मुख्यमंत्री ने किया राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ-2022 का शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर, देहरादून में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ-2022 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 31 करोड़ की लागत से बने शूटिंग रेंज का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य के अन्तरराष्ट्रीय खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को नकद पुरस्कार धनराशि प्रदान की और उन्हें सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित की जाने वाली खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को भोजन के लिए दी जाने वाली धनराशि 150 रूपये से बढ़ाकर 225 रूपये की जायेगी। न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को क्रमशः 300 रूपये, 200 रूपये एवं 150 रूपये की धनराशि दी जायेगी। विकासखण्ड स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 500 रुपये, 400 रुपये एवं 300 रुपये की धनराशि दी जायेगी, जो पहले क्रमशः 300 रुपये, 200 रुपये एवं 150 रुपये थी। जनपद स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 800 रुपये, 600 रुपये एवं 400 रुपये की धनराशि दी जायेगी, जो पहले क्रमशः 700 रूपये, 500 रूपये एवं 300 रुपये थी। राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 1500 रूपये, 1000 रूपये एवं 700 रुपये की धनराशि दी जायेगी, जो पहले क्रमशः 1000 रुपये, 600 रुपये एवं 400 रुपये थी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य स्तर पर आयोजित होने वाला यह खेल महाकुंभ उत्तराखण्ड के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगा। पहले पंचायत स्तर पर फिर ब्लॉक स्तर पर फिर जिला स्तर पर खेलने के पश्चात खिलाड़ी यहां पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह गौरव का विषय है कि इस खेल महाकुंभ में हमारे प्रदेश की बेटियां भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि यह युवाओं की प्रतिभा का ही कमाल है कि, आज विश्व पटल पर नए भारत का मान बढ़ रहा है। आज हमारे युवा खिलाड़ियों द्वारा विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के सामर्थ्य का परिचय कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस खेल महाकुंभ का उद्देश्य खिलाड़ियों को आगामी 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए भी तैयार करना है। 38वें राष्ट्रीय खेल की मेजबानी उत्तराखण्ड करेगा। जिससे राज्य के युवाओं को अपनी प्रतिभा को दिखाने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड को “सर्वश्रेष्ठ उत्तराखण्ड“ बनाने हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा और बेहतर खेल सुविधायें प्रदान करने के लिए कृत संकल्पित है। उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है जिसने जहां एक ओर नई शिक्षा नीति को प्रभावकारी ढंग से लागू करने का काम किया है, वहीं दूसरी ओर नई खेल नीति बनाकर अपने युवा खिलाड़ियों का भी ध्यान रखने का कार्य किया है। नई खेल नीति में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किये गये हैं। खिलाड़ियों के लिए नौकरियों में खेल कोटा भी पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस खेल महाकुंभ में प्रतिभाग कर रहे हमारे युवा खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखण्ड व देश का नाम रोशन करेंगे।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि अब समाज में खेल एवं खिलाड़ियों के प्रति सोच में बड़ा परिवर्तन हुआ है। खेलों से भी उपलब्धि हांसिल की जा सकती है, जैसे शिक्षा के माध्यम से की जा सकती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में खेलों को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। न्याय पंचायत स्तर से राज्य स्तर तक खेल प्रतिभाओं को आगे लाया जा रहा है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट खिलाड़ी उन्नयन योजना से खिलाड़ी लाभान्वित हो रहे हैं। 2024 में उत्तराखण्ड में होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी तेजी से चल रही है।

विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खेलों को नई ऊंचाई देने के लिए सराहनीय प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल में अनुशासन एवं जीत के लिए लक्ष्य बनाकर प्रतिभाग करें।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रायपुर ममता देवी, खेल निदेशक जितेन्द्र कुमार सोनकर, अपर निदेशक राकेश चन्द्र डिमरी, खेल विभाग के अन्य अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।

बैडमिंटन प्रतियोगिता से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ेगाः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड, देहरादून में उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा आयोजित अन्तर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं भी बैडमिंटन खेल खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। यह बैडमिंटन प्रतियोगिता 17 से 19 दिसम्बर 2022 तक चलेगा। जिसमें प्रदेश की 25 टीमें भाग ले रही हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा शानदार प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रकार की प्रतियोगिता से कार्मिकों को साथ खेलने एवं एक दूसरे को समझने का मौका मिलता है। विभिन्न विभागों के बीच में होने वाली इस बैडमिंटन प्रतियोगिता से विभागों में आपस में समन्वय बढ़ेगा। विभागीय कार्यों के साथ खेल को भी बढ़ावा देने का यह सराहनीय प्रयास है। खेल भावना अपने कार्यों के प्रति अनुशासन के लिए भी प्रेरित करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत के खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य की नई खेल नीति में खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा देने के प्रयास किये गये हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के पास प्रकृति प्रदत्त सब कुछ है। उत्तराखण्ड का प्राकृति सौन्दर्य सबको आकर्षित करता है। अपने प्राकृतिक संसाधनों के सही उपयोग से हमें उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाना है। राज्य के समग्र विकास के लिए सभी की सहभागिता अति महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए मसूरी में 03 दिन के चिंतन शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही वे सचिवालय के अनुभागों के अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे।

मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार खेलों को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। सरकार ने हमेशा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री का स्वच्छ दून, सुंदर दून का जो संकल्प है, उसे हम सभी को आपस में समन्वय एवं सहभागिता से धरातल में उतारना है।

इस अवसर पर बैडमिंटन खिलाड़ी पुनीता नागलिया, उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब के अध्यक्ष पन्ना लाल शुक्ला, उपाध्यक्ष महावीर सिंह चौहान, महासचिव प्रमोद कुमार, उप निदेशक खेल धर्मेन्द्र भट्ट, जिला क्रीडा अधिकारी शबाली गुरुंग, जे.पी मैखुरी, सचिवालय बैडमिंटन संघ के अन्य पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के खिलाड़ी उपस्थित थे।

एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता ने की सीएम से मुलाकात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में 37वें नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चौंपियनशिप की 05 कि.मी. रेस वाक में अंडर 16 में स्वर्ण पदक विजेता हिमांशु कुमार एवं 10 कि.मी. रेस वाक में रजत पदक विजेता सचिन सिंह बोहरा ने भेंट की।

मुख्यमंत्री ने दोनों एथलीट को आगामी खेलों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आगे भी राज्य सरकार द्वारा ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रशिक्षण आदि के लिए हर संभव मदद दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने दोनों एथलीट के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

एथलीट मानसी नेगी और सूरज पंवार उत्तराखंड की शानः सीएम


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से 37वें नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चौंपियनशिप की 10 कि.मी. रेस वाक में नेशनल रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाली मानसी नेगी और एथलीट सूरज पंवार ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने दोनों एथिलीट को एक-एक लाख रूपये की धनराशि देने की घोषणा की।

खेल विभाग की नियमावली के मानकों के अनुसार पदक जीतने पर जो धनराशि दी जाती है, इन दोंनों खिलाड़ियों को वह धनराशि भी दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने दोनों एथलीट को आगामी खेलों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आगे भी राज्य सरकार द्वारा ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों को हर संभव मदद दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने दोनों एथलीट के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

इस अवसर पर उप क्रीडा अधिकारी एवं इन दोनों खिलाड़ियों के कोच अनूप बिष्ट एवं एथलीट मनीष बिष्ट मौजूद थे।

सीएम ने दि हिमालयन कप ऑल इण्डिया फुटबॉल टूर्नामेंट की विजेता टीम को दी ट्रॉफी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के युवा खिलाड़ियों से दृढ़ इच्छा शक्ति एवं मेहनत के साथ विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन पर ध्यान देने की अपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि सफलता का एक ही मूलमंत्र है विकल्प रहित संकल्प। युवा खिलाड़ी अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिये पूरी मेहनत एवं एकाग्रता के साथ प्रयास करे। युवा जिस भी क्षेत्र में जाए वहां लीडर बनने का प्रयास करें।

स्थानीय पवेलियन ग्राउण्ड में दि हिमालयन कप ऑल इण्डिया फुटबाल टूर्नामेंट के समापन समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारे युवा खिलाड़ी विभिन्न खेल की प्रतियोगिताओं में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे है। जिससे देश में उत्तराखण्ड की पहचान बन रही है। यह हमारे खिलाड़ियों की खेलों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिचायक है। हमारा यह भी प्रयास है कि भारत के पौराणिक खेलों जैसे कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल अथवा प्राचीन मल्ल, अखाड़ों से निकला गतका और मलखम्ब को विश्व पटल पर पहचान दिलायी जाए। एक समय पर भुला दिए गए ये सभी खेल आज देश-विदेश में खूब प्रसिद्ध हो रहे हैं। हमारा निरंतर यह प्रयास है कि हम खेलों के माध्यम से भी सांस्कृतिक संवर्धन का कार्य करें ताकि हमें अतीत का ज्ञान रहे और लुप्त हो रही विधाएं जीवित रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं भी फुटबॉल के प्रशंसक रहे हैं। खेल के मैदान में भी उत्तराखंड अग्रणी राज्य बने, इसी के तहत राज्य में खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन हेतु नई खेल नीति बनाई गई है। हमारी सरकार ने खेल दिवस-2022 के अवसर पर “मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना“ प्रारंभ की थी तथा कुछ समय पहले राज्य के प्रतिभाशाली उभरते खिलाड़ियों के लिए खेल छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया था जो शुरू कर दी गयी है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना में 08 से 14 वर्ष के उभरते खिलाड़ियों को 1500 रूपये प्रतिमाह की खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है। हर जिले के 150 बालक और 150 बालिकाओं अर्थात प्रदेश के कुल 3900 उभरते खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति दी जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर को अंतराष्ट्रीय स्तर की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाने हेतु प्रयास किये जा रहे हैं। खेल छात्रावासों के खिलाड़ियों का दैनिक भत्ता 175 रूपए से बढ़ाकर 225 रूपए प्रति छात्र किया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री स्वस्थ युवा, स्वस्थ उत्तराखंड योजना के अंतर्गत ग्रामीण स्तर पर ओपन जिम के लिए 10 करोड़ रूपए का बजट में प्राविधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नये भारत, शक्तिशाली भारत और गौरवशाली भारत का निर्माण हो रहा है। आज पूरे देश का युवा पूरी तरह से प्रधानमंत्री मोदी के साथ है। पूरे विश्व में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हर क्षेत्र की भांति खेलों में भी भारत का मान सम्मान बढ़ रहा है। दुनिया में कहीं भी खेल का मैदान हो, आज भारत का तिरंगा लहराता दिख रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए नई पहल की। खेलो इंडिया कार्यक्रम इसी सोच का एक अच्छा उदाहरण है। आज खेल प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें हर जरूरी सहयोग देना शुरू किया गया है। बेहतर ट्रेनिंग सुविधाएं खिलाड़ियों को दी जा रही हैं। भारत खेल शक्ति के तौर पर भी उभर रहा है। हमारे खिलाड़ियों के जीते सोने और चांदी के पदकों ने देश के आत्मविश्वास को भी बढ़ाया है। विश्व स्तर पर भी हमारे खिलाड़ियों को सम्मान प्राप्त हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अपेक्षा के अनुरुप वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड को प्रत्येक क्षेत्र में आदर्श राज्य बनाने के लिए हम हरसंभव प्रयास कर रहे हैं तथा इसके लिये हम संकल्पबद्ध भी है। देवभूमि उत्तराखण्ड को आदर्श राज्य बनाने के लिए पूरी निष्ठा से हमे अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा तभी सबके समेकित प्रयासों से हम अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में सफल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एम वी एजुकेशन सोसाइटी द्वारा आयोजित ऑल इण्डिया हिमालयन फुटबॉल कप टूर्नामेंट में विजेता टीम गढ़वाल हीरोज को ट्रॉफी प्रदान की।

समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मेयर सुनील उनियाल गामा, विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार एवं खेल विभाग के अधिकारी, खेल संघों के प्रतिनिधि, फुटबॉल के साथ ही अन्य खिलाड़ी उपस्थित थे।

बेटियों, बहनों और महिलाओं को लेना चाहिए कराटे का प्रशिक्षणः डा. अग्रवाल

ए.के. फाईट क्लब ऋषिकेश की ओर से कराटे बैल्ट प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। मंत्री डॉ अग्रवाल ने संस्था को दो लाख रुपए विधायक निधि से देने की घोषणा की।

नगर निगम के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डा. अग्रवाल ने कहा कि कराटे एक ऐसी विधा है, जिसकी आज नितांत आवश्यकता है। खासकर बेटियों, बहनों और महिलाओं को कराटे का प्रशिक्षण लेना चाहिए।

डा. अग्रवाल ने कहा कि कराटे के विभिन्न चरण हो सकते हैं, मगर सभी का उद्देश्य एक ही है। स्वयं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की इस कला को आज पूरा विश्व अपना रहा है। कहा कि न सिर्फ कराटे शारीरिक रूप से स्वस्थ्य बनाता है बल्कि प्रशिक्षक के भीतर रोग प्रतिरोधक क्षमता भी प्रदान करता है।

इस मौके पर ए.के. फाईट क्लब के कराटे बैल्ट प्रतियोगिता के 35 बच्चों को मंत्री डा. अग्रवाल ने येलो, ओरेंज, ब्लू, ग्रीन, परपल, ब्राउन बैल्ट देकर सम्मानित किया। मंत्री डा. अग्रवाल ने इस कला का सदुपयोग करने का आहवान किया।

इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष शम्भू पासवान, पूर्व सभासद रवि जैन, समाजसेवी रवि जिंदल, प्रदेश संयोजक नमामि गंगे कपिल गुप्ता, कार्यक्रम अध्यक्ष मंतोष पासवान, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सन्दीप शर्मा, कराटे जज रंजीत कुमार, कराटे कोच अजय कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।

दो दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का मंत्री अग्रवाल ने किया शुभारंभ

उत्तराखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से दो दिवसीय 18वीं सीनियर राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर उनकी हौसला अफजाई की।

शनिवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने टॉस उछालकर किया। इसके बाद खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर मंत्री डॉ अग्रवाल ने उनका परिचय जाना।

मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि खेल हमें जीने की कला सिखाता है। खेल हमें सिखाता है कि गिरते-उठते, पीछे छूटने के बावजूद भी आगे बढ़ते हैं और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए खिलाड़ी आपस में गले मिलकर खेल को समाप्त करते हैं।

मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि खेल जीवन के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, जोकि हमें आशा-उमंग व शक्ति का संचार करता है और जीने की कला सिखाता है। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों द्वारा बहुत अच्छा प्रदर्शन किया गया है।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि इस प्रतियोगिता के आयोजन से खेलों के विकास में बहुत बड़ा योगदान रहेगा। कहा कि हमारे यहाँ प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आज हमारा राज्य खेल के सभी क्षेत्रों में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार ख्याति व पदक प्राप्त कर रहा है।

सीएम ने द हिमालयन कप फुटबॉल टूर्नामेंट 2022 कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में एम.बी एजुकेशनल सोसायटी द्वारा आयोजित द हिमालयन कप फुटबॉल टूर्नामेंट 2022 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने फुटबॉल मैच का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हिमालयन राज्य एवं अर्धसैनिक बलों के मध्य आयोजित इस फुटबॉल प्रतियोगिता से निश्चित रूप से यहां के युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। इस प्रकार के आयोजनों से क्षेत्र में जहां एक और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलता है, वहीं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है। खेल मन में एक सकारात्मक भाव पैदा करता है। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार द्वारा नई खेल नीति बनाई गई है, जिसके अंतर्गत प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। सभी को समान रूप से खेल नीति का लाभ प्राप्त होगा। खेल नीति के अंतर्गत युवा खिलाड़ियों की खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न खेल स्टेडियमों का निर्माण भी किया जा रहा है। प्रत्येक ग्राम सभा में ओपन जिम भी खोले जाने का निर्णय लिया गया है। महिलाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाए जाने हेतु उधम सिंह नगर में महिला स्पोर्ट कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देहरादून में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाई जा रही है। राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के ध्येय वाक्य से आगे बढ़ रही है। जनपद स्तरीय अधिकारीयों की जिम्मेदारी तय की गई है की प्रत्येक स्तर पर जन समस्याओं का निराकरण हो। उन्होंने कहा सरलीकरण समाधान और निस्तारण के मंत्र पर सरकार काम कर रही है। उत्तराखण्ड को 2025 तक देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हो, इस दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है।

आयोजन समिति के अध्यक्ष व पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉलर सुभाष अरोड़ा व देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि हिमलायी राज्यों में पर्यावरण संरक्षण व फुटबॉल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार इस टूर्नामेंट की शुरूआत की जा रही है। टूर्नामेंट का आयोजन दो चरणों में होगा। नॉकआउट राउंड के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित होंगे। पहली बार किसी फुटबॉल टूर्नामेंट की लाइव स्ट्रीमिंग दूरदर्शन, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक व यूट्यूब पर दिखाने के साथ ही रेड एफएम व ओहो रेडियो पर सुनी जा सकती है।

उल्लेखनीय है कि फुटबॉल टूर्नामेंट राज्य के तीन जनपदों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमे चंपावत जिला भी शामिल है, टूर्नामेंट में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम एचएम स्पोर्टिंग क्लब, अपुयेमी एफसी नागालैंड, असम राइफल्स, गढ़वाल हीरोज, जम्मू-कश्मीर, खाड़ हिमाचल प्रदेश, गढ़वाल राइफल्स, सीआरपीएफ, कंचनजंगा एफसी, लद्दाख की टीम प्रतिभाग कर रही है। विजेता टीम को पांच लाख रुपये व ट्रॉफी, उपविजेता-तीन लाख रुपये व ट्रॉफी के साथ ही अन्य टीमों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष पिथौरागढ़ श्री राजेंद्र रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष दीप पाठक, भाजपा प्रदेश मंत्री हेमा जोशी, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, संयुक्त निदेशक खेल धर्मेंद्र भट्ट, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

हमारे खिलाड़ियों का भरोसा बन रही नई खेल नीति-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन के लिये खेल पुरस्कारों की धनराशि में बढ़ोतरी की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित कर रही है, युवाओं को आगे बढ़ाना चाहती है, हमारे युवा मनोयोग से खेले और अच्छा प्रदर्शन करें तथा देश व प्रदेश के लिये अधिक से अधिक मैडल प्राप्त करें। इस दिशा में उनकी प्रतिभाओं को निखारने का हमारा प्रयास है। उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं में प्रतिभा की कमी नही है।
राज्य में खिलाड़ियों के लिये बेहतर खेल प्रशिक्षकों की भी व्यवस्था की गई है। खिलाडियों के हित में जो भी बेहतर प्रावधान करने जरूरी होंगे वह किये जायेंगे, हम नई खेल नीति लेकर आये हैं। नई खेल नीति में भी प्रावधान किया गया है जिन बच्चों में प्रतिभा व योग्यता है वह आगे आ सके इसके लिये खेल पुरस्कारों में बढ़ोतरी के साथ ही खिलाड़ियों के हित में अनेक कल्याणकारी कदम उठाये गये हैं।

नवम्बर में आयोजित हो रही राष्ट्रीय स्तर की मास्टर्स खेल प्रतियोगिता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में मास्टर्स स्पोर्टस फाउण्डेशन के खेल पोस्टर का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के फिट इंडिया एवं खेलों इंडिया के विचार को धरातल पर उतारने के लिये 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को इससे जोड़ने के प्रयास होने चाहिए। इससे शारारिक स्वस्थता के प्रति समाज में जागरूकता का भी प्रसार होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिये निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। इस दिशा में क्रिकेटर ऋषभ पन्त को ब्रांड अम्बेसडर बनाया गया है। ऐसे प्रयास खेलों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के साथ ही मास्टर्स स्पोर्टस की गतिविधियों को बढ़ावा देकर खेलों को रोजगार और पर्यटन से भी जोड़ने में मददगार होंगे। उन्होंने मास्टर्स स्पोटर्स फाउण्डेशन सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य संस्थानों से भी इस दिशा में सहभागी बनने की अपेक्षा की।
मास्टर्स स्पोटर्स सोसाइटी के अध्यक्ष विपिन बलूनी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सोसाइटी विगत दो वर्ष से लगातार मास्टर्स लेवल पर फुटबाल, बैडमिंटन, निशानेबाजी, बालीबॉल, बास्केटबॉल, एथेलेटिक्स समेत 10 विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दे रही है। इसके तहत जिला और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं भी समय-समय पर आयोजित की जाती रही हैं। हमारी सोसाइटी द्वारा राज्यस्तरीय एथेलेटिक्स, फुटबॉल, निशानेबाजी बालीबाल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन का प्रदेशस्तरीय आयोजन कराया गया था जिसमें लगभग दो हजार खिलाडियों ने भाग लिया। इसी क्रम में फिट इंडिया मूवमेंट और खेलों को प्रोत्साहन देने की नीति के तहत सोसाइटी देहराइन में आगामी 11 से 13 नवम्बर तक राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग लेगी। जिसमें देशभर से 5 हजार खिलाड़ियों की भाग लेने की संभावना हैं।