आपदा बचाव के गुर बताए

ऋषिकेश। तपोवन राजकीय इंटर कालेज में छात्र-छात्राओं को आपदा प्रबंधन के गुर सिखाए गए। मुनिकीरेती पुलिस ने सीओ राजेंद्र डोभाल के निर्देशों पर बच्चों को आपदा के समय किए जाने वाले कार्य व सुझावों को बताया। उन्होंने बताया कि आपदा के समय संयम बरतने की आवश्यकता होती है। फिल्म के माध्यम से भी छात्रों को बचाव के तरीके बताए गए।

आश्रम पर कब्जा करने की नीयत पर 11 पर मुकदमा


मायाकुंड स्थित वृंदावन आश्रम पर कब्जा करने की नीयत पर कोतवाली पुलिस ने 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ऋषिकेश गिरी शिष्य गोलोकवासी निवासी वृंदावन आश्रम मायाकुंड ऋषिकेश को तहरीर में बताया कि गोपालाचार्य, सुरेंद्र, अजय यादव, गुलुरेनी शाह, गुड्डू शाह, संजय शाह, मुन्ना शाह, धनीलाल शाह, सुनील मेहतो, जितेंद्र शाह, सिकंदर शाह सभी निवासी कृष्णकुंज, मायाकुंड, ऋषिकेश कई बार वृंदावन पर कब्जा करने की नीयत से प्रयास कर चुके हैं। इस दौरान उक्त ने आश्रम में रहने वालों के साथ मारपीट भी की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर उपरोक्त पर मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाल वीसी गोसाईं ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

कांग्रेस ने मनाया राजीव गांधी का 72वां जन्मदिन

कांग्रेसियों ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी का 72वां जन्म दिवस धूमधाम से मनाया। उन्होंने गांधी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

शनिवार को रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए। यहां उन्होंने नगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत के नेतृत्व में राजीव गांधी का 72वां जन्म दिवस धूमधाम से मनाया। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पअर्पित करते हुए राजीव गांधी के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। नगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि राजीव गांधी ने अनुसूचित जाति अल्पसंख्यक व पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए अनेकों कार्य किए। उनका सपना था कि देश के प्रत्येक गांव व दूर दराज के इलाके तक घर-घर शिक्षा का प्रकाश फैले। इसके लिए उन्होंने देश में पंचायतीराज लाने के अलावा कंप्यूटर क्रांति लाने जैसा महत्वपूर्ण कार्य किया। 18 वर्ष के युवा को मतदान का अधिकार देने के साथ पूर्वोत्तर राज्यों के आतंकवाद को समाप्त कर देश में एक अच्छा माहौल बनाने का कार्य किया। राजीव गांधी युवाओं के हृदय के सम्राट हैं। इसलिए युवाओं को व हम सभी को राजीव गांधी के बताए हुए कार्यो का अनुसरण उनके रास्ते पर चलने का संकल्प लेना होगा। उनके अधूरे सपनों को साक्षात करना हम सभी का कर्तव्य है। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष विजय सारस्वत, प्रदेश महामंत्री राजपाल खरोला, पूर्व नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मदन मोहन शर्मा, सभासद अरविंद जैन, विमला रावत, नंद किशोर जाटव, मुमताज हाशिम, मधु जोशी, वेद प्रकाश ढींगरा, चंदन सिंह पंवार, सुनील दत्त शर्मा, उमा देवी, चरणजीत सिंह, अशोक वर्मा,सावित्री देवी आदि उपस्थित रहे।

104
जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में मनाया जन्म दिवस
देवप्रयाग कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु बिजल्वाण के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 14 बीघा में राजीव गांधी का जन्म दिवस धूमधाम से मनाया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि युवाओं को प्रेरित करने वाले ऐसे नेता का अनुसरण कर हम सभी को देश के विकास व उत्थान करने के लिए समर्पित होना होगा। राजीव गांधी ने युवाओं को देश का भावी नेता बताते हुए कहा था कि युवा देश की आन, बान व शान हैं। उनके इस सपने को साकार करना देश के हर युवा व हर वर्ग के लोगों का कर्तव्य है। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष महावीर खरोला, विरेंद्र कंडारी, जगमोहन भंडारी, राजेंद्र राणा, प्रेम सिंह नेगी, दिनेश भट्ट, अजय रमोला आदि उपस्थित रहे।

मृतक आश्रित के शैक्षणिक दस्तावेज जांच में निकले फर्जी

उत्तराखंड परिवहन निगम में मृतक आश्रित के शैक्षणिक दस्तावेज फर्जी निकले। जांच के बाद ऋषिकेश डिपो के एआरएम नेतराम ने परिचालक की सेवा समाप्त कर दी है।
उत्तराखंड परिवहन निगम में मृतक आश्रित कोटे से राहुल गुप्ता पुत्र स्व. राम बहादुर गुप्ता को 16.08.2014 को ऋषिकेश डिपो में बतौर परिचालक नियुक्ति मिली थी। निगम की ओर से राहुल गुप्ता के शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच की गई तो उसके प्रमाण पत्र फर्जी निकले। बताया जा रहा कि राष्ट्रीय मुक्त विश्व विद्यालय नोएडा ने अपने पत्र में राहुल गुप्ता के दर्शाए गये अनुक्रमांक को सही नही पाया है। उन्होंने संबधित दस्तावेजों का विवरण अपने कार्यालय में उपलब्ध नही होने और उपलब्ध दस्तावेज भिन्न होने की बात कही है।
सेकेंड्री के प्रमाण पत्र जांच में फर्जी पाये जाने पर निगम की ओर से परिचालक को स्वयं उपस्थित होकर ऑरीजनल दस्तावेज प्रस्तुत करने व अपना पक्ष रखने का मौका दिये जाने के बाद भी परिचालक ड्यूटी से गैर हाजिर रहा। एआरएम नेतराम गौतम ने बताया कि परिचालक 19 जुलाई 2016 से लगातार गैर हाजिर है और अपना पक्ष भी नही रख रहा है। इससे सिद्ध होता है कि वह दोषी है। उन्होंने बताया कि विभाग को गुमराह करने व फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर सरकारी सेवा पाने के आरोपी परिचालक को निगम सेवा से पृथक किया जा रहा है।

 

सीएम ने पुलिस जवानों को सम्मानित किया

103
परेड ग्राउंड में हरीश रावत ने ध्वजारोहण कर सांस्कृतिक आयोजन में भी भाग लिया
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने 70वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परेड़ ग्राउन्ड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रावत ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें सराहनीय सेवा के लिए रतन सिंह पंवार, निरीक्षक अभिसूचना देहरादून व महेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी 3159पीएसी, आईआरबी प्रथम राजनगर को सम्मानित किया। विशिष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्रीमति प्रीति प्रियदर्शनी, अपर पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र सिंह गुंज्याल, पुलिस उपाधीक्षक लोकजीत सिंह, निरीक्षक कैलाश पंवार, दल नायक एसडीआरएफ दीवान सिंह मेहता, उपनिरीक्षक राकेश गुंसाई, उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह चौहान, एचओएम खुशाल राम, आरक्षी अभीसूचना सादाब अहमद, आरक्षी विजेन्द्र चौहान, आरक्षी राजेन्द्र कुमार को सम्मानित किया। अर्द्धकुम्भ मेले में विशिष्ट प्रदर्शन के लिए सुरजीत सिंह पंवार व परमेन्द्र सिंह डोबाल को सीएम ने सराहनीय सेवा मेडल से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री रावत ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे रहे कलाकारों के बीच में जाकर उनका उत्साहवर्धन किया। ब्रह्म कमल सांस्कृतिक संस्था देहरादून ने मेला नृत्य, जौनपुर लोक कला मंच, टिहरी ने तान्दी नृत्य, नव हिमालय लोक कला केंद्र, अल्मोड़ा ने छपेली नृत्य, जौनसार बावर पौराणिक सांस्कृतिक लोक कला मंच, चकराता ने हारूल नृत्य व रंग कल्याण संस्था, धारचूला ने रंगपा जनजाति के पौराणिक नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का समापन राज्य गीत के साथ किया गया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने बीजपुर हाउस में भी ध्वजारोहण किया और उपस्थित लोगों को देश के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री कांग्रेस भवन भी गए और वहां मौजूद कार्यकर्ताओं को मिष्ठान्न वितरण किया।

हक की मांग को लेकर तहसील में प्रदर्शन

104

16 साल से कर रहे हैं भूमिधरी का अधिकार देने की मांग
25 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं विस्थापित
ऋषिकेश।
मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में टिहरी बांध प्रभावित पशुलोक धरना स्थल पर एकत्रित हुए और रैली के रूप में आईडीपीएल होकर तहसील पहुंचे। यहां विस्थापित समन्वय विकास समिति पशुलोक के अध्यक्ष हरि सिंह भंडारी ने कहा कि टिहरी जनपद के एक दर्जन गांवों के तीन हजार पुनर्वासित परिवार वर्ष 2000 में पशुलोक में बसाए गए थे, लेकिन 16 साल बाद भी विस्थापितों को भूमिधरी का अधिकार नहीं मिल पाया है। विस्थापित 25 जुलाई से पशुलोक में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। सचिव जगदमा रतूड़ी ने कहा कि क्षेत्र को राजस्वग्राम का दर्जा नहीं मिलने से विस्थापित सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। प्रमाण-पत्र ना बनने से उनके बच्चों को रोजगार के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगा जल्द से जल्द क्षेत्र को भूमिधरी का अधिकार देने की मांग की।

वनभूमि भी है भूमिधरी में रोड़ा
वनभूमि के चलते भी भूमिधरी का अधिकार मिलने में परेशानी आ रही है। पुनर्वास निदेशालय की लापरवाही एवं शासन की अनदेखी के चलते भूमिधरी का अधिकार नहीं मिल पाया है। जबकि 2005 में मुख्य संरक्षक वन ने पुनर्वास निदेशालय को शासन स्तर पर आदेश जारी करवाने को कहा था, लेकिन शासन की अनदेखी के चलते समस्या का निदान नहीं हो पाया है।

बेटे ने मां के साथ घूम रहे युवक की पिटाई कर डाली

ऋषिकेश।
आवास विकास क्षेत्र की एक महिला को अन्य युवक के साथ घूमना भारी पड़ गया। महिला के बेटे ने युवक की सड़क पर ही पिटाई कर डाली। मारपीट में घायल युवक जब अपना इलाज कराने सरकारी अस्पताल पहुंचा तो महिला की बहू ने अस्पताल में युवक के साथ मारपीट की।
पुलिस के अनुसार एक महिला ढालवाला क्षेत्र में एक युवक के साथ घूम रही थी, इसका पता महिला के बेटे को चला तो उसने मां के साथ घूम रहे युवक की जमकर धुनाई कर डाली। बचाव में युवक ने भी जबाबी हमला किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अस्पताल पहुंचाया। मारपीट में घायल दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इस दौरान महिला की बहू भी अस्पताल आ धमकी। उसने सास के साथ घूम रहे युवक को खरी-खोटी सुनाना शुरू कर दिया। मामला बढ़ने से बहू ने भी युवक पर हमला कर दिया।
अस्पताल में मौजूद पुलिस और अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। इस दौरान अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवायी की जायेगी।

ग्राम समाज की 3 बीघा भूमि पर हटाया कब्जा

ऋषिकेश।
न्याय पंचायत रानीपोखरी के रखवाल गांव में ग्राम समाज की 3 बीघा भूमि पर अतिक्रमण हटाने गयी प्रशासन की टीम पर अतिक्रमणकारी महिला ने पत्थर व पाठल से हमला किया। एसडीएम ऋषिकेश कुश्म चौहान के पांव में भी एक पत्थर लगा। इस घटना में ग्राम प्रधान दीपक चंद भी चोटिल हुए। एसडीएम ने मौके पर पुलिस बुलाई और ट्रेक्टर व जेसीबी से अतिक्रमण हटाया।
पुलिस ने बमुश्किल अतिक्रमणकारी महिला पर काबू पाया। पुलिस ने सख्ती दिखाईं तो महिला के तेवर शांत हुए। प्रशासन की टीम ने ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण हटाकर तारबाड़ करवाई और प्रधान के सुपुर्द कर दिया। पत्थरबाजी में घायल हुए ग्राम प्रधान दीपक चंद ने सरकारी अस्पताल ऋषिकेश में मेडिकल कराया। उन्होंने महिला के खिलाफ श्यामपुर पुलिस चौकी में प्राथमिकी दर्ज कराई। टीम में कानूनगो व पटवारी भी मौजूद रहे।

ग्राम समाज की भूमि से कब्जा हटा दिया गया है। मौके पर प्रशासन की टीम का अतिक्रमणकारी महिला ने विरोध किया। पुलिस बल की मौजूदगी में महिला पर काबू पाया जा सका।
— कुश्म चौहान एसडीएम ऋषिकेश।

ग्राम प्रहरियों ने सीखें आपदा के गुर

ऋषिकेश।
मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक गढवाल के निर्देश पर कोतवाल वीसी गोसाईं के नेतृत्व में ग्रामीण चौकिदारों को आपदा बचाव के बारे में जानकारी दी। चौकीदारों को आपदा के समय बचाव व उसके तरीके बताए। पुलिस टीम ने प्रोजेक्टर व टेली फिल्म के अलावा उन्हें प्रैक्टिकली तरीके से बचाव के गुर सीखाए। उन्होंने बताया कि आपदा के दौरान कई लोग संयम खोकर अपने आप को ही मुसीबत में डाल देते हैं। लेकिन ऐसे समय में संयम व साहस से ही बचाव किया जा सकता है। आपदा के समय घायल लोगों का बचाव किया जाना सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। ऐसी स्थिति में रस्सी व प्लास्टिक के कट्टों को स्ट्रैचर नुमा बनाकर घायल को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया जा सकता है। कोतवाल वीसी गोसाईं ने चौकीदारों को बताया कि बरसात के समय ग्रामीण क्षेत्रों में आपदा की घटनाएं अधिक होती हैं। जिसमें चौकीदारों को संयम व सूझबूझ के साथ कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर एसएसआई गजेंद्र बहुगुणा, एसआई योगेश कुमार, राजेश सिंह, हरीश सती, का. राजाराम डोभाल, नवनीत सिंह, सचिन मलिक, देवेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे