ऋषिकेश।
मंगलवार को अभिभावक संघ की बैठक में प्राचार्य डॉ. जीएस रजवार ने नरेन्द्रनगर महाविद्यालय की गतिविधियों से अभिभावकों को अवगत कराया। बताया कि महाविद्यालय प्रशासन मौजूदा विषयों के अतिरिक्त अन्य विषय लाने का प्रयास कर रहा है। शिक्षक अभिभावक कमेटी की संयोजिका डॉ. ईरा सिंह ने बताया कि 400 से ज्यादा छात्र महाविद्यालय से पंजीकृत हैं। महाविद्यालय छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विशेष कार्य योजना पर काम कर रहा है।
डॉ. संजय मेहर ने बताया कि उत्तराखण्ड में राजकीय महाविद्यालय नरेन्द्रनगर ऐसा महाविद्यालय है जहां पर्यटन और पत्रकारिता विषय उपलब्ध हैं। सृचना सचदेवा ने पत्रकारिता में रोजगार के अवसरों की बात रखी। बताया कि कॉलेज की पत्रिका में छात्रों की प्रविष्टियां उनकी सृजनात्मक सोच को प्रदर्शित करेगी। बैठक में अभिभावक संघ का गठन किया गया। सर्वसम्मति से सुरेन्द्र सिंह पुंडीर को अध्यक्ष व जुगल किशोर बहुगुणा को उपाध्यक्ष चुना गया।
बैठक में अभिभावकों ने कॉलेज में यूनिफॉर्म की अनिवार्यता को स्वीकृति दी। अभिभावकों ने टूरिस्ट गाइड के लिए सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। सभी अभिभावकों ने मीटिंग की सराहना करते हुए बैठक को छह माह में आयोजित किए जाने का प्रस्ताव दिया। छात्रों की हाजिरी पत्राचार से अभिभावकों को उपलब्ध कराने की मांग भी की। महाविद्यालय में वाटर फिल्टर खरीदने का प्रस्ताव भी मीटिंग में पारित किया गया।
Author: admin
राष्ट्रीय नेशनल नेटवॉल को 43 खिलाड़ियों का चयन
ऋषिकेश।
राष्ट्रीय नेशनल नेटवॉल बालक-बालिका प्रतियोगिता जूनियर बालक वर्ग में माधव चावला, हार्दिक, प्रिंयाश,अनिरुद्ध, कैशव गुप्ता,अनुराग, सूरज, अखिलेश, श्रवण कुमार कप्तान, कार्तिक, दीपक भंडारी, मोहित जोशी,बालिका वर्ग में लक्ष्मी भंडारी,मान्या, रश्मिी राणा,मानवी राणा, हर्षिता चौहान, रीतू पुण्डीर, ज्योति कलूड़ा, गुंजन, मानसी, शीतल, अर्चना, प्रीति का चयन किया गया है। जबकि सब जूनियर बालक वर्ग में सिद्धार्थ कप्तान, कुमार गौरव, संदीप, रोहित, मोहित, आशुतोष, कुनाल, शिवम,अर्चित,राज रोतेला, उदय चौधरी, आयुष, बालिका वर्ग में महक कप्तान, इसिका, सुमिता, सावित्री, सिमरन,अन्नया, शिवानी का चयन किया गया है। उत्तराखंड नेटवॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश चन्द्र ने बताया कि बुधवार को टीम दिल्ली के लिए रवाना होगी। 23 से 26 मार्च तक जनकपुरी में प्रतियोगिता होगी।
ऊर्जा निगम ने आठ और जल संस्थान ने चार कनेक्शन काटे
ऋषिकेश।
सरकारी विभागों का बकाया नहीं देने वाले उपभोक्ताओं ने कार्रवाई के डर से बकाया देना शुरू कर दिया है। मंगलवार को बकाएदारों पर कार्रवाई और तेज करते हुए ऊर्जा विभाग ने आठ और जल संस्थान ने चार कनेक्शन काटे। विभागों ने करीब तेरह लाख रुपये की वसूली भी की।
मंगलवार को जल संस्थान की टीम ने बकाया राशि नहीं देने पर चार कनेक्शन काट डाले। आशुतोष नगर, अद्वैतानंद मार्ग और मनीराम मार्ग के उपभोक्ताओं पर विभाग ने कार्रवाई की। जलकल अभियंता अरुण विक्रम सिंह रावत ने बताया कि मंगलवार को विभाग ने सात लाख 13 हजार रुपये की वसूली की। टीम ने तीन क्षेत्रों के चार कनेक्शन भी काटे। वहीं, ऊर्जा निगम ने भी कैंप लगाकर बिल की त्रुटि सही की और बकाएदारों से वसूली भी की।
एसडीओ राजीव कुमार ने बताया कि विस्थापित क्षेत्र, मायाकुंड व आवास विकास में बकाया राशि का भुगतान नहीं करने पर चार कनेक्शन काटे गए। वहीं, दो लाख 60 हजार रुपये की वसूली हुई। एसडीओ महेन्द्र सिंह ने बताया कि श्यामपुर और हरिपुरकलां में कैंप लगाकर एक लाख 56 हजार रुपये की वसूली की। वहीं लक्कड़घाट और श्यामपुर में चार कनेक्शन काटे गए। जेई अरविन्द नेगी ने बताया कि अग्रवाला धर्मशाला में कैंप लगाकर तीन लाख दो हजार रुपये की वसूली की गई।
विश्व वानिकी दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
ऋषिकेश।
स्वामी चिदानंद मुनि ने कहा कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तभी पृथ्वी पर जीवन सुरक्षित रहेगा। उन्होंने विदेशी मेहमानों को पर्यावरण सरंक्षण का महत्व बताया और उनके साथ नीलकंठ पैदल मार्ग पर अभियान चलाकर क्षेत्र से कूड़ा करकट एकत्र किया। विदेशी नागरिकों को स्वामी चिदानंद मुनि ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया। उत्तराखंड के परिपेक्ष्य में बताया कि राज्य का 60 प्रतिशत भूभाग वन आच्छादित है। राज्य देश में प्राणवायु देने में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने हरित शवदाह की वकालत की। कहा कि गोबर और कंडे से शवदाह किया जाना चाहिए जिससे वनों की अंधाधुंध कटान पर रोक लगाई जा सके।
सफाई अभियान के इस कार्यक्रम में साध्वी भगवती ने भी अपने विचार रखे। बोलीं, वृक्ष प्राणवायु का स्रोत है। शु़द्ध वायु है तो भावी पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित है। हमें आने वाली पीढ़ियों को बेहतर और स्वस्थ जीवन देने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करना चाहिए। मौके पर अमेरिका की लौरा प्लम्ब, लौरी, एलिस, जीना, हवाईद्वीप की आनन्द्रा जार्ज, चीली की सुजी, कनाडा की तारा, लंदन से विनोद, नन्दिनी त्रिपाठी, स्वामिनी आदित्यनन्दा, संदीप, दिलीप, दीपक, डॉ. एमएम स्वामी व परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमार उपस्थित थे।
रावत सरकार के मंत्री भी करेंगे अपनी सपंति सार्वजनिक
रेनुका जोशी पाण्डेय।
उत्तराखंड के चीफ मिनिस्टर त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उनकी सरकार सभी मंत्रियों के लिए उनकी संपत्ति को सार्वजनिक करना अनिवार्य बनाएगी। बता दें कि इससे ठीक एक दिन पहले शपथ लेने के बाद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी मंत्रियों को 15 दिन के अंदर संपत्ति का ब्योरा देने का निर्देश दिया था।
रावत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘बीजेपी सरकार में सभी मंत्रियों और विधायकों को हर साल अपनी संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक करना होता है। मैं यह अपने राज्य में भी लागू करूंगा।’ रावत ने इस दौरान कहा कि उत्तराखंड की मौजूदा सरकार वित्तीय घाटा झेल रही है और इसलिए राज्य में आय के नए स्रोतों की तलाश की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘उत्तराखंड फिलहाल वित्तीय हानि और कर्ज से जूझ रहा है। हम गैरवाजिब व्यय की जांच करेंगे और साथ ही राज्य के विकास के लिए आय के नए स्रोतों पर चर्चा करेंगे।’
रावत ने कहा कि उनकी सरकार ‘गोवंश संरक्षण’ के मुद्दे पर भी प्रभावी तरीके से काम करेगी। उन्होंने कहा, ‘गोवंश संरक्षण कानून हमारी सरकार लेकर आई थी, इसे प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा और इस पर काम किया जाएगा।’
आपत्ति जता रहे लोग पिछले चुनावों में अपनी भूमिका देखें
आरोप-विधायक समर्थक बताएं कि त्रिवेंद्र रावत के सीएम बनने पर कितनी खुशी हुई
गजेन्द्र नेगी।
क्षेत्र की बेहतरी के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री और मंत्रियां से एक बार नहीं बार-बार मिलेंगे। उनका स्वागत भी करेंगे। ये कहना ऋषिकेश से निर्दलीय प्रत्याशी रहे संदीप गुप्ता, उनके समर्थक जयदत्त शर्मा और ज्योति सजवाण का। प्रेमचंद अग्रवाल को प्रत्याशी बनाए जाने का विरोध कर पार्टी छोड़ने वाले तमाम नेताओं ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत और मंत्रियों से मिलने पर उठे सवालों का जवाब दिया।
प्रेस क्लब में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा के कुछ मंडल स्तरीय पदाधिकारियों का उनके सीएम और मंत्रियों से मिलने पर जताई गई आपत्ति गैरवाजिब है। दो टूक कहा कि उन्होंने प्रेमचंद अग्रवाल को प्रत्याशी बनाए जाने का विरोध किया था। भाजपा का नहीं। इसकी वजह क्षेत्र का विकास था, जो कि 10 सालों से ठप पड़ गया था।
आरोप लगाया कि जो लोग उनके सीएम और मंत्रियों से मिलने पर आपत्ति व्यक्त कर रहे हैं वो बताएं कि 2008 के निकाय और 2009 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में विधायक की क्या भूमिका थी। विधायक बताएं कि आखिर निकाय चुनाव में पार्टी को हार का सामना क्यों करना पड़ता है। आरोप लगाया कि विधायक समर्थक दिल पर हाथ रखकर बताएं कि उन्हें डोईवाला के विधायक त्रिवेंद्र रावत के सीएम बनने पर कितनी खुशी हुई। ऋषिकेश में रावत की ताजपोशी होने पर उन्होंने हर्ष व्यक्त किया तो विधायक को परेशानी हो गई।
अब वो कुछ पदाधिकारियों से अनर्गल बयानबाजी करा रहे हैं। मौके पर गंभीर सिंह राणा, बलवीर सिंह चौहान, मनोज जखमोला, श्रवण जैन, प्रदीप द्विवेदी, रविंद्र पंवार, योगेश, अविनाश सिमल्टी, पदम शर्मा, राजेश राइटर, सतवीर तोमर, प्रेम सिंह बिष्ट, सतीश दुबे, सुजीत यादव आदि मौजूद थे।
समय से ऑनलाइन लेखा दाखिल करें विधानसभा के उम्मीदवार
भारतेन्दु शंकर पाण्डेय।
प्रमुख सचिव एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी राधा रतूड़ी ने बताया है कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2017 में निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा समय समय पर जारी दिशा निर्देशों के अनुसार निर्वाचन परिणाम की घोषणा की तिथि से 30 दिन के अन्दर, निर्धारित प्रारूपों पर आफलाइन के साथ साथ निर्वाचन व्यय लेखा संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में आनलाइन भी दाखिल किया जाना आवश्यक है। रतूड़ी ने बताया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2017 में निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों के निर्वाचन व्यय लेखे के आनलाइन दाखिल प्रक्रिया के सहायतार्थ लेखा परीक्षा विभाग, उत्तराखण्ड के अधिकारियों, कार्मिकों आदि को नामित किया गया है।
रतूड़ी ने बताया कि नामित अधिकारी व कार्मिक प्रथम चरण में निर्वाचन व्यय लेखो की आनलाइन प्रक्रिया की प्रारम्भिक तैयारी हेतु निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों के सहायतार्थ 23 से 25 मार्च, 2017 तक संबंधित जिला निर्वाचन कार्यालय में उपस्थित रहकर आयोग के निर्देशानुसार कार्य संपादित करेंगे। बताया कि इसी प्रकार द्वितीय चरण में निर्वाचन व्यय लेखो के अंतिम रूप से आनलाइन दाखिल प्रक्रिया के रूप में नामित समस्त अधिकारी, कार्मिक संबंधित जिला निर्वाचन कार्यालय में 5 से 11 अप्रैल, 2017 तक उपस्थित रहकर निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत निर्वाचन व्यय लेखे का आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार अंतिम रूप से आनलाइन दाखिल प्रक्रिया का संपादन सुनिश्चित करेंगे। रतूड़ी ने समस्त राजनैतिक दलों एवं निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे आयोग के दिशा निर्देशानुसार अपना निर्वाचन व्यय लेखा ससमय दाखिल करें।
ड्रग्स और भू माफिया पर शिकंजा कसने की तैयारी में रावत सरकार
दयाशंकर पाण्डेय
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विधानसभा स्थित सीएम कार्यालय में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य में कानून व्यवस्था की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने फील्ड पुलिसिंग को और अधिक सक्रिय करने के निर्देश दिए। ड्रग्स माफिया व भू माफिया पर शिकंजा कसे जाने की आवश्यकता पर बल दिया। ड्रग्स की गतिविधियों में शामिल तत्वों को पहचानकर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसके लिए अगर कानून में सुधार किए जाने की जरूरत हो तो इसका प्रस्ताव तैयार किया जाए। मुखबिर तंत्र को मजबूत किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रग्स माफिया की जानकारी देने वाले लोगों को प्रोत्साहित किया जाए। जन जागरूकता के लिए सामाजिक अभियान चलाए जाएं। अभिभावकों व स्कूलों को नशा विरोधी अभियान में शामिल किया जाए। मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश को जमीन संबंधी धोखाधड़ी के मामलों पर नियंत्रण के लिए अधिकारियों की समिति बनाकर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। कतिपय क्षेत्रों में माओवादी गतिविधियों की जानकारी दिए जाने पर मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि अभी राज्य में माओवादी गतिविधियां बहुत ही सीमित हैं, फिर भी इन पर लगातार नजर रखते हुए पूरी तरह से रोका जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। शिथिल अधिकारियों को चिन्हित किया जाए। पुलिस विभाग को सुधार हेतु आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने डीजीपी को निर्देशित किया कि जितने पुलिस थाने खोले जाने की आवश्यकता हो, प्रस्ताव बनाएं। पुलिस थानो के रखरखाव, पुलिसकर्मियों के आवासीय भवनों, वाहनों, सामग्री आपूर्ति के लिए भी प्रस्ताव बनाया जाए। बैठक में अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश, डीजीपी एम.ए गणपति, डीजी अनिल रतूड़ी, एडीजी राम सिंह मीणा, अशोक कुमार सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
एटीएम के बाहर मदद के बहाने बदल देते है एटीएम
ऋषिकश।
कोतवाल सुरेन्द्र सामंत ने बताया कि 28 जुलाई को छिद्दरवाला निवासी सोनिया मल्ल पत्नी पंकज मल्ल ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। महिला ने बताया कि 9 जून को जब वह आईडीपीएल स्थित एटीएम में गई। एटीएम मशीन से रूपये न निकलने पर पहले से खड़े व्यक्तियों ने मदद के बाद मेरा पासवर्ड देखकर एटीएम बदल विभिन्न स्थानों से मेरे खाते से एक लाख पांच हजार रूपये निकाल लिये। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दिये। जिसके आधार पर युवक पकड़ में आया।
सीसी टीवी फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्तियों के फोटो प्राप्त हुये, जिनके आधार पर अभियुक्तों की तलाश आरम्भ की गयी। शनिवार को एक आरोपी राजेश उर्फ बिल्लू पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम लोहारी,राधो, जिला हिसार, हरियाणा को उसके वर्तमान पते जगदीश कॉलोनी,थाना हांसी,जिला हिसार से गिरफ्तार किया गया। कोतवाल ने बताया कि इससे पहले 30 जनवरी 2017 को घटना से सम्बन्धित राजेश के एक अन्य साथी राकेश उर्फ चीना पुत्र रामदिया निवासी गांव धर्मखेड़ी थाना व तहसील नारनोद जिला हिसार हरियाणा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका हैं। दोनों अपने एक अन्य साथी के साथ कुछ समय पूर्व थाना प्रेमनगर से इसी प्रकार की कई घटनाओं में भी जेल जा चुके हैं। इसके विरूद्ध थाना प्रेमनगर, पटेलनगर, ऋषिकेश व अन्य स्थानों पर एटीएम बदलकर चोरी करने के कई अभियोग पंजीकृत हैं।
अपराध करने का तरीका
यह लोग दो से चार लोगों का गु्रप बनाकर उत्तराखण्ड, बिहार, राजस्थान, दिल्ली आदि अन्य राज्यों में धोखाधड़ी से एटीएम कार्ड बदलकर रूपये निकालने की घटनायें करते हैं। यह लोग एटीएम मशीन के बाहर खड़े होकर किसी ऐसे व्यक्ति का इन्तजार करते हैं। जिसे एटीएम ठीक से चलाना नही आता हो। यह लोग मदद करने के बहाने से उसका पासवर्ड देखकर बहुत ही तेजी से उसका एटीएम कार्ड बदल देते हैं। एटीएम बदलते ही पास के एटीएम में जाकर उसके खाते से रूपये निकाल लेते हैं।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता: रेखा आर्य
ऋषिकेश।
रविवार को ऋषिनगरी पहुंचने पर भाजपा महिला मोर्चा परवादून की ओर से राज्य मंत्री रेखा आर्य का स्वागत किया गया। देहरादून रोड में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अनिता ममगाईं के नेतृत्व में रेखा आर्य का फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में राज्य मंत्री रेखा आर्य ने कार्यकर्ताओं का आभार जताया। कहाकि महिलाओं के विकास के लिए कार्य करेगी।
उत्तराखंड के सुदुरवर्ती इलाकों में महिलाओं की आर्थिक हालत ठीक नही है। ऐसे में उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करना है। महिलाओं की आवाज बनना उनकी प्राथमिकता रहेगी। मौके पर मंडल अध्यक्ष अनिता तिवाड़ी, उषा रावत, कमला गुनसोला, कमलेश जैन, सरला अग्रवाल, रजनी बिष्ट, ज्योति नेगी, गुड्डी कलूड़ा, सुशीला बिष्ट, स्नेहलता शर्मा, कविता शाह, मूंगा देवी आदि मौजूद थे।
