एनओसी न लेने पर इन होटलों को अग्निशमन ने दिए नोटिस

कई वर्षों से अग्निशमन विभाग की एनओसी के बिना संचालित हो रहे तीर्थनगरी के होटल, रेस्टोरेंट को विभाग ने नोटिस दिया है।

अग्निशमन अधिकारी अर्जुन सिंह ने बताया कि फायर स्टेशन ऋषिकेेश के क्षेत्रांतर्गत देहरादून रोड स्थित टिपटॉप रेस्टोरेंट, होटल चंद्रभागा, मोती महल, स्पर्श गंगा, ऋषभ लॉज, हिमालय, बीटीसी रोड स्थित होटल दिग्विजय, अमन पैलेस, हरिद्वार रोड स्थित गंगा पेइंग गेस्ट हाउस, होटल आकाश गंगा, मेनका, छिद्दरवाला स्थित होटल सम्राट, रायवाला में जायका रेस्टोरेंट, चौहान फैमिली रेस्टोरेंट, होटल च्वाइस, मगन होटल, महर, धरौंदा, संघाई वेडिंग प्वाइंट, भगवान आश्रम में मानकों के अनुरूप अग्नि सुरक्षा इंतजाम नहीं है।

अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि उपरोक्त संस्थानों ने विभाग से एनओसी नहीं ली है। ऐसे में चारधाम यात्रा के चलते यहां यात्रियों के आवागमन के दृष्टिगत अग्नि सुरक्षा अति संवेदनशील है। इन सभी को विभाग ने नोटिस थमाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही उक्त सभी प्रतिष्ठानों ने अग्नि सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नगर भर में संचालित हो रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठान बिना अग्निशमन विभाग की एनओसी के ही संचालित हो रहे। नियमानुसार निर्माण के दौरान ही एनओसी लेना अनिवार्य होता है। अग्निशमन अधिकारी अर्जुन सिंह का कहना है कि जिन्हें नोटिस जारी किया है उनमें कई ऐसे प्रतिष्ठान हैं जो दो साल से संचालित हो रहे हैं, इसके बावजूद उन्होंने एनओसी नहीं ली। उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद एक बार पूर्व में भी नोटिस जारी किया जा चुका है। इसी क्रम में दोबारा भी नोटिस जारी किया जा रहा है। यदि इसके बावजूद एनओजी नहीं ली जाती है तो इसकी रिपोर्ट एसडीएम और मुख्य अग्निशमन अधिकारी को भेजी जाएगी

तीर्थनगरी की गौरांगी ने सीबीएसई 12वीं परीक्षा में देश में दूसरा व उत्तराखंड में किया टॉप

तीर्थ नगरी की गौरांगी चावला ने ऑल इंडिया सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में 498 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया है जबकि प्रदेश में टॉप किया है।

चंद्रेश्वर नगर निवासी श्वेता चावला और अनिल चावला की छोटी पुत्री गौरांगी चावला ने अंग्रेजी में 99, पॉलीटिकल साइंस में 99 और इतिहास, फिजिकल एजुकेशन तथा जियोग्राफी विषय में 100 अंक प्राप्त किए हैं। उत्तराखंड टॉपर गौरांगी के पिता अनिल चावला व्यवसाय तथा माता श्वेता चावला घरेलू महिला है। परिवार में दादी दर्शना देवी, बड़ी दीदी अर्पणा चावला भी है।

गौरांगी चावला ने बताया कि प्रतिदिन वह 05 घंटे पढ़ाई करती थी। परीक्षा के दौरान उन्होंने पढ़ाई का समय बढ़ाकर 09 घंटे कर दिया। गौरांगी ने दसवीं की परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे।

पढ़ाई को बोझ न समझे बल्कि रुचि लेः गौरांगी
बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए गौरांगी ने कहा कि हमेशा चिंता मुक्त रहें, पढ़ाई को कभी भी बोझ ना समझे। बल्कि इसमें रुचि लें। जब भी मन करे पढ़ाई को समय अवश्य दें।

आईएएस ऑफिसर बनकर देश सेवा करना चाहती है गौरांगी
सीबीएसई 12वीं की उत्तराखंड टॉपर गौरांगी चावला का सपना है कि वह आगे चलकर देश सेवा करें इसके लिए वह आईएएस ऑफिसर बनना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली विश्वविद्यालय या पंजाब विश्वविद्यालय में दाखिला लेंगी।

खाली समय में पालतू जानवर के साथ रहती है गौरांगी
पढ़ाई के अलावा जब भी गौरांगी खाली रहती है वह सोशल नेटवर्किंग साइट पर एक्टिव रहती हैं। साथी अपने पालतू जानवर कुत्ते के साथ समय बिताती हैं।

दिवंगत दादा को मानती हैं अपना प्रेरणास्रोत
उत्तराखंड टॉपर गौरांगी चावला अपना प्रेरणास्रोत दिवंगत दादा स्व. केएल चावला को मानती है उनके दादा स्वास्थ्य विभाग से रिटायर्ड थे जिनका पिछले वर्ष देहांत हो गया।

अपना बेस्ट दिया था सोचा नहीं था मेरिट पर आऊंगी
गौरांगी चावला का कहना है कि परीक्षा से पहले उन्होंने अपने सभी विषयों की करीब 5 बार अच्छे से तैयारी की थी। परीक्षा मैं भी उन्होंने अपना 100ः दिया था मगर यह उम्मीद नहीं थी कि मेरिट पर आएंगी।

सफलता का श्रेय माता को देती हैं गौरांगी
अपनी सफलता का श्रेय गौरांगी सभी को देना चाहती हैं मगर विशेषकर वह अपनी माता का शुक्रिया अदा करती हैं। उन्होंने बताया की माता ने उनकी पढ़ाई में साथ देने के लिए बहुत समझौते किए हैं। खान-पान से लेकर देखभाल तक किसी भी चीज में कोई कमी नहीं की है।

पॉलिथीन जब्तीकरण के दौरान प्रशासन के साथ हुई नोंकझोंक, आठ कुंतल जब्त

इन दिनों ऋषिकेश में नगर निगम की ओर से पॉलिथीन हटाओं अभियान चल रहा है। बुधवार को भी टीम पॉलिथीन के खिलाफ छापेमारी अभियान चला रही थी। टीम बीटीसी रोड पर दिल्ली ट्रेडर्स नामक दुकान पर पहुंची। टीम ने यहां से प्रथम चरण में 03 कुंतल पॉलिथीन जब्त कर ली। इसके बाद व्यापारियों ने टीम को घेर लिया और आगे कार्रवाई न करने को कहा। इसके बाद व्यापारी मुख्य नगर आयुक्त चतर सिंह चौहान, उप जिलाधिकारी प्रेमलाल से भी उलझते रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में करीब आठ कुंतल पॉलिथीन जब्त हुई।

दुकान संचालक दीपक गुप्ता व आसपास के व्यापारी ललित मोहन मिश्र, मनोज कालड़ा आदि निगम की कार्रवाई का विरोध करने लगे। सूचना पाकर मुख्य नगर आयुक्त चतर सिंह चौहान और उप जिलाधिकारी प्रेमलाल भी मौके पर पहुंचे। दोनों अफसरों ने दुकान में प्रवेश कर निरीक्षण की कोशिश की तो व्यापारियों ने उन्हें अंदर घुसने नहीं दिया।

इस दौरान व्यापारियों और मुख्य नगर आयुक्त (एमएनए) के बीच काफी देर तक नोकझोंक की स्थिति बनी रही। एमएनए दुकान और गोदाम का निरीक्षण कर पॉलिथीन जब्त करने का तर्क दे रहे थे, तो दूसरी ओर व्यापारी 03 कुंतल पॉलिथीन जब्त कर कार्रवाई को रफादफा करने की जिद पर अड़े रहे। आखिरकार व्यापारियों का अड़ियल रुख नाकाम रहा और दो चक्रों में हुई कार्रवाई के दौरान कुल आठ कुंतल पॉलिथीन जब्त की गई।

जमीन के नाम पर की 22 लाख की ठगी

ऋषिकेश के तपोवन में जमीन दिलाने के नाम पर 22 लाख रूपए की ठगी का मामला सामने आया है। यहां जमीन के नाम पर देहरादून निवासी एक युवक पर दिल्ली के व्यापारी से 22 लाख रुपए ठगने का आरोप लगा है। जमीन पर कब्जा नहीं मिलने के बाद व्यापारी को अपने साथ धोखाधड़ी का अहसास हुआ। इसकी शिकायत टिहरी जिले के कप्तान डॉ. वाईएस रावत को पत्र भेजकर की गई है। व्यापारी ने रकम वापस दिलाने के साथ जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं, कप्तान डॉ. वाईएस रावत ने मामले की जांच मुनिकीरेती थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी को सौंप दी है।

टिहरी कप्तान को भेजे पत्र में दिल्ली निवासी व्यापारी राजकुमार आनंद ने बताया कि कुछ समय पूर्व उनकी पहचान देहरादून निवासी एक युवक से हुई थी। उक्त युवक ने उन्हें तपोवन में व्यापार के लिए एक जमीन सस्ते में दिलाने का ऑफर दिया। उन्होंने बताया कि जमीन देखने के बाद उन्होंने बयाने के तौर पर किश्तों में 22 लाख रुपये भी युवक को दे दिए। कब्जा दिलाने और रजिस्ट्री कराने के समय युवक आनाकानी करने लगा। लंबे समय तक कब्जा नहीं मिलने पर उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी का एहसास हुआ।

उन्होंने दी गई रकम वापस मांगी तो वह उन्हें जान से मारने की धमकी मिलने लगी। इस संबंध में राजकुमार आनंद ने टिहरी कप्तान डॉ. वाईएस रावत से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मुनिकीरेती थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी ने बताया कि मामले की जांच टिहरी कप्तान की ओर से उन्हें मिल गई है। इसमें जांच शुरू कर दी गई है।

स्थानीय युवाओं ने उठाया प्राकृतिक जल स्त्रोत के संरक्षण का बीड़ा

ग्राम सभा खदरी खड़कमाफ के खादर क्षेत्र में लगभग 100 साल से भी अधिक पुराने प्राकृतिक जल उद्गम स्थल के संरक्षण के लिए स्थानीय युवाओं ने कदम बढ़ाया है। युवाओं ने श्रमदान कर पौराणिक जल उद्गम स्थल के चारों ओर पत्थरों का घेरा बनाया। ताकि, यह जल उगल स्रोत विलुप्त होने से बचा रहे।

बता दें कि खदरी के राजकीय पॉलीटेक्निक के समीप स्थित यह जल उगल स्रोत वर्षों पुराना है। बोक्सा जन जाति के पुराने जानकारों के मुताबिक खदरी का समस्त खादर क्षेत्र नागाओं की भूमि हुआ करती थी। नागा बाबा इस पौराणिक जल ओगल (उगल) स्रोत से ही पेयजल ग्रहण करते थे। जमींदारी उन्मूलन अधिनियम के बाद खादर क्षेत्र उन सभी कृषकों का हो गया जो नागाओं की खेती किया करते थे।

गंगा स्वच्छता अभियान से जुड़े पर्यावरण मामलों के जानकार विनोद जुगलान विप्र का कहना है कि जब बिजली पानी की इतनी व्यवस्था नहीं थी, तब हम इस प्राकृतिक जल स्रोत का उपयोग किया करते थे। सन 1971 में भारत पाक युद्ध के समय शाम ढलते ही ब्लैक आउट हो जाया करता था। तब यह जल स्रोत खदरी के ग्रामीणों की प्यास बुझाने का एक मात्र बड़ा साधन था। इसी तरह लक्कड़ घाट के समीप भी कुछ अन्य जल उगल थे।

वर्तमान में एक दो को छोड़कर बाकी सभी सीवरेज के पानी के कारण पीने योग्य नहीं रह गए हैं। खदरी के खेतों में पॉलीटेक्निक के समीप इस प्राकृतिक जल उगल का पानी आज भी पीने और स्नान करने के लिए प्रयोग किया जाता है। बरसात में खेतों से अतिरिक्त पानी आने के कारण यह उजड़ने लगता है। इसके संरक्षण के लिए स्थानीय युवाओं ने पत्थरों की बाड़ बनाई।

देर शाम तक राफ्ट गंगा में चलती रही, पुलिस ठोंका 5000 रूपए का जुर्माना

रविवार की देर शाम मुनिकीरेती पुलिस ने नीम बीच पर चेकिंग की। इस दौरान एक राफ्ट को देर शाम भी गंगा में चलाने पर जवाब मांगा। संतोषजनक जवाब ने मिलने पर पुलिस ने 5000 रूपए का जुर्माना वसूला है।

प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती राम किशोर सकलानी ने आगामी यात्रा सीजन के दृष्टिगत दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सूर्यास्त के पश्चात चलने वाली रॉफ्ट चालको को जल पुलिस की मदद से नीम बीच पर रोक लिया। इस दौरान अधिकतर राफ्ट को चालको ओर यूनियन की ओर से विलंब के कारणों से संतुष्ट होते हुए प्रभारी निरीक्षक ने भविष्य के लिए चेतावनी देकर छोड़ दिया। वहीं, अत्यधिक विलंब से पहुचने वाली एक राफ्ट संख्या 155 पर मौके पर 5000 रुपए का जुर्माना किया है।

विदित हो कि पिछले तीन माह में रॉफ्टों से आधा दर्जन दुर्घटनाएं हुई है जिनमें दो व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। इस संबंध में एक मामले में थाना मुनिकीरेती पर अभियोग पंजीकृत वर्तमान में विवेचना प्रचलित है।

कैंपों में डीजे पर भी लगेगा प्रतिबंध

प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती राम किशोर सकलानी ने बताया कि क्यारकी निवासियों की शिकायत पर पुलिस ने क्यारकी स्थित कैंपों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने कैंपों में किसी भी प्रकार का डीजे व ध्वनि प्रदूषण न करने की हिदायत दी। कैम्पो में अब डीजे का प्रयोग करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

बता दें कि कैम्प संचालकों ओर ग्रामीणों के मध्य आए दिन विवाद होते हैं। जिनमें डीजे प्रमुख विवाद है। प्रभारी निरीक्षक ने जांच में पाया गया कि कैम्पो में प्रतिदिन शाम ढलते ही 12-1 बजे तक तेज आवाज में कर बजाए जा रहे है। इस कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। जिसे ध्यान में रखते हुए डीजे का प्रयोग करने पर पूर्ण रुप से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

डीएनए रिपोर्ट में हुआ खुलासा, बेटा की जगह बेटी ही हुई थी

देहरादून के दून महिला अस्पताल में बच्चा बदले जाने के कथित मामले में अस्पताल प्रशासन ने राहत की सांस ली है। इस मामले में डीएनए रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया है कि महिला का बच्चा बदलने का इल्जाम झूठा है। उसकी बेटी ही हुई थी।

विदित हो कि पिछले माह अस्पताल में एक ही नाम की दो महिलाओं ने बच्चों को जन्म दिया था। दोनों के प्रसव के बीच करीब डेढ़ घंटे का अंतर रहा। इनमें एक महिला ने बेटे और दूसरी ने बेटी को जन्म दिया था। शाम ढलते ही अस्पताल में बेटा-बेटी का मामला उलझ गया। इनमें डोभालवाला निवासी आरती पत्नी उमेश ने आरोप लगाया कि उनका बेटा हुआ था। लेकिन अस्पताल में तैनात स्टाफ ने उन्हें शाम को बताया कि बेटा नहीं बेटी हुई है। बच्ची को दूध पिलाने तक से उसने इन्कार कर दिया था।

मामला प्रकाश में आने के बाद अस्पताल प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। वहीं उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी इसका संज्ञान लिया। अगले दिन आयोग की अध्यक्ष ऊषा नेगी अस्पताल पहुंच गईं। उनके हस्तक्षेप पर महिला ने बच्ची को दूध पिलाया। इस मामले में शहर कोतवाली में भी तहरीर दी गई थी। शिकायतकर्ता दंपती बच्चों का डीएनए टेस्ट करने की मांग कर रहे थे।

बीती 12 मार्च को बाल आयोग की अध्यक्ष ऊषा नेगी, दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके टम्टा, महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. मीनाक्षी जोशी व पुलिस की मौजूदगी में डीएनए जांच के लिए दोनों दंपती व बच्चों के सैंपल लिए गए। अब सवा माह बाद डीएनए की जांच रिपोर्ट आई है। दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके टम्टा ने जांच रिपोर्ट मिलने की पुष्टि की है।

क्रिकेट प्रेमियों के लिए आईपीएल कमेटी दून में लगाने जा रही फैन पार्क

देश भर में फैन पार्क लगने के बाद अब देहरादून भी इस श्रेणी में जुड़ने जा रहा हैं। दूनवासी भी फैन पार्क का मजा ले सकेंगे।

आइपीएल कमेटी दून में आइपीएल फैन पार्क लगाने जा रही है। कार्यक्रम के अनुसार 20 व 21 अप्रैल को देहरादून में फैन पार्क लगना प्रस्तावित है। आइपीएल कमेटी ने अपने ऑफिसियल ट्विटर अकाउंट पर यह जानकारी शेयर की है। इसके मुताबिक 20 व 21 अप्रैल शनिवार व रविवार को देहरादून में फैन पार्क लगाया जाएगा। फैन पार्क में दूनवासी 20 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंस व दिल्ली कैपिटल्स बनाम किंग्स इलेवन पंजाब और 21 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चेलेंजर्स बैंगलोर बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स के मुकाबले फैन पार्क की स्क्रीन पर लाइव देख सकेंगे।

फिलहाल इसके लिए लोकेशन तय नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार आइपीएल कमेटी देहरादून के रेंजर्स मैदान व सर्वे ऑडिटोरियम में फैन पार्क लगा सकती है।

शत प्रतिशत मतदान से चुने बहुमत की सरकार: नरेश बंसल

भाजपा उत्तराखंड कार्यकारी अध्यक्ष नरेश बंसल ने प्रदेश की जनता से कल 100 % मत दान करने का आहवान किया है, उन्होंने कहा की मतदान लोकतंत्र मैं प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है, उसका प्रयोग करना चाहिए। 5 साल सोचने से अच्छा अभी मतदान कर निर्णायक व राष्ट्रवादी सरकार चुने, जो जनता के लिए काम करे, जिससे उम्मीद हो वो सरकार चुने। बंसल ने कहा के उत्तराखंड की जनता बहुत समझदार है, वो सही निर्णय करेगी, बंसल ने कहा की उत्तराखंड ने कई कीर्तिमान बनाए है 100 % मतदान कर नया कीर्तिमान भी बनाकर देश विदेश को नेतृत देना चाहिये। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को कल के मतदान हेतु पहले मतदान फिर जलपान का संकल्प दिलवाया। बंसल ने कहा उत्तराखंड की जनता भाजपा के साथ है, नरेंद्र मोदी और त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व मैं भाजपा पांचो लोकसभा सीट जीतेगी और मोदी जी फिर से भारत वर्ष के प्रधानमंत्री बनेगे।

हाईवे पार करते समय हाथी का बच्चा ट्रक से टकराया, घायल

लच्छीवाला वन रेंज के क्षेत्रांतर्गत एक हाथी का बच्चा हाईवे पार करते समय ट्रक से जा टकराया। इस कारण वह घायल हो गया। वन विभाग के कर्मचारियों ने क्रेन की मदद से उसे उठाया। जहां से उसे लच्छीवाला रेंज लाया गया। प्राथमिक उपचार देकर उसे हरिद्वार छोड़ दिया गया।

एक ट्रक देहरादून के सेलाकुई से मुंबई के भिवंडी जा रहा था। मणिमाई मंदिर के नजदीक जंगल से हाईवे क्रॉस कर रहा हाथी का बच्चा ट्रक से टकरा गया, जबकि उसकी मां सड़क क्रॉस कर गई थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेंज अधिकारी घनानंद उनियाल फॉरेस्टर मुनेंद्र डंगवाल आदि टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस बीच कोतवाल राकेश सिंह गुसाईं भी घटना की जानकारी मिलते मौके पर पहुंचे। हाईवे से जाम को भी खुलवाया गया। जंगल में हाथियों की चिंघाड़ भी जारी रही। हाथियों को जंगल में खदेडने के लिए वन विभाग को हवाई फायर भी करने पड़े।

क्रेन की मदद से घायल हाथी के बच्चे को लच्छीवाला वन परिसर में लाया गया। पशु चिकित्सकों के अनुसार इस हाथी के बच्चे की उम्र लगभग 3 से 5 साल के बीच है। पोर्टेबल एक्स-रे मशीन मंगवाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल हालत स्थिर बनी हुई है।

रेंज अधिकारी घनानंद उनियाल के अनुसार ट्रक चालक व क्लीनर को वाहन सहित हिरासत में ले लिया गया है। ट्रक चालक के अनुसार हाईवे में अचानक रात के समय डिवाइडर से जंप करके हाथी का बच्चा अचानक सामने आ गया था। ट्रक के ब्रेक भी फेल हो गए थे। उधर, उप वन प्रभागीय अधिकारी भारत भूषण मार्तोलिया ने बताया कि मथुरा से पोर्टेबल एक्सरे मशीन मंगाई गई है।