शम्याप्राश संस्था ने द कश्मीर फाइल्स के लिए रामा पैलेस में की सभी सीटें आरक्षित

ऋषिकेश सीट से निर्वाचित विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने आज परिवार और भाजपाइयों के साथ बहुचर्चित फिल्म द कश्मीर फाइल्स ऋषिकेश सिनेमा हॉल में देखी। इस दौरान विधायक प्रेमचंद अग्रवाल भावुक भी हो गए।

उन्होंने फिल्म के जरिये इतिहास के छिपे तथ्यों से दर्शकों को रूबरू कराने की बात कहते हुए फिल्म निर्माताओं का आभार जताया। द कश्मीर फाइल्स फिल्म देखने विधायक अग्रवाल के साथ उनकी पत्नी शशिप्रभा अग्रवाल भी पहुंची थीं। अग्रवाल ने बताया कि ऋषिकेश की शम्याप्राश संस्था ने ऋषिकेश सिनेमाघर रामा टॉकिज की सभी 600 सीटों को आरक्षित कर जागरूकता के उद्देश्य से शाम 6 बजे के शो में ऋषिकेशवासियों को निशुल्क इस फिल्म को देखने का मौका दिया। इससे पहले इस प्रकरण को यादगार बनाने के लिए हिंदू पुनरुत्थान शीर्षक से एक रैली का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर संस्था सचिव कार्तिक, सहयोगकर्ता विनायक भट्ट, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, पीयूष अग्रवाल, सुशील नौटियाल, जनार्दन कैरवान, सुभाष डोभाल, ब्रह्मानन्द भट्ट आदि उपस्थित रहे।

‘द कश्मीर फाइल्स’ देख बोले संगठन महामंत्री अजये, फिल्म मानवीय त्रासदी का जीवंत प्रमाण

कश्मीर की यथार्थ घटनाओं पर आधारित द कश्मीर फाइल्स जिस पर निदेशक विवेक अग्निहोत्री के समक्ष उस समय शालिनी खन्ना ने कई दृश्यों पर आपत्ति उठाई थी। आज वही फिल्म पूरे देश के साथ-साथ उत्तराखंड की जनता के लिए सर्वाधिक महत्वपूर्ण फिल्म बनती जा रही है, जिसका कारण इस फिल्म को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ पहुंचना है। बड़ी संख्या में लोग इस फिल्म को देखने के लिए सिनेमा हाल में पहुंच रहे हैं जिनमें प्रबुद्धजन भी शामिल है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने भाजपा चुनाव अभियान मे लगी पूरी टीम के साथ फिल्म द कश्मीर फाइल देखने के बाद अजेय कुमार ने ‘द कश्मीर फाइल्स’ देखकर इसे मानवीय त्रासदी का जीवंत प्रमाण बताया तथा कहा कि इस फिल्म में प्रत्यक्ष रूप से मानवीय घटनाओं का जो चित्रण किया गया है वह अपने आप में महत्वपूर्ण है। यह फिल्म 1990 में कश्मीरी पंडितों के पलायन को दिखाती है। फिल्म का मुख्य नायक जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के कृष्ण पंडित (दर्शन कुमार) एक युवा छात्र की कश्मीर यात्रा पर केंद्रित है जो राधिका मेनन (पल्लवी जोशी) से प्रभावित होकर अपने ही लोगों के नरसंहार के बारे में जानकारी प्राप्त करते हैं। फिल्म पलायन के आसपास की घटनाओं को नरसंहार के रूप में चित्रित करती है जिसमें भारी संख्या में कश्मीरी हिन्दुओं का नरसंहार तथा महिलाओं के साथ बलात्कार जैसी घटनाओं का यथार्थ चित्रण है।

इस संदर्भ में भाजपा महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने द कश्मीर फाइल्सश् फिल्म देखने के बाद कहा कि यह फिल्म 1990 में घाटी से कश्मीरी पंडितों के पलायन पर आधारित है। अजेय कुमार ने देहरादून के सिल्वर सिटी सिनेमाघर में भाजपा कार्यकर्त्ताओं के साथ फिल्म देखी। फिल्म में कश्मीरी पंडितों के साथ हुए अत्याचार और दुर्दशा के हालातों को दिखाया गया है। फिल्म 1990 के दशक में कश्मीरी पंडितों के पलायन की दर्दनाक कहानी बयां करती है। जब कश्मीरी पंडितों का नरसंहार किया गया था। इस फिल्म में निदेशक विवेक अग्निहोत्री ने कश्मीरी पंडितों के उसी दर्द को परदे पर उतारा है। अब इस फ़िल्म के जरिए लोग उस समय के कश्मीर के हालातों से परिचित हो सकेंगे।

अजेय कुमार की ओर से स्वयं फिल्म देखने के बाद उसके बारे में जानकारी दी गई। अजेय कुमार ने फिल्म देखने के बाद कहा, 1990 में कश्मीर घाटी में जो मानवीय त्रासदी हुई थी, फिल्म श्द कश्मीर फाइल्सश् उसका सजीव और मार्मिक चित्रण है। उन्होंने फिल्म निर्माताओं तथा कलाकारों का धन्यवाद किया जिन्होंने कश्मीर के हिंदुओं की पीड़ा, हालातों और जघन्य दास्तां को करीब से बड़े पर्दे पर उतारा। अजेय कुमार ने कहा कि जिस मार्मिकता तथा यथार्थ के साथ फिल्मांकन किया गया है वह अपने में सराहनीय है। अजेय कुमार के अनुसार फिल्म में किये गये यथार्थ चित्रण को जनता सराह रही है और नम आंखों से सिनेमा हाल से वापस लौट रही है।

अक्षय कुमार को उत्तराखंड की प्राकृतिक सौंदर्यता ने प्रेरित किया

बॉलीवुड के खिलाड़ी यानी अक्षय कुमार इन दिनों उत्तराखंड में फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस बीच अक्ष्य कुमार आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलने पहुंचे। सीएम धामी ने अक्ष्य कुमार का पहाड़ी टोपी पहनाकर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री आवास आने पर सीएम धाम ने अक्षय को ब्रह्मकमल वाली पहाड़ी टोपी पहनाई और चार धामों का स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान अक्षय कुमार ने कहा कि उत्तराखंड फिल्मों की शूटिंग के लिए बेहद आकर्षक जगह है उन्हें यहां पर शूटिंग करके बहुत मजा आया है। सीएम धामी ने फेसबुक पर लिखा है, आज प्रख्यात अभिनेता, युवाओं के प्रेरणास्रोत और मेरे मित्र अक्षय कुमार का मुख्यमंत्री आवास में स्वागत एवं अभिनन्दन किया। अक्षय कुमार ने राज्य के युवाओं को प्रेरित करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

स्वर कोकिला के निधन पर उत्तराखंड में दो दिन का राजकीय शोक

भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर उत्तराखंड में भी दो दिन का राजकीय शोक रहेगा। सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार सुमन की ओर से रविवार को दो दिन के राजकीय शोक का आदेश जारी किया। केंद्र सरकार ने भी दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। राज्य में दो दिन सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे। इस दौरान किसी भी तरह के कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे।
भारत रत्न, स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत सभी प्रमुख नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। उनके निधन को समूचे राष्ट्र का नुकसान बताया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लता दीदी का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। कौन भूल सकता है, जब 1962 की लड़ाई की हार से निराश, देशवासियों में लता दीदी के कण्ठ से निकले श्ऐ मेरे वतन के लोगोंश् गीत ने नया जोश भरने का काम किया था। देश की सेना के लिए उनके गाए वन्दे मातरम व अनेकों देशभक्ति के गीत देश पर मर मिटने की प्रेरणा देते रहे।
वहीं दूसरी ओर, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह ने प्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में राज्यपाल सिंह ने कहा कि भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर का निधन समस्त देशवासियों के लिए अपूरणीय क्षति है। लता मंगेशकर ने अपने स्वरों से भारतीय संगीत को समृद्ध बनाया।

शूटिंग करने मसूरी पहुंचे अक्षय कुमार, प्रशंसक उमड़े

बॉलीव़ुड अभिनेता अक्षय कुमार अपनी आने वाले फिल्म की शूटिंग के लिए पहाड़ों की रानी मसूरी पहुंचे। मंगलवार को उन्होंने मसूरी के बारलोगंज शूटिंग की। शहर में अक्षय कुमार के पहुंचने की खबर सुनते ही उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए फिल्म यूनिट के सुरक्षा कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं शूटिंग स्थल से मीडिया कर्मियों को भी दूर रखा गया। बड़ी संख्या में बारलोगंज पहुंचे अक्षय कुमार के फैंस अपने चहेते अभिनेता से नहीं मिल पाए, जिससे उनके फैंस निराश हो गए। मसूरी के बारलोगंज के मुख्य बाजार और सेंट जार्ज कॉलेज के अंदर फिल्म के कई दृश्य फिल्माए गए। फिल्म में लीड रोल में अक्षय कुमार और अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह हैं। मसूरी में फिल्म की शूटिंग चार दिन तक चलेगी। सेंट जार्ज कॉलेज में शूटिंग की सूचना मिलते ही कॉलेज के गेट के बाहर बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने के लिए पहुंच गए। लेकिन भारी सुरक्षा के कारण प्रशंसक अपने अभिनेता के नजदीक नहीं पहुंच पाए।
प्राइवेट सुरक्षा गार्ड और बाउंसरों ने लोगों के मोबाइल से भी फोटो नहीं खींचने दी। कई बार फोटो खिंचने पर बाउंसरों की लोगों के साथ तीखी नोक-झोंक भी हुई।

चकराता के युवाओं ने बड़ी संख्या में सीएम से की मुलाकात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल एवं रामशरण नौटियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जौनसारी बावर क्षेत्र के युवाओं एवं छात्रों ने भेंट की। उन्होंने नवीन चकराता टाउन शिप विकसित करने के लिये 2 करोड़ की धनराशि टाउन प्लानिंग विभाग को उपलब्ध कराने के लिये मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवीन चकराता टाउनशिप को पुरोड़ी-नागथात-लखवाड़ से यमुना नदी तक विकसित किया जायेगा। इसके लिये 2 करोड़ की धनराशि टाउन प्लानिंग विभाग को अवमुक्त करने की घोषणा पूर्व में की जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘‘नवीन चकराता टाउनशिप’’ को चकराता-मसूरी राजमार्ग से लगी भूमि पर विकसित किया जायेगा तथा इसके अतंर्गत पड़ने वाले ग्रामों की पौराणिक पहचान एवं सांस्कृतिक विरासत को बचाये रखने के लिए टाउनशिप की सीमाओं को इन ग्रामों के आबादी क्षेत्र से बाहर रखा जायेगा। इस टाउनशिप के विकास से यहां पर्यटन उद्योग को तो बढ़ावा मिलेगा ही साथ-साथ यहां की जलवायु तथा भौगोलिक स्थिति के अनुरूप औद्योगिक क्षेत्र भी विकसित किये जा सकेंगे जिससे स्थानीय बेरोजगारों के लिये स्वरोजगार के कई आयाम स्थापित होंगे।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्वरोजगार के प्रति ध्यान देने की अपेक्षा करते हुए कहा कि सरकारी नौकरियां हजारों में है जबकि बेरोजगार युवा लाखों में। युवा रोजगार लेने वाले नही रोजगार देने वाले बने इसके लिए राज्य सरकर द्वारा विभिन्न स्वरोजगार योजनाएं संचालित की है तथा योजनाओं के ऋण सुविधा आसान बनाई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पलायन, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे तमाम मुद्दों पर आने वाले सालों में किस तरह सरकार और जनता के बीच समन्वय बनाकर कार्य किया जाए इसके लिए सरकार ने बोधिसत्व विचार श्रृंखला कार्यक्रम की शुरुआत की है। जिसके माध्यम से सरकार विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर चुके अनुभवी लोगों से सुझाव प्राप्त किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा 5700 करोड़ लखवाड़ वाली परियोजना की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे भी क्षेत्र का विकास होगा तथा राज्य की 300 मेगावॉट बिजली उपलब्ध होगा तथा 6 राज्यों को पानी उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य में ऐसे बहुत से काम हुए हैं, जिनकी पहले कल्पना नहीं की जा सकती थी। मोदी जी ने पहाड़ पर रेल पहुचाने के सपने को साकार किया है। आज ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तथा सामरिक दृष्टि एवं भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है। इसी प्रकार चार धाम ऑल वेदर रोड, भारत माला प्रोजेक्ट पर भी तीव्र गति से काम किया जा रहा है। चार धाम यात्रा उत्तराखण्ड के लिए लाइफ लाईन है और ये परियोजनाएं जहां चारधाम यात्रा को सुगम बनाएंगी, पर्यटन को बढ़ावा देगी वहीं हमारी अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन भी लाएगी। दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे देहरादून से दिल्ली की दूरी को और कम करने वाला है।
इस अवसर पर यशपाल चौहान, अर्जुन शर्मा, बाबी पंवार, लाखी राम जोशी, सरदार सिंह, महिपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।

उत्तराखंड देश दुनिया के लिए बेस्ट शूटिंग डेस्टिनेशन-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चकराता रोड़ स्थित स्थानीय होटल में बॉलीवुड फ़िल्म “बूंदी रायता” के मुहूर्त शॉर्ट का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश दुनिया के लिए बेस्ट शूटिंग डेस्टिनेशन है, राज्य सरकार ने फ़िल्म निर्माताओं के लिए अनुकूल वातावरण बनाया है ताकि उन्हें प्रदेश में कोई परेशानी ना हो और फ़िल्म शूटिंग सम्बंधी अनुमति एवं अन्य कार्य आसानी से हो सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में फ़िल्म नीति को भी संशोधित किया गया है जिसके बाद से प्रदेश में बड़ी तदात में फ़िल्मों की शूटिंग हो रही है। इस दौरान विधायक विनोद चमोली, फ़िल्म जगत से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे।

हेमकुंड साहिब रोपवे निर्माण की योजना के लिये प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का जताया आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में गायक दलेर मेहंदी ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने दलेर मेंहदी को युवाओं का प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा कि उनकी गायकी समाज में जन जागरण के साथ ही सामाजिक सद्भाव को भी बढ़ावा देने का कार्य करती है। उन्होंने मेहंदी को शॉल भेंट कर सम्मानित भी किया।
दलेर मेंहदी ने हेमकुंड साहिब को रोपवे से जोड़े जाने की योजना के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। गायक दलेर मेहंदी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमारे दसवें गुरु गुरु गोविन्द सिंह की तपस्थली ’हेमकुंड साहेब’ को रोपवे से जोड़े जाने की बहुत बड़ी घोषणा की है जो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से ही संभव हो पाया है। उन्होंने इसके लिए पूरे सिक्ख समाज की ओर से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का दिल से आभार प्रकट किया।
दलेर मेहंदी ने गुरू नानक महाराज से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की अच्छी सेहत और लम्बी उम्र प्रदान करने की भी प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इन दोनों के द्वारा यह बड़ा पुण्य का काम हुआ है। रोपवे शुरू होने से हेमकुंड साहिब की यात्रा और सुगम हो जाएगी। हमारे बच्चों, बुजुर्गों एवं असहाय व्यक्तियों को इसका विशेष लाभ मिलेगा और वे सुगमता से हेमकुंड साहिब की यात्रा कर सकेंगे।

उत्तराखंड में फिल्म नीति के तहत कई आकर्षक सुविधाएं दी जा रही-सतपाल महाराज

उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में फिल्म जगत से जुड़े निर्माता निर्देशकों से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तराखंड में फिल्म नीति के तहत कई आकर्षक सुविधाएं दी जा रही हैं। हम अपने राज्य में अपनी फिल्म परियोजनाओं के लिए आने के इच्छुक निर्माताओं और निदेशकों के लिए अधिक से अधिक बुनियादी ढांचे को सुविधाजनक बनाने और विकसित करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री और उनकी टीम से मिलने के लिए करीब 33 प्रोडक्शन हाउस से जुड़े निर्माता निर्देशक मौजूद रहे। जिसमें धर्मा प्रोडक्शन, महेश कोठारे, नेटफ्लिक्स, एमेजॉन प्राइम, बालाजी टेलीफिल्म्स, भंसाली प्रोडक्शन, एंडेमोल शाइन इंडिया, जियो स्टूडियो, सलमान खान वेंचर्स, एमएक्स प्लेयर, राजश्री प्रोडक्शन जैसे प्रसिद्ध प्रोडक्शन हाउस हैं। इस बैठक का उद्देश्य फिल्म शूटिंग के लिए उत्तराखंड को एक आदर्श गंतव्य के रूप में बढ़ावा देना था। पर्यटन मंत्री ने बैठक के दौरान बताया कि मैन वर्सेज वाइल्ड की शूटिंग उत्तराखंड में हुई थी जहां प्रधानमंत्री बेयर ग्रिल्स के साथ नजर आए थे।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि सुंदर भव्य पर्वतों, नदियों, खूबसूरत नजारों, वास्तुशिल्प के कारण उत्तराखंड आकर्षक रचनात्मक स्थलों में सदैव शामिल रहा है। पहाड़ की विहंगम और खूबसूरत वादियों में शूटिंग के लिए फिल्मी सितारे लगातार उत्तराखंड का रुख कर रहे हैं। उत्तराखंड को दुनिया का पसंदीदा फिल्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए हमारी सरकार निरंतर काम कर रहे हैं। महाराज ने बताया कि पूर्व में प्रसिद्ध फिल्म मधुमती, भीगी रात, कटी पतंग, लक्ष्य, केदारनाथ, स्टूडेंट ऑफ द ईयर, कोई मिल गया, लक्ष्य, दम लगा के हैय स्या, बत्ती गुल मीटर चालू सहित अनगिनत फिल्मों की शूटिंग कर चुके हैं।
शूटिंग के लिए देवभूमि का कॉर्बेट नेशनल पार्क, ऋषिकेश, रानीखेत और मसूरी के पर्यटक स्थल आकर्षण के केंद्र हैं। इतना ही नहीं उत्तराखंड के चार धामों केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे तीर्थ स्थलों में श्रद्धलुओं की दिलचस्पी बढ़ रही है।
उत्तराखंड सरकार, पर्यटन खोजकर्ताओं और फिल्म बिरादरी के लिए उत्तराखंड में नए स्थानों को विकसित करने पर काम कर रही है। एक राज्य के रूप में उत्तराखंड में शूटिंग के अनुभव को एक सहज और निर्बाध प्रक्रिया बनाने के लिए पर्यटन विभाग का निरंतर प्रयास है, और उसी के लिए उनके पास फिल्म बिरादरी के सुझावों और इनपुट का स्वागत है। पहली फिल्म नीति 2015 में बनी, इसके बाद 2019 में संशोधित फिल्म नीति बनी। आगे भी इसमें फिल्म क्षेत्र से जुड़े लोगों के सुझावों के अनुरूप जरूरी सुधार किये जाएंगे।
सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर ने बताया कि उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग की अपार संभावनाएं हैं। हम निर्माताओं और निर्देशकों का स्वागत करते हैं और विशेष रूप से उत्तराखंड के ऑफबीट डेस्टिनेशनों में शूटिंग करें। बॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्म निर्माताओं को अस्सी नब्बे के दशक से ही उत्तराखण्ड अपनी ओर आकर्षित करते हुए आया है। कोरोना संकट के चलते पटरी से उतरे पर्यटन और फिल्म उद्योग को धीरे धीरे गति मिलने लगी है। एक तरफ उत्तराखंड के पर्यटक स्थल टूरिस्ट से गुलजार हो रहे हैं, वहीं फिल्मकार भी यहां शूटिंग के लिए खासी रुचि दिखा रहे हैं। फिल्म शूटिंग के लिए उत्तराखंड नया हब बन रहा है। प्रदेश की लोकेशन में फिल्म निर्माताओं की बढ़ रही इस रुचि को प्रोत्साहित कर उत्तराखंड में शूटिंग को आसान बनाने पर लगातार काम किया जा रहा है। जिससे उत्तराखंड की लोकेशन में शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही प्राचीन भवनों का जीर्णाेद्धार कर हम उन्हें पर्यटन के लिए खोलने का प्रयास कर रहे हैं।
इस अवसर पर फिल्म प्रोड्यूसर गिल्ड के अध्यक्ष नितिन आहूजा, पर्यटन विभाग के अपर निदेशक विवेक चौहान, वरिष्ठ शोध अधिकारी सुरेंद्र सिंह सामंत, उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी/संयुक्त निदेशक के एस चौहान, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, चित्रांशी रावत, रूप दुर्गापाल सहित फिल्म क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित थे।

मन भरया शॉर्ट फिल्म यू ट्यूब में देखिए

गोविन्दा शाह द्वारा निर्मित शॉर्ट फिल्म “मन भरया” का प्रमोशन आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने किया। ये विडीओ यूटूब चैनल “गोविंद शाह” पर देखने को मिलेगी।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि युवा प्रतिभा गोविंदा शाह व उनकी टीम के द्वारा बनाई गई अधिकतर शार्ट फ़िल्में समाज में एक संदेश के रूप काम करती है। उन्होंने इसके लिए पूरी टीम को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा को समाज में साझा करने व निखारने के लिये ये अच्छा प्लेटफ़ॉर्म है और गोविन्दा की एक ये सकारात्मक पहल है। इस तरह के वीडियो से युवा प्रतिभाओं को ऑनलाइन पोर्टफोलियो बनाने के लिए मौक़ा भी मिलता है।
गोविंद शाह ने बताया कि हम लोग स्थानीय कलाकारों के साथ मिलकर एक समाज को संदेश देने वाली शार्ट वीडियो फ़िल्में बनाते हैं। साथ ही जो युवा प्रतिभा है जिनको मौक़े नहीं मिल पाते उनको हमारे चैनल पर मौक़ा देकर हम उनकी प्रतिभा को निखारने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि हमारे कुछ कलाकारों को बड़े बैनर पर काम भी मिला हैं।
वीडियो प्रमोशन के मौके पर अभिषेक वाल्मीकि, रितिक गुप्ता, अमित गुप्ता, सचिन राजपूत, विक्की मोहिम, अनुराग पॉल, अभिषेक नेगी, शैलेंद्र चौरसिया आदि मौजूद रहे।