टोल टैक्स के खिलाफ एकजुट हुए व्यापार मंडल, स्थानीय वाहनों को छूट की मांग

ऋषिकेश के समस्त व्यापार मंडल आज एकजुट दिखाई दिया। सभी व्यापार मंडल के व्यापारियों ने लच्छीवाला टोल टैक्स का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने इसे अवैध वसूली के साथ एलिफेंट काॅरिडोर में लगाए जाने पर कानूनन गलत ठहराया।

आज दून तिराहे पर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल शाखा ऋषिकेश, ऋषिकेश व्यापार महासंघ, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल व देवभूमि व्यापार मंडल सहित कई व्यापारिक संगठनों ने शिरकत की और विरोध प्रकट किया। गढ़वाल ट्रक एसोसिएशन के सचिव जयेंद्र रमोला ने कहा कि हाइवे के कार्य पूरे नहीं हुए हैं और टोल शुरू कर दिया है, जोकि अवैध वसूली हैं और तो और एनएचएआई ने एलिफेंट कॉरिडोर क्षेत्र में टोल प्लाजा बनाया जोकि कानूनन सही नहीं है।

आज हर हरिद्वार जिले की विधानसभा के विधायक अपने क्षेत्र के लोगों की लड़ाई लड़ कर टोल फ्री करवाने को अग्रसर हैं परन्तु ऋषिकेश ऐसी विधानसभा है जहां के विधायक इस मुद्दे को लेकर कोई पहल नहीं कर रहे हैं। जिससे कारण आज व्यापारियों को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है, हमारी माँग है कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के हर वाहन चाहे वह प्राइवेट हो या व्यवसायिक हो उसको छूट मिलनी चाहिये।

प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक कपिल गुप्ता ने लच्छीवाला में वसूले जा रहे तो उनको वर्तमान में अवैध कहते हुए और भविष्य में भी ऋषिकेश क्षेत्र तक के आवास करने वाले लोगों के लिए टोल को फ्री करने की मांग की। अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने बताया कि ऋषिकेश निवासी टोल प्लाजा से 3 किलोमीटर पहले भानियावाला में ही टोल रोड पर चढ़ते हैं अतः जब तक कनेक्टिंग रोड जो अभी सभी जगह अधूरी पड़ी है वह पूरी नहीं हो जाती तब तक के लिए टोल वसूली तत्काल बंद करनी चाहिए और ऋषिकेश क्षेत्र में आवाजाही करने वाले व्यापारियों एवं नागरिकों को टोल से मुक्त रखा जाना चाहिए।

ऋषिकेश व्यापार महासंघ के संयोजक राजीव मोहन ने कहा कि ऋषिकेश क्षेत्र के लोगों के वाहनों को टोल फ्री करवाने के लिये सभी व्यापार मण्डलों को एक होकर बड़ा आंदोलन चलाना चाहिये।
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष नरेश अग्रवाल ने सभी स्थानीय और व्यापारिक संगठनों की मांग को जायज बताते हुए समर्थन किया। इस अवसर पर प्रोपर्टी डेवलपर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय गर्ग, दीपक जाटव, विवेक वर्मा, प्रीति पाल सिंह, जस्सल, कमल किशोर लांबा, संजय शर्मा, पवन शर्मा, ललित सक्सेना, हैप्पी ग्वाडी, सौरभ अग्रवाल, हर्षित गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य संजीव चैहान, रामकुमार कश्यप, श्रवण जैन, नवल कपूर, व्यापार महासंघ के संयोजक राजीव मोहन, विनोद शर्मा, अरविंद जैन, प्रतीक पुंडीर, अखिलेश दीवान आदि उपस्थित रहे।

आयुष व राजेंद्र बने युवा मोर्चा रानीपोखरी मंडल के उपाध्यक्ष

युवा मोर्चा भाजपा रानीपोखरी मंडल ने प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, जिलाध्यक्ष प्रदीप नेगी की संस्तुति के आधार पर अपनी कार्यकारिणी का गठन किया।

मंडल अध्यक्ष नरेश रावत ने बताया कि उपाध्यक्ष पद पर आयुष मल्ल और राजेन्द्र उनियाल, शुभम रावत महामंत्री, अक्षय रावत कोषाध्यक्ष, अंकित पुंडीर, दिनेश रावत, रुपेश नेगी और नरेश मनवाल को मंत्री बनाया है, जबकि मयंक रावत को मीडिया प्रभारी और अमित जोशी को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है।

वहीं विकास चैहान, हिमांशु पुंडीर, निशांत कोहली, आशीष नकोटी, गौरव रमोला, सुभम रावत, सोबन रावत, सुधांशू तिवारी, विनीत रावत, नितिन रावत और आयुष जोशी को सदस्य बनाया गया है।

92 लाख की लागत से पथ प्रकाश का विस अध्यक्ष ने किया शिलान्यास

मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के माध्यम से 92 लाख रुपए की लागत से आईडीपीएल गेट से श्यामपुर रेलवे क्रॉसिंग तक डिवाइडर पर पथ प्रकाश व्यवस्था के कार्य का विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ शिलान्यास किया।

कहा कि 2 माह के अंदर एलईडी स्ट्रीट लाइट से यह मार्ग जगमगायेगा जिससे आवागमन करने वाले हजारों लोगों को आसानी होगी। आडीपीएल गेट से श्यामपुर रेलवे क्रॉसिंग तक डिवाइडर पर कुल 80 पोल लगेंगे जिसमें 160 एलइडी स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। प्रत्येक बल्ब 120 वाट का होगा जो पूर्णतः सजावटी है।

कहा कि ऋषिकेश के इस अत्यंत व्यस्ततम मोटर मार्ग मे एलईडी स्ट्रीट लगने से जगमग होगा। उन्होंने कहा कि कुंभ प्रारंभ हो चुका है उनके दौरान देश-विदेश के लाखों श्रद्धालु हरिद्वार और ऋषिकेश आते हैं इसलिए कुंभ में आने वाले देश विदेश के श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों को प्रकाश की उचित व्यवस्था के लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के माध्यम से प्रकाश की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के तीर्थयात्री एवं पर्यटकों का भी बड़ी संख्या में ऋषिकेश में आना जाना होता है उन सबके लिए पथ प्रकाश व्यवस्था में सहायक सिद्ध होगी।

मौके पर डोईवाला के ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, श्यामपुर के मंडल के अध्यक्ष गणेश रावत, भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री सुदेश कंडवाल, जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा नरेंद्र रावत, प्रधान चमन पोखरियाल, दीपा राणा, राजेश व्यास, मानवेंद्र कंडारी, प्रदीप धस्माना, शम्मा पवार, रामरतन रतूड़ी, राजपाल पवार, प्रभाकर पैन्यूली, कमला नेगी, बॉबी रागड, प्रशांत चमोली, राजेश जुगलान, गोदावरी बिष्ट, पदमा कंडारी, अभिनव चैहान आदि सहित मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता श्याम मोहन शर्मा, अवर अभियंता सौरभ सकलानी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रवि शर्मा ने किया।

गढ़वाल सांसद, विधायक सहित अन्य को होम्योपैथिक डिप्लोमाधारकों ने दिया ज्ञापन

होम्योपैथिक बेरोजगार डिप्लोमा फार्मासिस्ट संघ उत्तराखंड ने वरिष्ठ भाजपा नेता सूर्य चंद्र सिंह चैहान एवं आशीष कुकरेती के नेतृत्व में सरकार तक अपनी समस्या रखी।

भाजपा नेताओं के नेतृत्व में डिप्लोमाधारकों ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के निजी सचिव हितेंद्र नेगी, गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत, कपकोट विधायक बलवंत सिंह भौयाल से मुलाकात की और ज्ञापन दिया। उन्होंने बताया कि एलोपैथिक विभाग के अंतर्गत स्थाई 180 राजकीय एलोपैथिक चिकित्सकों में होम्योपैथिक बिग की स्थापना एवं उनमें होम्योपैथिक चिकित्सकों की स्थाई नियुक्ति की जाएं। इससे बेरोजगार डिप्लोमाधारकों को रोजगार मिलेगा और उनका भविष्य संवर सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं के हित में सरकार इस पर जल्द ही निर्णय लें।

ज्ञापन देने वालों में फार्मासिस्ट संघ की अध्यक्ष नीलम चैहान, महासचिव तुलसी नेगी, सचिव राहुल गैरोला, पवन नेगी, सुरेश जोशी, सिद्धार्थ नेगी, कृष्णा, आकाश आदि उपस्थित रहे।

मुनिकीरेती पुलिस की त्वरित कार्यवाही से 30 मिनट में अपहर्ता बरामद, बड़ी वारदात को किया विफल

मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शीशमझाड़ी में एक महिला की सूझबूझ के चलते 13 वर्षीय किशोरी की इज्जत लूटने से पुलिस ने बचा लिया। पुलिस ने अपहरत किशोरी को जंगल से बरामद किया। वहीं, अपहरणकर्ता व पीड़ित का किरायेदार को समय रहते अरेस्ट कर लिया है। पुलिस ने बड़ी वारदात को होने से पहले काबू पाया है। पुलिस ने सूचना देने वाली महिला रजनी का आभार जताया है।

दरअसल, शीशमझाड़ी निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी घर से लापता है, काफी तलाश के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस ने मामले को गंभीर पाते हुए अज्ञात पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। इसी दोरान स्थानीय महिला रजनी पत्नी अमित शर्मा निवासी शीशमझाड़ी ने सरकारी नंबर पर फोन पर सूचना दी कि एक छोटी लड़की को एक व्यक्ति जबरन उठाकर वन विभाग कार्यालय के पास जंगल की ओर लेकर गया है। सूचना पाकर मौके पर तुरंत एसआई विपिन कुमार, चैकी प्रभारी कैलाश गेट अमित कुमार, महिला उप निरीक्षक रीना नेगी फोर्स के साथ टोर्च लेकर अंधेरे में पहुंचे।

थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी ने बताया कि जंगल मे 100 मीटर अंदर जब पुलिस सर्च कर रही थी, तभी एक बच्चे की चिल्लाने की आवाज आई। आवाज की ओर जैसे ही पुलिस पहुंची तो झाड़ियों के बीच एक लड़की बदहवास हालत में पड़ी मिली। लड़की ने बताया कि उसने मेरा मुह बन्द कर रखा था आप लोगो को इस ओर आता देख वह मुझे छोड़ कर अभी भागा। इस पर पुलिस द्वारा जंगल को चारों तरफ से घेर लिया और सघन कॉम्बिंग करते हुए उक्त व्यक्ति को पानी की टंकी के पास जंगलात रोड पर भागते हुए पकड़ लिया गया।

थानाध्यक्ष ने आरोपी की पहचान शुभम कुमार पुत्र किशन निवासी प्रतीत नगर रायवाला जिला देहरादून के रूप में कराई है। अपहरत युवती ने बताया कि आरोपी उनके यहां किरायेदार है, जबरन घूमने के बहाने जंगल की ओर ले आया। पुलिस ने आरोपी पर धारा 363,366,376,511 आईपीसी और 7/8 पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पेशे से ड्राइवर है और शादी शुदा है उसकी पत्नी और 2 बच्चे भी उसी मकान में किराए पर रहते है।
पुलिस द्वारा रजनी को सही समय पर सूचना देने के लिए आभार जताया गया।

महंगाई को लेकर सरकार के खिलाफ यूथ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

बढ़ती महंगाई के विरोध में यूथ कांग्रेस ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। गांधी स्तंभ पर किए धरने के दौरान सरकार पर महंगाई की आड़ में जनता से लूट का आरोप यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने लगाया।

आज गांधी स्तंभ पर धरने के दौरान युवा नेता विवेक तिवारी ने कहा कि केंद्र की व राज्य की गूंगी बहरी सरकार दिनोंदिन महंगाई बढ़ाकर आम जनता को लूटने का काम कर रही है। युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष अमरजीत धीमान ने कहा लाखों की संख्या में युवा बेरोजगार हैं, ऐसे में महंगाई के चलते जीवन कठिन हो गया है। कहा कि केंद्र शासित राज्य सरकार को जल्द से जल्द महंगाई को कम करना चाहिए।

कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री राजपाल खरोला में कहा कि यह सरकार गैस खाद्य पदार्थ पेट्रोल डीजल के के दाम रातो रात बढ़ाने का काम कर रही है। डीजल और पेट्रोल की कीमत बढ़ने से किसान से लेकर युवा व ग्रहणी तक सब परेशान है, सरकार को जल्द से जल्द महंगाई पर लगाम लगानी चाहिए। इस मौके पर युवा कांग्रेस ने गांधी स्तंभ से त्रिवेणी घाट चैराहे तक महंगाई के विरोध में पैदल मार्च किया।

इस धरने मे पूर्व एनएसयूआई के अध्यक्ष अजय धीमान, युवा कांग्रेस जिला महासचिव श्याम शर्मा, एकांत गोयल, पार्षद देवेंद्र प्रजापति, जगत सिंह नेगी, जयपाल बिट्टू, गौरव यादव, एनएसयूआई के महानगर अध्यक्ष शिवा सिंह, पंडित विशाल तिवारी, एडवोकेट अभिनव मलिक, कृष्णा राजभर, सतीश गुप्ता, हिमांशु कश्यप, सरदार मनप्रीत सिंह, गौरव अरोड़ा, गौतम नौटियाल, सौरभ वर्मा, राकेश राजभर आदि मौजूद रहे।

भारतमाला परियोजना के तहत निर्मित होगा सिमली-ग्वालदम-बागेश्वर-जौलजीवी डबललेन राष्ट्रीय मार्ग

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सिमली-ग्वालदम-बागेश्वर-मुनस्यारी-जौलजीवी राजमार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किये जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केन्द्रीय सडक परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि इस महत्वपूर्ण राजमार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित होने से राज्य की बड़ी मांग पूरी हुई है। राज्य को सडक मरम्मत आदि में होने वाली बड़ी राशि की भी इससे बचत हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सड़क सीमान्त क्षेत्रों को जोड़ने वाली प्रमुख सडक रही है। भारत माला के तहत इसके डबल लेन निर्माण से आवागमन में भी सुविधा होगी। भारत माला के तहत बनने वाली इस डबल लेन सडक के निर्माण में तेजी आने के साथ ही भविष्य में इसकी मरम्मत आदि में होने वाला व्यय भी भारत सरकार द्वारा वहन किया जायेगा।

पी.एम.जी.एस.वाई की सड़क मुआवजे की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने दिये जाँच के आदेश

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने प्रधानमंत्री सड़क योजना में ग्राम सभा इंडर, पट्टी जुवा, जिला टिहरी गढवाल में कटान में आये खेतों के मुआवजे को पांच परिवारों के बजाय सारा मुआवजा एक परिवार को देने से सम्बन्धित प्रकरण पर पुष्पा देवी, जमोन्नि देवी एवं जय सिंह आदि के द्वारा की गई शिकायत पर जिलाधिकारी टिहरी को इस प्रकरण की जांच कर अविलम्ब आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं।

पहाड़ी क्षेत्रों के स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जायः त्रिवेंद्र सिंह रावत

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अल्मोड़ा एवं नैनीताल जनपद की सीएम घोषणाओं की समीक्षा की। बैठक में महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्य मंत्री रेखा आर्य, विधायक वंशीधर भगत, दीवान सिंह बिष्ट, रामसिंह कैड़ा, करन मेहरा, वर्चुअल माध्यम से विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चैहान, विधायक संजीव आर्य, नवीन चन्द्र दुम्का, महेश नेगी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में पार्किंग के स्थान के लिए समस्याएं आ रही हैं, जिलाधिकारियों द्वारा इसके लिए समाधान ढूढ़ा जाय। उपलब्ध स्थानों का सही तरीके से इस्तेमाल किया जाय। सभी स्कूलों में फर्नीचर, कम्प्यूटर एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाय। राज्य में जो नये आंगनबाड़ी भवन बनाये जा रहे हैं, उनके निर्माण कार्यों में और तेजी लाई जाय। पुलों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को दिये। इसके लिए एक ब्रिज सेल बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकाल के दृष्टिगत पेयजल से संबधित घोषणाओं को जल्द पूर्ण किया जाय।

अल्मोड़ा जनपद में 164 सीएम घोषणाओं में से 102 घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 62 पर कार्य प्रगति पर है। नैनीताल जनपद में 147 सीएम घोषणाओं में से 95 घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 52 पर कार्य गतिमान है।

अल्मोड़ाः अल्मोड़ा जनपद की सीएम घोषणाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि पेयजल विभाग की हैण्डपम्प एवं पेयजल लाईनों के पुनर्गठन से संबंधित कार्यों में तेजी लाई जाय। जो कार्य जल जीवन मिशन के तहत किये जाने हैं, मार्च तक कार्य प्रारम्भ हो जाए। जनपद में जिन नई पेयजल योजनाओं की घोषणा की गई, उनके निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाय। पौराणिक मन्दिरों एवं धार्मिक स्थलों के सौन्दर्यीकरण एवं ईको टूरिज्म की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सुनियोजित रणनीति से कार्य किये जाए।

नैनीतालः नैनीताल जनपद की सीएम घोषणाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपद में पेयजल हेतु नलकूप निर्माण एवं हैण्डपम्प स्थापना से संबधित कार्यों में तेजी लाई जाय। जल के संरक्षण एवं संवर्द्धन की दिशा में ध्यान दिया जाय। नदियों के पुनरोद्धार एवं झीलों के सौन्दर्यीकरण की दिशा में भी विशेष ध्यान दिया जाय। हल्द्वानी में सैनिकों के बच्चों के लिए छात्रावास निर्माण के लिए जल्द भूमि चिन्हित की जाए। सड़कों के मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाय।

बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव आर.के सुधांशु, अमित नेगी, आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, सचिन कुर्वे, हरबंस सिंह चुघ, दिलीप जावलकर, सुशील कुमार, प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी, वर्चुअल माध्यम से कुमायूं कमिश्नर अरवन्दि सिंह ह्यांकी, जिलाधिकारी अल्मोड़ा नितिन भदौरिया, जिलाधिकारी नैनीताल धीराज गर्ब्याल आदि उपस्थित थे।

चोरी की घटना में फरार चल रहे दो शातिर गिरफ्तार

ऋषिकेश पुलिस ने आज त्रिवेणी घाट चैक से फरार चल रहे दो ईनामी बदमाश को अरेस्ट किया है। दोनों की आरोपी पूर्व में मोबाइल शोरूम में चोरी के मामले में फरार चल रहे थे। दोनों के ऊपर 1500-1500 रूपए का ईनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार यह कटवा गैंग के सदस्य है। अरेस्टिंग के समय दोनों ही आरोपी ऋषिकेश में चोरी की नई वारदात को अंजाम देने की कोशिश में थे।

बीते वर्ष आठ मार्च 2020 को विवेक राणा के अधिराज इलेक्ट्रोनिक्स शोरूम हरिद्वार रोड़ के अन्दर से करीब 32 मोबाईल फोन चोरी कर लिये गये हैं। मामले में पुलिस तीन आरोपियों को अरेस्ट पूर्व में ही कर चुकी है, जबकि घटना में सम्मिलित शेष तीन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिये फरार चल रहे थे। इनमें आज त्रिवेणी घाट चैक से पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया है।

कोतवाल रितेश शाह ने ईनामी फरार आरोपियों की पहचान मौहम्मद निजामुद्दीन उर्फ इनके पुत्र मौहम्मद इस्लाम मिया निवासी दर्जी मौहल्ला, थाना घोड़ासहन, जिला पूर्वी चम्पारन मोतिहारी बिहार और मौहम्मद अमनदुल्ला उर्फ नईम पुत्र मसीन दीवान निवासी दर्जी मौहल्ला, थाना घोड़ासहन, जिला पूर्वी चम्पारन मोहितारी के रूप में कराई है। दोनों ही आरोपियों से पुलिस ने महंगे मोबाईल फोनो के 12 डिब्बे बरामद किए हैं।

पूर्व प्राचार्य डा. माहेश्वरी हुए नेक में सम्मिलित

ऋषिकेश महाविद्यालय पूर्व प्राचार्य व पूर्व निदेशक उच्च शिक्षा प्रो. एनपी माहेश्वरी ने महाराष्ट्र व कर्नाटक मे यूजीसी की स्वायतशासी संस्था (नेक) राष्टीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद में तुंगा महाविद्यालय कर्नाटक तथा एमडी पलेशा कॉमर्स कॉलेज धूल (महाराष्ट) के सदस्य के रूप में प्रतिभाग कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया।

राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद संस्थान के गुणवत्ता दर्जे को समझने के लिए महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों अथवा अन्य मान्यता-प्राप्त संस्थानों जैसे उच्चतर शिक्षा संस्थानों (एचईआई) मूल्यांकन तथा प्रत्यायन की व्यवस्था करता है।

प्रो. माहेश्वरी के इस प्रतिभाग से ऋषिकेश महाविद्यालय के सभी अध्यापकों ने हर्ष जताया है। प्राचार्य महाविद्यालय ऋषिकेश प्रो पंकज पंत, कैप्टेन डॉ. सतेन्द्र कुमार, प्रो गुलशन ढींगरा, प्रो. राजेश नॉटियाल ने उन्हें बधाई प्रेषित की हैं।