ऋषिकेश की प्रतिभावान कात्यायनी व शिल्पा हुई सम्मानित

उत्तराखंड की प्रतिभाओं को आगे लाने के साथ-साथ उनको सम्मानित कर प्रोत्साहित करने की परंपरा को जारी रखते हुए अतंर्राष्ट्रीय गढ़वाल महासभा ने दिल्ली में जज बनकर देवभूमि को गौरवान्वित करने वाली कात्यायनी शर्मा कंडवाल को सम्मानित किया। उधर ऋषिकेश की बेटी शिल्पा भाटिया के सांख्यिकी अधिकारी बनने पर उसका भी महासभा की और से अभिनंदन किया गया।

महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी के नेतृत्व में महासभा से जुड़े पदाधिकारियों ने देहरादून रोड स्थित शिल्पा भाटिया के आवास पर जाकर उसकी सफलता पर उनका अभिनंदन किया गया।इस अवसर पर डॉ नेगी ने कहा कि अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी पद के लिए आयोजित परीक्षा में सफलता हासिल कर योग नगरी की होनहार बेटी शिल्पा ने देवभूमि का नाम रोशन किया है। इस मौके पर उन्होंने शिल्पा की मां श्रीमती नीलम भाटिया के संघर्षों को भी सलाम किया।इससे पूर्व महासभा के पद्दाधिकारी प्रगति विहार स्थित भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल के आवास पर पहुंचे जहां उनकी पुत्रवधू कात्यायनी शर्मा कंडवाल के दिल्ली में जज बनने पर महासभा की ओर से उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं माता रानी के चित्र को भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर डॉ शशी कंडवाल, मीनाक्षी भाटिया, उत्तम सिंह असवाल, अंकित नैथानी, मयंक भट्ट, मनोज रौतेला आदि उपस्थित थे।

दूरदर्शन पर सौ करोड़ का कवि रियलिटी शो में दिखाई देंगे तीर्थनगरी के शायर अमान हैदर जैदी

सौ करोड़ का कवि, जी हां यह एक रियलिटी शो है, जो नए साल की शुरूआत में दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाला है। तीर्थनगरी के लिए इसमें गर्व की बात यह है कि आईडीपीएल निवासी अमान हैदर जैदी, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर शायर है, इसमें जजमेंट करते दिखाई देंगे, जो न सिर्फ ऋषिकेश बल्कि राज्य के लिए भी गर्व की बात है।

आज एक होटल में अमान हैदर जैदी पत्रकारों से मुखातिब हुए। उन्होंने बताया कि सौ करोड़ का कवि रियलिटी शो की तरह है, जो दूरदर्शन पर प्रसारित होगा। इसमें युवा कवियों, शायरों को मंच के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा, उन्हें तराशने और युवा शायरों, कवियों को चमकाने का कार्य तीर्थनगरी के अमान हैदर जैदी करेंगे।

बता दें कि अमान हैदर जैदी की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर स्नातक की शिक्षा तीर्थनगरी में ही हुई। इसके बाद वह नौकरी के लिए दुबई चले गए थे। यहां वर्ष 2013 में उन्हें शायरी करने का शौक हुआ और तब से वह अब तक करीब 100 से ज्यादा कार्यक्रमों में प्रतिभा दिखा चुके है।

अमान हैदर जैदी की सबसे खास बात
अमान अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते है और वह हमेशा हिंद की बात करते हैं, उनका मानना है कि यदि लोग आपस में मुलाकात करें तो जयहिंद संबोधित करते हुए कहें। वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के तिरंगे वाला बैच लगाते है। हैदर ने जिस भी मंच पर अपनी प्रस्तुति दी है, वहां भारत की अखंडता, एकता को लेकर चंद लाइन जरूर कहीं है।
इसी क्रम में शायर अमान हैदर जैदी ने पत्रकार वार्ता में भी कहा कि…
ये जो हिंदुस्तान है साहब
लहराता जो लाल किले पर साहब
वो अपनी शान है साहब…
वहीं, उन्होंने कहा कि…
हैदर पढ़ता दुनिया भर में, लेकिन घर तो हिंदुस्तान है साहब…
पत्रकार वार्ता के दौरान उनके बचपन के मित्र व पूर्व सभासद रवि जैन, व्यापारी नेता ललित मोहन मिश्र, कांग्रेस नेत्री मधु जोशी, कांग्रेस नेता अभिषेक शर्मा, पंडित रवि शास्त्री आदि मौजूद रहे।

कुंभ मेला के तहत सर्विलांस सिस्टम को सीएम ने 17.34 करोड़ रूपए की धनराशि की स्वीकृत

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने ई-ऑफिस परियोजना के सुगम एक्सेस हेतु प्रमुख राजकीय कार्यालयों में वाई-फाई सेटएप स्थापित करने हेतु 01 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्रदान की है। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र यमकेश्वर में भवांसी-माण्डलू मोटर मार्ग से मसोगी-कूतली-अमाल्डू मोटर मार्ग तक मिसिंग मार्ग के निर्माण कार्य हेतु मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने 1.47 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्रदान की है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने उत्तरकाशी जनपद के डुण्डा विकासखण्ड में राइकॉ पुजारगांव धनारी से सिद्धेश्वर मंदिर होते हुए कुवा तक मोटर मार्ग के नव निर्माण हेतु 29.48 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की है।

कुम्भ मेला 2021 के अंतर्गत सर्विलांस सिस्टम के अधिष्ठान कार्य हेतु मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने 17.34 करोड़ की स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रथम किश्त के रूप में 6.94 करोड़ की धनराशि निर्गत करने की स्वीकृति दी है। इसके साथ ही चिकित्सा व्यवस्थाओं के अंतर्गत 1000 बेड अस्थाई कोविड केयर सेंटर हेतु विभिन्न मदों में सामग्री क्रय हेतु मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने 15.46 करोड़ की स्वीकृति प्रदान करने के साथ ही प्रथम किश्त के रूप में 6.18 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की, साथ ही चिकित्सा व्यवस्थाओं के अंतर्गत सामग्री क्रय हेतु 2.93 करोड़ की स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रथम किश्त के रूप में 1.17 करोड़ की धनराशि निर्गत करने की स्वीकृति दी है।

गंगा तट पर बनी ये अद्भुत पेंटिंग्स तीर्थनगरी की सुंदरता पर लगाएंगी चार चांदः अनिता

ऋषिकेश के आस्थापथ पर नगर निगम द्वारा शहर के उदयीमान कलाकारों द्वारा बनवाई गई पेंटिंग्स का आज दोपहर मेयर अनिता ममगाई ने लोकार्पण किया। मौके पर गंगा की स्वच्छता के लिए सजग प्रहरी बनकर कार्य करने की शपथ दिलाई गई। वहीं शहर में गंगा की स्वच्छता के लिए शानदार कार्य कर रहे रवि शास्त्री, रोहित प्रताप, अशोक बेलवाल को तीर्थ नगरी का स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया।

आज सांई घाट के समीप आस्था पथ पर बनी खूबसूरत पेंटिंग का लोकार्पण कर मेयर अनिता ने कहा कि शहर के कलाकारों द्वारा बनाई गई पेंटिंग से आस्था पथ की आभा में चार चांद लगाने का काम किया है ।यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को इन पेंटिंग को देख कर उत्तराखंड की महान संस्कृति के दर्शन होंगे। पेंटिंग में गोमुख, हिमालय, भागीरथी नदी अलकनंदा नदी, देवप्रयाग संगम, कौड़ियाला, ऋषिकेश, त्रिवेणी घाट, हरिद्वार हरकी पैड़ी आदि का सजीव चित्रण देवभूमि के हुनरमंद कलाकारों द्वारा किया गया है। आस्थापथ पर 400 स्क्वायर फिट के एरिया में माँ गंगा की गोमुख से हरिद्वार तक कि यात्रा के जीवंत चित्रण की पेंटिंग सभी के आर्कषण का केन्द्र रही।

इस दौरान सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, पार्षद मनीष शर्मा, विजय बडोनी, विजेंद्र मोगा, अनीता प्रधान, अनीता रैना, लक्ष्मी रावत, राजेश दिवाकर, उमा बृजपाल राणा, शकुंतला शर्मा, पंकज शर्मा, गौरव कैंथोला, शीलू अग्रवाल, प्रिया ढकाल, गुरविंदर सिंह, लक्ष्मी शर्मा, शैलेंद्र रस्तोगी, ममता नेगी, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, अभिषेक मल्होत्रा, सचिन रावत, प्रशांत कुकरेती आदि मौजूद रहे।

पूर्व पीएम व भारत रत्न अटल बिहारी को सीएम ने किया याद, दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। कहा कि भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप मे मनाया जा रहा है। श्रद्धेय वाजपेयी जी ने ही दशकों से चले आ रहे उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के संघर्ष का सम्मान करते हुए अलग राज्य का सपना साकार किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की नीति पर चलते हुए सुशासन के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की हैं। भ्रष्टाचार मुक्त पारदर्शी सुशासन के लिए ईमानदारी से किये गये हमारे प्रयासों से शासन-प्रशासन की कार्यसंस्कृति में गुणात्मक सुधार हुआ है।

सी.एम. हैल्पलाईन ’1905’ में अभी तक 35 हजार से अधिक शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का 24 घण्टे लेकर एक सप्ताह के भीतर समाधान किया जा चुका है। विभागाध्यक्ष और जिलाधिकारी की सीधी जिम्मेवारी तय की गई है। शिकायतकर्ता के संतुष्ट न होने तक शिकायत का निस्तारण नहीं माना जाता है।

सेवा का अधिकार के अंतर्गत वर्ष 2017 तक केवल 10 विभागों की 94 सेवाएं आती थी, जिन्हें कि हमने ने बढ़ाकर 27 विभागों की 243 सेवाएं किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रांसफर एक्ट बनाते हुए इसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया है । ई-कैबिनेट का उद्देश्य समयबद्ध ढंग से कार्रवाई करना, पेपर लेस व्यवस्था को प्रोत्साहित करना और सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित तरीके से रखना है।

ई-ऑफिस के जरिए फाइलों के निस्तारण में भी तेजी आएगी। ई-ऑफिस हेतु सचिवालय के अंतर्गत 54 विभागों के 828 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है तथा 140 अनुभागों में ई-ऑफिस शुरू किया जा चुका है। 3773 फाइलें ई-आफिस के माध्यम से बना दी गई है।

सचिवालय के साथ ही 27 विभाग, ई-आफिस प्रणाली के अन्तर्गत आ चुके हैं। देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर व ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारी कार्यालयों में ई-आफिस प्रणाली शुरू हो चुकी है। राज्य के हर न्याय पंचायत से ई-पंचायत सेवा उपलब्ध कराने वाला उत्तराखण्ड देश का तीसरा राज्य है।

सरकार चारों धामों में मास्टर प्लान के जरिए स्थानीय को करना चाहती है बेघरः तीर्थ पुरोहित हक हकूकधारी

चार धाम तीर्थ पुरोहित हक हकूक घाटी महापंचायत की एक अनौपचारिक बैठक कृष्णकांत कोठियाल जी की अध्यक्षता में भगवान आश्रम में संपन्न हुई जिसमें निम्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई सर्वप्रथम सरकार हमारे लोगों को आपस में तोड़ने की जो कोशिश कर रही है, महापंचायत उसका घोर विरोध करती है हमारे लोग-बगाहे सरकार हमारे लोगों को प्रलोभन दे रही है ऐसा हम होने नहीं देंगे। चार धाम के लोग सरकार की भाषा का विरोध करेंगे सरकार सभी चारों धामों में मास्टर प्लान ठोक कर वहां के स्थानीय लोगों को बेघर करना चाहती है उनके रोजगार को सुनना चाहती है।

स्थानीय स्तर पर चारों धामों में देवस्थानम बोर्ड के खिलाफ जन जागरण अभियान चलाया जाएगा सरकार तानाशाही रवैया के अनेक काले कानून बना रही है। लेकिन चारों धामों में स्थानीय लोगों से कोई भी खुश नहीं है तानाशाही रवैया द्वारा सरकार अपनाएं अपनाया जा रहा है जो ठीक नहीं है नहीं है जनता इसका घोर विरोध कर रही है। भविष्य में आगे की रणनीति के लिए शीघ्र महापंचायत की विशाल बैठक बुलाई जाएगी और हक हकूक दार महापंचायत सभी जनमानस को एकत्र कर इसका घोर विरोध करेगी।

इस बैठक में कृष्ण कांत कोठियाल अध्यक्ष चार धाम तीर्थ पुरोहित हक हकूक जाति महापंचायत, हरीश डिमरी सचिव, विनोद शुक्ला उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष केदार सभा, लक्ष्मीनारायण कोषाध्यक्ष, विनोद उपाध्यक्ष पंचायत, आचार्य नरेश आनंद ब्रह्म कपाल तीर्थ पुरोहित, पुरुषोत्तम तिवारी महामंत्री केदार सभा, पंडित रवि शास्त्री अध्यक्ष तुलसी मानस मंदिर, अभिषेक शर्मा अध्यक्ष आश्रम धर्मशाला प्रबंधन समिति, रमाकांत भारद्वाज महामंत्री आश्रम प्रबंधन समिति, नरोत्तम दास, आनंद तिवारी, संतोष तिवारी, प्रकाश कोटियाल आदि उपस्थित थे।

हाईकोर्ट ने जिला जज देहरादून प्रशांत जोशी को किया सस्पेंड

उत्तराखंड न्याय विभाग से बड़ी खबर है, हाईकोर्ट नैनीताल ने जिला जज देहरादून प्रशांत जोशी को प्रथम दृष्टयता अनुशासनहीनता का दोषी मानते हुए सस्पेंड किया है। हाईकोर्ट ने जिला जज को अगले आदेश तक रूद्रप्रयाग के जजशिप हेड क्वार्टर में अटैच किया है।

दरअसल, 21 और 22 दिसंबर 2020 को जिला जज देहरादून प्रशांत जोशी को मंसूरी में कैंप कोर्ट में जाना था। जिला जज को इसके लिए सरकारी वाहन यूके07जीए-3333 दिया गया है। मगर आरोप है कि जिला जज ने कैंप कोर्ट में जाने के लिए एक प्राइवेट वाहन आॅडी जिसका नंबर यूके07एजे 9252 का उपयोग किया और वाहन पर अपने पदनाम का बोर्ड लगाया।

आदेश पढ़े….


यह भी आरोप है कि जिस प्राइवेट वाहन का जिला जज ने उपयोग किया। वह केवल कृष्ण सोइन व्यक्ति के नाम दर्ज है और उक्त व्यक्ति का देहरादून न्यायालय में आईपीसी की धारा 420, 467, 468 आदि में मुकदमा विचाराधीन है। यह वाद थाना राजपुर देहरादून में पंजीकृत हुआ था।
आज हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल हीरा सिंह बोनल ने आदेश की प्रति जारी की है। इसमें जिला जज प्रशांत जोशी को अग्रिम आदेश तक रूद्रप्रयाग जिजशिप हेड क्वार्टर में अटैच किया गया है। इस मामले में अगले आदेश तक जिला जज को सस्पेंड किया गया है।

किसान दिवस पर सीएम त्रिवेंद्र ने दी देश के सभी अन्नदाताओं को शुभकामनाएं


मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने किसान दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने इस अवसर पर किसान नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री चैधरी चरण सिंह का भी भावपूर्ण स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। इस अवसर पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि ‘‘मैं देश के सभी सम्मानित अन्नदाताओं को हार्दिक बधाई एवं ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं‘‘। उन्होंने कहा कि किसानों के वास्तविक हित के लिए केन्द्र हो या राज्य सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हमारी सरकार ‘खुशहाल किसान-खुशहाल प्रदेश’ के सूत्रवाक्य को आत्मसात करके निरन्तर किसान हित में काम कर रही है। उत्तराखण्ड देश का पहला ऐसा राज्य है जहां नया पिराई सत्र शुरू होने से पहले सरकारी चीनी मिलों ने किसानों का बकाया गन्ना भुगतान 100 फीसद पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ‘दीन दयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना’ के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को 3 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त ऋण दे रही है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि देश के किसानों के हितों और उनकी स्थिति में सुधार को लेकर जितना काम प्रधानमंत्री जी के दिशा-निर्देशन में बीते 6 वर्षों में हुआ उतना पहले कभी नहीं हुआ। कृषि कानूनों को लेकर उपजी भ्रांतियों को दूर करने के लिए केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर का हाल ही में जारी पत्र दर्शाता है कि मोदी सरकार किसानों के प्रति कितनी समर्पित व संवेदनशील है।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि हमारा प्रदेश भी मुख्य रूप से गांवों की भूमि है तथा गांवों में रहने वाली अधिकांश आबादी किसानों की है। तथा कृषि उनकी आय का मुख्य साधन है। प्रदेश में कृषि की तस्वीर बदलकर किसानों की खुशहाली का हमारा संकल्प है।

स्वामी शंकर तिलक अपने गुरू की परंपरा को आगे बढ़ा रहेः महामंडलेश्वर डा. प्रकाशानंद

आज वैदिक फाउंडेशन हिमालय योगालय आश्रम में महामंडलेश्वर स्वामी प्रकाशानंद महाराज उदासीन अखाड़ा एवं स्वामी शंकर तिलक महाराज संस्थापक अध्यक्ष योगालय आश्रम, साध्वी अनीता माता एवं तुलसी मानस मंदिर के अध्यक्ष पंडित रवि शास्त्री के द्वारा जीवन पथ पर, आनंद तीर्थ, स्फुरण, किताब का महाबलेश्वर एवं संत महात्माओं के द्वारा विमोचन हुआ।

मौके पर महामंडलेश्वर डॉ प्रकाशा नंन्द महाराज उदासीन अखाड़ा ने कहा कि आज के परिवेश में स्वामी शंकर तिलक महाराज द्वारा अपने गुरु की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं गुरु और शिष्य का प्रेम देखकर सभी साधकों को अपने गुरु से सीखना चाहिए जहां हम लोग भौतिकता में होते जा रहे हैं और नशा की ओर अपने को डाल रहे हैं। उसी प्रवेश में स्वामी शंकर‌ तिलक महाराज द्वारा अपने गुरु स्वामी तिलक की स्मृति में निकाली गई तीन पुस्तकें जीवन पथ पर, आनंद तीर्थ, स्फुरण यह पुस्तक आदर्श श्रद्धा प्रेम समर्पण भाव प्रस्तुत करती है हमें इन पुस्तकों के माध्यम से अपने जीवन में आने वाले बदलाव को समाज में प्रेषित करना चाहिए।

तुलसी मानस मंदिर के अध्यक्ष पंडित रवि शास्त्री ने बताया कि आज स्वामी तिलक की किताब के विमोचन पर हम सबको जीवन जीने की कला को इन पुस्तकों के माध्यम से सीखना चाहिए साधक लोग अपने गुरुओं की लिखित पुस्तकों के माध्यम से अपने जीवन को बदल सकते हैं और अपने आसपास के वातावरण को भी शुद्ध कर सकते हैं। इस अवसर पर स्वतंत्रता चैतन्य, पवित्रता चैतन्य, गौरी चैतन्य, चैतली चैतन्य ऊमाया साध्वी, बुद्धा घोष, अभिषेक शर्मा, आरती चैतन्य , तारा शक्ति चैतन्य, दीपक भदानी, आदि उपस्थित रहे।

एम्स के कार्यक्रम में आन लाइन देश-विदेश से जुडे़ दो हजार प्रतिभागी

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश एवं एपेडिमिलॉजिकल फाउंडेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एफिकॉन 2020 अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस विधिवत संपन्न हो गई। कार्यशाला के समापन अवसर पर देश-दुनिया के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नॉन कॉम्निकेबल डिजीज, मां व शिशु के प्राथमिक स्वास्थ्य की देखभाल एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य आधारित साक्ष्य पर चर्चा की। कार्यशाला के अंतिम दिन विश्वभर से करीब 2000 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में एम्स निदेशक पद्मश्री प्रो. रवि कांत को एएफआई की ओर से ऑरेशन अवार्ड से सम्मानित किया गया।
एफिकॉन 2020 अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस के समापन सत्र में एविडेंस बेस्ड पब्लिक हैल्थ विषय पर व्याख्यान में बतौर मुख्य अतिथि एम्स निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर रवि कांत ने शिशु और मां के स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया और सामाजिक स्वास्थ्य को लेकर इसका महत्व बताया। उन्होंने बताया कि मां व बच्चे के स्वास्थ होंगे तभी जन्म से शिशु में उत्पन्न होने वाली कई तरह की बीमारियों की रोकथाम हो सकती है।
निदेशक एम्स प्रो. रवि कांत जी ने बताया कि गर्भावस्था में मां को सभी प्रकार के न्यूट्रेशन के साथ साथ आइरन,कैल्शियम व बिटामिन को पर्याप्त मात्रा में देना चाहिए व गर्भावस्था के दौरान महिला को कम से कम चार बार अस्पताल में सघन परीक्षण के लिए आना चाहिए।
इस अवसर पर एपेडिमिलॉजिकल फाउंडेशन ऑफ इंडिया (ईएफआई) की ओर एम्स निदेशक को एक्सिलेंट काॅंट्रिब्यूशन इन हैल्थ एंड एजुकेशन के लिए ऑरेशन अवार्ड से नवाजा गया।
कार्यशाला में पीजीआई चंडीगढ़ की डा. विदिशा बल्लभ, डा. पूजा सडाना, डा. प्रमोद के. गुप्ता ने भी व्याख्यान प्रस्तुत किए। इस अवसर पर संस्थान के डीन एकेडमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता जी, आयोजन सचिव व आईबीसीसी की प्रमुख प्रो. बीना रवि जी, सीएफएम विभागाध्यक्ष प्रो. वर्तिका सक्सेना, आयोजन सहसचिव डा. प्रदीप अग्रवाल, डा. योगेश बहुरुपी, डा. महेंद्र सिंह, डा. प्रतीक शारदा, डा. गौरीका, अशीषा जांगिर,डा. रुचिका गुप्ता, डा. श्रेया, डा. भीमदत्त,डा. अंजलि, डा. नंदिता, डा. अर्पित आदि मौजूद थे।