जन विकास मंच ने सीएम को भेजा ज्ञापन, यह रखी अहम मांग

उत्तराखंड जन विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जिलाधिकारी के माध्यम से चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग उत्तराखंड में समूह ‘ग’ के अंतर्गत स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) के रिक्त पदों पर 2018 में आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को भी वन टाइम रिलैक्सेशन दिए जाने हेतु ज्ञापन प्रेषित किया।

मंच के अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि सन 2018 में हजारों की संख्या में स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला आवेदन किया था परंतु उस पर परीक्षा ना हो पाई और विज्ञप्ति रद्द हो गई पुनः सन 2022 में नई विज्ञप्ति में 824 पद आए परंतु आयु सीमा अधिक होने के कारण पूर्व में आवेदन करे हुए अभ्यर्थी आवेदन करने योग्य नहीं रह गए हैं अतः आपसे निवेदन है कि जनहित में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को एक अतिरिक्त अवसर प्रदान किया जाए

ज्ञापन देने वालों में अधिवक्ता राकेश थपलियाल, अधिवक्ता चंदन सिंह राणा, अधिवक्ता अजय ठाकुर आदि उपस्थित रहे।

ऋषिकेश विधायक के कैबिनेट मंत्री बनने पर व्यापारियों में उत्साह

राज्य की धामी रिटर्न सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने पर ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का व्यापारियों ने भव्य स्वागत किया। व्यापारियों ने इस मौके को जश्न के रूप में मनाया। वहीं, मौके पर मिठाईयां बांटकर बधाईयां भी दी। मौके पर पुष्कर-प्रेम जिंदाबार के नारे भी लगाए गए।

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री प्रतीक कालिया के नेतृत्व में व्यापारियों का वर्ग दून तिराहे पर एकत्र हुआ। यहां आतिशबाजी करते हुए पुष्कर सिंह धामी के उत्तराखंड का मुख्यमंत्री बनने पर खुशी का इजहार किया गया। मौके पर पहुंचे नव नियुक्त कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का माल्यार्पण के साथ भव्य स्वागत हुआ।

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश की महान जनता के आशीर्वाद के से ही वह आज कैबिनेट मंत्री बने है। ऋषिकेश का भरपूर विकास उनकी प्राथमिकता रही है। अब और तेज रफ्तार के साथ विकास कार्य सम्पन्न कराये जायेंगे।

महामंत्री प्रतीक कालिया ने कहा कि आज का दिन उत्तराखंड के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। जन अपेक्षाओं के अनुरूप राज्य के मुखिया के रूप में पुष्कर सिंह धामी के शपथ लेने से पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है। उनके मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री के रूप में जीत का चौका लगाने वाले ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का चुना जाना तीर्थनगरी के लोगों के लिए गौरव की बात है। इस दौरान संदीप गुप्ता, संजय शास्त्री, संजय व्यास, नवल कपूर, नितिन गुप्ता, प्रदीप कोहली, इन्द्र गोदवानी, नवीन अग्रवाल, अशोक अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

एम्स ऋषिकेश के आई बैंक ने 200 लोगों को दी नेत्र ज्योति

अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान, एम्स ऋषिकेश का आई बैंक नेत्रहींन लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है। संस्थान में नेत्र कोष की स्थापना के बाद से अब तक 200 पीड़ित लोगों को सफलतापूर्वक कॉर्निया प्रत्यारोपित किए जा चुके हैं। संस्थान ने भारत से नेत्रहीनता का अभिशाप मिटाने के लिए लोगों से नेत्र दान का संकल्प लेने का आह्वान ​किया है। कहा गया है कि आई डोनेशन के प्रण से ही लोग अंधता से मुक्ति पा सकते हैं।
गौरतलब है कि एम्स ऋषिकेश में 26 अगस्त 2019 को आई बैंक की स्थापना की गई थी। नेत्र कोष की स्थापना के बाद से संस्थान में लगभग 2 साल 7 माह के अंतराल में अब तक 200 लोगों को सफलतापूर्वक कॉर्निया प्रत्यारोपण से नेत्र ज्योति प्राप्त हो चुकी है। संस्थान के नेत्र विभागाध्यक्ष प्रोफेसर संजीव मितल ने बताया कि एम्स ऋषिकेश में कॉर्निया प्रत्यारोपण की सभी विश्वस्तरीय आधुनिकतम सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि नेत्र दान महादान के संकल्प के साथ मृत्यु उपरांत अपनी आंखें दान करने के इच्छुक व्यक्ति अपने इस संकल्प को साकार करने के लिए एम्स आई बैंक में संपर्क कर सकते हैं। ऋषिकेश आई बैंक से ऑनलाइन जुड़कर कोई भी व्यक्ति इस महान कार्य में अपना योगदान सुनिश्चित कर सकते हैं। नेत्र रोग विभागाध्यक्ष प्रो. संजीव मित्तल ने बताया कि अब तक ऋषिकेश आई बैंक में 506 लोग नेत्रदान करने का संकल्प पत्र भर चुके हैं। नेत्र बैंक की टीम व एम्स अस्पताल के कर्मचारी नेत्रदान को लेकर जनजागरुकता मुहिम में जुटे हैं और इसके लिए लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हमारे विभाग की कॉर्निया- प्रत्यारोपण सर्जन डॉक्टर नीति गुप्ता द्वारा 200 रोगियों की आंखों की नष्ट हो चुकी पुतली ( कॉर्निया) के ऑपरेशन सफलता-पूर्वक किए जा चुके हैं। संस्थान में देश के विभिन्न प्रांतों से मरीज यहां अपना नेत्र प्रत्यारोपण के लिए पहुंच रहे हैं। जिनमें उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश आदि राज्यों के कई मरीजों का एम्स नेत्र कोष में सफलतापूर्वक प्रत्यारोपण कर उनके जीवन को रोशन किया जा चुका है। खास बात यह है कि एम्स आई बैंक में कॉर्निया प्रत्यारोपण के तहत अब तक जिन नेत्रहीन बच्चों को कॉर्निया प्रत्यारोपित किया गया है वह अब अपनी शिक्षा ग्रहण कर पा रहे हैं। संस्थान की आई बैंक की निदेशक डा. नीति गुप्ता ने बताया कि हम सबको नेत्रदान महादान के अभियान से जुड़ना चाहिए और नेत्रहीन लोगों के अंधेरे जीवन में उजियारा लाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी के जीवन को रोशनी से भरने से बढ़कर कोई दूसरा परोपकार नहीं है। नेत्रदान का संकल्प लेने वाले व्यक्ति ऋषिकेश आई बैंक, एम्स ऋषिकेश के दूरभाष नंबर 90685 63883 पर संपर्क कर सकते हैं।

गंगा तट पर हुई दूरगामी धामी को समर्पित महिला गंगा आरती

ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट द्वारा महिलाओं द्वारा की जा रही गंगा आरती में पूर्णानंद घाट में महिलाओं ने पूजन-अर्चना कर पुष्कर सिंह धामी को दोबारा मुख्यमंत्री बनाए जाने गंग सबलाओं ने की विशेष गंगा आरती। इस विशेष अवसर पर विशेष प्रार्थना पूजा व कामना की गई कि ईश्वर व गंगा माँ पुष्कर सिंह धामी को शक्ति दें और स्वस्थ रखें इसके साथ ही महिला साधकों ने हवन कर आहुतियां दी।

शांति सिंह जी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में उत्तराखंड में समृद्धि लौटेगी। बहुत प्रगति होगी, और लोगों के मुद्दों को हल किया जाएगा। गंगा मैया आपके साथ है। पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री कार्यकाल में अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं प्रदेश को मिली।

डॉ. ज्योति शर्मा ने धामी को शुभकामनाएं देते हुए उनकी दीर्घायु की कामना की है। उन्होंने कहा है कि अब उन्हें पहाड़ से पलायन रोकने और युवाओं को रोजगार देने की दिशा में काम करके दिखाना होगा साथ ही उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व की कार्यशैली पर प्रशंसा जतायी। इसी क्रम में ऋषिकेश गंगा आरती की गंग सबलाओं ने नारी शक्ति व नेतृत्व को बढ़ावा देने के सरकार के प्रयासों को सराहा व सरकार की विभिन्न योजनाओं को बढ़ावा देने हेतु शृद्धालुओं से जन संकल्प करवाया।

लोहाघाट का युवक त्रिवेणी घाट में बहने लगा तो जल पुलिस ने सकुशल निकाला

लोहाघाट का एक युवक मां का श्राद्ध करने के दौरान गंगा की तेज धारा की चपेट में आकर बहने लगा। गनीमत रही जल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को गंगा से सकुशल बाहर निकाल लिया।

चौकी त्रिवेणी घाट पर स्थानीय व्यक्ति ने डूबने की सूचना दी। इस पर पुलिस और जल पुलिस के सिपाहियों ने गंगा में छलांग लगा दी और व्यक्ति को गंगा नदी से सकुशल बाहर निकाला।

पुलिस की पूछताछ में युवक ने अपना नाम गणेश सिंह सांवत पुत्र डूबर सिंह सावत निवासी लोहाघाट जिला चंपावत उम्र 38 वर्ष बताया है। बताया कि वह अपनी मां का श्राद्ध करने गंगा नदी पर आया था और श्राद्ध करते समय पैर फिसलने के कारण गंगा नदी में बहने लगा।

वहीं, युवक को सकुशल गंगा से बाहर निकालने वालों में कॉन्स्टेबल राधेश्याम, कॉन्स्टेबल तेजसिंह चौकी, कॉन्स्टेबल जल पुलिस अनिल और गोताखोर विनोद सेमवाल शामिल रहे।

पेड़ बाबा ने की प्रेसवार्ता, आईडीपीएल में नवग्रह वाटिका सहित औषधीय पौधों को लेकर दी जानकारी

वह दिन दूर नहीं, जब बिगड़ते प्रदूषण के कारण हमारे देश का पर्यावरण पूरी तरह से बिगड़ जाएगा और आने वाली पीढी को अपना जीवन बचाने के लिए कंधों पर ऑक्सीजन का सिलेंडर रखना पड़ेगा। यह बात विश्व वानिकी दिवस पर पेड़ बाबा के नाम से मशहूर डा. एनएस मिश्रा ने कही।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश के निकट आईडीपीएल क्षेत्र में कैंसर जैसे रोगों के निवारण के लिए 5000 कृष्णा फल के पेड़ के साथ सीता अशोक के पेड़ों की नर्सरी लगाए जाने का संकल्प लिया है। नीर फाउंडेशन ऋषिकेश के संस्थापक डॉक्टर एसएन मिश्रा (पेड़ बाबा) ने कि वानिकी दिवस के अवसर पर बताया कि पेड़ पंचायत एवं गोविंद दर्शन ट्रस्ट, नीर फाउंडेशन श्री गंगा सेवा एवं पर्यावरण सुरक्षा समिति, रिहैबिलिटेशन ट्रस्ट के संयुक्त प्रयास से आईडीपीएल में औषधीय वृक्षो का रोपण किया जाएगा। उनका मूल उद्देश्य लगातार देश में बढ़ते प्रदूषण के कारण बिगड़ते पर्यावरण को रोकने के लिए जहां वृक्षों का रोपण किया जाना है, वही आने वाले समय में बिगड़ते पर्यावरण के कारण युवाओं को सांस लेने में होने वाली दिक्कत से बचाना है।

बताया कि 21 मार्च को नवग्रह वाटिका एवं अन्य वाटिकाओ का शुभारंभ किया जा रहा है। इस पूरी वाटिका में 5000 से अधिक कैंसर वाटिका इत्यादि का आरंभ किया जाएगा। जिसमें 30 बच्चों को वृक्ष मित्र सम्मान से भी सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज, दर्शन शाह, लेखपाल आदि मौजूद थे।

गंगा में डूबा गुजरात का युवक, रेस्क्यू अभियान चला


मुनिकीरेती के प्रभारी निरीक्षक रितेश साह ने बताया कि आज 32 वर्षीय मनीष निवासी सूरत, गुजरात अपने पिता जयंती भाई, चाचा अशोक, माता मंजूला बेन और पत्नी गीता देवी के साथ घूमने लक्ष्मणझूला क्षेत्र में आए थे। भ्रमण के दौरान सभी सच्चा धाम स्थित घाट पर पहुंचे। यहां मनीष नहाने के लिए गंगा में उतर गए। नहाते समय वह गंगा में कुछ आगे बढ़े तभी पानी के तेज बहाव में आकर डूबने लगे। परिवार के सदस्यों ने शोर मचाया।
सूचना पाकर जल पुलिस के जवान पहुंचे और राहत एवं बचाव शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने सच्चाधाम आश्रम से मुनिकीरेती तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन पानी में लापता मनीष का पता नहीं चल पाया।

ऋषिकेश कोतवाली में दो पक्षों पर मारपीट का क्रास मुकदमा दर्ज


कोतवाली पुलिस के मुताबिक रीता देवी पत्नी राकेश राजभर निवासी वीरपुर खुर्द गली नंबर 12, ऋषिकेश ने एक तहरीर पुलिस को दी। इसमें महिला ने अशोक राजभर, विजय राजभर, मनीष राजभर, जमुना, छोटेलाल, मनोज शिवदास, संजीत पर होली के दिन दोहपर के समय घर में घुसकर मारपीट कर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया।

इसके अलावा महिला ने उन पर महिलाओं की लज्जा भंग करने, गाली-गलौज कर जान मारने की धमकी देने की बात भी कही। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से अशोक राजभर पुत्र नागेश्वर ने भी राकेश राजभर, नंदलाल, नंदकिशोर, मेवालाल, बिजेंदर, रीता देवी, सहित अन्य लोगों के खिलाफ उनके पोते मनीष के साथ मारपीट, गाली- गलौज व जान से मारने का आरोप लगाया है। साथ ही शिकायकर्ता ने कहा कि पत्नी और पति के कपड़े भी खींचे गए हैं।

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिलने पर क्रॉस मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

शम्याप्राश संस्था ने द कश्मीर फाइल्स के लिए रामा पैलेस में की सभी सीटें आरक्षित

ऋषिकेश सीट से निर्वाचित विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने आज परिवार और भाजपाइयों के साथ बहुचर्चित फिल्म द कश्मीर फाइल्स ऋषिकेश सिनेमा हॉल में देखी। इस दौरान विधायक प्रेमचंद अग्रवाल भावुक भी हो गए।

उन्होंने फिल्म के जरिये इतिहास के छिपे तथ्यों से दर्शकों को रूबरू कराने की बात कहते हुए फिल्म निर्माताओं का आभार जताया। द कश्मीर फाइल्स फिल्म देखने विधायक अग्रवाल के साथ उनकी पत्नी शशिप्रभा अग्रवाल भी पहुंची थीं। अग्रवाल ने बताया कि ऋषिकेश की शम्याप्राश संस्था ने ऋषिकेश सिनेमाघर रामा टॉकिज की सभी 600 सीटों को आरक्षित कर जागरूकता के उद्देश्य से शाम 6 बजे के शो में ऋषिकेशवासियों को निशुल्क इस फिल्म को देखने का मौका दिया। इससे पहले इस प्रकरण को यादगार बनाने के लिए हिंदू पुनरुत्थान शीर्षक से एक रैली का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर संस्था सचिव कार्तिक, सहयोगकर्ता विनायक भट्ट, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, पीयूष अग्रवाल, सुशील नौटियाल, जनार्दन कैरवान, सुभाष डोभाल, ब्रह्मानन्द भट्ट आदि उपस्थित रहे।

केमिकल रंगों को हर्बल रंगों की आड़ में बेचना कानूनी रूप से गलतः ग्राम संगठन

पहाड़ी भुली ग्राम संगठन के द्वारा खदरी ग्राम पंचायत घर में हर्बल रंगो की स्टॉल के साथ ,जूट से बनी वस्तुएं बैग, पर्स, फाइल फोल्डर, बोतल बैग और मेक्रम से बने घर के लिए सजावटी वस्तुएंँ व खाद्य पदार्थ मठरी, चिप्स की प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें हर्बल रंगों को फूलों और सब्जियों से रंगों को तैयार किया गया और जनमानस को केमिकल रंगों को त्याग करके हर्बल रंगों को अपनाने के लिए निवेदन किया गया। ग्राम संगठन की कोषाध्यक्ष बीना भट्ट ने बताया कि आपको हमारे संगठन के कार्य में पारदर्शिता देखने को मिलेगी। इन हर्बल रंगों से स्वास्थ्य के साथ गरीब महिलाओं को रोजगार भी प्रदान हो रहा है। 8 समूह के अध्यक्ष संगीता बिष्ट, दीपा सेमवाल, कविता, संगीता कौशल, गुणा देवी, ईशा चौहान, सावित्री सेमवाल व ममता नेगी ने बताया कि मार्केट में कई लोग केमिकल वाले रंगों को हर्बल के नाम से बेच रहे हैं जिस पर अंकुश लगाना भी बहुत जरूरी है। क्योंकि इस तरह के लोग ईमानदारी से कार्य करने वालों के ऊपर भी प्रश्नचिन्ह लगा देते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित ब्लॉक अधिकारी बी.एम.एम सूरज चमोली एवं ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल जी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम में सुरेंद्र सिंह नेगी उद्योग विभाग से व देवयंती थपलियाल, राधिका जोशी, ग्राम प्रधान संगीता थपलियाल उपस्थित रहे।

सूरज चमोली द्वारा संगठन की महिलाओं को वस्तु की शुद्धता एवं गुणवत्ता के साथ मार्केटिंग की जानकारी दी गई। साथ ही नेगी जी द्वारा महिलाओं को उद्योग प्रधानमंत्री योजना के अंतर्गत लोन सुविधा के बारे में बताया गया व ब्लॉक प्रमुख द्वारा महिलाओं को कार्य करने के लिए भवन निर्माण में सहयोग किया जाएगा।

ग्राम प्रधान संगीता द्वारा पहाड़ी भुली ग्राम संगठन की सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दी गई और अपने स्तर से हर कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित 8 समूहों के पदाधिकारी ने भविष्य में एकजुट कार्य करने का निर्णय व संगठन को मजबूत बनाने में हर संभव प्रयास व कार्य किया जाएगा। एनआरएलएम से बने समूह व संगठन में महिलाएं आजीविका के लिए जुड़ती है। जिसके लिए भारत सरकार व उत्तराखंड सरकार के द्वारा उन्हें सहयोग भी किया जाता है समय-समय पर। ग्राम संगठन की महिलाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बहुत-बहुत धन्यवाद किया है कि उनके द्वारा स्वयं सहायता समूह की स्थिति बेहतर हो रही है और उनके द्वारा समूह के लिए अच्छे कार्य भी किए गए हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित पहाडी़ भुली ग्राम संगठन की अध्यक्ष ईशा कलूड़ा चौहान के साथ समूहों के पदाधिकारी बीना भट्ट, मीना पंवार, संगीता बिष्ट, समेश्वरी, सावित्री, कविता, दीपा सेमवाल, संगीता कौशल, गुणा पंवार, शिवानी, कमलेश्वरी, दुर्गा चौहान, सुमित्रा नेगी, सुचिता, प्रियंका, अर्चना भट्ट, रंजना, बबीता नेगी, मंजू गुसाईं, अभिलाषा, ममता भंडारी आदि उपस्थित थे।