पैतृक गांव में पूजा अर्चना कर सीएम ने प्रदेश की खुशहाली का मांगा आर्शीवाद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को पारिवारिक कार्यक्रमों में सम्मिलित होने अपने पैतृक गांव हड़खोला, डीडीहाट, पिथौरागढ़ पहुंचे।
हड़खोला पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्थानीय महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकालकर स्वागत किया गया। तत्पश्चात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पैतृक गांव में स्थित हरीचंद्र देवता मंदिर में पहुंचकर परिवार जनों के साथ पूजा अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की खुशहाली की भी कामना की।

पिथौरागढ़ में विकास कार्यो को गति देने के लिए सीएम ने अधिकारियों की ली क्लास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ में विकास भवन सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में संचालित विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा के अतिरिक्त जिले की मुख्य समस्याओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने संचालित प्रमुख निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन बेस चिकित्सालय भवन के निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदाई संस्था को यथाशीघ्र कार्य पूर्ण करने एवं बेस चिकित्सालय को एक माह के भीतर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी 10 दिन के भीतर जिला एवं महिला चिकित्सालय में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी को दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि धनराशि अवमुक्त करने के बावजूद भी पिथौरागढ़ मेडिकल कालेज निर्माण का कार्य प्रारम्भ नहीं हुआ है, इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा कोरोना काल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संविदा के तहत रखे गए स्वास्थ्य कर्मी जिन्हें वर्तमान में हटा दिया गया है, उन्हें पुनः सेवा में रखे जाने की मांग पर मुख्यमंत्री द्वारा सचिव चिकित्सा को दूरभाष पर जिले में पूर्व में रखे गए इन संविदा चिकित्सा कर्मियों को पुनः आगामी 31 मार्च 2022 तक रखे जाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए जिलाधिकारी को शीघ्र ही प्रस्ताव भी शासन को भेजने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इन कार्मिकों का पूर्व में की गई सेवाओं का वेतन भुगतान हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष से धनराशि भी जारी कर दी गयी है।
बैठक में जिला मुख्यालय में वाहन पार्किंग की समस्या के सम्बन्ध में आवश्यक प्रस्ताव उपलब्ध कराए जाने के साथ ही मुख्यमंत्री ने आगामी 10 दिनों में जिला मुख्यालय में निर्मित बहुमंजिला कार पार्किंग को हस्तान्तरित करते हुए संचालित करने के निर्देश दिये। बैठक में तहसील धारचूला के काली नदी किनारे तटबंध निर्माण की समीक्षा के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया कि धारचूला के काली नदी किनारे भू कटाव की रोकथाम हेतु प्रस्ताव शासन को भेजा गया है उक्त संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर स्वीकृति प्रदान कर दी जाएगी। शासन से स्वीकृति पश्चात शीघ्र ही टेंडर की कार्यवाही करते हुए कार्य प्रारम्भ किया जाए।
बैठक में जिले में आपदा राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि पुनर्वास के सभी प्रकरणों को निस्तारित करते हुए आपदा प्रभावितों की हर संभव मदद करते हुए राहत सामग्री आदि वितरित करें। जिले के नैनीसैनी हवाई पट्टी से नियमित उड़ानों के संचालन के संबंध में समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने बैठक से ही सचिव उड्डयन उत्तराखंड को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि त्वरित कार्यवाही करते हुए राज्य सरकार के स्टेट प्लेन के माध्यम से हवाई यात्रा शुरू करने की कार्यवाही की जाय। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही नैनीसैनी से हवाई सेवाएं सुचारू की जाय इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी पिथौरागढ़ एवं आयुक्त कुमाऊँ को भी तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को पूर्ण करने में परिणाम शीघ्र ही दिखना चाहिए।
बैठक में जनपद में उत्तर प्रदेश निर्माण निगम द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी पिथौरागढ़ ने अवगत कराया कि जिला मुख्यालय के निकट ग्राम मड़ में सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है, निर्माण कार्यों में अनियमितता की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने आयुक्त कुमाऊँ मण्डल को तुरंत उच्चस्तरीय जांच करते हुए तथा जिलाधिकारी द्वारा गठित की गई जांच रिपोर्ट अनुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों में पूर्व गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाय तथा गलत कार्य करने वाली एजेंसियों के खिलाफ जिलाधिकारी त्वरित कार्यवाही करें। बैठक में सड़कों की स्थिति आदि की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि मानसून काल में बंद 268 सड़कों में से 265 सड़कों को यातायात हेतु खोल दिया गया है। एक महत्वपूर्ण सड़क दारमा घाटी को जोड़ने वाली सड़क को शीघ्र खोले जाने हेतु तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बैठक में अवगत कराया कि जिले में 254 किमी सड़क मार्ग में से 228 किमी सड़क मार्ग में पैच वर्क का कार्य पूर्ण कर लिया गया है शेष में कार्य जारी है। पीएमजीएसवाई के अंतर्गत कुल 271 सड़कों में से 144 सड़कों का कार्य पूर्ण हो गया है। जल जीवन मिशन अन्तर्गत प्रथम फेस के अंतर्गत 60 फीसदी कार्य पूर्ण हो गया है। कोविड वैक्सीनेशन की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि जिले में प्रथम डोज 99 फीसदी व्यक्तियों को तथा 62 फीसदी लोगों को द्वितीय डोज की कोविड वैक्सीन लग गई है, आगामी 15 दिसम्बर तक शत प्रतिशत वैक्सीनेशन जिले में हो जाएगा। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि वनाधिकार के अंतर्गत 35 में से 27 को पट्टे जारी कर दिये गए हैं, जिले में 5 करोड़ से अधिक लागत के कार्यों को तेजी से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री घोषणा अन्तर्गत 234 घोषणाओं में से 63 पूर्ण हो गई है शेष में कार्यवाही गतिमान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं को शीघ्र ही पूर्ण करें। इसके अतिरिक्त जिले में वर्तमान तक चारों सैक्टरों अंतर्गत कुल 85.69 प्रतिशत धनराशि व्यय कर ली गई है।
बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा विकास भवन सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम अन्तर्गत आम जनता तथा विभिन्न संगठनों आदि की समस्याएं भी सुनी तथा उनके समाधान का पूर्ण भरोसा दिलाते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश अधिकारियों को दिये।

आइसलैंण्ड और उत्तराखंड के बीच पारस्परिक संबंधों को आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में आइसलैंण्ड के उच्चायुक्त महामहिम गुडनी ब्रैगसन ने भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं आइसलैंण्ड के उच्चायुक्त के बीच राज्य के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई है। जिसमें दोनों पक्षों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और सांस्कृतिक प्रचार, शिक्षा, पर्यटन, फिशरीज, ग्रीन एनर्जी के रूप में भूतापीय ऊर्जा एवं अन्य संभावनाओं पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड में पर्यटन एवं तीर्थाटन के क्षेत्र में अनेक संभावनाएं हैं। इस दिशा में राज्य सरकार का विशेष फोकस है। शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखण्ड अग्रणी राज्यों में शामिल है। अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे है। राज्य में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘‘एक जनपद दो उत्पाद’’ योजना चलाई जा रही है।
आइसलैंण्ड के उच्चायुक्त महामहिम गुडनी ब्रैगसन ने पर्यटन, शिक्षा, स्वरोजगार, आत्मनिर्भर भारत की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों की सरहाना की।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री अरविन्द पाण्डेय, इंडो आइसलैंडिक बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रसून दीवान, डिप्टी चीफ मिशन सिगथोर, दीप्ति रावत, सचिव अमित नेगी, दिलीप जावलकर, एमडी सिडकुल रोहित मीणा आदि उपस्थित रहे।

सीएम ने किया उतराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार के बहादराबाद स्थित उतराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा संस्कृत शिक्षा को बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों से उनका विशेष लगाव रहा है, उनका काफी समय लखनऊ विश्वविद्यालय में बीता है, जब भी किसी विश्वविद्यालय का कोई कार्यक्रम होता है, तो वे अपने आप को जाने से रोक नहीं पाते हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृत विश्व में सभी भाषाओं की जननी है। पूरी दुनिया में जब शिक्षा अथवा ज्ञान का उजाला नहीं हुआ था तब हमारे भारत में तक्षशिला और नालंदा जैसे विश्वविद्यालय विद्यमान थे। उस वक्त पूरी दुनिया को ज्ञान देने का कार्य अगर किसी ने किया तो वह भारत भूमि ने किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री का मजबूत नेतृत्व मिला है। पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान स्वाभिमान बढ़ाने का कार्य प्रधानमंत्री कर रहे हैं। योग दिवस को आज पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मना रही है। प्रधानमंत्री ने 5 नवंबर को केदारनाथ में 400 करोड़ रुपए के कार्य का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। जल्द ही हम केदारनाथ मंदिर केबल कार द्वारा जा सकेंगे। सिखों के पवित्र धाम हेमकुंड साहेब को भी रोपवे से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह आदि गुरु शंकराचार्य ने पूरे भारत को उत्तर से दक्षिण, पूरब से पश्चिम एक सूत्र में जोड़ने का कार्य किया उसी तरह आज प्रधानमंत्री विकास रूपी सूत्र में पूरे देश को एक साथ जोड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2025 के लिए राज्य का विजन रखा है, इस विजन को पूरा करने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा। वर्ष 2025 में 25 साल का राज्य युवा राज्य होने के साथ ही देश का श्रेष्ठ, उत्कृष्ट एंव आदर्श राज्य होगा, इस दिशा में वचनबद्ध एंव दृढ़ संकल्पित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत विश्वविद्यालय के स्टॉफ को सातवे वेतन आयोग के वेतनमान व एरियर भुगतान संबंधी दिक्कत को जल्द समाधान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि संस्कृत शिक्षा में रिक्त पदों को जल्द भरा जाएगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक संजय गुप्ता, आदेश चौहान, कुलपति प्रो देवी प्रसाद त्रिपाठी, कुलपति गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय डॉ रूप किशोर शास्त्री, कुलसचिव संस्कृत विश्वविद्यालय गिरीश कुमार अवस्थी आदि मौजूद रहे।

सीएम ने की हरिपुर टोंगिया को राजस्व ग्राम बनाने की घोषणा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मानूबांस, हरिद्वार में “रबी कृषक महोत्सव- 2021“ के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने किसानों को बीज, उर्वरक आदि की जानकारी देने के लिए लगाए गए विभागीय स्टॉलों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने लाभार्थी कृषकों को चेक एवं प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किये।

मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं-
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि हरिपुर टोंगिया को राजस्व ग्राम बनाया जायेगा। ग्राम टांडा हसन में नदी पर पुल का निर्माण किया जायेगा। ग्राम रिठौरा में नदी पर पुल का निर्माण किया जायेगा। लालवाला दाबूबांस में पुल निर्माण किया जायेगा। बुग्गावाला में डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। मानूबांस में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की जायेगी। ग्राम इब्राहिमपुर मसाई में इंटर कॉलेज की स्थापना की जायेगी। बुग्गावाला में विकासखण्ड की स्थापना के लिए केन्द्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जायेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केन्द्र सरकार से राज्य को पूरा सहयोग मिल रहा है। समाज के हर वर्गों को ध्यान में रखकर जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। राज्य के लिए विशेष योगदान देने वाले महानुभावों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान से सम्मानित किया जा रहा है। हम सम्मानित करने के लिए कोई राजनीति नहीं करते जिसका उदाहरण स्वर्गीय नारायण दत्त तिवारी हैं, जिनको मरणोपरांत उत्तराखण्ड गौरव सम्मान से नवाजा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड के लिए जो विजन दिया है, उस दिशा में सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। सरकार द्वारा हर क्षेत्र में लोगों को राहत देने का कार्य किया जा रहा है। युवा, महिला सशक्तीकरण, पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। मेडिकल छात्रों के शुल्क में बड़ी कटौती की गई है। विभिन्न विभागों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। कोविड के दृष्टिगत राज्य में प्रतियोगी परिक्षाओं में आवेदन के लिए आयु सीमा में एक साल की छूट दी गई है एवं आवेदन शुल्क भी नहीं लिया जा रहा है। राज्य में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए नई खेल नीति लाई जा रही है।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि युवा राज्य के युवा मुख्यमंत्री उत्साह और उमंग के साथ प्रदेश के विकास हेतु कार्य कर रहे है। निश्चित रूप से धामी सरकार के कार्यों से पूरे प्रदेश की जनता लाभान्वित हो रही है। केंद्र में मोदी सरकार किसानों की आर्थिकी को मजबूत कर रही है और किसान सम्मान निधि के माध्यम से पूरे देश के किसानों को सहायता मिल रही है।
कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार प्रदेशवासियों की समस्याओं का समाधान कर रहे है। सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। आने वाले कुछ दिनों में गन्ना किसानों के लिए एक खुशखबरी दी जायेगी।
इस अवसर पर ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर, लक्सर विधायक संजय गुप्ता, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, राकेश राजपूत, श्यामवीर सैनी आदि गणमान्य व्यक्ति एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बहादराबाद में 32 करोड़ की लागत की पंपिंग पेयजल योजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बृहस्पतिवार को जनपद हरिद्वार के गैंडीखाता क्षेत्र स्थित बसोचन्दपुर में श्री कृष्णायन देशी गोरक्षाशाला में आयोजित गोपाष्टमी महोत्सव में शामिल हुये।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विकासखण्ड बहादराबाद के विभिन्न ग्रामों के लिए जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अन्तर्गत ग्राम गैण्डीखाता में 2.39 करोड़, ग्राम कांगड़ी में 2 करोड़, ग्राम लहाड़पुर में 97 लाख, ग्राम लालढांग में 4.40 करोड़, ग्राम सज्जनपुर पीली में 1.75 करोड़, ग्राम श्यामपुर नौआबाद में 1.71 करोड़, ग्राम नौरंगाबाद में 2 करोड़, ग्राम अहमदपुर चिड़ियापुर में 1.33 करोड़, ग्राम रसूलपुर मिट्ठीबेरी में 3.29 करोड़, ग्राम गाजीवाली में 2.80 करोड़, ग्राम तपड़ोवाली (गुज्जर बस्ती) में 4.37 करोड़, ग्राम जसपुर चमरिया में 2.22 करोड़, ग्राम समसपुर कटेबड़ में 96.2 लाख, ग्राम पीली पड़ाव में 2.84 करोड़ की पम्पिंग पेयजल योजनाओं के निर्माण निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कृष्णायन गौशाला को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कराया जाएगा तथा तटबन्ध भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृष्णायन गौशाला के लिए जो जमीन देनी शेष है वह भी जल्द ही आवंटित कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने 14 नवम्बर को इगास पर्व के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की।
प्रदेशवासियों को गोपाष्टमी की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह हमारी संस्कृति की पहचान है। उन्होंने गोपाष्टमी के अवसर पर गौमाता की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय से मिलने वाली हर चीज हमारे लिए उपयोगी है। गाय का दूध स्वास्थ्य व पाचन के लिए सर्वाेत्तम है। मुख्यमंत्री ने दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ लोग, गाय जब तक दूध देती है, तब तक तो उसका भरण पोषण करते हैं, लेकिन जब वह दूध देना बन्द कर देती है, तब उसको निःसहाय छोड़ देते है, जिसके कारण वह इधर-उधर भटकते हुए प्लास्टिक कचरा आदि खा लेती है, जिससे उसके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और कभी-कभी इससे उसकी मृत्यु तक हो जाती है। पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर शहर में गौशालाएं बनाने का काम तेज गति से करेगी। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गौशाला का अवलोकन किया तथा गौमाताओं की पूजा-अर्चना की तथा आशीर्वाद लिया। उन्होंने गौशाला में गौमाताओं को गुड़ का प्रसाद भी खिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने चार माह के मुख्यमंत्री कार्यकाल में 400 से अधिक निर्णय लिये हैं। उन्होंने कहा कि वे कोई भी फैसला बिना किसी आधार के नहीं करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पास सीमित संसाधन है, सीमित संसाधनों से ही सरकार को सभी कार्य करने होते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने कई घोषणाएं की, जो आज तक धरातल पर नहीं उतर पायी, लेकिन हमने जो भी घोषणाएं की हैं, वह सभी धरातल पर दिखाई दे रही हैं। वे जो भी घोषणा कर रहे हैं, उसका तुरन्त ही शासनादेश जारी हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज हमारा देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानंमत्री ने केदारनाथ धाम में 400 करोड़ की योजनाओं का का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिसमें से 225 करोड़ की योजनाएं पूरी हो चुकी हैं तथा 184 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है। जल्द ही केदारनाथ धाम में तीसरे चरण के निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएंगे। बद्रीनाथ धाम के लिए भी 245 करोड़ से अधिक की योजनाएं स्वीकृत की गयी हैं, जिसका मास्टर प्लान तैयार हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से पूरे विश्व में देश का मान-सम्मान बढ़ा है। आज भारत हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखण्ड राज्य के विकास हेतु कार्य किया जा रहा है, वर्ष 2025 में जब उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्णं हो जाएंगे, उस समय उत्तराखण्ड देश का नम्बर एक राज्य बनेगा। इसके लिए सभी से समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड देश का सांस्कृतिक व आध्यात्मिक राज्य बने इसके लिये हमारे प्रयास जारी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में विभिन्न संस्कृति और रीति -रिवाजों को मानने वाले लोग निवास करते हैं, एक तरह से उत्तराखण्ड लघु भारत का रूप है।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के विकास में तिवारी जी की महत्वपूर्णं भूमिका रही है, चाहे देहरादून का सिड़कुल क्षेत्र हो या हरिद्वार अथवा उधमसिंह नगर का, सबमें श्री नारायण दत्त तिवारी की विशेष भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि हमने पंतनगर सिडकुल क्षेत्र का नाम नारायण दत्त तिवारी के नाम से रखा है। उनके गांव को जाने वाली सड़क का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है।
गोपाष्टमी महोत्सव के अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उन्होंने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के लिए गौशाला निर्माण की घोषणा की थी। उन्हांने लोगों का आह्वान किया कि वे पहली रोटी गाय के लिए निकालने की पराम्परा को आगे बढ़ायें।
इस अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द ने कहा कि आज पूरे देश में गोपाष्टमी मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि एक गाय, कई लोगों का भरण-पोषण करती है। गाय आर्थिकी का भी आधार है। स्वामी यतीश्वरानन्द ने इस अवसर पर 11 लाख रूपये श्रीकृष्णायन देशी गौ रक्षा शाला को देने की घोषणा की।
इस मौके पर गंगादास महाराज ने भी कृष्णायन गौशाला को 11 हजार का चैक भेंट किया।
गोपाष्टमी महोत्सव पर कार्यक्रम का संचालन करते हुए महामण्डलेश्वर स्वामी हरिचेतनानन्द ने कहा कि गोपाष्टमी का पर्व आज 177 देशों में मनाया जा रहा है। कृष्णायन गौशाला का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विश्व की एक मात्र देशी गौशाला हरिद्वार में है। उन्होंने कहा कि गौ, गीता, गंगा तथा साधू-सन्तों से भारत की पहचान है। उन्होंने कहा कि इस गौशाला में तीन हजार गायें हैं तथा सभी गौशालाओं में कुल 15 हजार गायें हैं। उन्होंने कहा कि हमने गौशाला में नन्दीशाला भी बना रखी है। उन्होंने कहा कि गौ के बिना कोई श्राद्ध पूरा नहीं होता है।
स्वामी रामकृष्ण मिशन के डॉ शिवकुमार ने कहा कि उनके द्वारा कनखल हरिद्वार में 200 बेड का चौरिटेबल हॉस्पिटल संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गौसेवा करके आप भगवान का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
गौरीशंकर गौशाला के संस्थापक बाबा हठयोगी ने कहा कि गाय के दूध के साथ ही उसका संरक्षण करने के लिए कार्य करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर कृष्णायन गौशाला के संरक्षक स्वामी आत्मानन्द महाराज, स्वामी अमृतानन्द, स्वामी कमलानन्द, एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय, एसडीएम संगीता कन्नौजिया, अधिशासी अभियंता जलसंस्थान मदन सैन, प्रवीण कुमार, अरूण कुमार, रवि शास्त्री, शेखर मेहता सहित संबंधित अधिकारी व पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

दलित मित्र एवं कार्यकर्ता के घर भोजन पर पहुंचे सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अचानक राजपुरा हल्द्वानी में अपने पुराने दलित मित्र एवं कार्यकर्ता के घर भोजन पर पहुंचे। मुख्यमंत्री धामी कार्यक्रम के तुरंत बाद पार्टी के बहुत पुराने अनुसूचित कार्यकर्ता नंद किशोर आर्य के घर राजपुरा भोजन पर पहुंचे। नंदकिशोर आर्य वर्तमान में सिक्योरिटी गार्ड का काम करते है। नंदकिशोर आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री वास्तव में गरीबों के मसीहा है। उन्होंने मुझ जैसे गरीब के घर भोजन कर धन्य कर दिया। मुख्यमंत्री ने नन्दकिशोर की आंख के इलाज का वायदा किया। नंदकिशोर के परिजनों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।
वहीं, अचानक राजपुरा में मुख्यमंत्री के आने से राजपुरा के निवासी गदगद हुये। राजपुरा निवासियों एवं महिलाओं ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया, जिसके समाधान हेतु मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

धामी सरकार के कार्यो को दर्शाता, बातें कम-काम ज्यादा गीत का विमोचन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में ‘‘बातें कम-काम ज्यादा’’ गीत का विमोचन किया। बतातें चलें कि मुख्यमंत्री की कार्यशैली, व्यवहार, आचार-विचार, युवा जोश, सकारात्मक सोच एवं उनके द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों पर आधारित गीत ‘‘बातें कम-काम ज्यादा’’ को यू-ट्यूब पर लॉच किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस गीत के माध्यम से सरकार द्वारा किये जा रहे विभिन्न कार्यों एवं समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर जो प्रयास किये जा रहे हैं, इनका समावेश कर गीत के रूप में प्रस्तुत करने का सराहनीय प्रयास किया गया है।
हिन्दी भाषा में तैयार किये गये इस गीत की निर्माता सावित्री बसेड़ा, निर्देशक डी.एस. बिष्ट व रिकॉर्डिंग/मास्टरिंग/मिक्सिंग का कार्य पवन गुसांई द्वारा किया गया है। इस गीत में संगीत राकेश भट्ट द्वारा दिया गया है तथा भूपेन्द्र बसेड़ा, मनोज सिंह सामन्त, भगत मेहता, सोनम एवं राजलक्ष्मी एवं अन्य साथी कलाकारों द्वारा इस गीत को संयुक्त रूप से स्वर प्रदान किया गया है।
गीत के विमोचन के अवसर विधायक देशराज कर्णवाल, गीत से जुड़े हुये बी.बी. इंटरटेनमेंट की टीम एवं गीत निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कलाकार उपस्थित रहे।

भारत स्काउट एवं गाइड के योगदान को सीएम ने सराहा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस के अवसर पर भारत स्काउट गाइड की स्टेट चीफ कमीश्नर सीमा जौनसारी के नेतृत्व में भारत स्काउट एवं गाइड के प्रतिनिधिमण्डल ने शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री को स्टीकर (ध्वज) लगाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपना अंशदान देते हुए कहा कि अनुशासन, सेवा भाव और परोपकार को बढ़ावा देने में भारत स्काउट एवं गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने अधिक से अधिक छात्रों को स्काउट एवं गाइड से जोडे जाने की अपेक्षा करते हुए कहा कि इससे छात्रों में सेवाभाव एवं अनुशासन की भावना जागृत होगी।
इस अवसर पर रविन्द्र मोहन काला, डॉ. दलजीत कौर, बी.एस.रावत, रेश्मा परवीन, राहुल रतूड़ी आदि उपस्थित रहे।

विकास कार्यो के लिए सीएम ने स्वीकृत की 19 करोड़ की धनराशि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विकास कार्यों हेतु 19.17 करोड़ रूपये की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के अन्तर्गत मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजनान्तर्गत विभिन्न 6 कार्यों हेतु 376.25 लाख रूपये की धनराशि की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। विधानसभा क्षेत्र केदारनाथ के अन्तर्गत विजयनगर तैला मोटर मार्ग के मरघट से बाराकोट से सिरोडगांव मला, सिल्ला तक अतिरिक्त मोटर मार्ग के निर्माण हेतु 46.61 लाख रूपये की धनराशि, विधानसभा क्षेत्र टिहरी के अन्तर्गत विभिन्न 8 निर्माण कार्यों हेतु 372.06 लाख रूपये की धनराशि, विधानसभा क्षेत्र टिहरी के अन्तर्गत चम्बा कॉलेज रोड़ से ग्राम मंज्यूड के चमाणगांव से होते हुये ऑल वेदर रोड तक मोटर मार्ग के नव निर्माण हेतु 3.30 लाख रूपये की धनराशि, विधानसभा क्षेत्र देहरादून कैण्ट के अन्तर्गत प्रेमनगर के केहरी गांव व विंग 1 से 4 में मार्ग एवं नाले के पुनर्निर्माण हेतु 54.85 लाख रूपये की धनराशि की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मुख्यमंत्री ने प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र घनसाली के अन्तर्गत कर्णगांव से राज राजेश्वर मंदिर तक मोटर मार्ग का नव निर्माण हेतु 170.40 लाख रूपये की धनराशि, विधानसभा क्षेत्र घनसाली के अन्तर्गत विभिन्न 3 निर्माण कार्यों हेतु 72.24 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर में विभिन्न 2 निर्माण कार्यों हेतु 85.81 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के अन्तर्गत विभिन्न 5 निर्माण कार्यों हेतु 255.31 लाख रूपये की धनराशि तथा उत्तरकाशी वन प्रभाग के गंगोत्री रेंज के अन्तर्गत लंका नामक स्थान पर हिम तेंदुआ संरक्षण केन्द्र की स्थापना हेतु 480.22 लाख रूपये की धनराशि की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय, वेदीखाल, पौड़ी गढ़वाल में रसायन विज्ञान, जन्तु विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान विषयों के संचालन हेतु असिस्टेंट प्रोफेसर के 3 पदों के सृजन हेतु स्वीकृति प्रदान की है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अन्तर्गत जनपद देहरादून के विधानसभा क्षेत्र विकासनगर के अन्तर्गत विभिन्न 2 निर्माण कार्यों हेतु 97.24 लाख की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति, विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के अन्तर्गत ग्राम झूनी में तुलानी-चण्डीका घाट लिंक रोड के निर्माण हेतु 13.71 लाख की धनराशि की स्वीकृति प्रदान की है।