गंगा में दुग्धभिषेक कर जरुरतमंदों को फल वितरित किये

आज महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश अध्यक्ष युवा जुझारू कर्मशील संघर्षशील करण मेहरा के जन्मदिन पर उनके स्वस्थ व दीर्घायु की कामना हेतु विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत मां गंगा में दुग्ध अभिषेक किया इसके पश्चात जरूरतमंदों को फल वितरित किए गए।
प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री मंत्री विजय सरस्वत ने कहा कि करण माहरा एक कर्मठ एवं जुझारू नेता हैं जिन्होंने समस्त जनों को एकत्र होने का प्रयास किया है। संगठन दृष्टिकोण से युवाओं को जोड़ कर रखा है। प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल खरोला ने बताया कांग्रेस परिवार में सभी कांग्रेस भाई एक मंच पर आकर कांग्रेस को मजबूत करने का कार्य करेंगे और उन्होने करण माहरा को हार्दिक शुभकामनाएं भी दी।
महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत द्वारा बताया गया कि सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस के लोगो ने एकमत होकर जन्म उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया। रेलवे रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में केक काटकर भाईचारा का संदेश दिया। मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी मदन मोहन शर्मा, जयेंद्र रमोला, नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, अरविंद जैन, सतीश शर्मा, मधु जोशी, सरोज देवराडी, अभिषेक शर्मा, चंदन कुमार, अशोक शर्मा, योगेश शर्मा, रवि जैन आदि उपस्थित रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का जन्मदिन धूमधाम से मनाया

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। जन्मदिन पर ऋषिकेश में कांग्रेसियों ने गंगा में दुग्धाभिषेक कर प्रदेश अध्यक्ष की दीर्घायु की कामना की।
मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता त्रिवेणीघाट पर एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा के जन्मदिन पर गंगा में दुग्धाभिषेक कर उनकी दीर्घायु के लिए पूजा की। इसके बाद कांग्रेसियों ने जरूरतमंदों को फल वितरित किए। प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विजय सरस्वत ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा एक कर्मठ एवं जुझारू नेता हैं। उन्होंने समस्त कांग्रेस जनों को एकत्र करने का प्रयास किया है। संगठन के दृष्टिकोण से युवाओं को जोड़ कर रखा है। महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा का जन्मदिन पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि करण माहरा के रूप में प्रदेश कांग्रेस को एक युवा नेतृत्व मिला है जो लगातार विपक्ष की भूमिका जनता की आवाज़ व जनविरोधी नीतियों के विरूद्ध सरकार को ख़िलाफ़ उठा रहे हैं। आज करण माहरा जैसे युवा नेताओं की जरूरत है जो लोगो के साथ कंधे से कंधे मिलाकर समस्याओं से लड़े।
इस दौरान कांग्रेसियों ने रेलवे स्टेशन स्थित कांग्रेस भवन में केक भी काटा और एक-दूसरे को खिला खुशी मनाई। मौके पर कांग्रेस प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, अरविंद जैन, सतीश शर्मा, मधु जोशी, सरोज देवराडी, अभिषेक शर्मा, चंदन कुमार, अशोक शर्मा, योगेश शर्मा, रवि जैन आदि उपस्थित रहे।

स्कूली बच्चों को बताया पर्यावरण संरक्षण का महत्व

भाजपा वीरभद्र मंडल की ओर से आईडीपीएल इंटर कॉलेज में अध्ययनरत 600 बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व और प्लास्टिक के नुकसान बताए।

वीरभद्र मंडल महामंत्री व पार्षद सुंदरी कंडवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया हम सभी एक बार प्रयोग होने प्लास्टिक का निषेध कर अपने पर्यावरण का संरक्षण कर सकते हैं। बताया कि पॉलिथीन हटाना है पर्यावरण बचाना है इस मुहिम में लगे भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को लेकर कि हम प्रत्येक घर तक पहुंचेंगे और पॉलीथिन से होने वाले नुकसान के बारे में अवगत कराएंगे।
कहा कि हमारी सरकार और संगठन का संकल्प जहां एक तरफ हम प्लास्टिक मुक्त प्रदेश बनाएंगे। वहीं, दूसरी ओर पौधारोपण कर पर्यावरण को सुरक्षित करेंगे।

मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी ने विद्यालय परिवार को इस मुहिम में सहयोग करने के लिए प्रधानाचार्य राजीव लोचन का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य राजीव लोचन ने कहा कि हम सब मिलकर अपने प्रयोग अपने पर्यावरण को संरक्षित करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की मंडल महामंत्री पुनीता भंडारी, माया घले, होमराज गुप्ता, शशि सेमल्टी, राहुल कुकरेती, जमुनोत्री चौहान, गीता मित्तल, तिलक चौहान आदि प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हरेला पर्व के उपलक्ष्य में दो कैबिनेट मंत्रियों ने किया पौधरोपण

वन मंत्री सुबोध उनियाल और कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने हरेला पर्व के उपलक्ष्य में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। इस मौके पर मंत्री डॉ अग्रवाल के सुपुत्र पीयूष अग्रवाल के जन्मदिन पर भी पौधरोपण किया। साथ ही प्रत्येक नागरिक से जन्मदिन पर पौधरोपण करने का आवाहन किया गया।

आज बायपास मार्ग स्थित स्मृति वन में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि हरेला सुख, समृद्धि और खुशहाली का पर्व है। हरेला पर्व पर्यावरण संरक्षण का त्यौहार है। ऋग्वेद में भी हरियाली के प्रतीक हरेला का उल्लेख किया गया है। बताया कि इस त्यौहार को मनाने से समाज कल्याण की भावना विकसित होती है। आज का युवा जिस तरह से पुराने त्योहारों को भूलता चला जा रहा है उस बीच हरेला त्यौहार की प्रसिद्धि आज की युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम भी कर रही है।

कहा कि शास्त्रों में लिखा गया है कि एक पेड़ लगाने से एक यज्ञ के बराबर पुण्य मिलता है। कहा कि पीपल का पेड़ लगाने से व्यक्ति को सैंकड़ों यज्ञों के बराबर पुण्य की प्राप्ति होती है। केवल इतना ही नहीं भारतीय संस्कृति में एक पेड़ लगाना, सौ गायों का दान देने के समान माना गया है। श्री उनियाल जी ने कहा कि ऐसे त्यौहार अगर समय-समय पर मनाते जाएं तो युवा भी अपनी संस्कृति के प्रति रुझान करेंगे और युवा पीढ़ी भविष्य में इसके महत्व को भी समझ सकेगी।

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल जी ने कहा कि पौधारोपण हमारे जीवन का एक अभिन्न अंग है, हमें अपने जीवन में जितना हो सके उतना अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिये। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों की कमी से निरंतर पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण बहुत जरूरी है। हम सभी का फर्ज बनता है कि पृथ्वी की खूबसूरती को बनाए रखने में अपना योगदान दें। उन्होंने युवाओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि प्रकृति समस्त जीवों के जीवन का मूल आधार है। प्रकृति का संरक्षण एवं संवर्धन सभी जीव जगत के लिए बेहद ही अनिवार्य है। प्रकृति पर ही पर्यावरण निर्भर करता है। यदि प्रकृति असन्तुलित होगी तो पर्यावरण भी असन्तुलित होगा। कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से बचने और पर्यावरण को शुद्ध बनाने के लिए पेड़ों का होना बहुत जरूरी है। पेड़ प्रकृति का आधार हैं। पेड़ों के बिना प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है।

इस अवसर पर पीयूष अग्रवाल ने कहा कि यदि प्रकृति को ईश्वर का दूसरा रूप कहा जाए तो कदापि गलत नहीं होगा। पेड़ों पर प्रकृति निर्भर करती है। पेड़ लगाना प्रकृति का संरक्षण व संवर्धन है और प्रकृति का संरक्षण व संवर्धन ईश्वर की श्रेष्ठ आराधना है। एक पेड़ लगाने से असंख्य जीव-जन्तुओं के जीवन का उद्धार होता है और उसका अपार पुण्य सहजता से हासिल होता है। एक तरह से पेड़ लगाने से अपार पुण्य की प्राप्ति होती है।

इस मौके पर हरेला पर्व व मंत्री डॉ अग्रवाल के सुपुत्र के जन्मदिन पर आम, पीपल, तुलसी, लीची, बेलपत्र, नींबू सहित फलदार व छायादार पौधे रोपे गए। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति से अपने जन्मदिन पर पौधरोपण करने का आवाहन किया गया।

इस मौके पर महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, जिला महामंत्री सुदेश कंडवाल, पूर्व दर्जाधारी संदीप गुप्ता, सुरेंद्र मोंगा, संजय शास्त्री, जितेंद्र अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष ऋषिकेश दिनेश सती, श्यामपुर गणेश रावत, वीरभद्र अरविंद चौधरी, सुमित पंवार, जयंत शर्मा, प्रदीप दुबे, प्रदेश सह सोशल मीडिया प्रभारी प्रशान्त चमोली, पर्यावरणविद विनोद जुगलान, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष उषा जोशी, पुनिता भंडारी, निर्मला उनियाल, अनिता तिवारी, सतपाल सैनी, आरती गौड़, मानवेन्द्र कण्डारी, सुंदरी कंडवाल, प्रदीप कोहली, जसविंदर राणा, मीना गौड़, पुष्पा ध्यानी, कमला नेगी, मैत्री स्वयं सेवी संस्था की अध्यक्ष कुसुम जोशी, राजपाल ठाकुर, रूपेश गुप्ता, देवव्रत शर्मा, विजय जुगलान, समा पंवार, अमित गांधी, हरि शंकर प्रजापति, राकेश पारछा, जितेंद्र भारती सहित अन्य मौजूद रहे।

बेटे के जन्मदिन पर कुष्ठ रोगियों को बांटे

ऋषिकेश। कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने सुपुत्र पीयूष अग्रवाल के जन्मदिन के अवसर पर भजन गढ़ रोड स्थित कुष्ठ रोग कॉलोनी में रोगियों को छाता, फल व शॉल वितरित किए।

छात्र हितों के लिए करती है अभाविप कार्य

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऋषिकेश ने 74वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। वक्ताओं ने विद्यार्थी संगठन के बारे में विस्तार से बताया।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 74वें स्थापना दिवस पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ महंत लोकेश दास, भरत मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य गोविंद सिंह रावत और आईसीएल के संचालक मुकेश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। अभाविप के जिला संयोजक शुभम शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के लिए छात्र हितों से लेकर सामाजिक हित सर्वाेपरि है।

नगर अध्यक्ष प्रवीण रावत ने कहा कि अभाविप सबसे ज्यादा सदस्यता वाला छात्र संगठन है और अपने लक्ष्यों को लेकर आगे बढ़ रहा है। मौके पर जिला प्रमुख विवेक शर्मा, विभाग प्रमुख अमित गांधी, प्रांत खेल प्रमुख विनोद चौहान, नगर मंत्री अनिरुद्ध शर्मा, नगर विस्तारिका आस्था वत्स, रंजन अंथवाल, अंकुर अग्रवाल, शिवानी, कॉलेज इकाई अध्यक्ष दीपक कुमार, रोहित सोनी, आशीष रानाकोटि, विनीत रतूड़ी, अमन पांडे, आकाश उनियाल, विपिन सकलानी, अनुज पाल, मोहित मौर्य आदि मौजूद रहे।

ढालवाला विद्यालय से दो छात्राओं का हुआ नवोदय विद्यालय के लिए चयन


राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ढालवाला से दो छात्राओं का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए हुआ है।

इनमें एक छात्रा का नाम आयत फातिमा तथा दूसरी का नाम मधु कुमारी है। विद्यालय की प्रधानाचार्य के कुशल मार्गदर्शन और दिशा निर्देशन में तथा शिक्षकों के अथक कठिन परिश्रम व बच्चों के अनुरूप मेहनत से विद्यालय से निरंतर प्रतिवर्ष छात्रों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय तथा राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के लिए हो रहा है।

टिहरी जनपद में कुल 5 छात्र व छात्राओं का चयन हुआ है। इन 5 बच्चों में 2 बच्चे ढालवाला स्थित राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय सफेद चयनित हुए हैं बच्चों की सफलता पर माता-पिता अध्यापक तथा नगरीय लोगों ने अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

भाजपाईयों ने आईडीपीएल में किया पौधारोपण

आज वीरभद्र मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी के नेतृत्व में इंटर कॉलेज आईडीपीएल में पॉलीथिन उन्मूलन पर प्रधानाचार्य त्रिलोचन सिंह के सहयोग से विद्यालय के छात्र छात्राओं व मंडल में रहने वाले पार्टी पदाधिकारी, समाजसेवियों के साथ मिलकर वृहद पौधारोपण का कार्य किया गया।
डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति दिवस हरेला पर्व वह पॉलिथीन हटाओ राज्य बचाओ के संकल्प को लेकर कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें सभी ने पॉलिथीन का प्रयोग न करने की शपथ ली।

जिला महामंत्री सुदेश कंडवाल ने पॉलीथिन से होने वाले नुकसान के बारे में बताया कार्यक्रम में महामंत्री सुंदरी कंडवाल ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी संगठन द्वारा हरेला पर्व और डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति दिवस 9 जुलाई से 19 जुलाई तक मनाया जाना है। जिसमें आज आईडीपीएल इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को पॉलीथिन का उपयोग ना करने और हरेला पर्व को धूमधाम से मनाए जाने का आह्वान किया पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा सब हमारे हाथ में है अतः हम सभी प्रयास करें और अपने पर्यावरण को बचाने के लिए हर संभव कोशिश करें।

मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, मंडल महामंत्री व पार्षद सुंदरी कंडवाल, पार्षद लक्ष्मी रावत, युवराज, पूर्व मंडल अध्यक्ष अविनाश, महिला मोर्चा के महामंत्री पुनीता भंडारी, शशि सेमल्टी, गीता मित्तल, माया घले, राहुल कुकरेती, बालम सिंह, दिनेश शर्मा, विमलेश शर्मा, विनीता बिष्ट, शशि राणा, राजेश कोठियाल, डॉ प्रशांत कटियार, मौजूद रहे।

राहत राशि की किस्तें न मिलने पर गढ़वाल मंडल टैक्सी संचालक हुए एकत्र, उठाई मांग

आज गढ़वाल मंडल टैक्सी चालक एवं मालिक एसोसिएशन की बैठक हरिद्वार रोड स्थित कार्यालय में हुई। अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि कोरोनाकाल में आर्थिक बदहाली से त्रस्त टैक्सी संचालकों के उत्थान के लिए राज्य सरकार ने लगातार छह माह तक प्रतिमाह 2000 रुपये की धनराशि खाते में डालने की घोषणा की थी। लेकिन उक्त धनराशि की मात्र दो किस्तों के बाद राहत राशि आनी बंद हो गई। शेष चार किस्तें अभी तक नहीं मिल पाई हैं। इसके चलते राज्य सरकार की विश्वसनीयता और मंशा पर सवाल खड़े हो गए हैं। कहा कि शीघ्र धनराशि टैक्सी संचालकों के खाते में डाली जाए, अन्यथा प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

मौके पर अमर सिंह, पूरण सिंह रावत, पुरुषोत्तम रतूड़ी, बलवीर सिंह नेगी, महावीर सिंह, राम कुमार चौहान, प्रेमचंद गोयल, लखपत सिंह, संदीप कुमार, संजय मानू, भीम सिंह, पशुपति गैरोला, दीपक शर्मा, किशोर रमोला आदि उपस्थित रहे।

मारपीट के मामले में कोर्ट ने सुनाया अपना फैसला, किया दोषमुक्त

वर्ष 2018 में चंद्रेश्वर नगर में शौचालय को लेकर किरायदारों में हुई मारपीट के मामले में न्यायालय ने अपना फैसला सुनाया है। न्यायालय ने आरोपियों को दोषमुक्त किया है।

दरअसल, प्रभाकर पांडेय निवासी चंद्रेश्वर नगर ने कोतवाली ऋषिकेश में दी तहरीर में बताया था कि 28 फरवरी 2018 को वह शौच के लिए गए। तभी पीछे से विक्रम, राहुल और सुरेंद्र ने उन्हें शौचालय में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी थी। बाद में कुंडी खोलते हुए उनके साथ मारपीट की। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की। साथ ही मामले में चश्मदीन भी बताए।

इस मामले में अधिवक्ता कपिल शर्मा व अधिवक्ता राजेश साहनी ने आरोपियों की ओर से मजबूत पैरवी की। अधिवक्ताओं ने न्यायालय में प्रस्तुत चार्जशीट के आधार पर साक्षीगणों से सवाल जवाब किए। जिसके आधार पर न्यायालय ने अपना फैसला सुनाया।
1. अधिवक्ता कपिल शर्मा और राजेश साहनी ने न्यायालय को बताया कि जब घटना 28 फरवरी 2018 को हुई तो 10 मार्च 2018 यानी 10 दिन बाद प्रथम सूचना क्यों दर्ज कराई गई। इस मामले में संदेह है और इस पर पीड़ित पक्ष की ओर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
2. अधिवक्ता कपिल शर्मा और राजेश साहनी ने न्यायालय को जोर देते हुए बताया कि जब पीड़ित पक्ष की ओर से चार्जशीट में यह बताया गया कि आरोपियों ने उन्हें शौचालय के भीतर बंद किया और बाहर से कुंडी लगाई। मगर, न्यायालय में पीड़ित प्रभाकर पांडेय अपने बयान से पलटते हुए बोला कि उसे नहीं मालूम शौचालय में किसने बंद किया।
3. अधिवक्ता कपिल शर्मा और राजेश साहनी ने न्यायालय को बताया कि जब प्रथम सूचना में आरोप राहुल, विक्रम और सुरेंद्र चौहान पर लगाया गया तो विवेचक ने किस आधार पर राहुल को इन आरोपों से दूर रखा। यह भी संदेहास्पद है।
4. पीड़ित पक्ष उन अपमानजनक शब्दों को नहीं बता पाया जिनसे यह धारा 504 आईपीसीए साबित होती हो।
5. इसी तरह घटना के दौरान पुलिस की ओर से बताए गए चश्मदीनों ने कोई संतोषजनक जवाब न्यायालय में नहीं दिया।

तमाम दलीलों के आधार पर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भवदीप रावते ने फैसला सुनाते हुए आरोपियों सुरेंद्र चौहान और विक्रम सिंह को दोषमुक्त किया है।

एम्स में बीएससी नर्सिंग बैच 2021 की हुई फ्रेशर पार्टी

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, एम्स ऋषिकेश के कॉलेज ऑफ नर्सिंग की ओर से शुक्रवार को बी.एस.सी नर्सिंग- 2021 बैच की फ्रेशर पार्टी का आयोजन आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

समारोह का एम्स निदेशक प्रोफेसर डॉ. मीनू सिंह के साथ ही संकायाध्यक्ष अकादमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर संजीव मित्तल व प्रिंसिपल कॉलेज ऑफ नर्सिंग डॉ. स्मृति अरोड़ा ने संयुक्तरूप से दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया।

समारोह की शुरूवात मां सरस्वती वंदना से हुई। निदेशक एम्स प्रोफेसर डॉ. मीनू सिंह ने समारोह की थीम फोनिक्स बॉलीवुड को उजागर करते हुए न्यू लर्निंग न्यू स्किल को पढ़ाई में अपनाने को प्रोत्साहित किया। इस दौरान डीन एकेडेमिक प्रो. मनोज गुप्ता द्वारा छात्राओं को फ्रेशर पार्टी के यादगार पलों को संजोने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्य डॉ. स्मृति अरोड़ा ने नए विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम के नर्सिंग प्रोफेशन को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में नर्सिंग छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृ​तिक कार्यक्रम के साथ ही रैंप वॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज ऑफ नर्सिंग के आचार्य, सह आचार्य, सहायक आचार्य, ट्यूटर सहित संस्थान के विद्यार्थियों ने शिरकत की।
समारोह का समापन कॉलेज ऑफ नर्सिंग सहायक आचार्य मनीष शर्मा ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित कर किया।