सीएम ने किया राजकीय दून मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिकित्सालय परिसर में फैली गंदगी पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल में आए मरीजों का हालचाल जान, व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने मरीजों के तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल में मौजूद संसाधनों, डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाइयों की उपलब्धता, एवं खाने-पीने की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अस्पताल में मौजूद मरीजों के लिए बन रहे खाने को स्वयं जाकर देखा। उन्होंने कहा मरीजों को मिलने वाले भोजन में किसी तरह की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। सभी तरह के पोषक तत्व भोजन में पाए जाए, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने रजिस्ट्रेशन डेस्क में जाकर प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या के बारे में जाना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य संबंधित जांच के लिए अस्पताल आए मरीजों को लंबी लाइन में ना लगाना पड़े इसके लिए रजिस्ट्रेशन डेस्क की संख्या में भी बढ़ोतरी की जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इमरजेंसी वार्ड में जाकर वहां मौजूद डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, से भी वार्ता की। उन्होंने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों की उपस्थिति के बारे में भी जानकारी ली। मरीजों के इलाज में इस्तेमाल हो रही विभिन्न आधुनिक मशीनों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा अस्पताल में यह व्यवस्था भी सुनिश्चित किया जाए कि मरीजों को बेवजह घूमना ना पड़े। एक ही स्थान पर मरीज अधिक से अधिक लाभ लें।

पीएम की मन की बात कार्यक्रम से मिलती है प्रेरणा-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को विधानसभा कैंट, देहरादून के अंतर्गत बूथ न० 59, पटेल नगर में स्थानीय जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात का 102 वां संस्करण सुना।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन भागीदारी, सेवा भाव से होने वाले सामाजिक कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने जल संरक्षण से जुड़े स्टार्टअप, तालाबों/नदियों को पुनर्जीवित करने, भारत में आपदा प्रबंधन सशक्त किए जाने, टी.बी. मुक्त भारत, मियावाकी तकनीक से पौधरोपण, दुग्ध उत्पादन जैसे विभिन्न विषयों पर आम जन को जागरूक किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को 2025 तक ’टी.बी. मुक्त भारत’ बनाने का संकल्प को दोहराया है। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में नैनीताल जिले के एक गांव के निक्षय मित्र दीकर सिंह मेवाड़ी का उल्लेख किया। निक्षय मित्र दीकर सिंह मेवाड़ी ने टी.बी मुक्त भारत के संकल्पों को पूर्ण करने के मकसद से टी.बी के 6 मरीजों को गोद लिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के सभी कार्यक्रम आम जन से जुड़े रहते हैं। मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से लोगों में सामाजिक कार्यों के प्रति प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के दीकर सिंह मेवाड़ी से फोन पर वार्ता कर, उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के प्रति उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य सरकार के स्तर पर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, विधायक सविता कपूर, सिद्धार्थ अग्रवाल एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का महत्व समझाया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून में स्वच्छता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने गांधी पार्क से पं० दीनदयाल उपाध्याय पार्क तक स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुल 102 निकायों में स्वच्छता का महा अभियान चल रहा है। आमजन में स्वच्छता को लेकर जागरूकता निरंतर बढ़ रही है। देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक उत्तराखंड आते हैं। राज्य का प्रत्येक जिला एवं पर्यटन स्थल स्वच्छ एवं सुंदर रखने की जिम्मेदारी यहां के प्रत्येक व्यक्ति की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देहरादून को “स्वच्छ दून, सुंदर दून“ बनाने के लिए जनभागीदारी से विभिन्न स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपनी रोजमर्रा की आदत में लाने का आग्रह किया। जन जागरूकता से स्वच्छता के कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत अभियान ने एक बड़े जनांदोलन का रूप लिया, जिसका परिणाम अब दिखने लगा है।
इस दौरान कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक विनोद चमोली, विधायक सविता कपूर, प्रमुख सचिव आर.के सुधांशु एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री ने जनता के 2014 के भरोसे को कायम रखाः धामी

महा जनसम्पर्क अभियान के अन्तर्गत जाखन, देहरादून में आयोजित ‘लाभार्थी सम्मेलन’ कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 09 सालों में देश के समग्र विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। पिछले 9 वर्षों में करीब 4 करोड़ से अधिक पक्के घर गरीब परिवारों को मिल चुके हैं। स्वतंत्र भारत के इतिहास में गरीबों के लिए आवास निर्माण की ऐसी क्रांति पहले कभी नहीं दिखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी पर अपना भरोसा जताया था। आज जनता के इसी भरोसे ने 2014 से 2023 के नौ वर्षों की अवधि में देश की ’’समृद्धि रूपी’’ रेल गाड़ी को ’’विकास रूपी पटरियों’’ पर तेजी से दौड़ाने का कार्य किया है। इन नौ वर्षों में मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा तक, निःशुल्क खाद्यान्न से लेकर निशुल्क इलाज तक, किसानों के विकास से लेकर गरीबों के आवास तक, सेना के आधुनिकीकरण से लेकर सीमाओं की सुरक्षा तक, प्रत्येक नागरिक को वैक्सीन पहुंचाने से लेकर हथियार और मोबाइल उत्पादन तक हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किये हैं। पहले भारत दवाओं और टीकों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहता था। कोरोना काल में मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत ने कोविड के दो स्वदेशी टीके न केवल विकसित किए बल्कि कई देशों को इनकी आपूर्ति भी की। केन्द्र सरकार ने 80 करोड़ लोगों को खाद्य सुरक्षा प्रदान करने का ऐतिहासिक कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रधानमंत्री की दूरगामी सोच का ही परिणाम है कि देश में करीब 50 करोड़ जनधन खाते गरीबों के लिए खोले गए। इन नौ वर्षों में नौ करोड़ से अधिक उज्ज्वला गैस कनेक्शन गरीबों को दिए गए। धारा 370 की समाप्ति, अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ के भव्य कॉरिडोर का निर्माण, बद्रीनाथ धाम का मास्टर प्लान और केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण ये कुछ ऐसे महत्वपूर्ण कार्य हैं जिनको आने वाली पीढ़ियां भी हमेशा याद रखेंगी। आज भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा 01 लाख 81 हजार गरीब परिवारों को तीन गैस सिलेंडर मुफ्त दिये जा रहे हैं। प्रदेश की महिलाओं के लिये क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था को लागू करना हो, समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार करना हो, जबरन धर्मांतरण पर रोक के लिये कानून बनाना हो, देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून बनाना हो, आंदोलनकारियों को आरक्षण देना हो या फिर हाल ही में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे प्रदेश के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति देने के लिए उठाए गए कदम हों, इन सभी महत्वपूर्ण कार्यों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया है। आज प्रदेश के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेकों कार्य किये जा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 09 सालों में देश में विकास के हर क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वजह से वैश्विक स्तर पर भारत को एक नई पहचान मिली है। उनको विदेशों में जो सम्मान मिल रहा है, वह हर भारतवासी का सम्मान है। समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए केन्द्र सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। समाज के अन्तिम पंक्ति पर खड़े लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा राज्य में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, जबरन धर्मान्तरण को रोकने के लिए सख्त कानून जैसे लिए गये निर्णयों की पूरे देश में सराहना हो रही है। महिलाओं, किसानों एवं युवाओं को सशक्त बनाने के लिए राज्य में अनेक कार्य किये जा रहे हैं।
इस अवसर पर सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर सुनील उनियाल गामा, भाजपा के महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने दून में 162 व्यापार मंडलों से जुड़े व्यापारियों को किया संबोधित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के एक स्थानीय होटल में आयोजित ष्व्यापारी सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में सम्मिलित देहरादून व्यापार मण्डल सहित 162 व्यापार मण्डलो तथा संगठनों से जुड़े व्यापारियों व उद्योगपतियों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत न केवल सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है, बल्कि निरंतर बढ़ती अर्थव्यवस्था भी है। आज प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत में व्यापार, प्रौद्योगिकी, पर्यटन और प्रतिभा के 4टी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है द्य अगले 25 वर्षों में जब भारत एक अर्थव्यवस्था के रूप में विकसित होगा, उसमें व्यापारियों, उद्यमियों का अहम योगदान होगा। व्यापारी, उद्यमी ही हमारे देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और ब्राण्ड इण्डिया के सबसे अच्छे ब्राण्ड अम्बेसडर भी हैं। मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि मोदी जी ने 9 वर्ष के उत्कर्ष कार्यकाल में समाज के हर वर्ग के उत्थान एवं संवर्द्धन हेतु अनेकों योजनाएं देश को दी है। ऐसी योजनाएं जिनके द्वारा आज देश के गरीब से गरीब व्यक्ति रोटी, कपड़ा और मकान की सुविधा आसानी से प्राप्त हो रही है। प्रधानमंत्री ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए वोकल फॉर लोकल का नारा दिया है। देश को आत्मनिर्भर बनाने की पहल की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवा और देहरादून के बीच डायरेक्ट हवाई सेवा शुरू की जा रही है द्य अब मात्र दो घंटे में देहरादून से गोवा पंहुचा जा सकेगा। इससे राज्य में पर्यटन को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा। हमारी सरकार द्वारा एमएसएमई और महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। सरकार व्यापार विकास को सुविधाजनक बनाने व निवेश को आकर्षित करने के लिए आवश्यक इकोसिस्टम तैयार कर रही है। हाल ही में देहरादून से दिल्ली वन्दे भारत ट्रेन के शुभारम्भ के अवसर पर प्रधानमंत्री जी ने उत्तराखण्ड को विकास के नवरत्न की बात कही द्य जिसके तहत केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम में ₹1300 करोड़ से पुनर्निर्माण का कार्य किया जा रहा है द्य ₹2500 करोड़ की लागत से केदारनाथ और हेमकुण्ड साहिब रोपवे का कार्य किया जा रहा है द्य मानसखण्ड मंदिर माला मिशन पर काम किया जा रहा है द्य राज्य में होम स्टे को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य में 4000 से अधिक होम स्टे रजिस्टर्ड हो चुके हैं।16 ईको टूरिज्म डेस्टिनेशन का विकास किया जा रहा है द्य ऊधमसिंह नगर में सेटेलाइट सेंटर का विस्तार किया जा रहा है। रूपये 2,000 करोड़ की टिहरी लेक डेवलपमेंट परियोजना पर कार्य हो रहा है द्य ऋषिकेश-हरिद्वार को एडवेंचर टूरिज्म और योग की राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है। टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन पर भी जल्द काम शुरू होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण का विषय गंभीर है। माननीय न्यायालयों के आदेशों के क्रम में प्रशासन द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण के समाप्त कराने का अभियान चलाया जाता है। इस दिशा में आमजन का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। आगे भी सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण के मुद्दों को गंभीरता से लेगी तथा न्यायसंगत कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए उत्तराखण्ड में भी हमने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। हमारे राज्य में भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने के लिए की गई पहल पूरे देश में एक नजीर बन सकती हैं। देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून सबसे कम समय में लागू करने का श्रेय हमारी राज्य सरकार को जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे भौगोलिक दृष्टि से अपेक्षाकृत छोटे राज्य के लिए वास्तव में यह अत्यंत गौरवशाली उपलब्धि है, जिसे जी 20 की तीन बैठकों के आयोजन का सुअवसर मिला है। हम राज्य में आयोजित होने वाली आगामी जी 20 की बैठक के लिए अत्यन्त उत्साहित एवं उत्सुक हैं। मुझे आशा ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास है कि राज्य में जी 20 की सभी बैठकों के हमारे अनुभव अविस्मरणीय रहेंगे। राज्य में जी 20 के सम्मेलनों का आयोजन हमारे लिए नए अवसर, नए अनुभव, अपनी पारम्परिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक विरासत, पर्यटन की क्षमताओं को अर्न्तराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का स्वर्णिम अवसर है।

कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, खजान दास, सविता कपूर, मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, व्यापार मण्डल के महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, पुनीत मित्तल, अनिल गोयल तथा 162 विभिन्न व्यापार मण्डलो व संगठनों के सदस्य, भारी संख्या में व्यापारी तथा उद्योगपति उपस्थित थे।

जोगीवाला में अमृत सरोवर हुआ आमजन को समर्पित, मंत्री डा. अग्रवाल ने किया उद्धाटन

क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत अमृत सरोवर जोगीवाला माफी का विधिवत पूजा अर्चना के साथ रिबन काटकर शुभारंभ किया। इस मौके पर डा. अग्रवाल ने पर्यटकों के अनुरूप बच्चों के झूले, ओवर ब्रिज के निर्माण को 20 लाख रूपये की विधायक निधि देने की घोषणा भी की। इस मौके पर डा. अग्रवाल ने अमृत सरोवर में नौका विहार का आनंद भी उठाया। इसी के साथ अमृत सरोवर जोगीवाला माफी का विधिवत संचालन प्रारंभ हो गया।

जोगीवाला माफी में इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों द्वारा क्षेत्रीय विधायक डा. अग्रवाल का भव्य स्वागत भी किया गया। डा. अग्रवाल ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव को पूरा देश धूमधाम से मना रहा है। उत्तराखंड में करीब दो हजार अमृत सरोवर बनाए गए हैं। इसी क्रम में जोगीवाला माफी में अमृत सरोवर का निर्माण किया गया है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे।

डा. अग्रवाल ने बताया कि इस अमृत सरोवर की लागत 38 लाख 85 हजार रूपये है, जो पंचायत भूमि पर बनाया गया है। बताया कि इसकी लंबाई 71 मीटर और चौड़ाई 51 मीटर है, जो लगभग 3500 मीटर स्कवायर में फैला हुआ है। उन्होंने बताया कि इसमें पानी की मात्रा 5300 क्यूबिक मीटर है।

डा. अग्रवाल ने अमृत सरोवर के स्वरूप को बनाए रखने हेतु कार्य देखने वाली महिला मंगल दल और युवक मंगल दल के पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित भी किया। इस मौके पर जोगीवाला माफी के प्रधान सोबन सिंह कैंतुरा ने अमृत सरोवर के सौंदर्यीकरण के लिए मदद करने का आग्रह किया। इस पर मंत्री डा. अग्रवाल ने 20 लाख रूपये की विधायक निधि देने की घोषणा की। जिस पर ग्रामीणों द्वारा आभार प्रकट किया गया।

इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी, प्रधान जोगीवाला माफी सोबन सिंह कैंतुरा, प्रधान चक जोगीवाला भगवान सिंह महर, प्रधान खैरीकलां चन्द्रमोहन पोखरियाल, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी कमला नेगी, कार्यक्रम अध्यक्ष भरत सिंह भंडारी, पूर्व जिपंस अनिता राणा, मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा समा पंवार, सोनी रावत, प्रधान प्रतिनिधि सरदार बलविंदर सिंह, पूर्व प्रधान हरीश कक्कड़, सुशीला नेगी, हरपाल राणा, समाजसेवी मानवेंद्र कंडारी, रोशन कुड़ियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर खत्री आदि सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

नौका विहार कर उठाया लुत्फ
रायवाला। डा. अग्रवाल ने अमृत सरोवर के विधिवत उद्धाटन के बाद लाइफ जैकेट पहनकर ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल के साथ नौका विहार का लुत्फ भी उठाया। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर इस क्षेत्र के लोगों के लिए आर्थिकी का साधन बनेगा। उन्होंने सरोवर की प्रशंसा करते हुए कहा कि लोगों को नौका विहार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है।

अमृत सरोवर के साथ ही पहाड़ी भोजन का भी मिलेगा जायका
रायवाला। सरोवर के उद्धाटन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में डा. अग्रवाल ने कहा कि यहां पहाड़ी भोजन की भी व्यवस्था होनी चाहिए। इससे बाहर से आने वाले पर्यटकों को पहाड़ी भोज का स्वाद चखने को मिलेगा और हमारे भोज को बढ़ावा मिलेगा।

कैंप के समापन पर शिक्षा मंत्री ने छात्रों को वितरित किये स्कूल बैग

गर्मी की छुट्टियों में बच्चों की प्रतिभा को निखारने एवं उन्हें विभिन्न कलाओं में दक्ष करने के उद्देश्य से अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण निदेशालय उत्तराखंड द्वारा राजीव गांधी नवोदय विद्यालय ननूरखेड़ा देहरादून में सात दिवसीय समर कैम्प का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले गरीब व स्लम एरिया के 400 छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। समर कैम्प के समापन पर विद्यालयी शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार बाल अखबार का विमोचन किया साथ ही उन्होंने बच्चों को स्कूल बैग व शिक्षण सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि गरीब छात्र-छात्राओं को क्वालिटी एजुकेशन देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है इसीलिये राज्य सरकार प्रदेशभर में गरीब छात्र-छात्राओं के लिये विभिन्न योजना चला रही है इसके अलावा गरीब एवं निराश्रित व असहाय छात्र-छात्राओं के लिये प्रत्येक जनपद में छात्रावास भी बनाये जा रहे हैं।

शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने आज अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण निदेशालय द्वारा राजीव नवोदय विद्यालय ननूरखेड़ा में आयोजित समर कैम्प के समापन अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार क्वालिटी एजुकेशन को लेकर खासी गंभीर है। उन्होंने कहा कि सूबे के छात्र-छात्राओं खासकर गरीब व स्लम एरिया के बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा को लेकर राज्य सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण कदम उठाये गये हैं। विभागीय मंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा केन्द्र सरकार के सहायोग से गरीब एवं असहाय बच्चों के लिये प्रत्येक जनपद में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस छात्रावास बनाये जा रहे हैं ताकि वह इन छात्रावासों में रहकर इंटरमीडिएट तक की शिक्षा निःशुल्क शिक्षा दी जा सके। उन्होंने कहा कि गरीब और स्लम में रहने वाले छात्र-छात्राएं गर्मी की छुट्टियों का लाभ उठा सके इसके लिये अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण निदेशालय द्वारा सात दिवसीय समर कैम्प का आयोजन किया गया, जिसमें राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले गरीब व स्लम एरिया के 400 बच्चों ने प्रतिभाग किया और खेल-खेल में विभिन्न गतिविधियों को सीखा। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की यह पहल सराहनीय है इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक साबित होते है और इस प्रकार की एक्टीविटीज समय-समय पर होनी आवश्यक है जिसका दीर्घकालिक प्रभाव बच्चों पर बना रहता है। विभागीय मंत्री ने बताया कि कैम्प में बच्चों को फुटबॉल, वालीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, तथा खो-खो जैसे खेल सहित संगीत, नृत्य, कला, कविता, कहानी आदि रचना सिखाई गई। इसके अलावा रोल प्ले, बाल अखबार, वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित दैनिक गतिविधियां भी कैम्प में सिखाई गई। उन्होंने बताया कि समर कैम्प के शुभारम्भ पर विभाग द्वारा बच्चों को ड्राइंग कॉपी, कलर पेंसिल, क्रेयान और एक फोल्डर उपलब्ध कराया गया, जबकि समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग, 5 कॉपी, पेंसिल बॉक्स सहित अन्य शिक्षण सामग्री वितरित की गई। विभागीय मंत्री ने समर कैम्प में सहयोग करने वाले विभिन्न एनजीओ अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, रूम टू रीड, लभया फाउंडेशन, ड्रीम ए ड्रीम, ब्लू आर्ब, आसरा एवं हंस फाउंडेशन का भी आभार जताया और भविष्य में भी उनसे सहयोग लेने की बात कही। निदेशक एससीईआरटी सीमा जौनसारी ने बताया कि विभाग द्वारा पिछले पांच वर्षों से समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है जिसमें असहाय एवं गरीब बच्चों को खेल के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों को सिखाया जा रहा है।

समर कैम्प में शामिल हुये इन विद्यालयों की छात्र-छात्राएं
अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण निदेशालय द्वारा राजीव नवोदय विद्यालय ननूरखेड़ा में आयोजित समर कैम्प में राजकीय प्राथमिक विद्यालय नालापानी, लाडपुर, वाणी बिहार, ननूर खेड़ा, सुंदरवाला, आमवाला, जाखन, राजकीय इंटर कॉलेज नालापानी, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सुंदरवाला व वाणी विहार में पढ़ने वाले कक्षा 3 से कक्षा 9 तक के 400 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कैम्प में शिक्षा विभाग और सहयोगी संस्थाओं से लगभग 60 से अधिक शिक्षक, शिक्षिकाएं, अधिकारी एवं अन्य कार्मिकों ने भी अपना सहयोग प्रदान किया।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में व्यय वित्त समिति की हुई बैठक

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु की अध्यक्षता में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान राज्य सेक्टर के अन्तर्गत जनपद देहरादून नगर निगम क्षेत्र लाडपुर स्थित रिंग रोड में रू. 500.32 लाख लागत की जलापूर्ति योजना, अमृत – 02 योजनान्तर्गत जनपद चम्पावत में रू. 946.63 लाख लागत की बनबसा नगर जलापूर्ति योजना, जनपद पौड़ी में रू. 2556.38 लाख लागत की सतपुली पेयजल योजना और जनपद चमोली में रू. 3245.00 लाख लागत की गौचर पेयजल योजना के पुनर्निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई।

मुख्य सचिव ने पेयजल योजनाओं के लिए पूरे शहरों के मास्टर प्लान तैयार किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे आने वाले समय में नई योजना और पुरानी योजना जो जोड़ने में समस्याएं नहीं आएंगी। उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाओं में स्रोतों को स्थिर बनाए रखने के लिए तंत्र विकसित किया जाए। उन्होंने जनपद देहरादून में लाडपुर क्षेत्र की जलापूर्ति योजना में भविष्य ने शुरू होने वाली सोंग बांध गुरुत्व आधारित योजना के अंतर्गत कनेक्शन आदि का प्राविधान सुनिश्चित किए जाने के भी निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि आमजन को दिए जाने वाले कनेक्शन के लिए जल संस्थान द्वारा न्यूनतम चार्ज आसान किश्तों में बिल के साथ जोड़कर लिया जाए। उन्होंने सभी योजनाओं के अंतर्गत मीटर अनिवार्य रूप से लगाए जाने के निर्देश दिए। कहा कि इससे पानी का दुरुपयोग कम होगा।
इस अवसर पर सचिव अरविन्द सिंह ह्यांकी एवं अपर सचिव उदयराज सिंह सहित अन्य विभागीय उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

38वें राष्ट्रीय खेल के आयोजन को लेकर मुख्य सचिव ने समीक्षा की

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में वर्ष 2024 में प्रस्तावित 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के सम्बन्ध में बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने 38वें राष्ट्रीय खेलों से सम्बन्धित सभी निर्माण कार्यों में गति लाते हुए निर्धारित समय से पूर्व करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिए जाने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने प्रदेश में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय खेलों के लिए गुणवत्ता के साथ ही भव्यता के साथ आयोजित किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पर्यटन प्रदेश होने के नाते इसे एक अवसर के तौर पर देखना चाहिए। देशभर से जो प्रतिभागी इसमें भाग लेने आएंगे, उनमें प्रदेश की अच्छी छवि जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि टॉर्च रिले कार्यक्रम को पूरे प्रदेश में प्रत्येक पर्यटन शहर में आयोजित किया जाए ताकि प्रदेश के पर्यटन का प्रचार प्रसार भी हो सके। उन्होंने कहा कि सभी इवेंट के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाए। इस पर आने वाले व्यय को राज्य सरकार वहन करेगी। इससे कलाकारों को रोजगार भी प्राप्त होगा साथ ही प्रदेश की संस्कृति का प्रचार प्रसार भी होगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि निर्माण कार्यों को समय से पूर्ण किया जा सके इसके लिए सभी कार्यों को पूर्ण करने को तिथियां निर्धारित कर ली जाएं और समय से कार्य शुरू एवं पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि बजट की किसी भी प्रकार से कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने उपकरणों की खरीद, विशेष कर जो विदेशों से आयात होने हैं, का कार्य तत्काल शुरु किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विदेशों से आने वाले उपकरण में कई बार अत्यधिक समय लग जाने से निर्धारित समय तक नहीं पहुंच पाते हैं।
मुख्य सचिव ने पौड़ी के हाई एल्टीट्यूड रांशी स्टेडियम को भी राष्ट्रीय खेलों से जोड़े जाने की बात कही। कहा कि राष्ट्रीय खेलों से पहले प्रदेश में प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताएं भी कराई जाएं ताकि प्रदेश में खिलाड़ी इसके लिए तैयार और जागरूक हो सकें। उन्होंने कहा कि खेलों के लिए स्वयंसेवकों की टीम भी तैयार की जाए। उन्हें प्रमाण पत्र भी दिया जा सकता है।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव सचिन कुर्वे, हरिचंद्र सेमवाल, अपर सचिव खेल जितेन्द्र कुमार सोनकर सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड के कृषि उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग की व्यवस्था हो-धामी

कृषकों को कृषि एवं उद्यान के क्षेत्र में उत्पादन का अच्छा दाम मिले इसके लिए बेहतर मार्केटिंग की व्यवस्था की जाए। कृषकों की आय दुगुनी करने के लिए उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसानों को मोटे अनाजों के अधिक उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करें। किसानों की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए कृषि, उद्यान एवं अन्य संबंधित विभाग समन्वय से कार्य करें। अधिकारी बैठक में पूरी तैयारी से आयें, कार्य के प्रति किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में सशक्त उत्तराखण्ड 2025 के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए कृषि एवं उद्यान के अल्प, मध्य एवं दीर्घकालिक रोडमैप की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मिलेट्स के उत्पादन को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए, इसकी मांग बहुत तेजी से बढ़ रही है, किसानों की आय को बढ़ाने में मिलेट्स अहम भूमिका निभायेगा। तीन सितारा, चार सितारा एवं पांच सितारा होटलों में मिलेट्स की व्यवस्था हो, इसके लिए इन्हें भी प्रोत्साहित किया जाए। पैक्स एवं क्रय केन्द्रों पर मिलेट्स खरीदने की उचित व्यवस्था रखी जाए। जो स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मंडुवा लेंगी, उनको इन्सेंटिव शीघ्र मिल जाए। उन्होंने कहा कि मिलेट्स उत्पादन के लिए प्राकृतिक और परंपरागत रूप से सभी संसाधन राज्य के पास हैं। मिलेट्स के क्षेत्र में उत्तराखण्ड को रोल मॉडल बनाने की दिशा में कार्य किये जाएं।
कृषि अवसंरचना निधि के तहत धीमी कार्य प्रगति पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये कि इसमें निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मजबूत कार्ययोजना बनाई जाए। इसके तहत किसानों को ऋण लेने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए प्रक्रियाओं के सरलीकरण की दिशा में ध्यान दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंदरों से फसलों को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए जल्द ही वन विभाग, शहरी विकास एवं अन्य संबंधित विभागों की बैठक की जाए।
मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग के रोडमैप की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिये कि राज्य में पॉलीहाउस स्थापना के कार्यों में अभियान के तहत कार्य किये जाएं। कैबिनेट द्वारा इसके लिए किसानों को 70 प्रतिशत अनुदान देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इन पॉलीहाउस में फल, फूल, सब्जी का जो उत्पादन होगा, इनको देश भर में भेजा जायेगा। इसके लिए गढ़वाल और कुमायूं में मण्डी बनाने का निर्णय लिया गया है। पॉलीहाउस पर कार्य प्रगति की जल्द समीक्षा भी की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। कीवी और एप्पल मिशन के तहत तेजी से कार्य किया जाए। मौन पालन के क्षेत्र में राज्य में अनेक संभावनाएं हैं। मौन पालन किसानों की आय बढ़ाने के लिए एक अच्छा माध्यम है, इस दिशा में कार्य करने के लिए विशेष प्रयासों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा अगर बाहर से उच्च गुणवत्ता युक्त पौध ली जा रही है, तो उनका डीबीटी के माध्यम से समय पर भुगतान हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, विनय शंकर पाण्डेय, दीपेन्द्र चौधरी, अपर सचिव रणवीर सिंह चौहान, विजय कुमार जोगदाण्डे, कृषि, उद्यान एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।