बेटियों, बहनों और महिलाओं को लेना चाहिए कराटे का प्रशिक्षणः डा. अग्रवाल

ए.के. फाईट क्लब ऋषिकेश की ओर से कराटे बैल्ट प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। मंत्री डॉ अग्रवाल ने संस्था को दो लाख रुपए विधायक निधि से देने की घोषणा की।

नगर निगम के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डा. अग्रवाल ने कहा कि कराटे एक ऐसी विधा है, जिसकी आज नितांत आवश्यकता है। खासकर बेटियों, बहनों और महिलाओं को कराटे का प्रशिक्षण लेना चाहिए।

डा. अग्रवाल ने कहा कि कराटे के विभिन्न चरण हो सकते हैं, मगर सभी का उद्देश्य एक ही है। स्वयं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की इस कला को आज पूरा विश्व अपना रहा है। कहा कि न सिर्फ कराटे शारीरिक रूप से स्वस्थ्य बनाता है बल्कि प्रशिक्षक के भीतर रोग प्रतिरोधक क्षमता भी प्रदान करता है।

इस मौके पर ए.के. फाईट क्लब के कराटे बैल्ट प्रतियोगिता के 35 बच्चों को मंत्री डा. अग्रवाल ने येलो, ओरेंज, ब्लू, ग्रीन, परपल, ब्राउन बैल्ट देकर सम्मानित किया। मंत्री डा. अग्रवाल ने इस कला का सदुपयोग करने का आहवान किया।

इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष शम्भू पासवान, पूर्व सभासद रवि जैन, समाजसेवी रवि जिंदल, प्रदेश संयोजक नमामि गंगे कपिल गुप्ता, कार्यक्रम अध्यक्ष मंतोष पासवान, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सन्दीप शर्मा, कराटे जज रंजीत कुमार, कराटे कोच अजय कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।

दो दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का मंत्री अग्रवाल ने किया शुभारंभ

उत्तराखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से दो दिवसीय 18वीं सीनियर राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर उनकी हौसला अफजाई की।

शनिवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने टॉस उछालकर किया। इसके बाद खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर मंत्री डॉ अग्रवाल ने उनका परिचय जाना।

मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि खेल हमें जीने की कला सिखाता है। खेल हमें सिखाता है कि गिरते-उठते, पीछे छूटने के बावजूद भी आगे बढ़ते हैं और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए खिलाड़ी आपस में गले मिलकर खेल को समाप्त करते हैं।

मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि खेल जीवन के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, जोकि हमें आशा-उमंग व शक्ति का संचार करता है और जीने की कला सिखाता है। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों द्वारा बहुत अच्छा प्रदर्शन किया गया है।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि इस प्रतियोगिता के आयोजन से खेलों के विकास में बहुत बड़ा योगदान रहेगा। कहा कि हमारे यहाँ प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आज हमारा राज्य खेल के सभी क्षेत्रों में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार ख्याति व पदक प्राप्त कर रहा है।

गढ़ सेवा संस्थान ने पर्वतीय सांस्कृतिक जन कल्याण समिति के सहयोग से आयोजित किया कार्यक्रम

”आवा! हम सब्बि मिलके इगास मनोला, नई पीढ़ी ते अपणी लोक संस्कृति से जुड़ोला। लोकपर्व इगास हमारु लोक संस्कृति कु प्रतीक च। हमारि नई पीढ़ी भी हमारा पारंपरिक त्यौहारों से जुणि रौ, यु हमारु उद्देश्य च।” इन्हीं शब्दों के साथ क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने मालवीय नगर में आयोजित इगास लोकपर्व पर अपनी शुभकामनाएं दीं।
शुक्रवार को गढ़ सेवा संस्थान ऋषिकेश की ओर से पर्वतीय सांस्कृतिक जन कल्याण समिति की ओर से मालवीय नगर दुर्गा मंदिर के प्रांगण में लोकपर्व इगाम पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
मंत्री डा. अग्रवाल ने कहा कि इगास लोकपर्व हमारी समृद्ध संस्कृति की पहचान है। दीपावली के बाद 11वें दिन राज्य में इगास और बूढ़ी दीपावली मनानी की प्रथा सदियों पुरानी है। गढ़वाल में इगास को बग्वाल के रूप में जबकि कुमायूं में बूढ़ी दीपावली कहा जाता है।
मंत्री डा. अग्रवाल ने कहा कि इगास को पूरे प्रदेश में धूमधाम से मना सकें, इसके लिए हमारी सरकार ने अवकाश की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि लोकपर्व हमारे राज्य की पहचान है, हमें इसकी महत्वता को समझना होगा। कहा कि जनसहभागिता से ही हमारे लोकपर्व का महत्व बढ़ेगा।
मंत्री डा. अग्रवाल ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि अपने राज्य की संस्कृति, मेले, लोकपर्वों का महत्व जानें और इसमें सहभाग करते हुए धूमधाम से मनाएं। इस दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। साथ ही पहाड़ी व्यंजन कंडाली का काफल, भात, कोदे की रोटी, अरसे, स्वाल, भड्डू दाल का स्वाद लोगों ने चखा। इसके अलावा मंत्री डा. अग्रवाल ने भेलो भी खेला।
इस अवसर पर गढ़ सेवा संस्थान के अध्यक्ष देवेंद्र नेगी, सचिव रविंद्र राणा, उपाध्यक्ष ताजेंद्र नेगी, कोषाध्यक्ष गोपाल सती, पर्वतीय सांस्कृतिक जनकल्याण समिति आईडीपीएल के अध्यक्ष भरत सिंह नेगी, बीपी जोशी, अरूण बडोनी, दिनेश पयाल, मनोज ध्यानी, भगवती रतूड़ी, राजवीर रावत, सुमित पंवार, प्रधान सागर गिरी, ममता नेगी, प्रमिला त्रिवेदी, महावीर चमोली, पुनीता भंडारी, निर्मला उनियाल, पार्षद वीरेंद्र रमोला, जेएस राणा, सुरेंद्र सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

छात्र-छात्राओं ने गंगा स्वच्छता की शपथ ली

श्रीदेव सुमन विवि परिसर ऋषिकेश के नमामि गंगे प्रकोष्ठ ने गंगा उत्सव मनाया। छात्र-छात्राओं ने गंगा स्वच्छता की शपथ के साथ ही गंगा आरती की।
शुक्रवार को त्रिवेणीघाट पर श्रीदेव सुमन विवि परिसर ऋषिकेश के नमामि गंगे प्रकोष्ठ द्वारा गंगा उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पार्षद चेतन चौहान ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मेरा संकल्प के अंतर्गत गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि हमें अपने क्षेत्र के गंगा तटों को साफ सुथरा रखना चाहिए। किसी भी प्रकार से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करना चाहिए। नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार मेंदोला ने विचार रखे। इस दौरान छात्राओं द्वारा महागंगा आरती, दीपोत्सव, दीपदान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी। छात्रों ने गंगा आरती कर 251 दीपों की श्रृंखला त्रिवेणी घाट पर बनाई।
इस दौरान हिमांशु कुमार, अमित रतूड़ी, अमित चौहान, तुषार, सुधांशु, तन्मय, रितेश, सलोनी बिष्ट, रितिका, सृष्टि आर्य, प्रीति, मनीषा, माधुरी, शालू, सलोनी, अंबालिका, प्रियंका, अक्षिता, दीक्षा, अभिलाषा, रिया, वर्षा, प्राची, अंकिता, मितिक्षा, सुहानी, साक्षी, ज्योति, खुशी, वैष्णवी, दीक्षा सिंह, किरन, कशिश, शालिनी, मानसी आदि उपस्थित रहे प्

सामूहिक नृत्य में झूमे मंत्री अग्रवाल, इगास की दी बधाई

छिद्दरवाला में युवक मंगल दल और महिला मंगल दल की ओर से इगास महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने पारंपरिक वेशभूषा पहाड़ी टोपी पहनकर शिरकत करते हुए भेलो खेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम में झूमकर सामूहिक नृत्य किया। मंत्री डॉ अग्रवाल ने आयोजक समिति को 11 हज़ार रूपए भी दान स्वरूप भेंट किये।
जोगीवाला माफी में आयोजित इगास महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर मंत्री डॉ अग्रवाल ने पहाड़ी व्यंजन अरसे का स्वाद चखा और ग्रामीणों को इगास पर्व की बधाई दी।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इगास पर्व पर अवकाश की घोषणा से राज्य की लोक संस्कृति को बल मिलेगा। प्रदेश में यह दूसरा मौक़ा है जब उत्तराखण्ड में लोकपर्व ईगास को लेकर अवकाश घोषित किया गया है। कहा कि इगास पर्व पहाड़ी क्षेत्रों तक सीमित न रहकर मैदानी क्षेत्रों में भी पहुंच गया है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि युवाओं में इसकी लोकप्रियता बढ़ी हैं। इसका लाभ हमारे राज्य की संस्कृति को मिलेगा। कहा कि इस पर्व को देवोत्थान एकादशी के साथ ही गढ़वाल में इगास और कुमायूं में बूढ़ी दीपावली के रूप में मनाया जाता है।
इस मौके पर आंचलिक गीत मेरे बुढ़ा की ब्यो छे, और ऐ गे न बग्वाल के दिन पर मंत्री डॉ अग्रवाल झूमने पर मजबूर हुए। साथ ही पहाड़ी व्यंजन अरसे का आनंद भी लिया। इसके अलावा देवदार, भीमल या हींसर की लकड़ी आदि से बने भैलो को खेला।
इस मौके पर युवक मंगल दल के अध्यक्ष प्रमोद रावत, जगमोहन पंवार, महिला मंगल दल की अध्यक्ष सुशीला नेगी, संगीता असवाल, प्रधान सोबन सिंह कैंतुरा, महिला मोर्चा मण्डल अध्यक्ष समा पंवार, अनिता राणा, विमला नैथानी, रीना नेगी, बैशाख सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर खत्री, उप प्रधान शैलेन्द्र रांगड़, दीपा सजवाण, राजेंद्र बगियाल, सुरेंद्र रमोला, रोशन कुड़ियाल, अम्बर गुरुंग, धर्म सिंह, रतन नेगी आदि उपस्थित रहे।

पशुलोक विस्थापित की भूमि राजस्व अभिलेखों में दर्ज करने के निर्देश

विस्थापित क्षेत्र पशुलोक को भूमिधरी अधिकार मिलने की मांग को लेकर आज स्थानीय लोग कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल से मिले। इस मौके पर मंत्री डा. अग्रवाल ने जिलाधिकारी देहरादून और सचिव राजस्व के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
गुरूवार को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से विस्थापित पशुलोक निवासी लोगों का प्रतिनिधिमंडल कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल से मिला। इस पर मंत्री डा. अग्रवाल ने मौके पर मौजूद जिलाधिकारी देहरादून सोनिका और सचिव राजस्व सचिन कुर्वे के साथ बैठक की। मंत्री डा. अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2000 में जनपद टिहरी के भागीरथी गांव के परिवारों को ऋषिकेश विधानसभा के पशुलोक में विस्थापित किया गया था।
मंत्री डा. अग्रवाल ने कहा कि लंबे समय से इन परिवारों द्वारा पशुलोक विस्थापित को राजस्व ग्राम की मांग उठाई गई। जिसे उनके अथक प्रयासों से वर्ष 2020 में राजस्व ग्राम घोषित किया गया। मंत्री डा. अग्रवाल ने बताया कि भूमिधरी का अधिकार इन्हें न मिलने के चले समस्याएं पैदा हो रही है।
मंत्री डा. अग्रवाल ने सचिव राजस्व सचिन कुर्वें को बैठक के दौरान निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही पशुलोक विस्थापित के लोगों को भूमिधरी का अधिकार दिया जाए। जिससे राजस्व अभिलेखों में सभी की भूमि दर्ज हो सके।
इस मौके पर पशुलोक विस्थापित के लोगों द्वारा मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान जगदंबा सेमवाल, प्रताप सिंह राणा, बलवीर रावत, दिनेश बहुगुणा, रघुनाथ चौहान, विजय बिष्ट, मीना सजवाण आदि उपस्थित रहे।

कार लूटने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

रायवाला थाना क्षेत्र के हरिपुरकला में एक ऑफिस संचालक से हुई मारपीट और कार लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं, इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। आरोपियों के कब्जे से एक एलईडी टीवी और कार बरामद हुई है।
रायवाला पुलिस के मुताबिक 31 अक्तूबर की रात को हरिपुरकला निवासी राजेश कुमार के ऑफिस में विक्रांत राणा निवासी हरिपुरकला अपने तीन साथियों के साथ आया। आरोप था कि विक्रांत ने राजेश के साथ जमकर मारपीट की और ऑफिस से नगदी, सोने की चेन, एलईडी टीवी, मोबाइल और ऑफिस के बाहर खड़ी कार हथियारों के बल पर लूट ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में विक्रांत राणा के साथ आए साथियों की पहचान दीपक सोनू और देव राणा के रूप में हुई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को विक्रांत राणा और देव राणा को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से राजेश कुमार से लूट गई कार और एलईडी टीवी बरामद की। थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि देव राणा भी हरिपुरकला का रहने वाला है। जबकि मामले में दीपक और सोनू जो खड़खड़ी हरिद्वार के रहने वाले हैं, अभी फरार चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया है। बताया कि आरोपियों की मारपीट से घायल हुए राजेश कुमार फिलहाल आईसीयू में भर्ती हैं।

जलसंस्थान के लोहे के पाइप चुराने में चार आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश पुलिस ने जल संस्थान के लोहे के पाइप चोरी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनसे घटना में प्रयुक्त ट्रक, चार पाइप और नगदी बरामद की है। पुलिस ने बताया कि मामले में एक आरोपी अभी फरार चल रहा है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक केसीपीएल कंपनी के कांट्रेक्टर प्रदीप कुमार पुत्र ऋषिपाल निवासी आकाशदीप कॉलोनी रुड़की, हरिद्वार ने तहरीर देकर बताया कि 25 अक्तूबर को मालवीयनगर हरिद्वार-ऋषिकेश रोड में सड़क किनारे से जल संस्थान के लोहे के पाइप चोरी हो गए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को रायवाला स्थित मोतीचूर फ्लाईओवर के पास से एक ट्रक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से चार पाइप और 99 हजार 500 रुपये की नगदी भी बरामद की गई। कोतवाल रवि सैनी ने बताया आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र पुत्र रामचंद्र निवासी ग्राम अल्लाहपुर जिला बदायूं, यूपी हाल निवास कृष्णानगर, जगतपुरी, ईस्ट दिल्ली, अजीत कुमार उर्फ पंजाबी पुत्र वीर कांत राय निवासी प्रतापनगर, पटियाला, पंजाब हाल निवासी घाट नंबर एक, झुग्गी झोपड़ी, निगम बोध घाट, आईएसबीटी कश्मीरी गेट नई दिल्ली, मोहित शर्मा पुत्र वीरेंद्र शर्मा निवासी ग्राम भटनी, बसई, मोहम्मदपुरी, विसौली जिला बदायूं, यूपी, धर्मेंद्र पुत्र अमर सिंह निवासी ग्राम कचना कला थाना गोरखी जिला भिंड, मध्यप्रदेश हाल निवासी दिल्ली के रूप के रूप में हुई है। कोतवाल ने बताया कि मामले में विकास उर्फ नाटू फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी है।

आरटीआई की आड़ में ब्लैकमेल करने वालों के खिलाफ सड़कों पर उतरे व्यापारी

सूचना के अधिकार (आरटीआई) की आड़ में ब्लैकमेल करने वालों के खिलाफ सड़कों पर उतरे व्यापारियों ने दून तिराहे पर सांकेतिक धरना दिया। जुलूस की शक्ल में कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन करते हए ब्लैकमेलिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। आक्रोशित व्यापारियों ने एक कारोबारी से रंगदारी मांगने वाले तीन तथाकथित लोगों के विरुद्ध शिकायती पत्र पुलिस को सौंपा।
बुधवार को नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र के नेतृत्व में व्यापारी दून तिराहे पर एकत्रित हुए। यहां आरटीआई की आड़ में ब्लैकमेलिंग करने वालों की एक स्वर में खिलाफत करते हुए सांकेतिक धरना दिया। धरने पर डटे व्यापारियों ने कहा कि शहर में नए निर्माण और अन्य कार्यों के बाबत आरटीआई में सूचना मांगने वाला गिरोह सक्रिय है, जो आरटीआई के नाम पर कारोबारियों को ब्लैकमेल कर रहा है। ऐसे तथाकथित लोगों को सबक सिखाने के लिए व्यापारियों को एकजुट होना पड़ा। धरनास्थल से व्यापारी जुलूस की शक्ल में ब्लैकमेलिंग करने वालों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचे। आक्रोशित व्यापारियों ने प्रदर्शन के बीच पुलिस को तीन तथाकथित लोगों पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र सौंपा।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सैनी ने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन में रवि कुमार जैन, अरविंद जैन, नवल कपूर, ललित जिंदल, एकांत गोयल, मदन मोहन शर्मा, अब्दुल रहमान, अभिषेक शर्मा, जितेंद्र पाल, देवेंद्र प्रजापति, राजेंद्र बिष्ट, भगवान सिंह पंवार, राजेश साह आदि व्यापारी शामिल रहे।

लौहपुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल को दी श्रद्धांजलि

देश के पहले गृहमंत्री सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे पर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की आत्म शांति की कामना की गई।

बैराज रोड स्थित कैम्प कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल का स्मरण करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर मंत्री अग्रवाल ने कहा कि भारत आज हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार है, देश की चिंता करना हम सभी की जिम्मेदारी है। देश के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार पटेल एक सशक्त भारत के निर्माण का सपना देखा करते। हम एक रहेंगे तभी आगे बढ़ पाएंगे।

डॉ अग्रवाल ने सरदार पटेल के समर्पण को याद करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया। पटेल चाहते थे कि देश विनम्र भी बने एवं सशक्त भी बने सरदार आज हर एक देशवासी के दिल में बसे हैं। देश का हर नागरिक एक समान महसूस करें यही हमारी एकता, लोगों को सुविधाओं में कोई भेदभाव ना हो।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि देश की एकता व अखंडता के लिए अपने नागरिक कर्तव्यों को पूरा करते हुए हमारा प्रयास सरदार साहब के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी। डॉ अग्रवाल ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें मार्गदर्शन देने वाला उन्होंने अखंड भारत का निर्माण किया।

इस दौरान गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे पर चिंता व्यक्त की गई। दिवंगत लोगों की आत्मा शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।

इस मौके पर मंडल अध्यक्ष ऋषिकेश दिनेश सती, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष उषा जोशी, पार्षद शिव कुमार गौतम, वीरेंद्र रमोला, प्रदीप कोहली, समाजसेवी मानवेंद्र कंडारी, पूर्व सभासद कविता साह, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, स्वाति शर्मा, रंजीत थापा, सचिन अग्रवाल, नगर पंचायत चमियाला की अध्यक्ष ममता पवार, उत्तम पवार आदि उपस्थित रहे।