नोएडा में लगी आग से अफरा तफरी

उत्तर प्रदेश।
आग की वजह से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने में दमकल की कई गाड़ियां जुटी हुई हैं। फिलहाल अब तक आग लगने का कारण मालूम नहीं हो सका है। हालांकि प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक कंपनी में 22 लोग काम कर रहे थे। कंपनी के अकाउंट सेक्शन में आग लगी हुई है। 4-5 लोग रस्सी के सहारे नीचे आ गए। आग ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी जो थोड़ी ही देर में पूरी बिल्ड‍िंग में फैल गई। बिल्ड‍िंग 5 मंजिल की है। एक शख्स ने जान बचाने के लिए एक 5वें फ्लोर से छलांग लगा दी जिससे उसके रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आ गई है। घायल शख्स को सेक्टर-11 के मेट्रो हॉस्प‍िटल में एडमिट कराया गया है। आग की चपेट में आने से एक महिला भी बुरी तरह से झुलस गई।

पानी की तलाश में भटके शिशु हाथी ट्रेन की चपेट में आया, मौत

हल्द्वानी।
सोमवार को हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से दो नर शिशु हाथी की मौत हो गयाी। एक साथ दो हाथीयों की मौत से वन महकमें में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दोनों शिशु हाथियो उम्र 2 से 3 साल की बताई जा रही है। रेलेवे ट्रैक पर हाथियों की मौत से रेल यातायात भी बाघित हो गया। सोमवार तड़के हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के नजदीक रेल ट्रैक पर पानी की तलाश में निकले दो शिशु हाथी दिल्ली-रानीखेत एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद वन एवं रेल के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए है। वन विभाग के टांडा रेंज के रेंजर गणेश चंद त्रिपाठी के अनुसार हाथियो का एक झुंड पानी की तलाश में निकला था जो कि रेल ट्रैक पार कर रहा था उसी समय ट्रैन आने से 2 शिशु हाथी जिन की उम्र 2-3 साल रही होगी, ट्रैन की चपेट में आ गए जिस कारण इन नर शिशु हाथियो की मौत हो गई। चिकित्सको के 3 सदस्य पैनल के द्वारा शिशु हाथियो का पोस्ट मार्टम कराया गया। फिलहाल ट्रक को कुछ समय के रोक कर शिशु हाथियो के शवों को हटाया जा रहा है, उसी के बाद ट्रक को दोबारा शुरू किया जाएगा।

अधिकारी घटना छुपाते रहे, वाटसअप पर वीडियो वायरल हो गया

टेंडर डालने आये ठेकेदार की निविदा फाड़ी!

ऋषिकेश।
सोमवार को बैराज मार्ग स्थित सिचाई विभाग के कार्यालय में टेंडर डालने आये सुशील पाल ने विभाग पर गंभीर आरोप लगाये है। उन्होंने विभाग पर मिलीभगत कर दो करोड़ रुपये के कार्यों के लिए पूल बांटने का आरोप लगाया। ठेकेदार ने बताया कि वह दोपहर दो बजे विभाग के दफ्तर पहुंचे। उन्होंने अपनी बोली को लिफाफे में बंद कर पेटी में डालना चाहा तो कुछ लोगों ने उनका हाथ पकड़ लिया। धक्का मुक्की होने पर वहां मौजूद लोगों ने उनका लिफाफा फाड़कर फेंक दिया। जिस समय यह घटना हुयी विभाग के अधिकारी मोके पर मौजूद थे।
बताया कि दो करोड़ रुपये के काम के लिए 700 टेंडर सेल हुये थे। जिसमें से पन्द्रह लोगों ने ही अपनी बोलियों को टेंडर बॉक्स में डाला है। आरोप लगाया कि अधिकारियों से शिकायत की गई तो उन्होंने ऐसी कोई घटना होने से इंकार किया और उन्हें ही धमकाने का प्रयास किया। उन्होने घटनाक्रम की जानकारी एसडीएम ऋषिकेश को लिखित में देकर टेंडरों को निरस्त करने की मांग की है। वहीं, सिचाई विभाग के सहायक अभियंता सुधीर मोहन से इस बाबत वार्ता की गयी तो उन्होंने कैंपस में ऐसी घटना होने से इंकार किया है। बताया कि आज टेंडर कॉल किये गये थे, ठेकेदारों ने अपने टेंडर बॉक्स में डाल दिये है। वहीं, सूत्रों के अनुसार घटना से जुड़ा वीडियों भी वाटसअप में तेजी से फैल गया।

अंबेडकर के पोस्टर जलाने से नाराज भीड़ ने किया हमला

-गुस्साई भीड ने पुलिस पर किया पथराव, सीओ घायल
-मौके पर समझाने पहुंचे भाजपा विधायक देशराज भी चोटिल

हरिद्वार।
मंगलौर थाना क्षेत्र के मुंडेट गांव में कथित तौर पर बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर का पोस्टर जलाने पर गुस्साई भीड ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें सीओ मंगलौर सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं मौके पर पहुंचे भाजपा विधायक देशराज कर्णवाल पर भी भीड ने हल्ला बोल दिया। उन्हें भी चोटें आई है। भाजपा विधायक के गनर ने किसी तरह उनको बचाया। बाद में पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया है।
एसएसपी हरिद्वार वीके कृष्ण कुमार ने बताया कि मुंडेट गांव में कुछ लोगों ने बाबा साहेब का पोस्टर जला दिया था। इस पर संबंधित समुदाय के लोगों ने जाम लगा दिया था। पुलिस ने उन्हें दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर शांत करने का प्रयास किया। लेकिन तभी किसी ने वहां मिट्टी तेल छिडककर आग लगाने का प्रयास किया। सीओ मंगलौर परीक्षित कुमार ने किसी तरह युवक को बचाया। इसी बीच वहां मौजूद भीड ने पथराव कर दिया। पथराव में हमारे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। दो बाइकें भी जला दी गई है। छह से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है। विधायक देशराज कर्णवाल भी चोटिल हुए हैं। उनको पथराव के दौरान पत्थर लगा है।

हाथी देख घरों की छतों पर चढ़े ग्रामीण

ऋषिकेश।
सोमवार सुबह टस्कर हाथी गंगा नदी से कूल घाटी होते हुए रायवाला गांव में पहुंच गया। लगभग 6 बजे आबादी क्षेत्र में हाथी को देख लोग घर की छतों पर चढ गए। हाथी आबादी क्षेत्र के बीच से होते हुए सत्यनारायण मंदिर के समीप राजाजी पार्क के जंगलों में चला गया।
सोमवार सुबह हाथी को गांव में देख ग्रामीण सकते में आ गये। हाथी गेहूं के खेत में काटकर रखी गई गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाये बिना ही आबादी क्षेत्र से होकर निकला। स्थानीय निवासी राजेंद्र जोशी ने बताया कि सुबह होने के कारण हाथी लोगों की आवाजें सुनकर घबरा गया। क्षेत्र में गेंहू की फसल तैयार है। लेकिन हाथी ने किसी का कोई नुकसान नहीं किया। संभवत: वह झुण्ड से बिछुड़ गया होगा। वहीं मोतीचूर रेंजर महेंद्रगिरी गोस्वामी ने बताया कि गर्मी होने के कारण हाथी गंगा नदी तक मूवमेंट करते हैं। सुबह होने के कारण हाथी सीधे जंगल की ओर चला गया।

इधर शादी, उधर बिचौलिए के साथ फुर्र हुई युवती

ऋषिकेश।
रविवार सुबह वनखंडी निवासी एक युवक ने एक बिचौलए के माध्यम से सहारनपुर की एक युवती के साथ मंदिर में फेरे लिए। शादी के बाद युवती दुल्हे के घर पहुंचने के बाद बिचौलिए के साथ झांसा देकर फरार हो गई। काफी देर बाद दुल्हन के न मिलने पर दूल्हे ने परिजनों के साथ तलाश शुरू की। दूल्हे ने दोस्तों की मदद से पूरा शहर छान मारा। सोमवार को दूल्हा शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा और आपबीती बताई। बताया कि बिचौलिया उससे एक रिश्तेदार के यहां मिला था। उसने एक गरीब लड़की से शादी करवाने की बात कही। शनिवार को वह लड़की को लेकर ऋषिकेश आया। रविवार को युवती को दुल्हन की तरह सजाने के साथ करीब 50 हजार के जेवरात और इतने ही दुल्हन को सगुन के रूप देने के लिए बिचौलए ने दबाव बनाया जिसे दूल्हे के परिजनों ने दुल्हन को दिए। प्रशिक्षु आईपीएस और कोतवाली का कार्यभार देख रहीं निहारिका भट्ट का कहना है कि उन्हें पीड़ित युवक ने मौखिक जानकारी दी है। युवती की तलाश की जा रही है।

गंगा में डूबा दिल्ली का 23 वर्षीय युवक

ऋषिकेश।
मनीष शर्मा पुत्र श्रीराम शंकर शर्मा (23)निवासी मकान नम्बर 1968 कतरा कुशल राय नई दिल्ली रविवार को लक्ष्मणझूला स्थित मस्तराम घाट पर नहाते समय बह गए। सूचना पर मौके पर पहुंची जल पुलिस और एसडीआरफ ने उसकी तलाश में गंगा नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया। ढाई घंटे बाद टीम को कामयाबी मिली। गंभीर हालत में उसे लेकर पुलिस सरकारी अस्पताल लेकर गई जहां चिकित्सकों की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक मनीष शर्मा अपने साथी जगदानंद दास पुत्र सुबह उदास निवासी 295 सुनरख बांगर अॅपोजिट आनंद वाटिका वृंदावन मथुरा उत्तर प्रदेश के साथ लक्ष्मणझूला घूमने आए थे। मस्तराम घाट पर नहाते समय मनीश शर्मा गंगा में डूब गया। पुलिस ने बताया कि मनीष शर्मा दिल्ली में कोचिंग सेंटर चलाता था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना भेज दी है।

हाथियों के उत्पात से ग्रामीण परेशान

ऋषिकेश।
राजाजी पार्क से हाथियों का एक जोड़ा गुरुवार देर रात करीब दो बजे भट्टोंवाला गांव में पहुंचा जहां उन्होंने एक के बाद एक गेहूं की फसलें रौंदकर तहस-नहस कर दी जिसमें यशपाल पोखरियाल, सुरेंद्र सिंह राणा, जगमोहन सिंह, रविंद्र राणा के खेत शामिल थे। यही नहीं हाथियों ने जोत सिंह के घर के आसपास की क्यारियों में बैंगन और भिंडी की फसल को भी चट कर दिया। इसके बाद हाथी सुंदर सिंह के आंगन में पहुंचे। यहां उन्होंने कुछ न मिलने पर हैंडपंप ही उखाड़ डाला। ग्रामीणों ने वनकर्मियों को मामले की सूचना दी। वनकर्मियों के साथ ही ग्रामीणों ने खूब शोर मचाया लेकिन हाथी टस से मस नहीं हुए और चिंघाड़ते रहे। ग्रामीणों के अनुसार हाथी तड़के चार बजे गांव में उधम मचाने के बाद जंगल की तरफ लौटे। गांव में हाथियों के आए दिन उत्पात से ग्रामीण खौफजदा हैं। उन्होंने वन विभाग से सुरक्षा की मांग की है।

नहाते समय गंगा में डूबी दिल्ली की छात्रा

ऋषिकेश।
गंगा टॉवर बी-6 बसंत कुंज नई दिल्ली निवासी सौम्या सुगम (20) पुत्री राजेश कुमार झा अपनी चार बहनों, भाई और मौसा के साथ ऋषिकेश घूमने आई थी। वे तपोवन स्थित एक होटल में ठहरे थे। होटल से गंगा में नहाने के लिए वे नीमबीच गए। साढ़े चार बजे सौम्या नहाने के लिए गंगा में उतर गई लेकिन इस बीच वह तेज बहाव की चपेट में आ गई। उसके बहते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। एसडीआरएफ, जल पुलिस, गोताखोर की टीम ने गंगा में रेस्क्यू अभियान चलाया लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। मुनिकीरेती थाने के कार्यवाहक एसओ धीरजमणि बलूनी ने बताया कि शुक्रवार को सौम्या सुगम अपनी चार बहनें रचना कुमारी, शांभवी, सान्या, चचेरी बहन कामिनी, छोटे भाई सार्थक और मौसा उज्जल कुमार के साथ नीमबीच पर नहाने गई लेकिन नहाते समय अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गई। शाम सात बजे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया लेकिन नहीं मिली। शनिवार को भी युवती की तलाश की जाएगी।

ऋषिकेश एसडीएम को तीन घंटे तक ग्रामीणों ने घेरा

ऋषिकेश।
एक दिन पहले भारी विरोध के बीच शांतिनगर में देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानें खुलने से ग्रामीणों का पारा चढ़ गया था। वहीं बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे जब एसडीएम ऋषिकेश बृजेश कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। ग्रामीणों ने एसडीएम के सामने अपनी शिकायतें रखीं, जिसके बाद एसडीएम ने नई दुकानों पर ताला लगवाया। ग्रामीणों ने ठेका हटाने का लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही एसडीएम को मौके से जाने दिया। इसके बाद नागाघेर के पास ठेके के लिए नई जगह तलाशने गए एसडीएम को स्थानीय लोगों का विरोध झेलना पड़ा। एसडीएम ने बताया कि आबकारी निरीक्षक को शांतिनगर में खुली दुकान सील करने को निर्देशित कर दिया गया है। मौके पर तनाव की स्थिति देखते हुए पुलिस फोर्स भी तैनात रही।
प्रदर्शन में महिला मंगल दल अध्यक्ष मिथलेश लखेड़ा, इंद्रपाल, राजकुमारी चौहान, मुख्तार मसीह, सुनीता रावत, पवित्रा देवी, कृष्णा देवी, शांति रावत, दीपा शर्मा, शीतला देवी, उर्मिला रावत, कुसुम खत्री, माया रावत, विजय रावत, शांति थापा, रीता रावत, वैशाखी देवी, राधा, मीना, सुनील शर्मा, विमला रावत आदि शामिल थे।