विश्व दिव्यांग दिवस पर राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित हुई तीर्थनगरी की पैरा ओलंपिक खिलाड़ी

विश्व दिव्यांग दिवस पर तीर्थनगरी की पैरा ओलंपिक खिलाड़ी नीरजा गोयल को जिलाधिकारी देहरादून आशीष श्रीवास्तव ने राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किया। पुरस्कार पाकर नीरजा भावुक हो उठी और उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता कुसुम गोयल और बैडमिंटन कोच जितेंद्र बिष्ट को बताया। वहीं, श्री भरत मंदिर इंटर काॅलेज की ओर से भी नीरजा गोयल को सम्मानित किया गया।

आज देहरादून में जिलाधिकारी देहरादून आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि दिव्यांग लोग हमारे समाज का महत्वपूर्ण अंग है, उनके बिना यह समाज अधूरा है। दिव्यांगों को आगे बढ़ाने के लिए कई प्रयास किये जा रहे है। मौके पर तीर्थनगरी की पैरा ओलंपिक खिलाड़ी नीरजा गोयल को सम्मानित किया गया। दौरान उनकी बहन नूपुर गोयल भी मौजूद रही।

नीरजा गोयल का अब तक का खेल इतिहास
1- वर्ष 2017 में जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय पैराओलंपिक में सिटिंग बॉलीबाल में जीता कांस्य पदक
2- वर्ष 2018 में बनारस में आयोजित राष्ट्रीय पैराओलंपिक में पैरा बैडमिंटन में जीता कांस्य पदक
3- वर्ष 2018 में राज्य सरकार की ओर से आयोजित खेल महाकुंभ में पैरा बैडमिंटन में जीता स्वर्ण पदक
4- वर्ष 2018 में राज्य सरकार की ओर से आयोजित खेल महाकुम्भ में व्हीलचेयर रेस में जीता रजत पदक
5- चंडीगढ़ में आयोजित रास्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता में जीता रजत पदक
6- 2019 में रुद्रपुर में राज्य सरकार की ओर से आयोजित खेल महाकुम्भ में पैरा बैडमिंटन व भाला फेंक में रजत पदक
7- वर्ष 2019 में रुद्रपुर में रास्ट्रीय पैरा ओलंपिक में पैरा बैडमिंटन सिंगल व डबल में क्रमशः रजत व कांस्य पदक जीता
8- वर्ष 2019 में थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर का ओलंपिक में पैरा बैडमिंटन खेल में भारत का प्रतिनिधित्व किया
9- वर्ष 2020 माह फरवरी में आयोजित राज्य स्तर प्रतियोगिता में बेडमिंटन में सिंगल व डबल में स्वर्ण पदक

उधर, श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश में प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने भी नीरजा गोयल को सम्मानित किया। इस अवसर पर यमुना प्रसाद त्रिपाठी, लखविंदर सिंह, शिव प्रसाद बहुगुणा, जितेंद्र बिष्ट, डॉ सुनील दत्त थपलियाल, रंजन अंथवाल, सुशीला बर्थवाल, शालिनी कपूर, नीलम जोशी, विकास नेगी, नवीन मैंदोला, संजीव कुमार, प्रवीन रावत आदि उपस्थित थे।

कृषि सुधारों से किसानों को नए अधिकार मिलेः पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हाल के कृषि सुधारों ने किसानों के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोले हैं। आज आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में मोदी ने कहा कि इन सुधारों से किसानों को नए अधिकार मिले हैं तथा वे सशक्त और बंधनमुक्त हुए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इन सुधारों ने महाराष्ट्र के धुले जिले के किसान जितेंद्र भोइजी को मक्के की फसल का बकाया भुगतान प्राप्त करने में मदद की। प्रधानमंत्री ने राजस्थान के किसान मोहम्मद असलम की भी सराहना की। मोदी ने कहा कि जहां जागरूकता है, वहीं जीवंतता होती है। प्रधानमंत्री ने हरियाणा के कैथल जिले के वीरेंद्र यादव की भी प्रशंसा की, जो आस्ट्रेलिया से वापस लौटकर पराली की समस्या के समाधान के लिए काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने युवाओं से अनुरोध किया कि वे अपने आसपास के गांवों का दौरा करके किसानों को खेती में नवाचारों और हाल के कृषि सुधारों के बारे में जागरूक करें। मोदी ने कहा कि संकट के समय संस्कृति बहुत काम आती है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि अजंता की गुफाओं की विरासत और कला को संरक्षित करने के साथ-साथ डिजिटल रूप भी दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि शिलॉग में खिले हुए चेरी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों ने मेघालय की सुंदरता को और बढ़ा दिया है।
प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि देवी अन्नपूर्णा की बहुत पुरानी प्रतिमा कनाडा से भारत वापस आ रही है। इस मूर्ति को वाराणसी के मंदिर से 1913 के आसपास चुराकर देश के बाहर भेज दिया गया था। मोदी ने इसके लिए कनाडा सरकार और अन्य सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। यह सुनिश्चित करने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं कि इन धरोहरों को स्वदेश वापस लाया जाए। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से देश कई प्रतिमा और कलाकृतियों को वापस लाने में सफल रहा है।
मोदी ने कहा कि जाने-माने पक्षीविज्ञानी सालीम अली के 125वें जयंती समारोह 12 नवंबर से शुरू हो चुके हैं। उन्घ्होंने ने पक्षियों सर्वेक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया था। मोदी ने लोगों से इस तरह के प्रयासों से जुडने की अपील की। प्रधानमंत्री ने ब्राजील के जोनास मैसेट्टी का भी उल्घ्लेख किया जिन्हें विश्वनाथ के नाम से भी जाना जाता है और वे वेदांत और गीता की शिक्षा देते हैं। प्रधानमंत्री ने न्यूजीलैंड में नवनिर्वाचित सांसद गौरव शर्मा द्वारा संस्कृत में शपथ लेने की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति का प्रसार प्रत्येक भारतीय को गौरवान्वित करता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र कल गुरु नानक देव का 551वां प्रकाश पर्व मनाएगा जिनके उपदेश वैंकूवर से वेलिंगटन और सिंगापुर से दक्षिण अफ्रीका तक प्रेरणा देते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले साल नवम्बर में करतारपुर साहिब गलियारे का उद्घाटन ऐतिहासिक घटना थी। इससे विदेशों में रहने वाले सिखों का दरबार साहिब की सेवा में योगदान देना आसान हो गया है।
मोदी ने कहा कि उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आईआईटी दिल्ली से लेकर आईआईटी गुवाहाटी तक कई शिक्षण संस्थानों के छात्रों के साथ बातचीत की। प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों को अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद भी अपने संस्थानों में पूर्व छात्रों के रूप में योगदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आईआईटी के पूर्व छात्रों ने अपनी आईआईटी में सम्मेलन कक्ष, प्रबंध केन्द्र और इनक्यूबेशन केन्द्रों का निर्माण किया है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से मौजूदा छात्रों की पढ़ाई में सुधार होता है। मोदी कहा कि आईआईटी दिल्ली ने एक अक्षयनिधि शुरू की है, जो एक शानदार विचार है। 5 दिसंबर को अरबिंदो की पुण्यतिथि मनाई जाएगी।
मोदी ने कहा कि श्री अरबिंदो के विचारों में बहुत गहराई है। उन्होंने युवाओं से इस महान व्यक्तित्व के बारे में और अधिक जानने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे देश वोकल फॉर लोकल की दिशा में आगे बढ़ रहा है, उसे श्री अरबिंदो के स्वदेशी के दर्शन से प्रेरणा मिल रही है। स्वयं श्री अरबिंदों को स्वदेशी की प्रेरणा उनके परिवार से मिली थी। मोदी ने कहा कि देश ने अब लॉकडाउन चरण से बाहर निकलने के बाद कोविड-19 के टीके पर चर्चा शुरू कर दी है। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि कोरोना के बारे में कोई भी लापरवाही बहुत घातक होगी। मोदी ने सभी को कोरोना से लड़ाई को मजबूत करने के लिए कहा।

कांग्रेसियों ने स्व. अहमद पटेल को बताया राष्ट्र का सच्चा सिपाही

महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश कार्यालय में कांग्रेसजनों द्वारा भारी संख्या में एकत्रित होकर पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद अहमद पटेल के आकस्मिक निधन पर दुःख व्यक्त किया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्य्क्ष महंत विनय सारस्वत ने संबोधित करते हुए कहा कि स्वर्गीय अहमद पटेल बहुत ही मृदुभाषी, कर्मठ, ईमानदार, कांग्रेस के सच्चे सिपाही थे। जिन्होंने जीवन पर्यन्त कांग्रेस पार्टी की सेवा करते हुए दलितो, अल्पसंख्यकों, महिलाओं, कमजोर वर्ग एवं युवाओं में कार्य करते हुए देश के बहुत ही लोकप्रिय नेता रहे। कांग्रेसजन एवं देश की जनता उन्हें उनके सद्कार्यों के लिए सदैव याद रखेगी। समस्त कांग्रेसजनो द्वारा उनके चित्र पर फूल चढ़ाकर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ ही 2 मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति हेतु प्राथना की गईं।

श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, जयेंद्र रमोला, विमला रावत, पार्षद शकुन्तला शर्मा, पार्षद जगत सिंह नेगी, पार्षद देवेंद्र प्रजापति, मधु जोशी, ललित मोहन मिश्र, सतीश शर्मा, नंद किशोर जाटव, रुक्म पोखरियाल, अभिषेक शर्मा, अशोक शर्मा, राजेन्द्र जाटव, विवेक तिवारी, अजय धीमान, ललित सक्सेना, गौरव यादव, विजेंदर यादव, ओम प्रकाश शर्मा, सरोज देवराडी, मालती तिवारी, नटवर श्याम आदि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने किया ऋषिकेश में जानकी झूला पुल का लोकार्पण


मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गंगा नदी पर टिहरी से पौड़ी को जोड़ने वाले जानकी झूला पुल का लोकार्पण किया। मुनिकीरेती गंगा नदी में निर्मित यह झूला पुल 48.85 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ है। इसकी लंबाई 346 मीटर है, यह पैदल के साथ दोपहिया वाहनों के लिए भी उपलब्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही ऋषिकेश में अभिनव कला वाला ग्लास युक्त बजरंग पुल का भी लोकार्पण किया जायेगा। यह पुल भी डोबरा-चांठी की भांति देश व दुनिया के लोगों के आकर्षण का केन्द्र बनेगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सिंगटाली एवं बीन नदी पर भी एकेश्वर क्षेत्र के लिये पुल का निर्माण किया जायेगा। योजनाओं के निर्माण के लिये पूरी एकमुश्त धनराशि स्वीकृत की जा रही है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि राज्य में पिछले साढ़े तीन साल में 250 से अधिक पुलों के निर्माण का रिकार्ड बना है। इन पुलों में सीमांत क्षेत्रों में बनने वाले पुल भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रदेश में परम्परा से हटकर कार्य करना आरम्भ किया है। अब योजनाओं के निर्माण के लिये 2-4 करोड़ स्वीकृत करने के बजाय योजना की लागत का पूरा बजट तथा एक साल में अधिकतम व्यय होने वाली पूरी धनराशि स्वीकृत की जा रही है। डोबरा चांठी पुल के लिये 88 करोड़ एकमुश्त स्वीकृत होने का ही परिणाम रहा कि आज यह पुल बनकर जनता को समर्पित कर दिया गया है। हमारी सोच लक्ष्य पूरा करने की है।

14 वर्ष की लंबी यात्रा के बाद बना जानकी झूला पुल
कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि 14 वर्ष के लंबी यात्रा के बाद आज जानकी पुल का मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा लोकार्पण किया। इस पुल लोकार्पण केवल आवागमन का ही माध्यम नहीं है। नौजवानों को रोजगार की संभावनाओं को बलवती बनाना भी है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विविध विविधताओं को समेटे हुए है।

जानकी सेतु लोगों के विश्वास, आस्था एवं सपनों को यथार्थ करने का प्रतीक
विधायक ऋतु खण्डूड़ी ने कहा कि जानकी सेतु ऋषिकेश एवं यमकेश्वर क्षेत्र के लिए विश्वास, आस्था एवं सपनों को यथार्थ करने का प्रतीक है। यह पुल उत्तराखण्ड में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केन्द्र एवं सुविधाजनक होगा।

इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी, मेयर ऋषिकेश अनिता मंमगाई, गढ़वाल मण्डल विकास निगम के उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंघल, सचिव लोक निर्माण विभाग आरके सुधांशु, जिलाधिकारी टिहरी इवा आशीष श्रीवास्तव, एसएसपी टिहरी डॉ. वाईएस रावत आदि उपस्थित रहे।

सीएम ने शहीद राकेश डोभाल के आश्रित को सरकारी नियुक्ति देने की घोषणा की

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बारामूला में शहीद हुए बीएसएफ के सब-इंस्पेक्टर स्व. राकेश डोभाल के गंगानगर, ऋषिकेश स्थित आवास पर जाकर उनके शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। परिजनों को दुख की इस घड़ी में अपनी सांत्वना देते हुए सीएम ने कहा कि राज्य सरकार शहीद के परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सब इंस्पेक्टर स्व. राकेश डोभाल के आश्रित को शैक्षिक योग्यता के आधार पर राज्य सरकार की सेवा में सेवायोजित किया जायेगा।

शहीद पिता की 10 साल की साहसी बेटी बोली पापा का सपना पूरा करूंगी…

शहीद राकेश डोभाल की 10 वर्षीय पुत्री आदित्य उर्फ मौली ने जय हिंद का नारा लगाकर पिता को सैल्यूट किया। उन्होंने इस दुखद परिस्थिति में अपनी दादी को भी संभाला और पूर्णानंद घाट पर अपने पिता का सपना पूरा करने का निर्णय लिया। बिटिया ने कहा कि वह बड़े होकर फौज ज्वाइन करेंगी और देश के दुश्मनों का सफाया करेंगी। उन्होंने जोश भरे शब्दों में वंदे मातरम के नारे भी लगाए।

हनुमंत पुरम विकास मंच के अध्यक्ष केके सचदेवा, अतुल गुप्ता, हरीश गुल्हाटी, जितेंद्र रावत, लिखवार सिंह नेगी, योगेश ब्रेजा, नवीन, राम रतन शर्मा, अनुराग वर्मा, चंद्रभान डिसूजा, कमान सिंह नेगी आदि लोगों ने शहीद के घर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मेयर अनिता ने कहा, व्यर्थ नहीं जाएगा शहीद का बलिदान
शहीद राकेश डोभाल को श्रद्धांजलि देते हुए मेयर अनिता ममगाई ने कहा अल्प आयु में राकेश डोभाल ने जो अपनी शहादत दी है, वह व्यर्थ नहीं जाएगी। उन्होंने कहा ऐसे वीर सैनिकों के कारण ही आज देश सुरक्षित है और हम आजादी की सांस ले रहे हैं। वहीं, राज्यमंत्री भगत राम कोठारी ने भी शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों को सांत्वना दिया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शहीद को किया अंतिम नमन
शहीद राकेश डोभाल की अंतिम यात्रा से पूर्व, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष प्रीतम सिंह निवास स्थान पहुँचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजली दी और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदनायें वक्त की।

प्रीतम सिंह ने कहा ये देश और हमारे प्रदेश के लिये बड़ी क्षति है और लगातार हो रही सीमा पर सीज फायर के उल्लंघन से हमारे कई जवान शहीद हो गये हैं जो कि अत्यंत दुखद है मैं केन्द्र सरकार से कहना चाहता हूँ कि केन्द्र सरकार कोई ठोस रणनीति बनाये ताकि पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया जा सके और सीमा पर हमारे जवानों की शहादतों को रोका जा सके ।

श्रद्धांजली देने वालों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला, महंन्त विनय सारस्वत, राजेन्द्र शाह, देवप्रयाग जिलाध्यक्ष हिमांशु बिज्ल्वाण, पार्षद जगत नेगी, पार्षद भगवान सिंह, विजयपाल रावत, देवी प्रसाद व्यास, प्रिंस सक्सेना, पंकज अरोड़ा, जगजीत सिंह जग्गी, विवेक तिवाड़ी, सुधार रॉय, मदन कोठारी, नवीन रमोला, यतेन्द्र बिज्ल्वाण आदि मौजूद थे।

शहीद राकेश डोभाल की अंतिम विदाई में रोया शहर, भारत माता के जयकारे लगा किया नमन

आज बीएसएफ की तोपखाना यूनिट में तैनात सब इंस्पेक्टर राकेश डोभाल का पार्थिव शरीर ऋषिकेश स्थित गणेश विहार आवास पर पहुंचा। शहीद के दर्शन और अंतिम विदाई के समय पूरा समय मुख्य-मुख्य मार्गों पर पहुंचा। हर कोई शहीद राकेश डोभाल की अंतिम यात्रा देख रोया। भारत माता की जय, शहीद तेरा यह बलिदान याद करेगा हिंदुस्तान, राकेश डोभाल अमर रहें… जैसे जयकारे तीर्थनगरी में गूंज उठे। मार्ग पर लोगों ने पाकिस्तान की इस कायराना हरकत पर आक्रोश जताया और पाकिस्तान मूर्दाबाद के नारे लगाए। वहीं, विभिन्न संगठनों ने शहीद को नमन करते हुए पुष्पवर्षा की।

वहीं, शहीद राकेश डोभाल की अंतिम यात्रा देखकर ऐसा लग रहा था मानों, ताबूत में रखा शहीद का शव लोगों से अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों गीत गा रहा हो। इससे पूर्व शहीद के घर पर सुबह से ही स्वजनों और आसपास के लोगों पहुंचने लगे। पार्थिव शरीर घर पर पहुंचते ही स्वजनों में चीख-पुकार मच गई। शहीद बेटे का पार्थिव शरीर देखकर मां विमला देवी व पत्नी संतोषी बेसुध हो गए।

शहीद के छोटे भाई मयंक ने दी मुखाग्नि
पूर्णानंद घाट पर बीएसएफ के जवानों ने शहीद राकेश डोभाल को सैन्य सम्मान व शस्त्र सलामी दी। बीएसएफ की ओर से यहां पहुंचे कमान अधिकारी सुनील सोलंकी व निरीक्षक सुनील भट्ट ने राष्ट्रीय ध्वज शहीद के बड़े भाई दिनेश डोभाल को सौंपा। पूर्णानंद घाट पर शहीद के छोटे भाई मयंक डोभाल ने शहीद राकेश डोभाल की चिता को मुखाग्नि दी। मौके पर मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने शहीद राकेश डोभाल को श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्पीकर ने की शहीद स्मारक व स्मृति द्वार बनाने की घोषणा
शहीद राकेश डोभाल की स्मृति में स्मृति द्वार बनाने और भूमि उपलब्ध होने पर स्मारक का निर्माण करने की विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल ने घोषणा की है। उन्होंने शहीद जवान को उनकी अंतिम यात्रा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि पाकिस्तान को उसकी इस कायराना हरकत के लिए जवाब जरूर दिया जाना चाहिए।

यूपी और उत्तराखंड सीएम ने केदारनाथ में किया पुनर्निर्माण के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। शंकराचार्य के समाधि स्थल, आस्था पथ, ध्यान गुफाओं का एवं केदारनाथ में बने ब्रिज का निरीक्षण दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों द्वारा किया गया।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यो की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ में बहुत तेज गति से निर्माण कार्य किए गए। निर्माण कार्यों के लिए हेलीकॉप्टर से आधुनिक यंत्र केदारनाथ में लाए गए। निर्माण कार्यों की प्रगति कि देहरादून से नियमित रूप से निगरानी की गई।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने बताया कि शीघ्र ही केदारनाथ नये स्वरूप में देश व दुनिया के श्रद्धालुओं के आकर्षण का केन्द्र बनेगा। केदारनाथ आने वाले मार्गों के सुदृढीकरण के साथ ही धाम में अवस्थापना सुविधाओं के विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा निरन्तर यहां संचालित कार्यों का अनुश्रवण किया जा रहा है। निर्माण कार्यों में स्थानीय, पौराणिक एवं आध्यात्मिक महत्व को संजोये रखने के साथ ही स्थानीय स्थापत्य कला पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुनर्निर्माण कार्यों के साथ निकटवर्ती आध्यात्मिक स्थलों को भी इससे जोड़ा जा रहा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्हें 11-12 वर्षों के बाद बाबा केदारनाथ के श्री चरणों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में आयी त्रासदी के बाद प्रधानमंत्री मोदी के वीजन एवं मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र के नेतृत्व में श्री केदारनाथ का पुनरुद्धार का कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। देश-विदेश के श्रद्धालुजनों के विश्वास बहाली में उत्तराखण्ड सरकार ने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण का बेहतरीन कार्य किया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने देवभूमि उत्तराखण्ड के साथ ही बाबा केदारनाथ को नमन करते हुए कहा कि पौराणिक महत्व के इस श्रद्धा के केन्द्र का सुनियोजित ढंग से किये जा रहे पुनर्निर्माण कार्य निश्चित रूप से श्रद्धालुओं के विश्वास बहाली में मददगार हुआ है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ के प्रति करोड़ों लोंगों की आस्था है, यही आस्था भारत की अस्मिता, भारत के सांस्कृतिक केन्द्र भारत को भारत बनाने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि केदारनाथ के प्रति उनकी आस्था रही है। पूजा के समय उन्हें बाबा केदार के दर्शनों की प्रेरणा मिलती रही है। आज मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र के प्रयासों से बाबा केदार के दर्शन करने तथा यहां चल रहे कार्यों के अवलोकन का अवसर मिला। उन्होंने इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के साथ ही उत्तराखण्ड व सभी देश वासियों के सुख चैन, कुशलता व सुरक्षा की कामना की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 16 नवम्बर को वे भगवान बदरीनाथ के दर्शनार्थ भी जायेंगे, जहां पर उत्तर प्रदेश अतिथि विश्रामालय का शिलान्यास मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर केदारनाथ, बदरीनाथ के दर्शन के साथ ही उत्तर प्रदेश विश्रामालय का शिलान्यास करने का इससे अच्छा मुर्हूत नहीं हो सकता। इस अवसर पर दोनों मुख्यमंत्रियों ने श्री केदारनाथ मतें पूजा अर्चना भी की।

इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी, मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के औद्योगिक सलाहकार डॉ के.एस. पंवार, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग मनुज गोयल, एसपी रूद्रप्रयाग नवनीत भुल्लर भी उपस्थित थे।

परमार्थ निकेतन में गोवर्धन पूजा लगाया गया छप्पन भोग

परमार्थ निकेतन में फिजीकल डिस्टेंसिंग के साथ सर्वेश्वर मन्दिर प्रांगण में भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन और गौ माता की पूजा अर्चना की गयी। स्वामी चिदानन्द सरस्वती महाराज और साध्वी भगवती सरस्वती के सानिध्य में परमार्थ गुरूकुल के ऋषिकुमार, आचार्य और सभी सदस्यों ने भावपूर्ण भजन और संगीतमय वातावरण में भगवान श्री कृष्ण को छप्पनभोग अर्पित कर श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि यह महोत्सव अलौकिक संदेश देता है। गोवर्धन पूजा का सम्बंध प्रकृति के साथ से है। यह पर्व हमें प्रकृति के सान्निध्य में रहकर प्रकृतिमय जीवन जीने का संदेश देता है। गोवर्धन पूजा में गोधन यानी गायों की पूजा की जाती है। हमारी संस्कृति में गाय तो पूजनीय है और पवित्र है। गौ माता अपने दूध से भी को स्वास्थ्य और समृद्धि प्रदान करती हैं। आईय गोर्वद्धन पूजा के अवसर पर गौ संवर्द्धन का संकल्प लें, पौधारोपण करें, जल बचायें, पराली न जलायें, वायु प्रदूषण न करें, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करें इससे पर्यावरण भी बचेगा और प्रकृति भी बचेगी।

स्वामी जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति ने जो पर्वो का उपहार दिया है आईये उन पर्वो का वास्तविक मर्म समझे और प्रकृति संरक्षण हेतु योगदान प्रदान करें।

उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत 84.59 करोड़ रूपये की मिली स्वीकृति

दीपावली पर केन्द्र सरकार की ओर से उत्तराखण्ड को बड़ा तोहफा मिला है। कुम्भ मेले के दृष्टिगत राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के अनुरोध पर इसके तहत 84.59 करोड़ रूपये की स्वीकृति मिली है। हरिद्वार कुंभ मेले में स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं अन्य गतिविधियों के लिए 79.12 करोड़ रूपये, पेयजल निगम को 2.55 करोड़ रूपये एवं उत्तराखण्ड जल संस्थान को 2.92 करोड़ रूपये की धनराशि इसमें शामिल है। स्वच्छ गंगा मिशन के तहत हरिद्वार कुंभ मेले में स्वच्छता के साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की कार्य योजना के क्रियान्वयन में इस धनराशि की स्वीकृति से गति मिलेगी तथा कुम्भ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को इससे लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जल शक्ति मंत्रालय द्वारा उत्तराखण्ड में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरा सहयोग दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में हरिद्वार कुंभ मेले के आयोजन से सम्बन्धित कार्यों के अंतर्गत केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री से राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा के तहत विभिन्न कार्यों के लिए सहायता का अनुरोध किया था, जिसके तहत यह धनराशि राज्य को प्राप्त हुई है।

इसके साथ ही आगामी कुम्भ मेले के दृष्टिगत मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने ऋषिकेश क्षेत्र में त्रिवेणी घाट पर सरस्वती नाले की टेपिंग किये जाने के कारण क्षतिग्रस्त घाट एवं प्लेट फार्म पुनर्निर्माण के लिये 1 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जलोत्सरण योजना में सीवर लाइनों को बदलने एवं मैन हॉल चेम्बरों के पुनर्निर्माण आदि के लिये भी 4.87 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। यह धनराशि मेलाधिकारी कुम्भ मेले के माध्यम से उपलब्ध करायी जायेगी।