अनंत अंबानी के राज्य आपदा प्राधिकरण में पांच करोड़ की धनराशि देने पर मुख्यमंत्री ने आभार जताया


मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कोरोना के खिलाफ जंग में अनंत अम्बानी एवं रिलायंस फाउंडेशन द्वारा उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में 5 करोड़ की राशि का योगदान दिये जाने पर उनका आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि संघर्ष की इस घड़ी में उनका यह सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है, जिससे कोरोना के खिलाफ लड़ाई को और मजबूती मिलेगी।

80 मीट्रिक टन आक्सीजन को सीएम ने किया प्रदेश के कई जगहों के लिए रवाना

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने हर्रावाला स्थित रेलवे स्टेशन पर केंद्र सरकार द्वारा ऑक्सीजन एक्सप्रेस के जरिए भेजी गई 80 मेट्रिक टन ऑक्सीजन को प्रदेश के विभिन्न स्थानों के लिए रवाना किया। सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल का आभार प्रकट करते हुए कहा कि उत्तराखंड की विषम परिस्थितियों को देखते हुए राज्य को केंद्र सरकार की तरफ से भरपूर ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऑक्सीजन गढ़वाल मंडल और कुमाऊं मंडल में भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहले भी ऑक्सीजन की कमी नहीं थी लेकिन जैसे-जैसे ऑक्सीजन बेड अस्पतालों में बढ रहे हैं वैसे ही खपत भी बढ़ती जा रही है। ऐसे में इसका लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऑक्सीजन सप्लाई लगातार आगे भी जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 18 साल से ऊपर की आयु वर्ग के लोगों का वैक्सीनेशन भी शुरू हो गया है, जिसके बाद नौजवानों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है और आगे कोई भी आवश्यकता पड़ने पर केंद्र ने प्रदेश सरकार को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड गाइडलाइन का हर हाल में पालन करें और कोरोना से बचने के लिए लगातार सावधानी बरतें।

बड़ी सब्जी मंडी के बाहर लगी आग से लाखों का नुकसान, पांच दुकानें जलीं

हरिद्वार रोड स्थित बड़ी सब्जी मंडी में बुधवार तड़के शॉर्ट सर्किट से पांच दुकान जलकर स्वाह हो गई। सूचना पर पहुंची फायर विग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब सवा दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। इससे पहले दुकानों में रखा सामान आग तबाह हो गया।

अग्निशमन प्रभारी बीरबल ने बताया की बुधवार तड़के 1 बजे तक 15 मिनट पर फायर विग्रेड की टीम को सूचना मिली कि हरिद्वार रोड स्थित बड़ी सब्जी में बाहर फल व सब्जी की फुटकर की दुकानों में आग लग गई। सूचना पर तत्काल एक बड़े अग्निशमन वाहन को लेकर फायर विग्रेड की टीम मौके पर पहुंची। दुकानों पर लगी आग इतनी भयंकर रूप धारण कर लिया था। आग लपटें आसमान में दिखने लगी। करीब सवा दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिली। इससे पहले पांचों दुकानों का सामान आग में जलकर राख हो गया।

अग्निशमन अधिकारी बीरबल ने बताया की प्रथमदृष्टतया मामला शॉर्ट सर्किट से लाग लगने की वजह बताई जा रही है। बताया की इन दुकानों के पास बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर है। जिससे शॉर्ट सर्किट होने से दुकानों में आग लगी। बताया की करीब पांच लाख रूपये का नुकसान होने को दावा दुकानदारों द्वारा किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है

सीएसआर में राज्य को कोविड से संबंधित सहायता पर सीएम ने की हीरो मोटोकाॅर्प के साथ वर्चुअल बैठक

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने उत्तराखंड में कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण पर नियंत्रण के लिए सहयोग के उद्देश्य से आज देश के जाने-माने उद्योगपति और हीरो मोटोकॉर्प ग्रुप के प्रबंध निदेशक पवन मुंजाल से वर्चुअल मीटिंग की। मीटिंग में उन्होंने मुंजाल से चर्चा कर उनसे सीएसआर में कोविड से संबंधित मेडिकल इक्विपमेंट देने का अनुरोध किया।

पवन मुंजाल ने राज्य में कोविड की रोकथाम के लिए हरसंभव सहयोग के प्रति मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी पर मिलजुलकर और सभी के सहयोग से ही विजय प्राप्त की जा सकती है। वर्चुअल बैठक में हीरो मोटोकॉर्प ग्रुप के भारतेंदु कवि, एस. जागीरदार और सलोनी भी उपस्थित थीं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आज बालाजी एक्शन बिल्डवेल के पदाधिकारियों के साथ भी वर्चुअल बैठक की। बालाजी एक्शन बिल्डवेल ने सितारगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्माण और जीर्णोद्धार का प्रस्ताव राज्य सरकार के समक्ष रखा।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के समक्ष दिए गए प्रस्तुतिकरण में उन्होंने संस्थान का प्रमुख उद्देश्य सितारगंज में विश्व स्तरीय अधोसंरचना वाले अस्पताल का निर्माण करना बताया।

उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित इस अस्पताल में मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। अस्पताल में उच्च स्तरीय टेस्टिंग लैब और ब्लड बैंक की सुविधा उपलब्ध होगी साथ ही यहां एलोपैथी चिकित्सा के साथ ही होम्योपैथी और आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से भी उपचार उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि मरीजों को अस्पताल के कैफेटेरिया और कैंटीन पौष्टिक और संतुलित आहार प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और उनके विस्तार के लिए निजी क्षेत्र को आगे आने और मिलजुलकर कार्य करने की आवश्यकता है। राज्य सरकार द्वारा विश्व स्तरीय अधोसंरचना वाले अस्पताल के निर्माण में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

सप्ताह भर में गंगा रिसार्ट और खाड़ी सीएसएसी में तैयार होगा कोविड सेंटर

मुनिकीरेती में गढ़वाल मंडल विकास निगम के गेस्ट हाउस गंगा रिसार्ट और खाड़ी सीएससी में बनाए जा रहे कोविड सेंटर करीब हफ्ते भर में बनकर तैयार होंगे। इनमें आॅक्सीजन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। मंगलवार को गंगा रिसार्ट में निर्माणाधीन कोविड सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने यह बात कही।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि एक करोड़ की विधायक निधि से गंगा रिसोर्ट और खाड़ी सीएससी में कोविड सेंटर बनाए जा रहे हैं। जिनमें कुल 200 बेडों की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि बेडों में आॅक्सीजन की सुविधा मुहैया कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। करीब हफ्ते भर में दोनों कोविड सेंटर पूर्ण रूप से बनकर तैयार होंगे। इनके निर्माण से कोरोना के संक्रमण को रोकने एवं गंभीर संक्रमितों के इलाज में काफी सहायता मिलेगी। बताया कि वर्तमान में गंगा रिसोर्ट में 18 से 45 वर्ष की उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है।

इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने जीएमवीएन के ऋषिलोक गेस्ट हाउस में बनाए कोविड सेंटर में व्यवस्थाओं को देखा, साथ ही यहां भर्ती मरीजों से उनकी कुशलक्षेम जानी। इस दौरान उन्होंने आला अधिकारियों को भोजन एवं दवाईयों की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देशित भी किया। कोविड सेंटर में सफाई व्यवस्था को लेकर यहां भर्ती मरीजों ने कैबिनेट मंत्री के समक्ष संतुष्टता जाहिर की।

मौके पर पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी, उपजिलाधिकारी युक्ता मिश्र, प्रभारी चिकित्साधिकारी फकोट डाॅ जगदीश जोशी, गंगा रिसार्ट प्रबंधक आरपी ढौंडियाल आदि उपस्थित थे।

जीएमवीएन की वेबसाइट से तीर्थयात्रियों ने हेली सेवा के लिए की थी बुकिंग, अब लौटाई जाएगी


कोरोना के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा स्थगित करने का निर्णय लिया था। इसके फलस्वरूप जिन यात्रियों ने श्री केदारनाथ हेली सेवा के लिए अग्रिम बुकिंग करायी थी उन यात्रियों की धनराशि वापिस करने का उत्तराखंड सरकार ने निर्णय लिया है। पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने जीएमवीएन को तीर्थयात्रियों को टिकट की धनराशि लौटाने के निर्देश दिये हैं।

जीएमवीएन ने देहरादून के राजपुर रोड स्थित यस बैंक के शाखा प्रबंधक को पत्र लिखकर तीर्थयात्रियों की धनराशि हस्तांतरित करने का निर्देश दिया है। कहा ‘‘चारधाम यात्रा सदैव से ही देश-विदेश के लाखों तीर्थयात्रियों को उत्तराखंड की ओर आकर्षित करती रही है। हालांकि कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमण फैलने के खतरे और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार की ओर से इस साल चारधाम यात्रा को स्थगित करने का फैसला लिया गया है।’’

देश-विदेश के तीर्थयात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 17 मई से संचालित की जाने वाली हेली सेवा के लिए 2 अप्रैल 2021 से जीएमवीएन की वेबसाइट के माध्यम से टिकटों की अग्रिम ऑनलाइन बुकिंग शुरू की गई थी। जिसके लिए कई तीर्थयात्रियों की ओर से ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग की गई थी।

जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक आशीष चैहान ने बताया कि बुकिंग की धनराशि हेली ऑपरेटर्स की ओर से जीएमवीएन द्वारा ली जाती है, जो कि जीएमवीएन के यस बैंक लिमिटेड द्वारा संचालित खाते में हस्तांतरित होती है। आज यस बैंक को २०० रुपए की प्रोसेसिंग फीस छोड़ कर बाकी धनराशि यात्रियों के बैंक खातों में जमा करने के निर्देश दे दिए गए है ।

अब तक 11 हजार से अधिक यात्रियों ने हेली सेवा की बुकिंग की थी। इस फैसले से देश-विदेश के हजारों तीर्थयात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

बादल फटने के बाद देवप्रयाग की कई इमारतों को नुकसान

उत्तराखंड के देवप्रयाग के ऊपरी क्षेत्र में मंगलवार देर शाम मूसलाधार बारिश के बाद बादल फट गया। बादल फटने से क्षेत्र में गदेरा उफान पर आ गया, कई दुकानें और मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं, आईटीआई का भवन भी ध्वस्त हो गया।

गनीमत रही कि कोविड कर्फ्यू के चलते दुकानें बंद थी, जिससे अभी तक कोई जनहानि की कोई सूचना नहीं है। प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। एक ओर जहां ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का क्रम बना हुआ है तो वहीं पहाड़ों में तेज बारिश का सिलसिला जारी है। मैदानी इलाकों में भी मौसम रंग बदल रहा है। भारी बारिश के चलते देवप्रयाग में बादल फटने से काफी नुकसान हुआ है। मंगलवार शाम करीब पांच बजे दशरथ आंचल पर्वत पर बादल फटा। जिससे शांता गदेरा उफान पर आ गया। मलबा आने से देवप्रयाग मुख्य बाजार में भी दस दुकानों को नुकसान हुआ है। संगम बाजार का रास्ता भी बंद हो गया है। कोरोना कर्फ्यू के कारण इस क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बंद थी। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। फिलहाल, एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल की तरफ बढ़ रही है।

स्पीकर प्रेमचंद ने की रक्षा मंत्री की सराहना, लिखा पत्र

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने धन्यवाद किया है। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में अस्थायी कोविड चिकित्सालय स्थापित करने को लेकर स्पीकर ने रक्षा मंत्रालय की सराहना की है। उन्होंने इस बावत रक्षा मंत्री को पत्र भी लिखा है।

कहा कि डीआरडीओ की मदद से कुमाऊं क्षेत्र में हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज कैंपस में 500 आक्सीजन बेड और आईसीयू बेड बनाए जा रहे हैं। गढ़वाल क्षेत्र में ऋषिकेश के आईडीपीएल में 500 आक्सीजन बेड के अस्थायी अस्पताल का निर्माण कार्य चल रहा है। इसे एम्स ऋषिकेश संचालित करेगा। इसके अलावा हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में डीआरडीओ की मदद से 400 आक्सीजन बेड तैयार किए जा रहे हैं। वैश्विक महामारी की रोकथाम में रक्षा मंत्रालय ने संपूर्ण देश में जिस प्रकार से त्वरित गति से कार्य कर आम जनता को हर संभव सहायता पहुंचाने का कार्य किया है, वह निश्चित रूप से सराहनीय है। उत्तराखंड की जनता को इसका लाभ मिलेगा एवं कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज भी शीघ्रता से होगा।

सीएम राहत कोष में पंचायती राज विभाग ने दिए एक करोड़ 51 लाख

पंचायती राज विभाग की ओर से मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री राहत कोष में कोविड-19 हेतु के 1 करोड़ 51 लाख की धनराशि चेक के माध्यम सौंपी गई।

मुख्यमंत्री द्वारा पंचायती राज विभाग के इस पहल की सराहना की गई। सचिव पंचायती राज हरीश चंद्र सेमवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष हेतु प्रदेश की सभी 13 जिला पंचायतों ने अपनी निधि से एक करोड़ रुपए की धनराशि एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों ने अपने वेतन से 51 लाख यानी कि कुल एक करोड़ 51 लाख रुपए मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए सौंपे गए।

अल्मोड़ा पहुंचे सीएम, कोविड कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत जनपद अल्मोड़ा के मुख्यालय पहुॅचे। जहॉ उन्होंने बेस चिकित्सालय-मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया। उन्होंने बेस चिकित्सालय में चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम चिकित्सालय में कोरोना मरीजों की जानकारी के लिए स्थापित हैल्प डैस्क का निरीक्षण कर जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने चिकित्सालय में डिजीटल डिस्प्ले सिस्टम जिसके माध्यम से लोग प्रतिदिन बेस में हो रहे आरटीपीसीआर सैम्पल की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, का भी निरीक्षण किया।
वहीं कोविड कन्ट्रोल रूम का भी उन्होंने निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने सीएनडीएस द्वारा बनाये जा रहे 12 बैड के आईसीयू कक्षों का निरीक्षण भी किया। प्राचार्य मेडिकल कालेज द्वारा इसके बारे में जानकारी प्रदान की गयी। उन्होंने आईसीयू कक्ष को जल्द से जल्द संचालित करने के निर्देश अधिकारियों को दिये।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोविड वार्ड व उसमें भर्ती मरीजों की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की और कहा कि मरीजों के ईलाज में किसी भी प्रकार की कमी न होने दी जाय और उन्हें बेहतर ईलाज मुहैया कराया जाय। इस दौरान एचएलएल संस्था द्वारा बेस में निर्माणाधीन आक्सीजन जनरेशन प्लान्ट का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को 25 मई तक प्लान्ट निर्माण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि एचएलएल के उच्चाधिकारियों से उनके द्वारा वार्ता कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये जायेंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज के अवशेष निर्माण कार्य किन्ही कारणों से रूके थे जो अब प्रारम्भ हो चुके है और उन्हें जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक संसाधनों की कमी आडे़ नहीं आने दी जायेगी। अल्मोड़ा को एक दो दिन में 35 आक्सीजन कन्सन्ट्रेटर्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेजों में अन्तिम वर्ष के छात्रों व पूर्व सैनिकों की सेवायें लेकर कोविड में मैनपावर की कमी को दूर किया जायेगा।

इसके बाद मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत द्वारा राजकीय होटल मैनेजमेंट में चल रहे वैक्सीनेशन सेन्टर का निरीक्षण भी किया उन्होंने टीका लगा रहे लोगों से जानकारी प्राप्त की और कहा कि हमें अधिक से अधिक लोगां का टीकाकरण करते हुए इस महामारी को रोकने के प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि आज से प्रदेश में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के नागरिकों के लिए मुफ्त टीकाकरण प्रारम्भ किया गया है जिसमें 400 करोड़ से अधिक धनराशि का व्यय होगी जिसका वहन राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के साथ खड़ी है सभी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध कराने के हर सम्भव प्रयास किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 में मीडिया कर्मियों द्वारा बेहतर कार्य किया गया है इस दौरान मीडिया के महत्व को देखते हुए उन्हें फ्रर्न्ट लाईन वर्कर के रूप में प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीन लगायी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कोरोना संक्रमण रोकथाम के लिए बेहतर प्रबन्ध करने, दवाईयों व आवश्यक उपकरणों की कालाबाजारी करने वाले पर सख्ती और जनपद की सीमाओं में कड़ी निगरानी रखते हुए प्रत्येक आने वाले व्यक्ति की गहन जॉच करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने की जरूरत है, आशा सर्विलांस बढ़ाया जाय। पॉजिटिव आ रहे लोगां को होम आईसोलेशन किट तत्काल उपलब्ध कराये और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहें। उन्होंने कहा कि लोगों को इस बात के लिए प्रेरित किया जाय कि हल्के लक्षण होने पर भी अपनी जॉच अवश्य करायें व डाक्टर का परामर्श अवश्य लें।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जनपद में करोना संक्रमण की रोकथाम एवं आवश्यक तैयारियों की पॉवर पाइंट प्रजेंटशन के माध्यम से मुख्यमंत्री के सम्मुख रखी। इस दौरान प्राचार्य मेडिकल कालेज आर.जी. नौटियाल ने भी मेडिकल कालेज के कार्यों की प्रगति व समस्याओं के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया जिस पर उन्होंने शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया। इस दौरान मा0 विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चैहान, सांसद अजय टम्टा, विधायक महेश नेगी, विधायक महेश जीना ने कई समस्यायें सम्बन्धित क्षेत्र से मुख्यमंत्री के सम्मुख रखी जिस पर उन्होंने उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, बाल विकास राज्य मंत्री रेखा आर्या, सांसद नैनीताल अजय भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी नवनीत पाण्डे, अपर जिलाधिकारी बीएल फिरमाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सविता हंयाकी, एसीएमओ डॉ. योगेश पुरोहित, डॉ. दीपांकर डेनियल, उपजिलाधिकारी सीमा विश्वकर्मा, मोनिका, तहसीलदार संजय कुमार, पीएमएस एचसी गढ़कोटी, अनिल आर्या, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा गोविन्द सिंह पिलख्वाल, रमेश बहुगुणा, कैलाश गुरूरानी, पुलिस उपाधीक्षक वीर सिंह, आपदा प्रबन्धन अधिकारी राकेश जोशी आदि उपस्थित थे।