मानव कंकाल मिलने से श्यामपुर में सनसनी, पुलिस तहकीकात में जुटी

कोतवाली ऋषिकेश की अंतर्गत श्यामपुर क्षेत्र में खंडहर में तब्दील एक मकान के अंदर से नर कंकाल मिला है। यह कंकाल पुरूष का है या महिला का। यह कह पाना अभी पुलिस के लिए भी मुश्किल है, पुलिस के मुताबिक कंकाल बक्से के अंदर मिला है, पुलिस की प्राथमिकता में कंकाल की शिनाख्त करना है। वहीं, देहरादून से पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। कंकाल कितना पुराना है, यह फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही पता लग सकेगा। कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी के अनुसार यह मकान बिल्डर गंगाराम आडवाणी का है। उधर, एसएसपी डा. योगेन्द्र रावत ने इस मामले में एसओजी देहात एवं थाना स्तर पर टीम का गठन कर लिया है।

पवन कुमार नरवानी पुत्र दीवान चंद नरवानी ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि उनकी श्यामपुर बाईपास भट्टोवाला रोड पर मोबाइल की दुकान व रेस्टारेंट है। इसी के पीछे कई खाली कमरे है। बताया कि उनके यहां कार्यरत दो युवक को कमरों के अंदर से दुर्गंध आई। वहां जाकर देखा तो बक्सा पड़ा हुआ था। बक्से को खोलकर देखने पर उसके अंदर नर कंकाल मिला। इसके बाद वह घबरा गए। पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को जानकारी दी। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाएं।

पुलिस की प्राथमिकता शिनाख्त
कोतवाल शिशुपाल सिंह रावत ने बताया कि पुलिस की प्राथमिकता शव की शिनाख्त है, अभी यह कहा नहीं जा सकता है कि यह कंकाल पुरूष का है अथवा महिला का। बताया कि यह जानना सर्वप्रथम आवश्यक है। इसके बाद अन्य जानकारी जैसे यह कंकाल यहां तक कैसे पहुंचा और हत्या का एंगल भी देखा जाएगा। आसपास के सीसीटीवी रिकाॅर्ड भी खंगाले जाएंगे।

खंडहर में तब्दील व्यापारी का मकान
कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी के अनुसार, व्यापारी गंगाराम अडवाणी का यह पुराना मकान है, जो अब खंडहर में तब्दील हो चुका है। पांच साल पूर्व तक उनका यहां निवास था। कुछ माह पूर्व तक यहां मजदूर रहा करते थे। मगर, वर्तमान में यह पूरी तरह से बंद था।

आईडीपीएल आक्सीजन प्लांट तैयार करने का श्रेय सेना के जवानों कोः स्पीकर


स्पीकर उत्तराखंड प्रेमचंद अग्रवाल ने आईडीपीएल स्थित ऑक्सीजन प्लांट पहुंच कर सेना के इंजीनियरों की हौसला अफजाई की। उन्होंने जवानों का माल्यार्पण कर उन्हें सैल्यूट किया। साथ ही प्रतीक चिन्ह भेंट करते हुए कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सैनिटाइजर, मास्क एवं आयुर्वेदिक कोरोनिल किट भी वितरित की। स्पीकर को अपने बीच पाकर एवं सम्मानित होने पर सेना के इंजीनियरों में गजब का उत्साह देखने को मिला।

स्पीकर ने कहा कि देहरादून की “गोल्डन की ईगल्स” टीम के इंजीनियरों ने असंभव काम को संभव कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट को पुनर्जीवित करने के शुरुआती दौर में सेना के इंजीनियरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन अपने दृढ़ संकल्प से सेना के जवानों ने ऑक्सीजन प्लांट को दुरस्त कर दिखाया है।उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सेना के जवान सरहद पर देश की रक्षा करते हैं उसी प्रकार से कोरोना जैसी महामारी के बीच जब देश को सेना की जरूरत पड़ी तो उन्होंने इस प्रकार के आंतरिक विषयों पर भी अपना पूरा सहयोग दिया है।

कहा कि सेना के 13 इंजीनियरों की टीम लगातार दिन-रात कार्य में जुटी रही, जिसका सफल परिणाम आज जनता के सामने है। उन्होंने कहा कि देश के वीर जवानों का हर क्षेत्र में जज्बे को देखकर दुश्मन भी आज उन से डरता है। उन्होंने आईडीपीएल प्रशासन द्वारा सेना की टीम को किए गए सहयोग के लिए उनका भी आभार व्यक्त किया।

मौके पर मौजूद सेना के कमांडिंग ऑफिसर अभिषेक पठानिया ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष जी द्वारा ऑक्सीजन प्लांट को शुरू करने के प्रयासों को ही सेना ने आगे बढ़ाते हुए टास्क को पूरा किया है।

इस अवसर पर सेना के कैप्टन अर्जुन सिंह राणा ने धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा अध्यक्ष का इस मुहिम में लगातार सहयोग मिलता रहा एवं वह हमारी टीम को इस कार्य के लिए प्रेरित करते रहे हैं।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने सेना के कमांडिंग ऑफिसर अभिषेक पठानिया, कैप्टन अर्जुन सिंह राणा, सूबेदार सुधाकरन, सूबेदार सुरेश बापू, प्रभु जी, धर्मवीर, के. सिद्धांत, राजकुमार कुटुम, अम्बरीश सिंह, काकडी विजय, एच चवांग, बजरंग सिंह, आलोक यादव को सम्मानित किया।

इस मौके पर आईडीपीएल के डीजीएम गंगा प्रसाद अग्रहरि सहित कर्मचारी एवं वीरभद्र के मंडल अध्यक्ष अरविंद चैधरी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष रजनी बिष्ट, महिला मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष निर्मला उनियाल, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष विजय जुगरान, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश शर्मा, सुनील यादव, अंकित नामदेव, पुनीता भंडारी, हर्षित चैधरी, महावीर चमोली उपस्थित थे।

कोरोना कारोबारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ किया ढोल-दमौं और घंटी बजाकर प्रदर्शन

परिवहन कारोबारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नगरभर में जुलूस निकालकर एआरटीओ परिसर में में ढोल और घंटी बजाकर अपना विरोध जताया। कारोबारियों ने परिवहन व्यवसाय को पुनर्जीवित करने के लिए आर्थिक पैकेज देने की मांग की। उन्होंने सीएम के नाम ज्ञापन भी एआरटीओ प्रवर्तन को सौंपा।

उत्तराखंड परिवहन महासंघ के बैनर तले पांच सूत्रीय मांगों को लेकर परिवहन व्यवसायी संयुक्त यात्रा रोडवेज बस अड्डा परिसर पर एकत्रित हुए। यहां से सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परिवहन व्यवसायी जुलूस की शक्ल में देहरादून रोड, हरिद्वार बाईपास मार्ग से होते सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय पहुंचे। एआरटीओ परिसर में परिवहन व्यवसायियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोल-दमौं के साथ घंटी बजाकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

परिवहन महासंघ अध्यक्ष सुधीर राय ने कहा कि लगातार दो बार चारधाम यात्रा स्थगित होने से परिवहन व्यवसाय मंदी के दौर से गुजर रहा है। परिवहन व्यवसाय से प्रत्यक्ष रूप से जुड़े चालक, परिचालक और बस मालिकों की स्थिति बद से बदतर हो गई है। आर्थिक सहायता के साथ टैक्स आदि माफ करने के बाबत कई बार सरकार को मांगपत्र सौंप चुके हैं, लेकिन सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। लगातार उपेक्षा के चलते परिवहन व्यवसायियों को मजबूरी में आंदोलन का रुख अख्तियार करना पड़ा है। टैक्सी चालक मालिक एसोसिएशन अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत, उत्तराखंड विक्रम-ऑटो महासंघ के अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने सरकार से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग उठाई। प्रदर्शन में कमांडर यूनियन अध्यक्ष बलबीर सिंह नेगी, टीजीएमओ उपाध्यक्ष बलवीर रौतेला, यशपाल राणा, विनोद भट्ट ,दाताराम रतूड़ी, नवीन रमोला,प्यार सिंह गुनसोला, त्रिलोक भंडारी, योगेश उनियाल, राकेश सेमवाल, बालम मेहरा, मान सिंह पंवार, सुरेंद्र सेमवाल, हरि नौटियाल, हेमंत डंग, तनवीर सिंह, भगवान सिंह राणा, राधेश्याम व्यास, आशुतोष तिवारी, दलवीर कलूड़ा, विक्रम भंडारी, मदन कोठारी, बृजभानू प्रकाश गिरी, बृजेश उनियाल आदि शामिल रहे।

प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर व्यापारियों ने फूंका पुतला

प्रदेश सरकार की ओर से व्यापारियों को राहत न देने और उनकी मांगों को नजरअंदाज किए जाने पर व्यापारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुंचा। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्व में व्यापारीवर्ग त्रिवेणी घाट चैराहे पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।

प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल सहित प्रदेश के तमाम व्यापारी संगठन करोना में कमी आने के पश्चात धीरे धीरे प्रदेश में अनलॉक की मांग कर रहे थे, किंतु सरकार अड़ियल रवैया अपनाते हुए बाजार को सिलसिलेवार नहीं खोल रही है। इस बार की गाइडलाइन में ऊंट के मुंह में जीरा जैसी छूट दी गई है जो नाकाफी है जैसे रेडीमेड गारमेंट, दर्जी, साइकिल स्टोर, मोटर पार्ट्स आदि की दुकान आदि मात्र एक दिन, राशन की दुकान मात्र 2 दिन जबकि सरकार द्वारा चलाई जा रही शराब की दुकानें सप्ताह में 3 दिन खुलेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक कि बाजार नहीं खुल जाता।

वहीं, महामंत्री प्रतीक कालिया ने कहा कि सरकार व्यापारियों हितो को लगातार नजर अंदाज कर रही है, व्यापारी लगातार सरकार से अनुनय विनय करता आ रहा है, किन्तु सरकार कोई ठोस निर्णय नही कर रही है। व्यापारियों के हालात दिन प्रति दिन खराब होते जा रहे है। अब आंदोलन और तेज किया जाएगा।

इस अवसर पर देवभूमि व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल व पूर्व कबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण व प्रदेश उध्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, जिला संयुक्त महामंत्री पवन शर्मा, राजेश अग्रवाल, रवि जैन, सुनील गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, सरदार बलवंत सिंह, परमजीत सिंह, अरविंद जैन, पंकज चावला, अभिषेक शर्मा, आशु डंग, पदम शर्मा, मनोज टुटेजा, शिवम टुटेजा, जगमीत सिंह, चंद्रिका त्रिपाठी, सरदार राजकुमार मारवाह, राहुल पाल, हर्षित, गुप्ता, संजय पवार, धीरज चतरथ, दिनेश अरोड़ा, आशु अरोड़ा, सुभाष टुटेजा, प्रतीक पुंडीर, प्रिंस मनचंदा, विजय मोहन, दीपक दरगन, सुरेंद्र मोहन पाहवा, गुड्डू सिंह, दीपक बंसल, विनीत गुलाटी, मनस्वी तलवार, कृष्ण कालरा, त्रिलोकीनाथ कक्कड़, बॉबी कक्कड़, सनी चड्ढा, जगदीश रस्तोगी, आशु चड्ढा आदि उपस्थित रहे।

प्रधान संगठन व जनप्रतिनिधियों ने जताया स्पीकर का आभार, टोल प्लाजा निरस्त होने की खुशी में की आतिशबाजी

हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेपाली फॉर्म में प्रस्तावित टोल प्लाजा को निरस्त कराये जाने की घोषणा के बाद प्रधानसंगठन व जनप्रतिनिधियों ने आतिशबाजी कर स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। मौके पर स्पीकर को फूल माला व मिष्ठान भी खिलाया गया।

नेपाली फार्म पर टोल प्लाजा ना लगाए जाने के निर्णय पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। स्पीकर ने कहा कि जब से उन्हें इस बात का ज्ञात हुआ है कि नेपाली फार्म पर टोल प्लाजा लग रहा है तब से लगातार उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, लोक निर्माण विभाग के सचिव, एनएचएआई के अधिकारियों से वार्ता कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। कहा कि चाहे प्रधान संगठन के प्रतिनिधि मंडल को मुख्यमंत्री से मिलाने की बात हो या लोक निर्माण विभाग के सचिव एवं एनएचएआई के अधिकारियों से निरंतर चर्चा वार्ता करने की बात हो लगातार टोल प्लाजा न बनाए जाने को लेकर आपत्ति दर्ज की है। कहा कि एक ही प्रोजेक्ट में इतने नजदीक टोल प्लाजा का कोई औचित्य नहीं था, ऐसे में स्थानीय ग्रामीणों के समय व पैसे की बर्बादी होती। उन्होंने टोल प्लाजा न लगाए जाने को लेकर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत सहित सभी का आभार व्यक्त किया।

कुल लोग केवल 2022 की तैयार कर रहेः भगवान सिंह
मौके पर डोईवाला के ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल ने कहा कि विधानसभा के अथक प्रयासों से टोल प्लाजा न लगने के निर्णय का क्षेत्रवासी स्वागत कर रहे हैंै, उन्होंने कहा कि कुछ लोग स्पीकर की लोकप्रियता से दुखी हैं और केवल 2022 की तैयारी कर रहे हैं।

स्पीकर को ही जाता है श्रेयः सोवन सिंह
जिला प्रधान संगठन के अध्यक्ष सोवन सिंह कैंतूरा ने इसका श्रेय स्थानीय विधायक एवं स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल को दिया। उन्होंने कहा कि प्रधान संगठन द्वारा धरना समाप्त करने की विधिवत घोषणा कर दी गई है।

टोल प्लाजा पर सिर्फ राजनीति कीः चमन पोखरियाल
इस अवसर पर प्रधान चमन पोखरीयाल ने संबोधन में कहा है कि टोल प्लाजा को लेकर कुछ लोग केवल राजनीति कर रहे हैं उनको जनता की समस्या एवं दुःखों से कोई भी सरोकार नहीं है।

जिला महामंत्री भाजपा सुदेश कंडवाल के संचालन में चले कार्यक्रम में रायवाला प्रधान सागर गिरी, चक जोगीवाला प्रधान भगवान सिंह महर, छिदरवाला प्रधान कमलजीत कौर, भट्टोंवाला प्रधान दीपा राणा, खैरी कला प्रधान चमन सिंह पोखरियाल, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, जिला पंचायत सदस्य रीना रांगड, गुमानीवाला उप प्रधान राजेश व्यास, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष दिनेश सती,वीरभद्र मंडल अध्यक्ष अरविंद चैधरी,श्यामपुर मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी, नगर निगम पार्षद शिव कुमार गौतम, शौकत अली, राजू नरसिम्हा, कनिष्ठ प्रमुख विनोद रांगड, क्षेत्र पंचायत सदस्य विजय शर्मा, पंकज पाल, मुकेश गोनियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर खत्री, विजय शर्मा, पंकज पाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य ज्योति जुगलान, गीता नेगी, विजय राम पेटवाल, मनजीत सिंह, नागेंद्र चैहान, सुमन चैहान, शैलेंद्र रांगड, हरीश पैन्यूली, अनीता राणा, शम्मा पवार, रजनी विष्ट, नीलम चमोली, कविता शाह, राजेश जुगलान, रमेश शर्मा, विजय जुगलान, बीमा बंगवाल, सतपाल सैनी, राम बहादुर क्षेत्री, राकेश चंद्र राय आदि उपस्थित थे।

स्पीकर के प्रयासों से प्रस्तावित टोल प्लाजा का निर्णय वापस


स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि हरिद्वार-देहरादून राजमार्ग के नेपाली फॉर्म पर कोई भी टोल प्लाजा नहीं लगाया जाएगा, इस निर्णय के लिए स्पीकर ने मुख्यमंत्री एवं सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने टोल प्लाजा के विरोध में अनशन पर बैठे सभी राजनैतिक, सामाजिक संगठनों एवं प्रधान संगठन से धरने को समाप्त करने का आह्वान किया है।

स्पीकर ने कहा कि नेपाली फार्म तिराहे पर टोल प्लाजा लगाए जाने का मामला संज्ञान में आते ही उन्होंने शुरू से ही इस पर अपनी कड़ी आपत्ति जताई थी। जिसके लिए उन्होंने लगातार मुख्यमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के सचिव व एनएचएआई के अधिकारियों के साथ वार्ता कर शीघ्र से शीघ्र इस मामले का समाधान करने की बात की थी।
इस अवसर पर डोईवाल के ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, जिला प्रधान संगठन के अध्यक्ष सोबन सिंह केंतुरा, खैरी कला प्रधान चमन पोखरियाल, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, जिला पंचायत सदस्य रीना रांगड़, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर खत्री, पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र नेगी, भाजपा नेता रविंद्र राणा, संयुक्त यातायात रोटेशन के अध्यक्ष मनोज ध्यानी, सोशल मीडिया प्रभारी राजेश जुगलान, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष संमा पवार, किसान मोर्चा महामंत्री हरदीप सिंह, समाज सेवी रमन रांगड, दिनेश पयाल, राज्य आंदोलनकारी चंद्रकांता बेलवाल, अरुण बडोनी आदि उपस्थित थे।

वहीं, प्रधान संगठन समिति के अध्यक्ष शांति प्रसाद थपलियाल, ग्राम प्रधान गोहरीमाफी रोहित नोटियाल, ग्राम प्रधान शंकर धने एवं ग्राम प्रधान सागर गिरी ने एक स्वर में कहा कि जब तक टोल प्लाजा के निरस्तीकरण का लिखित आदेश उनको संबंधित विभाग के अधिकारी धरना स्थल पर आकर नही दे देते उनका धरना यथावत जारी रहेगा। समाजसेवी डॉ राजे नेगी ने बताया कि धरने के 11 वें दिन राज्य एवं केंद्र सरकार की बुद्धि सुद्धि हेतु हवन यज्ञ किया गया। मौके ग्राम प्रधान सोबन सिंह कैंतुरा, गीतांजलि जखमोला, विनोद राणा, शकंर दयाल धने, अनिल कुमार, नितेश चमोली, श्रीकांत रतूड़ी, आकाश सरियाल, मनोज शर्मा, धर्मेंद्र गवाड़ी, शैलेन्द्र रांगड़, विशाल मणि, शीशपाल पोखरियाल, अनिता राणा, शमां पंवार, अंकित तिवारी, हर्षमणि लसियाल, बलविंदर सिंह, आम आदमी पार्टी के संगठन सचिव दिनेश कुलियाल, आप मीडिया प्रभारी गणेश बिजल्वाण आदि मौजूद रहे।

अधिकारियों की बैठक कर बोले स्पीकर, टोल प्लाजा का शीघ्र समाधान निकाला जाए


हरिद्वार देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेपाली फॉर्म तिराहे के पास टोल प्लाजा ना बनाये जाने को लेकर स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के क्षेत्रीय अधिकारी सी के सिन्हा एवं परियोजना निदेशक पंकज मोर्या के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से टोल प्लाजा बनाने को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि जनता के ऊपर बेवजह टैक्स का भार न सौंपा जाए।उन्होंने कहा कि इसके बनने से जहाँ लोगों को अनावश्यक आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ेगा वहीं समय की बर्बादी भी होगी। अपने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नेपाली फॉर्म के पास किसी भी हालत में टोल प्लाजा बनाने की आपत्ति है । उन्होंने कहा कि इसके लिए पुनः प्रदेश के मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे साथ ही पुनः लोक निर्माण विभाग के सचिव आरके सुधांशु को भी दूरभाष पर वार्ता की और निर्देश दिया है कि इसका शीघ्र समाधान निकाला जाए।

बैठक में एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि एक ही प्रोजेक्ट में दो जगह टोल प्लाजा लगाना न्यायोचित नहीं है। उन्होंने अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जब हरिद्वार देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर फ्लाईओवर एवं राष्ट्रीय राजमार्ग का कार्य गतिमान था उस दौरान भी अधिकारियों द्वारा नेपाली फार्म टोल प्लाजा के बारे में जनप्रतिनिधियों को अवगत नहीं कराया गया, जोकि अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में विभागीय अधिकारियों द्वारा जन प्रतिनिधियों के साथ कोई भी समन्वय नहीं बनाया गया है, जो उचित नहीं है।

कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बिना सलाह मशवरा के इस प्रकार का निर्णय लेना उचित नहीं है। उन्होंने कहा है कि व्यापक जनहित को देखते हुए नेपाली फार्म में टोल प्लाजा नहीं बनाना चाहिए और यह निर्णय विभाग को वापस लेना होगा।

विश्व साइकिल दिवस पर रेड राइडर्स ने कुंजापुरी मंदिर में की कोरोना मुक्ति की प्रार्थना

विश्व साईकिल दिवस के मौके पर ऋषिकेश साईकिल क्लब के रेड राइडर्स साईकिल चलाकर कुंजापुरी मंदिर पहुंचे। यहां सभी ने मंदिर में दर्शन किए और संपूर्ण विश्व को कोरोना मुक्त करने की प्रार्थना की।

क्लब के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने बताया कि पिछले वर्ष हुए लॉक डाउन में कुछ लोगों ने मिलकर रेड राइडर्स के नाम से साइकिल के दौरे शुरू किए। ऋषिकेश से हरिद्वार, देहरादून डाटकाली मन्दिर, टपकेश्वर मंदिर, कोडराना, मालाखुंटी, क्यार्की और चीला तक के टास्क बनाकर साइकिल से दूरी तय की गई। विश्व साइकिल दिवस के मौके पर सुबह क्लब के सभी सदस्यों रेड राइडर्स ने एकत्र होकर ऋषिकेश से कुंजापुरी मंदिर तक की दूरी तय की। जयेंद्र रमोला ने कहा कि महामारी के इस दौर में सभी को कम से कम आधा घंटे साइकिल जरूर चलानी चाहिए। इससे शरीर की प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है, जो कि कोरोना से लड़ने के लिए अति आवश्यक है। बताया कि क्लब में 25 से 60 साल की उम्र के सदस्य शामिल हैं। रेड राइडर्स नीरज शर्मा ने कहा कि कोरोना काल से बहुत से लोगों ने साइक्लिंग शुरू की है। इसका परिणाम यह रहा कि साइक्लिंग करने वाले अधिकांश लोग कोरोना संक्रमित होने के बावजूद सुरक्षित रहे। एम्स में नेत्र चिकित्सक रेड राइडर्स डा. नीति गुप्ता ने बताया कि ऋषिकेश साइकिल क्लब से जुड़े उन्हें कुछ माह ही हुए हैं। रोज वह 30 से 60 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय करते हैं। ऋषिकेश से कुंजापुरी मंदिर तक साइकिल से जाना एक विशिष्ट उपलब्धि है।

इस ट्रेक में रेड राइडर्स जितेन्द्र बिष्ट, सरदार बूटा सिंह, पंकज अरोड़ा, यशपाल चैहान, विपिन शर्मा, शैलेष भण्डारी, मनोज रावत, नरेन्द्र कुकरेजा, विपिन बबलू, दीपक नेगी, देवेन्द्र राजपूत, विक्रम शेडगे, राजेश सूद, हरीश दरगन, दिग्विजय तोमर शामिल थे।

विक्रम, आटो चालक करेंगे सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, बोले बुरे दौर से गुजर रहे

उत्तराखंड विक्रम टैम्पो महासंघ की बैठक हुई। बैठक में महासंघ के अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि राज्य सरकार की हठधर्मिता के कारण विक्रम, आटो, टैक्सी मालिक एवं चालक परेशान हैं। कोरोनाकाल में उनके समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इससे चालक और वाहन मालिकों के परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गये हैं। सरकार ने न ही चालकों को आर्थिक सहायता दी और न ही कोविड गाइडलाइन में कोई छूट दी है। इससे वाहन चालक और वाहन मालिक नाराज हैं।

इसलिए मजबूर होकर शुक्रवार को महासंघ द्वारा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। मौके पर विक्रम यूनियन लक्ष्मणझूला के अध्यक्ष त्रिलोक भंण्डारी, श्रीनिवास पाण्डेय, वीरेंद्र सिंह सजवाण, हरिमोहन, ऑटो यूनियन अध्यक्ष राजेन्द्र लाम्बा, उपाध्यक्ष संजय आर्य, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत, विक्रम यूनियन रामझूला के सचिव पंकज वर्मा, उपाध्यक्ष अमित पाल, पंचपुरी ऑटो विक्रम यूनियन हरिद्वार के संरक्षक सत्यनारायण शर्मा, विक्रम यूनियन डोईवाला के अध्यक्ष विजय यादव आदि मौजूद थे। उधर, उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ऋषिकेश के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने परिवहन कारोबारियों को अपना समर्थन दिया है।

शहीद राकेश डोभाल की स्मृति में बना स्मृति द्वार, स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने किश शिलान्यास

बीते वर्ष जम्मू कश्मीर के बारामुला सेक्टर में शहीद हुए ऋषिकेश के सपूत राकेश डोभाल की स्मृति को चिरस्थाई रखने के लिए स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने गंगानगर में शहीदी स्मृति द्वार का विधिवत पूजा अर्चना कर शिलान्यास किया। मौके पर स्पीकर ने कहा कि शहीद की स्मृति में बनने वाला यह द्वार युवा पीढ़ी को देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा

गंगानगर में चार लाख रुपये की विधायक निधि से निर्मित होने वाले शहीदी स्मृति द्वार का शिलान्यास शहीद राकेश डोभाल की 10 वर्षीय सुपुत्री दित्या डोभाल ने नारियल फोड़कर किया। कार्यक्रम के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा है कि जम्मू कश्मीर के बारामुला सेक्टर में 13 नवंबर 2020 को पाकिस्तानी आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में बीएसएफ के सब इंस्पेक्टर 39 वर्षीय राकेश डोभाल शहीद हो गए थे। उनके इस बलिदान के स्मृति में शहीदी द्वार का निर्माण किया जाएगा ताकि आने वाली पीढ़ियां शहीद से प्रेरणा लेकर देश के लिए समर्पित भाव से कार्य कर सकें।

कहा कि शहीदों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाता उन्होंने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर देश की सीमाओं को सुरक्षित रखने का कार्य किया है। कहा कि शहीद के परिजनों के साथ आज संपूर्ण देश खड़ा है।

इस अवसर पर शहीद के भाई प्रकाश चंद डोभाल, पत्नी संतोषी डोभाल, पुत्री दित्या डोभाल, पार्षद शिव कुमार गौतम, पार्षद राजू नरसिम्हा, संजीव पाल, बृजपाल राणा, राकेश अरोड़ा, दुर्गेश जाटव, भाजपा के मंडल महामंत्री सुमित पंवार, अरुण बडोनी आदि उपस्थित थे।