सीएम ने बिलखेत में किया राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्रतियोगिता का शुभारम्भ

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बिलखेत, पौड़ी में प्रथम नयार घाटी एडवेंचर फेस्टिवल का उद्घाटन किया एवं राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने 26 करोड़ 83 लाख 64 हजार रूपये की कल्जीखाल विकासखण्ड की पेयजल योजना का लोकार्पण किया। इस योजना से 02 हजार 370 पेयजल संयोजन दिये गये हैं। योजना का लाभ 59 राजस्व ग्रामों, 19 ग्राम पंचायतों एवं 68 बस्तियों को मिलेगा। इसका श्रोत नयार नदी है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण केन्द्र खोला जायेगा। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी पौड़ी को जमीन ढ़ूढने के निर्देश दिये। नयार घाटी एडवेंचर फेस्टिवल का आयोजन हर साल किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिलखेत में स्कूल का सौन्दर्यीकरण किया जायेगा। द्वारीखाल में खेल के मैदान का समतलीकरण किया जायेगा।

उत्तराखण्ड में साहसिक खेलों के लिए पर्याप्त संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि 19 से 22 नवम्बर 2020 तक इस फेस्टिवल में अनेक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। जिसमें पैराग्लाइंडिंग, 170 किमी की माउंटेन बाइकिंग ट्रेल रनिंग स्पर्धा एवं एंग्लिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने अनेक राज्यों से आये प्रतियोगियों का देवभूमि उत्तराखण्ड में स्वागत किया।

सरकार की योजनाओं की जानकारी जिलाधिकारी ब्लॉक लेबल पर जाकर देंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वरोजगार की दिशा में अनेक प्रयास कर रही है। इसके लिए राज्य में सीएम स्वरोजगार योजना शुरू की गई। इसके तहत 150 प्रकार के कार्यों को शामिल किये गये हैं। किसानों को 03 लाख तक का ब्याज मुक्त एवं महिला स्वयं सहायता समूहों को 05 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण दे रही है। सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का सभी को फायदा मिले, इसके लिए सभी जिलाधिकारी ब्लॉक लेबल तक जाकर इन योजनाओं की जानकारी लोगों को देंगे। जिला स्तरीय उच्च अधिकारी ब्लॉक लेबल पर जाकर सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करेंगे।

आगामी तीन साल में माँ बहिनों के सिर से घास की गठरी का उतारेंगे बोझ
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि आज घास लेने के लिये जहां हमारी माँ बहिने जगंल या अन्य स्थानों पर जाती है तो उन्हें पहाड़ी से गिरने, जंगली जानवरों का एवं नदी में बहने का खतरा बना रहता है। हम उन्हें इन खतरों से भी बचायेंगे तथा घास की व्यवस्था उनके आंगन तक उपलब्ध करायेंगे।

कृषि के क्षेत्र में राज्य सरकार ने साढ़े तीन वर्षों 100 से अधिक निर्णय लिये
कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में पिछले साढ़े तीन साल में कृषि के क्षेत्र में 100 से अधिक निर्णय लिये। 2017 में राज्य सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री का सपना था कि प्रत्येक न्याय पंचायत में एक-एक फार्म मशनरी बैंक हो। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आशीर्वाद से सभी 670 स्थापित किये गये। किसानों को 80 प्रतिशत सब्सिडी पर कृषि यंत्र दिये गये। इन तीन सालों में इन मशीनों की सहायता से राज्य में कृषि उत्पादकता में वृद्धि हुई।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा एवं सहकारिता राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सांसद तीरथ सिंह रावत, विधायक मुकेश कोली, जिलाध्यक्ष भाजपा पौड़ी संपत सिंह रावत, ब्लॉक प्रमुख बीना राणा, जिलाधिकारी पौड़ी धीराज गर्ब्याल, एसएसपी पौड़ी रेणुका देवी आदि उपस्थित थे।

स्थापना दिवस पर नपां मुनिकीरेती के सभासद हुए सम्मानित

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा व उत्तराखंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सयुंक तत्वावधान में ढालवाला ऋषिकेश स्थित आरएमआई ग्राउंड में एक दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें एथलेटिक, रस्साकस्सी और बॉलीवाल की प्रतियोगिता विधिवत सम्पन्न कराई गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी, समाज सेवी कमल सिंह राणा, मधु असवाल, रोशनी राणा, निर्मला उनियाल द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल की 20 टीमों ने प्रतिभाग किया, इसमें विजेता एरिना स्पोर्ट्स एकेडमी व उपविजेता कुंजापुरी क्लब रही।

रस्साकशी पुरूष वर्ग में 17 टीमों ने हिस्सा लिया, इसमें विजेता आरएसबी भानियावाला एवं उपविजेता द ब्याज ढालवाला रही।
रस्साकस्सी 8 टीमों में महिला वर्ग विजेता टीम एक भारत श्रेष्ठ भारत ऋषिकेश एवं उपविजेता स्टार क्लब रही ।
100 मीटर अंडर 10 बालक वर्ग में प्रथम स्थान पर शान, द्वितीय स्थान नितिन कंसवाल, तृतीय स्थान आर्यन ।
200 मीटर अंडर 10 बालक वर्ग में प्रथम स्थान सागर लेखवार, दीपश्री थपलियाल द्वितीय, रुद्राक्ष थपलियाल तृतीय ।
100 मीटर अंडर 15 बालक वर्ग में प्रथम स्थान अर्जुन द्वितीय रघु दास, तृतीय दीपांशु सिंह
100 मीटर अंडर 15 बालिका वर्ग में अनुष्का चैहान प्रथम, स्नेहा द्वितीय, तानिया तृतीय रही ।
200 मीटर अंडर 15 बालक वर्ग में प्रथम दिपांशु सिंह, द्वितीय अर्जुन महाजन, तृतीय राहुल ।
100 मीटर अंडर 18 बालक वर्ग में प्रथम अभिषेक कुमार, द्वितीय विकास रावत, तृतीय अमन ।
200 मीटर अंडर 18 बालक वर्ग में प्रथम स्थान पर अभिषेक कुमार, द्वितीय सुखदेव डवोला, तृतीय प्रभात पांडे ।
सभी विजेता खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय महासभा के अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी, महामंत्री उत्तम सिंह असवाल, उत्तराखंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश चंद्र भट्ट, महामंत्री दिनेश पैन्यूली के द्वारा ट्रॉफी मेडल के साथ माल्यार्पण कर के सम्मानित किया गया। मौके पर पालिका के सभी 11 सभासदों को विशिष्ट सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया।

मौके पर अरविंद नेगी, हॉकी गुरु डीपी रतूड़ी, राम कृष्ण पोखरियाल, सभासद विनोद सकलानी, वंदना थलवाल, अंकित नैथानी, रोशन पंत, कुलभूषण द्विवेदी, शेर सिंह थापा, अनिकेत प्रजापति, पूजा गुसाईं, कुलबीर सिंह, रंजीत सिंह भंडारी, अमित राणा, संजय न्यूली, दिलवीर रावत, प्रिंस गुप्ता, राहुल, पूनम चैहान, रजनी बिष्ट, पिंकी पयाल, वीरेंद्र नौटियाल, सुमित उनियाल, विशन मिंया, राजू थलवाल, राहुल लेखवार, भगवान सिंह भंडारी, अनुज गोड़ आदि मौजूद रहे।

दो दिवसीय ओपन खो-खो प्रतियोगिता का एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने किया शुभारंभ

श्री भरत मंदिर इण्टर कॉलेज में ऋषिकेश खो-खो एकेडमी की ओर से दो दिवसीय ओपेन (बालक-बालिका) प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसका शुभारम्भ एआईसीसी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने रिबन काटकर किया।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि आज के दौर जहां पढ़ाई, व्यापार से लेकर सभी कुछ मोबाइल पर चल रहा है, आज का युवा खेल के लिये भी मोबाइल का प्रयोग कर रहा है। ऐसे में खो-खो प्रतियोगिता के आयोजक और प्रतिभागी बधाई के पात्र है।

आयोजक नागेश राजपूत ने कहा कि खेल बहुत से हैं परन्तु खो-खो एक ऐसा खेल है जिसमें कम संसाधनों आयोजन हो सकता है और साथ ही इसमें शारीरिक जोश के साथ दिमागी होश की भी आवश्यकता की जरूरत होती है और पिछले कई वर्षों से हमारा ऋषिकेश खो-खो प्रतियोगिता अब्बल आ रहा है। इस टूर्नामेंट में 6 बालकों की टीम और 4 बालिकाओं की टीम प्रतिभाग कर रही है जिसमें टीमें अल्मोडा, उधमसिंह नगर, टिहरी, पूर्णानन्द इण्टर कॉलेज, खदरी और श्यामपुर की मौजूद है।

सुनील दत्त थपलियाल के संचालन में चले कार्यक्रम में पार्षद देवेन्द्र प्रजापति, प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह रावत, देवेश्वर प्रसाद रतूड़ी. पैरा ओलंपिक खिलाड़ी नीरजा गोयल, रवि गुप्ता, टेग सिंह राणा, रवि गुप्ता, सन्नी प्रजापति, जितेन्द्र बिष्ट, रंजन अंथवाल, प्रमोद भट्ट, विकास शाही, नुपुर गोयल, सागर राय आदि मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने किया कोरोना विनर्स के लिए वाकाथन और बैडमिंटन मैच का शुभारंभ

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने को कोरोना विनर्स के लिये आयोजित वाकाथन और बैडमिंटन स्पर्धा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वाकाथन को फ्लैग ऑफ किया। उन्होंने कोरोना विनर्स के साथ बैडमिंटन का मैच भी खेला। डबल्स में एक तरफ मुख्यमंत्री व एक कोरोना विनर थे जबकि दूसरी तरफ सचिव खेल बीके संत व एक अन्य कोरोना विनर थे। इसमें मुख्यमंत्री की टीम ने 10-5 से गेम जीता।

समाज में कोविड-19 से लङाई के जज्बे को बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की पहल पर ’कोरोना वारियर से विनर’ कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। इसमें खेल विभाग के तत्वावधान में कोरोना से ठीक हुए लोगों के लिए अनेक खेल स्पर्धाएं आयोजित की गई हैं। इसी के तहत रविवार को मुख्यमंत्री ने सीएम आवास से वाकाथन का फ्लैग ऑफ किया और बैडमिंटन का मैच खेला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे विश्व के देश कोरोना से जूझ रहे हैं। स्वास्थ्य पर कोरोना के अनेक दुष्प्रभाव देखने को मिल रहे हैं। हम सभी एकजुट होकर ही इससे लङाई में जीत सकते हैं। कोरोना संक्रमण की दर में कमी आई है परंतु हम सभी अब और अधिक सावधान व सतर्क रहने की जरूरत है। विशेष तौर पर आने वाले त्यौहारों को देखते हुए मास्क का प्रयोग, दो गज की दूरी का ध्यान रखना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कोरोना से ठीक हुए लोगों के मनोबल को बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की जाती थी लेकिन अब यही कोरोना विनर्स कोरोना से लड़ाई में हम सभी का हौंसला बढ़ा रहे हैं। कोरोना विनर्स के लिए आयोजित इन कार्यक्रमों से निश्चित रूप से समाज में कोविड-19 को लेकर और अधिक जागरूकता आएगी। हम सभी को समझना होगा कि जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं।

उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का दौर फिर शुरू

मौसम के करवट बदलते ही उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का दौर फिर शुरू हो गया। चारधाम समेत नैनीताल व मसूरी की चोटियों पर हिमपात हुआ है। जबकि, प्रदेश के अधिकांश इलाकों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। औली और फूलों की घाटी में भारी हिमपात हुआ है। मौसम के बदले तेवरों ने प्रदेशभर में फिर कड़ाके की ठंड लौट आई है। तापमान के गोता लगाने और बर्फीली हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। अधिकांश इलाकों में बारिश और बर्फबारी के साथ ही ओलावृष्टि के आसार हैं।
शुक्रवार को उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर भारी हिमपात हुआ। धनोल्टी के आसपास की पहाड़ियों पर सफेद चादर बिछ गई। इसके अलावा मसूरी में मूसलाधार बारिश ने ठंड में इजाफा कर दिया। वहीं, चंपावत में बारिश के कारण सुबह छह बजे टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वाला और बनलेख के पास चट्टान खिसककर सड़क पर आ गई। इससे मार्ग करीब पांच घंटे तक बंद रहा।
प्रदेश के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान लुढ़ककर सामान्य से नीचे पहुंच गया है, जिससे दिन के समय भी ठिठुरन बनी रही। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के जम्मू एंड कश्मीर व हिमाचल पहुंचने के चलते उत्तराखंड में बादलों ने डेरा जमा लिया है। ऐसे में शनिवार को भी अधिकांश इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ ही ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई। केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह का हेलीकॉप्टर खराब मौसम के चलते देहरादून से उड़ान नहीं भर सका। केंद्रीय राज्य मंत्री को हवाई मार्ग से दून से श्रीनगर और उसके बाद गौचर जाना था। मौसम खराब होने के कारण उन्हें सड़क मार्ग से ही श्रीनगर जाना पड़ा।

मुख्यमंत्री ने खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया, कहा-आगे बढ़ो सरकार देगी सहायता

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सर्वे चैक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न खिलाड़ियों को देवभूमि उत्तराखण्ड खेलरत्न, देवभूमि उत्तराखण्ड द्रोणाचार्य एवं लाईफ टाईम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया।
खिलाड़ियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की कोशिश है कि खेलों इंडिया में अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी हो सके। उन्होंने कहा कि ऑलम्पिक 2024 को लक्ष्य बना कर हमें अपनी तैयारियां करनी होंगी। इसके लिए सरकार द्वारा हर सम्भव सहायता की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमें खेलने और खिलाने के साथ-साथ कबड्डी और खो-खो जैसे खेलों को भी फोकस करना होगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि रूद्रपुर में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया के तहत अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है। इस वर्ष राज्य के दो लाख से अधिक बच्चों ने इसमें प्रतिभाग किया है। उन्होंने कहा कि हमें राज्य में 2-4 खेलों पर विशेष ध्यान देना होगा। उनके लिए लक्ष्य निर्धारित करने होंगे।
खेल मंत्री श्री अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि खेल महाकुम्भ और खेलो इंडिया के माध्यम से योग्य बच्चों को एक प्लेटफार्म मिला है। न्यायपंचायत, ब्लॉक स्तर और राज्य स्तर पर लगभग दो लाख से अधिक खिलाड़ियों द्वारा प्रतिभाग किया गया है। उन्होंने कहा कि सम्मानित किये जाने से मनोबल बढ़ता है परन्तु खेल मात्र पुरस्कार पाने तक ही सीमित नहीं है, यह स्वास्थ्य के लिए भी आवश्यक है।
इस अवसर पर मनीष सिंह रावत एवं एशियन पैरागेम्स बैडमिन्टन खिलाड़ी मनोज सरकार को देवभूमि उत्तराखण्ड खेल रत्न पुरस्कार, अनूप बिष्ट को देवभूमि उत्तराखण्ड द्रोणाचार्य पुरस्कार एवं अरूण कुमार सूद को लाईफ टाईम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

स्वस्थ मन और शरीर के लिए खेलना आवश्यकः त्रिवेन्द्र

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रविवार को बैडमिंटन हॉल परेड ग्राउण्ड देहरादून में 19वीं उत्तराखण्ड स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप- 2020 का शुभारम्भ किया। 19 से 21 जनवरी तक तीन दिन चलने वाली इस चैैंंपियनशिप में राज्य के सभी 13 जनपदों से 200 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस चैंपियनशिप की विजयी टीम आगामी फरवरी के अन्तिम सप्ताह में जयपुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेगी।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि स्वस्थ मन एवं शरीर के लिए खेलना जरूरी है। सभी को अपनी दिनचर्या में एक घण्टा खेल के लिए अवश्य निकालना चाहिए। खेल न सिर्फ हमारे अंदर स्फूर्ति लाता है बल्कि हमारे अंदर कुछ हासिल करने का जुनून भी पैदा करता है। उन्होंने इस चैंंपियनशिप में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को खेल भावना का परिचय देने को कहा। खेल के प्रति खिलाड़ियों का समर्पण भाव होना जरूरी है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने बैडमिंटन कोर्ट में उतरकर चौंपियनशिप का शुभारम्भ किया।

इस अवसर पर डीजी कानून एवं व्यवस्था अशोक कुमार, आईजी कुम्भ मेला संजय गुंज्याल, डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष एससी विरमानी एवं खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रकाश पंत किसी भी समस्या का समाधान आसानी से निकाल देते थेः सीएम

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शनिवार को परेड ग्राउण्ड देहरादून में उत्तराखण्ड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा पूर्व केबिनेट मंत्री स्व. प्रकाश पंत की स्मृति में आयोजित अन्तर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया।

उन्होंने स्व. प्रकाश पंत के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि सचिवालय संघ को खेलों के आयोजन के लिए पहले 10 लाख रूपये दिये जाते थे, इस अब बढ़ाकर 20 लाख रूपये किया जाएगा। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि प्रकाश पंत का खेलों से विशेष लगाव था। क्रिकेट, बैडमिंटन और निशानेबाजी के प्रति उनका विशेष लगाव था। अपने सौम्य एवं सकारात्मक व्यवहार के कारण पंत किसी भी समस्या के समाधान आसानी से निकाल देते थे। संसदीय कार्यों में उनको महारत थी। संसदीय कार्यों के लिए आज भी उनकी कमी बहुत खलती है। उन्होंने इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी 37 टीमों को शुभकामनाएं दी हैं।

विश्व स्तरीय सुविधाओं के अभाव में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को किया जा रहा नजरअंदाज

अंतरराष्ट्रीय सुविधा न होने के कारण देहरादून के खेल मैदान में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच व आइपीएल के मैचों का आयोजन संभव होता नहीं दिख रहा है। यदि जल्द ही क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड व राज्य सरकार ने इस दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए तो विश्व पटल पर जिस तेजी से राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम उबरा है, उसकी छवि समय के साथ धूमिल होती जाएगी।

स्टेडियम का निमार्ण पूरा होने के बाद ही अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने स्टेडियम को अपना होम ग्राउंड बना लिया था। इसके बाद राजीव गांधी स्टेडियम में पिछले एक साल में दो देश बांग्लादेश और आयरलैंड के साथ अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेली जा चुकी है।

इसी क्रम में छह नवंबर से शुरू हो रही अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला भी यहां खेले जाने की उम्मीद थी, लेकिन श्रृंखला से पहले अफगानिस्तान अपना होम ग्राउंड बदल लिया है। इसका कारण वह स्टेडियम के नजदीक पांच सितारा होटल न होना बता रहा है।

अफगानिस्तान बोर्ड का कहना है कि उसे स्टेडियम से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन बड़ी टीमें पांच सितारा होटल की सुविधाएं मांगती हैं। इसलिए उनको लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को अपना होम ग्राउंड बनाना पड़ा। इस संबंध में अफगानिस्तान बोर्ड ने श्रृंखला की जानकारी दे दी है। अफगानिस्तान-वेस्टइंडीज के बीच छह नवंबर से तीन वन-डे, तीन टी-20 व एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाना है।

जून 2018 में अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाली श्रृंखला से पहले आइसीसी मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने स्टेडियम का निरीक्षण किया। स्टेडियम की सुविधाओं से वह खुश नजर आए, लेकिन उन्होंने फाइव स्टार होटल न होने की बात कही थी।

इसके बाद रणजी सत्र के दौरान बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना रणजी मैच देखने स्टेडियम पहुंचे थे, वह भी स्टेडियम की सुंदरता के कायल हुए, लेकिन सुझाव स्वरूप उन्होंने पांच सितारा होटल की बात कही थी। इससे पहले आइपीएल फ्रेंचाइजी टीम दिल्ली ने भी स्टेडियम को अपना होम ग्राउंड बनाने की इच्छा जाहिर की थी, लेकिन पांच सितारा होटल नहीं होने से उन्होंने भी हाथ पीछे खींच लिए। इसके बाद भी राज्य सरकार ने दून में फाइव स्टार होटल बनाने की दिशा में कोई कार्य नहीं किया।

जबकि, पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2009 से आइपीएल व 2012 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के आयोजन हो रहें हैं। यहां स्टेडियम के पास ही फाइव स्टार होटल व तमाम अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं है।

’’फिट इंडिया अभियान’’ देश में कुशल खिलाड़ियों को अवसर देगाः मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि फिट और स्वस्थ राष्ट्र नये भारत की पहचान है। आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देशव्यापी फिट इंडिया अभियान की शुरूआत करते हुए उन्होंने कहा कि फिटनेस भारत में जीवन का अनिवार्य हिस्सा रहा है, लेकिन समय के साथ लोग इसके प्रति उदासीन हो गये हैं। उन्होंने कहा कि टैक्नोलॉजी के आने के साथ ही शारीरिक गतिविधियां कम हो गई हैं।
फिटनेस अभियान को जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अनियमित जीवन शैली से मधुमेह और रक्तचाप से संबंधित बीमारियां हो रही हैं, जो जीवनशैली में परिवर्तन से ठीक हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया अभियान लोगों को इन बदलावों के लिए प्रेरित करेगा। प्रधानमंत्री ने लोगों से इस अभियान से जुड़ने को कहा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ये पहल समय की जरूरत है और इससे देश का स्वस्थ भविष्य होगा। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा आज का दिन भारत के नौजवान खिलाडियों को बधाई देने का है, जो विश्व मंच पर देश के तिरंगे को लगातार नया गौरव प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चाहे बैडमिंटन, टेनिस, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, कुश्ती या अन्य कोई भी खेल हो, भारतीय खिलाड़ी देश की आशाओं और आकांक्षाओं को नये पंख दे रहे हैं।
मेजर ध्यानचन्द की जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाई जाती है। खेलमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि देशवासियों के सहयोग से यह अभियान नई ऊंचाइयां छूएगा। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने आज फिट इंडिया अभियान का नेतृत्व किया। इस अभियान की शुरूआत प्रधानमंत्री ने की है। मुख्यमंत्री ने शिलांग में अपने निवास स्घ्थान से मुख्य सचिवालय कार्यालय तक दो किलोमीटर पैदल चलकर वॉक टू वर्क मेघालय अभियान की शुरूआत की।