कैबिनेट मंत्री ने देश के पहले सीडीएस की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजली अर्पित की

क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने देश के प्रथम सीडीएस जनरल विपिन रावत की प्रथम पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर दो मिनट का मौन रखा गया।
गुरुवार को बैराज रोड स्थित कैम्प कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मंत्री डॉ अग्रवाल ने जनरल बिपिन रावत को एक उत्कृष्ट सैनिक बताते हुए कहा कि वह एक सच्चे देशभक्त थे। उन्होंने हमारे सशस्त्र बलों और सुरक्षा तंत्र के आधुनिकीकरण में बहुत योगदान दिया। सामरिक मामलों पर उनकी अंतर्दृष्टि और दृष्टिकोण असाधारण थे।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि भारत के पहले सीडीएस के रूप में, जनरल रावत ने रक्षा सुधारों सहित हमारे सशस्त्र बलों से संबंधित विविध पहलुओं पर काम किया। उन्होंने कहा कि वह अपने साथ सेना में सेवा करने का एक समृद्ध अनुभव लेकर आए। भारत उनकी असाधारण सेवा को कभी नहीं भूलेगा।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि जनरल रावत ने सदैव अपना जीवन दूसरों को समर्पित रखा। जनरल रावत सीमाओं पर पहुंचे तो जवानों का साहस बढ़ाया, गांव पहुंचे तो लोगों के बेटे हो गए, दिल्ली से पाकिस्तान के सरपरस्तों को सीधा सा जवाब दिया।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि गढ़वाल के एक सामान्य गांव से निकलकर रायसीना के सबसे ऊंचे सैन्य ओहदे तक पहुंचे जनरल रावत उस विभूति पुरुष की तरह जाने जाएंगे, जिन्होंने भारत की सेनाओं को सशक्त करने, समन्वयित करने और देश की रक्षा के कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाने को जीवन दे दिया।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि स्वॉर्ड ऑफ ऑनर से लेकर परम विशिष्ट सेवा मेडल तक, 11 गोरखा राइफल्स से देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ तक, गढ़वाल के गांव से लेकर कश्मीर के ऊंचे पहाड़ों तक, जनरल रावत ने जितना विशाल जीवन जिया वो हर सैन्यकर्मी के लिए एक प्रेरणा बनकर शाश्वत रहेगा। कश्मीर के उरी में कर्नल बिपिन रावत, सोपोर में रावत साहब और दिल्ली में जनरल रावत बने बिपिन रावत अब एक अनन्त यात्रा पर चले गए हैं।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि जनरल रावत हमेशा याद किए जाएंगे, उस शख्स की तरह जिसने पुलवामा के हमले के बाद पाकिस्तान को विध्वंस की भाषा में जवाब दिया, चीन को उसकी हरकतों में नाकाम किया, भारत की तीनों सेनाओं के बीच समन्वय बैठाने के सैकड़ों सार्थक कदम उठाए। जनरल रावत का निधन देश के लिए एक अपूर्णीय क्षति है, एक ऐसी कमी जो शायद ना पूरी हो सके।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष भाजपा रविन्द्र राणा, मण्डल अध्यक्ष ऋषिकेश दिनेश सती, महामंत्री सुमित पंवार, रवि शर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष शम्भू पासवान, मानवेन्द्र कंडारी, पार्षद वीरेंद्र रमोला, जयेश राणा, सीमा रानी, माधवी गुप्ता, दीपक जुगरान, सौरभ गर्ग, रविन्द्र बिरला, अनिकेत गुप्ता, संजीव व्यास, माया, रंजीता, कुसुम, उषा, संगीता, प्रवीण कुमार, श्याम सिंह, मनोज कुमार आदि उपस्थित रहे।

एसबीएम इंटर कॉलेज में छात्रों को दी स्वेटर

श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में देवभूमि वरिष्ठ जन कल्याण समिति ऋषिकेश द्वारा 100 स्वेटर वितरित की गई। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज की प्रार्थना सभा में देवभूमि वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति द्वारा निर्धन छात्र छात्राओं को स्वेटर वितरित की गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत द्वारा सभी वरिष्ठ नागरिकों का स्वागत-सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक अपने समय के बहुत ही बड़ी प्रतिभा के धनी हैं जिन्होंने विभिन्न विभागों में अपने अविरल सेवाएं देकर सेवा के पावन पवित्र आलोक को प्रज्वलित रखा है। सेवानिवृत्ति के बाद सभी वरिष्ठ नागरिक आज भी संपूर्ण क्षेत्र में अपने प्रतिभाओं के माध्यम से संपूर्ण छात्र छात्राओं को युवाओं को मार्गदर्शन दे रहे हैं। समय-समय पर वरिष्ठ नागरिकों के द्वारा मेडिकल कैंप गरीब बच्चों की मदद एवं अनेक प्रकार के जन सेवा के कार्य किए जाते हैं।
देवभूमि वरिष्ठ जन कल्याण के संस्थापक डा हरीश ढींगड़ा, संरक्षक के सी जोशी, समिति के अध्यक्ष एस पी अग्रवाल ने छात्र छात्राओं को अध्ययन के लिए अनेक महत्वपूर्ण टिप्स बताए। इस अवसर पर वरिष्ठ जन कल्याण समिति के हरीश आनंद, सचिव नरेंद्र दीक्षित, उमेश खेतान, महासचिव नरेश गर्ग, ओपी मुल्तानीडॉ विजय गुप्ता, उप सचिव अजीत शर्मा, सुरेंद्र आहूजा, दिनेश मुद्गल, हरि चरण सिंह आदि उपस्थित रहे।

तीर्थनगरी के संत समाज ने धर्मान्तरण कानून बनाने पर सरकार को दिया साधुवाद

उत्तराखंड विधानसभा में धर्मांतरण पर सख्त कानून बनने से तीर्थनगरी के संत-समाज में हर्ष की लहर दौड़ गई है। साधु-संतों की ओर से इस मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वित्त मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल को शुभकामनाएं दी हैं।
बैराज रोड स्थित कैम्प कार्यालय में श्री राम तपस्थली आश्रम ब्रम्हपुरी के महामंडलेश्वर दयाराम दास महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस कानून से पूरे देश का संत समाज आनंदित और आह्लादित है। धर्मांतरण रोकने के लिए मुख्यमंत्री धामी एक कठोर कानून लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में धामी जी ने यह बहुत सुंदर निर्णय लिया है। यह उत्तराखंड सरकार की बहुत अच्छी पहल है।
स्वामी जगन्नाथ आश्रम के महंत लोकेश दास महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने धर्मांतरण पर प्रतिबंध लगा दिया है यह देश एवं समाज हेतु बेहद हितकारक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी और मंत्री डॉ अग्रवाल को हम हृदय से धन्यवाद देते हैं और प्रभु से प्रार्थना करते हैं वे समाज हित में इसी प्रकार से कार्य करते रहें।
स्वामी धर्मदास महाराज ने कहा कि जो लोग बल से या कपट से धर्मांतरण करते हैं वह सबसे बड़ा पाप है। उत्तराखंड सरकार ने यह कानून पास करके नया उदाहरण दिया है। इसके लिए मुख्यमंत्री धामी और मंत्री डॉ अग्रवाल को साधुवाद। कहा कि मुख्यमंत्री धामी के दूरदर्शी कदम की सराहना करता हूं।
इस मौके पर मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल को संत समाज ने आशीर्वाद देकर शुभकामनाएं दी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा, ब्रम्हपुरी आश्रम से प्रमोद दास, मण्डल अध्यक्ष ऋषिकेश भाजपा दिनेश सती, मंडल अध्यक्ष श्यामपुर भाजपा गणेश रावत आदि उपस्थित रहे।

चुप रहकर समय को जिसने टाल दिया, समझो आधा युद्ध जीत लियाः व्यास पीठ

ग्राम सभा खदरी के दिल्ली फार्म में आयोजित श्रीमद देवी भागवत पँचम पुराण की कथा में व्यास पीठ वैष्णवाचार्य पण्डित शिव स्वरूप ने अष्टम दिवस की कथा में में कहा कि इन सबके के सम्मुख चुप रहना चाहिए। क्रोधित व्यक्ति, मादक पदार्थों का सेवन किये हुए व्यक्ति, अज्ञानी मूर्ख के सम्मुख, अहंकारी के सामने, ताकतवर के सामने, सनकी जिद्दी के सामने, क्रूर व्यक्ति के सामने चुप रहना हितकर होता है। जिस किसी ने चुप रहकर समय को टाल दिया तो समझो आधा युद्ध जीत लिया।

कथा व्यास ने कहा कि क्रोध पर विजय पाना ही स्वयं पर विजय पाना है। उन्होंने कहा कि सरलता इतनी सरल नहीं होती जितना बोलने पढ़ने और सुनने में लगती है। सरल होना ही कठिन कार्य है। जीवन में सरलता से सफलता आती है। कथा में जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान, ग्राम प्रधान विजयपाल जेठूड़ी, राम रतन रतूड़ी, शूरवीर जेठूड़ी, नारायण सिंह, प्रेम दत्त भट्ट, सक्षम उनियाल, सीता पयाल, श्रेया उनियाल, अनिता रावत, आशा भट्ट, भूमा देवी, सरोजनी गैरोला, मकानी देवी, राजेश्वरी चौहान, बिंदेश्वरी देवी, सुनीता चौहान सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

वित्त मंत्री बोले-आम जन मानस के हित को देखते हुए बनाना है अगला बजट

शीतकालीन विधानसभा सत्र में वर्ष 2022-23 का प्रथम अनुपूरक और जनहितकारी बजट बनाने को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने बजट निदेशालय के अधिकारियों से मुलाकात कर बधाई दी।
गुरुवार को विधानसभा स्थित कार्यालय में अग्रवाल ने बजट अधिकारियों की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि अनुपूरक बजट जनहितकारी हैं, इसे सभी वर्ग को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। इसका लाभ राज्य की जनता को सीधा मिलेगा। कहा कि बजट को बनाने में बजट निदेशालय के अधिकारियों की अहम भूमिका हैं।
अग्रवाल ने कहा कि बजट को कम समय के भीतर बेहतर बनाया गया, इसके लिए अधिकारियों की कार्यशैली प्रशंसनीय है। उन्होंने अधिकारियों की मेहनत की सराहना करते हुए हौसला अफजाई भी की। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण हमारा ध्येय था, ध्येय है और सदैव रहेगा। उन्होंने कहा कि बजट में सुदृढ़ वित्तीय अनुशासन और राजकोषीय प्रबंधन को पहली प्राथमिकता का आधार बनाया गया है, जो कि प्रशंसनीय है। कहा कि यत्र नार्यस्तु पूज्यंते रमन्ते तत्र देवता, सर्वे भवन्तु सुखिनः के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए सामाजिक न्याय के लिये सबका साथ सबका विकास किया गया है।
अग्रवाल ने कहा कि अधिकारियों के द्वारा ही बजट को नए विचारों का, नए संकल्पों का, सुराज के सपनों को पूरा करने का, विकास का और सेवा सुशासन, और गरीब कल्याण का जीवंत दस्तावेज बनाया जा सका। मौके पर अग्रवाल ने आगामी बजट को ओर भी बेहतर बनाने के लिए पूर्व से ही तैयारी करने को कहा।
इस मौके पर सचिव वित्त दिलीप जावलकर सहित बजट निदेशालय के अधिकारी मौजूद रहे।

विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गंगा तट हुआ गुंजयमान

श्री शत्रुघ्न घाट मुनिकीरेती में आज माँ गंगा की दैनिक आरती से पूर्व भारत एवं इंडोनेशिया सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें दोनों देशों के कलाकारों ने आध्यात्म एवं भारतीय संस्कृति से जुडे विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री शत्रुघ्न मंदिर के महन्त एवं गंगा गौ सेवा समिति के अध्यक्ष महन्त मनोज प्रपन्नाचार्य, इंडोनेशिया बाली शहर में गाँधीपुरी आश्रम के संस्थापक पद्मश्री सम्मान से सम्मानित इन्दिरा उदयाना, गढभूमि लोक संरक्षण समिति के अध्यक्ष आशाराम व्यास, रमाबल्लभ भट्ट, पतंजलि योग संस्थान मुनिकीरेती की संस्थापिका ऊषा माता ने संयुक्तरुप से दीप प्रज्वलन कर किया। उसके बाद श्री दर्शन महाविद्यालय के छात्रों ने वैदिक मंगलाचरण एवं गणेश वन्दना प्रस्तुत की। उसके पश्चात जर्मनी से मैनफ्रेड एवं क्रिस्टा ने सुन्दर भजन प्रस्तुत किये। पंचाक्षर शिव स्तोत्र पर इंडिया गो टैलेंट की सेमीफाइलिस सुजाता राय ने बहुत सुन्दर नृत्य प्रस्तुत किया। इंडोनेशिया से आये हुए कलाकारों ने चोंडोंग डांस ,चन्द्रावासी डांस एवं योगा आर्ट डांस प्रस्तुत किया। डाँक्टर रीता वत्स ने विष्णु वन्दना एवं शिव वन्दना पर बहुत सुन्दर नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का आनंद सैकड़ों की संख्या में स्थानीय एवं भारत वर्ष के विभिन्न प्रांतों से आये हुए लोगों ने लिया।
महन्त मनोज प्रपन्नाचार्य ने बाताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों देशों की संस्कृति को आदान-प्रदान करना एवं प्रचार-प्रसार करना है। उन्होंने कहा ऋषिकेश आध्यात्मिक नगरी है इस प्रकार के कार्यक्रमों से एक अच्छा संदेश जाता है। आचार्य सुभाष चन्द्र डोभाल के संचालन में चल रहे इस कार्यक्रम में बीना जोशी, पुष्पा ध्यानी, घनश्याम नौटियाल, मनमोहन शर्मा, सुनील कपरुवान, दरम्यान सिंह रावत, सुरेन्द्र भंडारी, मधुलिका द्विवेदी, मनन द्विवेदी, मीना मदवाण, आरती चौहान, राजीव तिवारी, विजय विष्ट, अंजू गैरोला, विश्वेश्वरी उनियाल, हरि चरण सिंह, विनोद बडथ्वाल सहित आरती के सभी आचार्यों सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के बाद माँ गंगा की होने वाली दैनिक भव्य आरती सम्पन्न हुई।

लायंस क्लब डिवाइन ने चार युवतियों की शादी में की मदद

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन के सदस्यों ने एक बार पुनः मानवता की मिसाल पेश करते हुए चार युवतियों की शादी में मदद की। क्लब की मदद से चारों युवतियों के विवाह में अब परिवारों को बहुत सहयोग होगा।

क्लब अध्यक्ष लायन रजत भोला व संस्थापक ललित मोहन मिश्र ने बताया कि क्लब के सदस्यों को ऋषिकेश निवासी चार जरूरतमंद युवतियों की शादी की सूचना मिली। जिस पर उनकी शादी में मदद करने का मन बनाया।

रजत भोला व ललित मोहन मिश्र मिश्र ने बताया कि मदद केइसी क्रम में क्लब की ओर से चारों युवतियों को नगद धनराशि, चांदी की पायजेब, सुटकेश, कपड़े, गर्म वस्त्र, बर्तन आदि का सहयोग किया गया।

उन्होंने बताया कि लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन द्बारा इस वर्ष अभि तक 20से भी ज्यादा युवतियों के विवाह में सहयोग कर चुका है। बताया कि क्लब का उद्देश्य किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना है और इसी दिशा में क्लब कार्यरत भी है।

इस मौके पर संस्थापक ललित मोहन मिश्र, अध्यक्ष रजत भोला, महेश किंगर, घनश्याम डंग, आशु डंग, विकास ग्रोवर, विशाल संगर व सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रकांता जोशी आदि मौजूद रहे।

6वीं रॉयल चैंलेंज कप कराटे प्रतियोगिता के लिये खिलाडी हुए रवाना

उड़ान फाउंडेशन के द्वारा नोएडा गाजियाबाद इंडोर स्टेडियम में होने जा रही 6 वीं रॉयल चेलेंज कप ऑल इंडिया ट्रेडिशनल सोतोकाई कराटे डु चेम्पियनशिप- 2022 में प्रतिभाग करने जा रही ऋषिकेश उत्तराखंड की टीम को माल्यापर्ण कर जीत की शुभकामानाओं के साथ रवाना किया गया। इस दौरान पूर्व 26/11 के आतंकी हमले में शहीद हुवे पुलिस एवं सेना के जाबांज सैनिकों एवं निर्दाेष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी एवं कोच राजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि 27 नवम्बर को नोएडा में आयोजित होने जा रही नेशनल प्रतियोगिता में ऋषिकेश के 16 खिलाड़ी आरवी कंसवाल, नमामि थपलियाल, जिया बिष्ट, सिमरन पांडे, अविरल थपलियाल, प्रभाष, कृष्णा शर्मा, अक्षत रमोला, कृष्णा चंद रमोला, केशव सिंह, ऋषभ रतूड़ी, वर्णन कुरियाल, रोहित जोशी, अविरल थपलियाल, कीर्तन भंडारी, श्रेयांश जोशी प्रतिभाग करेंगे।

इससे पूर्व सभी खिलाड़ियों एवं कोच को कंप्लीट हेल्थ एंड मार्शल आर्ट एकेडमी के चेयरमैन ललित मोहन मिश्र, सूर्य किरण वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत, उड़ान फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ राजे नेगी, समाजसेवी उत्तम सिह असवाल, अधिवक्ता पवन शुक्ला, व्यापार सभा के अध्यक्ष मनोज कालरा, नवीन गांधी, कराटे खिलाड़ी वरदान वर्मा, सिद्धार्थ कुमार, आकाश उनियाल, सुमित कुमार, चिराग धमीजा, मोहन राणा ने प्रतियोगिता में जीत की शुभकामनाएं देकर रवाना किया।

जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में एसबीएम इंटर कॉलेज के छात्रों का चयन

श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के जनपदीय खो-खो प्रतियोगिता में 10 बालक और 5 बालिकाओं का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ है।
जनपदीय खो-खो प्रतियोगिता में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश के 10 बालक व 5 बालिकाओं कुल 15 बच्चों का चयन राज्य स्तर के लिए होने पर विधालय के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत द्वारा खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए मैडल द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि एक प्रतिभावान खिलाड़ी जहां खेलों के माध्यम से अपने स्वस्थ शरीर और मस्तिष्क का निर्माण करता है वहीं बेहतरीन भविष्य के निर्धारण में भी कामयाब होता है। प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय में खिलाड़ियों का अपना पुराना इतिहास है जिन्होंने खेलों के माध्यम से सेना और पुलिस प्रशासन के साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की सेवाओं के लिए चयनित होकर बेहतरीन भविष्य बनाया है।
विद्यालय के खेल प्रशिक्षक विकास नेगी ने बताया कि राज्य स्तरीय बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता नरेंद्र नगर एवं बालक वर्ग की राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता खदरी इंटर कॉलेज में आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता यमुना प्रसाद त्रिपाठी, जितेंद्र बिष्ट, शिव प्रसाद बहुगुणा व विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं आदि उपस्थित रहे।

स्वावलंबी महिला की मदद को आगे आया लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन के सदस्यों ने क्लब के उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए अति निर्धन महिला को जीविकोपार्जन के लिए 25 हज़ार रुपए का सामान उपलब्ध कराया है।
क्लब के अध्यक्ष लायन रजत भोला और संस्थापक ललित मोहन मिश्र ने बताया कि कुंजापुरी मन्दिर के समीप एक महिला प्रसाद बेचकर किसी तरह जीवन यापन करती है। क्लब के सदस्यों ने पाया कि महिला मेहनती तो बहुत है किन्तु आर्थिक रूप से काफी कमजोर है। उन्होंने महिला की आर्थिक स्थिति कमजोर देखते हुए उसकी मदद करने का मन बनाया। उन्होंने बताया कि क्लब का उद्देश्य यह है कि व्यक्ति को रोजगार देना चाहिये जिससे वह अपने पैरों पर खड़ा हो सके। नगद सहायता कुछ समय में खत्म हो जाती है किन्तु रोजगार से वह स्वावलंबी हो सकेगा।
लायन रजत भोला और लायन ललित मोहन मिश्र ने बताया कि मदद के क्रम में क्लब की ओर से महिला को 25 हजार रुपए का सामान दुकान चलाने के लिए दिया गया। मिश्र ने बताया कि सामान में इंडक्शन चूल्हा, पानी बोतल की पेटियां, चिप्स व नमकीन की पेटियां, चायपत्ती, चीनी, दूध के पेकेट की पेटी, मैगी की पेटीयां, डिस्पोजल सामान जिसमे खाने की प्लेट, ग्लास, चम्मच की पेटीयां, बैठने के लिए छह स्टूल व मेज, एक बड़ी मेज, कड़ाई, फ्रायपेन सहित बर्तन तथा दो माह का राशन भी दिया।
मिश्र ने बताया कि लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन की स्थापना जरूरतमंद, निर्धन लोगों की मदद करने के उद्देश्य से की गई है। बताया कि क्लब का उद्देश्य किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना है और इसी दिशा में क्लब कार्यरत भी है।
इस मौके पर संस्थापक अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, रजत भोला, महेश किंगर, घनश्याम डंग, आशु डंग, योगेश कालरा, अमित सूरी, जगदीश पनेसर, शिवम अग्रवाल, विनीत चावला, नवीन गांधी आदि मौजूद रहे।