ज्ञानवाणी चैनल से ऑनलाईन शिक्षा और सुलभ होगी-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में ज्ञानवाणी चैनल का वर्चुअल शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा की राज्य में छात्र-छात्राओं को ऑनलाईन शिक्षण अधिगम से लगातार जोड़े रखने हेतु उत्तराखण्ड राज्य शिक्षा विभाग और जियो ने मिलकर नए ऑनलाईन एजुकेशन चैनल ज्ञानवाणी-1 और ज्ञानवाणी-2 का शुभारंभ एक अच्छा प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि बच्चों को ऑनलाइन शिक्षण के उद्देश्य से शुरू किए गए एजुकेशन चैनल ज्ञानवाणी का लाभ प्रदेश के सभी बच्चों को मिले। ज्ञानवाणी चौनल की सार्थकता तभी होगी जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों तक इसका लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा की बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में स्कूलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कोरोना काल में ऑनलाइन शिक्षण के लिए अनेक सराहनीय प्रयास किए गए। स्कूलों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सभी शैक्षणिक गतिविधियां चल रही है।
शिक्षा मंत्री अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि कोविड के दौरान ऑनलाइन शिक्षण का प्रचलन शुरू हुआ। आज ऑनलाइन माध्यम से अनेक शैक्षणिक गतिविधियां की जा रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि ज्ञानवाणी चौनल के माध्यम से पीएम ई विद्या के कंटेंट को भी शामिल किया जाय। जो पूर्णतः एनसीईआरटी पाठ्यक्रम पर आधारित है।
शिक्षा सचिव राधिका झा ने कहा कि ऑफलाइन शिक्षण के साथ ही बच्चों को ऑनलाइन माध्यम से ही शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। ज्ञानवाणी-1 प्राथमिक कक्षाओं एवं ज्ञानवाणी-2 माध्यमिक कक्षाओं के लिए चलाया जा रहा है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी जियो विशाल अग्रवाल ने कहा कि समग्र शिक्षा अभियान से जुड़े सभी एनजीओ भी शिक्षा विभाग के माध्यम से ज्ञानवाणी में कंटेंट का प्रसारण कर सकते हैं। उन्होंने बताया की जल्द ही धारचूला में जियो की 4जी कनेक्टिविटी शुरू की जाएगी।
इस अवसर पर शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून डॉ. मुकुल सती, जियो के स्टेट कॉर्डिनेटर दीपक सिंह एवं वर्चुअल माध्यम से सभी मुख्य शिक्षाधिकारी एवं प्रधानाचार्य मौजूद थे।

राज्य के 7 सात उत्पादों को भौगोलिक संकेतांक का प्रमाण पत्र

उत्तराखण्ड सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में बौद्विक सम्पदा भारत के अंतर्गत उत्तराखण्ड राज्य के उत्पादों के भौगोलिक संकेतांक (ज्योग्राफिकल इण्डिकेशन) का वितरण समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें कृषि मंत्री सुबोध उनियाल एवं उद्योग मंत्री गणेश जोशी द्वारा राज्य के सात उत्पादों (कुमांऊ च्यूरा ऑयल, मुनस्यारी राजमा, उत्तराखण्ड का भोटिया दन, उत्तराखण्ड ऐंपण, उत्तराखण्ड रिंगाल क्राफ्ट, उत्तराखण्ड ताम्र उत्पाद एवं उत्तराखण्ड थुलमा) को भौगोलिक संकेतांक (ज्योग्राफिक इन्डिकेशन) प्रमाण पत्र वितरित किये गए।
कार्यक्रम के अवसर पर प्रधानमंत्री के सलाहकार भास्कर खुल्बे एवं सचिव डीपीआईआईटी भारत सरकार अनुराग जैन द्वारा वीडियो कार्न्फ्रेन्स के माध्यम से प्रतिभाग किया गया।
इस दौरान कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य के लिए बहुत बड़े गौरव का विषय है कि यहां के मौलिक उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलती जा रही है। कहा कि वोकल फॉर लोकल और स्थानीय प्रोडक्ट के प्रचार-प्रसार में जीआई टैग महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्थानीय प्रोडक्ट को देश के साथ ही इंटरनेशनल मार्केट में पहचान दिलाने मे जीआई टैग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में और भी अनेक ऐसे परम्परागत कृषि उत्पाद है जो अपने भौगोलिक क्षेत्र विशेष के आधार पर लगातार वैश्विक पहचान बनाते जा रहे है। उत्तराखण्ड में कुल 6.48 लाख हैक्टेयर कृषि भूमि हैं जिसमें 3.50 लाख हैक्टेयर क्षेत्रफल पर परम्परागत कृषि उत्पादों का उत्पादन हो रहा है। अभी तक तेजपत्ता प्रदेश का पहला जीआई टैग प्राप्त करने वाला उत्पाद था। उन्होंने कहा कि उपरोक्त के अतिरिक्त उत्तराखण्ड सरकार के निर्देशन पर उत्तराखण्ड लाल चावल, बेरीनाग चाय, उत्तराखण्ड गहत, उत्तराखण्ड मण्डुआ, उत्तराखण्ड झंगोरा, उत्तराखण्ड बुरांस सरबत, उत्तराखण्ड काला भट्ट, उत्तराखण्ड चौलाई/रामदाना, अल्मोड़ा लाखोरी मिर्च, उत्तराखण्ड पहाड़ी तोर दाल, उत्तराखण्ड माल्टा फ्रूट जैसे 11 कृषि उत्पादों का जीआई टैग लिये जाने का कार्य भी फाईल कर दिया गया है।
इस दौरान उद्योग मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जिन उत्पादों को भौगोलिक संकेतांक प्रमाण-पत्र प्राप्त हुए है, अब उन उत्पादों की मार्केट में ब्राडिंग बढ़ने से अधिक डिमांड बढ़ेगी तथा उनको अच्छा मूल्य प्राप्त होगा। जिससे इन उत्पादों से जुड़े हुए उत्पादक सीधे-सीधे लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार के निर्देशन पर अन्य उत्पादों का जीआई टैग किये जाने का भी कार्य जारी है।
इस कार्यक्रम के अवसर पर तकनीकी कार्यशाला का भी आयोजन किया गया जिसमें पदमश्री डॉ रजनीकांत एवं उप रजिस्ट्रार, जीआई सचिन शर्मा द्वारा भौगोलिक संकेतांक से सम्बन्धित जानकारी प्रदान की गई।
इस दौरान कार्यक्रम में संयुक्त सचिव, डीपीआईआईटी भारत सरकार श्रुति सिंह, व संयुक्त सचिव, डीपीआईआईटी भारत सरकार राजेन्द्र रतनू, सचिव कृषि एवं उद्यान मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव राधिका झा, महानिदेशक/आयुक्त उद्योग रोहित मीणा, निदेशक उद्योग सुधीर चन्द्र नौटियाल, निदेशक कृषि गौरीशंकर सहित उद्योग एवं कृषि विभाग के अधिकारी/कर्मचारी तथा प्रदेश से आए हुए जैविक किसान/काश्तकार सभागार में उपस्थित थे तथा अन्य लोग विभिन्न जनपदों से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

पर्यटन मंत्रालय के तहत ईकोटूरिज्म विंग का गठन-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर सॉलिटेयर फार्म मालसी, देहरादून में उत्तराखण्ड एडवेंचर फेस्ट में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने पर्यटन पर आधारित लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पर्यटन परियोजनाओं के विशेषज्ञों के साथ मिलकर एक पर्यटन सुविधा एवं निवेश प्रकोष्ठ का निर्माण किया जायेगा। पर्यटन उद्योगों से संबंधी सभी प्रस्तावों पर विशेष रूप से पर्यटन विभाग द्वारा ही कार्यवाही की जायेगी, न कि उद्योग विभाग के द्वारा। शहरी विकास विभाग और आवास विभाग विशेष रूप से उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों के लिए बहुस्तरीय कार-लिफ्ट स्थान स्थापित करने के लिए एक परियोजना शुरू की जायेगी। नवंबर, 2021 में कुमाऊं के रामनगर में साहसिक कार्य पर निवेश सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा। खेल विभाग की ओर से पंडित नैन सिंह सर्वेयर पर्वतारोहण प्रशिक्षण संस्थान पर्यटन विभाग को सौंपा जाएगा। उत्तराखंड के पर्यटन उद्योग को एक स्थायी, पर्यावरण के अनुकूल उद्योग के रूप में विकसित करने के मार्ग तलाशने के लिए पर्यटन मंत्रालय के तहत एक समर्पित ईकोटूरिज्म विंग का गठन किया जाएगा। ईकोटूरिज्म विंग का उद्देश्य दीर्घकालिक विचारों को ध्यान में रखते हुए सामाजिक सहभागिता व सामाजिक नेतृत्व की भागीदारी के साथ ईकोटूरिज्म का विकास सुनिश्चित करना होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सौन्दर्य के लिए जाना जाता है। उत्तराखण्ड में पर्यटन के क्षेत्र में अनेक संभावनाएं हैं। हर साल करोड़ों में पर्यटक यहां आते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं से उत्तराखंड को पर्यटन के क्षेत्र में बढ़ावा मिलेगा। ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन जैसे निर्माण कार्य आज उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे हैं। राज्य में सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी तेजी से बढ़ी है। विभिन्न क्षेत्रों में नई पॉलिसी लाई जा रही है एवं उनका सरलीकरण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चार धाम यात्रा प्रारंभ हो चुकी है, इस दौरान यात्रियों को किसी तरह की तकलीफ ना हो इसके लिए हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान पर्यटन से जुड़े लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा ऐसे लोगों को सरकार ने 200 करोड़ का आर्थिक पैकेज दिया। जो धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में जा रही है। उत्तराखंड को आने वाले दस वर्षों में पर्यटन के क्षेत्र में नंबर वन राज्य बनाने का प्रयास किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन एवं ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य में अनेक संभावनाएं हैं।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि हमार मूल मंत्र है कि हम सर्विस प्रोवाइडर बनें। पर्यटकों को जितनी अधिक सुविधाएं मिलेंगी एवं पर्यटन आधारित गतिविधियां जितनी अधिक बढ़ेगी। इस क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों को उतना ही फायदा होगा। पर्यटन रोजगार को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हवाई, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी में तेजी से सुधार हो रहे हैं सरकार का प्रयास है कि राज्य में कनेक्टिविटी को बढ़ाकर पर्यटन एवं तीर्थाटन को बढ़ावा दिया जाय। हम पर्यटन के साथ ही प्रदूषण रहित पर्यटन पर भी ध्यान दे रहे हैं। राज्य में विंटर टूरिज्म को बढ़ावा देने पर कार्य किया जा रहा है।
उद्योग मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड में पर्यटन की दृष्टि से अनेक महत्वपूर्ण स्थल हैं। पर्यटन के क्षेत्र में राज्य में अनेक सराहनीय कार्य हुए हैं। अनेक नये टूरिस्ट डेस्टिनेशन विकसित हो रहे हैं।
सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित इस दो दिवसीय उत्तराखण्ड एडवेंचर फेस्ट में पर्यटन एवं उससे संबंधित गतिविधियों के बारे में लोगों को जागरूक करने के प्रयास किये जा रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का सभी तक लाभ पहुंचे इसके लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। विश्व पर्यटन दिवस की इस वर्ष की थीम ‘‘समावेशी विकास के लिए पर्यटन‘‘ है। पिछले दो साल में कोरोना के कारण विश्वभर में पर्यटन से जुड़े लोगों के कार्य प्रभावित हुए हैं। राज्य में पर्यटन के साथ ही साहसिक गतिविधयों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस अवसर पर फिक्की के टूरिज्म विंग की राज्य संयोजक डॉ. नेहा शर्मा, किरन टोडरिया एवं पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोग उपस्थित थे।

उत्तराखंड जन विकास मंच ने पानी और बिजली के बिलों में वृद्धि वापस लेने की मांग की

उत्तराखंड जन विकास मंच के द्वारा पानी के बिलों की अप्रत्याशित वृद्धि के विरोध स्वरूप व जल मूल्य को कम करवाने को लेकर जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली अग्रवाल धर्मशाला से शहर के मुख्य-मुख्य मार्गाे से होते हुए गांधी स्तंभ त्रिवेणी घाट पहुंची, जिसे शहर की आम जनता के साथ-साथ व्यापारियों ने भी अपना समर्थन दिया।
मंच के अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बताया कि पानी के बिलों में 15 प्रतिशत की अप्रत्याशित वृद्धि को कम करने हेतु व अन्य संबद्ध बिंदुओं पर उत्तराखंड जन विकास मंच आगामी आंदोलन की रणनीति बना रहा है। जन जागरूकता अभियान के दौरान जनता से संपर्क करते वक्त आम जनता की तरफ से बिजली के बिलों पर सर चार्ज खत्म करने, मीटर किराया समाप्त करने व मासिक बिल उपभोक्ताओं को दिए जाने की मांग मंच के सामने प्रमुखता से रखी गई। जिस पर मंच द्वारा पानी के मुद्दे के साथ बिजली का मुद्दा भी समाहित कर आगामी आंदोलन की रणनीति बनाई गई। इसके साथ ही मंच अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कोविड काल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के द्वारा बिजली व पानी के बिलों पर विलंब शुल्क माफ करने की घोषणा की सराहना की तथा इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जल संस्थान द्वारा सरकारी जीओ जारी ना होने का हवाला देते हुए उपभोक्ताओं से पूरा बिल लिया जा रहा है अतः शीघ्र ही जिओ जारी कर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।
इस अवसर पर नगर पंचायत चुनाव के अध्यक्ष माधव अग्रवाल, नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, जतिन जाटव, राजेश व्यास, विपिन शर्मा, कनक धने, सुभाष शर्मा, विपिन पंत, पूजन अग्रवाल, सत्यवीर पाल, प्रवीण सिंह, बेचन गुप्ता, अंशुल पाल, चेतन चौहान, विजय जुगरान, अरुण कुमार, कुंवर सिंह, मनीष मौर्य, आकाश पांडे, रोहित राम, अशोक अवस्थी, छोटे लाल चौरसिया, विक्रम सिंह, कमल सिंह, प्रेमनाथ राजभर, मुरली शर्मा, गुरमुख सिंह, नरेंद्र रतूड़ी, राकेश सेमवाल, हेमंत कुमार, अशोक, आकाशदीप ठाकुर, जय सिंह, गजेंद्र बिष्ट, नागेंद्र पोखरियाल, हरेंद्र बडोनी आदि उपस्थित रहे।

किसानों का समर्थन कर कांग्रेस ने नगर में निकालीं रैली

प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर किसानों के भारत बंद आंदोलन को समर्थन देने के लिये महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में एक स्कूटर रैली मुख्य मार्गों होती हुई नगर में सरदार भगत सिंह की प्रतिमा पर उनको पुष्पांजलि देकर समापन किया। रैली के माध्यम से दुकानदारों से किसानों के आंदोलन को समर्थन देने का आग्रह किया गया।
महानगर अध्यक्ष विनय सारस्वत ने कहा कि हमने बाज़ार बंद करने के लिये कल सभी व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर समर्थन पत्र सौंपा था। उन्होंने कहा कि कुछ व्यापारिक संगठन के नेता दल विशेष से प्रेरित होकर बंद का विरोध किया। तब भी हम लोगों ने शालीनता से बाज़ार बंद करने का आग्रह किया और जिन व्यापारी भाइयों ने समर्थन देकर दुकानें बंद रखी, उनका हम आभार व्यक्त करते हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा है कि यह भारत बंद ना किसी व्यक्ति विशेष, ना ही दल विशेष का है। यह उन किसान भाइयों के हितों की लड़ाई का आंदोलन है जो अनाज उगाकर हमारे पेट भरता है। उन्होंने कहा कि कुछ दल विशेष के लोग नहीं चाहते कि किसानों का आंदोलन आगे बढ़े इसलिये हमने भी शालीनता के साथ गांधीवादी तरीक़े से लोगों से बाज़ार बंद करवाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, प्रदेश सचिव शैलेन्द्र बिष्ट, पार्षद मनीष शर्मा, प्रदेश सचिव विवेक तिवारी, प्रदेश सचिव त्रिलोकीनाथ तिवारी, राजकुमार तलवार, महानगर अध्यक्ष जितेन्द्र पाल, एकांत गोयल, राहुल पाण्डेय, विक्रम भण्डारी, रूकम पोखरियाल, नवीन रमोला, भारत शर्मा, बलबीर रौतेला, अप्रेस पंचभईया, सोहन सिंह रौंतेला, नीरज चौहान, हिमांशु कश्यप, इमरान, जयपाल सिंह, राजेन्द्र गैरोला, अभिनव मलिक, प्रिंस सक्सेना, हिमांशु जाटव, इमरान सैफी, बुरहान अली, कार्यालय प्रभारी अशोक शर्मा आदि बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे ।

कृष्णा नगर कॉलोनी के विकास के लिए लगातार कर रहा हुं प्रयास-अग्रवाल

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कृष्णा नगर कॉलोनी में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा है कि कृष्णा नगर कॉलोनी उजड़ने नहीं दी जाएगी। अग्रवाल ने कहा है कि कृष्णा नगर कॉलोनी को विकसित करने एवं संवारने में उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी। इस मौक़े पर अग्रवाल ने कृष्णा नगर कॉलोनी के आंतरिक सड़क मार्गाे के निर्माण के लिए विधायक निधि से 20 लाख रुपए देने की घोषणा की।
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों की संख्या में पहुंचे कृष्णनगर वासियों ने विधानसभा अध्यक्ष का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यक्रम में उपस्थित बुजुर्गों को सम्मानित करते हुए आशीर्वाद भी प्राप्त किया। विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्र की समस्याओं को सुना एवं विभिन्न समस्याओं का समाधान मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर किया। अग्रवाल ने कहा कि विकास एक सतत चलने वाली प्रक्रिया है उसी प्रक्रिया के अनुरूप वे क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
जनता मिलन कार्यक्रम के अवसर पर अग्रवाल ने कहा है कि कृष्णा नगर कॉलोनी को जो लोग उजाड़ने की बात करते हैं उन्हें आने वाले समय में जनता सबक सिखाएगी। अग्रवाल ने कहा है कि कृष्णा नगर कॉलोनी को हर मूलभूत सुविधा प्रदान किये जाने के लिए वह हमेशा से ही तत्पर रहे हैं।
अग्रवाल ने कहा है कि यदि वन विभाग अथवा आईडीपीएल प्रशासन कृष्णा नगर कॉलोनी को हटाने की बात करते हैं तो वह इसके लिए किसी भी हद तक संघर्ष करने को तैयार है। कृष्णा नगर कॉलोनी की तमाम समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने प्रारंभ से ही संघर्ष किया है। अनेक विकास योजना कृष्णा नगर कॉलोनी में संचालित हो रही है जिससे आज कृष्णा नगर कालोनी अपने विकसित स्वरूप में है।
अग्रवाल ने कहा है कि कृष्ण नगर कॉलोनी के आंतरिक मोटर मार्गाे से लेकर विद्युत बंचिंग केवल, शुद्ध पेयजल आपूर्ति अनेक कार्य हुए हैं, जिससे लोग लाभान्वित हो रहे हैं। अग्रवाल ने कहा है कि कृष्णा नगर कॉलोनी को नगर निगम में शामिल करने के लिए वे बहुत पहले से ही प्रयास करते रहे हैं परंतु उनका उद्देश्य पहले कृष्णा नगर कॉलोनी को अस्तित्व दिलाना है ।
इस अवसर पर वीरभद्र मंडल के अध्यक्ष अरविंद चौधरी ने कृष्णानगर कॉलोनी, आईडीपीएल क्षेत्र में विधानसभा अध्यक्ष द्वारा किए गए कार्यों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कृष्णा नगर कॉलोनी में जो भी विकास कार्य हुए हैं उसका श्रेय केवल विधानसभा अध्यक्ष को ही जाता है।
इस अवसर पर स्थानीय निवासी सदानंद यादव ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष द्वारा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों एवं उनके प्रति जनता के प्रेम को देखकर विपक्षी दल भयभीत है जिसके चलते विपक्षी दल योजनाबद्ध तरीके से स्थानीय विधायक को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश चंद्र शर्मा ने कहा कि चुनाव के नजदीक आते देख कई पार्टिया सक्रिय हो गई है जिनका की जनता की समस्याओं एवं क्षेत्र के विकास को से कोई भी सरोकार नहीं है एवं मुद्दाहीन राजनीति कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं जिसके लिए जनता उन्हें 2022 में सबक सिखाएगी।
इस अवसर पर कृष्णा नगर मंडल के अध्यक्ष अरविंद चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश चंद शर्मा, राजकुमार भारती, पुरुषोत्तम, सदानंद यादव, सुनील यादव, करण सिंह, आरती दुबे, निर्मला उनियाल, मीरा सिंह, पिंकी भारद्वाज, गंगा देवी, लक्ष्मी वर्मा, जमुना देवी, अनिल कुमार, राहुल कुकरेती, प्रिया ढकाल, चरण सिंह आदि सहित अनेक लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन नगर निगम की पार्षद एवं मंडल महामंत्री सुंदरी कंडवाल ने किया ।

बेहतर कचरा प्रबंधन के लिए सम्मानित हुए नागरिक

आज नगर निगम ऋषिकेश में यूएनडीपी एवं एचडीएफसी बैंक के संयुक्त तत्वाधान में संचालित सूखा कचरा प्रसंस्करण के अंतर्गत वार्ड सं-12 में कचरा अलग करो अमृत दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर एडवोकेट राकेश सिंह पार्षद एवं नगर आयुक्त गिरीश चंद गुणवंत के द्वारा उपस्थित वार्ड के नागरिको को, घरेलु स्तर से ही कचरा अलग अलग करके देने के लिए सम्मानित किया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि वार्ड संख्या 12 की तरह अन्य 39 वार्ड में भी घरेलु स्तर से ही कूड़े को अलग अलग करके दिया जाना चाहिए। वार्ड के पार्षद ने कहा कि मैं अपनी वार्ड की जागरूक जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि आप 99 प्रतिशत सूखा/गिला कुड़ा अलग-अलग देकर सहयोग कर रहे हैं। इस मौके पर पार्षद, नगर आयुक्त व अधिशाषी अभियंता द्वारा कूड़े को अलग-अलग प्रकार से रख कर भी पुनः जनता को दिखाया गया।
इस मौके पर नगर निगम ऋषिकेश के अधिकारी, ए टू जेड से शशांक सिंह, आशीष नेगी, व यूएनडीपी से अयान, मोहम्मद ज़ैदी व फीडबैक फाउंडेशन से अजीत तिवारी, सपना, बृजेश, मीनाक्षी, समाजसेवी दीपक दरगन आदि शामिल रहे।

इन नागरिकों का हुआ सम्मान
देवेश्वर प्रसाद रतूड़ी, संजय नेगी, राजेंद्र नवानी, अलेल सिंह भंडारी, प्रमोद कपूरवान, हिम्मत सिंह मियां, जगदीश थपलियाल, शेर सिंह रावत, मनोरंजन ध्यानी, प्रकाश बिजलवान, यशोदा मंगाई, गंगोत्री नवानी, सुमन रावत, इंदु कुकरेती, स्वेता शर्मा, शम्मा रावत, भुनेश्वरी सेमवाल, आरती मंगाई, संगीता तिवारी, दीपक अग्रवाल, दीपा कपरूवान, गीता बडोनी, शशि बाला, धीरजनी ध्यानी, अमिता खन्ना, बीना देवी, प्रेमा रतूड़ी, सविता अग्रवाल, सरिता पैन्यूली, रीता कंडारी, विनीता भट, बीना मियां, रश्मि राठौर, भगवान सिंह नेगी, बलवंत सिंह डंग, गुलशन राय, नरेश चंद्र अग्रवाल, रविंद्र अग्रवाल, मोहिनी अरोड़ा, अरविंद कोठियाल, सोहन सिंह बिष्ट, आलम गुलजार।

रजत पदक विजेता शिवानी गुप्ता का सम्मान

शिवालिक भागीरथी पब्लिक स्कूल तथा स्व. धूम सिंह कंडारी वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त रूप से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मान समारोह में अबू धाबी में आयोजित पांचवीं जु-जित्सु एशियन चैंपियनशिप में दो रजत पदक जीतकर तीर्थ नगरी ऋषिकेश का नाम रोशन करने वाली शिवानी गुप्ता को शाल भेंट व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। साथ में देहरादून स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित अंडर 13 बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले 9 वर्षीय बालक आरव उपाध्याय को भी सम्मानित किया गया। स्वर्गीय धूम सिंह कंडारी वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ने इस उपलब्धि को पाने के लिए दोनों छात्राओं को शुभकामनाएं देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। पदक विजेता शिवानी गुप्ता ने बताया यह मेरे लिए गौरवान्वित का पल है, जिसका श्रेय में अपने गुरुजनों व माता-पिता को देना चाहती हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा कर उत्तराखंड से मेरा प्रतिनिधित्व किया।
मौके पर उपस्थित स्व धूम सिंह कंडारी वेलफेयर के संस्थापक मानवेंद्र कंडारी, अध्यक्ष/प्रबंधक लक्ष्मण सिंह चौहान, नालंदा शिक्षण संस्थान के प्रबंधक महावीर प्रसाद उपाध्याय, शिवालिक भागीरथी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य दीपक भारद्वाज, अक्षत चौहान, कार्यक्रम संचालन टेक सिंह राणा, संजय उपाध्याय, समाजसेवी अनिल रावत, नवीन नेगी, पूनम अरोड़ा, संतोषी खंतवाल आदि उपस्थित रहे।

आप ने पर्यटन दिवस पर गोष्ठी का आयोजन कर वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा की

अंतरराष्ट्रीय पर्यटन दिवस के मौके पर पर्यटन नगरी ऋषिकेश में आम आदमी पार्टी ने एक गोष्ठी का आयोजन किया। गोष्ठी में विभिन्न वक्ताओं ने वैश्विक महामारी कोरोना के चलते पिछले दो साल से आर्थिक मंदी से जूझ रहे पर्यटन कारोबारियों की पीड़ा और वर्तमान परिस्थितियों पर अपने विचार रखे।
सोमवार की दोपहर नेपाली फार्म स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए पार्टी के बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। मगर इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से ठोस कदम उठाने की जरूरत है। उत्तराखंड में सिमटते पर्यटन व्यवसाय और इन से जुड़ी हुई चुनौतियों के बारे में अपनी राय रखते हुए विधानसभा के संगठन मंत्री दिनेश असवाल ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, बस जरूरत है तो ईमानदार कोशिश की। गोष्ठी को आप नेता संजय पोखरियाल, सेक्टर प्रभारी विक्रांत भारद्वाज, मीडिया प्रभारी नरेंद्र सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य तेजपाल असवाल, महंत विनायक गिरी, अजय रावत, मनमोहन नेगी आदि ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

युवा सरकार की घोषणा-उत्तराखंड में शुरु होगी मुख्यमंत्री नारी सशक्तीकरण योजना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सुभाष रोड स्थित होटल में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए घोषणा की कि प्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिये मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना का शुभारम्भ किया जायेगा, इससे महिलाओं के आर्थिक स्वावलम्बन में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के अन्तर्गत महिलाओं को स्वरोजगार के लिये ऋण उपलब्ध कराने में आसानी होगी तथा उन्हें योजना के तहत तीस प्रतिशत अथवा एक लाख रूपये तक की सब्सिडी प्रदान की जायेगी। इससे बड़ी संख्या में महिलायें लाभान्वित होंगी। योजना का लाभ अविवाहित, तलाकशुदा, विकलांग आदि महिलायें प्राप्त कर सकेंगी, इसके लिये शहरी क्षेत्रों में महाप्रबन्धक जिला उद्योग केन्द्र तथा ग्रामीण क्षेत्रों में खण्ड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित होगी जो प्राप्त आवेदनों पर शीघ्रता से कार्यवाही कर आवेदकों को योजना के अन्तर्गत ऋण उपलब्ध करायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति के लिये बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं तथा उज्जवला योजना ने हमारी माताओं और बहनों के जीवन को बदल दिया है। राज्य की आर्थिकी के विकास में मातृशक्ति की बड़ी भूमिका है। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिये राष्ट्रीय आजीविका मिशन के साथ ही अन्य योजनाओं से उन्हें जोड़ा गया है। स्वयं सहायता समूहों को 05 लाख तक बिना ब्याज का ऋण उपलब्ध कराने के साथ ही उनके उत्पादों के विपणन की कारगर व्यवस्था की गई है। प्रसाद योजना भी उनके आर्थिक स्वावलम्बन का आधार बनी है। इसके लिये 119 करोड़ के पैकेज की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य बनने के बाद हमारे युवाओं की सबसे अह्म मांग रोजगार को लेकर थी। उसी के दृष्टिगत प्रदेश में 24 हजार सरकारी पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया प्रारम्भ की गई है, सभी प्रक्रियायें जल्द ही पूर्ण की जायेंगी। 31 मार्च, 2022 तक जो भी भर्ती की परीक्षायें होंगी, उनमें कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। युवाओं को समूह ‘ग’ की परीक्षा में शामिल होने के लिये अधिकतम आयु सीमा में एक साल की छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि हमारे युवा स्वयं को स्वरोजगार से जोड़कर रोजगार देने वाले बनें इसके लिये मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना आदि के तहत युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार लाखों लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नये आयाम प्राप्त कर रहा है। उन्होंने हमारी सेना में एक नया जोश भरा है। हमारा गौरवशाली भारत, वैभवशाली भारत तथा शक्तिशाली भारत का जो सपना था वो मोदी जी के मजबूत तथा सफल नेतृत्व में पूर्ण हो रहा है। अफगानिस्तान में फंसे एक एक भारतीय को वापस लाने का कार्य हमारी केन्द्र सरकार ने किया है, निश्चित रूप से जो हम आत्मनिर्भर भारत तथा शक्तिशाली भारत कहते हैं वह बन रहा है। मोदी जी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास में एक नई क्रांति का जन्म हुआ है। पूरे प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा दिया गया है। दिल्ली-देहरादून के बीच दूरी अब आधी से भी कम रह गई है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाईन निर्माण में आधुनिक मशीनों से टनल का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण प्रदेश में चारधाम यात्रा पर रोक लगाई गई थी। परन्तु हमारे प्रयास से कोविड नियमों के पालन के साथ यात्रा दुबारा शुरू कर दी गई है। भले ही अभी हल्के स्तर पर यात्रा हो रही है परन्तु जल्द ही यात्रा पुराने स्वरूप आ जायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जो भी घोषणा करेगी वह अवश्य पूर्ण की जायेंगी। अभी कोविड-19 के कारण प्रदेश की आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हुई है। पयर्टन, परिवहन, राफ्टिंग व्यवसाय को उभारने के लिए इन व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता के रूप में 200 करोड़ का पैकेज दिया गया है। इसी प्रकार स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए राज्य सरकार ने 205 करोड़ का पैकेज दिया है। यह धनराशि सीधे उनके खाते में डीबीटी के माध्यम से जमा की जा रही है।