तीसरे दौरे में केजरीवाल ने युवाओं के लिए की बड़ी घोषणा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार के अपने उत्तराखंड (कुमाऊं) दौरे के दौरान युवाओं को लुभाने का पूरा प्रयास किया। उन्होंने युवा वोटरों को लुभाने के लिए छह बड़ी घोषणाएं कीं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हल्द्वानी दौरे के दौरान युवाओं के लिए बड़ी घोषणाएं करते हुए कहा कि उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर छह माह में एक लाख नौकरी दी जाएंगी। साथ ही सरकारी और निजी क्षेत्र में 80 प्रतिशत नौकरियां उत्तराखंड के युवाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी। आप की सरकार बनने के बाद उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। रोजगार न मिलने तक हर परिवार से एक युवा को पांच हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। इसके साथ ही अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी पांच साल का स्थाई मुख्यमंत्री भी देगी। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि दूसरे दलों में जो अच्छे लोग हैं उनका स्वागत है। अरविंद केजरीवाल आज रविवार को उत्तराखंड के एक दिनी दौरे पर रहे। हल्द्वानी में मीडिया से बात करने के बाद अरविंद केजरीवाल तिरंगा संकल्प यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। समर्थन में आए कार्यकर्ता और लोग हाथों में तिरंगा लिया संकल्प यात्रा में पहुंचे। इस दौरान केजरीवाल और कर्नल (रिटा.) अजय कोठियाल के समर्थन में खूब नारेबाजी की गई। गौरतलब है कि बीते दो महीनों में केजरीवाल देहरादून का दो बार दौरा कर चुके हैं। वहीं, आज उनका कुमाऊं क्षेत्र का पहला दौरा है।

गुरूद्वारा नानकमत्ता साहिब के दरबार पहुंचे राज्यपाल और मुख्यमंत्री

राज्यपाल ले0ज0 (सेनि0) गुरमीत सिंह एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक दिवसीय कार्यक्रम के दौरान गुरूद्वारा नानकमत्ता साहिब में पहुचकर मत्था टेक कर प्रदेश की खुशहाली के लिए अरदास की। इसके उपरान्त उन्होने गुरूद्वारा परिसर में झाड़ू लगाई तदोपरान्त लंगर में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष व सम्मानित सभी सदस्यों ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री को सरोपा भेंट किया। राज्यपाल ने कहा कि मुझे आज बहुत खुशी हो रही है कि आज गुरु के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। यहां आकर मुझे आप लोगों का जो स्नेह व आर्शीवाद मिला है, उससे मै अभिभूत हुं। उन्होने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे इस प्रकार सभी का आर्शीवाद मिलेगा तो मुझे उत्तराखण्ड की सेवा करने में और बल मिलेगा। उन्होने कहा कि राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के द्वारा जो दायित्व मुझे दिया गया है, मै उसका निर्वाहन एक सैनिक के रूप में पूरी निष्ठा से करूंगा। उन्होने कहा कि जो सम्मान मुझे मिला है वह सिक्ख समुदाय के हर व्यक्ति का सम्मान है। उन्होने कहा कि सच्चे बादशाह गुरु नानक देव ने हमको सरलता, नम्रता, करुणा, सेवा आदि का जो सबक सिखाया है, वह बहुत ही अच्छा मार्गदर्शन है। उन्होने कहा कि आज मैने सच्चे बादशाह से प्रार्थना की है कि उत्तराखण्ड की पावन धरती जिसमें चार धाम, हेमकुंड साहिब, रीठा साहिब व नानकमत्ता साहिब है। मुझे उनका आर्शीवाद प्राप्त हो जिससे मै अपना एक-एक क्षण उत्तराखण्ड की सेवा में लगाऊं।

व्यापारिक हितों को लेकर संघर्ष करते रहेंगे व्यापारी

प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तराखंड की जिला ऋषिकेश इकाई का जिला स्तरीय सम्मेलन देहरादून रोड स्थित व्यापार सभा भवन में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि प्रांतीय चेयरमैन अनिल गोयल व प्रांतीय अध्यक्ष नवीन वर्मा रहे। साथ ही साथ प्रदेश महामंत्री प्रकाश चंद्र मिश्रा, संयुक्त महामंत्री दिनेश डोभाल, विपिन नागलिया, सुभाष कोहली, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश डिमरी, माधव सेमवाल, केके सिंघल, प्रदेश संगठन मंत्री हरगोपाल अग्रवाल, प्रदेश मंत्री ईश्वर मैखुरी, गढ़वाल प्रभारी सुरेश बिष्ट भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि अनिल गोयल ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि कोरोना काल के दौरान सरकार टूरिज्म से संबंधित टैक्स माफ करें। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण व्यापारियों को काफी नुकसान झेलना पड़ा है, इसलिए सरकार व्यापारियों को अन्य रियायतें भी दे।
अध्यक्ष नवीन वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार जीएसटी के सर्वे करवा रही है, जो सर्वथा गलत है। व्यापारी पिछले 2 साल से वैसे ही परेशान है। उस पर जीएसटी का सर्वे सरकार का गलत निर्णय है, जिसे किसी भी हालत में होने नहीं दिया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री प्रकाश चंद्र मिश्रा ने कहा कि यात्रा का आरंभ हो गई है जिसका स्वागत होना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की, कि भारी बारिश के कारण टूटे हुए रास्तों को सरकार तुरंत दुरुस्त करें, जिससे आने वाले यात्रियों को समस्या ना हो। प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने युवा इकाई के जिलाध्यक्ष पद पर आशु डंग की घोषणा की।
मौके पर जिला अध्यक्ष नरेश अग्रवाल ने कहा कि गढ़वाल का मुख्य द्वार है किंतु यहां पार्किंग की भारी समस्या है। जिस कारण बाहर से आने वाले लोगों को दिक्कत होती है और व्यापारी को आर्थिक नुकसान होता है। उन्होने सरकार से ऋषिकेश में पार्किंग बनाने के मांग की ।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, महामंत्री प्रतीक कालिया, कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, रविकुमार जैन, जिला मीडिया प्रभारी मनोज अग्रवाल, अरविंद जैन, राजकुमार तलवार, जिला उपाध्यक्ष दीपक तायल, जिला महामंत्री सचिन गर्ग, ललित मनचंदा, आशु डंग, आशु अरोड़ा, दीपक अरोड़ा, जगमीत सिंह, घनश्याम डंग, शिवम टुटेजा आदि उपस्तिथि रहे।

आईडीपीएल क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार कर रही सरकार-जयेन्द्र रमोला

नगर निगम क्षेत्र में आईडीपीएल क्षेत्र को सम्मिलित करने को लेकर आवासीय कल्याण समिति द्वारा दिये जा रहे एक दिवसीय धरने को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने अपना समर्थन दिया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि जहां एक ओर भाजपा जन आर्शीवाद कैली के माध्यम से जनता का आर्शीवाद मांग रही है। वहीं दूसरी ओर अपनी मूलभूत समस्याओं के लिये लोगों को धरने में बैठना पड़ रहा है। आज आईडीपीएल में रहने वाले लोग अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। ये लोग ना तो नगरीय क्षेत्र में नाही ग्रामीण क्षेत्र में शामिल हैं। ऐसे में यहां रह रहे लोगों को अपनी समस्याओं के लिये संघर्ष करना पड़ता है। जबकि कभी आईडीपीएल ऋषिकेश के व्यापार की रीढ़ होता था, परन्तु आज सालों से बैठें जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण यहां की स्थिति बद से बदतर हो रही है। रमोला ने अपना व कांग्रेस पार्टी का पूर्ण समर्थन धरने को देते हुऐ कहा कि इस लड़ाई के लिये किसी भी स्तर पर जाकर अगर आंदोलन करना पड़ेगा, तो हम तैयार हैं।
धरने पर बैठने वाले समिति के सचिव सुनील कुटलैहडिया, रामेश्वरी चौहान, नीलम चंदानी, मौली कर्माकर, सूरज कुकरेती, सुमित्रा बिष्ट थे। जबकि धरना स्थल पर बढ़ी संख्या में महिलायें व वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

चारधाम यात्रा को सुलभ बनाने के लिए वाहनों की लॉटरी निकली शुरु

गढ़वाल मंडल टैक्सी चालक एवं मालिक एसोसिएशन ऋषिकेश के तत्वावधान में एसोसिएशन के हरिद्वार रोड स्थित मुख्यालय में चार धाम यात्रा के मध्य नजर टैक्सी वाहनों की लॉटरी निकाली गई। पंडित आसाराम सकलानी के वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत ने चार धाम यात्रा हेतु टैक्सी वाहनों की लॉटरी निकाली। टैक्सी वाहन संख्या नं. यूके-14टीए 1569 मेघा चौहान की टैक्सी का प्रथम नंबर निकला।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले तीर्थ यात्रियों को अतिथि देवो भव की भावना के अनुसार सुगम, सुलभ, वाजिब दाम पर दुर्घटना रहित यात्रा कराना एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य है। इस दौरान सचिव विजेंद्र कंडारी, प्रधान नरेंद्र वर्मा, सह सचिव रमेश सिंह रावत, कोषाध्यक्ष उमेश चौहान, उप कोषाध्यक्ष जोग जीवन बनर्जी, सोहन सिंह रौतेला, ग्रीश नेगी, दिगंबर सिंह बिष्ट, अनुपम भाटिया, शिवकुमार बजाज, भगवत पांडे, छोटेलाल दीक्षित, वीरेंद्र कुमार मिश्रा, अमर सिंह, देशराज, जगबीर खरोला, आदि टैक्सी चालक एवं मालिक उपस्थित थे।

विस अध्यक्ष ने सरकारी अस्पताल का दौरा कर व्यवस्थाएं जांची

एसपीएस राजकीय चिकित्सालय, ऋषिकेश में प्रस्तावित ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट एवं ऑक्सीजन स्टोरेज प्लांट को स्थापित करने की कवायद शुरू कर दी गई है, जिसको लेकर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने राजकीय चिकित्सालय पहुंचकर ऑक्सीजन प्लांट एवं स्टोरेज प्लांट लगाने के लिए चिन्हित स्थान का निरीक्षण किया।
अवगत करा दें कि एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट एवं ऑक्सीजन स्टोरेज प्लांट स्थापित किए जाने के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है एवं वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन द्वारा विभाग द्वारा प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है। शीघ्र ही वित्तीय स्वीकृति प्राप्त होने पर एसपीएस राजकीय चिकित्सालय के परिसर में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट एवं ऑक्सीजन स्टोरेज प्लांट स्थापित किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा चिन्हित स्थान का निरीक्षण करने के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक विजयेश भारद्वाज ने अवगत कराया कि प्रस्तावित ऑक्सीजन प्लांट के निर्मित होने के बाद प्लांट से 24 घंटे 800 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन का उत्पादन होगा वहीं स्थापित होने वाले ऑक्सीजन स्टोरेज प्लांट की क्षमता 10 मिट्रिक टन ऑक्सीजन स्टोर करने की है। सीएमएस ने बताया कि प्लांट से अस्पताल को निर्बाध रूप से ऑक्सीजन की सप्लाई मिलती रहेगी, जिससे अस्पताल में भर्ती मरीजों को उनके बेड पर ही 24 घंटे हाईफ्लो ऑक्सीजन मिल सकेगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही ऑक्सीजन प्लांट को वित्तीय स्वीकृति प्राप्त होगी, जिसके बाद ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट स्थापित होने से अस्पताल में भर्ती मरीजों को इसका लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की संभावित तिथि लहर से रोकथाम के प्रयास के लिए निश्चित ही इसका लाभ प्राप्त होगा। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने ऑक्सीजन प्लांट से संबंधित अन्य जानकारी भी उपस्थित अधिकारियों से प्राप्त की।
वहीं, इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने डेंगू मरीजों के लिए बनाए गए वार्ड का भी निरीक्षण किया, इस दौरान डेंगू वार्ड में भर्ती मरीज से बातचीत कर स्वास्थ्य का हाल-चाल भी जाना। श्री अग्रवाल ने इस मौक़े पर कोरोना टीकाकरण से संबंधित जानकारी भी डॉक्टरों से प्राप्त की।
इस अवसर पर राजकीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक विजयेश भारद्वाज, बीपी भट्ट, डॉ पीपी गर्ग, नगर निगम पार्षद शिव कुमार गौतम, संजीव पाल, राजू नरसिम्हा, जयंत किशोर शर्मा, हरिशंकर प्रजापति, दुर्गेश जाटव, कविता शाह, रवि दुबे, राजू दिवाकर, सुमित सेठी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

मसूरी विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री ने की 14 घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सर्वे ऑफ इण्डिया परिसर में मसूरी विधानसभा क्षेत्र की लगभग 70 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने बहल चौक से सर्वे ऑफ इण्डिया तक जन आशीर्वाद रैली में भी प्रतिभाग किया।

मसूरी विधानसभा क्षेत्र की मुख्यमंत्री की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मसूरी विधानसभा के लिए 14 घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वार्ड 5 धोरणखास, वार्ड 7 जाखन, वार्ड 8 सालावाला, वार्ड 9 आर्यनगर, वार्ड 10 डोभालवाला, वार्ड 11 विजय कालोनी सहित बिलासपुर काडली, जैतनवाला एवं मंसदावाला में सड़कों का पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण किया जाऐगा। विजय कालोनी, पथरिया पीर, नीलकण्ठ विहार, इंदिरा कालोनी चुक्खुवाला क्षेत्र में सीवर लाईन निर्माण का कार्य किया जायेगा। सिगली. हल्दूवाला (संतला देवी), भितरली एवं मसंदावाला में झील का निर्माण किया जायेगा। वार्ड 8 सालावाला में न्यू कैंट रोड़ से सालावाला की ओर जाने वाले मार्ग पर पुल निर्माण किया जायेगा। ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य किया जाऐगा। सरोना न्याय पंचायत क्षेत्र के अर्न्तगत 5 किमी आन्तरिक सीसी सड़कों एवं पुश्तों का निर्माण किया जायेगा। ग्राम पंचायत चामासारी में पशु सेवा केन्द्र बनाया जायेगा। ग्राम पंचायत चामासारी के तल्यानीगाड गांव हेतु राजपुर टोल से सिमयाना तक 4 किमी सड़क का निर्माण किया जायेगा। ग्राम पंचायत सेरागांव के अर्न्तगत सिलकोटी में पुल निर्माण किया जाएगा। ग्राम पंचायत सरोना के छोटी छमरोली से डोमकोट तक 4 किमी सड़क निर्माण किया जायेगा। ग्राम पंचायत सिल्ला के अर्न्तगत शेरा- सिल्ला-डबराना गढ़-बुरासखण्डा तक 10 किमी सड़क निर्माण किया जायेगा। ग्राम पंचायत सिल्ला के शेरा, भूमिसरो काडद, काणीगाड आदि क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा कार्य किया जायेगा। सहस्त्रधारा नहर के भूमिगत भाग में आरसीसी पाईप बिछाने का कार्य किया जायेगा। जिला पंचायत चन्द्रोटी में 5 किमी आन्तरिक सड़कों एवं पुश्तों का निर्माण किया जायेगा।

मुख्यमंत्री द्वारा किये गये महत्वपूर्ण लोकार्पण एवं शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने जिन महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया उनमें 5 करोड़ रूपये की लागत के देहरादून-किमाड़ी-लम्बीधार-होलोक कम्पनी गार्डन मोटर मार्ग में 30 एम.एम.बी.सी. द्वारा सतह सुधार का कार्य, 4 करोड़ 71 लाख की रूपये की लागत के देहरादून-मसूरी राज्यमार्ग संख्या-1 में दिलाराम चौक से कुठालगेट तक बी.सी द्वारा मार्ग का सतह सुधार का कार्य, 4 करोड़ 54 लाख रूपये की लागत के राजपुर से कुठालगेट मोटर मार्ग में 30 एम.एम.बी.सी. द्वारा सतह सुधार का कार्य, हाथीबड़कला-मालसी मोटर मार्ग तथा स्नोव्यू-झड़ीपानी बार्लाेगंज मसूरी मोटर मार्ग में 30 एम.एम.बी.सी. द्वारा सतह सुधार का कार्य शामिल है। मुख्यमंत्री ने जिन महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया उनमें 5 करोड़ 22 लाख रूपये की अनुमानित लागत के सहस्त्रधारा-चामासारी मोटर मार्ग का डामरीकरण का कार्य, 4 करोड़ 89 लाख की अनुमानित लागत के कालीदास रोड, पुनर्गठन सीवरेज योजना का कार्य, 3 करोड़ 23 लाख की अनुमानित लागत के मसूरी विधानसभा अन्तर्गत सड़कों का निर्माण कार्य एवं 2 करोड़ 25 लाख रूपये की अनुमानित लागत के अनारवाला पेयजल योजना का सुदृढ़ीकरण का कार्य शामिल है।

प्रधानमंत्री के पद्चिन्हों पर चलकर किये जा रहे हैं राज्य में विकास कार्य-सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के पद्चिन्हों पर चलकर राज्य में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का उत्तराखण्ड के प्रति विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि जब मैं प्रधानमंत्री से मिलने दिल्ली गया तो मुझे मिलने के लिए मात्र 15 मिनट का समय मिला था, लेकिन प्रधानमंत्री जी ने 1 घण्टे 40 मिनट तक उत्तराखण्ड से जुड़े अनेक पहलुओं पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि राज्य को हरसंभव मदद दी जायेगी। केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं को आगे बढ़ाने के साथ ही राज्य में भी अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। हमारा लक्ष्य है कि समाज के अंतिम पंक्ति तक खड़े लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले।

रोजगार और स्वरोजगार पर सरकार का विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राष्ट्र के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवाओं को प्रदेश में रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिले इसके लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। राज्य में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। ये भर्ती प्रक्रिया जल्द पूर्ण की जाएगी। स्वरोजगार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास सरकार का मूलमंत्र है। जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 10 से 12 बजे तक जन समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यों के सरलीकरण, समाधान निस्तारण एवं उनकी संतुष्टि भी हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जिलों में शिविरों के माध्यम से आम जनमानस तक पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश को अगले 10 सालों में विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा, चिकित्सा, पर्यटन, कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की भूमि हमारे वीर सैनिकों एवं राज्य आन्दोलनकारियों की भूमि है, इनके सपनों के अनुरूप राज्य का विकास हो, इस दिशा में राज्य सरकार द्वारा विशेष प्रयास किये जा रहे हैं।

सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध-सैनिक कल्याण मंत्री
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के लिए सीएम द्वारा की गई घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। देश की रक्षा के लिए हमारे जवानों ने हमेशा अपना सर्वस्व दिया है। युद्ध में किसी भी सैनिक या अर्द्धसैन्य बलों के जवानों की वीरगति होने पर राज्य सरकार द्वारा उनके एक आश्रित को उनकी शैक्षिक योग्यता के आधार पर राज्याधीन सेवाओं में नौकरी दी जा रही है। सैनिकों के कल्याण के राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।

राफ्ट संचालकों में खुशी, साहसिक रोमांच का सफर हुआ शुरु

पर्यटन व्यवसाय से जुड़े 15 हजार लोगों को पर्यटन विभाग की ओर से अब तक 7 करोड़ की धनराशि वितरित की जा चुकी है। उक्त बात गंगा नदी राफ्टिंग रोटेशन समिति द्वारा साहसिक पर्यटन राफ्टिंग सीजन समारोह के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने अपने संबोधन में कहीं।
प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को मुनिकीरेती स्थित खारास्रोत में गंगा नदी राफ्टिंग रोटेशन समिति द्वारा साहसिक पर्यटन राफ्टिंग सीजन समारोह का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर राफ्टिंग, एयरो स्पोर्ट्स सेवा प्रदाताओं सहित समस्त पर्यटन कारोबारियों को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि साहसिक पर्यटन राफ्टिंग सीजन समारोह का शुभारंभ करते हुए उन्हें अपार प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने आयोजन कर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोरोना काल के पश्चात साहसिक पर्यटन राफ्टिंग का प्रारंभ होना पर्यटन व्यवसायियों के लिए बेहद ही सुखद है।
पर्यटन मंत्री महाराज ने कहा कि कोविड संक्रमण के चलते आर्थिक मंदी से जूझ रहे चारधाम यात्रा और पर्यटन से जुड़े कारोबारियों के लिए राज्य सरकार ने 200 करोड़ रुपए के आर्थिक पैकेज की घोषणा की है। पर्यटन विभाग की ओर से अब तक पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लगभग 15 हजार लोगों को 7 करोड़ की धनराशि वितरित की जा चुकी है।
महाराज ने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा विशेष क्षेत्र एवं गतिविधियों हेतु बनाई गई समितियों के पास अपने संसाधन से पर्यटन विभाग द्वारा स्वीकृत 631 राफ्टिंग प्रति गाइड के हिसाब से 10 हजार रूपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता दी गई है। जिस पर 63 लाख 10 हजार की धनराशि व्यय की गयी।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी पंजीकृत 301 राफ्टिंग, एयरो स्पोर्टस सेवा प्रदाताओं को राहत देते हुए उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा लिए जाने वाले लाइसेंस नवीनीकरण शुल्क में भी छूट प्रदान की है। इस पर 65 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई।
महाराज ने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा एडवेंचर टूर ऑपरेटरों को भी बड़ी राहत देते हुए 30 लाख 30 हजार रूपये का आर्थिक पैकेज दिया गया है। इसके तहत 303 एडवेंचर टूर ऑपरेटरों को 10 हजार रूपये प्रति फर्म के हिसाब से एकमुश्त आर्थिक सहायता दी गई है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, मुनिकीरेती नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, एसीईओ पर्यटन कर्नल अश्वनी पुंडीर, संयुक्त निदेशक पर्यटन विवेक चौहान, जिला साहसिक खेल अधिकारी सोवत राणा, दिनेश भट्ट, विकास भंडारी, हुकम सिंह रावत, रामपाल भंडारी, मदन बडोनी, धनवीर भंडारी, हेमंत चौहान, अनुराग रावत, राजेश पुंडीर, राजेंद्र भंडारी, अजय धमान्दा, लेखराज भंडारी, वीरेंद्र गुसाईं और पंकज भट्ट आदि उपस्थित थे।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सरकार बढ़ाने जा रही मानदेय

प्रदेश सरकार 35 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने जा रही है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, इसके लिए विभाग की ओर से प्रस्ताव तैयार कर इसे मंजूरी के लिए वित्त विभाग को भेजा गया है। वित्त की मंजूरी के बाद प्रस्ताव कैबिनेट में लाया जाएगा। इससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक से दो हजार रुपये का इजाफा होगा। इसके अलावा एक महीने के भीतर सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। 
प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 7500 रुपये, मिनी कार्यकर्ताओं को 4750 रुपये एवं सहायिकाओं को 3750 रुपये मानदेय दिया जा रहा है। सरकार आंगनबाड़ी एवं मिनी कार्यकर्ताओं के मानदेय में दो हजार एवं सहायिकाओं के मानदेय में 1500 रुपये की बढ़ोत्तरी कर सकती है। 

चारधाम यात्रा शुरु, तीर्थयात्रियों के साथ ही कारेाबारियों के खिले चेहरे

केदारनाथ, बदरीनाथ सहित चार धाम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रदेश में यात्रा का श्रीगणेश हो गया। पहले दिन बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमनोत्री धाम में 700 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन किया। यात्रा शुरू होने से श्रद्धालुओं में उत्साह है तो दूसरी ओर, चारधाम रूट के पर्यटन और परिवहन कारोबारी भी बेहद खुश नजर आ रहे हैं। केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए दोपहर 12 बजे तक 352 तीर्थयात्री प्रस्थान कर चुके थे। केदारधाम में प्रतिदिन 800 लोगों को ही जाने की अनुमति दी गई है।
देवस्थानम बोर्ड के अनुसार, केदारनाथ में गर्भ गृह में भी व्यवस्थाएं बहाल कर दी गई हैं। गर्भ गृह में किसी को प्रवेश की अनुमति नही हैं। सभी यात्रियों को सभा मंडप से ही दर्शन की अनुमति दी गई है। बदरीनाथ में ब्रह़्म मुर्हुत में भगवान बदरी विशाल का पूजन अभिषेक शुरू हुआ। मुख्य रावल ईश्वरी प्रसाद नम्बूदरी ने नियमानुसार भगवान का स्नान, श्रृंगार, अभिषेक किया। धर्माधिकारी भुवन उनियाल अपर धर्माधिकारियों ने वेद ऋचाओं का वाचन किया। कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने जय बदरीविशाल के जयघोष के साथ मंदिर परिसर में प्रवेश किया। दोपहर तक 250 श्रद्धालु भगवान बदरीनाथ के दर्शन कर चुके थे। अभी सिलसिला जारी है। उधर, उत्तरकाशी में दोपहर तक गंगोत्री धाम में 73 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। यमुनोत्री में भी श्रद्धालुओं ने मां यमुना की पूजा अर्चना की। दोनों धामों में शाम तक 302 श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पूजा अर्चना की।

कोविड जांच के लिए सख्त इंतजाम
भगवान बदरीनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य जांच के लिये जिले के प्रवेश द्वार गौचर, मोहन खाल, मेहलचौरी से ही बैरियर पर कोविड जांच की व्यवस्था की गई है। पांडुकेश्वर में भी कोविड जांच यात्रियों की जांच हो रही है । हेमकुंड जाने वाले यात्रियों की भी कोविड जांच की जा रही है। बदरीनाथ आने वाले यात्रियों कोविड प्रपत्रों की जांच देवदर्शनी में भी हो रही है। उधर,केदारनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले महाराष्ट्र, केरल और आंध्रप्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए सोनप्रयाग में आरटीपीसीआर कोविड टेस्ट की अलग से व्यवस्था की है।