नई दिल्ली।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक महीने से अधिक समय से कर्ज माफी और सूखा राहत पैकेज की मांग के साथ प्रदर्शन कर रहे तमिलनाडु के किसानों को आखिरकार मूत्र पीने पर मजबूर होना ही पड़ा। इन किसानों ने आज सुबह से बोतल में मूत्र एकत्रित कर रखा था और धमकी दी थी कि यदि मोदी सरकार उनकी गुहार नहीं सुनती है तो वे शनिवार को मूत्र पीने और रविवार को मल खाने को मजबूर हो जाएंगे।
बता दें कि पिछले एक महीने के दौरान किसानों ने सरकार का ध्यान अपनी बदहाली की ओर खींचने के लिए नित नए सांकेतिक तरीकों को अपनाया है। इस क्रम में उन्होंने गले में खोपड़ी की माला पहना, सड़क पर सांभर-चावल खाए, सांपों को जीभ पर रखा, चूहे खाए यहां तक कि निर्वस्त्र होकर प्रदर्शन किया और अब बोतलों में मूत्र जमा कर रखा है। आखिरकार आज इन किसानों ने मूत्र पी लिया।
एक प्रदर्शनकारी किसान ने कहा था ,’हमें तमिलनाडु में पीने को पानी नहीं मिल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी हमारी प्यास को नजरअंदाज कर रहे हैं। इसलिए हमारे पास अपना मूत्र पीने के अलावा और कोई चारा नहीं है।’ इससे पहले जंतर-मंतर पर इन किसानों के समर्थन में कई नेता और दक्षिण भारतीय अभिनेता पहुंचे हैं। राहुल गांधी के अलावा मणिशंकर अय्यर और डीएमके सांसद कनिमोझी किसानों से मिल चुकी हैं। भारतीय किसान यूनियन ने भी समर्थन की घोषणा की है।
Author: admin
लंबी दुरी की ट्रेनों में थ्री एसी की बोगियां को बढ़ायेगी सरकार
नई दिल्ली।
वातानुकूलित बोगियों में यात्रा के शौकीन लोगों की मांग को देखते हुए रेलवे लंबी दूरी की ट्रेनों में थ्री एसी की बोगियों को बढ़ाने पर विचार कर रहा है। रेलवे के आंकड़े बताते हैं कि एक अप्रैल 2016 से 10 मार्च 2017 तक थ्री एसी कोच में कुल यात्रियों के लिहाज से 17.15 प्रतिशत लोगों ने यात्रा की और इसके माध्यम से रेलवे को यात्री भाड़ा के तौर पर प्राप्त कुल आय की तुलना में 33.65 प्रतिशत आमदनी हुई।
रेलवे के अनुसार इस अवधि में थ्रीएसी बोगी से यात्रा करनेवाले लोगों की संख्या पिछले वर्ष के आंकड़े 16.69 से बढ़कर 17.15 प्रतिशत हो गया है। इस अवधि में पिछले वर्ष 32.60 प्रतिशत की आमदनी टिकटों की बिक्री से हुई थी। इसी अवधि में स्लीपर क्लाय (शयनयान श्रेणी) से 59.78 प्रतिशत लोगों ने यात्रा की और रेलवे को इन यात्रियों से कुल आमदनी के हिसाब से 44.78 प्रतिशत राजस्व प्राप्त हुआ। पिछले वर्ष स्लीपर कोच से यात्रा करनेवाले लोगों की संख्या 60 प्रतिशत थी और आमदनी 45.94 प्रतिशत।
रेलवे के एक वरीय अधिकारी ने बताया कि हाल के दिनों में लंबी दूरी की रेलगाडि़यों में थ्री एसी में यात्रा की चाहत रखनेवाले लोगों की संख्या बढ़ी है। शयनयान श्रेणी को कम पसंद किया जा रहा है। रेल अधिकारी ने बताया कि लंबी दूरी की ट्रेनों में धीरे-धीरे थ्री एसी कोचों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया गया है। कुछ दिनों पहले रेलवे ने एक नई ट्रेन हमसफर एक्सप्रेस की शुरुआत की जिसमें सिर्फ थ्री एसी बोगियां हैं और इसके परिणाम सकारात्मक हैं।
योगेन्द्र यादव के केजरीवाल को लिखे पत्र से आप की हवाईयां उड़ी
नई दिल्ली।
नगर निगम चुनाव से एक दिन पहले दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के पुराने साथी और स्वराज अभियान के सदस्य योगेंद्र यादव ने केजरीवाल को चिट्ठी लिखी है। योगेंद्र यादव ने अपनी चिट्टी में केजरीवाल को दिल्ली की गंदगी के लिए जिम्मेदार ठहराया है। यादव ने पत्र में लिखा कि केजरीवाल ने दिल्ली की जनता का विश्वास तोड़ा है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के वादों का जिक्र करते हुए लिखा है कि केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से लालच, डर और धमकी देकर वोट हासिल करने की कोशिश की है।
प्रिय अरविन्द,
दो साल पहले दिल्ली ने जो ऐतिहासिक जनादेश दिया था, वो किसी एक नेता या पार्टी का करिश्मा नहीं था। उसके पीछे हज़ारों वोलन्टीयर का त्याग और उनकी तपस्या थी। लेकिन इस करिश्मे का सबसे बड़ा कारण था दिल्ली की जनता का आत्मबल। जनलोकपाल आंदोलन ने दिल्ली के लाखों नागरिकों को यह भरोसा दिलाया कि वो बेचारे नहीं हैं। वो नेताओं, पार्टियों और सरकारों से ज्यादा ताकतवर हैं। आज मैं उस आत्मबल को डगमगाते हुए देख रहा हूँ। इसलिए पिछले दो साल में पहली बार आपसे संवाद कर रहा हूँ और आपको रामलीला मैदान में किए रिकॉल के वादे की याद दिला रहा हूँ।
पिछले महीने में मुझे दिल्ली नगर निगम (MCD) के चुनाव के दौरान दिल्ली के कोने-कोने में जाने का मौका मिला। दिल्ली में चारों तरफ कूड़े के ढेर हैं, गन्दा पानी रुका हुआ है, बदबूदार और खतरनाक हवा है। हर कोई जानता है कि इसकी पहली जिम्मेवारी पिछले दस साल से MCD पर राज कर रही बीजेपी की है। लेकिन फिर भी बीजेपी बेशर्मी से इस चुनाव में खड़ी है, वोट मांग रही है। ऐसे बहुत वोटर हैं जिन्होंने 2015 में ऐतिहासिक बदलाव के लिए वोट दिया था, लेकिन जो इस बार थक-हार के बीजेपी के पास वापिस जा रहे हैं। मैं पिछले महीने भर से सोच रहा हूँ कि इस निक्कमी और भ्रष्ट सरकार को चलाने वाली बीजेपी को MCD चुनाव में खड़े होने का मौका देने के लिए कौन जिम्मेवार है।
बहुत सोचने के बाद मैं इस निष्कर्ष पर पंहुचा हूँ कि दिल्ली की इस दुर्घटना के लिए व्यक्तिगत रूप से आप जिम्मेवार हैं। आपने दिल्ली की जनता का विशवास तोड़ा है। विश्वास सिर्फ एक नेता या पार्टी से नहीं टूटा है। जनता का खुद अपने आप से विश्वास टूटा है — आप से धोखा खाने के बाद उन्हें लगता है कि उन्हें अच्छे-बुरे की पहचान नहीं है। इसलिए टूटे मन से बहुत लोग उन्ही पुरानी पार्टियों के पास जा रहे हैं जिन्हे उन्होंने दो साल पहले ख़ारिज कर दिया था। लोकतंत्र में जनता की आशा जगाकर उसे तोड़ना बहुत बड़ा पाप है। जनता के आत्मबल को कमजोर करना सबसे बड़ा अपराध हैं। मैं यह कहने को मजबूर हूँ कि अपने अहंकार, आत्म-मोह और कुर्सी के लालच में आपने यह अपराध किया है। ये सिर्फ मैं नहीं कहता, दिल्ली के हर मोहल्ले और गली में हर कोई ये कहता है। इस चुनाव प्रचार के दौरान आपने वोटर को जिस तरह लालच, डर और धमकी दी है उसमे मुझे “विनाशकाले विपरीत बुद्धि” के लक्षण दिखाई देते हैं।
जाहिर है आप मुझसे सहमत नहीं होंगे। आपने बार-बार कहा है कि दिल्ली की जनता आपके साथ है। दिल्ली में कल होने वाले MCD के चुनाव को आपने अपनी व्यक्तिगत लोकप्रियता के रेफेरेंडम में बदल दिया है। आपकी पार्टी सिर्फ आपके नाम पर वोट मांग रही है। होर्डिंग में पार्टी का नाम तक नहीं है। आपकी पार्टी ने एक इंटरनल सर्वे भी जारी किया है कि आपकी पार्टी MCD चुनाव में 218 सीटें लेकर जीत रही है।
मेरा एक प्रस्ताव है। अगर आपको इस चुनाव में तीनों MCD में कुल मिलाकर बहुमत (यानि सिर्फ 137 सीटें) आ जाता है तो मैं यह मान लूँगा कि मेरी समझ गलत है और दिल्ली की जनता आपको धोखेबाज नहीं मानती। ऐसे में अगर केंद्र सरकार आपकी सरकार के खिलाफ कोई षड़यंत्र करती है तो हमारी पार्टी और मैं खुद आपका समर्थन करेंगे। लेकिन अगर दिल्ली में 70 में से 67 सीट जीतने के दो साल में ही आप इस रेफेरेंडम में हार जाते हैं तो नैतिकता की मांग है कि आप EVM जैसा कोई बहाना ना बनाएँ, मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दें और आपकी सरकार दिल्ली में ‘रिकॉल’ के सिद्धांत के अनुसार दुबारा जनता से विश्वास मत हासिल करे।
आशा है आपको रामलीला मैदान में कही अपनी ही बातें याद होंगी और आप इस चुनौती को स्वीकार करेंगे।
आपका पुराना साथी,
योगेंद्र यादव
तीन तलाक पीढ़िता को सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा देने की तैयारी
-योगी सरकार रानी लक्ष्मीबाई योजना सम्मान कोष के तहत आर्थिक सहारा उपलब्ध करायेगी
लखनऊ।
प्रदेश में तीन तलाक पीडि़ताओं के आश्रय की व्यवस्था करने के साथ ही साथ योगी आदित्यनाथ अब उनको आर्थिक मजबूती भी देने की तैयारी में है। तीन तलाक के मुद्दे पर गंभीर राज्य सरकार उत्पीडऩ की शिकार महिलाओं और परित्यक्ताओं को आर्थिक सुरक्षा देने की तैयारी कर रही है। इसके तहत एक वर्ष में दो लाख से कम आय वाली महिलाओं को रानी लक्ष्मीबाई योजना सम्मान कोष के तहत आर्थिक सहारा उपलब्ध कराया जाएगा। प्रदेश का परिवार एवं महिला कल्याण मंत्रालय इस आशय का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। रानी लक्ष्मीबाई योजना सम्मान कोष के जरिए एसिड अटैक और उत्पीडऩ की शिकार महिलाओं की मदद की जाती है। इस कोष में एक हजार करोड़ रुपये रखे गए हैं।
अब इसका दायरा बढ़ाते हुए तीन तलाक से प्रभावित महिलाओं को भी शामिल किए जाने की योजना है। प्रस्ताव में यह भी शामिल किया गया है कि दो लाख से कम आय वाली बेसहारा महिलाओं के पुनर्वास के साथ ही उनके बच्चों की शिक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा। कोष के जरिए ही बच्चों को स्कूल भेजने के साथ ही उनके लिए ड्रेस व किताबों की व्यवस्था भी की जाएगी। इस योजना को आगे चलकर कैबिनेट में रखा जा सकता है।
गौरतलब है कि इससे पहले राष्ट्रवादी मुस्लिम महिला संघ की अध्यक्ष फरहा फैज के नेतृत्व में मुस्लिम महिलाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने डा. रीता बहुगुणा जोशी से मुलाकात की थी और उनसे तीन तलाक की शिकार महिलाओं को आर्थिक सहारा दिए जाने की बात उठाई थी। रीता जोशी ने आश्वस्त किया था कि इस बारे में प्रस्ताव बनाया जाएगा। अपने विभागीय प्रजेंटेशन में भी उन्होंने परित्यक्ता, बेसहारा और उत्पीडऩ की शिकार महिलाओं तथा एसिड अटैक की शिकार महिलाओं के लिए योजना का सुझाव दिया था। उन्होंने कहा था कि तीन तलाक के मुद्दे पर रायशुमारी के बाद मसौदा तैयार किया जाएगा।
नरेन्द्रनगर राज दरबार से गाडू घड़ा रवाना
ऋषिकेश।
शनिवार सुबह 50 से अधिक सुहागिन महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर नरेन्द्रनगर राज दरबार पहुंचीं। यहां राज पुरोहित संपूर्णानंद जोशी ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद टिहरी की सांसद महारानी माला राज्य लक्ष्मी शाह की अगुवाई में ढोल-दमाऊ की थाप पर महिलाओं ने सिलबटे पर पीसकर तिल का तेल का पिरोया। देर शाम आठ बजे गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा राज दरबार से बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुई।
इस मौके पर महाराजा मनुजयेंद्र शाह, प्रतापगढ़ की पूर्व सांसद और महारानी की ननद राजकुमारी रत्ना सिंह, व्यवसायी चंद्रवीर पोखरियाल के साथ ही श्री बदरीनाथ डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के शरद कुमार डिमरी, बुद्धि प्रकाश डिमरी, ऋषि कुमार डिमरी, अरविंद डिमरी, ज्योतिष डिमरी, हेमचंद डिमरी आदि मौजूद रहे। तेल पिरोने वाली महिलाओं में पालिकाध्यक्ष नरेन्द्रनगर दुर्गा राणा, कृषि मंत्री सुबोध उनियाल की पत्नी सुमन उनियाल, सरिता जोशी, दिगंबरी रयाल आदि शामिल रहीं।
कब कहां पहुंचेगा गाडू घड़ा
गाडू घड़ा ऋषिकेश चेला चैतराम धर्मशाला में रात्रि विश्राम के बाद 23 अप्रैल को श्रीनगर के लिए रवाना होगा। यहां रात्रि विश्राम के बाद 24 अप्रैल को डिमर गांव पहुंचेगा। यहां एक सप्ताह तक लक्ष्मी नारायण मंदिर में रहेगा। तीन मई को यहां से जोशीमठ के लिए रवाना होगा। चार को पांडुकेश्वर और पांच मई को कपाट खुलने से बदरीनाथ धाम पहुंचेगा।
व्यासी सड़क दुर्घटना में 12 लोग घायल
-9 लोग हायर सेंटर रेफर
ऋषिकेश।
शनिवार सुबह आठ बजे व्यासी के पास देहरादून से कर्णप्रयाग जा रही मैक्स (यूके11-पीए 0577) और ट्राला (यूके07सीए 3339) की भिड़ंत हो गई। भिड़त होते ही सवारियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को सरकारी अस्पताल ऋषिकेश में भर्ती कराया। जहां नौ की हालत बिगड़ने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। टक्कर के बाद करीब दो घंटे तक हाईवे बंद रहा। एसओ मुनिकीरेती रवि कुमार ने बताया कि घायलों को सरकारी अस्पताल ऋषिकेश भर्ती कराया गया। जहां नौ की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायलों में दलवीर सिंह (55) पुत्र जबर सिंह, निवासी खलीमाणा, रुद्रप्रयाग, विजय सिंह 76 पुत्र बख्तावर सिंह निवासी कोटी, चमोली, गौरव (17) पुत्र गजेन्द्र सिंह निवासी गडग्वाड़, नोटी, चमोली, विलाल 24 पुत्र मोहम्मद आबिद, निवासी शिमला बाईपास, देहरादून, कुसुम भट्ट 34 पत्नी दिनेश निवासी गोपेश्वर, चमोली, राकेश 29 पुत्र सोहन सिंह निवासी चौरासेण, चमोली, अशोक कुमार 33 निवासी कपचोरी, चमोली, रेखा देवी 26 पत्नी मदन प्रसाद निवासी बालावाला, देहरादून, गौरव नवानी 17 पुत्र द्वारिका प्रसाद निवासी नालापानी देहरादून, कलसुम 23 पत्नी विलाल अहमद निवासी शिमला बाईपास, देहरादून, कमला देवी 55 पत्नी गोविन्द सिंह निवासी कोटी, चमोली, विशंभरी देवी 52 पत्नी शीशपाल सिंह, निवासी कृषाल, चमोली शामिल हैं।
ओवरलोड राफ्ट के साथ हेल्मेट और बिना पंजीकरण के करा रहे राफ्टिंग
ऋषिकेश।
शनिवार को गंगातट के राफ्टिंग प्वाइंटों पर उस समय हड़कंप मच गया। जब प्रशासन की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। एसडीएम नरेन्द्रनगर लक्ष्मीराज चौहान के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने गंगा में नियम विरुद्ध राफ्ट संचालन करने पर छापेमारी की। टीम के औचक निरीक्षण करने पर राफ्ट संचालकों में हड़कंप मच गया। प्रशासन की टीम को औचक निरीक्षण में भारी कमियां मिलीं। 15 राफ्टें बिना लाइसेंस पंजीकरण के गंगा में राफ्टिंग करा रही थीं। वहीं दर्जनभर राफ्टें ओवरलोड रहीं। पर्यटकों को बिना हेल्मेट पहनाए राफ्टिंग करावाने को प्रशासन ने गंभीर माना है।
वहीं, गंगा में पर्यटकों को राफ्टिंग करा रहे कई गाइड लाइसेंस ही नहीं दिखा पाए। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने गाइडों का एल्को मीटर से परीक्षण किया। टिहरी के डीएम ने पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर गंगा घाटी राफ्टिंग प्रबंधन कमेटी का गठन किया है। एसडीएम नरेन्द्रनगर कमेटी के उपाध्यक्ष है। डीएम के निर्देश पर औचक निरीक्षण कर एसडीएम ने चालान और कार्रवाई की संस्तुति की है। एसडीएम लक्ष्मीराज चौहान ने बताया कि नियम विरुद्ध संचालन करने वाले 15 लोगों का चालान किया गया।

एसडीएम ने बताया कि साहसिक पर्यटन के तहत 289 पंजीयन हैं, जिनमें से 35 लोगों का निरीक्षण किया गया। 15 नियम विरुद्ध राफ्ट का संचालन करते मिले। उन्होंने नाराजगी जताई कि बिना लाइसेन्स के राफ्टों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ओवरलोड और बिना हेल्मेट के पर्यटकों की जान जोखिम में न डाली जाए। बताया कि 15 राफ्ट संचालकों के नियम विरुद्ध संचालन करने पर पर्यटन विभाग को कार्रवाई की संस्तुति की जा रही है। मौके पर सहायक परिवहन अधिकारी ज्योति शंकर मिश्रा, जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा, थानाध्यक्ष रवि कुमार सैनी आदि टीम के सदस्य मौजूद रहे।
बच्चों ने प्रकृति बचाने को बढ़ाये हाथ
ऋषिकेश।
आईडीपीएल में केंद्रीय विद्यालय और परमार्थ निकेतन आश्रम ने वर्ल्ड अर्थ डे पर फलदार पौधों का रोपण किया। प्रधानाचार्य रचना देव ने कहा कि पृथ्वी की सुरक्षा के लिए वाटर, सेनिटेशन और हाईजीन के छोटे-छोटे कदमों से वातावरण स्वस्थ रखा जा सकता है। आश्रम प्रतिनिधि नंदिनी त्रिपाठी ने बच्चों को खुले में शौच से मुक्ति और स्वच्छ भारत की शुरुआत करने का संकल्प कराया। कार्यक्रम में साध्वी आदित्यनंदा सरस्वती, तारा, नंदू बेन, लौरी, सुजी, सुनील सिंघल, श्रुति पंत, सैमुअल, रामचंद्र, विशाल भट्ट, पूजा नेगी आदि मौजूद थे।
स्पर्श गंगा बोर्ड एवं राष्ट्रीय सेवा योजना ने स्वयंसेवियों के साथ शहर में जनजागरण रैली निकाली। त्रिवेणीघाट पर साफ-सफाई की गई। पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय धरोहर गंगा को पवित्र रखना हम सभी का कर्तव्य है। रैली में राइंका आईडीपीएल, राबाइंका ऋषिकेश, हरिश्चंद गुप्ता इंटर कालेज, एसबीएम इंटर कालेज के स्वयंसेवी शामिल हुए। इस मौके पर चंद्रवीर सिंह पोखरियाल, डा. राजे सिंह नेगी, धीरेंद्र रांगड़, संजय कोहली, राजकुमार अग्रवाल, अमित कुमार, धीरेंद्र जोशी, राहुल शर्मा, जेएस भटनागर, विजयपाल सिंह, वीरेंद्र नेगी आदि मौजूद थे।
वहीं नीर फाउंडेशन द्वारा जीएमवीएन के भरत भूमि गेस्ट हाउस में विचार गोष्ठी आयोजित की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रकृति का अनियोजित दोहन और प्रदूषण फैलाने वालें साधनों के उपयोग से धरती को नुकसान हो रहा है। उसे पुराना स्वरूप देने के लिए हमें फल, फूल, चारापत्ती और इमारती पौधों का रोपण करना चाहिए। बताया कि पेड़ पंचायत, सारथी सामाजिक संस्था, अनुग्रह रिहैबिलिटेशन ट्रस्ट और नीर फाउंडेशन जून में एक लाख पौध रोपने की शुरुआत करेगा। गोष्ठी में डॉ. विश्वनाथ मिश्रा पेड़ बाबा, देव सिंह नेगी, रवि शास्त्री, अनुराग जोशी, रामस्वरूप नौटियाल, राकेश शर्मा, राधेश्याम, रमाकांत भारद्वाज, मनोज मलासी आदि मौजूद थे।
रेडियोथेरेपी की नई तकनीक पर मंथन
ऋषिकेश।
शनिवार को सीआरआई सभागार में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का मुख्य अतिथि डॉ. एसएन सेनापति और सीआरआई के निदेशक डॉ. सुनील सैनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। कार्यशाला में एम्स दिल्ली, टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल मुम्बई, पीजीआई चंडीगढ़ और सीएमसी वेल्लौर से आए रेडियोथेरेपी के 90 छात्रों ने भाग लिया। मुख्य वक्ता डॉ. राकेश कपूर, डॉ. विनीता गोयल, डॉ. डीएन शर्मा व डॉ. एम अशरफ ने छात्रों को रेडियोथेरेपी की नई तकनीकी की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि रेडियोथेरेपी की नई तकनीक इंटेसिव मॉडयूलेटेड रेडियोथेरेपी (आईएमआरटी) डोज द्वारा कैंसर फैलने की गति को धीमा किया जा सकता है।
इंडियन कॉलेज ऑफ रेडिएशन ऑकोलॉजिस्ट के चेयरमैन डॉ. एसएन सेनापति ने किडनी, गॉल ब्लैडर व प्रोस्टेट टैस्टिस कैंसर के इलाज की आधुनिक तकनीक को साझा किया। सीआरआई निदेशक डॉ. सुनील सैनी ने कहा कि कैंसर एक तेजी से फैलने वाली बीमारी के रूप में सामने आ रही है। जिसका मुख्य कारण अनियमित दिनचर्या और खान-पान है। ध्रूमपान, तम्बाकू सेवन और शराब को इसका मुख्य कारण बताया।
समारोह का संचालन कर रही डॉ. मीनू गुप्ता ने बताया कि कैंसर से बचाव के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच जरूरी है। उन्होंने सलाह दी कि पुरुषों को 50 की उम्र के बाद प्रोस्टेट कैंसर के लिए स्पैरिपिक एंटीजन टेस्ट कराना चाहिए। महिलाओं को भी रूटीन हेल्थ चेकअप कराने की सलाह दी। मौके पर डॉ. वाइएस बिष्ट, डॉ. विजेंद्र चैहान, डॉ. मुस्ताख अहमद, डॉ. मीनू गुप्ता, डॉ. विपुल नौटियाल, डॉ. राकेश कपूर व डॉ. मनीष पांडे आदि उपस्थित रहे।
मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के तरीके बताएं
ऋषिकेश।
शनिवार को शरीर क्रिया विज्ञान एम्स की विभागाध्यक्ष डॉ. लतिका मोहन ने छात्रों को मस्तिष्क और संबधित बीमारियों पर व्याख्यान दिया। डॉ. विक्रम रावत ने डिप्रेशन और ऐन्जाइटी पर छात्रों को जानकारी दी। डॉ. प्रभा बिष्ट ने मस्तिष्क के विकास में न्यूट्रेशन की भूमिका पर प्रकाश डाला। डॉ. सविता तिवारी ने मिथक की भूमिका हमारे मनोविज्ञान पर शीर्षक से अपना व्याख्यान दिया। डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि ब्रैन अव्यरनेश कार्यक्रम का उद्देश्य मस्तिष्क से संबधित बीमारियों की जानकारी व बचाव के बारे में जानकारी देना है।
कार्यक्रम में डॉ. योगेश सिंह, डॉ. अरुण गोयल, डॉ. राजेश कोठारेटीया, डॉ. सुनीता मित्तल, डॉ. पंकज बहुगुणा ने भी व्याख्यान प्रस्तुत किये। प्राचार्य डॉ. डीसी नैनवाल ने कार्यक्रम को छात्रों के लिए उपयोगी बताया। कहाकि वर्तमान दौर शोध व अविष्कार का है। छात्रों को नए शोधों की जानकारी देने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना आवश्यक है। मौके पर कार्यक्रम संयोजक डॉ. केएस नेगी, डॉ. देवमणि त्रिपाठी, डॉ. अखिलेश कुकरेती, डॉ. ऋतु कश्यप, डॉ. अनिता रावत, स्मीता बसेरा आदि उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के परिणाम घोषित
ऋषिकेश। मस्तिष्क जागरुकता कार्यक्रम में शहर के विभिन्न स्कूलों ने भाग लिया। छात्रों के लिए कार्यक्रम में क्विज व पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। कार्यक्रम सम्पंन होने के बाद प्रतियोगिताओं के आयोजकों ने परिणाम घोषित कर दिये। क्विज में मॉडर्न स्कूल के अभिषेक व्यास, मीमांशा गौड़, अंशिका अरोड, दीक्षा चौहान पहले, ओमकारानंद स्कूल के लककी राठौर, मनीष डबराल, सम्भवी सकलानी, आशीष रावत दूसरे व ऋषिकेश पब्लिक स्कूल के सलोनी गोदियाल, कनिका नौटियाल, सृष्टि यादव, सर्वयाघव शर्मा तीसरे स्थान में रहे। पोस्टर प्रतियोगिता (इंटमीडिएट) में मन्नत भारद्वाज पहले, रोहित देवरानी दूसरे, मीमांशा गौड तीसरे स्थान में रही। जबकि पोस्टर प्रतियोगिता (स्नातक) में नरेश व हर्षिता नैथानी संयुक्त रुप से पहले, आशीष दूसरे व पूजा नेगी, स्वाति रावत संयुक्त रुप से तीसरे स्थान में रहे।
