बीसीसीआई की मान्यता के बाद अब राज्य की प्रतिभाओं को मिलेगा खेलने का मौका

आखिरकार उत्तराखंड को बीसीसीआई ने पूर्ण मान्यता दे ही दी। 19 वर्षों से बीसीसीआई की मान्यता के लिए संघर्ष किया जा रहा था। बीसीसीआई की सीओए (क्रिकेट प्रशासक समिति) ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) को प्रदेश में क्रिकेट संचालन के लिए पूर्ण मान्यता दे दी है। अब सितंबर माह से शुरू हो रहे घरेलू टूर्नामेंट में सीएयू ही क्रिकेट संचालन का जिम्मेदारी संभालेगी।

मंगलवार को दिल्ली में उत्तराखंड की मान्यता मसले पर हुई सीओए की निर्णायक बैठक में अध्यक्ष विनोद राय की मौजूदगी में सीएयू की मान्यता पर मुहर लगाई गई। विनोद राय की ओर से मंगलवार शाम को सीएयू को ई-मेल के माध्यम से मान्यता मिलने की जानकारी दी गई। इसमें बताया कि स्थानीय क्रिकेट में योगदान व ग्राउंड समेत अन्य सुविधाओं संबंधी दस्तावेजों के आधार पर सीएयू के दावे को मजबूत माना है।

सीओए ने सीएयू की मान्यता में यूनाइटेड क्रिकेट एसोसिएशन (यूसीए) को भी शामिल किया है, क्योंकि यूसीए ने पूर्व में ही सीएयू के साथ विलय कर लिया था। सीओए ने उत्तराखंड की एसोसिएशन मान्यता मसले पर उत्तराखंड सरकार की रायशुमारी भी ली, जिसके बाद अंतिम निर्णय लिया गया।

पिछले 19 वर्षों से राज्य की चार क्रिकेट एसोसिएशन के बीच आपसी विवाद के चलते मान्यता पर फैसला नहीं हो पा रहा था। राज्य के कई प्रतिभावान खिलाड़ियों को इसका नुकसान झेलना पड़ा। वहीं, कई प्रतिभावान खिलाड़ियों ने पलायन कर दूसरे राज्यों का रूख कर लिया। अब राज्य को पूर्ण मान्यता मिलने के बाद प्रदेश की प्रतिभाओं को बीसीसीआई की प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड के नाम से खेलने का मौका मिलेगा।

बांग्लादेश को हरा, भारत ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

वल्र्ड कप 2019 में मंगलवार को भारत और बांग्लादेश के बीच 40वां मुकाबला खेला गया। बर्मिघम के एजबेस्टन में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 28 रन से हराया। विराट की कप्तानी में टीम इंडिया ने वल्र्ड कप में एक और जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मौजूदा विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है टीम इंडिया। बांग्लादेश के खिलाफ जीत के बाद टीम इंडिया की अंकतालिका में बढ़ोतरी हुई है।
अंक तालिका में पहले स्थान की बात करें तो आरोन फिंच की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में पहले ही जगह बना चुकी है। टीम आठ मुकाबले खेलने के बाद सात जीत और एक हार के साथ अभी 14 अंकों और एक की रन रेट के साथ पहले पायदान पर है।
अंक तालिका में दूसरे स्थान पर लंबी छलांग लगाते हुए अब विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने कब्जा जमा लिया है। जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए टीम ने आठ मैचों में से छह में जीत दर्ज की है, एक में हार और उसका एक मैच बेनतीजा रहा। विराट बरिगेड अब 13 अंकों और ़0.811 की शानदार रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हो गई है।
केन विलियमसन की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड टीम अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है। कीवी टीम अपने खेले गए सात मैचों में पांच में जीत, दो हार और एक मैच बेनतीजा रहने के बाद 11 अंकों के साथ 0.572 की रन रेट से तीसरे स्थान पर मौजूद है।
वहीं, वल्र्ड कप की प्रबल दावेदार मानी जा रही इंग्लैंड की टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है हालांकि वो अभी भी चैथे स्थान पर काबिज है। इयोन मोर्गन की कप्तानी वाली इंग्लैंड ने अब तक सात मुकाबले खेले हैं जिसमें से पांच में उसे जीत मिली है और तीन में हार। वो 10 अंकों और एक की रन रेट के साथ टॉप 4 में बनी हुई है। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए उसे हर हाल में न्यूजीलैंड को हराना होगा।

आईपीएल में चयन के नाम पर की दो खिलाड़ियों से 81 लाख की ठगी

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चयन के नाम पर उत्तरकाशी के पुरोला में 70 लाख रूपए की ठगी के बाद अब ऋषिकेश के रायवाला में 11 लाख रूपए की ठगी का मामला सामने आया हैं। ठगी के रूपए लेने वाला आरोपी एक ही हैं। पुलिस ने मामला गंभीर पाते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्रतीतनगर डांडी निवासी राजेंद्र सिंह चौधरी पुत्र सुंदर सिंह चौधरी की ओर से रायवाला थाने में ठगी के मामले में तहरीर दी गई। राजेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि पिछले वर्ष उनका बेटा देहरादून में रहकर क्रिकेट की तैयारी कर रहा था।

इसी दौरान एक जूनियर खिलाड़ी ने उनके बेटे का संपर्क अंकित सिंह रावत पुत्र सोबत सिंह रावत निवासी पुरोला उत्तरकाशी से कराया। आरोपी अंकित रावत ने उसका रणजी ट्राफी में चयन कराने को लेकर सब्जबाग दिखाए और इसके एवज में 11 लाख रुपये की ठगी कर ली। बीते वर्ष अगस्त माह को उसने रुपये लौटाने का वादा किया किंतु तब से उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। पुलिस की ओर से पीड़ित पक्ष की शिकायत पर ठगी के मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मुख्यमंत्री की सहमति के बाद तय होगा कंसेंसस कमेटी के लिये प्रतिनिधि

बीसीसीआइ की प्रशासक समिति ने उत्तराखंड के खिलाड़ियों की रणजी व अन्य घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं में शिरकत करने की राह प्रशस्त करने के बाद राज्य की दो एसोसिएशन ने अपने प्रतिनिधियों के नाम कंसेंसस कमेटी को भेज दिये है। राज्य सरकार अपना प्रतिनिधि मुख्यमंत्री की सहमति के बाद ही तय करेगी। बाकी अन्य दो एसोसिएशन भी जल्द अपने सदस्यों के नाम घोषित करेगी।

बीसीसीआई की मान्यता मिलने के बाद अब उत्तराखंड की क्रिकेट टीम बीसीसीआइ की ओर से वर्ष भर होने वाले विभिन्न आयु वर्गो की प्रतियोगिताओं में शिरकत कर सकेगी। उत्तराखंड में क्रिकेट गतिविधियों के संचालन के लिए बीसीसीआइ ने नौ सदस्यीय कंसेंसस कमेटी का गठन किया है। इसमें मान्यता का दावा करने वाली चार एसोसिएशनों के छह सदस्य, एक सरकारी सदस्य और दो सदस्य बीसीसीआइ के रखे गए हैं।

बीसीसीआइ ने पूर्व जनरल मैनेजर (क्रिकेट ऑपरेशन) प्रोफेसर रत्नाकर शेट्टी को कंसेंसस कमेटी का संयोजक बनाया है। बीसीसीआइ ने सभी क्रिकेट एसोसिएशनों से जल्द से जल्द अपने नाम भेजने को कहा है। मंगलवार को इनमें से उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन ने दो प्रतिनिधियों के नाम बीसीसीआइ की प्रशासक समिति को भेज दिए हैं।

उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव चंद्रकांत आर्य ने बताया कि एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से अध्यक्ष प्रदीप सिंह और उनका यानी चंद्रकांत आर्य का नाम तय किया है। इसकी सूचना ईमेल द्वारा प्रशासक समिति को भेज दी गई है। यूनाइटेड क्रिकेट एसोसिएशन ने सचिव संजय गुसाईं का नाम तय करते हुए इसकी सूचना प्रशासक समिति को भेज दी है। हालांकि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड अभी तक अपने दो प्रतिनिधि और उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन अपने एक प्रतिनिधि का नाम तय नहीं कर पाई हैं।

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव महिम वर्मा ने कहा कि पदाधिकारी आपस में बैठक कर सदस्यों का नाम तय करेंगे। 22 जून तक नाम तय कर लिए जाएंगे, तब तक के लिए बीसीसीआइ से समय मांगा गया है। उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव दिव्य नौटियाल ने कहा कि एक-दो दिनों के भीतर प्रतिनिधियों के नाम तय कर बीसीसीआइ को भेज दिए जाएंगे। वहीं सरकार के नामित प्रतिनिधि का नाम मुख्यमंत्री की सहमति के बाद तय किया जाएगा।

दून अंतराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को आईसीसी ने उपयुक्त पाया

आईसीसी के विशेषज्ञों ने देहरादून के अंतराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को क्रिकेट के तीनों प्रारूपों के लिये उपयुक्त पाया है। जिसके बाद यहां तीन जून से अंतराष्ट्रीय क्रिकेट मैच का आयोजन किया जायेगा। यह मुकाबला बांग्लादेश व अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम के बीच खेला जायेगा। अफगानिस्तान की टीम पूर्व में यहां पहुंच चुकी हैं और दून के खिलाड़ियों के साथ अभ्यास मैच में हिस्सा भी ले चुकी है। मगर, बांग्लादेश की टीम मंगलवार को यहां पहुंच गयी है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हाल ही में विशेषज्ञों के दल के साथ स्टेडियम का दौरा किया था। इस दल में आइसीसी के विशेषज्ञ भी शामिल थे जिन्होंने स्टेडियम का जायजा लिया था। विशेषज्ञों ने सभी सुविधाओं का जायजा लेने के बाद खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं के स्तर, मीडिया और प्रसारण जरूरतों को अंतरराष्ट्रीय मैचों के तीनों प्रारूपों के आयोजन के लिए उपयुक्त पाया था और इसे हाल के समय में सर्वश्रेष्ठ स्थलों में से एक करार दिया गया। उत्तराखंड की राजधानी में स्थित यह स्टेडियम पहाड़ियों के बीच स्थित है और इसके आस-पास की खूबसूरती देखते ही बनती है। इस स्टेडियम में 25 हजार दर्शकों की क्षमता है।

विदित हो कि आइसीसी की ओर से राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का मुआयना करने के लिये टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ 21 मई को दून आए थे। 21 मई की शाम को ही उन्होंने फ्लड लाइट में स्टेडियम का निरीक्षण किया था जबकि उसके अगले दिन वे दोपहर में एक बार फिर स्टेडियम पहुंचे। स्टेडियम में उपलब्ध सुविधाओं की बरीकी से जांच करने के बाद श्रीनाथ ने बकायदा फोटो खींचकर भी आइसीसी के अधिकारियों को भेजी थी। वे स्टेडियम में उपलब्ध सभी उपकरणों और खूबसूरती के कायल हुए थे। उसी दिन यह तय हो चुका था कि स्टेडियम को जल्द ही आइसीसी की हरी झंडी मिल जाएगी। 237 करोड़ रुपऐ की लागत से बने इस स्टेडियम में अब शहरवासियों को हर प्रारूप की क्रिकेट देखने को मिलेगी।

दून स्थित क्रिकेट स्टेडियम आईसीसी पैनल में होगा शामिल

जल्द ही देहरादून स्थित नवनिर्मित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण आईसीसी का पैनल करेगा। यह जानकारी राज्य के खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने दी है।

पांडेय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उत्तराखंड के पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को अफगानिस्तान अपना होम ग्राउंड बनाने की इच्छा पूर्व में ही जता चुका है। बकायदा अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ शाकिब स्टेडियम का दौरा भी कर चुके हैं और उन्होंने इस संबंध में बीसीसीआइ को पत्र भी लिखा है।

खेल मंत्री अरविंद पांडेय का कहना है कि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें पत्र लिखकर तीन टी-20 क्रिकेट मैच की सीरीज के लिए सहयोग मांगा है। तीन मैचों की सीरीज अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच तीन जून से प्रस्तावित है।

उन्होंने दावा किया है कि आइसीसी की टीम जल्द ही दून पहुंचकर स्टेडियम का निरीक्षण कर इसे अपने पैनल में शामिल कर लेगी। जबकि, बीसीसीआइ की टीम कई बार स्टेडियम का दौरा कर चुकी है। उन्होंने कहा कि आइसीसी ने तीन मैचों की सीरीज के लिए अपनी वेबसाइट पर भी दून स्टेडियम को शामिल किया है। इससे तय है कि तीन जून को यहां पहला अंतरराष्ट्रीय मैच देखने को मिल सकेगा।

साहसिक खेल को बढ़ावा देने ट्रेकिंग दल हुआ रवाना

पर्यावरण मंत्री डा हरक सिंह रावत ने नाग टिब्बा में ट्रेकिंग के लिये 60 सदस्यीय दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दल का उद्देश्य साहसिक खेलों को बढ़ावा देना है।

पर्यावरण मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा उत्तराखण्ड का नैसर्गिक सौन्दर्य पर्यटकों को यहाँ आने के लिए आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि चारधाम ऑलवेदर रोड, रेल और एयर कनेक्टिविटी के सुदृढ़ होने से उत्तराखण्ड में पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। उत्तराखण्ड ने पर्यावरण के क्षेत्र में विष्व में अपनी अलग पहचान बनाई है।

हम पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहे हैं। प्रदेश में वैलनेस एंड योग टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, इको टूरिज्म, विलेज टूरिज्म की अपार संभावनाएं है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण में देश के अन्य राज्यों में रह रहे उत्तराखण्डवासियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

पाक को हरा ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप पर टीम इंडिया का कब्जा

टीम इंडिया एक बार फिर ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप की चैंपियन बन गई है। शनिवार को शारजाह क्रिकेट स्टेडयम में खेले गए फाइनल में भारत ने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को दो विकेट से मात दी। इसके साथ ही भारत ने लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया।

रोमांचक फाइनल में भारत ने जीत का लक्ष्य 38.4 ओवरों में 8 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत की ओर से सुनील, रमेश ने 93 के अलावा अजय कुमार रेड्डी ने 62 रन बनाए। इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 40 ओवरों में 307 रन पर 8 विकेट गंवाए थे।

पहले सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान की टीम श्रीलंका को 156 रनों मात देकर खिताबी मुकाबले में उतरी थी।

इससे पहले ग्रुप मुकाबले में भी भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था।
ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप के विजेता देशों की सूची में वर्ष 1998 में साउथ अफ्रीका (फाइनल में पाक को हराया), वर्ष 2002 पाकिस्तान (फाइनल में द. अफ्रीका को हराया), वर्ष 2006 पाकिस्तान (फाइनल में भारत को हराया), वर्ष 2014 में भारत (फाइनल में पाक को हराया), वर्ष 2018 में भारत (फाइनल में पाक को हराया)।

इसके अलावा भारतीय टीम पाकिस्तान को हराकर टी-20 ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप का दोनों खिताब (2012, 2017) अपने नाम कर चुकी है।

श्रीलंका दौरे में गए इस क्रिकेटर की हुयी मौत

भले ही भारतीय क्रिकेट टीम और उसके प्रशंसक इस समय श्रीलंका में मिली 9-0 (3 टेस्ट मैच, 5 वनडे और 1 टी-20) की जीत की खुशी मना रहे हैं, लेकिन इसी दौरान श्रीलंका में एक युवा प्रतिभाशाली भारतीय क्रिकेटर की स्विमिंग पूल में डूबकर मौत हो गई है। यह खिलाड़ी भारतीय अंडर-17 टीम का सदस्य था और उसकी उम्र अभी महज 12 साल थी। समाचार एजेंसी पीटीआइ ने इस क्रिकेटर की पहचान मोनाथ सोना नरेंद्र के रूप में की है। यह क्रिकेटर गुजरात के सूरत का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक वह अपने चार साथियों के साथ पूल में था, लेकिन कुछ देर बाद वह डूबने लगा। श्रीलंकाई अखबार संडे टाइम्स के मुताबिक भारतीय खिलाड़ी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। फिलहाल पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट का इंतजार है कि मौत की वजह क्या रही। बताया जा रहा है कि मृत खिलाड़ी 19 सदस्यीय भारतीय दल का हिस्सा था। भारतीय टीम श्रीलंका में एक टूर्नामेंट में हिस्सा लेने गई थी। वहां वे एक होटल में रुके हुए थे और कुछ खिलाड़ी पूल में नहा रहे थे। फिलहाल श्रीलंकाई पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है।

क्लीन स्वीप के बाद टीम इंडिया ने कुछ इस तरह मनाया जीत का जश्न

भारतीय टीम ने रविवार को श्रीलंका को पांचवें और आखिरी वनडे मैच में छह विकेट से मात देकर क्लीन स्वीप किया। भारत ने विदेशी जमीन पर दूसरी बार और श्रीलंका के खिलाफ पहली बार क्लीन स्वीप किया है।
यह जीत भारत के लिए वाकई खास थी। इस जीत के बाद का जश्न भी टीम इंडिया ने खास तरीके से मनाया। पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने टीम के सभी खिलाड़ियों को अपने साथ ड्रिंक्स कार में बैठाकर मैदान का चक्कर लगाया। इस दौरान विराट कोहली, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, केदार जाधव, मनीष पांडे, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल समेत कई खिलाड़ी भी धौनी की गाड़ी में सवार हुए। दर्शकों ने भी टीम इंडिया के इस जेस्चर का काफी मजा लिया और उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई। इस गाड़ी के अंदर, ऊपर और पीछे जहां भी जगह मिली, वहीं भारतीय खिलाड़ी बैठ गए और इसे ड्राइव करने की जिम्मेदारी संभाली पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने। उन्होंने इस सीरीज में भी टीम इंडिया को जीत की राह पर चलाया था और सीरीज के बाद भी उन्होंने स्टीयरिंग खुद संभाला। कोहली ने भी इस सीरीज में दो शतक जमाए और अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। भारत को इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के साथ वनडे और टी 20 सीरीज खेलनी है। इस समय टीम की फॉर्म को देखकर लग रहा है कि उसे यह सीरीज जीतने में भी मुश्किल नहीं होनी चाहिए।