सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र पाकर फिले चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे, सीएम ने दिया ज्वाइनिंग पत्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में नगर निकायों की पालिका अकेन्द्रीयित सेवा के अंतर्गत उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित 226 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये। जिन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये उनमें नगर निकायों में कर एवं राजस्व मोहर्रिरों/कर संग्रहकर्ता के 148 अभ्यर्थी एवं कनिष्ठ सहायक सह डाटा एन्ट्री ऑपरेटर के 78 अभ्यर्थी शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगर निगम देहरादून द्वारा विकसित किये गये सिटीजन एप ‘वन स्टॉप सोल्यूशन’ भी लांच किया। ओडीएफ प्लस के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए जनपद हरिद्वार एवं जनपद टिहरी को और स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सबसे अधिक श्रमदान करने के लिए देहरादून एवं उधमसिंह नगर जनपद को मुख्यमंत्री ने पुरस्कृत किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चयनित सभी 226 अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन पदों पर नियुक्तियां होने से जनता की परेशानियां दूर होंगी, कार्यों में भी तेजी आयेगी। मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को कहा कि जीवन में मानक बनाकर आगे बढ़ें। यदि हम अपने कार्यों को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से करते हैं, तो इससे मन में संतोष का भाव आता है। जीवन को सफल और सार्थक बनाने के लिए उद्देश्य के साथ आगे बढ़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा तेजी से प्रयास किये जा रहे हैं। विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए प्रक्रियाएं तेजी से चल रही हैं।
अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी को विभागों में रिक्त पदों का संज्ञान लेकर नियुक्ति प्रक्रियाओं में तेजी लाने के लिए जिम्मेदार दी गई है। राज्य में सभी प्रतियोगी परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता के साथ हों, इसके लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कारवाई की गई। 80 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 9 वर्षों से देश में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में जो अभियान चल रहा है, उसमें हाल में ही एक और कड़ी जुड़ी है और ये कड़ी है रोजगार मेले की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत का मान, सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है। भारत तेजी से महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है। 2047 तक भारत को बड़ी अर्थव्यवस्था और महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ाने के लिए तेजी से कार्य किये जा रहे हैं। इसमें प्रत्येक भारतवासी का योगदान महत्वपूर्ण है। आजादी के अमृत महोत्सव में हम सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में तेजी से कार्य कर आगे बढ़ना है। विकसित भारत बनाने के लिए सबको अपना योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध होकर निरंतर कार्य कर रही है। उत्तराखण्ड को 2025 तक देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए सरकार के विकल्प रहित संकल्प की सिद्धि में सबका सहयोग जरूरी है।

शहरी विकास मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल ने कहा कि आज जिन अभ्यर्थियों को नियुक्तियां दी गई हैं, इनके आने से शहरी विकास एवं निकायों के तहत होने वाले कार्यों में तेजी आयेगी। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से आशा व्यक्त की कि अपने कार्यक्षेत्र में पूरी सेवा और समर्पण भाव से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर, गांधी जयंती तक मनाये जा रहे स्वछता ही सेवा पखवाड़ा के अन्तर्गत प्रदेश में अनेक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।

इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, सचिव अरविन्द सिंह ह्यांकी, निदेशक शहरी विकास नितिन भदौरिया, अपर सचिव कर्मेन्द्र सिंह, नगर आयुक्त देहरादून मनुज गोयल एवं शहरी विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

30 प्रतिशत क्षैतिज महिला आरक्षण लागू करने पर महिला मोर्चा ने किया सीएम का आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उत्तराखंड राज्य में महिलाओं को सरकारी नौकरी में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किये जाने पर भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा, विभिन्न सामाजिक संगठन, बड़ी संख्या में मौजूद छात्राओं ने मुख्यमंत्री श्री धामी का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कोई राज्य एवं समाज तभी विकसित हो सकता है, जब हमारी मातृशक्ति सशक्त हो। राज्य में महिलाओं को नौकरी में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण को बरकरार रखने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये गये। विधानसभा से राज्य की महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का विधेयक पास किया गया। जिस पर माननीय राज्यपाल से भी मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में राज्य सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। आज महिलाएं शिक्षा, खेल सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, जैसे विभिन्न क्षेत्रों में लगातार तेजी से आगे रही हैं। राज्य के निर्माण में महिलाओं का योगदान भुलाया नहीं जा सकता है। एक विकसित समाज की नींव महिलाओं को सशक्त बनाने से ही रखी जा सकती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बेटियों को आगे लाने का कार्य किया जा रहा है। संपूर्ण देश में महिलाओं के जीवन स्तर को सुधारने का कार्य हो रहा है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान से बेटियों के प्रति समाज में लोगों का नजरिया बदला है। केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। केन्द्र सरकार की उज्ज्वला योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना, स्वच्छ भारत अभियान, आयुष्मान भारत योजना से समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़े लोग लाभान्वित हो रहे हैं ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के साथ ही ‘मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना‘, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना और पोषण अभियान जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। राज्य सरकार ने तीलू रौतेली पुरस्कार योजना व नंदा गौरा योजना के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन धनराशि में भी बढ़ोत्तरी की है। आज जल, थल और नभ तक महिलाएं भारत का नाम रोशन कर रही हैं। पिछले साल ही नौसेना में छह जाबांज महिला अधिकारियों ने समुद्र के रास्ते पूरी दुनिया की सैर की थी। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि महिला दल की कप्तान उत्तराखंड के पौड़ी जिले की बेटी ले. कमांडर वर्तिका जोशी थी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा राज्य में महिला सशक्तीकरण के साथ ही युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कारवाई की जा रही है। राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा हाल ही में हुई पटवारी भर्ती में गड़बड़ी पाए जाने पर उसे निरस्त कर पुनः परीक्षा की तिथि तय की गई है। इस परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों से परीक्षा के दिन प्रवेश पत्र दिखाने पर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में कोई शुल्क नहीं लिया जायेगा।
प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा भाजपा आशा नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संपूर्ण प्रदेश में महिलाओं का मान सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है। उन्होंने कहा पंचायतों से लेकर नौकरियों में महिलाओं को आरक्षण देकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य सरकार द्वारा किया जा रहा है। आज महिलाएं पंचायत स्तर पर अपने गांव को सशक्त करने का कार्य कर रही है। उत्तराखंड राज्य के निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका रही उसी प्रकार आज राज्य के विकास में महिलाएं अपना योगदान दे रही हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजयुमो नेहा जोशी, महामंत्री महिला मोर्चा गीता रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी महिला मोर्चा नेहा शर्मा, रुचि भट्ट, श्रीमती कमली भट्ट, गीता चमोली, सरला खंडूड़ी, विमला नौटियाल एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

503 Service Unavailable

Service Unavailable

The server is temporarily unable to service your request due to maintenance downtime or capacity problems. Please try again later.

Additionally, a 503 Service Unavailable error was encountered while trying to use an ErrorDocument to handle the request.