होली पर त्रिवेन्द्र ने जनता को दी बधाई

होली के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने जनता से भेंट कर होली खेली। इस दौरान जनता ने उन्हें अबीर व गुलाल भी लगाया। इस मौके पर त्रिवेन्द्र बोले होली का पर्व हमारे सनातन धर्म परंपराओं में से एक पावन पर्व है। जिससे हमें सदैव प्रसन्न व उल्लासित रहने की सीख मिलती है।

मुख्यमंत्री आवास पर होली मिलन कार्यक्रम में जनता ने सीएम त्रिवेन्द्र को रंग लगाकर होली की शुभकामनायें दी। इस पर सीएम ने भी रंगो के पर्व की सभी प्रदेशवासियों को बधाई व शुभकामनायें दी। सीएम ने प्रदेशवासियों के उज्जवल भविष्य व दीर्घ जीवन, समृद्धि की कामना भी की। त्रिवेन्द्र बोले हमारे अधिकांश त्यौहार खेती, गांव और प्रकृति पर आधारित है। प्रकृति ने हमेशा सृजन का कार्य करती है। उन्होंने प्रदेश के सभी किसानों को होली की शुभकामना देते हुये कहा कि किसान अन्नदाता व ग्राम देवता है। किसानों की आय दोगुनी हो, इसके लिये केंद्र की मोदी सरकार वचनबद्ध है। मोदी सरकार ने उनके हित के लिये अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई हुयी है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने होली के पावन पर्व पर राजभवन में राज्यपाल डा. केके पाल से भेंट की और उन्हें होली की शुभकामनाएं व बधाई दी। इस अवसर उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने भी राज्यपाल डा. केके पाल को होली की शुभकामनाएं दी।

उपराष्ट्रपति के स्वागत को एयरपोर्ट पहुंचे सीएम

उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडु शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीर्थनगरी में योग जिज्ञासुओं को संबोधित करने पहुंच गये। इससे पूर्व जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर प्रदेश के राज्यपाल केके पॉल व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत उनके स्वागत को पहुंचे।

एयरपोर्ट से उपराष्ट्रपति मुख्यमंत्री व राज्यपाल के साथ हेलीकॉप्टर एमआई-17 बैठकर ऋषिकेश की ओर रवाना हुए हैं। यहां वे अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में शिरकत करेंगे।

गौरतलब है कि तीर्थनगरी ऋषिकेश में प्रत्येक वर्ष एक मार्च से आयोजित होने वाला अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का गुरुवार को गंगा के दोनों तटों पर आगाज हो गया है।

मुनिकीरेती के गंगा रिजॉर्ट व पूर्णानंद मैदान में जबकि गंगा के दूसरे तट पर परमार्थ निकेतन में योग महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। यह समूचा क्षेत्र इन दिनों योगमय बन गया है। तीर्थनगरी में बड़ी संख्या में विदेशी मेहमान भी योग साधना के लिए पहुंचे हैं, जिससे यहां का वातारण ही बदला हुआ नजर आ रहा है।

होली पर यूपी पुलिस ने जारी रखा मिशन एनकाउंटर

यूपी में पुलिस का एनकाउंटर अभियान जारी है। तो बदमाश भी अपनी जान की भीख मांग रहे है, लेकिन अभी कुछ बदमाश ऐसे भी है, जो पुलिस से भीड़ने को तैयार है। होली के दिन भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। ग्रेटर नोएडा में यूपी पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग हुयी। इस दौरान पुलिस ने दो बदमाश को अपने कब्जे में ले लिया।

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से चलाई गई गोली से एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक मोटरसाइकिल और दो तमंचे बरामद किए हैं।

ग्रेटर नोएडा के दादरी कोतवाली एरिया के कोट का पुल के पास शुक्रवार की शाम पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी एक मोटरसाइकिल पर दो बदमाश आते दिखाई दिए। पुलिस ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की, लेकिन बाइक सवार बदमाश भागने लगे।

पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया और कोट के पुल के पास उन्हें घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगे। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी नितिन घायल हो गया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।

पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में शोएब और समीर नाम के बदमाशों के पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद दोनों बदमाश घायल होकर वहीं गिर पड़े और पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने दो तमंचे और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

अब पुलिस गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ में जुट गई है, ताकि उनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा सके। दोनों बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। वहीं घायल सिपाही को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

राहुल के नानी संग होली मनाने को मीनाक्षी ने कसा तंज

अपनी नानी के साथ होली मनाने वाली बात को साझा कर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भाजपा नेता सहित लोगों ने चुटकी ली। दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल ने अपनी 93 वर्षीय नानी के साथ होली मनाने की बात सोशल मीडिया में ट्वीट कर डाली। इस पर भाजपा नेता मीनाक्षी लेखी ने
तंज कसते हुये लिखा कि कार्ति की गिरफ्तारी ने नानी याद दिला दी।

आपको बता दें कि मीडिया ग्रुप में विदेशी निवेश की अनुमति दिलाने के लिए घूस लेने के आरोप में पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। गुरुवार को उन्हें दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया था। जहां से कार्ति को 5 दिन की सीबीआई कस्टडी में भेज दिया गया।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने विदेश जाकर अपनी नानी के साथ होली मनाने की जानकारी दी। राहुल के इसी ट्वीट को मीनाक्षी लेखी ने रिट्वीट किया और उनके नानी से मिलने जाने को कार्ति चिदंबरम की गिरफ्तारी से जोड़ दिया।

राहुल ने जब ट्वीट में जानकारी दी कि उनकी नानी 93 साल की है, होली के इस वीकेंड पर वह उन्हें सरप्राइज करने जा रहे हैं। इस पर सोशल मीडिया में लोगों ने भी चुटकी ली।

योग के कारण भारत पूरे विश्व में डंका बजा रहाः त्रिवेन्द्र

अंतराष्ट्रीय योग महोत्सव का विधिवत रूप से शुभारंभ हो गया। तीर्थनगरी ऋषिकेश में प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि भारत की भूमि पर ऋषि-मुनियों के अथक प्रयासों से जन्मा योग आज समूचे विश्व में अपनी महत्ता का सिद्ध कर रहा है।

आज पूरा विश्व योग के लिए भारत और खास कर उत्तराखंड की ओर रूख कर रहा है। उनहोंने कहा कि महर्षि पतंजलि योग के परिणेता रहे हैं, उसी योग को कई ऋषि-मुनियों, संतों और योग गुरुओं ने विस्तार देते हुए आज दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह आज विश्व भर मनुष्य का स्वभाव हिंसक हो रहा है, उससे बचने के लिए योग एक बेहतर माध्यम है।

उत्तराखंड पर्यटन विभाग, गढ़वाल मंडल विकास निगम व वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव- 2018 के दूसरे दिन यानी शुक्रवार को योग जिज्ञासुओं ने फूलों की होली खेली। इसके बाद दूसरे दिन योग की कक्षायें चली। आपकों बता दें कि पूरे विश्व के करीब 90 देशों से लगभग 1500 से अधिक योगाचार्य ऋषिकेश में आयोजित योग महोत्सव में प्रतिभाग कर रहे है। शनिवार को उपराष्ट्रपति परमार्थ निकेतन में योग जिज्ञासुओं को संबोधित करेंगे।

प्रतिदिन चलने वाली योग की 200 से अधिक कक्षाओं में मुख्य रूप से अष्टांग योग, आयंगर योग, विन्यास योग, कुंडलिनी योग, जीवमुक्ति योग, सिंतोह योग, सोमैटिक योग, हठ योग आदि प्रस्तुत किए जाएंगे।

अब दसवीं पास करना हुआ आसान, सीबीएसई ने दी राहत

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के उत्तीर्ण होने का रास्ता आसान कर दिया है। बोर्ड ने दसवीं कक्षा में पास होने का मानदंड ही बदल दिया है। इस मानदंड के अनुसार विद्यार्थी अब आंतरिक व बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन को मिलाकर 33 फीसद अंक प्राप्त करने पर ही पास हो जाएंगे।

इससे पहले विद्यार्थियों को पास होने के लिए आंतरिक व बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन में अलग-अलग 33 फीसद अंक प्राप्त करने होते थे। शैक्षणिक सत्र 2017-18 की दसवीं की बोर्ड परीक्षा में विभिन्न मूल्यांकन पृष्ठभूमि से आए परीक्षार्थियों की परिस्थतियों को देखते हुए सीबीएसई की परीक्षा समिति ने 16 फरवरी को हुई बैठक में यह फैसला लिया है। हालांकि, पास होने का यह मानदंड सिर्फ इसी सत्र की बोर्ड परीक्षा के लिए लागू रहेगा।

सीबीएसई अध्यक्ष अनिता करवल द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार वर्ष 2018 में परीक्षा दे रहे दसवीं के विद्यार्थियों के लिए यह बदलाव किया गया है। इसके तहत 20 अंक वाली आंतरिक परीक्षा व 80 अंक वाली विषय परीक्षा के अंकों को मिलाकर 33 फीसद अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी पास माने जाएंगे।

यह नियम पांचों मुख्य विषयों के लिए लागू होगा। अगर किसी विद्यार्थी ने अतिरिक्त विषय के तौर पर छठा या सातवां विषय भी लिया है, तो उन विषयों के पास होने का मानदंड भी अन्य पांचों विषयों की तरह ही रहेगा।

सीबीआई ने कार्ति चिदंबरम को पकड़ा, आईएनएक्स मीडिया मामला

पूर्व गृह और वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम को सीबीआई ने चेन्नई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक कार्ति को बुधवार सुबह आठ बजे गिरफ्तार किया गया। कार्ति चिदंबरम के वकीलों ने उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। कार्ति लंदन से भारत लौट रहे थे, सीबीआई ने चेन्नई एयरपोर्ट पर ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

सीबीआई ने कार्ति से पूछताछ भी शुरू कर दी है। यह गिरफ्तारी आईएनएक्स मीडिया केस के मामले में हुई है। आपको बता दें कि कार्ति के खिलाफ ईडी भी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है।

इससे पहले, 19 जनवरी को कार्ति चिदंबरम से ईडी ने करीब 11 घंटे तक पूछताछ की थी। ईडी ने मई 2017 में कार्ति और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

आखिर मामला है क्या?

वर्ष 2007 में पी. चिदंबरम के वित्त मंत्री रहने के दौरान आईएनएक्स मीडिया के 305 करोड़ रुपये विदेशी फंड हासिल करने में गये थे। आरोप यह हैं कि फॉरेन इनवेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड क्लीयरेंस हासिल करने में अनियमितता बरती गई। आरोप हैं कि कार्ति को इस मामले में 10 लाख रुपये मिले थे। इडी ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है। सीबीआई 2006 में एयरसेल-मैक्सिस डील में क्लीयरेंस देने में अनियमितता के मामले की जांच कर रही है। कार्ति पर आरोप है कि उन्होंने कर संबंधी जांच से बचने के लिए पीटर और इंद्राणी मुखर्जी के स्वामित्व वाली मीडिया कंपनी आईएनएक्स से कथित तौर पर धन लिया था। वहीं, कार्ति और उनके पिता पी. चिदंबरम ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों से इंकार किया है।

वहीं आईएनएक्स मीडिया केस में पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम की गिरफ्तारी के बाद सियासी गलियारे में हलचल तेज हो गई है।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए आधिकारिक बयान में कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि अपने भ्रष्टाचार को छुपाने का मोदी सरकार का यह क्लासिक तरीका है, जोकि हर दिन एक्सपोज हो रही है। चाहे वो नीरव मोदी, मेहुल चोकसी या फिर द्वारका दास सेठ ज्वैलर्स का मामला हो।

उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार बदले की भावना से अपने विरोधियों को निशाना बना रही है, लेकिन वो कांग्रेस को जनता तक सच्चाई पहुंचाने से रोक नहीं पाएगी।

तो श्रीदेवी की मौत की वजह ये है, अधिक पढ़े

सिनेमा जगत की श्री श्रीदेवी की मौत किन कारणों से हुयी। इसका कारण दुबई के अथॉरिटीज ने भारतीय दूतावास को बताया कि होटल के बाथटब में डूबने से श्रीदेवी की मौत हुयी है।

गल्फ न्यूज ने रिपोर्ट्स के हवाले से कहा है कि श्रीदेवी के शरीर में अल्कोहल की मात्रा थी। बाथरूम में वो अपना बैलेंस खो बैठीं और बाथटब में गिर गईं। रिपोर्ट के मुताबिक श्रीदेवी की मौत की वजह एक्सीडेंटल है।

सूत्रों के मुताबिक, श्रीदेवी के पार्थिव शरीर से जुड़े सभी कागजात भारतीय उच्चायोग को सौंप दिए गए हैं इसके अलावा डेथ सर्टिफिकेट भी दे दिया गया है। पोस्टमार्टम की जानकारी को पूरी तरह से सीक्रेट रखा गया है।

पुलिस के अनुसार, अब भारतीय उच्चायोग की प्रक्रिया के बाद ही पार्थिव शरीर भारत ले जाया जाएगा। श्रीदेवी का पार्थिव शरीर उनके घर भाग्य बंगला (वर्सोवा) में लाया जाएगा, पूरे घर को सफेद फूलों से सजाया गया है।

दरअसल, श्रीदेवी का पोस्टमार्टम रविवार को ही हो चुका था, लेकिन रिपोर्ट आने में देरी हुई। इसी कारण श्रीदेवी का डेथ सर्टिफिकेट भी अभी तक नहीं बना था। अभी तक श्रीदेवी का पार्थिव शरीर पुलिस की कस्टडी में ही था।

सरकार ने नये फायर स्टेशन को दी हरी झंडी

प्रदेश सरकार ने पुलिस मुख्यालय द्वारा फायर स्टेशन संबंधी भेजे गये प्रस्ताव को हरी झंडी दी है। दुर्गम व रिहायशी इलाकों में लगने वाली आग पर काबू पाने को प्रदेश में अब 33 स्टेशन खोलने की योजना है।

प्रदेश हर वर्ष फायर सीजन में लगने वाली आग में 20 से 25 करोड़ की संपत्ति स्वाहा होने के साथ सैकड़ों लोगों की जान खतरे में पड़ती है। आग से नुकसान के आंकड़े इसलिए भी आसमान छूते हैं क्योंकि प्रदेश के कई इलाकों में राज्य स्थापना के बाद से अब फायर स्टेशन तक नहीं खोले जा सके। लिहाजा दूरदराज के इलाकों से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ती है और तब तक यहां आग बेकाबू होकर तांडव मचा चुकी होती है।

इसे देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश के उन 33 स्थानों पर फायर स्टेशन खोलने को प्रस्ताव भेजा है, जहां अब तक फायर स्टेशन नहीं खुले हैं। मगर अग्नि दुर्घटनाओं के लिहाज यह इलाके हमेशा संवेदनशील रहते हैं। इसमें गैरसैंण, बद्रीनाथ, श्रीनगर, डोईवाला, चंपावत, त्यूणी व भगवानपुर शामिल हैं, जहां फायर स्टेशन स्थापित करने को सरकार ने हरी झंडी दे दी है।

गढ़वाली गीत कैने मारी पिचकारी से नेगी ने की वापसी

लोकगायक नरेन्द्र सिंह नेगी बीमारी की जंग जीतने के बाद एक बार फिर से गायकी से जलवा करने को तैयार है। होली का त्योहार नजदीक है और ऐसे में नेगी का पिचकारी सर्ररर, कैने मारी… वीडियो सॉन्ग सीएम आवास पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रिलीज किया। होली के अवसर पर यह गढ़वाली गीत उनके प्रशंसकों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है।

विदित हो कि बीमारी से उबरकर नेगी दा ने एक बार मंच में प्रस्तुति दी थी, मगर गढ़वाली वीडियो सॉन्ग उन्होंने पहली बार जारी किया है। समारोह में उन्होंने कहा कि वह अस्वस्थता के चलते लंबे समय से लोकगायिकी से दूर थे। यह गढ़वाली वीडियो सॉन्ग उन्होंने होली के खास मौके पर बनाया है। बीमारी के बाद यह लोकगीत लोगों को समर्पित करते हुए वह काफी ऊर्जावान महसूस कर रहे हैैं। उन्होंने यह गीत गाकर समारोह में रंग जमा दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह लोकगीत होली को खास बनाएगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र सिंह नेगी का लोकगायिकी के प्रति समर्पण भाव प्रेरणास्रोत है। उनके स्वस्थ होने के बाद से प्रदेशवासी उनकी आवाज सुनने की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे थे, जो आज पूरी हुई।