडीएम के नेतृत्व में तहसील व पुलिस प्रशासन में तीर्थ नगरी की सभी मिष्ठान की दुकानों तथा उनकी वर्कशॉप पर छापेमारी की जिसमें उन्होंने दुकानों पर बनने वाली मिठाइयों की एक्सपायरी डेट भी चेक की तथा मास्क तथा दस्ताने लगाकर कार्य के जाने के निर्देश भी दुकानदारों को दिए उप जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यदि कोरोना संक्रमण के चलते सरकार द्वारा निर्धारित किए गए दिशानिर्देशों का उल्लंघन किया गया तो उन दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। उप जिलाधिकारी द्वारा मिठाइयों की दुकानों पर किए गए औचक निरीक्षण के चलते सभी दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

एम्स में भ्रष्टाचार उन्मूलन पर आयोजित हुई निबंध व पोस्टर प्रतियोगिता

एम्स भ्रष्टाचार मिटाने के लिए कृत संकल्पित है। इसके लिए संस्थान स्तर पर निगरानी कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी इस तरह के मामलों पर नजर रखती है और यदि कोई व्यक्ति इसतरह के किसी मामले में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। संस्थान में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह बात एम्स निदेशक प्रो. रविकांत ने कहीं।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में विजिलेंस वीक का आयोजन किया गया। जिसमें संस्थान के अधिकारियों, कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार उन्मूलन में अपनी महति भूमिका निभाने की शपथ ली। समापन कार्यक्रम में अव्वल प्रतिभागियों को एम्स निदेशक प्रो. रविकांत ने स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। जिसमें भ्रष्टाचार उन्मूलन को लेकर निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर निदेशक एम्स ने भाषण व पोस्टर प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे प्रतिभागियों को संस्थान की ओर से सम्मानित किया। विजिलेंस वीक कार्यक्रम के तहत संस्थान के विधि अधिकारी प्रदीप चंद्र पांडेय ने प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट 1988 व आरटीआई विषय, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पंकज सिंह राणा ने विजिलेंस गाइडलाइंस फॉर स्क्रेप डिस्पोजल, सुरपरिटेंडेंट इंजीनियर अनुराग सिंह जी ने विजिलेंस गाइडलाइंस फॉर टेंडर एंड प्रोक्यूरमेंट केसेस, वित्त सलाहकार कमांडेंट पीके मिश्रा व एकाउंट ऑफिसर राजीव गुप्ता ने जीएफआर रूल्स व एडमिन ऑफिसर संतोष जी ने विजिलेंस अवेयरनेस आदि विषयों पर व्याख्यान प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में डीन एकेडमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता, मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. ब्रिजेंद्र सिंह, डीन हॉस्पिटल अफेयर्स प्रो. यूबी मिश्रा, वित्तीय सलाहकार पर्वत कुमार मिश्रा, डीन कॉलेज ऑफ नर्सिंग प्रो. सुरेश के. शर्मा, विधि अधिकारी प्रदीप पाण्डे, लेखा अधिकारी राजीव गुप्ता आदि मौजूद थे।

करवा चौथ पर चांद का दीदार कर महिलाओं ने खोला व्रत

जो तुमको हो पसंद, वही बात करेंगे
तुम दिन को अगर रात कहो, रात कहेंगे
जो तुमको …

चाहेंगे, निभाएंगे, सराहेंगे आप ही को
आँखों में दम है जब तक, देखेंगे आप ही को
अपनी जुबान से आपके जजबात कहेंगे
तुम दिन को अगर रात कहो, रात कहेंगे
जो तुमको हो पसंद …

कदाचित् इस गीत की पंक्ति आज हर सुहागिनी महिला को अपने पति की ओर से सुनने को मिली होगी। करवा चौथ की सांझ को सुहागिनियों ने चांद का दीदार कर पति की दीर्घायु और सर्व गुण संपन्न होने की कामना की। तो वहीं, पतियों ने भी उन्हें हर समय साथ रहने और प्रत्येक परिस्थिति में साथ निभाने का वायदा किया। आज तीर्थनगरी के बाजारों में सिर्फ जोड़े ही देखने को मिले। एक साथ तीर्थनगरी के बाजारों में सुहागिनी महिलाओं को यूं सजा संवरा देख कर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानों देवी और देवता एक साथ आ पहुंचे। इस मौके पर फोटोग्राफरों की भी धूम रहीं। ग्रुप फोटों खींच कर देकर उन्होंने भी चांदी बटोरी।

कोरोना काल पर सुहागिनियों की जीत हुई। तीर्थनगरी में वही जज्बे, उत्साह और उत्सव की भांति करवा चौथ का पर्व मनाया गया। सुबह से ही महिलाओं ने स्नान आदि कर निर्जल व्रत धारण किया। दोपहर बाद सामूहिक रूप से करवा चौथ की कथा, पार्वती माता, चैथ माता की कथा का श्रवण किया।

शाम ढलते ही सुहागिनियों ने दुल्हन की भांति तैयार और उनके पतियों ने दुल्हे की तरह परिधान पहने। इसके बाद गंगा तट पर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। यहां सामूहिक रूप से ग्रुप फोटो खिंचवाई। इसके बाद चांद आने पर छलनी की मदद से पति का चेहरा देखा। इसके बाद पतियों ने अपनी पत्नियों को जल पिलाकर व्रत खुलवाया। इसके बाद पूर्ण रूप से व्रत खोला गया। व्रती महिलाओं ने पति सहित परिवार के सभी बड़े लोगों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। साथ ही चांद से पति की लंबी उम्र की कामना भी की।

युवा कांग्रेस ने धरना देकर उत्तराखंड सरकार से पूछे कई सवाल

युवा कांग्रेस के विस अध्यक्ष अमरजीत धीमान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरते हुए पूछता है उत्तराखंड के तहत एक दिवसीय धरना दिया। धीमान ने कहा कि सरकार रोजगार देने में विफल रही है। ऋषिकेश में व्याप्त संसाधन व भूमि होने के बावजूद यहां रोजगार नहीं दिया जा रहा है, मजबूरन यहां के युवा दूसरे शहर का रूख कर रहे है। साथ ही यहां क्वारंटीन सेंटर की हालत खस्ता है।
युकां प्रदेश अध्यक्ष सुमित भुल्लर ने कहा कि युवा नशे में डूब रहे हैं और रोजगार न होने के चलते आत्महत्या करने पर मजबूर हो रहे है। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र नेगी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता सरकार से पूछती है कि महिलाओं के विकास के लिए उन्होंने क्या किया। बेरोजगारी हटाने के लिए क्या है। पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि किसानों की समस्या कर्ज है, मगर सरकार ने इस पर कोई फैसला नहीं किया। मौके पर एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एनएसयूआई विवेक तिवाड़ी, संजय गुप्ता, मनीष शर्मा, राकेश सिंह मियां, देवेंद्र प्रजापति, जगत नेगी, एकांत गोयल, दीपक जाटव, संदीप चमोली, जितेंद्र पाल पाठी, सन्नी प्रजापति, राहुल पांडेय, अभिषेक पारस, कृष्णा राजभर आदि उपस्थित रहे।