विधानसभावार विकास कार्यों को वित्तीय स्वीकृति दे रहे सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिये विकास कार्यों हेतु वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर के अन्तर्गत वार्ड सं0-88 मेहूवाला में ऋषिविहार में आईटीबीपी के पीछे नाले को भूमिगत करते हुए सड़क का चौड़ीकरण कार्य किये जाने हेतु 188.79 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर के अन्तर्गत वार्ड संख्या 89 तथा 90 में दुर्गा विहार, हरभजवाला, कुमाऊनी बस्ती, नन्दा एन्क्लेव, तुन्तोवाला, चन्द्रताल, विष्णुपुर, माया एन्क्लेव तथा नीलवाला में मार्ग एवं नाली निर्माण हेतु 204.26 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के अन्तर्गत बेदीखाल भरोलीखाल एरोली मोटर मार्ग का चन्दोली तक विस्तारीकरण हेतु 133.58 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र प्रतापनगर के अन्तर्गत मदन नेगी खोला मोटर मार्ग के किमी 1 से मोटना मदन नेगी मोटर मार्ग के जलवागांव तक मोटर मार्ग का नव-निर्माण हेतु 3.75 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के अन्तर्गत ऐंचोली बड़ावे मोटर मार्ग के किमी 13 पत्थरखानी से सेलकटिया डुबरिया बिजरकाण्डा धुईरा तक मोटर मार्ग का नव-निर्माण हेतु 104.35 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारियों को कोविड-19 में उनके द्वारा किये जा रहे सराहनीय कार्यों एवं सेवाओं हेतु सम्बन्धित 649 कार्मिकों को एकमुश्त 10,000 रूपये प्रति कार्मिक प्रोत्साहन राशि दिये जाने को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

सीएम ने ऋषिकेश को दी कई सौगातें, की 12 महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश में जन आशीर्वाद रैली में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने 12 घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्यामपुर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। ऋषिकेश स्थित संजय झील का सौन्दर्यीकरण कर पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। बैराज स्थित झील पर साहसिक पर्यटन एवं वाटर स्पोर्ट्स प्रारंभ कराएं जाएंगे। ऋषिकेश में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। ऋषिकेश में मां गंगा की धारा को निरंतर व व्यवस्थित स्वरूप में त्रिवेणी घाट पर लाया जाएगा।
कैम्पा योजना के अन्तर्गत वनों से सटे गांवों जैसे सत्यनारायण मंदिर से गौहरीमाफी, साहबनगर, भट्टोवाला, रूषाफार्म (गुमानीवाला) में सड़क तथा विद्युत एवं अन्य जरूरी सुविधायें उपलब्ध कराई जाएगी। गुलदार प्रभावित क्षेत्र रायवाला, साहबनगर, खदरी के निवासियों की जानमाल की सुरक्षा का प्रबन्ध किया जाएगा। खदरी, लक्कडघाट, गुमानीवाला, रूषाफार्म, भट्टोंवाला, छिद्दरवाला आदि क्षेत्रों में हाथी व अन्य वन्यजीवों से सुरक्षा के प्रबन्ध किए जाएंगे। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र गौहरीमाफी, साहबनगर, ठाकुरपुर (खैरीखुर्द), गढ़ीमयचक में बाढ़ सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्यवाही यथाशीघ्र आरम्भ की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में हाईटेक मिनी स्टेडियम की स्थापना की जाएगी। ऋषिकेश में सड़कों के निर्माण के लिए राज्य योजना से 20 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। निराश्रित गौवंश को आश्रय हेतु गौशाला की स्थापना कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा योग नगरी में आकर जहां एक ओर मैं स्वयं को गौरवान्वित अनुभव कर रहा हूँ वहीं दूसरी ओर आप सभी का प्रेम देखकर भावविभोर भी हूँ। इस योग ओर आध्यात्मिक भूमि को माँ गंगा का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम छोर तक विकास की धारा को पहुंचाया जा रहा है। डबल इंजन की सरकार में सराहनीय कार्य हो रहे हैं। ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल लाइन का कार्य तेजी से चल रहा है। इस रेल लाइन का निर्माण डबल इंजन की सरकार में ही संभव था। ऋषिकेश हमारी ऐतिहासिक धरोहर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राष्ट्र के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवाओं को प्रदेश में रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिले इसके लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। राज्य में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। ये भर्ती प्रक्रिया जल्द पूर्ण की जाएगी। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास सरकार का मूलमंत्र है। जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 10 से 12 बजे तक जन समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यों के सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जिलों में शिविरों के माध्यम से आम जनमानस तक पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश को अगले 10 सालों में विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाया जाएगा। कोविड के दौरान अनेक क्षेत्रों से जुड़े लोगों का कार्य प्रभावित हुआ। सरकार द्वारा उनको राहत देने का कार्य किया जा रहा है। चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ का पैकेज दिया गया है। पर्यटन एवं परिवहन से जुड़े लोगों को भी 200 करोड़ का राहत पैकेज दिया गया है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक एवं जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।

21 सितंबर से खुलेंगे प्राइमरी स्कूल

Primary school will open from September 21

उत्तराखंड प्राइमरी के बच्चे अब स्कूल जा सकेंगे। शिक्षा विभाग 21 सितंबर से प्राइमरी स्तर तक (primary school to open from 21 September) स्कूलों को खोलने जा रहा है।शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से चर्चा करने के बाद शिक्षा सचिव को ये आदेश दिए हैं।

आज शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने सीएम धामी से मुलाकात की तथा प्राइमरी स्कूलों को खोलने को लेकर चर्चा की। सीएम की सहमति के बाद शिक्षा मंत्री ने सचिव राधिका झा को 21 सितंबर से प्राइमरी स्कूल खोलने के निर्देश दिए। अब 21 सितंबर से पांचवीं तक के सरकारी और प्राइवेट स्कूल खुल जाएंगे। इसके लिए विभाग जल्द ही गाइडलाइन जारी करेगा।

स्कूल खोलने को लेकर सभी तरह की सावधानियां बरती जाएंगी। प्राइमरी के बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी। इसके लिए विभाग उचित गाइडलाइन बना रहा है।

लोकल रोटेशन व्यवस्था के अध्यक्ष बने हरीश

टीजीएमओ कार्यालय 13 चंद्रेश्वर रोड पर यातायात पर्यटन विकास सहकारी संघ एवं निदेशक मंडल (डायरेक्टर) बोर्ड की बैठक आहूत की गई। जिसमें सर्व सहमति से आगामी लोकल रोटेशन व्यवस्था के संचालन हेतु यातायात पर्यटन विकास सहकारी संघ के संचालक हरीश नौटियाल को अध्यक्ष चुना गया।

यातायात उपाध्यक्ष नवीन रमोला ने कहा हमें पूर्ण विश्वास है की हरीश नौटियाल वाहन स्वामियों की अपेक्षा पर खरा उतरने का (प्रयास) करेंगे एवं समस्याओं का निवारण करेंगे।

बैठक में टीजीएमओ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह नेगी, यातायात अध्यक्ष मनोज ध्यानी, यातायात पर्यटन विकास सहकारी संघ उपाध्यक्ष नवीन रमोला, टीजीएममो उपाध्यक्ष यशपाल राणा, निदेशक बलवीर सिंह रौतेला, दाताराम रतूड़ी, प्रेमपाल बिष्ट, मनोज आर्य, मनोहर रौतेला, योगेश उनियाल, रामचंद्र सुयाल, कुंवर सिंह नेगी, जसपाल रौतेला आदि थे।

पीएम के जन्मदिन पर यूथ कांग्रेस ने मनाया बेरोजगार दिवस

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को युवा कांग्रेस ने राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस के रूप में मनाया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि भारत में बढ़ती नौकरियों की समस्या, काम की कमी, कारोबार का ठप्प होना और सरकारी संस्थानों का निजी हाथों में चले जाने के कारण आज युवा निराश हो गया है। घटते रोजगार ने कोरोना काल में भारत की 14 करोड़ से ज्यादा आबादी को बेरोजगार बना दिया, जिसका परिणाम है ‘राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस’ आज के दिन मनाया जा रहा है।

कहा कि देश की युवा जनता आज पीएम मोदी को उनके जन्मदिन की बधाई के साथ-साथ देश में बढ़ती बेरोजगारी के लिए भी चेता रही है।

इन नियमो का पालन करने से चारधाम यात्रा पर नही करना होगा कठिनाईयों का सामना

चारधामों के कपाट खुलने के लगभग चार महीने के बाद शनिवार से चारधाम यात्रा शुरू होगी। शुक्रवार को सरकार ने चारधाम यात्रा की मानक प्रचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी कर दी है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में दर्शन के लिए आने वाले यात्रियों को पंजीकरण करने के बाद ई-पास जारी किए जाएंगे। जिसके बाद ही चारधामों में दर्शन की अनुमति मिलेगी।
राज्य के बाहर से आने वाले यात्रियों को स्मार्ट सिटी पोर्टल पर भी अनिवार्य रूप से पंजीकरण करना होगा। कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने के 15 दिन के बाद प्रमाण पत्र दिखाने पर यात्रा की अनुमति दी जाएगी। लेकिन केरल, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश से आने वाले यात्रियों को दोनों डोज लगवाने के बाद 72 घंटे पहले की कोविड जांच निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य की गई है। 
सचिव धर्मस्व हरिचंद्र सेमवाल ने चारधाम यात्रा की एसओपी जारी की है। इस बीच चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड ने भी एसओपी जारी कर दी है। दोनों एसओपी में एक समान प्रावधान हैं। चारधामों में यात्रा का संचालन 18 सितंबर से होगा। यात्रा में राज्य और बाहर से आने वाले यात्रियों को सशर्त अनुमति दी जाएगी।
धामों में दर्शन करने के लिए यात्रियों को सबसे पहले देवस्थानम बोर्ड की वेबसाइट पर पंजीकरण करना होगा। जिसके बाद देवस्थानम बोर्ड की ओर से सीमित संख्या में प्रतिदिन ई-पास जारी किए जाएंगे। मंदिर परिसर के मुख्यद्वार पर दर्शन करने से पहले यात्रियों का ई-पास चेक किया जाएगा। 

मंदिर परिसर में प्रसाद चढ़ाने और तिलक लगाने पर प्रतिबंध
कोविड संक्रमण को देखते हुए चारधामों में दर्शन करने वाले यात्री प्रसाद नहीं चढ़ाएंगे। साथ ही मंदिरों में यात्रियों को तिलक भी नहीं लगेगा। मंदिर में मूर्तियों और घंटियों को छूने, तप्त कुंडों में स्नान पर प्रतिबंध रहेगा। केदारनाथ धाम में एक समय में छह यात्री ही सभामंडप से दर्शन कर सकेंगे। गर्भगृह में जाने की अनुमति नहीं होगी। 

केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मंदिर परिसर में दिन में तीन बार सैनिटाइजेशन और साफ सफाई की जाएगी। मंदिरों में कोविड प्रोटोकाल का पालन कर मास्क पहनने, सोशल डिस्टेसिंग की निगरानी देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की ओर से सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। प्रत्येक धाम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा। एसओपी का पालन कराने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन और एसडीएम की होगी। 
 
यात्रा के लिए ऐसे करेंगे पंजीकरण
चारधाम यात्रा के लिए राज्य और बाहर से आने वाले यात्रियों को देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की वेबसाइट https://badrinath-kedarnath.gov.in/ पर पंजीकरण करना होगा। बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों को सबसे पहले स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण करना अनिवार्य होगा। जबकि राज्य के यात्रियों को इस पोर्टल पर पंजीकरण नहीं करना होगा। यात्रा के लिए ई-पास के लिए देवस्थानम बोर्ड की वेबसाइट पर पंजीकरण करना होगा। जिसके बाद ई-पास जारी किए जाएंगे। जिन लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज 15 दिन पहले लग चुकी है। उन्हें कोविड जांच नहीं करानी होगी। एक डोज लगाने वाले को कोविड जांच की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य है। केरल, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश से आने वाले यात्रियों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाने के बाद 72 घंटे पहले की कोविड निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य होगा। 

चारधामों में दर्शन के लिए ये रहेगी प्रतिदिन संख्या
बदरीनाथ-1000
केदारनाथ-800
गंगोत्री-600
यमुनोत्री-400

यात्रियों को बिना आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट के न जाने दें
चारधाम यात्रा के लिए डीआईजी नीरू गर्ग ने रेंज के सभी एसएसपी, एसपी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि कोविड संक्रमण को देखते हुए यात्रियों को बिना आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट और देवस्थानम बोर्ड पंजीकरण किए बिना यात्रा पर न जाने दिया जाए। चेकिंग के लिए सभी स्थानों पर चौकपोस्ट बनाकर उनमें पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। इस दौरान उन्होंने सभी जनपदों में यात्रा के लिए सीओ को नोडल अधिकारी बनाया है। 
डीआईजी ने यात्रा के दौरान शासन-प्रशासन और हाईकोर्ट की ओर से दिए गए दिशा-निर्देशों का भी कड़ाई से पालन करने और इस संबंध में यात्रियों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। कहा कि निर्धारित संख्या से अधिक यात्रियों को चार धाम यात्रा के लिए अनुमन्य न किया जाए। यात्रा आरंभ में ही हरिद्वार, ऋषिकेश, मुनि की रेती, लक्ष्मणझूला आदि स्थानों पर फ्लैक्स आदि के जरिये व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
टिहरी में भद्रकाली, तपोवन, सुवाखोली, कैम्पटी, पौटी में कोटद्वार, श्रीनगर में सघन चेकिंग किया जाए। इस दौरान उन्होंने जनपद उत्तरकाशी के यमुनोत्री में सीओ बड़कोट गंगोत्री में सीओ उत्तरकाशी, केदारनाथ में सीओ गुप्तकाशी व बदरीनाथ में सीओ चमोली को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
नोडल अधिकारी जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में रहेंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में एसएसपी देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, चमोली आदि मौजूद रहे।
चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन ने बताया कि सरकार की ओर से यात्रा शुरू करने की अधिसूचना जारी की जाएगी। जिसके बाद बोर्ड की ओर से चारधामों में कोविड प्रोटोकाल का पालन करने के लिए एसओपी जारी की जाएगी। यात्रा के लिए तैयारियां पूरी है। 

धामी सरकार की मजबूत पैरवी से ही खुली चारधाम यात्रा
सरकार की ओर से मजबूत पैरवी होती तो चारधाम यात्रा के द्वार पहले ही खुल जाते। लेकिन यात्रा संचालन करने के लिए सरकार की तरफ से कमजोर होमवर्क भी दिखाई दिया। अब कोर्ट ने रोक हटाई तो यात्रा की राह में मौसम की चुनौतियां भी खड़ी है। चारधाम यात्रा के लिए लगभग डेढ़ माह ही समय बचा है। भारी बारिश से चारधाम यात्रा के सड़क मार्गों की हालत खराब है। कई संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन का खतरा बरकरार है। 

धामी सरकार के 200 करोड़ के राहत पैकेज से भी मिली राहत
प्रदेश सरकार ने चारधाम यात्रा संचालन न होने से पर्यटन क्षेत्र को दो सौ करोड़ का पैकेज देकर राहत का मरहम लगाया था। चारधाम व पर्यटन कारोबार से जुड़े 50 हजार लोगों को छह माह तक प्रति माह दो हजार रुपए की आर्थिक सहायता देेने की घोषणा की थी। अब तक 11813 लाभार्थियों के खाते में कुल 440.54 लाख की राशि दी गई। 655 पंजीकृत टूर ऑपरेटरों एवं एडवेंचर टूर ऑपरेटरों को 10 हजार रुपए प्रति आपरेटर देने की घोषणा की थी। इसमें 208 लाभार्थियों को 20.80 लाख रुपये की राशि दी गई। 630 पंजीकृत रीवर राफ्टिंग गाइड में से 209 को 20.90 लाख, टिहरी झील में 86 मोटर बोट संचालकों को 10 हजार रुपये के अनुसार 8.60 लाख की राशि दी गई।

धामी सरकार की पहल, मोबाईल एटीएम वैन से लीजिए कैश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में सहकारी बैंक की 10 मोबाईल एटीएम वैन का फ्लैग ऑफ किया। ये मोबाईल एटीएम वैन राज्य के विभिन्न जनपदों में जाकर लोगों को पैसे निकालने की सुविधा उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर सहकारिता एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारी बैंक के मोबाईल एटीएम वैन द्वारा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को धन निकासी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस सुविधा से लोगों को दूरस्थ क्षेत्रों से पैसे निकालने के लिए बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य में आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिलेगा।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि नाबार्ड के सहयोग से सहकारी बैंक के माध्यम से मोबाईल एटीएम वैन की सुविधा राज्य के प्रत्येक जनपद में दी जा रही है। किसी भी बैंक खाते वाला व्यक्ति इसके माध्यम से पैसे निकाल सकता है।
इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजान दास, कॉपरेटिव बैंक के अध्यक्ष दान सिंह रावत, निबंधक सहकारिता आनंद स्वरूप, अपर निबंधक ईरा उप्रेती उपस्थित थे।

कार्यों की गुणवत्ता से ना किया जाए समझौता-मुख्य सचिव

मुख्य सचिव डॉ एस.एस. सन्धु ने शुक्रवार को भगवान केदारनाथ के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कार्यों में बेहतर गुणवत्ता के साथ ही तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कार्यों में गति लाने के लिए आवश्यक मैन पावर, मशीनरी एवं मटीरियल की पर्याप्तता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में गति लाने के लिए वीकली टारगेट निर्धारित कर अचीवमेंट की समीक्षा नियमित रूप से की जाए।
मुख्य सचिव ने केदार पुरी के दोनों तरफ की पहाड़ियों पर वन विभाग को आकर्षक प्लांटेशन करने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां काम कर रही लेबर से भी बात की, मुख्य सचिव ने अधिकारियों को श्रमिकों के लिए उचित व्यवस्था किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने चोराबाड़ी ट्रेक रूट को विकसित किए जाने के साथ ही गरुड़ चट्टी से रामबाड़ा तक पुराने मार्ग को सुचारू करने हेतु फॉरेस्ट क्लीयरेंस पर तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने निर्माणाधीन शंकराचार्य समाधि स्थल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने मंदाकिनी एवं सरस्वती नदी के संगम पर निर्मित हो रहे स्नान घाटों केदारनाथ गरुड़ चट्टी को जोड़ने वाले निर्माणाधीन पुल व पहाड़ी शैली में निर्मित हो रहे भवनों का जायजा भी लिया। मुख्य सचिव ने वहां मौजूद अधिकारियों से निर्माण कार्यों में गति एवं समय से पूरा करने के साथ ही कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने सुव्यवस्थित और सुरक्षित चारधाम यात्रा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर एवं जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग भी उपस्थित थे।

सिनेमा है समाज का मार्गदर्शक तथा अभिनेता प्रेरणास्रोत-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सायं राजपुर रोड स्थित मॉल में छठे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सिनेमा में वो ताकत होती है जो कि किसी समाज के सोचने और समझने के तरीके को प्रभावित कर सकता है। फिल्म मात्र मनोरंजन का साधन नहीं होती, वह मनुष्य की व्यक्तिगत व समष्टिगत भावों को जागृत करने का सशक्त माध्यम भी होती हैं। फिल्में समाज का आईना होती हैं। सिनेमा समाज का मार्गदर्शक तथा अभिनेता प्रेरणास्रोत का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति की गोद में बसे उत्तराखंड को प्रकृति ने तसल्ली से संवारा है। यहां के नदी, पहाड़, झरने इन सब की बात ही कुछ अलग हैं। हमारे प्रदेश में शूटिंग डेस्टिनेशन की अपार संभावनाएं हैं, हमारे पास देश दुनिया के सबसे बेस्ट शूटिंग डेस्टिनेशन हैं। नैनीताल, मसूरी, औली, चकराता, मुन्स्यारी, चोपता, हर्षिल, पौड़ी, धनोल्टी समते हमारे पास कई स्थान है जहां हमारे फिल्म निर्माताओं को दुनिया के अलग-अलग लोकेशन से बेहतर डेस्टिनेशन मिलेंगे। हमारे धार्मिक स्थान केदारनाथ बदरीनाथ गंगोत्री यमुनोत्री हरिद्वार-ऋषिकेश और बहुत सारे स्थान हैं जो शूटिंग के लिए बेस्ट डेस्टिनेशन बने हैं और आगे भी बनते रहेंगे।हमारी सरकार प्रदेश में फिल्म शूटिंग के लिए बेहतर वातावरण कैसे तैयार हो, उसके लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे सभी उद्यमी हमारे राज्य के ब्राण्ड एम्बेसडर हैं। राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक फिल्म निर्माण के प्रति निर्माताओं को आमंत्रित करने के लिये उन्हें सहयोगी बनना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों के साथ ही फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिये उनके अनुकूल नीतियों का निर्धारण भी किया जायेगा। उत्तराखण्ड देव भूमि है, इसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक प्रदेश के रूप में देश व दूनिया में पहचान दिलाने में हमारे उद्यमियों की बड़ी भूमिका है। इससे राज्य का आर्थिक विकास भी जुड़ा है। उन्होंने कहा कि यहां का प्राकृतिक सौंदर्य, योग, आध्यात्म, शुद्ध पर्यावरण, शांत वातावरण रहने के लिये आदर्श स्थान है। उन्होंने प्रदेश में फिल्म निर्माण एवं फिल्मांकर को बढ़ावा देने के लिये सुझाव भी आमंत्रित किये।
फिल्म फेस्टिवल के निदेशक राजेश शर्मा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में इस फेस्टिवल को एक सप्ताह का किये जाने तथा उत्तराखण्ड पर आधारित अधिक से अधिक फिल्मों के प्रदर्शन का आश्वासन दिया। फिल्म अभिनेता एवं महाभारत के युधिष्ठिर के पात्र गजेन्द्र सिंह चौहान ने भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युधिष्ठिर भी यहीं से ससरीर स्वर्ग गये थे। उन्होंने सिनेमा को फिल्म कलाकारों की मां के संज्ञा देते हुए कहा कि इससे समाज को भी प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अभिनेता गजेन्द्र सिंह चौहान, अखिलेश मिश्रा, मनजोत सिंह, परमजोत सिंह, मीता वशिष्ठ निर्देशक विनय पाठक, कावेरी बामजेयी, के.सी बुकारिया आदि के साथ ही बोस्निया, टोबाको, मैकाडोनिया, कोरिया आदि देशों के राजनयिकों को भी सम्मानित किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक राजेश शुक्ला आदि उपस्थित थे।

धामी की कार्यशैली से हाईकमान खुश, चुनाव से लेकर अगले मुख्यमंत्री की कमान भी सौंपी

उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी और चुनाव के बाद धामी ही राज्य के मुख्यमंत्री होंगे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने तंज किया कि कांग्रेस की दुर्दशा हो चुकी है और उत्तराखंड में उसे उम्मीदवारों को ढूंढने के लिए दूरबीन लेकर जाना पड़ रहा है। उन्होंने संगठन में अनुशासन के सवाल पर कहा कि उनकी एक-एक नेता से बात हुई है, पार्टी लाइन कोई नहीं तोड़ेगा। टिकटों के आवंटन के सवाल को उन्होंने टाल दिया।

राज्य का मिथक टूटेगा और भाजपा दोबारा सत्ता में आयेगी
जोशी प्रदेश पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चुनाव होगा और इसमें कोई संदेह नहीं कि चुनाव के बाद वही मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी साठ पार के लक्ष्य को पूरा करेगी और उन्हें पूरी उम्मीद है कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा को अवसर देगी। जोशी ने कहा कि अटल जी ने राज्य बनाया और उनकी सरकार जाने के बाद यूपीए के 10 साल के कालखंड में कुछ नहीं हुआ। मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार ने जबर्दस्त विकास किया। उन्होंने कोर्ट का आभार जताया और न्यायालय में मजबूत पैरवी करने के लिए मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पूर्व सीएम हरीश रावत पर चारधाम यात्रा का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।

भाजपा ने कांग्रेस को सोचने में किया मजबूर
जोशी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर तंज किया। उन्होंने कहा कि हरीश रावत और प्रदेश अध्यक्ष के अलावा कांग्रेस में उनके सब विरोध में हैं। जोशी के मुताबिक, हरीश रावत ने कहा कि वह जय श्रीराम के स्थान पर जय गणेश बोलेंगे। उन्होंने उन्हें बधाई दी कम से कम उन्होंने राहुल गांधी को जय गणेश बुलवाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कांग्रेस के सहयोग से सहयोग से सरकार चल रही है, जिसने गणेश के कार्यक्रमों पर रोक लगा रखी है। रावत को सलाह दी कि वह राहुल गांधी के करीबी हैं, इसलिए उन्हें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को समझाने की कृपा करें।

कांग्रेस का भविष्य सही नही
जोशी ने कहा कि कांग्रेस अब भूतकाल की पार्टी है। उसके नेता और विधायक भाजपा में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस के लोग यह समझ गए हैं कि भाजपा ही वर्तमान और भविष्य है। कांग्रेस उत्तराखंड में यह भ्रम फैलाने की कोशिश रही है कि एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस। पूरा भरोसा है कि प्रदेश की जनता हमें फिर से बहुमत देगी। भाजपा साठ पार की घोषणा को पूरा करेगी।

सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने वाले उत्तराखंड को झूठा सपना दिखा रहे
जोशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक झूठ फैलाने का कोशिश कर रही है। फौजी को दिखाकर वोट मांगने का कोशिश कर रही है। जबकि केजरीवाल सरकार ने फौजियों का घोर अपमान किया था। जब हमारे वीर सैनिकों ने पाकिस्तान के ऊपर सर्जिकल स्ट्राइक किया था, पाकिस्तान ने ट्वीट किया कि हम पर हमला हो गया।  लेकिन केजरीवाल ने सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगा। उन्होंने आप की फ्री बिजली की घोषणा पर कहा कि यह दिल्ली वाले जानते हैं कि चुनाव के बाद चार से पांच गुना बिजली का बिल आता है। 

आरपी सिंह का आप नेता केजरीवाल पर आरोप
भाजपा के सह चुनाव प्रभारी सरदार आरपी सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी पर छलिया की मिसाल दी। उन्होंने कहा कि ये छलिया है, दिल्ली से आकर ऐसा न कर दे कि लोग तंग हों। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में दिल्ली के मोहल्ला क्लिनिक में एक टीका नहीं लगा। आरटीआई में यह सूचना मिली है कि दिल्ली के नवीं कक्षा के हर साल एक लाख बच्चे स्कूल छोड़ देते हैं। फ्री बिजली बोल-बोलकर केजरीवाल ने दिल्ली के कई इलाकों को बिजली मुक्त कर दिया। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली त्राहि-त्राहि करती है तो केजरीवाल अमित शाह के पास जाकर गिड़गिड़ाते हैं, हमारी मदद करिए। वो मदद करते हैं। कहा कि दिल्ली में एक भी व्यक्ति को अटल आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिला। 

मैंने कभी भी अपने चेहरे की लड़ाई नहीं लड़ी है। न मैंने कभी कोई दावेदारी की है। मेरी पार्टी ने मुझे जो भी जिम्मेदारी दी है, मैं उस पर काम कर रहा हूं। पार्टी मेरी मां है। मां अपने बच्चे को जो काम देती है, वह बच्चा जैसा भी हो, वह कोशिश करेगा कि अच्छा करे। मैं भी पार्टी का एक कार्यकर्ता हूं। मेरी पार्टी ने मुझे जो काम दिया है, उसे पूरा करुंगा।
– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड