डोईवाला।
डोईवाला में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाकर तीन लाख की नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवर उड़ा लिए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शहजान अली पुत्र स्वर्गीय मतलूब हसन निवासी टाउन एरिया ऑफिस (डोईवाला) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दो नवंबर की सुबह करीब दस बजे देहरादून स्थित अपनी बहन के घर परिवार समेत गए थे। यहां एक अस्पताल में उनकी माता भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा था। रविवार सुबह जब घर पर काम करने वाली किरन मौके पर पहुंची तो दरवाजे खुले हुए मिले। इस पर किरन ने घर के बगल में ही रहने वाली उनकी सास को इसकी जानकारी दे दी। इसकी सूचना मिलते ही वह भी मौके पर पहुंच गए तो देखा कि घर में रखी तीन लाख की नकदी, सोने का हार, कड़ा, चैन और गले का लॉकेट समेत कीमती सामान गायब था।
पीड़ित शहजान की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी जयदेव आर्य ने बताया कि आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।
Author: admin
अखिल भारतीय किसान सभा का दो दिवसीय सम्मेलन संपन्न
डोईवाला।
रविवार को डोईवाला के शक्ति भवन मंदिर में आयोजित दो दिवसीय किसान सम्मेलन का समापन हो गया। दो दिनों तक चले इस सम्मेलन में वक्ताओं ने किसान व उनके हितों पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि देश में आज किसान पर राजनीति तो हर कोई कर रहा है। लेकिन उनके हितों के लिए कोई सामने नहीं आना चाहता। सम्मेलन में मुख्य वक्ता किसान सभा के प्रदेश महामंत्री गंगाधर नौटियाल ने कहा कि किसानों का हित तब तक नहीं हो सकता, जब तक कि उनके लिए कोई ठोस नीति न बने। आज देश का किसान जब सरकार की ओर देखता है तो उसे मायूशी के अलावा और कुछ नहीं मिलता। यही कारण है कि देशभर का किसान आज आत्महत्या को मजबूर हो रहा है।
सम्मेलन में 25 नवम्बर को दिल्ली में होने वाली रैली के लिए भी डोईवाला क्षेत्र से अधिक से अधिक किसानों को शामिल करने पर भी जोर दिया गया। सम्मेलन में किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह सजवाण, शिवप्रसाद देवली, राजेन्द्र पुरोहित, शरवण सिंह। इस दौरान सरदार दलजीत सिंह को किसान सभा का जिलाध्यक्ष मनोनित किया गया। वहीं अमर बहादुर शाही को उपाध्यक्ष, कमरूदीन को जिला सचिव, याकुब अलि व सरजीर्त ंसह को जिला सह-सचिव और माला गुरंग को जिलाकोषाध्यक्ष चुना गया। सम्मेलन में जगजीत सिंह, दरम्यान , जरनैल सिंह, हुसैन अहमद, फूलसिंह, रानीदेवी, जगीरा, सतीष कुमार, अनुप पाल, पूरण सिंह आदि मोजूद रहे।
रायवाला में ट्रैक्टर ट्रॉली में आग लगने से हड़कंप
रायवाला।
रविवार शाम रायवाला से प्रदीप डिमरी अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली पर पुआल लेकर प्रतीतनगर आ रहे थे। जैसे ही वह बाजार पहुंचे तो पुआल में अचानक आग लग गई। यह देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों की मदद से चालक ट्रैक्टर ट्रॉली को हनुमान चौक से रेलवे के खाली मैदान ले गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कुछ समय बाद ही आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
असो हम छठ पूजा करिबे, बाटे महिमा महान गीत ने बांधा समा..
भोजपुरी गायक राजेश व महिमा के गीतों के नाम रही छठ महोत्सव की शाम
त्रिवेणीघाट पर छठ पूजा महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का समापन
ऋषिकेश।
त्रिवेणीघाट पर आयोजित छठ पूजा महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का दूसरा दिन भोजपुरी लोक गायक राजेश यादव व गायिका महिमा राज के सुंदर गीतों के नाम रही। इस दौरान असो हम छठ पूजा करिबे, बाटे महिमा महान गीत प्रस्तुति से गायिका महिमा राज ने खूब तालियां बटोरी। वहीं गायक राजेश यादव ने बे पानी पाकिस्तान गीत प्रस्तुत कर पाकिस्तान को जमकर लताड़ा।
रविवार को त्रिवेणीघाट पर सार्वजनिक छठ पूजा समिति की ओर से आयोजित छठ पूजा महोत्सव के दूसरे दिन कार्यक्रम का शुभारम्भ उत्तराखण्ड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा व सार्वजनिक छठ पूजा समिति के अध्यक्ष रामकृपाल गौतम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सांस्कृतिक संध्या से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर विधि-विधान के साथ छठ मय्या की पूजा अर्चना की गई। सांस्कृतिक संध्या का आगाज कलाकार सतीश राजभर व साथियों के छठ मय्या के सुंदर भजनों की प्रस्तुति के साथ आरम्भ हुआ। उसके बाद मंच पर पहुंचे भोजपुरी लोक गायक राजेश यादव ने माई महिमा महान, कितना करी हम बखान, मरजी जेकरा पे काइलू, ओकर हो गईल कल्याण भजन प्रस्तुत कर छठ मय्या के चरणों में नमन कर उनका आह्वान किया। बिरहा मुकाबले में सामने पहुंची गायिका महिमा राज ने असो हम छठ पू जा करिबे, बाटे महिमा महान गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। वहीं गायक राजेश यादव ने बे पानी पाकिस्तान हो जाई गीत प्रस्तुत कर आतंकवाद को पनाह देने वाले पाकिस्तान पर निशाना साधा। वहीं राजेश यादव ने भक्ति रस की प्रस्तुति दी।

ज्ञान, बैराग, तप, साधना जोग से, प्रेम दुनिया में सबसे वजनदार ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। डला छठ पे आइजा भवनवा, सुनला सजना हमार राजेश यादव की अगली प्रस्तुती ने त्रिवेणीघाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान ढोलक पर कलाकार प्रकाश, बच्चेलाल जबकि हार्मोनियम पर रामदुलारे व सोनू की सुंदर जुगलबंदी रही। वहीं कोरस में दिनेश, दशरथ व ज्ञान ने गायकों का साथ दिया। महोत्सव में जयपाल जाटव, नागेन्द्र सिंह, दीनदयाल राजभर, परमेश्वर राजभर, राजपाल ठाकुर, चन्द्रेश्वर यादव, मनीष बनवाल, अरूण मनवाल, गिरीश चन्द्र राजभर, धीरज सिंह, जयप्रकाश नारायण, बंसल ठेकेदार, डॉ. राजाराम, आलोक तिवारी, गौरवनाथ राजभर, ऋषि जायसवाल, जितेन्द्र प्रसाद, दिलीप गुप्ता, प्रेम राजभर, राजू गुप्ता, सतीष राजभर, पातीलाल साहनी, राम अवतार साहनी, लाल कुंज शाह आदि उपस्थित थे।

मॉ खूब जानती है बेटे की मुराद-किशोर उपाध्याय
रविवार को त्रिवेणीघाट पर आयोजित छठ महोत्सव में पहुंचे उत्तराखण्ड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि मैं छठ मय्या के द्वार पर आया हॅूं, मॉ को बेटे की मुराद जानती है। खुलासा किया कि उन्होंने भी छठ का व्रत लिया है। उन्होंने विधिविधान के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठ पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मैं गंगा तट पर इस महान पूजा का हिस्सा बन सका।
कारोबारी को अगवा कर लूट ली कार
कारोबारी को चार बदमाशों ने बनाया बंधक
नारसन छोड़ कार लेकर भाग निकले बदमाश
रायवाला।
पुलिस के अनुसार, डोईवाला निवासी कारोबारी अनूप कुमार रामपाल शनिवार देर रात अपनी कार से रुड़की से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह रायवाला पहुंचे तो उन्होंने शौचालय के पास अपनी कार रोक ली। लेकिन, इसी दौरान करीब चार बदमाशों ने उन्हें बंधक बना लिया और हरिद्वार चलने को कहा। बुरी तरह डरे-सहमे अनूप बदमाशों को लेकर कार से हरिद्वार की ओर निकल पड़े। लेकिन, जैसे ही वह नारसन पहुंचे तो बदमाशों ने अनूप को कार से बाहर निकाल दिया और कार लेकर फरार हो गए। पीड़ित अनूप ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। साथ ही बदमाशों की धर-पकड़ के लिए सभी थाना-चौकियों को भी अलर्ट कर दिया गया। इस बीच पुलिस को रायवाला खेल मैदान के पास लावारिश हाल में स्विफ्ट कार मिल गई। पुलिस की जांच में कार पर लगी दिल्ली की नंबर प्लेट फर्जी निकली। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने यह कार मंसूरपुर से लूटी थी। कार क्षतिग्रस्त होने पर बदमाश इसे रायवाला में छोड़ गए। इधर, थानाध्यक्ष नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

वारदात से डरे-सहमे हैं कारोबारी
कारोबारी अनूप कुमार शनिवार की वह रात अभी तक नहीं भूले। उनके अनुसार, बदमाश अच्छे-खासे परिवार के लग रहे थे। जब उन्होंने रायवाला में कार रोकी तो बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया। एक बदमाश ने उनसे कहा कि वह उन्हें मारने नहीं आए हैं। वह हरिद्वार जाना चाहते थे, लेकिन उनकी कार बीच में ही खराब हो गई। अनूप के मुताबिक, बदमाश कार तो लूट ले गए, साथ ही कार में रखा मोबाइल और कुछ हजार रुपये भी ले गए।
बढ़ती महंगाई को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
-युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र को ठहराया जिम्मेदार
-भाजपा पर जनविरोधी सरकार होने का लगाया आरोप
ऋषिकेश।
बढ़ती महंगाई को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने भाजपा को जनविरोधी सरकार करार देते हुए बाइक रैली भी निकाली।
रविवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में डोईवाला चौक पर एकत्रित हुए। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवा कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। एनएसयूआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोहित शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली भी निकाली।
युवा कांग्रेस सचिव विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि आज पूरा देश महंगाई की मार झेल रहा है और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। अगर भाजपा सरकार खुद को आम जनता की सरकार बताती है तो पहले महंगाई पर नियंत्रण करना सीखे। प्रदर्शन में मनमोहन नौटियाल, मुकेश प्रसाद, एसएस यादव, संजय लोधी, राहुल सैनी, सीताराम, मनप्रीत सैनी, नवीन मिश्रा, कुलदीप त्यागी, सावन राठौर, जतिन साहनी आदि शामिल रहे।
मुनीम से लाखों की लूट मामले में दो सर्राफ गिरफ्तार
पौने दो किलो सोना और चार लाख 85 हजार रुपये बरामद
ऋषिकेश।
सहारनपुर के सर्राफा कारोबारी के मुनीम से लाखों की लूट मामले में पुलिस ने दिल्ली के दो सर्राफा कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दोनों आरोपियों से पुलिस ने करीब पौने दो किलो सोना और साढ़े चार लाख से अधिक की नकदी भी बरामद कर ली है।
कोतवाल वीसी गोसाईं ने बताया कि लूट की वारदात में शामिल सतेंद्र उर्फ बिट्टू रस्तोगी और रुप किशोर रस्तोगी को रिमांड में लेने के दौरान पता चला था कि लूट का माल दिल्ली के दो कारोबारियों को बेचा गया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दिल्ली के चांदनी चौक से जुगल किशोर पुत्र स्वर्गीय रामप्रकाश निवासी एस-29 साउथ अनारकली (दिल्ली) और सतेंद्र जैन पुत्र पारस जैन निवासी 4/51-विजयनगर (दिल्ली) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से एक किलो 751 ग्राम सोना और 4 लाख 85 हजार रुपये बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि दोनों कारोबारियों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा दोनों कारोबारियों के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
क्या था मामला
सहारनपुर के सर्राफा कारोबारी राजकुमार जैन उर्फ गप्पी के मुनीम जोगेंद्र सिंह पुत्र सुमेर सिंह निवासी देवबंद (सहारनपुर) सोने-चांदी के जेवरों की डिलीवरी के लिए हर बुधवार ऋषिकेश आते थे। 12 अक्तूबर को भी वह जेवरों की डिलीवरी के लिए दून रोड स्थित यात्रा बस अड्डा तिराहे पर पहुंचे तो यहां बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाश उनसे लाखों रुपये के जेवरों से भरा बैग छीनने लगे, लेकिन जब जोगेंद्र ने बैग नहीं छोड़ा तो एक बदमाश ने पिस्तौल से उन पर फायर झोंक दिया और गोली सीधे जोगेंद्र की गर्दन के पास जा लगी। इससे जोगेंद्र सड़क पर गिर पड़े और बदमाश मौके पर पिस्तौल छोड़ बैग लेकर फरार हो गए।
अनीस को सरगर्मी से तलाश रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, इस लूटकांड में छह बदमाश शामिल थे। मुनीम से लूट के खुलासे के लिए पुलिस ने काफी हाथ-पैर मारे। लेकिन, जब सर्विलांस भी फेल हो गए तो चंद्रभागा के पास लूट में इस्तेमाल बाइक बरामद होते ही पुलिस आरोपी सौरभ रस्तोगी तक जा पहुंची। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर रुप किशोर रस्तोगी, सतेंद्र उर्फ बिट्टू रस्तोगी और सुमित रस्तोगी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तब आरोपियों से सात लाख 61 हजार की नकदी, 327 ग्राम सोना और छह किलो चांदी बरामद हुई थी। कुछ समय बाद पुलिस एक और आरोपी नवीन को भी गिरफ्तार करने में कामयाब हो गई। हालांकि, एक और आरोपी अनीस निवासी दिल्ली अब तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है।

सहारनपुर से ही पीछे पड़ गए थे बदमाश
ऋषिकेश पुलिस के अनुसार, मुनीम जोगेंद्र सिंह से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश सहारनपुर से ही उनका पीछा कर रहे थे। रोडवेज की जिस बस में जोगेंद्र सवार थे, उसी बस में एक बदमाश भी सवार हो गया था। उस बदमाश ने ऋषिकेश पहुंचने पर पहले से ही बाइक पर खड़े दो बदमाशों को इशारा किया और पलभर में लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। इसके बाद वह मुनिकीरेती से दिल्ली फरार हो गए।
लूटकांड में खुलासा चौंकाने वाला
मुनीम से लूटकांड में सर्राफा कारोबारी के मुनीम ने महज चार से पांच लाख रुपये की लूट बताई थी, लेकिन 26 अक्तूबर को पुलिस ने आरोपियों से 32 तोला सोना और आठ लाख सत्तर हजार रुपये बरामद किए। दिल्ली से सर्राफा कारोबारियों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस के हाथ डेढ़ किलो सोना और चार लाख 85 हजार रुपये का माल और बरामद हो गया। अगर लूटकांड में बरामद माल जोड़ा जाए तो पुलिस अब तक दो किलो 71 ग्राम सोना बरामद कर चुकी है। साथ ही 13 लाख 55 हजार रुपये भी बरामद हो चुके हैं। ऐसे में महज चार-पांच लाख की लूट संदेह के घेरे में है। पुलिस की जांच इस आधार पर भी जारी है।
ढालवाला में मुसीबत का सबब बना चोक नाला
ऋषिकेश।
नगर पालिका प्रशासन की अनदेखी के चलते ढालवाला वार्ड दो में चोक नाला लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। गंदे पानी की निकासी न होने से कॉलोनी परिसर में कीचड़ पसरा हुआ है और इससे लोगों का जीना भी दूभर हो चुका है। क्षेत्रवासियों ने पालिका प्रशासन से पानी की निकासी करवाने की मांग की है।
ढालवाला के वार्ड दो में लंबे समय से चोक नाला लोगों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। यहां लगभग 50 परिवार रहते हैं। लेकिन, इस कॉलोनी में दुर्गंध और गंदगी के चलते लोगों को गंभीर बीमारियों का डर भी सताने लगा है।
स्थानीय निवासी सुरेश राणा, अब्बल सिंह और दरम्यान सिंह कैंत्युरा का कहना है कि बरसात के दिनों में यहां जलभराव हो जाता है। कई बार शिकायत के बावजूद पालिका प्रशासन कोई सुध नहीं ले रहा है। इधर, पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल का कहना है कि जल्द ही नाले की निकासी का प्रबंध करवा दिया जाएगा।
गर्भवती महिलाओं के लिए ‘‘प्रोजेक्ट बेदनी‘‘ लाॅन्च
चमोली।
मुख्यमंत्री ने गैरसैंण में रिखोली-नैल-जागडी-सैरा 7 किमी मोटर मार्ग नव निर्माण कार्य लागत 243.00 लाख, खेती-रंडोली-बेनीताल 2 कि0मी0 मोटर मार्ग लागत 33.60 लाख का शिलान्यास तथा विधान परिसर-भराडीसैंण पहुॅच मार्ग का सुधारीकरण लम्बाई 4.8 कि0मी0 लागत 202.19 लाख व मेहलचैरी-माईथान-नैल देवपुरी 23 कि0मी0 हाॅटमिक्स द्वारा डामरीकरण कार्य लागत 805.68 लाख योजनाओं का लोकापर्ण किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने पहाडी क्षेत्र में उच्च जोखिम, गर्भावस्था की पहचान एवं प्रबन्धन हेतु व पूरे देश में अपने आप में अनोखा प्रोजेक्ट ‘‘प्रोजेक्ट बेदनी‘‘ को भी लाॅन्च किया। जिससे पहाडी क्षेत्रों में शिशु एवं मातृत्व मृत्यु दर को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनपद के अधिकांश गांवों में स्वास्थ्य सुविधाएं समय से नही मिलती है इस योजना के लाॅन्च से गर्भवती महिलाओं को समय से स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी। प्रोजेक्ट बेदनी के लाॅन्च पर उन्होंने जिले के प्रशासन की जमकर सराहना करते हुए एएनएम व आशा कार्यकत्रियों को प्रोजेक्ट बेदनी किटों का भी वितरण किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विगत 5 वर्षो में किये गये कार्य आज धरातल पर है। 2013 की भीषण आपदा से उभर कर आज उत्तराखण्ड विकास के पथ पर अग्रसर है तथा भारत के नीति आयोग के अनुसार देश के सबसे तेज तरक्की करने वाले 6 राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य राज्य से गरीबी को हटाना व पलायन रोकना है। कहा कि विभिन्न विभागों में रिक्त 30 हजार पदों को भरने का कार्य चल रहा है जिसमें से 16 हजार पदों पर नियुक्ति की जा चुकी है। राज्य में 1 हजार सड़कों का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य की आर्थिक प्रगति के लिए हमें शिक्षा, खेती के साथ-साथ हस्तशिल्प/दस्तकारी को भी विकसित करना होगा। कृषि पर जोर देते हुए कहा कि उन्नत खेती के लिए सरकार ने ठोस योजनाऐं तैयार की है। मडुवा, झंगोरा, गहथ, काला भट्ट आदि फसलों के लिए उचित दामों पर मार्केट उपलब्ध कराया जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण के तहत महिलाओं के लिए अनेक योजनाऐं संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो महिला आज अपने खेतों में भी कार्य करेगी सरकार उसे मनरेगा श्रमिक का दर्जा देकर लाभान्वित करेगी। उन्होंने जिलाधिकारी को जिले में अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूह गठित करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के खातों में अगले महीने तक 5 हजार की धनराशि सहायता के तौर पर दी जा रही है। स्वयं सहायता समूहों के कार्य शुरू करने पर 20 हजार की धनराशि तथा सामूहिक रूप से खेती करने पर 1 लाख रूपये का अनुदान देने की व्यवस्था की गयी है। कहा कि आज बिटिया के पैदा होने से लेकर पढाई, शादी, बीमारी व बृद्वावस्था तक विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत लाभान्वित किया जा रहा है।

आगनबाडी एवं आशा कार्यकत्रियों के लिए राज्य स्तर पर 55 करोड़ का फण्ड की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश में सबसे ज्यादा प्रकार की पेंशन उत्तराखण्ड राज्य दे रहा है और इस अभियान को आगे भी जारी रखा जायेगा। राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं की धनराशि को बढाकर 1 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। उन्होंने क्षेत्र की जनता को शुभकामनाऐं देते हुए विकास कार्यो में राज्य सरकार के साथ मिलकर कार्य करने का आवाहन किया। मुख्यमंत्री ने गैरसैंण में अव्यवस्थित ढंग से हो रहे आवासीय भवन निर्माण कार्यो पर गहरी चिन्ता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को क्षेत्र के ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर व्यवस्थित ढंग से गैरसैंण में निर्माण कार्य करवाने के निर्देश दिये ताकि भविष्य में रास्ते, सीवर लाइन, सड़के आदि निर्माण कार्यो में परेशानियों का सामना ना करना पडे। है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण में सभी अवस्थापना सुविधाऐं विकसित की जा रही है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि महाधिवक्ता विजय बहादुर सिंह नेगी, पृथ्वीपाल चैहान, मेला अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख गैरसैंण सुमति बिष्ट, क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन, मेला संरक्षक व उपजिलाधिकारी स्मृति परमार सहित अन्य अधिकारी एवं बडी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद थी।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया
देहरादून।
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शुक्रवार को महाराणा प्रताप स्पोर्टस कालेज रायपुर देहरादून में उत्तराखण्ड स्पोर्टस ताईक्वान्डो ऐसासिएशन द्वारा आयोजित 36वें ताईकवान्डो चैम्पियनशिप कार्यक्रम में प्रतिभाग लेकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने ऐसासिएशन को दो लाख रूपये सहायता राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड स्पोर्टस डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। यह खुशी की बात है कि ताईकवान्डो में भारत व उत्तराखण्ड के झंडा ऊंचा है।

उत्तराखण्ड के खिलाड़ी अच्छा कार्य कर रहे है तथा राज्य सरकार उनको प्रोत्साहित करने का हर संभव प्रयास करेगी। मुख्यमंत्री श्री रावत ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि आप सब लोग देश के कौने-कौने से आये है आशा है कि आप अच्छा खेलेंगे तथा ताईकवान्डो को नई ऊंचाई तक ले जायेगे। कार्यक्रम में खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित थे।
