आइएनएस क्लब और अविरल संस्था ने नगर में रैली निकालकर स्वच्छता अभियान चलाया

आइएनएस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने अविरल संस्था के साथ गांधी जयंती के अवसर पर एक स्वछता रैली का आयोजन किया। रैली के माध्यम से नगरवासियों को स्वछता का संदेश दिया गया। रैली को नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिसके बाद रैली नगर निगम से आरम्भ होकर तिलक रोड, हीरालाल रोड, अंबेडकर चौक, रेलवे रोड, घाट चौक से होते हुए त्रिवेणी घाट के गांधी स्तंभ पर सम्पन्न हुई।
क्लब की अध्यक्षा ऋचा सूरी ने बताया कि हमारे देश ने स्वच्छता को लेकर आज भी जागरूकता का अभाव है। इस लिए रैली के माध्यम से आमजन में स्वच्छता को लेकर जागरूकता किया गया। रैली में शामिल सदस्यों ने रास्ते मे पड़े कूड़े कचरे को साफ किया। रैली मे हम सब ने यह ठाना है, भारत स्वच्छ बनाना है जैसे नारे लगाकर श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेटों ने सबको अपनी ओर आकर्षित किया।
इस अवसर पर उमा किंगर, गरिमा मिश्र, नैना खुराना, प्रिया गांधी, प्रोमिला सडाना, अविरल संस्था से मृदुल, सुनील, अभिषेक मल्होत्रा, मनीज गुप्ता, महेश किंगर, नवीन गांधी आदि उपस्थित रहे।

ज्ञानवाणी चैनल से ऑनलाईन शिक्षा और सुलभ होगी-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में ज्ञानवाणी चैनल का वर्चुअल शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा की राज्य में छात्र-छात्राओं को ऑनलाईन शिक्षण अधिगम से लगातार जोड़े रखने हेतु उत्तराखण्ड राज्य शिक्षा विभाग और जियो ने मिलकर नए ऑनलाईन एजुकेशन चैनल ज्ञानवाणी-1 और ज्ञानवाणी-2 का शुभारंभ एक अच्छा प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि बच्चों को ऑनलाइन शिक्षण के उद्देश्य से शुरू किए गए एजुकेशन चैनल ज्ञानवाणी का लाभ प्रदेश के सभी बच्चों को मिले। ज्ञानवाणी चौनल की सार्थकता तभी होगी जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों तक इसका लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा की बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में स्कूलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कोरोना काल में ऑनलाइन शिक्षण के लिए अनेक सराहनीय प्रयास किए गए। स्कूलों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सभी शैक्षणिक गतिविधियां चल रही है।
शिक्षा मंत्री अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि कोविड के दौरान ऑनलाइन शिक्षण का प्रचलन शुरू हुआ। आज ऑनलाइन माध्यम से अनेक शैक्षणिक गतिविधियां की जा रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि ज्ञानवाणी चौनल के माध्यम से पीएम ई विद्या के कंटेंट को भी शामिल किया जाय। जो पूर्णतः एनसीईआरटी पाठ्यक्रम पर आधारित है।
शिक्षा सचिव राधिका झा ने कहा कि ऑफलाइन शिक्षण के साथ ही बच्चों को ऑनलाइन माध्यम से ही शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। ज्ञानवाणी-1 प्राथमिक कक्षाओं एवं ज्ञानवाणी-2 माध्यमिक कक्षाओं के लिए चलाया जा रहा है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी जियो विशाल अग्रवाल ने कहा कि समग्र शिक्षा अभियान से जुड़े सभी एनजीओ भी शिक्षा विभाग के माध्यम से ज्ञानवाणी में कंटेंट का प्रसारण कर सकते हैं। उन्होंने बताया की जल्द ही धारचूला में जियो की 4जी कनेक्टिविटी शुरू की जाएगी।
इस अवसर पर शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून डॉ. मुकुल सती, जियो के स्टेट कॉर्डिनेटर दीपक सिंह एवं वर्चुअल माध्यम से सभी मुख्य शिक्षाधिकारी एवं प्रधानाचार्य मौजूद थे।

सम्प्रदाय विशेष के दबाव में मकान, सम्पति बेचने व पलायन की सूचना पर बड़े एक्शन की तैयारी

शासन के संज्ञान में आया है कि प्रदेश के कुछ विशेष क्षेत्रों में जनसंख्या में अत्यधिक वृद्धि होने से जननांकीय (डेमोग्राफिक) परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं जिसका कुप्रभाव ‘कतिपय समुदाय के लोगों का उन क्षेत्रों से पलायन’ के रूप में सामने आने लगा है। इतना ही नहीं इससे वहां का सांप्रदायिक माहौल बिगड़ने की संभावना भी बनी हुई है। इस संबंध में चिंता जताते हुए शासन ने डीजीपी, सभी जिलाधिकारियों और एसएसपी को इस समस्या के निदान के लिए कुछ एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
डीजीपी, सभी जिलाधिकारियों एवं एसएसपी को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक जिले में जनपद स्तरीय एक समिति गठित की जाए। समिति इस समस्या के निदान के लिए अपने सुझाव देगी। इसके अलावा संबंधित क्षेत्रों में शांति समितियों का भी गठन किया जाए तथा समयदृसमय पर इन समितियों की बैठकें आयोजित की जाएं। निर्देश दिए हैं कि जिलों में इस प्रकार के क्षेत्रों का चिन्हीकरण करते हुए वहां निवास कर रहे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर करवाई की जाए। इसके साथ ही जिलेवार ऐसे व्यक्तियों की सूची तैयार करने को कहा गया है जो अन्य राज्यों से आकर यहां रह रहे हैं और उनका अपराधिक इतिहास है। ऐसे लोगों का व्यवसाय और मूल निवास स्थान का सत्यापन करके उनका रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारियों को कहा गया है कि इन क्षेत्र विशेष में भूमि की अवैध ख़रीददृफरोख्त पर विशेष निगरानी रखी जाए। इस पर रोक लगाते हुए यह देखा जाए कि कोई व्यक्ति किसी के डर या दवाब में अपनी संपत्ति न बेच रहा हो। निर्देश दिए गए हैं कि जिले निवास कर रहे विदेश मूल के उन लोगों के खिलाफ सख्त करवाई करें जिन्होंने धोखे से भारतीय वोटर कार्ड अथवा पहचान पत्र बनवाए हैं। ऐसे लोगों का रिकॉर्ड तैयार कर उनके खिलाफ नियमानुसार करवाई की जाए।

विस अध्यक्ष ने 5 लाख रुपये के आर्थिक सहायता के चेक बांटे

आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए सभी वर्गाे के लोगों को प्रयास करने चाहिए उक्त बात ऋषिकेश स्थित केम्प कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने 64 निर्धन, असहाय एवं दिव्यांगजनों को अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से 5 लाख रुपये के आर्थिक सहायता के चेक वितरित करते हुए कही।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से केवल असहाय, आर्थिक संसाधन विहीन व्यक्ति को ही आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होने कहा कि वे स्वयं गरीबों की समस्याओं को समझते है तथा उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का प्रयास कर रहे है
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता विधायकों के माध्यम से उत्तराखंड के प्रत्येक क्षेत्र में गरीबों असहाय लोगों को पहुंच रही है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता राशि जीवन यापन के लिए पर्याप्त नहीं होती है। इसलिए लोगों को आर्थिक दिक्कतों से निपटने के लिए स्वरोजगार को अपनाने का प्रयास करना चाहिए। अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में सभी जगहों पर विकास कार्य हो रहे हैं एवं जनता की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। अग्रवाल ने कहा कि वे जनता की जो भी मांगे होंगी उन्हें पूरा करने का हर संभव प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर लायंस क्लब देवभूमि ऋषिकेश के अध्यक्ष विशाल, लायंस क्लब डिवाइन के अध्यक्ष जगमीत सिंह, व्यापार सभा के अध्यक्ष मनोज कालरा, कविता शाह, राजनी बिष्ट, सुंदरी कंडवाल, गौतम राणा, भूपेन्द्र राणा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

चारधाम यात्रा, 42 हजार तीर्थ यात्रियों ने किया रजिस्ट्रेशन

उत्तराखंड में चार धाम शुरु हो गई है। यात्रा प्रारम्भ होने से प्रदेश में चार धाम से जुड़े व्यवसायों की उम्मीद बढ़ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष प्रयासों से चार धाम यात्रा शुरू होने से कोविड-19 की दूसरी लहर के बाद बंद पड़े कारोबार को संजीवनी मिलेगी। चार धामों में अब तक लगभग साढ़े पांच हजार लोग दर्शन कर चुके हैं जबकि अब तक 42 हजार से अधिक लोगों को ई-पास जारी किये जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशीलता का ही परिणाम है कि कोविड संक्रमण के चलते आर्थिक मंदी से जूझ रहे चारधाम यात्रा और पर्यटन से जुड़े कारोबारियों के लिए राज्य सरकार ने 200 करोड़ रुपए के आर्थिक पैकेज जारी कर संजीवनी देने का काम किया। जिसकी बदौलत चारों धाम के होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी संचालक आदि के साथ ही पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए एकमुश्त सहायता राशि सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गई है। पर्यटन विभाग की ओर से अब तक लगभग 15 हजार लोगों को 7 करोड़ की धनराशि वितरित की जा चुकी है। यह धनराशि लाभार्थियों के खाते में सीधे जमा कराये जा रही है। मुख्यमंत्री इस बात का साफ संकेत दे चुके हैं कि यात्रा से जुड़े व्यवसाइयों, तीर्थ पुरोहितों की परेशानियों को दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जिसका असर धरातल पर दिखने लगा है।

तीर्थ पुरोहितों का आंदोलन हुआ स्थगित
मुख्यमंत्री ने देवस्थानम बोर्ड को लेकर तीर्थ पुरोहितों के मन में उठ रहे संशय को दूर करते हुए यह स्पष्ट किया कि चारधाम से जुड़े लोगों के हक-हकूक को किसी भी प्रकार से प्रभावित नहीं होने दिया जायेगा। देवस्थानम बोर्ड के तहत बनाई गई उच्च स्तरीय समिति द्वारा चारधाम से जुड़े तीर्थ पुरोहित की बात सुनकर सरकार के समक्ष अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। कमेटी में चारों धामों से दो-दो तीर्थ पुरोहितों को भी शामिल किया जायेगा। मुख्यमंत्री की कार्यपद्धति से प्रभावित होकर तीर्थ पुरोहितों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।

सीएम ने अपने जन्म दिन पर प्रदेश को कई सौगातें दी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने 46वें जन्मदिन पर प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने मार्च 2022 तक प्रदेश में होने वाली सभी प्रतियोगी परीक्षाओं का आवेदन शुल्क माफ करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक सेवा आयोग, चयन आयोग समेत अन्य भर्तियों के लिए आने वाले फार्म भरने पर युवाओं को कोई फीस नहीं चुकानी होगी। मुख्यमंत्री यह घोषणा बाल वनिता आश्रम में बच्चों के साथ अपना जन्म दिवस मनाते हुए की। यहां उन्होंने वृक्षारोपण कर बच्चों को मिष्ठान भी वितरित किया।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन पर दिन की शुरुआत टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना कर की। इसके बाद मुख्यमंत्री राष्ट्रीय दृष्टिबाधित दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचे। यहां उन्होंने दृष्टिबाधित बच्चों के साथ अपना जन्म दिवस मनाया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान में बच्चों को स्कूल बस की व्यवस्था और 10 कम्प्यूटर देने की घोषणा भी की।

धामी सरकार ने दी 3154 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश भर में अलग योजनाओं और विकास कार्य के लिए 3154 लाख रूपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। विधानसभा क्षेत्र रूड़की के अन्तर्गत महावीर एन्क्लेव की आंतरिक सड़कों का सीसी इण्टरलॉकिंग टाईल्स द्वारा सड़क व नाली निर्माण कार्य हेतु रूपये 48.22 लाख, विधानसभा क्षेत्र रूद्रप्रयाग के अन्तर्गत धरासू कोटी घरेड़ा मोटर मार्ग का डामरीकरण हेतु 156.21 लाख रुपये, विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के अन्तर्गत विभिन्न 2 निर्माण कार्यों हेतु 473.50 लाख रूपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है. इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र चम्पावत के अन्तर्गत विभिन्न 6 निर्माण कार्यों हेतु मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 407.83 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति, विधानसभा क्षेत्र सल्ट के अन्तर्गत विभिन्न 02 निर्माण कार्यों हेतु 90.21 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति की गई है। विधानसभा क्षेत्र रुद्रप्रयाग के विकासखण्ड जखोली में पौंठी के हियूना तोक होते हुये तल्ली पैंठी तक मोटर मार्ग हेतु 49.24 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। विधानसभा क्षेत्र सितारगंज के अन्तर्गत ग्राम गडरियाबाग में रेलवे क्रॉसिंग से नूरपुर पिको तक मार्ग का नव-निर्माण हेतु 71.91 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। विधानसभा क्षेत्र ज्वालापुर में विभिन्न कार्यों हेतु 152.15 लाख रूपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र भीमताल के अन्तर्गत ग्राम पंचायत झड़गॉव मल्ला के तोक खोलकेड़िया, चौड़ी फैधार से ग्राम पंचायत गरगड़ी मल्ली तक मोटर मार्ग हेतु 7.50 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति, विधानसभा क्षेत्र नैनीताल के अन्तर्गत विभिन्न 10 कार्यों के लिए 702.14 लाख रुपये की स्वीकृति, विधानसभा क्षेत्र बीएचईएल रानीपुर के अन्तर्गत विभिन्न 2 कार्यों के लिए 152.53 लाख की वित्तीय स्वीकृति, विधानसभा क्षेत्र बीएचईएल रानीपुर के अन्तर्गत सुभाष नगर मार्केट वाली मुख्य सड़क का नाली सहित इण्टरलॉकिंग टाईल्स द्वारा निर्माण हेतु मुख्यमंत्री द्वारा 104.17 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। विधानसभा क्षेत्र चम्पावत के अन्तर्गत 2 निर्माण कार्यों हेतु 172.57 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। विधानसभा क्षेत्र लैंसडाउन के अन्तर्गत घांघली बैण्ड-सन्दणा मोटर मार्ग का डामरीकरण हेतु 203.42 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति, विधानसभा क्षेत्र थराली के अन्तर्गत ग्वालदम से केन्द्रीय विद्यालय तक मोटर मार्ग के निर्माण हेतु 28.90 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर में शीतलाखेत-काकड़ीघाट (मटेला) मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण हेतु मुख्यमंत्री द्वारा 334.03 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।

अंधतत्व निवारण को नगरभर में निकली साइकिल रैली, नेत्रदान का हुआ आह्वान

एम्स ऋषिकेश के तत्वावधान में आयोजित नेत्रदान पखवाड़े के तहत आज नगरभर में साइकिल जनजागरूकता रैली निकाली गई। इसके माध्यम से लोगों से ब्लाइंडनेस को कम करने के लिए नेत्रदान का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। एम्स निदेशक ने इस रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर उन्होंने समाज से अंधतत्व निवारण हेतु इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रमों को नितांत आवश्यक बताया, साथ ही रैली में प्रतिभाग करने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया। रैली में 150 से अधिक लोग शामिल हुए। जनजागरूकता रैली एम्स से बैराज मार्ग, कोयल घाटी, हरिद्वार रोड तिलक रोड, अंबेडकर चौक होते हुए आगे बढ़ी व देहरादून रोड स्थित जीजी आईसी, हीरालाल मार्ग, परशुराम चौक होते हुए एम्स परिसर में सम्पन्न हुई।

ऋषिकेश आई बैंक की ओर से आयोजित रैली में एम्स फैकल्टी सदस्यों, वरिष्ठ चिकित्सकों, पीजी डॉक्टरों, सिक्योरिटी गार्ड्स, संस्थान के आई बैंक स्टाफ के सदस्यों के साथ ही रेड राइडर्स ग्रुप, ब्लू राइडर्स, ऋषिकेश साइकिल ग्रुप, लायंस क्लब के सदस्यों, विभिन्न स्कूल कॉलेजों के छात्रों व स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने बढ़चढ़कर प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर संस्थान के डीन प्रोफेसर मनोज गुप्ता, आईबीसीसी प्रमुख व वरिष्ठ सर्जन प्रोफेसर बीना रवि, डीएचए प्रो. यूबी मिश्रा, संस्थान के नेत्ररोग विभागाध्यक्ष प्रोफेसर संजीव कुमार मित्तल, आई बैंक की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. नीति गुप्ता, वरिष्ठ चिकित्सक डाक्टर रोहित गुप्ता, डा.पीके पांडा, डा.अनुभा अग्रवाल, डा.अनुपम, डा. रामानुज सामंता, जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल, विधि अधिकारी प्रदीप पांडे, विक्रम सिंह के अलावा नगर के गणमान्य व्यक्तियों में जयेंद्र रमोला, राकेश मियां, गोपाल नारंग, शैलेंद्र बिष्ट, ज्योति प्रकाश शर्मा, नीरज शर्मा, जितेंद्र बिष्ट, सरदार बूटा सिंह, यशपाल सिंह चौहान आदि मौजूद थे।

सैन्य धाम में शहीद सैनिकों के आंगन की मिट्टी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आवास स्थित कैम्प कार्यालय में सैन्य धाम के संबंध में आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में भव्य सैन्यधाम बनाया जायेगा। इसमें सभी शहीद सैनिकों के आंगन की मिट्टी लाई जायेगी। इसका स्वरूप भव्य होगा। हमारे सैनिकों का शौर्य एवं पराक्रम की गाथा का यह जीता जागता उदाहरण होगा। सैन्यधाम के संबंध में उच्च स्तरीय समिति की अगली बैठक जल्द आयोजित की जायेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि शहीद सम्मान यात्रा के लिए सभी तैयारियां जल्द पूर्ण की जाय। शहीद सम्मान यात्रा के दौरान शहीदों के आश्रितों को सम्मान पत्र भी दिया जायेगा।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, चंद्रा पंत, प्रमुख सचिव सैनिक कल्याण एल. फैनई, सचिव वी. षणमुगम एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

विधानसभा सत्र में मुख्यमंत्री ने की घोषणा, कांग्रेस सरकार में वंचित बालिकाओं को मिलेगा नंदा गौरा योजना का लाभ

विधानसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि वर्ष 2015-16 व 2016-17 में गौरा देवी कन्याधन योजना के लाभ से वंचित बालिकाओं, जिनके आवेदन प्राप्त थे। उन्हें सरकार द्वारा योजना का लाभ दिया जाएगा।

कांग्रेस विधायक मनोज रावत द्वारा उक्त विषय को सदन के समक्ष रखा। जिस पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने सदन में जवाब दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015-16 में 11300 बालिकाएं व वर्ष 2016-17 में 21916 बालिकाएं ऐसी थी जो कन्याधन योजना के लाभ से वंचित थी। उन्होंने बताया कि कुल 33216 बालिकाओं को लाभ दिलाने के लिए मुख्यमंत्री जी ने 49.42 करोड़ की शेष धनराशि अवमुक्त करने की घोषणा की है।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कारनामों से वंचित रह गयी हमारी बेटियों को उक्त जनकल्याणकारी योजना का लाभ देने को हमारी प्रदेश की धामी सरकार ने विशाल हृदय दिखाया है। उन्होंने कहा कि वंचित रह गयी 33216 बालिकाओं को लाभान्वित करने को 49.42 करोड़ की धनराशि अवमुक्त करने की घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा सराहनीय कदम है।

कहा कि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री जो स्वयं को महिलाओं और बेटियों का हितैषी बताते नहीं थकते हैं, उनके ही कार्यकाल की करनी प्रदेश की 33216 बेटियां झेल रही थी। जिसे आज हमारी धामी सरकार ने योजना का लाभ दिलाने का निश्चय किया है।

हमारी सरकार मात्र सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री बनने के लिए कांग्रेस के नेताओं की तरह घड़ियाली आंसू न बहाकर सदा जनता के लिए कार्य करती है । हमारी सरकार द्वारा लिया गया आज का फैसला एक दूरगामी व दूरदृष्टि को परिलक्षित करता है। इसके लिए सरकार बधाई की पात्र है तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी का आभार यक्त करते हैं।

पात्र बालिका को निम्नानुसार दी जाएगी सहायता
1. बालिका के जन्म पर पांच हज़ार रुपए।
2. 1 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर पांच हज़ार रूपए।
3. कक्षा 8 पास करने व नवी कक्षा में प्रवेश लेने पर पांच हज़ार रूपए।
4. कक्षा 10 पास करने तथा 11वीं कक्षा में अथवा डिप्लोमा में प्रवेश लेने पर पांच हज़ार रुपए।
5. कक्षा बारहवीं पास करने एवं स्नातक अथवा डिप्लोमा में प्रवेश लेने पर पांच हज़ार रुपए।
6. डिप्लोमा अथवा स्नातक अविवाहित उत्तीर्ण करने पर 10 हज़ार रुपए।
7. बालिका के विवाह पर 16 हजार रुपये की राशि उन्हीं बालिकाओं को देय होगी जिन्होंने डिप्लोमा अथवा स्नातक उत्तीर्ण की है।