टैक्सी चालक व मालिकों ने महंगाई के विरोध में वाहन को रस्सी से खींचा


टैक्सी चालक तथा मालिकों ने पेट्रोल-डीजल की महंगाई के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। टैक्सी संचालकों ने पेट्रोलियम पदार्थों के दाम में बेतहाशा वृद्धि को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने टैक्सी वाहन को रस्सी के सहारे हाथों से खींचकर प्रदर्शन किया।

उन्होंने टैक्सी वाहन को रस्से से खींचते हुए चंद्रभागा पुल तक रैली निकाली और प्रदर्शन किया। एसोसिएशन अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि केंद्र सरकार ने बीते 12 दिन में 10वीं बार पेट्रोल और डीजल के मूल्य में वृद्धि की है। सरकार ने परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों की कमर तोड़ कर रख दी है। डीजल और पेट्रोल के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी से यात्री भाड़े एवं माल भाड़े के रूप में 15 से 20 प्रतिशत मूल्य वृद्धि होना निश्चित है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा। तंज कसा कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव निपटते ही सरकार ने आम जनता को महंगाई का तोहफा दे दिया है।
प्रदर्शन में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नरेंद्र वर्मा, महासचिव विजेंद्र कंडारी, सह सचिव रमेश रावत, कोषाध्यक्ष उमेश चौहान, छोटेलाल दीक्षित, अनुपम भाटिया, दिगंबर सिंह, वीरेंद्र मिश्रा, सहदेव, श्रीकांत शर्मा, पुराण सिंह रावत, अजय रयाल, किशोर रमोला, बीडी जोशी, मनजीत कोटवाल, हीरा भट्ट, राजकुमार सैनी, गोपाल जुगरान, राजीव शर्मा, अनिल गुप्ता, राधेश्याम आदि शामिल रहे।

विधायक प्रत्याशी से पूर्व सभासद ने मांगी लिखित माफी

मैंने चुनाव में संगठन के विरूद्ध कार्य नहीं किया। फिर भी यदि आपको लगता है कि मैंने संगठन के विरूद्ध कार्य किया है तो इसके लिए मैं क्षमा मांगता हूं। यह बात तीर्थनगरी के पूर्व सभासद सोनू पांडेय ने लिखित माफीनामा में कांग्रेस से विधायक प्रत्याशी जयेंद्र रमोला को कही।

विधायक प्रत्याशी द्वारा भेजे गए प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पूर्व सभासद सोनू पाण्डेय ने विधानसभा के पूर्व कांग्रेस विधायक प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला के कार्यालय में पहुँचकर 31 मार्च के हुआ घटनाक्रम पर खेद प्रकट किया हैं और ग़लतफ़हमी के लिये लिखित रूप से माफ़ी माँगी है। साथ ही अपने द्वारा की गई शिकायत को वापिस लेकर भविष्य में किसी भी वरिष्ठ नेता से बिना सलाह लिये कोई प्रेस नोट या प्रेस वार्ता नहीं करने की बात कही है।

इस मौक़े पर पार्षद देवेन्द्र प्रजापति, जयपाल सिंह मौजूद रहे।

पथ संचलन में वित्त एवं संसदीय मंत्री ने किया प्रतिभाग, आरएसएस द्वारा आयोजित हुआ पथ संचलन

चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (हिन्दू नववर्ष संवत्सर) पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने सुपुत्र पीयूष अग्रवाल, अन्य स्वयं सेवियों सहित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से आयोजित पथ संचलन में प्रतिभाग किया।

आज देहरादून रोड स्थित व्यापार सभा भवन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से पथ संचलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल ने भी प्रतिभाग किया। पथ संचलन व्यापार भवन से आरंभ होकर नगरभर से होता हुआ वापस व्यापार सभा भवन पर समाप्त हुआ।

उन्होंने इस अवसर पर सभी स्वयं सेवियों को हिन्दू नव वर्ष की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इस पवित्र दिन से हम सभी मिलकर सद्भाव, समरसता, सम्मान और समानता की सृष्टि को प्रारंभ करें। कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हमें अपने धर्म, संस्कृति को जीवंत रखने की प्रेरणा देता है। यही वह संगठन है जो आपस में सभी को एक सूत्र में पिरो रखने का संदेश देता है।

नववर्ष पर कैबिनेट मंत्री ने कैंप कार्यालय में आए विभिन्न नागरिकों दी शुभकामनाएं

कैंप कार्यालय पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने नव वर्ष पर मिष्ठान वितरित किया। इससे पूर्व दुर्गा मंदिर में पूजा अर्चना कर कैंप कार्यालय में क्षेत्र से आए हुए विभिन्न जनप्रतिनिधियों को अपनी शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि नए वर्ष का स्वागत उल्लास के साथ किया जाना चाहिए एवं संकल्प के साथ इस प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।

कहा कि नव वर्ष हमें नए संकल्प नए उत्साह व उमंग के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा है कि हिंदू नव वर्ष के मौके पर प्राकृतिक नवयोवन का संचार करती है और यह हमें उत्साह और उमंग के साथ देश और राष्ट्र हित में कार्य करने की प्रेरणा देती है।

कहा कि विगत दिनों संपन्न हुए चुनाव में ऋषिकेश विधानसभा ने भारी मतों से विजयी बनाया इसके लिए उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों का धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी किए गए संकल्प पत्र के अनुरूप कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि इन पाच वर्षों में उत्तराखंड देश में आदर्श प्रदेश के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने नव वर्ष के अवसर पर उपस्थित जन समुदाय को अपनी शुभकामनाएं दी।

इस दौरान निरंजनी अखाड़ा के महाराज महंत रवि पूरी, शांति थपलियाल, सागर मनवाल पूर्व प्रधान, प्रवेश कुमार, राजकुमार, शिव कुमार, देवी भट्ट, सुधाकर भट्ट, चमन पोखरियाल, अमन कुकरेती, अरुण बडोनी, जयेश राणा आदि उपस्तिथ थे।

चैत्र संवत्सर पर रोटेशन व्यवस्था समिति ने कराया दुर्गा सप्तशती का पाठ

चारधाम यात्रा के सकुशल, निर्विघ्न, सुरक्षित, लाभकारी संचालन को लेकर आज संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के कार्यालय में दुर्गा सप्तशती व चंडी पाठ कराया गया।

समिति के प्रभारी मनोज कोठारी ने कहा कि चैत्र संवत्सर का दिन सबसे शुभ दिन है। चारधाम यात्रा कोविड काल से ठप पड़ी हुई है। ऐसे में इस वर्ष यात्रा का संचालन किया जा रहा है। आज दुर्गा सप्तशती पाठ के जरिए माता के प्रथम रूप शैलपुत्री से चात्रा को सफलतापूर्वक व लाभकारी संचालन करने की विनती मांगी। संपूर्ण का वाचन पंडित हरिकृष्ण उनियाल पुरोहित ने संपन्न कराया।

इस दौरान मदन कोठारी, मनोज ध्यानी, बृजभानु प्रकाश गिरी, नवीन चंद रमोला, बलवीर सिंह रौतेला, दिनेश बहुगुणा, आशुतोष तिवारी आदि वाहन स्वामी व चालक उपस्थित रहे।

चेक बाउंस के मामले में कोर्ट ने सुनाया फैसला, आरोपी को डेढ़ वर्ष का कारावास

ऋषिकेश में चेक बाउंस के दो अलग-अलग मामलों में सिविल जज जूनियर डिवीजन व न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋषिकेश की अदालत ने डेढ़ वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही आरोपी पर जुर्माना भी लगाया है। मामला वर्ष 2017 का है।

अधिवक्ता लक्ष्मी नारायण तिवारी व उनके सहयोगी अधिवक्ता विशाल रामदे ने बताया कि चंद्रमणि शुक्ला पुत्र राजबहादुर शुक्ला निवासी गीतानगर ऋषिकेश रेलवे रोड़ पर गारमेंट की दुकान संचालित करते हैं। उनकी दुकान में अक्सर सामान खरीदने को राकेश कुमार कश्यप आता जाता रहता था। इस दौरान चंद्रमणि शुक्ला और राकेश कुमार कश्यप के बीच अच्छी जान पहचान हो गई। एक रोज राकेश कुमार ने चंद्रमणि शुक्ला से कहा कि वह ऋषिलोक कालोनी में स्थित अपना मकान बेचना चाहता है। इस बावत दोनों के बीच आपसी सहमति से 20 लाख रूपये का सौदा हुआ।

जिसके बयाने के तौर पर चंद्रमणि शुक्ला ने राकेश कुमार कश्यप को अलग-अलग तिथियों में छह लाख रूपये दिए। मगर, कुछ कारणों के चलते मकान की रजिस्ट्री राकेश कुमार कश्यप नहीं करवा पाया। इसके चलते दोनों के बीच अनुबंध समाप्त हो गया। अब आरोपी राकेश कुमार ने बयाने की राशि के तीन चेक चंद्रमणि को दिए। जो तीन लाख, दो लाख और एक लाख रूपये के थे। वादी चंद्रमणि ने जब यह चेक बैंक में लगाए तो वह बाउंस हो गए। इसके बाद मामला कोर्ट में अब तक विचाराधीन था।

अधिवक्ता लक्ष्मी नारायण तिवारी ने न्यायालय में यह साबित करने में कामयाब रहे कि राकेश कुमार कश्यप ने चंद्रमणि शुक्ला से रूपये लिए, जिन्हें लौटने के लिए चेक दिए गए। मगर, वह बाउंस हो गए, नोटिस के बावजूद भी रूपयों का भुगतान नहीं किया गया।

अधिवक्ता की मजबूत पैरवी की बदौलत न्यायधीश राजेंद्र कुमार ने आरोपी राकेश कुमार कश्यप पुत्र राजकुमार निवासी ऋषिलोक कालोनी आशुतोष नगर ऋषिकेश को चेक बाउंस के अपराध में दो मामलों में डेढ़ वर्ष के साधारण कारावास की सजा सुनाई है साथ ही जुर्माना भी लगाया गया है।

हिंदू नववर्ष समृद्धि एवं समरसता का प्रतीकः स्वामी चिदानंद

हिंदू नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को प्रारम्भ होता है। परमार्थ निकेतन में नव वर्ष की पर्व संध्या पर दीपदान कर विश्व शान्ति की प्रार्थना की। नव वर्ष का स्वागत करते हुये परमार्थ परिवार के सदस्यों ने स्वामी चिदानन्द सरस्वती के पावन सान्निध्य में माँ गंगा के पावन तट पर दीपदान किया।

हिंदू पंचांग, ज्योतिष और धार्मिक आधार पर चैत्र माह की प्रतिपदा तिथि का विशेष महत्व है। शास्त्रों के अनुसार ब्रह्माजी ने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को सम्पूर्ण सृष्टि और समस्त लोकों का सृजन किया था और इसी पावन तिथि को भगवान विष्णु का मत्स्यावतार भी हुआ था।

परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि चौत्र शुक्ल प्रतिपदा नई आशा, आनंद और खुशी का त्योहार है। यह पर्व देश की समग्र संस्कृति और समृद्ध विरासत का भी प्रतीक है। हिंदू शास्त्रों के अनुसार नव संवत्सर चौत्र शुक्ल प्रतिपदा तिथि से प्रारम्भ होता है और इसी दिन सृष्टि का प्रारम्भ हुआ। इस पवित्र दिन से हम सभी मिलकर सद्भाव, समरसता, सम्मान और समानता की सृष्टि का प्रारम्भ करें ताकि समाज का तानाबाना व्यवस्थित बना रहे। हम सभी का सम्मान करते हुये अपने मूल से; मूल्यों से; अपनी जड़ों से; अपने धर्म की जड़ों से तथा सांस्कृतिक विचारों से जुड़ें रहे क्योंकि विचार ही सबसे बड़ी वैक्सीन है।

विक्रम संवत नववर्ष की शुरुआत को चिह्नित करता है जिसे वैदिक हिंदू, कैलेंडर के रूप में भी जाना जाता है। विक्रम संवत उस दिन से संबंधित है जब सम्राट विक्रमादित्य ने शकों को हराया और एक नए युग का आह्वान किया। तब खगोलविदों ने चंद्र-सौर प्रणाली के आधार पर एक नया कैलेंडर बनाया जिसमें चैत्र माह हिंदू कैलेंडर का पहला माह है और प्रतिपदा तिथि चौत्र माह के ‘वर्द्धित चरण’ का पहला दिन है। जिसमें चंद्रमा का दृश्य हर रात बड़ा होता जाता है इसलिये इसे उन्नति और समृद्धि का प्रतीक माना गया है।

प्रतिपदा की तिथि ऋतु परिवर्तन का प्रतीक है। इस समय चारों ओर पूरे वातावरण में भीनी-भीनी सुगंध फैली होती है, नयी फसलें भी पककर तैयार हो जाती हैं जिसके भारत जैसे कृषि प्रधान देश में नवजीवन का संचार होता है इसलिये हिंदू सौर नववर्ष को समृद्धि और समरसता का प्रतीक भी कहा जाता है। शास्त्रों में कहा गया है कि इस समय नक्षत्र शुभ स्थिति में होते हैं इसलिये किसी भी कार्य को प्रारम्भ करने का यह शुभ अवसर होता है।

ज्ञात हो कि 2078 वर्ष पहले सम्राट विक्रमादित्य ने अपना राज्य स्थापित किया था। जिनके नाम पर विक्रमी सम्वत् आरम्भ हुआ, कहा जाता है कि उनका राज्य समृद्धि और सम्पन्नता से युक्त था। धार्मिक, गणितीय और वैज्ञानिक काल गणना पद्धति पर आधारित हिन्दू नववर्ष हमारी पुरातन संस्कृति का आधार है।

परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में शामिल हुए प्रेमचंद अग्रवाल

डीएसबी इंटर कॉलेज गुमानीवाला में प्रधानमंत्री द्वारा आयोजित परीक्षा पर चर्चा के दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की चर्चाओं से छात्र आत्मनिर्भरता के साथ परीक्षा में निसंकोच होकर अपने लक्ष्य प्राप्ति के लिए अध्ययन करते हैं और उसमें सफल भी होते हैं। कहा है कि प्रधानमंत्री की यह सराहनीय पहल है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार “परीक्षा पे चर्चा” में विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान तनाव से निपटने के सुपर टिप्स दिए। उन्होंने इस दौरान कहा कि छात्र-छात्राओं को परीक्षा को त्योहारों के रूप में लेना चाहिए। मोदी ने आगे कहा, ‘‘आप इतने घबराए हुए क्यों हैं? आप पहली बार परीक्षा नहीं देंगे। अब आप आखिरी पड़ाव के करीब बढ़ रहे हैं। आपने पूरा समुद्र पार कर लिया है अब किनारे के पास आकर आपको डूबने का डर हैस जो नहीं होना चाहिएस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऑनलाइन आयोजित परीक्षा पर परिचर्चा कार्यक्रम के दौरान डीएसबी इंटर कॉलेज गुमानीवाला में अनेक अभिभावक एवं छात्र छात्राएं भी उपस्थित रहे

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी, प्रधानाचार्य शिव सहगल, पार्षद विपिन पतं, पार्षद वीरेंद्र रमोला, समाजसेवी मानवेंद्र कंडारी, भरत मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य गोविंद सिंह रावत, रविंद्र राणा, प्रधान चमन पोखरियाल, अवनी चौहान आदि उपस्थित रहे।

चैंपियनशिप में शिवानी ने हासिल किए दो कांस्य

तीर्थनगरी की शिवानी गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर आयोजित छठवीं एशियन जु जित्सू चौंपियनशिप प्रतियोगिता में दो कांस्य पदक जीतकर देश सहित प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता बहरीन के मनामा में आयोजित की गई।

जु जित्सू एसोसिएशन ऑफ इंडिया व उत्तराखंड के महासचिव रेंशी विनय कुमार जोशी ने बताया कि जु जित्सू इंटरनेशनल फेडरेशन (जेजेआईएफ) व जु जित्सू एशियन यूनियन (जेजेएयू) के नेतृत्व में 28 से 31 मार्च तक बहरीन, मनामा में आयोजित हुई छठवीं एशियन जु-जित्सू चौंपियनशिप 2022 में विश्व के 21 देशों ने प्रतिभाग किया।‌‌ जिसमें भारत देश से 19 सदस्यीय दल ने भारत देश का प्रतिनिधित्व किया। अंक तालिका में भारत देश ने सात कांस्य पदक अर्जित जीतकर पदक श्रृंखला में 13वां स्थान प्राप्त किया।

ऋषिकेश शहर की शिवानी गुप्ता ने भारतीय जु जित्सू टीम की ओर से एडल्ट्स महिला कॉन्टैक्ट जु जित्सू इवेंट की (57) भार वर्ग में कांस्य पदक एवं जु जित्सू फाइटिंग इवेंट की (57) भार वर्ग में कांस्य पदक सहित दो कांस्य पदक जीतकर भारत देश का परचम लहराया।

ज्ञात रहे इससे पूर्व भी शिवानी गुप्ता ने पांचवीं एशियन जुजित्सू चौम्पियनशिप में दो रजत पदक प्राप्त कर भारत एवं उत्तराखंड की जुजित्सू खेल इतिहास में प्रथम महिला पदक विजेता होने का गौरव भी प्राप्त कर चुकी है। शिवानी की इस जीत पर लोग उन्हें बधाई संदेश दे रहे है।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जु जित्सु एसोसियेशन ऑफ़ इंडिया अध्यक्ष सेंसेई सुरेश गोपी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी, कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, मेयर ऋषिकेश, पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी, सत्यवीर तोमर, अलक्षेंद्र सिंह, समाजसेवी प्रिंसी रावत, उत्तराखण्ड जन एकता पार्टी कनक धनाई, कांग्रेस जयेंद्र रमोला, चारु माथुर कोठरी, विपिन डोगरा, देवेन्द्र प्रसाद रतूड़ी, हरिचरण सिंह, सीमा रानी, क्रीड़ा अधिकारी, कु.वि.वि. डॉ. नागेंद्र शर्मा, जिला जुजित्सू संघ नैनीताल अध्यक्ष सेंसेई देवेंद्र रावत, भारत भूषण चुघ, ऋषि पाल भारती, किशोर सिंह, सहित अन्य खेल प्रेमी लोगों ने बधाई दी।

समाजसेवी बीएन गणनायक को कांग्रेस नेता ने अर्पित कर श्रद्धासुमन

एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने सर्वहारा नगर वासियों के साथ सर्वहारा नगर को बसाने वाले स्व. बीएन गणनायक की पुण्यतिथि पर उनकी समाधि पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

जयेंद्र रमोला ने कहा कि बीएन गणनायक गरीबों के हितेषी के रूप में कार्य करने आए उनके द्वारा बेघर व निराश्रित लोगों के प्रति संभावना रहती थी। इसलिए वह जीवन भर सर्वहारा नगर में रहकर उनके अधिकार की लड़ाई लड़ने का कार्य करते रहें जबकि उनकी परिवार के सदस्य अच्छे पद पर होने पर भी तमाम सुख-सुविधाओं को छोड़कर वह गरीबों के बीच में रहकर ही कार्य करते रहे।

स्थानीय निवासी व सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रकांता जोशी ने कहा कि स्वर्गीय बीएन गणनायक का योगदान सर्वहारा नगर के लोग जीवन भर नहीं भूल सकते हैं हम उनको सच्ची श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं।

कार्यक्रम में मौजूद पूर्व पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा, विद्यावती देवी, रामबदन साहनी, शैलेंद्र गुप्ता, गंगा यादव, नाम नारायण राजभर, सतनाम, भवानी आदि मौजूद रहे।