मुख्यमंत्री व उच्च शिक्षा मंत्री से भेंट कर गढ़वाल महासभा उठाएगी उच्च शिक्षा का मुद्दा

ऋषिकेश में उच्च शिक्षा संस्थान खोलने को लेकर काफी लंबे समय से मांग उठ रही है। कई राजनीतिक पार्टियों ने इस पर राजनीति की। मगर, सिर्फ बयानबाजी के इस पर धरातलीय काम नहीं हो सके। अब गढ़वाल महासभा इसे पुनः मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री के समक्ष उठाएगी।

महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी ने कहा कि नये डिग्री कॉलेज के निर्माण को लेकर बड़ी बड़ी घोषणाएं भी की जा चुकी है लेकिन यह तमाम घोषणाएं सिर्फ हवाई साबित हुई है। न्याय पंचायत श्यामपुर में नया डिग्री कॉलेज खोले जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। अपने-अपने स्तर से ग्रामीणो, छात्र व कई सामाजिक संस्थाए इसके लिए संघर्षरत रही हैं। लगातार बढ़ रही छात्र संख्या और मेरिट की बाध्यता के चलते ऋषिकेश और डोईवाला महाविद्यालय में सभी विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को देहरादून या अन्य शहरों की तरफ जाना पड़ता है। छिद्दरवाला में कॉलेज खुलने से श्यामपुर न्याय पंचायत की 18 ग्राम सभा के छात्रों को लाभ मिलेगा और क्षेत्र की उच्च शिक्षा की जरूरत पूरी हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि नया डिग्री कॉलेज जल्द खोला जाना बेहद जरूरी है। कहा कि जल्द महासभा का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तराखंड के मुख्यमंत्री व उच्चशिक्षा मंत्री से भेंटवार्ता कर नये डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपेगा।

शासन का आदेश, पांचवी कक्षा से आगे की क्लासों के छात्रों को देनी होगी पूरी फीस

पांचवी से ऊपर की सभी कक्षाओं के छात्रों से पूरी फीस लेने का आदेश आज उत्तराखंड सरकार ने जारी कर दिया है। आदेश में प्राइवेट स्कूलों को फीस किस्तों में लेने पर सह्दयता से विचार करने को कहा गया है।

शिक्षा सचिव आर. मीनाक्षीसुंदरम ने आज फीस का जीओ जारी किया। स्कूल पूरी फीस उसी तारीख से ले सकेंगे, जिस दिन वो विधिवत रूप से खुले हैं। पहली से पांचवी कक्षा के छात्रों से फिलहाल केवल ट्यूशन फीस ही ली जाएगी। मालूम हो कि इससे पहले केवल 10 और 12 वीं कक्षा के छात्रों से ही पूरी फीस ली जा रही थी।

ये कक्षाएं दो नवंबर 2020 से खोल दी गईं थी। आठ फरवरी से सरकार ने छठी से ग्यारहवी कक्षाओं को भी खोल दिया है। दूसरी तरफ, पीपीएसए के अध्यक्ष प्रेम कश्यप ने सरकार के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट पूर्व में ही इस बाबत निर्देश दे चुका है। जो अभिभावक एक साथ फीस देने में सक्षम नहीं होंगे, वो रियायत के लिए आवेदन कर सकते हैं। स्कूल की प्रधानाचार्य उन्हें किस्त में फीस अदा करने की सुविधा दे सकते हैं।

छात्रों के सर्वांगीण विकास और नई शिक्षा नीति को लेकर विद्या भारती के स्कूलों की हुई बैठक

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर काॅलेज आवास विकास में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति व छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु सभी आचार्यो व प्रधानाचार्य की विद्याभारती उत्तराखंड द्वारा एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक का शुभारंभ डोमेश्वर साहू (क्षेत्रीय संगठन मंत्री), डॉ अनिल शर्मा हिंदी प्रवक्ता (विद्या भारती पदाधिकारी), विनोद रावत (सह प्रदेश निरीक्षक शिशु शिक्षा समिति) एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद पांडे ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया। बैठक में डोमेश्वर साहू ने छात्र छात्राओं के सर्वांगीण विकास को लेकर व नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के लिए सभी आचार्यो व प्रधानाचार्यो को बताया कि हमे उस ट्रेन के इंजन की तरह आगे खड़े रहना है। पूरी ट्रेन की बोगियों को आगे लेकर जाना है, तो हमें अभी से नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रयोगों व सिद्धान्तों को अपना लेना चाहिए। क्योंकि हम शिक्षाविद है और हमारी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।

वही बैठक में ऋषिकेश क्षेत्र के विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालय के प्रधानाचार्यो ने अपने अपने विद्यालय की कार्यप्रणाली को विद्या भारती के पदाधिकारियों के सम्मुख रखा। बैठक मे विजय बड़ोनी, रजनी रावत एवं ऋषिकेश क्षेत्र के शिशु व विद्या मंदिर के लगभग 75 आचार्यगण आदि उपस्थित रहे।

एम्स में ओरिएंटेशन कार्यक्रमः हेल्थ केयर प्रोफेशनल बनने के लिए कड़ी मेहनत करें नर्सिंग छा़त्राएं

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में बीएससी नर्सिंग छात्राओं का ओरिएंटेशन कार्यक्रम बृहस्पतिवार को शुरू हो गया। विद्यार्थियों को बेहतर हेल्थ केयर प्रोफेशनल बनने के लिए कड़ी मेहनत के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें मरीजों के प्रति कुशल व्यवहार अपनाने पर जोर दिया गया।
एम्स निदेशक प्रो. रविकांत ने कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बीएससी नर्सिंग बैच-2020 के ओरिएंटेशन प्रोग्राम का विधिवत शुभारंभ किया। निदेशक एम्स ने कहा कि नर्सिंग की छात्राओं में नेतृत्व क्षमता के गुण होने चाहिए, साथ ही उनमें नर्सिंग प्रोफेशन को लेकर को जुनून होना चाहिए।

निदेशक ने बताया कि नर्सिंग विद्यार्थियों को संचार कौशल तथा ज्ञानपूर्वक होना चाहिए, ताकि वह मरीजों के साथ-साथ अपने सहकर्मियों को भी त्रुटियों से रोक सकें। डीन (एकेडमिक) प्रो. मनोज गुप्ता ने विद्याघ्र्थियों को पढाई में उत्पन्न होने वाले मानसिक तनाव को कम करने के लिए कैपस में होने वाली खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि नर्सेज मरीज के सबसे ज्यादा करीब होती हैं व उनकी देखरेख करती हैं लिहाजा उनके चेहरे पर हमेशा मुस्कुराहट होनी चाहिए, उनका रोगी के प्रति विनम्र व्यवहार होना चाहिए।

कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्य डा. वसंता कल्याणी ने ऋषिकेश एम्स के लिए चयनित नर्सिंग विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर कॉलेज की गतिविधियों को लेकर वृत्तचित्र प्रस्तुति भी दी गई। साथ ही उन्होंने नर्सिंग विद्यार्थियों को हमेशा सीखने के लिए तत्पर रहने को कहा।

इस अवसर पर डीन एलुमिनाई प्रोफेसर बीना रवि, प्रोक्टर प्रो. बीके बस्तिया, डीन प्लानिंग प्रो.लतिका मोहन, डीन कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) प्रो.ब्रिजेंद्र सिंह, डीन स्टूडेंट्स वैलफेयर प्रो. नवनीत भट्ट, डीन एग्जामिनेशन प्रो. प्रशांत एम.पाटिल, डीन रिसर्च प्रो. वर्तिका सक्सेना, डीन हॉस्पिटल अफेयर्स प्रो. यूबी मिश्रा, विभागाध्यक्ष बायोकेमेस्ट्री डा. अनीसा आसिफ मिर्जा, रजिस्ट्रार राजीव चैधरी, नर्सिंग कॉलेज की असिस्टेंट प्रो. राखी मिश्रा, जेवियर बैल्सियाल, प्रसन्ना जैली, रूपिंदर देयोल, डा. राजेश कुमार, मलार कोडी, डा. राज राजेश्वरी, मनीष शर्मा, रुचिका रानी, डा. राकेश शर्मा, रश्मि रावत, हेमलता, लीसा, दिव्या, बेट्सी, विश्वास, सोनिया आदि मौजूद थे।

पूर्व प्राचार्य डा. माहेश्वरी हुए नेक में सम्मिलित

ऋषिकेश महाविद्यालय पूर्व प्राचार्य व पूर्व निदेशक उच्च शिक्षा प्रो. एनपी माहेश्वरी ने महाराष्ट्र व कर्नाटक मे यूजीसी की स्वायतशासी संस्था (नेक) राष्टीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद में तुंगा महाविद्यालय कर्नाटक तथा एमडी पलेशा कॉमर्स कॉलेज धूल (महाराष्ट) के सदस्य के रूप में प्रतिभाग कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया।

राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद संस्थान के गुणवत्ता दर्जे को समझने के लिए महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों अथवा अन्य मान्यता-प्राप्त संस्थानों जैसे उच्चतर शिक्षा संस्थानों (एचईआई) मूल्यांकन तथा प्रत्यायन की व्यवस्था करता है।

प्रो. माहेश्वरी के इस प्रतिभाग से ऋषिकेश महाविद्यालय के सभी अध्यापकों ने हर्ष जताया है। प्राचार्य महाविद्यालय ऋषिकेश प्रो पंकज पंत, कैप्टेन डॉ. सतेन्द्र कुमार, प्रो गुलशन ढींगरा, प्रो. राजेश नॉटियाल ने उन्हें बधाई प्रेषित की हैं।

सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने किया त्यूणी महाविद्यालय के नए भवन का लोकार्पण

तहसील त्यूणी में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नव निर्मित महाविद्यालय भवन लागत 711.21 लाख एवं राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान रूसा परियोजना के अंर्तगत कम्प्यूटर प्रयोगशाला लागत 201.99 लाख की महत्वपूर्ण योजना का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने त्यूणी के नव निर्मित महाविद्यालय भवन का नाम पंडित शिवराम शर्मा जी के नाम पर रखने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने जौनसार बावर क्षेत्र की लाइफ लाइन कहे जानी वाले मीनस-अटाल मोटर मार्ग समेत तमाम सड़कों के डामरीकरण, मेघातु पम्पिंग योजना के निर्माण, नीनुस मोटर मार्ग के निर्माण, रायगी में शेड पुड़िया महाराज मंदिर का सौन्दीर्यकरण करने आदि की घोषणाएं कीं।

कहा कि हमारी सरकार ने शिक्षा उन्नयन के क्षेत्र में कई सफल प्रयास किए हैं। आज उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जहां के सभी महाविद्यालयों में 97 परसेंट फैकल्टी है। त्यूणी माहाविद्यालय में तो 100 फीसदी फैकल्टी तैनात है। इतना ही नहीं हमारा राज्य साक्षरता के लिहाज से देश में अग्रणी राज्यों में हैं। देहरादून उन जिलों में शुमार हुआ है जो लगभग शत प्रतिशत साक्षर है, हालांकि अभी थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का मतलब केवल रोजगार नहीं है। 130 करोड़ के देश मे 2.5 करोड़ ही सरकारी कर्मचारी हैं। बाकी लोग अपनी मेहनत से काम कर रहे हैं। हम ऐसा काम करें जिससे हम औरों को भी रोजगार दे सकें। सरकारी नौकरी के बजाए स्वरोजगार को पहली प्राथमिकता में रखें। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिशा निर्देशन में बनी देश की नई शिक्षा नीति भारतीय संस्कृति के अनुरूप है जिसका पूरा विश्व अध्ययन कर रहा है।

प्रदेश के उच्च शिक्षा,सहकारिता मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि अगले साल प्रत्येक महाविद्यालय में 4जी नेटवर्क जोड़ दिया जाएगा। प्रत्येक कॉलेज को एनसीसी दी जा रही है। अब स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। महाविद्यालय के टॉपर बच्चे को 1 लाख इनाम दिया जाएगा। गरीब बच्चों के कोचिंग, आईएएस आदि तैयारी करने वाले बच्चों के लिए 1 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है।

जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चैहान ने कहा कि राज्य सरकार निरन्तर सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने डागुठा-मुडाली मोटर मार्ग, चांजोई सड़क मार्ग, झजरेड पुल, सहित सरकार की कई विकासपरक योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं।

विधायक मुन्ना सिंह चैहान ने भी जनता को सम्बोधित करते हुए बताया कि त्रिवेन्द्र सरकार किस तरह योजनाबद्ध तरीके से राज्य का विकास कर रही है। उन्होंने चमोली आपदा में जनपद के मिसिंग लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उत्तराखंड जनजाति आयोग के अध्यक्ष मूरत राम शर्मा ने भी क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत का आभार जताया।

इस दौरान देहरादून जिला उपाध्यक्ष भाजपा राजाराम, ग्राम प्रधान रतन चैहान, रमेश डोभाल, महाविद्यालय के प्राचार्य अंजना श्रीवास्तव, दर्जाधारी राज्य मंत्री उत्तरकाशी जगवीर सिंह भंडारी समेत कई जनप्रतिनिधिगण व जनता मौजूद रही।

राज्य में छह से 12वीं तक के स्कूल आठ फरवरी से खुलेंगेः कैबिनेट फैसला

उत्तराखंड में आठ फरवरी से कक्षा छह से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल खुलने जा रहे है। आज यह निर्णय कैबिनेट की बैठक में हुआ। इससे बीते वर्ष से लाॅकडाउन के बाद से बंद पड़ें स्कूलों में बच्चे फिर शिक्षा ग्रहण करते नजर आएंगे।

कैबिनेट बैठक में 17 बिंदुओं पर चर्चा हुई। सभी पर मंजूरी मिली है। कैबिनेट की बैठक की जानकारी शासकीय प्रवक्ता कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दी।

यह हैं कैबिनेट के 17 फैसले

1-मनरेगा में जॉब कार्ड धारकों को खुशखबरी, 100 दिन का काम करने वालो को 50 दिन का अतिरिक्त रोजगार मिलेगा, सरकार को 18 करोड़ का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
2- सिंगल यूज प्लास्टिक के लिए नियम बने, प्लास्टिक कैरी बैग होगा प्रतिबंधित, थर्मोकोल से बना सामान प्रतिबंधित होगा, उपयोग करने पर जुर्माना लगेगा।
3- वन विभाग में स्केलर का विषय अलगी कैबिनेट के लिए रखा गया।
4-साइबर क्राइसिस मैनेजमेंट प्लान राज्य में लागू किया गया, केंद्र के बनाये प्लान को राज्य ने अपनाया।
5- आठ फरवरी से राज्य में कक्षा 6 से कक्षा 12 तक सभी विद्यालय खोले जाएंगे, विभाग जारी करेगा आदेश।
6- कक्षा 8 से कक्षा 9 में जाने वाली छात्रों को साइकिल के दिया जाना डीबीटी होगा, इस धन से साइकिल ही खरीदी जाएगी। इस पर 14,56,000 का खर्च आएगा।
7-जीएसटी का बिल लाओ- ईनाम पाओ योजना को सरकार ने वापस लिया।
8-2015 से 2019 तक पिटकुल की लेख रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत होगी।
9-पुलिस के कॉस्टेबल भर्ती का बड़ा फैसला, भर्ती के नियमों में हुआ संसोधन।
10-मंगलदीप स्कूल अल्मोड़ा को दी गई निश्‍शुल्क जमीन, 0.04 हेक्टयर जमीन दी गई।
11-कारखाना अधिनियम में हुआ संशोधन, लाइसेंस के नवीनीकरण का शुल्क ऑनलाइन जमा होगा।
12-परिवहन विभाग में परिवर्तन कर्मचारी नियमावली में संशोधन, नए पद सृजित किए गए।
13-उत्तराखंड भाषा संस्थान में विभागीय ढांचों के पुनर्गठन का विषय अगली कैबिनेट में आएगा।
14-एनडीआरएफ को नैनीताल में 75 एकड़ जमीन दी गयी।
15-नगर निगम के सर्किल रेट को लेकर सरकार लाएगी अध्यादेश।
16-नई आबकारी नीति को मिली मंजूरी, दो साल के लिए दी जाएगी शॉप, ई टेंडरिंग से होगा वितरण, नए सिरे से राजस्‍व का होगा निर्धारण, देशी शराब की दुकानों पर बिकेगी बियर।
17-निगम क्षेत्रों में रात 11 बजे तक खुलेंगी शराब की दुकानें, पहाड़ी क्षेत्रों में रात 10 बजे तक खुलेगी शराब की दुकानें।

सोशल मीडिया काॅर्डिनेटर की सक्रियता से युवाओं की समस्याओं का हो रहा निराकरण

मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया काॅर्डिनेटर नितिन सिंह रावत इन दिनों लगातार युवाओं से सपंर्क कर संवाद स्थापित कर रहे है। दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर उनकी समस्याएं सुनना और उनका निराकरण करने के लिए मुख्यमंत्री से मिलना उनके दिनचर्या का हिस्सा है। अपने दैनिक कार्यक्रमों में से वह प्रतिदिन मुख्यमंत्री की विधानसभा के क्षेत्रों में युवाओं से संपर्क कर एक टीम का गठन भी कर रहे है। इस दौरान युवाओं से संवाद कर सरकार के कार्यों की चर्चा और उन्हें बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए सरकार और क्षेत्र के लोगों के बीच पुल का माध्यम बनकर कार्य कर रहे है।
नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के जन्म दिवस पर नितिन रावत आज डोईवाला विधानसभा के दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र इठारना पहुंचे। यहां नव युवक मंगल दल के सदस्यों ने उनका स्वागत किया।

खास बात यह रही कि इठारना गांव के साथ ही मतसी, केमट, मानकी, गोनेन्ड क्षेत्र के युवा यहां पहुंचे थे। नितिन रावत ने सरकार के द्वारा किये जा रहे कार्यो और युवाओं के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की युवाओं को जानकारी दी। उन्होंने सरकार के द्वारा किये जा रहे कार्यों को धरातल पर परखा। युवाओं ने उन्हें बताया कि क्षेत्र में मुख्यमंत्री के द्वारा कई कार्य किये जा रहे है। क्षेत्र की जनता भी उनके कार्यों से सतुंष्ठ है।
गौरतलब है कि नितिन रावत मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया के अलावा उनके क्षेत्र के कार्यों का भी संपादन करते है। मुख्यमंत्री के बेहद करीबी माने जाने वाले नितिन रावत ईमानदार कार्यप्रणाली और साफ छवि के युवा है। माना जाता है कि मुख्यमंत्री तक क्षेत्र की समस्या पहुंचना और सही जानकारी देने से मुख्यमंत्री को काफी मदद मिलती है।
इस अवसर पर बालावाला, शमशेर गढ़ और आगरखाल के युवाओं की टीम ने भी उनसे मुलाकात की और अपने क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस मौके पर राजीव रावत, मोंटी रावत, सोहन, मोहन, दिनेश, मयंक, रश्मि नेगी, ज्योति सहित सैकंड़ों की संख्या में युवा मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने नेताजी के जन्म दिवस पर छात्रों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री आवास स्थित जनता दर्शन हॉल में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय युवा चेतना दिवस एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस प्रतियोगिता में प्रथम तीन विजेताओं को क्रमशः 1 लाख, 75 हजार एवं 50 हजार रूपये की धनराशि का चेक दिया गया। राज्य स्तर पर निबंध प्रतियोगिता में डी.डब्ल्यू.टी कॉलेज की बीएड की छात्रा सौम्या ने प्रथम, डीएवी पीजी कॉलेज के छात्र उज्जवल शर्मा ने द्वितीय एवं बाल गंगा महाविद्यालय सैन्दूल कैमर की छात्रा अंजलि मंमगाई ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। युवा कल्याण विभाग द्वारा ‘‘ नेताजी सुभाष चन्द्र बोस युवाओं की प्रेरणा’’ विषय पर राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें देहरादून के श्री गौतम खट्टर ने प्रथम, अल्मोड़ा की हिमानी दुर्गापाल ने द्वितीय एवं नैनीताल के रोहित सिंह रावत एवं हरिद्वार की कुमारी अक्षी गौड़ ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही राज्य में युवा आयोग का गठन किया जायेगा, ताकि हमारे युवा क्या सोचते हैं, अपने लक्ष्यों को पूरा करने की उनकी क्या आकांक्षायें हैं। इसका स्पष्ट रोड मेप तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि आज के युवा हर क्षेत्र में अपडेट हैं वे अपनी आकांक्षाओं को पूर्ण कर स्वयं के भाग्य विधाता बन सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी जो वीर गाथायें तथा समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है उसे हमारे विश्वविद्यालयों को आगे बढ़ाना होगा ताकि हमारी भावी पीढ़ी अपनी संस्कृति से जुड़े तथा देश व दुनिया को भी इसकी जानकारी हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। भारत सरकार ने उन्हें जो सम्मान दिया है वह सराहनीय है। वे सच्चे अर्थों में देश के सच्चे सपूत थे। इसी प्रकार स्वामी विवेकानन्द ने तमाम देशों का भ्रमण कर लोगों को भारत की संस्कृति से परिचित कराया। अमेरिका में उनका सम्बोधन भारत की वैश्विक सांस्कृतिक एकता की पहचान बना। वे सच्चे अर्थों में हमारे सांस्कृतिक गुरू थे।
उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा चेतना दिवस से 23 जनवरी तक युवा चेतना और ऊर्जा में नवीन प्रवाह गतिमान करने के उद्देश्य से युवा पखवाड़ा का आयोजन किया गया। इसमें उच्च शिक्षा विभाग एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किये गये। ’’स्वामी विवेकानन्द जी के विचारों की उत्तराखण्ड राज्य में प्रासंगिकता’’ विषय पर राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कुल 5229 प्रतिभागियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इस पखवाड़े में 1005 रक्तदाताओं द्वारा 545 यूनिट रक्तदान किया गया।
मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द जी ने सनातन धर्म की संस्कृति एवं उच्च आदर्शों का परिचय विश्वभर में कराया। उन्होंने भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का व्यापक स्तर पर प्रसार किया। नेताजी सुभाषचन्द्र बोस ने राष्ट्र को स्वतंत्र कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनमें साम्प्रदायिक एकता एवं सबको साथ लेकर चलने की भावना थी।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी साधू सिंह बिष्ट ने अपने विचार व्यक्त किये। स्वामी नरसिम्हानन्द ने स्वामी विवेकानन्द के जीवन दर्शन एवं प्रो. संजय कुमार ने सुभाष चन्द्र बोस के जीवन दर्शन के बारे में जानकारी दी।

25 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करेंगे अनुराग रमोला

दून के अनुराग रमोला प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2021 के लिए चुने गए हैं। महिलाएं बाल विकास मंत्रालय ने उनका चयन किया है। उत्तराखंड से वह इकलौता छात्र है। जिन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया है। 25 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे संवाद करेंगे।

दून निवासी अनुराग रमोला के पिता सीएस रमोला नगर निगम में कार्यरत हैं। इस अवार्ड के लिए केंद्रीय विद्यालय ओएनजीसी में 16 वर्षीय 10वीं के छात्र अनुराग का चयन कला एवं संस्कृति की श्रेणी में किया गया है। मंत्रालय की संयुक्त सचिव आस्था सक्सेना खटवानी ने राज्य की सचिव महिला एवं बाल विकास सौजन्य को पत्र लिखकर अनुराग के चयन की सूचना दी है। उन्होंने लिखा है कि अवार्ड विजेताओं के साथ 25 जनवरी को प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉलिंग से बात करेंगे।