कैंप कार्यालय में मंत्री से मिले ट्रेचिंग ग्राउंड विरोध संघर्ष समिति के सदस्य

उत्तराखंड जन विकास मंच के बैनर अंतर्गत ट्रेचिंग ग्राउंड विरोध संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल कैबिनेट मंत्री नगर विकास एवं वित्त डॉ प्रेमचंद अग्रवाल से मिला।

संयोजक सत्य प्रकाश कपूरवान व सह संयोजक मनोज गुसाईं ने मंत्री को बताया कि प्रस्तावित चयनित स्थल पर बनने वाला ट्रेचिंग ग्राउंड केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की गाइड लाइन के प्रतिकूल है जोकि आबादी क्षेत्र से मात्र 10 मीटर की दूरी पर है। जिस पर मंत्री डा. अग्रवाल ने आश्वासन दिया कि वे इस ज्वलंत समस्या का शीघ्र निस्तारण करेंगे।

पूर्व ग्राम प्रधान भट्टटोवाला एवं सभा संचालक प्रमुख सतीश रावत एवं सह संयोजक गजेंद्र गोसाई ने बताया कि आबादी क्षेत्र में कचरा घर स्थापित होने से गुलरानी, मनसा देवी, अमित ग्राम, गुर्जर बस्ती, गुमानीवाला, भट्टटोवाला क्षेत्र के आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में मंच अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, देवेंद्र दत्त बेलवाल, धर्मेंद्र सिंह, ऋषि पोसवाल, राजेंद्र पाल, विनोद पोखरियाल, सुंदर जीना, लाल सिंह बोरा, नत्थी लाल सेमवाल, विजय सकलानी, मोहिनी देवी, पारो देवी, अनीता नैथानी, नीलू बिष्ट, लता देवी, विमला देवी आदि उपस्थित रहे।

कुष्ठ रोगियों के साथ लायंस क्लब डिवाइन ने मनाया नया सत्र

लायंस क्लब इंटरनेशनल ने नया सत्र कुष्ठ रोगियों को राशन वितरित कर मनाया। वहीं, डॉक्टर्स डे के अवसर पर नगर के आठ सम्मानित डॉक्टर को भी सम्मानित किया गया व पांच चार्टर्ड अकाउंटेंट को भी सम्मानित किया गया।

नव मनोनीत अध्यक्ष लियो लायन रजत भोला ने बताया कि लायंस क्लब का नया सत्र आरम्भ हो गया है। इस शुभ अवसर पर लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने 14 बीघा स्थित कुष्ठ आश्रम में राशन वितरित किया।

उन्होंने बताया कि लायंस क्लब इंटरनेशनल गत 105 वर्षों से जरूरतमंदों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है, इसी कड़ी में लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन नगर में उसी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए सेवा के लिए तत्पर रहता है।

उन्होंने बताया कि आज क्लब द्वारा आठ डॉक्टर्स, पांच चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को भी सम्मानित किया गया। जिससे कि वह अपनी सेवाओं को और अधिक रूप में जरूरतमंदों का पहुंचाने का प्रयास करें।

संस्थापक ललित मोहन मिश्र ने बताया कि गत सत्र में भी द्वारा 111 सेवा कार्य किए गए जिस कारण डिस्ट्रिक्ट 321 ब1 में क्लब को बहुत ऊंचा स्थान प्राप्त हुआ तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने क्लब के कार्यों की खूब सराहना भी की है।

इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष महेश किंगर, नवनियुक्त सचिव महेश गनेरीवाला, नवनियुक्त कोषाध्यक्ष घनश्याम डंग, जगमीत सिंह, विकास ग्रोवर, पवन शुक्ला, कृष्णा कालरा, विक्की पनेसर, आशु डंग, शिवम टूटेजा, नवीन गाँधी आदि उपस्थित रहे।

डॉक्टर्स डे पर डा. बीसी रॉय को किया याद

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के उपलक्ष्य में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ऋषिकेश शाखा की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की।

रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्जवलित कर किया। मंत्री डा. अग्रवाल जी ने कहा कि हर किसी की जिंदगी में चिकित्सक की भूमिका काफी अहम होती है। हम सभी शारीरिक और मानसिक परेशानी से पीड़ित होने पर चिकित्सक के पास ही जाते हैं और चिकित्सक के पास भी लगभग हर समस्या का इलाज मौजूद रहता है। डा. अग्रवाल ने कहा कि इसलिए चिकित्सक को भगवान का दर्जा दिया गया है।

डा. अग्रवाल जी ने कहा कि चिकित्सक जीवनदाता होते है, कोरोना काल में अहम योगदान देकर चिकित्सकों ने इसको बखूबी साबित भी किया है। उस दौर में चिकित्सकों ने दिन-रात एक कर लोगों की जान बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का इलाज करने वाले डॉ. बिधान रॉय ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी योगदान दिया था।

बताया कि उनके योगदान को सम्मान देने के लिए एक जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के रूप में मनाते है। बताया कि 1975 से चिकित्सा, विज्ञान, दर्शन, कला और साहित्य के क्षेत्रों में अद्भुत काम करने वालों को भी हर साल बी.सी.रॉय पुरस्कार से नवाजा जाता है।

इस अवसर पर डा. अनिल डबराल को मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देकर सम्मानित किया। साथ ही आईएमए की कार्यकारिणी के नए सदस्यों से परिचय भी प्राप्त किया।

इस मौके पर आईएमए अध्यक्ष डा. विनिता पुरी, कोषाध्यक्ष डा. राजेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष डा. हरिओम प्रसाद, सदस्य डा. राजेंद्र गर्ग, डा. विनोद पुरी, डा. रामकुमार भारद्वाज, डा. केएन लखेड़ा, डा. अनिल डबराल, डा. ऋचा रतूड़ी, डा. हारून, डा. शोएब, डा. अजय गैरोला सहित नगरभर के अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

लोनिवि के अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने ग्रामसभा खैरीकलां के आठ आंतरिक मार्गों का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया। इस मौके पर डा. अग्रवाल ने कार्यदायी संस्था लोनिवि अधिकारियों को मार्गों निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को खैरीकलां में विधिविधान से भूमि पूजन कर मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि विधानसभा के प्रत्येक गांव में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, विकास कार्य मेरी प्राथमिकता है, पिछले तीन वर्षों के कार्यकाल में सदैव विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ किया है, यही वजह है कि जनता ने विकास कार्यों को मोहर लगाते हुए उन्हें लगातार चौथी बार विधायक बनाया।
डा. अग्रवाल ने कहा कि जनता की हर कसौटी पर खरे उतरेंगे। खैरीकलां में आंतरिक मार्गों के निर्माण के बाद यहां अंतिम छोर तक के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि करीब 91.99 लाख रूपये की लागत से 1.350 किलो मीटर लंबे आंतरिक मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
डा. अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके पर निर्देशित भी किया। कहा कि आंतरिक मार्ग के निर्माण में गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने गुणवत्ता के साथ समझौता न करने के निर्देश दिए। क्वालिटी का विशेष ध्यान रखा जाए।
ग्राम प्रधान खैरीकलां चंद्रमोहन पोखरियाल ने बताया कि मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने भूमि पूजन कर आठ आंतरिक मार्गों का निर्माण शुरू कराया है। यह निर्माण कार्य राज्य योजना के अंतर्गत किया जा रहा है, इसमें वार्ड नंबर नौ खैरीकलां में साईं मंदिर से जयवीर नेगी के घर तक, सुमेर सिंह के घर से सक्सेना के घर तक, रोहित शर्मा के घर से दिन्याली देवी मंदिर तक, मंगल सिंह कैंतुरा के घर से शिव मंदिर कैलाश आश्रम तक, जसपाल सिंह कंडारी के घर से जयराम के घर तक, सरिता देवी के घर से उर्मिला देवी के घर तक, महिमानंद भट्ट के घर से जयराम चौधरी के घर तक और राजेंद्र सिंह रावत के घर से मिथलेश जुयाल के घर तक आंतरिक मार्ग का निर्माण शुरू किया गया है।
इस मौके पर प्रधान खैरीकलां चंद्रमोहन पोखरियाल, ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, प्रधान जोगीवाला माफी सोबन सिंह कैंतुरा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्यामपुर समा पंवार, पूर्व जिपंस देवेंद्र नेगी, पूर्व जिपंस अनिता राणा, वार्ड सदस्य नेहा नेगी, वार्ड सदस्य शांति नौटियाल, वार्ड सदस्य कृष्णा राणा, कमलेश राणा, विजेंद्र राणा, प्रशांत चमोली, मंगल सिंह, कुंदन सिंह रावत, जगदंबा पंवार सहित ग्रामीणजन और कार्यदायी संस्था लोनिवि के अधिकारीगण मौजूद रहे।

पुलिस ने चोरी की योजना बनाते तीन को किया गिरफ्तार

मायाकुंड क्षेत्र में रात के समय चोरी की योजना बनाते समय पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक छुरा समेत अन्य उपरकरण बरामद हुए।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात को पुलिस टीम मायाकुंड क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी बीच तीन युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। उनकी पहचान ऋषि पुत्र भुलाई प्रसाद उर्फ छोटे निवासी चंद्रेश्वरनगर, विनय पुत्र झगडू हवलदार निवासी वाल्मीकि बस्ती रेलवे रोड, सुजल जाटव पुत्र देवेंद्र जाटव निवासी जाटव बस्ती, रेलवे रोड, ऋषिकेश के रूप में हुई। तीनों के खिलाफ पूर्व में कई मामलों में केस भी पंजीकृत हैं। कोतवाली वरिष्ठ उपनिरीक्षक डीपी काला ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।

उत्तराखंड की संस्कृति को बचाना है तो अधिक से अधिक बोली भाषा का प्रसार जरुरी

ऋषिकेश के सिनेमाहॉल में शुक्रवार को गढ़वाली फिल्म खैरी का दिन का प्रदर्शन किया गया। आंचलिक फिल्म को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। दर्शकों ने कलाकारों की प्रशंसा की और गढ़वाल की संस्कृति के संरक्षण के लिए इस प्रकार की फिल्मों को जरूरी बताया।
शुक्रवार को ऋषिकेश के सिनेमा हॉल रामा पैलेस में गढ़वाली फिल्म ‘खैरी का दिन का पहला शो लगा। इसका उद्घाटन कांग्रेस नेता जयेद्र रमोला ने किया। उन्होंने कहा कि पूरे हिन्दुस्तान में हर प्रदेश में अपनी बोली व अपनी भाषा से पहचान है, परन्तु उत्तराखंड में आज भी हमें अपनी बोली को भाषा का दर्जा दिलाने के लिये संघर्ष करना पड़ रहा है। क्योंकि, हम लोग स्वयं अपनी गढ़वाली बोली में बात करने में हिचक महसूस करते हैं। उत्तराखंड के स्थानीय कलाकार फिल्मों के माध्यम से अपनी भाषा व संस्कृति को बचाने का कार्य कर रहे हैं। हमें इनको प्रोत्साहित करना चाहिए।
गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजे सिंह नेगी ने बताया कि महेश्वरी फिल्म्स के बैनर तले डीएस पंवार की इस फिल्म के निर्माता और निर्देशक अशोक चौहान हैं। सह निर्माता रोशन उपाध्याय, डीओपी युवी नेगी, एडीटर अरुण नेगी, सहायक जयदेव भट्टाचार्य, कुलदीप देवली, बसंत घिल्डियाल, नृत्य निर्देशक अरविंद नेगी, संगीत अमित कपूर का है। ऋषिकेश से पहले यह फिल्म दून, नई दिल्ली व कोटद्वार में लगाई जा चुकी है। फिल्म पहाड़ की कठिन परिस्थितियों व मुद्दों को लेकर आवाज उठाती है।

कांवड यात्रा की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हो-सुबोध उनियाल

आगामी कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हों, ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। मुनिकीरेती स्थित जीएमवीएन के गेस्टहाउस गंगा रिसोर्ट में आगामी कांवड़ यात्रा के मद्देनजर आयोजित बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने आला अधिकारियों को सख्त हिदायत दी।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर पार्किंग, सड़कों, पेयजल, चिकित्सा एवं सफाई की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से पूछताछ की, जिसके बाद उन्होंने शीघ्र ही इन व्यवस्थाओं को दुरस्त करने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार, ऋषिकेश, मुनिकीरेती, रामझूला, स्वर्गाश्रम, तपोवन, नीलकंठ आदि जगहों पर बड़ी संख्या में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ता है। बीते दो वर्षों से कोविड-19 महामारी के कारण कांवड़ यात्रा बंद रही, इस वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उमड़ने की उम्मीद की जा रही है। इसके मद्देनजर कांवड़ यात्रा शुरू होने से पूर्व अधिकारियों को तैयारियां पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया है।
मौके पर जिलाधिकारी टिहरी ईवा आशीष श्रीवास्तव, जिलाधिकारी पौड़ी विजय जोगदंडे, जिलाधिकारी हरिद्वार विनय शंकर पांडे, एसएसपी टिहरी नवनीत सिंह, एसपी ग्रामीण देहरादून कमलेश उपाध्याय, एसपी हरिद्वार योगेंद्र सिंह रावत, लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर के अधिशासी अभियंता मौहम्मद आरिफ खान, सीएमओ टिहरी संजय जैन, चिकित्साप्रभारी फकोट जगदीश जोशी, नगर पालिका मुनिकीरेती-ढालवाला ईओ तनवीर मारवाह आदि उपस्थित रहे।

टिहरी और उत्तरकाशी का प्रभारी मंत्री बनने पर प्रवासी नागरिकों ने किया अभिनंदन

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल का टिहरी जिले का प्रभारी मंत्री बनने पर छिद्दरवाला में टिहरी जिले के प्रवासियों ने आतिशबाजी कर भव्य स्वागत किया।
मंगलवार को छिद्दरवाला स्थित गुरुद्वारा में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर आतिशबाजी की गई। पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि कैबिनेट मंत्री डॉ अग्रवाल के टिहरी जिले का प्रभारी मंत्री बनने से विकास की गति में बढ़ोतरी होगी। कहा कि डॉ अग्रवाल के काम करने की शैली विकास परक है। ऋषिकेश विधानसभा से चार बार विधायक उनकी विकास परक सोच को दर्शाता है।
ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल ने कहा कि टिहरी जिले के मंत्री बनने से जिला नियोजन एवं अनुश्रवण समितियों के बजट रिलीज होने में अड़चने नहीं पैदा होंगी। इससे दोनों जिलों में विकास कार्यों को गति मिलेगी। कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में अक्सर समय पर बजट ना मिलने के कारण विकास कार्य अवरुद्ध हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि डॉ अग्रवाल के टिहरी जिले में प्रभारी मंत्री बनने पर यहां की जनता को सीधा लाभ मिलेगा। कहा कि डॉ अग्रवाल सबका साथ सबका विकास की धारणा से कार्य करते हैं। प्रभारी मंत्री बनने से हर वर्ग के लिए कार्य किया जाएगा। इस मौके पर आतिशबाजी कर डॉ अग्रवाल को बधाई दी गयी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों को जिलों में प्रभारी मंत्री के रूप में जिम्मेदारी सौंपी है इस क्रम में कैबिनेट मंत्री व ऋषिकेश विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल को टिहरी और उत्तरकाशी जिले की जिम्मेदारी मिली है।
स्वागत करने वालों में ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी, प्रधान भगवान सिंह मेहर, सोबन सिंह कैंतुरा, प्रधान प्रतिनिधि बलविंदर सिंह लाला, पूर्व प्रधान हरीश कक्कड़, मण्डल अध्यक्ष महिला मोर्चा समा पंवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर खत्री, महामंत्री श्यामपुर मण्डल भूपेंद्र रावत, कैलाश रतूड़ी, बृज मोहन जोशी, बिशन सिंह बिष्ट, कपिल कक्कड़, राकेश पोखरियाल, अनिता राणा, कुलवीर बिष्ट, अम्बर गुरंग, आयुष रावत, चन्द्रवीर सिंह सजवाण, धर्म सिंह चौहान सहित टिहरी जिले के प्रवासी ग्रामीण आदि उपस्थित रहे।

योग शिविर में यौगिक क्रियाओं का अभ्यास कराया

प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विभाग एचएनबी विश्वविद्यालय और ऋषिकेश योग पीठ के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे योग प्रशिक्षण शिविर में साधकों को विभिन्न यौगिक क्रियाओं के अभ्यास के साथ ही उनसे होने वाले लाभों से रूबरू कराया।
राजकीय इंटर कालेज आईडीपीएल में आयोजित सप्ताहव्यापी योग प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन मंगलवार को प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विभाग एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के संस्थापक डॉ. विनोद नौटियाल, डॉ. रजनी नौटियाल (आचार्य योग विभाग) और उनके सहयोगी दल ने साधकों को योग प्रशिक्षण व प्राकृतिक चिकित्सा के गुर सिखाए। बताया कि कुछ विशिष्ठ योग के नियमित अभ्यास से गंभीर रोगों के उपचार संभव है। इस दौरान यमुनानगर से आए लिटिल मास्टर दक्ष धीमान ने योग की सुंदर प्रस्तुति दी। शिविर का संचालन डॉ. सुधीर कुमार और मनोज कुमार गुप्ता ने किया। मौके पर सेवानिवृत वायुसेना अधिकारी देवेश्वर प्रसाद रतूड़ी, सेतु फाउंडेशन अध्यक्ष सरिता भट्ट, कार्यक्रम अधिकारी विजय पाल सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, गीता पंत शर्मा, रीना कश्यप, संगीता, रूबी, रितु, शकुंतला, रुदाली, महिमा, श्रद्धा, पूजा, अनमोल कश्यप, छवि, श्रृष्ठि, कनिका, गरिमा, ईशिका राणा, प्राक्षी, अनमोल, अनामिका , कविता, स्वाति, मधुबाला, चिराग गुप्ता आदि मौजूद रहे।

पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ करने के आरोपी को किया गिरफ्तार

कोतवाली अंतर्गत एक महिला से छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
कोतवाली पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बीते रोज एक महिला ने तहरीर देकर बताया था कि मकसूद अली पुत्र सलीम अली निवासी शांतिगर, झुग्गी झोपड़ी ने रात को सोते समय महिला के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी मकसूद को परशुराम चौक के पास से गिरफ्तार किया है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जायेगा।