सीएम धामी ने दी कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को बड़ी जिम्मेदारी

29 मार्च से शुरू होने जा रहे विधानसभा सत्र के लिए कैबिनेट मंत्री व ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संस्तुति के बाद विधायी एवं संसदीय कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं विभागों के बंटवारे पर सभी की नजरें लगी हुई हैं। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वित्त, ऊर्जा और लोक निर्माण सरीखे अहम विभाग अपने पास रख सकते हैं। संभावना यह भी जताई जा रही है कि पुराने मंत्रियों को इस बार नए विभागों का आवंटन हो सकता है। मंत्रियों को विभागों के बंटवारे पर शुक्रवार को भी सबकी नजर लगी थी। लेकिन विभागों का आवंटन नहीं हो पाया।

पहले यही माना जा रहा था कि शपथग्रहण के बाद सभी मंत्रियों को विभाग दे दिए जाएंगे। लेकिन मुख्यमंत्री धामी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथग्रहण समारोह में शामिल होने लखनऊ चले गए। अब माना जा रहा है कि आज शनिवार को मंत्रियों के कामकाज पर मंथन हो सकता है।

कुछ मंत्रियों के करीबी शनिवार को ही विभागों का आवंटन होने की संभावना जता रहे हैं। ऊर्जा, आवास, शहरी विकास, आबकारी, औद्योगिक विकास, लोनिवि, सिंचाई, स्वास्थ्य, गृह, वित्त, कार्मिक सरीखे अहम विभागों में वरिष्ठ मंत्रियों की निगाह लगी है लेकिन इस बार शायद ही उनकी मुराद पूरी हो पाएगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अपनी दूसरी पारी में मुख्यमंत्री ऊर्जा, लोनिवि, वित्त, गृह, कार्मिक सरीखे कई अन्य अहम विभाग अपने पास रख सकते हैं।

स्कूली बच्चों के बीच पहुंची न्यायाधीश नेहा कुशवाहा, दी विधिक सेवाओं की जानकारी

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आवास विकास में आज बच्चों के बीच न्यायाधीश नेहा कुशवाहा सिविल जज सीनियर डिविजन एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून पहुंची। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद पांडे एवं न्यायाधीश नेहा कुशवाहा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीपप्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में न्यायाधीश नेहा कुशवाहा ने छात्र छात्राओं को विधिक एवं हमारे मौलिक अधिकारों तथा 12 प्रकार के निशुल्क विधिक सेवाओं को विस्तारपूर्वक समझाया जैसे कि सीनियर सिटीजन, महिलाओं के विधिक अधिकार, शिक्षा से संबंधित, यौन शोषण, किशोर न्याय बोर्ड ,पुलिस प्रशासन घरेलू हिंसा परिवहन संबंधित ,कानून स्थाई लोक ,अदालत अदालत अन्य कानूनों की जानकारी देते हुए उदाहरण के माध्यम से बच्चों के सामने समक्ष रूप से रखें।

वही कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद पांडे ने नेहा जी का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने कीमती समय निकालकर हमारे छात्र छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में विभा नामदेव, मधुश्री, मीनाक्षी (पैरा लीगल वालंटियर ऋषिकेश) एवं अरुण डंगवाल सहायक, सतीश चौहान, कर्णपाल बिष्ट, रीना पाटिल, नरेन्द्र खुराना, मीनाक्षी उनियाल आदि उपस्थित रहे।

व्यापारसभा में ऋषिकेश विधायक का हुआ भव्य स्वागत

भारतीय जनता पार्टी ऋषिकेश मंडल की ओर से चौथी बार बंपर वोट से जीत दर्ज करने पर नवनिर्वाचित विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का भव्य स्वागत किया गया।

व्यापार सभा भवन में आज स्वागत कार्यक्रम की अध्यक्षता ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष दिनेश सती के नेतृत्व में की गई। मंडल के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का फूल मालाओं से स्वागत किया।

सभी भाजपाईयों ने लगातार चौथी बार विधायक बनने के बाद प्रेमचंद अग्रवाल को प्रदेश नेतृत्व की ओर से कैबिनेट मंत्री के पद से नवाजने के फैसले को ऋषिकेश का सम्मान बताया। वहीं, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने इस जीत को भाजपा कार्यकर्ताओं की जीत करार दिया। कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिस विश्वास के साथ मुझे भारी बहुमत से जिता कर कैबिनेट मंत्री का पद दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यकर्ताओं के विश्वास पर हमेशा खरा उतरने का प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा प्रयासरत रहूंगा क्षेत्र की जनता को कभी निराश नहीं होने दूंगा।

स्वागत करने वालों में मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, संदीप गुप्ता, इंद्र कुमार गोस्वामी, कृष्ण कुमार सिंघल, राकेश पारछा, पूर्व सभासद हरीश तिवाडी, आशुतोष शर्मा, संजय शास्त्री, पार्षद शिव कुमार गौतम, पार्षद विकास तेवतिया, पार्षद तनु तेवतिया, पार्षद लता तिवाडी, महिला मोर्चा अध्यक्ष उषा जोशी, अनीता तिवाडी, मोनिका गर्ग आदि मौजूद थे।

जल पुलिस ने गंगा में डूबे पर्यटकों के शव को बाहर निकाला

मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक आज सुबह 11 बजे तपोवन स्थित नीम बीच गाजियाबाद, यूपी निवासी छह दोस्त घूमने के लिए पहुंचे। इस दौरान वे यहां पर गंगा में नहाने के उतर गए। इसीबीच अचानक उनमें दो युवक गंगा के तेज बहाव में डूबने लगे। साथ दोस्तों की चीख पुकार मचने पर जल पुलिस ने तुरंत उनकी गंगा में सर्चिंग शुरू कर दी। जल पुलिस ने स्कूबा डाइबिंग कर एक घंटे में दोनों युवकों के शव को पानी से बाहर निकाला।

इसके बाद शवों को 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय में भिजवाया। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है। थाना निरीक्षक रितेश साह ने बताया कि मृतक युवकों की पहचान 25 वर्षीय शुभम पुत्र पदम सिंह निवासी शालीमार गार्डन, साहिबाबाद, गाजियाबाद, 21 वर्षीय रजत खन्ना पुत्र प्लाट नंबर शालीमार र्गाडन, गाजियाबाद, यूपी के रूप में हुई है।

महिला के उपचार के लिए लायंस क्लब डिवाइन ने की आर्थिक मदद

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने आज आग से झुलसी महिला की मदद के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया है। क्लब के सदस्यों ने महिला के उपचार को 5100 रूपए की आर्थिक मदद की है। बता दें कि क्लब की ओर से समय-दर-समय निर्धन लोगों की मदद की जाती है।

क्लब अध्यक्ष लायन जगमीत सिंह और संस्थापक लायन ललित मोहन मिश्र ने बताया कि गत दिनों अपने घर पर कार्य करते हुए एक महिला जल गई जिन का इलाज एम्स में चल रहा है किंतु इलाज के दौरान समय अधिक लगने के कारण दोनों पति व पत्नी का रोजगार चला गया है जिस के कारण इनके घर में दूध राशन पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है।

इसी के दृष्टिगत क्लब द्वारा उक्त महिला को 5100 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई जिससे कि इलाज के दौरान घर में रह रहे बच्चे व महिला को राशन की समस्या का सामना ना करना पड़े।

अध्यक्ष लायन जगमीत सिंह ने बताया कि धनराशि क्लब के सदस्यों के सहयोग से प्रदान की गई है।

इस अवसर पर सचिव विकास ग्रोवर, कोषाध्यक्ष पवन शुक्ला, किशोर मेहता ,पूर्व अध्यक्ष महेश किंगर पूर्व अध्यक्ष आशु ढंग आदि उपस्थित रहे।

आवासीय कॉलोनी के लोगों ने आईडीपीएल प्रबंधन के खिलाफ किया प्रदर्शन

आईडीपीएल की आवासीय कॉलोनी में रहने वाले सैकड़ो लोग फैक्ट्री परिसर पर एकत्रित हुए। यहां पर उन्होंने फैक्ट्री के खिलाफ एक घंटे का सांकेतिन प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान सुनील कुटलहैड़िया ने कहा की आईडीपीएल की आवासीय कॉलोनी के निवास करने वाले नौ दशक से रहे है। अब प्रबंधन उन्हें आवासीय कॉलोनी से बेघर करने पर तूला है। आरोप लगया कि वे अब कॉलोनी खाली करवाने के लिए नोटिस देने की फिराक में हैं।

इससे पहले भी लोगों ने आईडीपीएल फैक्ट्री के इस फैसले का विरोध किया था। अब फिर से यह मामला उठ रहा है। लिहाजा जब तक उनकी मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन करने वालों में अरविंद चौधरी, वायुराज, रमेश चंद्र शर्मा, सुमन, महावीर सिंह, अनीता प्रधान, प्रिया, पुनीत बजाज, आदित्य, गीता मित्तल आदि उपस्थित रहे।

ऋषिकेश की शिवानी का एशियन जुजित्सु प्रतियोगिता के लिए चयन

छठी एशियन जुजित्सु प्रतियोगिता के लिए ऋषिकेश की शिवानी गुप्ता का चयन हुआ है। यह प्रतियोगिता 27-31 मार्च को बहरीन में आयोजित होगी।

जुजित्सु एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के महासचिव विनय जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता के ऋषिकेश की शिवानी गुप्ता का चयन हुआ है। शिवानी भारतीय जुजित्सु की टीम में शामिल होगी। 27 मार्च को दिल्ली एयरपोर्ट से बहरीन के लिए यह टीम रवाना होगी। शिवानी की इस उपलब्धि पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर अनिता ममगाईं, मुनिकीरेती नगर पालिका के चेयरमैन रोशन रतूड़ी, डॉ. गिरीश सिंधवानी, समाजसेवी प्रिंसी रावत, चारू माथुर कोठरी, जयेंद्र रमोला, कनक धनाई, देव भूमि ऋषिकेश मार्शल आर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर के अध्यक्ष सत्यवीर सिंह तोमर आदि ने हर्ष जता शिवानी का बधाई दी।

एमआईटी शिक्षा विभाग में नवीन सत्र का हुआ शुभारंभ

एमआईटी ढालवाला शिक्षा विभाग में आज बीएड सत्र 2021-23 का शुभारंभ हुआ। विभागाध्यक्ष प्रो. ज्योति जुयाल ने दीप प्रज्वलित कर संस्थान के संस्थापक हरगोविंद जुयाल को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और नवीन छात्रों को संबोधित किया।

कहा कि वर्तमान समय में शिक्षक को राष्ट्र एवं समाज की विभिन्न भूमिकाओं का निर्वाह करना होता है। जिसके लिए राष्ट्र एवं समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षक में विभिन्न कौशलों का विकास होना आवश्यक है, इसलिए सभी नव आगंतुक छात्र लग्न एवं ईमानदारी से संस्थान के बनाए सिद्धांतों का अनुसरण करते हुए अपने पाठ्यक्रम को पूरा करें और एक सफल एवं मानवीय शिक्षक के रूप में स्वयं को राष्ट्र सेवा में समर्पित करें।

इस अवसर पर संस्थान निदेशक रवि जुयाल ने नव आगंतुक छात्रों का स्वागत करते हुए बताया कि एमआईटी संस्थान पिछले 17 वर्षों से शिक्षक निर्माण का कार्य कर रहा है उनके संस्थान से तैयार शिक्षक न केवल ऋषिकेश के विद्यालयों में अपितु उत्तराखंड राज्य के साथ-साथ संपूर्ण भारत की शिक्षा में एक शिक्षक के रूप में अपना योगदान दे रहे है। उन्होंने बताया की उनका संस्थान नैक से ग्रेड बी प्लस प्लस प्राप्त संस्थान हैं जोकि शिक्षा की गुणवत्ता को उत्कृष्ट बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा छात्र एवं समाज हित को सर्वप्रथम एवं सर्वाेपरि मानता है।

इस अवसर पर सीनियर छात्रों ने अपने जूनियर छात्रों का स्वागत किया। साथ ही रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिसमें कविता, ज्योति की युगल प्रस्तुति अंकिता की एकल एवं रचना, मनीषा, श्रुति एवं साथियों की सामूहिक प्रस्तुतियों को खूब सराहा गया।

शिक्षा विभाग के सभी प्राध्यापकों जिसमे डॉ. प्रेम प्रकाश पुरोहित, अंशु यादव, राजेश सिंह, गीता चंदोला, शिल्पी कुकरेजा ने अपने विचार व्यक्त किए। मंच संचालन आशिमा और अनुराधा एवं कार्यक्रम का संचालन डा. रितेश जोशी व रवि कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के सभी सीनियर एवं जूनियर छात्र उपस्थित रहे।

कोर्ट ने लापरवाही से वाहन चलाने के आरोपी को साक्ष्यों के अभाव में किया बरी

न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋषिकेश ने लापरवाही से वाहन चलाने के सात सात पुराने मामले में अपना फैसला सुनाते हुए आरोपी को साक्ष्यों के विरोधाभास होने पर दोषमुक्त किया है। मामला वर्ष 2015 का है जो थाना रायवाला में दर्ज किया गया था।

रायवाला पुलिस ने कोर्ट में दाखिल चार्जशीट में बताया कि 20 अगस्त 2015 को शिकायर्ती महिला अनिता उनियाल ने तहरीर दी। बताया कि उनके पति अकेले अपनी मोटरसाइकिल यूके014-9465 से ऋषिकेश से रायवाला की ओर जा रहे थे। आरोप लगाया कि विपरीत दिशा से छोटा हाथी आया और उनके पति को जोरदार टक्कर मारकर भाग गया। उनके पति को राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। इस मामले में पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने पर विनोद पुत्र रामसेवक पर लापरवाही से वाहन चलाने सहित कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

मामले में पीड़ित पक्ष के पति गिरीश चंद उनियाल की 23 अगस्त 2015 को अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

अधिवक्ता पवन शर्मा ने न्यायालय को इस मामले में विभिन्न तर्क दिए।
1. बताया कि पुलिस द्वारा मौके पर जो नक्शा नजरी बनाई गई, वह चश्मदीनों की मौजूदगी के बजाए वादिनी की मौजूदगी में बनी है, जबकि वादिनी घटना के वक्त अपने मृतक पति के साथ नहीं थी। लिहाजा उन्हें घटनास्थल की सही से जानकारी न होने के कारण पुलिस का नक्शा नजरी बनाना संदेहापरक है।
2. अधिवक्ता ने न्यायालय को यह भी बताया कि आरोपी विनोद पुत्र रामसेवक 20 अगस्त 2015 को न ही वाहन चला रहा था और न ही घटना स्थल पर मौजूद था, ऐसे में पुलिस द्वारा यह कहना कि विनोद द्वारा लापरवाही से वाहन चलाना गलत है।
3. अधिवक्ता ने न्यायालय को यह भी बताया कि वादिनी की ओर से प्रस्तुत किए गए साक्ष्यों में विरोधाभास है, दरअसल जिन्हें पुलिस चश्मदीन गवाह बता रही है, उन सभी ने अपने बयानों में घटना होते देखने से स्वीकार नहीं किया है।
वहीं, न्यायिक मजिस्ट्रेट उर्वशी रावत ने तमाम दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला सुनाया। न्यायाधीश ने माना कि अभियोजन पक्ष की ओर से जो साक्ष्य प्रस्तुत किए गए, उन सभी में विरोधाभास है। अतः न्यायालय ने मजबूत सबूतों के अभाव में आरोपी विनोद पुत्र रामसेवक निवासी चंद्रेश्वर नगर धोबीघाट को दोषमुक्त किया है।

विश्व क्षय दिवस पर एमआईटी में राष्ट्रीय क्विज प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

ढालवाला स्थित मॉडर्न इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में विज्ञान विभाग और आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में विश्व क्षय दिवस पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान निदेशक रवि जुयाल, कोआर्डिनेटर आईक्यूएसी प्रो. ज्योति जुयाल, विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. कौशल्या डंगवाल, कार्यक्रम समन्वयक डा. सुनील कुमार सिंह, उप समन्वयक डा. माधुरी कौशिश ने संयुक्त रूप से किया।

कहा कि तपेदिक या ट्यूबरकुलोसिस एक संक्रामकबीमारी है, यदि इसे प्रारंभिक अवस्था में नहीं रोका गया तो यह जानलेवा साबित हो सकती है। यह रोग एक बैक्टीरिया के संक्रमण के कारण होता है, जो मनुष्यों के फेफड़ों के साथ-साथ हड्डियों, आंतों, मूत्र तथा प्रजनन अंगों पर बुरा असर डालता है। ये बीमारी भी कोरोना के जैसे ही फैलती है। विभिन्न प्रकार की औषधियों से इस बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सकता है। इस क्विज़ में देशभर से 175 से अधिक प्रतियोगियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में डा. कमलेश कुमार भटट, डा. अनिता पांडेय, अश्विनी कुमार, शुभम ग्वाड़ी आदि शामिल रहे।