पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान बड़ी चोरी होने से रोक दी, सिपाहियों को किया सम्मानित

ऋषिकेश कोतवाली में तैनात कांस्टेबल प्रशांत व होमगार्ड मयंक की सक्रियता के चलते एक ज्वेलर्स का सामान लूटने से बच गया। गढ़वाल ज्वेलर्स की दुकान को समय रहते इन पुलिसकर्मियों ने लूटने से बचा लिया।

प्रेसवार्ता कर पुलिस क्षेत्राधिकारी बीसी ढौड़ियाल व कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि बीती रात ड्यूटी पर श्यामपुर क्षेत्र में गश्त के दौरान कांस्टेबल प्रशांत सैनी व होमगार्ड मयंक द्वारा क्षेत्र में भ्रमण रहने के दौरान, ज्वेलरी मार्केट के तालों को चेक किया जा रहा था, तभी दो बजे ज्वेलर्स मार्केट में गढ़वाल ज्वेलर्स नामक दुकान के स्वामी वैभव भारद्वाज द्वारा दुकान पर ताले नहीं लगाए गए थे। पुलिसकर्मियों ने तत्काल रात्रि अधिकारी को उक्त विषय में सूचना दी गई। रात्रि अधिकारी मौके पर गए और दुकान के अंदर जाकर चेक किया तो दुकान में सोने चांदी के सभी जेवरात बाहर ही रखे हुए थे।

जिस पर दुकान के बाहर लगे बोर्ड से मोबाइल नंबर प्राप्त कर उसके स्वामी से संपर्क किया गया। कॉल की गई एवं उसको दुकान के ताले खुले होने की सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। दुकान स्वामी द्वारा अपने सामान को चेक कर देखा गया तो लाखों रुपए का सभी सोने व चांदी सामान सुरक्षित पाया गया।

दुकानदार की लापरवाही आई सामने
पुलिस पूछताछ पर दुकान मालिक वैभव ने बताया कि वह अपने भांजे को दुकान पर बैठा कर आवश्यक कार्य से हरिद्वार चले गए थे। भांजे आदित्य ने रात्रि में दुकान का शटर नीचे कर चला गया तथा शटर पर ताले लगाना भूल गया। उन्होंने दोनों पुलिसकर्मियों को 10 हजार रूपए ईनाम के तौर पर देने का वायदा किया है।

11 माह पूर्व रेलवे रोड पर इलेक्ट्रानिक दुकान में लगाई सेंध, अब चढ़ा पुलिस के हत्थे

कोतवाली पुलिस ने 16 जनवरी 2020 यानी 11 माह पूर्व रेलवे रोड इलेक्ट्रोनिक्स की दुकान से साढ़े सात लाख रूपए की नगदी, पंखे व बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह के अंतिम सदस्य को अरेस्ट कर लिया है। पूर्व में चोरी के लगभग 05 दिन बाद ही पुलिस टीम ने राहुल उर्फ तमन्चा, नितिन उर्फ जिद्दी, सूजल उर्फ तेलू व सोवित उर्फ हिमांशु पाण्डेय निवासीगण पुरानी जाटव बस्ती ऋषिकेश को गिरफ्तार किया था। साथ ही सात लाख दस हजार रूपए व कुछ पंखे बिजली के तार इत्यादि बरामद किये गये थे।

घटना में शामिल गिरोह का अंतिम सदस्य रवि उर्फ चवन्नी उर्फ ओमप्रकाश पुत्र मन बहादुर निवासी म0नं0 307, बी ब्लाॅक, हर्ष विहार-2, भोपुरा साहिबाबाद जिला गाजियाबाद उत्तरप्रदेश, फरार व वांछित चल रहा था। जिसे कोतवाली पुलिस ने आज अरेस्ट कर लिया है। कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गाजियाबाद दिल्ली बार्डर के पास से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी किए हुए बाकी रूपए अपनी मौज-मस्ती में उड़ा दिए है।

दोस्त के शव को ठिकाने लगाने जा रहे तीन दोस्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

आपसी झगड़े में नेपाली मूल के युवक की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का प्रयास करने का सनसनीखेज एक मामला प्रकाश में आया हैं। इस मामले में थराली थाना पुलिस ने तीन नेपाली मूल के ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जबकि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नारायणबगड़ विकासखंड के अंतर्गत पंती में थाना थराली पुलिस के द्वारा गुरुवार की देर रात गश्त के दौरान तीन नेपाली युवक एक अन्य नेपाली युवक को अपने कंधों पर ले जाते मिले। पुलिस ने पूछताछ पर बताया कि उन के साथी की अचानक तबियत खराब हो गई है, जिसे उपचार के लिए ले जा रहे हैं। जब पुलिस ने उसे देखा तो वह नेपाली युवक मृत था। इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तीनों से पूछताछ की तो उन्होंने उसकी हत्या का जुर्म कबूल लिया।
थराली थानाध्यक्ष ध्वजवीर सिंह पंवार ने बताया कि गत सायं चारों नेपालियों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। जिसमें एक नेपाली की हाथापाई के दौरान मौत हो गई। जिससे घबराए तीनों नेपाली शव को ठिकाने लगाने की फिराक में शव को पंती के पास ही पिंडर नदी में ले जा रहे थे कि पुलिस ने हत्थे चढ़ गये। बताया कि मृतक 21 वर्षीय शरण निवासी नेपाल बताया जा रहा है।
मौके पर से ही तीनों नेपाली युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ धारा 302, 201 एवं आईपीसी की धारा 34 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपियों का नाम नवीन योगी उम्र 28 वर्ष, लोकराज पुरी उम्र 22 वर्ष और मनोज गिरी उम्र 32 वर्ष बताया जा रहा है। मृतक और तीनों हत्यारोपी नेपाल के रहने वाले हैं। जो नारायणबगड़ में ही मजदूरी का काम कर रहे हैं।

दरिंदों के हमले का शिकार हुई पीड़िता का परिवार सीएम से मिला

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से मुख्यमंत्री आवास में दामिनी (काल्पनिक नाम) के माता-पिता ने भेंट की। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड की बेटी के साथ जो हुआ, वह बहुत दिल दहलाने वाला था। कोई भी बेटियों का पिता या किसी बहन का भाई इस पीड़ा को बहुत अच्छी तरह समझ सकता है। मुख्यमंत्री ने उनके माता-पिता को आश्वासन दिया कि कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए उनका पूरा सहयोग किया जायेगा। राज्य सरकार और प्रदेश की जनता पीड़िता के परिवार के साथ है और हर प्रकार की मदद के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने उन लोगों का भी धन्यवाद किया जिन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से इस आवाज को उठाया है। उन्होंने अपील की कि जिस तरह से राज्य वासियों ने पहले भी दिल्ली में न्याय के लिए आवाज उठाने में पीड़ित परिवार का साथ दिया, अब भी इस आवाज को उठाने में पूरा सहयोग करेंगे।

दामिनी के माता-पिता ने जानकारी दी कि 09 फरवरी 2012 को दिल्ली में उनकी बेटी के साथ तीन दरिंदों ने गैंगरेप किया और उसके बाद मर्डर किया। दिल्ली हाईकोर्ट ने तीनों दोषियों को फांसी की सजा सुनाई थी, वर्तमान में यह मामला माननीय उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि इन अपराधियों को फांसी की सजा मिलनी जरूरी है, ताकि किसी और के साथ ऐसी दुःखद घटना न घटे। दामिनी के माता-पिता मूलरूप से पौड़ी जनपद के नैनीडांडा ब्लॉक के मोक्षक गांव के हैं।

19 करोड़ के बैंक घोटाले का भंडाफोड़, जानिए कौन-कौन आया सीबीआई की रडार में…

देहरादून। देहरादून सीबीआई ने गाजियाबाद के कौशाम्बी स्थित यूनियन बैंक में हुए 19 करोड़ 59 लाख की धोखाधड़ी के मामले में 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि दिल्ली की गोविंदा इंटरनेशनल फर्म के संचालकों ने बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर यह रकम ठिकाने लगाई है। इस मामले में बैंक की ब्रांच और लोन से जुड़े तत्कालीन अफसरों को भी नामजद किया गया है। सीबीआई इस लोन घोटाले में बड़े गिरोह का भी अंदेशा जता रही है।

गोविंदा इंटरनेशनल फर्म गांधी गली फतेहपुर दिल्ली में सभी तरह के ड्राई फ्रूट्स और किराना का थोक व्यापार का संचालन करती थी। फर्म के मालिक केशव जोशी ने पवन कुमार शर्मा के साथ मिलकर अपनी सपत्ति को बंधक रखकर यूनियन बैंक कौशांबी (गजियाबाद) से 2017 में करीब 15 करोड़ का सीसी लिमिट बनाकर लोन लिया। आरोप है कि फर्म ने सीसी लिमिट के लोन का पूरा उपयोग किया। लेकिन बैंक को कोई रकम वापस नहीं की। इस दौरान बैंक अधिकारियों ने करीब एक साल तक फर्म के साथ मिलीभगत कर बचाने का प्रयास किया। लेकिन मामले मुंबई स्थित हेड ऑफिस तक जाने पर प्रकरण में आरबीआई की गाइडलाइंस के अनुसार जांच बिठाई गई। जांच में इस लोन फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। इस पर यूनियन बैंक के रीजनल मैनेजर सरोज दास ने पिछले माह सीबीआई लखनऊ को लिखित तहरीर दी। सीबीआई ने प्रकरण की जांच देहरादून शाखा को ट्रांसफर की। यहां जांच में प्रकरण सही पाए जाने पर दून सीबीआई ने फर्म, संचालकों, गारंटर, फर्जी मूल्यांकन करनी वाली कंपनियों समेत बैंक के कर्मचारियों, अधिकारियों के खिलाफ बैंक की रकम की धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र करने पर मुकदमा दर्ज किया है।
सीबीआई देहरादून के एसपी पीके पाणिग्रह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच इंस्पेक्टर सुनीत कुमार शर्मा को सौंपी गई है।

इन पर दर्ज हुआ मुकदमा
1-गोविंदा इंटरनेशनल फर्म गांधी गली फतेहपुर दिल्ली।
2-केशव जोशी मालिक फर्म, चावड़ी बाजार, चांदनीचैक दिल्ली।
3-पवन कुमार शर्मा गारंटर, गली गांधी चांदनीचैक दिल्ली।
4-मैसर्स एग्सन ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली।
5-मैसर्स एएसएम ट्रकिस्म प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली।
6-मैसर्स आरएम एंड एसोसिएट हसनपुर दिल्ली रोड सहारनपुर।
7-ग्लोबल वैल्युस एंड एसोसिएट द्वारिका दिल्ली।
8-अज्ञात सरकारी अधिकारी एंड कर्मचारी।

इन बैंक अधिकारियों पर कसेगा शिकंजा
1-अनिल रावत तत्कालीन ब्रांच हेड
2-शेफाली शर्मा तत्कालीन ब्रांच हेड
3-एनके चैतन्य चीफ मैनेजर क्रेडिट
4-जीसी शर्मा एसएम आरएमडी
5-गौतम गबर्याल चीफ मैनेजर पी एंड डी
6-एएम कुलश्रेष्ठ डीजीएम

पढ़िए आखिर दुखियारी मां अपने बेटे के खिलाफ क्यों पहुंची थाने…

आखिर अपने ही बेटे के खिलाफ एक मां ने मुनिकीरेती थाने में रिपोर्ट लिखवाई। इसके बाद पुलिस ने बेटे को अरेस्ट किया।

दरअसल कैलाश गेट भजनगढ़ निवासी नीमा देवी ने थाना मुनिकीरेती में आकर तहरीर दी। बताया कि दिनांक 10 नवंबर की शाम उसके पुत्र गौरव अधिकारी ने घर में कपड़ों में आग लगाकर आगजनी की। पीड़िता की तहरीर पर थाना मुनिकीरेती में मुकदमा दर्ज किया गया।

चैकी प्रभारी कैलाश गेट उप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि घर में आगजनी करने वाले 28 वर्षीय गौरव अधिकारी पुत्र मोहन अधिकारी निवासी भजनगढ़ कैलाश गेट मुनिकीरेती टिहरी गढ़वाल को भजनगढ़ तिराहे के पास अरेस्ट कर लिया है।

मुस्लिम से हिंदू बनी युवती ने परिवार पर लगाया गंभीर आरोप, बदायुं से हरिद्वार पहुंचकर रखी बात

बदायुं उत्तर प्रदेश से एक मुस्लिम युवती अपने परिवार पर यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाकर हरिद्वार पहुंची है। हिंदू धर्म अपनाकर युवती ने कोतवाली हरिद्वार की शरण ली है। युवती को हरिद्वार के हिंदूवादी संगठनों और बजरंग दल जैसे संगठनों का भी समर्थन मिला है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश के बदायुं की रहने वाली एक मुस्लिम युवती ने हरिद्वार कोतवाली में पहुंचकर बताया कि उनके पिता इंद्रेश खान आईजी आफिस बरेली में कार्यरत है। कहा कि पिता जबरन उनकी शादी ताऊ वकार यूनिस के बेटे के साथ कराना चाहते है। उन्होंने पिता व परिवार पर यौन शोषण का भी आरोप लगाया है।

युवती ने बताया कि वह परिवार के शोषण से तंग आकर हरिद्वार पहुंची है और उन्होंने हिंदू धर्म भी अपना लिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पूवी की पुलिस उनके पिता के कहने पर काम कर रही है और उन्हें जबरन लेने पहुंची है। बताया कि उनके मजिस्ट्रेट बयान होने है, मगर यूपी की पुलिस का कहना है कि यह बयान उनके क्षेत्र में होंगे, इस बात का युवती ने विरोध किया है। उन्होंने यूपी की पुलिस पर यह भी आरोप लगाया कि उनका साथ देने वाले संगठनों के लोगों को परिवार के लोग एकाउंटर करने की बात कह रहे है। बहरहाल, युवती के मजिस्ट्रेट बयान होने बाकी है।
इस बात से यह तो तय है कि बालिग युवती पर जबरन शादी करने का दबाव बनाना गलत है। इसके लिए हर कोई बालिग इंसान स्वतंत्र है कि वह किससे शादी करें।

बीएसएफ के जवान पर कोर्ट के आदेश से दर्ज होगा मुकदमा

कोतवाली पुलिस ऋषिकेश ने जिस मुकदमें को दर्ज करने से पहले इंकार किया था। अब कोर्ट के आदेश के बाद उसे दर्ज करना पड़ेगा।

दरअसल, एक महिला ने बीएसएफ के जवान पर जबरन शारिरीक संबंध बनाने का आरोप लगाया था। महिला ने बताया ने कोर्ट में दाखिल प्रार्थना पत्र में बताया कि आरोपी बीएसएफ जवान पंकज कुमार से उनकी मुलाकात कुछ वर्षों पूर्व गांव के एक शादी समारोह में हुई थी, उस वक्त पीड़िता तलाकशुदा थी। मुलाकात के बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हुआ और शारिरीक संबंध भी बन गए। इसके बाद आरोपी ने उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया, फिर उनकी शादी हो गई। ऋषिकेश में किराए के मकान में रह रहे थे। महिला का आरोप है कि कुछ माह से आरोपी जबरन संबंध बनाता है और गाली गलौच करता है। इसके अलावा अभद्र व्यवहार करता है। मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की तो पुलिस ने रिपोर्ट लिखने से साफ मना कर दिया।

महिला के अधिवक्ता अजय कथूरिया ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। बीएसएफ के जवान पर लगे आरोपों को न्यायाधीश मन मोहन सिंह ने उचित पाया। न्यायाधीश ने ऋषिकेश कोतवाल को आरोपी बीएसएफ जवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश सुनाया है।

कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों पर आईपीसी की धारा 452, 454 और 380 में मुकदमा

मुनिकीरेती थाने में न्यायालय के आदेश पर तीन लोगों पर स्कूल में जबरन घुसकर कार्यालय का ताला तोड़ सामान चोरी करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।
न्यायालय में दाखिल प्रार्थना पत्र 156 सीआरपीसी के बाद मुनिकीेरती पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया हैं।
सच्चा वेदिक संस्थान तपोवन अध्यक्ष अजय स्वामी ने बताया कि तपोवन स्थित सच्चा शिशु मंदिर जूनियर हाई स्कूल में माणिक गोयल और हर्षित गोयल दोनों पुत्र गिरीश गोयल और अनुराग गोयल पुत्र स्वामी सतपाल निवासी तपोवन ने स्कूल में घुसकर जबरदस्ती संरक्षक के कार्यालय का ताला व कुंडा तोड़कर कार्यालय से लैपटॉप और 5 हजार की नगदी सहित महत्वपूर्ण कागज लेकर फरार हो गए। मुनीकीरेती थाना प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश के आधार पर संबंधित धाराओं में तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना एसएसआई रमेश सैनी को सौंपी गई हैं।

चोरी किए गए चांदी के आभूषणों के साथ एक गिरफ्तार, दो वांछित

कोतवाली ऋषिकेश के प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि बीते 23 अक्टूबर को अज्ञात चोरों ने रस्तोगी ज्वैलर्स की दुकान का शटर तोड़ चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किया था। पुलिस में इस बावत दुकान स्वामी सुमित रस्तोगी पुत्र कृष्ण गोपाल रस्तोगी निवासी खदरी रोड़ श्यामपुर ऋषिकेश ने तहरीर भी दी थी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गुमानीवाला बाजार से एक व्यक्ति को अरेस्ट किया है, उसके पास से आधा किलो चांदी भी बरामद की है। कोतवाल ने आरोपी की पहचान भोला पुत्र दुल्ला निवासी प्रेमनगर मुल्लनपुर, थाना मुल्लनपुर, जिला लुधियाना पंजाब हाल झुग्गी झोपड़ी पुराने रेलवे स्टेशन के पास ऋषिकेश के रूप में कराई है।

कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि मामले में दो आरोपी रवि पुत्र दुल्ला और कुचिया उर्फ साजन पुत्र राजू दोनों निवासी प्रेमनगर मुल्लनपुर, थाना ढाका, जिला लुधियाना पंजाब हाल झुग्गी झोपड़ी पुराने रेलवे स्टेशन के पास ऋषिकेश फरार है।