गंगा स्वच्छता को जन अदालत की मांग ने पकड़ा जोर

ऋषिकेश।
नगर पालिका ऋषिकेश के सभागार में गंगा स्वच्छता पखवाड़े को लेकर बैठक आयोजित की गई। जिसमें नमामि गंगे योजना के तहत किये जाने वाले कार्यों की जानकारी दी गई। सीडीओ देहरादून हरबीर सिंह ने बताया कि गंगा स्वच्छता पखवाड़ा देशभर में मनाया जा रहा है। ऋषिकेश में 23 मार्च को त्रिवेणीघाट पर गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। इस दौरान सफाई अभियान भी चलाया जाएगा। कहा कि गंगा स्वच्छता पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य धार्मिक आस्था की प्रतीक गंगा को स्वच्छ और निर्मल करना है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, तट विकास, घाटों की सफाई के प्रति जागरूक कर अभियान को सफल बनाना है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के महामंत्री जयदत्त शर्मा ने नमामि गंगे योजना का दफ्तर राजधानी में होने पर नाराजगी जताई। कहा कि योजना का ऑफिस गंगातट पर होना चाहिए। उन्होंने गंगा स्वच्छता को ऋषिकेश में ही जन अदालत लगाने का सुझाव दिया। उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने गंगा में गिर रहे सीवर पर चिंता जताई। कहा कि शिकायत के बावजूद नगर पालिका के सीवर का गंदा पानी गंगा में मिल रहा है। इस लिये अधिकारियों को धरातल पर कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर व्यापारी नेता श्रवण जैन, कपिल गुप्ता, पंकज गुप्ता, संजय व्यास, तहसीलदार रेखा आर्य, पालिका के सहायक अभियंता आनंद मिश्रवाण सहित अन्य उपस्थित थे।

व्यापारियों ने किया विरोध
नगर के व्यापारियों ने बैठक में अधिकारियों के लेट आने पर नाराजगी जताई। बैठक का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया था, लेकिन सीडीओ 12 बजे तक भी बैठक में नहीं पहुंचे। जिस पर व्यापारियों ने लौटना शुरू कर दिया। इस बीच मौके पर मौजूद अधिकारियों ने किसी तरह व्यापारियों को समझाकर रोका। करीब साढ़े बारह बजे सीडीओ बैठक में पहुंचे।

उड़ान स्कूल में मनाया विश्व जल दिवस

ऋषिकेश।
बुधवार को मायाकुंड स्थित उड़ान स्कूल में विश्व जल दिवस मनाया गया। स्कूली छात्रों ने पोस्टर स्लोगन से जल संरक्षण की अपील की। स्कूल निदेशक डॉ. राजे नेगी ने छात्रों को विश्व जल दिवस पर पानी बचाने का संकल्प भी दिलाया। बताया कि एक आंकड़े के अनुसार विश्व में 1.5 अरब लोगों को पीने का साफ पानी नहीं मिल पा रहा है। प्राकृतिक संसाधनों को दूषित न होने देने और पानी को व्यर्थ न गंवाए को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
जल ही जीवन है और पानी हमारी अमूल्य धरोहर है, इसे व्यर्थ में बरबाद नहीं करना है। पानी के स्रोतों को बचाने और सरंक्षित करने पर जोर दिया। स्कूली छात्रों ने हमारी भाषा में पानी पर आधारित कई मुहावरे और लोकोक्तियां को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में यशपाल अग्रवाल, राजा ढिंगरा, उत्तम असवाल, नरेश अग्रवाल, रमेश लिंगवाल, पूजा नेगी, दिव्या सक्सेना, निधि शर्मा, प्रिया क्षेत्री, रश्मि नौटियाल, अंकित नैथानी, आशुतोष कुड़ियाल आदि उपस्थित थे।

कैबिनेट विस्तार पर मोदी से चर्चा

अरुण शर्मा।
नई दिल्ली स्थित संसद भवन में बुधवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को अपनी सरकार की प्राथमिकताओं के बारे में अवगत कराया। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री रावत को आश्वस्त किया कि केन्द्र सरकार द्वारा उत्तराखण्ड राज्य को पूरा सहयोग दिया जायेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने एवं कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने की बात कही। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस की नीति अपनाए। सीमावर्ती सडको पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों की मानें तो कैबिनेट विस्तार पर भी चर्चा हुई है।

पीके की होगी जांच

देहरादून।
बात पीके की। पीके यानि प्रशान्त किशोर को लेकर जंहा अब काग्रेसी सवाल उठा रहे है और उनकी तलाश मे उत्तर प्रदेश मे पोस्टर चिपकाये जा रहे है वही अब पीके को लेकर बीजेपी नेताओ का कहना है कि पीके की जांच करायी जायेगी कि उन्होने जो पैसा चुनाव मे खर्च किया है वो कहा से आया है। बीजेपी विधायक और पुर्व कैबिनेट मंत्री खजान दास की माने तो पीके के पास जो पैसा आया और कहा कहा खर्च किया इसकी बीजेपी जल्द ही जांच कराने वाली है।

गंगोत्री का मिथक बरकार, सरकार में गंगोत्री से मंत्री नही बनाये जाने पर मायूसी

देहादून।
गंगोत्री विधान सभा सीट से भाजपा प्रत्याशी की जीत होने पर सरकार बनाने के मिथक के अनुसार भाजपा को मिले प्रंचड बहुमत पर प्रदेश में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में भाजपा सरकार सत्तासीन हो गई है, लेकिन गंगोत्री विधान सभा से सरकार बनाने के मिथक के बाद भी राज्य में चैथी बार निर्वाचित हुई भाजपा सरकार में क्षेत्र में कोई प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। जिससे उत्तरकाशी की जनता को इस बार भी मायूसी हाथ लगी है। भाजपा ने इस बार के चुनाव में प्रंचड बहुमत हासिल किया है और गंगोत्री सीट पर भी भाजपा प्रत्याशी गोपाल रावत ने 25 हजार 683 मत प्राप्त कर अपने निकट प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी को 9हजार 610 वोटो से हराया है, ऐसे में भाजपा को 2002 से अब तक मिले वोटों का रिकार्ड भी टूटा है।
पार्टी से बागी प्रत्याशी के चुनाव मैदान में होने पर भी भाजपा को रिकार्ड से विजय मिलना विधायक गोपाल रावत की जनता के बीच लोकप्रियता बढना भी है। कांग्रेस ने राज्य में दो बार शासन करने के बाद भी इस क्षेत्र को कोई प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। भाजपा ने हालांकि 2007 में शासन करने पर इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया लेकिन इस बार जिस तरह से भाजपा का मुख्य एजेंडा गंगा की स्वच्छता को लेकर है, उससे लग रहा था कि गंगा का मायका गंगोत्री होने पर संभवता इस बार क्षेत्र को प्रतिनिधित्व मिलेगा। लेकिन त्रिवेन्द्र सिंह रावत की कैबिनेट में शामिल होने के लिये एक बार जहां गोपाल सिंह रावत का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा था ,वहीं शपथ ग्रहण के आते ही गायब हो गया । इससे क्षेत्र की जनता काफी मायूस है। गंगोत्री विधान सभा क्षेत्र के विधायक गोपाल सिंह रावत को मंत्री मण्डल में शामिल न किये जाने पर यहां की जनता ने सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत से मांग की है कि गोपाल रावत को मंत्री मण्डल में शामिल किया जाए।

राम मंदिर बनाने को संत समाज सक्रिय

हरिद्वार।
यूपी में भाजपा के बहुमत हासिल करने के बाद अब संत समाज और अखाड़ा परिषद को राम मंदिर बनने की उम्मीद जगी है। वहीं कोर्ट द्वारा मामले को आपसी रज़ामंदी से सुलझाने पर भी संत समाज विचार करने के मूड में है। इसी को लेकर आज संतों ने हरिद्वार में एक अहम बैठक आयोजित की।
अखाड़ा परिषद् के प्रवक्ता मोहन दास बाबा ने राम मंदिर को लेकर बड़ा बयान दिया है उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण हिन्दुओ की आस्था से जुड़ा हुआ मामला है बीजेपी अगर पूर्ण बहुमत में भी राम मंदिर का निर्माण नहीं कर पाती तो साधु संतो का बीजेपी से विश्वास समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अखाडा परिषद् जल्द राम मंदिर मसले पर बैठक करेगा उन्होंने कहा कि मुस्लिम धर्मगुरु से भी इस सम्बन्ध में बैठक कर विचार विमर्श करेगा
स्वामी हरिचेतनानंद ने कोर्ट का स्वागत करते हुए कहा कि मुस्लिम समुदाय भी जानता है कि वहां रामलला का मंदिर है और पूजा होती है इसलिए उन्हें आगे बढ़कर इस कार्य को संपन्न कराने में मदद करनी चाहिए। संत महेश्वर दास का कहना है कि ये भगवन राम की जन्म भूमि है यदि देश के सभी नागरिकों को इस मंदिर मस्जिद के विवाद से ऊपर उठकर मुद्दे को सुलझाने की ज़रुरत है जिसपर सबको एक समाधान निकालना चाहिए 67 वर्ष बाद अब समाधान निकालना चाहिए। स्वामी ज्ञान देव का कहना है कि जन्म भूमि पर राम मंदिर बनना चाहिए ये कार्य बिना सद्भाव के नहीं हो सकता।

बच्चे की मौत पर नर्सिंग में काटा हंगामा

ऋषिकेश।
चंद्रेश्वरनगर धोबीघाट के सुजीत के सात माह के बेटे सुप्रीत की तबीयत खराब होने पर चन्द्रेश्वरनगर के ही एक नर्सिग होम में भर्ती कराया गया था। कुछ देर बाद डॉक्टर ने उसे जौलीग्रांट रेफर कर दिया जबकि जौलीग्रांट पहुंचते ही डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत से परिवारवालों का गुस्सा फूट पड़ा। वे शव लेकर वापस चंद्रेश्वर नगर स्थित नर्सिंग होम लौट आए और हंगामा शुरू कर दिया। वे इलाज में लापरवाही का आरोप लगा रहे थे और दवा की ओवरडोज से बच्चे की मौत होने की बात कह रहे थे। हंगामे के कारण नर्सिंग होम पर भीड़ लग गई और डर कर डॉक्टर ने स्वयं को एक कमरे में बंद कर दिया। नर्सिग होम के स्टॉफ ने ही मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने ही कमरे में कैद डॉक्टर को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। कोतवाल सुरेन्द्र सामंत ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामला चिकित्सक से जुड़ा है, इसलिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी मामले में चिकित्सकों का पैनल गठित करेंगे। रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई होगी। वहीं डॉक्टर पर लगे आरोपों की जांच के लिए डॉक्टर के ब्लड और यूरिन का सैंपल दून अस्पताल भेजा गया है।

विशेष समुदाय का धार्मिक स्थल बनाने पर आक्रोश

हिन्दू संगठनों ने कुनाऊ गांव में प्रदर्शन कर जताई नाराजगी

ऋषिकेश।
मंगलवार सुबह हिंदू जागरण मंच, बजरंग दल, स्वदेशी जागरण मंच से जुड़े लोग कुनाऊ गांव पहुंचे। वे गंगा से सटे इलाके में एक धार्मिक स्थल बनाने से आक्रोशित थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां से मवेशियों की तस्करी भी की जाती है। भाजयुमो के जिला महामंत्री संजीव चौहान ने कहा कि प्रशासन को पहले भी शिकायत की जा चुकी है लेकिन उनके द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप लगाया कि यहां बिना अनुमति के एक समुदाय का धार्मिक स्थल बनाया जा रहा है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने धार्मिक स्थल नहीं ढहाया तो आंदोलन किया जाएगा। देर शाम तक पुलिस और हिन्दू संगठन से जुड़े लोग मौके पर मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों में मंजीत सिंह,विकास सेमवाल, रवि रावत, पवन भट्ट, अमन कुमार, पंकज भट्ट, मनीष कुमार, मुकेश पाण्डेय, राहुल कुमार, गौरव, सोनू, पंकज रयाल,राहुल चंद्र आदि शामिल थे।

धार्मिक स्थल एक घर है जो पहले से बना है। जहां से मवेशी तस्करी की बात कही जा रही है, वहां इस तरह की कोई गतिविधि नहीं मिली है। कुछ लोगों ने तस्करी की शिकायत की है। जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल मौके पर पुलिस तैनात की गई है।
बीएल भारती, एसओ लक्ष्मणझूला

एचडीए ने निर्माणाधीन भवन को सील किया

ऋषिकेश।
मंगलवार को एचडीए ने श्यामपुर रेलवे फाटक के पास एक निर्माणाधीन भवन को सील किया। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य का नक्शा पास नहीं कराया गया था। विभाग की ओर से भवन स्वामी गिरीश पैन्यूली को 18 नवंबर को नोटिस दिया गया था। नोटिस के बाद भी निर्माण कार्य जारी रहने पर एसडीएम ऋषिकेश वृजेश कुमार तिवारी ने 15 मार्च को निर्माणाधीन भवन को सील करने के आदेश दिए थे। मंगलवार को एचडीए की टीम निर्माणाधीन भवन की साइट पर पहुंची। टीम ने निर्माण कार्य बंद कराकर भवन को सील कर दिया। टीम में एई विजय कुमार माथुर, जेई बलराम, सुपर वाईजर नंदन सिंह नेगी व अन्य कर्मचारी शामिल थे।

अतिक्रमण हटाया, चार हजार का जुर्माना वसूला

ऋषिकेश।
मंगलवार दोपहर बाद नगर पालिका ऋषिकेश की टीम संयुक्त बस अड्डे पहुंची। टीम ने बस अड्डे पर ठेलियों द्वारा किए गए अतिक्रमण पर नाराजगी जताई और उन्हें वहां से खदेड़ दिया। साथ ही चेतावनी दी कि अनावश्यक रूप से यातायात बाधित करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने देहरादून रोड पर पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान दो किलो पॉलीथिन जब्त कर चालान किया। टीम ने चार हजार रुपये का नकद जुर्माना वसूला। मौके पर कर अधीक्षक निशात अंसारी, सफाई निरीक्षक अरविन्द ढिमरी, जेई तरुण लखेड़ा, सफाई नायक नरेश व सुरेन्द्र आदि मौजूद थे।
उधर, नगर पालिका मुनिकीरेती की टीम ने भी स्वर्गाश्रम, मुनिकीरेती और ढालवाला में पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने एक का चालान भी किया। टीम के साथ मुनिकीरेती पुलिस के जवान रहे। मौके पर राजस्व निरीक्षक अनुराधा गोयल, सफाई निरीक्षक आदेश कुमार, मदन सिंह रावत, दीपक कुमार, केतन शर्मा मौजूद थे।