पार्षद शौकत अली मामले में न्यायालय ने हटाई एक धारा

बीते आठ जुलाई को ऋषिकेश में भाजपा के टिकट से पार्षद बने शौकत अली पर गर्भवती महिला सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट का आरोप लगा था, पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पार्षद सहित अन्य चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था, इस मामले में पीड़ित पक्ष ने पार्षद शौकत अली पर गर्भवती महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे को मारने का भी आरोप लगा था। मगर, वादी पक्ष इसे न्यायालय में साबित नहीं कर सका। न्यायालय ने पार्षद शौकत अली के ऊपर लगे भ्रूण हत्या की धारा को हटाने का आदेश सुनाया है।

अधिवक्ता रूद्राक्ष शर्मा और राज किशोर जोशी ने बताया कि पार्षद शौकत अली के मामले में वादी पक्ष ने न्यायालय में जो सरकारी अस्पताल का अल्ट्रासाउंड पेश किया, वह छह सप्ताह चार दिन का था। अधिवक्ता ने न्यायालय को यह बताया कि सरकारी अस्पताल के अल्ट्रासाउंड से यह साबित नहीं होता है कि अल्ट्रासाउंड के दौरान बच्चा जीवित नहीं था।

अधिवक्ता रूद्राक्ष शर्मा और राजकिशोर जोशी ने न्यायालय के समक्ष कानून से जुड़ी बहु चर्चित किताबों का हवाला दिया और यह साबित किया कि पार्षद शौकत अली के मामले में भ्रूण हत्या नहीं हुई है।

अधिवक्ता रूद्राक्ष शर्मा और राजकिशोर जोशी की मजबूत पैरवी की बदौलत एडीजे प्रथम की अदालत ने अपना फैसला सुनाते हुए पार्षद शौकत अली के ऊपर लगी भ्रूण हत्या की धारा को हटाने का आदेश दिया है।

क्या था घटनाक्रम
बैराज कॉलोनी, पशुलोक निवासी बबीता सैनी पत्नी स्व. राजकुमार सैनी ने ऋषिकेश कोतवाली में तहरीर दी थी। बताया कि वह अपने बच्चों के साथ घर पर बैठी थी। उनका भाई रोते हुए आया, पूछने बताया था कि परवेश नामक युवक ने उसके साथ शराब के नशे में होकर मारपीट की है। महिला ने आरोप लगाया था कि इसी बीच परेवश अपनी मां, गोलू, पार्षद शौकत अली, साजिया सहित अन्य लोग घर में आ धमके। सभी ने डंडों व ईंट से मारपीट की। जिसमें उनकी बेटी व उसकी मासूम बच्ची को पीटा गया। यही नहीं पार्षद ने अपने साथियों के साथ गर्भवती महिला को भी बुरी तरह से पीटा।

प्रथम ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप तीर्थनगरी के युवाओं ने जीते पदक

द हैरिटेज स्कूल देहरादून में आयोजित 14 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक प्रथम ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में तीर्थनगरी की देवभूमि ऋषिकेश मार्शल आर्ट ट्रेनिंग सेंटर के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। अंतरराष्ट्रीय खिलाडी एवं कोच शिवानी गुप्ता ने बताया कि यह प्रतियोगिता देहरादून में द हैरिटेज स्कूल में आयोजित की गई जिसमें 6 देशो के खिलाडियों ने प्रतिभाग किया। ऋषिकेश के खिलाडियों ने सोनाक्षी पात्रो स्वर्ण पदक, साइमन सपरा ने स्वर्ण पदक, द्रुविका गुप्ता ने रजत पदक, आयुषी टॉक ने कांस्य पदक, अबूजर मलिक ने कांस्य पदक हासिल कर तीर्थ नगरी एवं राज्य का नाम रोशन किया है।
खिलाडियों की इस उपलब्धि पर देव भूमि ऋषिकेश मार्शल आर्ट ट्रेनिंग सेंटर अध्यक्ष सत्यवीर सिंह तोमर, महासचिव अलक्षेंद्र सिंह, विपिन डोगरा, प्रदीप कोहली, डॉक्टर ऋतु प्रसाद, डॉक्टर हरिओम प्रसाद, रोटरी क्लब ऋषिकेश अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, एसआईकेएआई इंडिया के महासचिव सिहान हिमांशु कुलेठा, एसआईकेएआई उत्तराखंड महासचिव के सेंसेई मिंटू सैनी, प्रिंसी रावत, हरिचरण सिंह, सरमिष्ठा पटेल आदि गणमान्य लोगो ने खुशी जताई।

सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में मिली खामियां, कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने लगाई फटकार

त्रिवेणी घाट स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने औचक निरीक्षण किया। मंत्री डा. अग्रवाल ने यहां गंदगी देख यहां कार्यरत कर्मचारी को फटकार लगाई। साथ ही मौके पर जल संस्थान की सीवर वींग के अधिशासी अभियंता को दूरभाष पर कड़े निर्देश भी दिए।
रविवार को मंत्री डा. अग्रवाल एसटीपी प्लांट में रात्रिकालीन सीवर का गंदा पानी गंगा नदी में डालने की शिकायत मिलने पर अचानक पहुंचे। उन्होंने एसटीपी प्लांट के आसपास बिखरे कूड़े पर नाराजगी व्यक्त करते हुए यहां कार्यरत कर्मचारी की फटकार लगाई।
डा. अग्रवाल ने मौके से ही जल संस्थान की सीवर विंग के अधिशासी अभियंता हरीश बंसल को दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने यहां फैले कूड़े को हटाने के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा मंत्री डा. अग्रवाल ने निर्देशित करते हुए कहा कि रात्रिकाल में जेनरेटर नहीं चलाने की लगातार शिकायत मिल रही हैं, इससे सीवर का गंदा पानी गंगा नदी में गिर रहा है। इसके लिए अधिशासी अभियंता को रात्रिकाल में लाइट की व्यवस्था के लिए जेनरेटर चलाने के निर्देश दिए।
डा. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है, गंगा को अविरल बनाने के लिए सरकार स्पर्श गंगा, नमामि गंगे जैसे अनेक अभियान चला रही है, ऐसे में एसटीपी प्लांट से गंगा में सीवर का गंदा पानी किसी भी कीमत पर नहीं डाला जाएगा। डा. अग्रवाल ने कहा कि एसटीपी प्लांट पर लगा पंप 24 घंटे गतिमान रहना चाहिए।
डा. अग्रवाल ने इस अवसर पर एसटीपी प्लांट में बाहर जाली नहीं लगी होने पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने यहां जाली लगाने के भी निदेश दिए।

दो दिवसीय साहित्य सम्मेलन का परमार्थ में आयोजन

परमार्थ निकेतन के गंगा तट पर आयोजित रचना संसार अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन में वक्ताओं ने मानव जीवन में साहित्य की उपयोगिता के बारे में बताया। कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की सृजन, मनन एवं मूल्यांकन साहित्य का विमोचन हुआ।
रविवार को सम्मेलन का शुभारंभ हरिद्वार सांसद डा. निशंक ने किया। मौके पर लिखित सृजन, मनन एवं मूल्यांकन का विमोचन किया गया। उन्होंने कहा कि साहित्य की सार्थकता इसी में है कि उसमें मानवीय संवेदना के साथ सामाजिक अवयवों का भी उल्लेख किया गया हो। साहित्य संस्कृति का संरक्षक और भविष्य का पथ प्रदर्शक है। हिमालय और गंगा की गोद से सृजित साहित्य में मानव को श्रेष्ठ बनाने के साथ ही मानवीय एवं राष्ट्रीय हित समाहित है। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि समाज के नवनिर्माण में साहित्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। साहित्य समाज की उन्नति और विकास की आधारशिला की नींव रखता है। साहित्य के माध्यम से समाज की विविधता और लोक संस्कृतियों का संरक्षण होता है। इस दौरान स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने रुद्राक्ष का पौधा भेंट कर डा. रमेश पोखरियाल को सम्मानित किया।

वाल्मीकी समाज ने किया वित्त मंत्री डा. अग्रवाल का पगड़ी पहनाकर सम्मान

त्रिकालदर्शी भगवान वाल्मीकि जी की जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर मंत्री डॉ अग्रवाल को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही शोभायात्रा के कलाकार और सेवादारों को मंत्री डॉ अग्रवाल ने सम्मानित किया।

शुक्रवार को वाल्मीकि नगर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि आदि ग्रंथ के रचयिता महर्षि वाल्मीकि की सीख एवं विचार आज भी प्रासंगिक हैं। महर्षि वाल्मीकि ने भारत वर्ष ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण विश्व को अपने विचारों से सही दिशा दिखाई। महर्षि वाल्मीकि के विचारों पर चलकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार सामाजिक समरसता के साथ समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिये काम कर रही है।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा आदि ग्रंथ रामायण के माध्यम से समाज को विविधता में एकता, विश्वास के साथ रिश्तों का निर्वहन, हर परिस्थिति में मर्यादित जीवन जीना, हर व्यक्ति के प्रति दया व प्रेम की भावना रखना एवं सबके प्रति एक समान व सम्मानजनक व्यवहार रखने की सीख समाज को दी।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के उदगार हमारे जीवन के लिये विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं। जिनमें जननी व जन्मभूमि को स्वर्ग से बढ़कर समझना, इच्छाशक्ति से हर काम संभव है, दुनिया में दुर्लभ कुछ भी नहीं, अहंकार मनुष्य का सबसे बड़ा दुश्मन है और दुरूख व विपदा जीवन में कभी भी आ सकते हैं।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि अगर हमें देश व प्रदेश के सुनहरे भविष्य का निर्माण करना है तो महर्षि बाल्मीकि जैसी महान विभूतियों द्वारा रचित ग्रंथों को पढ़ना और समझना होगा।

इस मौके पर मण्डल अध्यक्ष दिनेश सती, व्यापारी नेता प्रतीक कालिया, पार्षद शिव कुमार गौतम, पार्षद मीनाक्षी बिरला, कार्यक्रम आयोजक रविन्द्र बिरला, जगावर सिंह, मण्डल महामंत्री सुमित पंवार, जयंत शर्मा, उपाध्यक्ष राकेश चंद, संजीव सिलस्वाल, नंद किशोर जाटव, युवा मोर्चा अध्यक्ष नितिन सक्सेना, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक भारद्वाज, संजीव पाल, रजनी रावत, राधे जाटव, राकेश चवारिया, सेवा राम, कुलदीप जाटव, महिपाल सिंह, प्रवीण कालरा, सत्यपाल, सुलेखा वाल्मीकि, सोनम, पूनम देवी आदि उपस्थित रहे।

स्कूली बच्चों को दी मानसिक रोग से बचाव की शिक्षा

ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट ने मानसिक रोग से बचाव को जागरूकता अभियान चलाया। विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को मानसिक रोग से बचाव को जागरूक किया।

ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट द्वारा सरस्वती विद्या निकेतन जूनियर हाई स्कूल वीरभद्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. ग्रेस सिंह ने विश्व मानसिक रोग दिवस की अवधारणा, स्थापना, मानसिक रोगों के लक्षण, मानसिक रोगों के प्रकार, उनके कारक व उनसे उबरने व बचावों के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि जागरूकता व समय से उचित इलाज ही इस रोग से छुटकारा दिला सकता है। उन्होंने विभिन्न चार्ट व पोस्टरों, प्रश्नोत्तरी, खेल व रोल प्ले द्वारा मानसिक रोगों पर विस्तृत चर्चा की एवं मानसिक रोगों पर विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर बहुत ही सरल भाषा में दिए। प्रिंसिपल विमला रावत ने मानसिक रोगों की जागरूकता को बहुत ही आवश्यक कदम बताया। कहा कि अब समय आ गया ही कि मानसिक रोगों को छुपाने की बजाए उचित उपचार किया जाए। मौके पर ट्रस्ट सचिव सैमुएल हर्बर्ट, अनिता पयाल, पूनम, सावित्री थापा, गिडियन सिंह, रमा घपोला आदि उपस्थित रहे।

भाजपा विधायक के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, दी तहरीर

कालाढूंगी विधानसभा सीट से भाजपा के वयोवृद्ध विधायक की एक बार फिर से जबान फिसलने पर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूटा हैं। लोगों ने कोतवाली ऋषिकेश में विधायक के खिलाफ तहरीर दी।

पूर्व सभासद व कांग्रेस नेता रवि कुमा जैन के नेतृत्व में स्थानीय लोग कोतवाली पहुंचे। यहां रवि कुमार जैन ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि भाजपा विधायक वंशीधर भगत ने एक कार्यक्रम के दौरान हिंदू देवी और देवताओं पर अभद्र टिप्पणी की है। इससे हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने भाजपा विधायक वंशीधर भगत के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

तहरीर देने वालों में व्यापारी नेता ललित मोहन मिश्र, मधु जोशी, अभिषेक शर्मा, विनीत कुमार जैन, पार्षद देवेंद्र प्रजापति, विजय लक्ष्मी शर्मा, हिमांशु भाटी, राहुल शर्मा, एकांत गोयल, योगेश कुमार पाल, बृजभूषण बहुगुणा, आनंद कर्णवाल, राहुल पांडे, लोकपाल कैंतुरा आदि उपस्थित रहे।

गायन प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के गोपाल प्रथम रहे

संगम कला ग्रुप द्वारा 40वां सुरतरंग म्यूजिक टेलेंट हंट कॉम्पिटिशन का आयोजन किया गया। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के महंत परशुराम हॉल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रुप के प्रांतीय संयोजक डॉ. धीरेंद्र रांगड़ ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन मनोज कुमार गुप्ता ने किया। इस अवसर पर जूनियर और सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी गायन कला प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया।
गायन प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान भरत मंदिर इंटर कॉलेज के गोपाल, द्वितीय स्थान शुभम, तृतीय राहुल तथा सांत्वना पुरस्कार संयोगिता व सम्पूर्ण ने प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में प्रथम व द्वितीय स्थान पर भरत मंदिर इंटर कॉलेज के राजन खतियान व ऋषभ, तृतीय स्थान पर आईडीपीएल इंटर कॉलेज की कुमारी पूनम व कुसुम कुमारी संयुक्त रूप में रहीं। सांत्वना पुरस्कार आईडीपीएल इंटर कॉलेज की सपना तथा भावना ने प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में भरत मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, समाजसेवी गजेंद्र सिंह कंडियाल व उषा भंडारी ने विजय प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की मंगल कामना की। इस अवसर पर विमला रावत, उषा अमोला, ज्योति शर्मा, नीलम मनोरी, शिवप्रसाद बहुगुणा, एफ.रहमान आदि उपस्थित थे।

चिकित्सा के क्षेत्र में एम्स के ट्रामा रथ की पहल कारगर साबित होगीः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से एम्स के ट्रामा रथ का फ्लैग ऑफ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एम्स ऋषिकेश द्वारा ट्रामा रथ के माध्यम से मेडिकल कॉलेजों और अन्य विद्यालयों में जाकर आम लोगों को इस चिकित्सा पद्धति के बारे में जागरूक करने एवं प्रशिक्षित करने का अभियान छेड़ा है, यह सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाला राज्य है। चिकित्सा के क्षेत्र में इस तरह की पहल कारगर साबित होंगी।

एसोसिएट प्रो. एम्स ऋषिकेश डॉ. मधुर उनियाल ने कहा कि 11 से 17 अक्टूबर तक ट्रामा सप्ताह के तहत एम्स ऋषिकेश का ट्रामा रथ राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और अन्य विद्यालयों में जाकर छात्र-छात्राओं तथा आम जनमानस को चिकित्सा के प्रति तात्कालिक सहायता और आवश्यक इलाज की जानकारी देगा एवं उन्हें प्रशिक्षित करेगा। यह ट्रामा रथ उत्तराखंड के आम जनमानस में ट्रॉमा चिकित्सा के प्रति जन जागरूकता लाकर उन्हें दुर्घटना के दौरान किस प्रकार से फर्स्ट ऐड दिया जाता है और घायल व्यक्ति की जान कैसे बचाई जा सकती है, इसका प्रशिक्षण देगा। सप्ताह भर तक चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत ट्रॉमा रथ अलग अलग दिनों में अलग अलग स्थानों पर एम्स के ट्रॉमा विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगा।

इस अवसर पर विधायक सुरेश गड़िया, डॉ. अजय कुमार, डॉ. कमलेश बैरवा, डॉ. पी. सी. मीणा, डॉ. दिनेश पंचाल उपस्थित थे।

भारी बारिश के बीच लायंस डिवाइन दीपावली में रही चमक, भारतीय परिधान पहने मॉडल्स ने बटोरी तालियां

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन द्वारा आयोजित दीपावली मेले श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ग्राउंड में संपन्न हुआ। मेले का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा किया गया।

मंत्री उनियाल ने कहा कि मेले हमारे सांस्कृतिक धरोहर हैं जिसमें विभिन्न प्रकार की संस्कृतियों का संगम होता है तथा नए कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है उन्होंने कहा कि भारी बारिश के बावजूद लोगो का मेले में बड़ी संख्या में यहा आना बताता है कि अब भी मेले मुख्य आकर्षण है। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन सदा से सकारात्मकता के कार्य के लिए प्रसिद्ध रहा है। क्लब जन सेवा के कार्य करता रहेगा।

क्लब अध्यक्ष रजत बोला ने बताया कि आज के मुख्य आकर्षण हेल्दी बेबी शो, जूनियर व सीनियर वर्ग में सोलो डांस, जूनियर व सीनियर ग्रुप में ग्रुप डांस, फैंसी ड्रेस बेस्ट कपल आदि शामिल रहे।

आज का मुख्य आकर्षण फैशन शो रहा जिसमें देहरादून व दिल्ली से आई मॉडल्स ने रैंप पर अपने जलवे बिखेरे जिसमें मुख्य रुप से भारतीय वैवाहिक परिधान रहे।

मेले की समाप्ति पर लकी ड्रा निकाला गया जिसमें प्रथम पुरस्कार मोटरसाइकिल, तूतिया महिलाओं के लिए इयररिंग्स, तृतीय पुरस्कार रेफ्रिजरेटर, चतुर्थ पुरस्कार वाशिंग मशीन, पंचम पुरस्कार कोयरफिट मैट्ट्रेस रहे। बताया कि इनाम को 7 दिन के भीतर क्लब से प्राप्त किया जा सकता है।
मेले में हर घंटे बच्चों को साइकिल दी गई साथ ही साथ एलेक्सा तथा स्मार्ट वॉच व क्वेश्चन आंसर राउंड में बच्चों को व उपस्थित महिलाओं को लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन का चांदी का सिक्का भी दिया गया।

मेले में आई विभिन्न कंपनियों ने मेले के दिन विशेष रूप से अपने उत्पादों पर व कंपनियों के सामानों पर विशेष छूट का प्रावधान किया था। मेले में देहरादून व हरिद्वार से आए हुए स्टाल्स भी थे जिसमें नए-नए प्रकार के व्यंजनों का स्वाद उपस्थिति ने लिया।

इस अवसर पर निशांत मलिक, अलक्षेंद्र विज्ञानी, संतोष पैन्युलि, सावन वर्मा, राजेश धींगड़ा, केशव मोहन अग्रवाल, एलएस चौहान,, नितिन जिंगन, रजत भोला, लायन मोहित गनेड़ीवाला, घनश्याम डन, कार्यक्रम संयोजक महेश किंगर, लायन ललित मोहन मिश्र, लायन नवीन गांधी, आशु ढंग, मुकेश अग्रवाल, किशोर मेहता, विनोद बिष्ट, जगमीत सिंह, शिवम अग्रवाल, उमा किंगर, डा. कमलजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।