टिहरी रियासत की जनक्रांति का केन्द्र रहा है झंडा चौक

हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि ऋषिकेश के झंडा चौक का इतिहास गौरवशाली है। टिहरी रियासत की जनक्रांति और पर्वतीय जिलों का ऋषिकेश प्रवेश द्वार होने के कारण झंडा चौक संपूर्ण क्रांतिकारी गतिविधियों का केंद्र रहा है।
रविवार को मकर संक्रांति पर्व पर ऋषिकेश झंडा चौक पर नवनिर्मित झंडा स्तंभ का उद्घाटन करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद हरिद्वार रमेश पोखरियाल निशंक ने यह बात कही। कहा कि आंदोलनकारी झंडा चौक में एकत्र होकर जुलूस की शक्ल में आंदोलन में शामिल होते थे। यहां पर ध्वज फहराने की परंपरा थी। सन् 1929 में नमक सत्याग्रह में देहरादून जिले के 400 लोग जेल गए थे, जिनमें 70 संन्यासी भी थे, जो ऋषिकेश झंडा चौक से एकत्र होकर देहरादून गए थे। निशंक ने कहा कि क्रांतिकारियों का मिलन केंद्र रहा झंडा चौक किसी विश्व धरोहर से कम नहीं है। इस मौके पर श्री भरत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य, हर्षवर्धन शर्मा, वरुण शर्मा, हरिनारायणचार्य, जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान, संजय शास्त्री, जगमोहन सकलानी, दीप शर्मा, विनय उनियाल, प्रतीक कालिया, मनोज पंवार, दीपक धमीजा, विकास नेगी, राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट, जितेंद्र अग्रवाल, अशोक जैन, अनिकेत गुप्ता, प्रदीप दुबे, गोविंद सिंह रावत, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, रंजन अंथवाल, मदन मोहन शर्मा आदि उपस्थित रहे।

विश्व स्तरीय क्याकिंग कैनोइंग अकादमी की टिहरी जनपद में होगी स्थापना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने टिहरी झील में आयोजित नेशनल चौैंपियनशिप “टिहरी वाटर स्पोर्ट्स कप” का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने आयोजन स्थल पर लगे विभिन्न स्टाल्स का निरीक्षण किया साथ ही पहले सत्र की विजेता टीमों मेडल प्रदान किए। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सम्बोधन में कहा कि यह पहला मौका है जब टिहरी झील में राष्ट्रीय स्तर की इस खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में “समृद्ध खेल संस्कृति“ का विकास हो रहा है, हाल के दिनों में हमारे खिलाड़ियों द्वारा विभिन्न खेलों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे ऐतिहासिक प्रदर्शन इसका प्रमाण हैं।

उन्होंने कहा कि खेल एक ऐसी विधा है जिसके ज़रिए खिलाड़ी न केवल अपना और अपने परिवार का नाम रोशन करते हैं बल्कि इससे उनके प्रदेश और देश का नाम भी रोशन होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तराखण्ड की युवा पीढ़ी के अनेकों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का सम्मान बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में जहां एक ओर सरकार ने “नई खेल नीति“ लागू की है वहीं दूसरी ओर सरकार ने नौकरियों में पुनः “खेल कोटा“ प्रारंभ करने का ऐलान भी किया है। उन्होंने टीएचडीसी का इस आयोजन हेतु आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस खेल से एक ओर जहां राज्य के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा वहीं दूसरी ओर टिहरी क्षेत्र में पर्यटन का विकास भी होगा। उन्होंने कहा कि टिहरी में इस खेल के आयोजन से वाटर स्पोर्ट्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले देश और प्रदेश के नौजवानों में नई ऊर्जा का संचार होगा।

उन्होंने कहा कि राज्य को सर्वश्रेष्ठ बनाने के संकल्प को पूरा करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। वर्तमान में टिहरी में पर्यटन के विकास के लिए अनेकानेक योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन का केंद्र बनाने का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है।

इस दौरान अपने संबोधन में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने कहा कि खेलों को बढ़ावा केंद्र सरकार की प्राथमिकता में है। ऊर्जा मंत्रालय द्वारा यह तय किया गया है कि ऊर्जा मंत्रालय की हर एक कंपनी एक खेल को अंगीकृत करेगी, इसी क्रम में टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड द्वारा कयाकिंग कैनोइंग खेल को अंगीकृत किया गया है । केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने कहा कि टिहरी में विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किया जाएगा, जिसमें खिलाड़ियों के ठहरने से लेकर ट्रेनिंग की भी व्यवस्था की जाएगी। श्री सिन्हा ने कहा कि इस ट्रेनिंग सेंटर में बेहतर खेल प्रतिभाओं को टीएचडीसी द्वारा विदेश में भी ट्रेनिंग दी जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहाड़ों में हाइड्रो प्रोजेक्ट्स की अपार संभावनाएं हैं जिसको केंद्र और राज्य सरकार मिलकर आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए केंद्र और राज्य सरकार है एक साथ मिलकर काम कर रही हैं। इस दौरान टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने आयोजकों का आभार प्रकट किया।

कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, विधायक शक्ति लाल शाह, विनोद कंडारी, विक्रम सिंह पंवार के अलावा सचिव ऊर्जा मीनाक्षी सुंदरम, उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव डीके सिंह, टीएचडीसी के सीएमडी आरके विश्नोई समेत विभिन्न राज्यों के 15 टीमों ने प्रतिभागी मौजूद रहे।

भारत दर्शन जा रहे छात्रों ने सीएम धामी से की भेंट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में भारत दर्शन पर जा रहे विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग के मेधावी छात्रों से भेंट की। उन्होंने कहा कि देवप्रयाग के विधायक विनोद कण्डारी द्वारा मेधावी बच्चों को शैक्षिक भ्रमण पर ले जाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। मेधावी छात्रों को भारत भ्रमण में नई-नई चीजें सीखने को मिलेंगी। भारत दर्शन करने के साथ-साथ ये भविष्य दर्शन भी करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के अन्य मेधावी छात्रों को भी इस तरह से भारत भ्रमण पर ले जाने के लिए भविष्य में राज्य सरकार की ओर से कार्य योजना बनाई जायेगी।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वे भविष्य में जिस भी क्षेत्र में कार्य करें, एक लीडर की भूमिका में कार्य करें। यदि हम किसी कार्य को पूर्ण मनोयोग एवं दृढ़ निश्चय से करते हैं, तो उसमें सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि मनुष्य अनंत ऊर्जा का भंडार है। ऊर्जा का संचार सकारात्मक दृष्टि से हो तो कोई भी कार्य असंभव नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस भ्रमण के दौरान इन मेधावियों को शैक्षिक एवं औद्योगिक संस्थानों के बारे में भी जानकारी प्राप्त होगी।
विधायक विनोद कण्डारी ने बताया कि 19 दिसम्बर 2022 तक देवप्रयाग विधानसभा के हाईस्कूल में उच्च स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को विभिन्न स्थानों पर शैक्षिक भ्रमण कराया जा रहा है। शैक्षिक संस्थानों के अलावा इन मेधावी छात्रों को औद्योगिक एवं अन्य संस्थानों का भ्रमण भी कराया जायेगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष टिहरी सोना सजवाण उपस्थित रहे।

विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गंगा तट हुआ गुंजयमान

श्री शत्रुघ्न घाट मुनिकीरेती में आज माँ गंगा की दैनिक आरती से पूर्व भारत एवं इंडोनेशिया सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें दोनों देशों के कलाकारों ने आध्यात्म एवं भारतीय संस्कृति से जुडे विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री शत्रुघ्न मंदिर के महन्त एवं गंगा गौ सेवा समिति के अध्यक्ष महन्त मनोज प्रपन्नाचार्य, इंडोनेशिया बाली शहर में गाँधीपुरी आश्रम के संस्थापक पद्मश्री सम्मान से सम्मानित इन्दिरा उदयाना, गढभूमि लोक संरक्षण समिति के अध्यक्ष आशाराम व्यास, रमाबल्लभ भट्ट, पतंजलि योग संस्थान मुनिकीरेती की संस्थापिका ऊषा माता ने संयुक्तरुप से दीप प्रज्वलन कर किया। उसके बाद श्री दर्शन महाविद्यालय के छात्रों ने वैदिक मंगलाचरण एवं गणेश वन्दना प्रस्तुत की। उसके पश्चात जर्मनी से मैनफ्रेड एवं क्रिस्टा ने सुन्दर भजन प्रस्तुत किये। पंचाक्षर शिव स्तोत्र पर इंडिया गो टैलेंट की सेमीफाइलिस सुजाता राय ने बहुत सुन्दर नृत्य प्रस्तुत किया। इंडोनेशिया से आये हुए कलाकारों ने चोंडोंग डांस ,चन्द्रावासी डांस एवं योगा आर्ट डांस प्रस्तुत किया। डाँक्टर रीता वत्स ने विष्णु वन्दना एवं शिव वन्दना पर बहुत सुन्दर नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का आनंद सैकड़ों की संख्या में स्थानीय एवं भारत वर्ष के विभिन्न प्रांतों से आये हुए लोगों ने लिया।
महन्त मनोज प्रपन्नाचार्य ने बाताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों देशों की संस्कृति को आदान-प्रदान करना एवं प्रचार-प्रसार करना है। उन्होंने कहा ऋषिकेश आध्यात्मिक नगरी है इस प्रकार के कार्यक्रमों से एक अच्छा संदेश जाता है। आचार्य सुभाष चन्द्र डोभाल के संचालन में चल रहे इस कार्यक्रम में बीना जोशी, पुष्पा ध्यानी, घनश्याम नौटियाल, मनमोहन शर्मा, सुनील कपरुवान, दरम्यान सिंह रावत, सुरेन्द्र भंडारी, मधुलिका द्विवेदी, मनन द्विवेदी, मीना मदवाण, आरती चौहान, राजीव तिवारी, विजय विष्ट, अंजू गैरोला, विश्वेश्वरी उनियाल, हरि चरण सिंह, विनोद बडथ्वाल सहित आरती के सभी आचार्यों सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के बाद माँ गंगा की होने वाली दैनिक भव्य आरती सम्पन्न हुई।

सीएम ने धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र को 29 योजनाओं की सौगात दी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद टिहरी क्षेत्रान्तर्गत परोगी (अगलाड़) थत्यूड़ में विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने अठजूला क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधान सभा क्षेत्र धनोल्टी की विभिन्न विकास योजनाओं के तहत लगभग 126.58 करोड़ रुपए की 29 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्र के लोगों को विकास की सौगात दी गई। जिसमें 21.53 करोड़ रुपए के 7 लोकार्पण एवं 105.5 करोड़ रूपये के 22 शिलान्यास शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने परोगी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की स्थापना की स्वीकृति प्रदान करने तथा अठजूला क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास समिति, परोगी नैनबाग जौनपुर टिहरी गढ़वाल को इस वर्ष महोत्सव हेतु 2 लाख देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम, मेले एवं महोत्सव गांवों को जोड़ने का कार्य करने के साथ ही लोक संस्कृति को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि अपनी लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इगास के दिन अवकाश घोषित की गई। आज लगभग 125 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया, जिसमें लम्बे समय से मांग की जा रही काण्डी पम्पिंग पेयजल योजना भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक लोगों की सेवा के लिए तत्पर है। अधिकारियों को सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण के मूल मंत्र पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री अकादमी में आयोजित चिंतन शिविर में राज्य के विकास के लिए अनेक विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को 2025 तक देश के श्रेष्ठ राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। सभी प्रदेशवासियों के सहयोग से उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। वैश्विक स्तर पर भारत का मान, सम्मान एवं स्वाभिमान बढ़ा है।
विधायक राजपुर खजान दास एवं विधायक धनोल्टी प्रीतम सिंह पंवार द्वारा भी जनता को सम्बोधित किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जो विकास कार्य किये जा रहे हैं, वह दिख रहे हैं, जितनी भी घोषणाएं की गई हैं, वह पूरी हो रही है। विकास गोष्ठियां विकास का एक मंच होता है। इस अवसर पर उन्होंने नंदा गौरा कन्या योजना में आने वाली समस्याओं के शीघ्र समाधान की भी बात कही।
विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने परोगी क्षेत्र में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें लोक संस्कृति प्रेमी बताया। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री का इस क्षेत्र से विशेष लगाव है। हमारे जौनपुर क्षेत्र ने हमेशा हमारी लोक संस्कृति, खान पान का संरक्षण किया है। उन्होंने कहा आज मुख्यमंत्री द्वारा 126 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, जो इस क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
इस मौके पर जिला प्रशासन द्वारा बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉलों के माध्यम से केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उपकरण, दवा एवं बीज वितरित किये गये। आयुष विभाग द्वारा 60 लोगों को दवा वितरण, स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगभग 4 लोगों का पंजीकरण/स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरित की गई तथा 10 लोगों का कोविड वैक्सीनेशन किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा 17 नये पेंशन के आवेदन पत्र प्राप्त किये गये। कृषि विभाग द्वारा 26 लोगों को कृषि बीमा एवं 05 लोगों सब्सिडी पर कृषि यंत्र वितरित किये गये।

सुबोध उनियाल ने विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ रूपये की स्वीकृति दी

सरकारी संस्थानों में उच्च तकनीकी शिक्षा के इच्छुक छात्र-छात्राओं को अब दूर-दराज क्षेत्रों की ओर दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। नरेंद्रनगर स्थित पॉलिटेक्निक में छात्र-छात्राओं को डिप्लोमा, डिग्री और एमटेक तीनों की सुविधाएं मुहैया होगी।
नरेंद्रनगर पॉलिटेक्निक का औचक निरीक्षण करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने यह बात कही, इस दौरान उन्होंने यहां विकास कार्यों हेतु 10 करोड़ रूपए की स्वीकृति भी प्रदान की। नरेंद्रनगर पॉलिटेक्निक में निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने पुराने और नए एडमिशन हेतु आए छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। उन्होंने छात्र-छात्राओं से यहां की शिक्षण व्यवस्थाओं के बारे में जाना। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने यहां बने कक्षों का औचक निरीक्षण किया, उन्होंने संस्थान के प्राचार्य आलोक कुमार को यहां कक्षों की स्थिति सुधारने एवं कमियों को दूर करने हेतु निर्देशित किया।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि आज के दौर में युवा वर्ग आईटी सेक्टर की ओर अधिक भाग रहा है, इस हेतु युवाओं को दूरदराज बाहरी क्षेत्रों की दौड़ लगानी पड़ती है। नरेंद्रनगर पॉलिटेक्निक में एनीमेशन, रूलर इन्वायरमेंट और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के कोर्स संचालित हो रहे हैं। जल्द ही यहां छात्र-छात्राओं को डिप्लोमा, डिग्री और एमटेक की सुविधा मिलेगी, जिससे छात्र-छात्राओं को कोर्स हेतु दूरदराज बाहरी क्षेत्रों में नहीं जाना होगा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने नरेंद्रनगर पॉलिटेक्निक के विकास कार्यों हेतु 10 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्रदान की। जिस पर संस्थान के प्राचार्य ने कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया।

महाराष्ट्र के चार यात्रियों की मौत, कार खाई में गिरने से दो घायल

बदरीनाथ हाईवे पर नीरगड्डू के पास एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिससे उसमें सवार चार तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। कार में सवार यात्री बदरीनाथ जा रहे थे। हादसे की वजह चालक को अचानक नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।

आज सुबह सवा छह बजे हरिद्वार से एक कार महाराष्ट्र के 5 तीर्थयात्रियों को लेकर बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुई। सुबह करीब साढ़े सात बजे के आसपास ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के तपोवन से आगे नीरगड्डू के समीप कार खाई में जा गिरी। हादसा होते देख हाईवे से गुजर रहे लोगों ने मुनिकीरेती थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर एसडीआरएफ की टीम घटना स्थल पर पहुंची और रेस्क्यू कर कार में सवार सभी गंभीर घायलों को खाई से बाहर निकाला। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि 108 आपातकालीन एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को ऋषिकेश सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक घायल यात्री ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि चालक और एक अन्य यात्री को ऋषिकेश एम्स में इलाज चल रहा है। घायल चालक रविंद्र सिंह ने बताया कि उसे अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे कार पर नियंत्रण खो बैठा।

उन्होंने बताया कि घायलों पहचान रविंद्र सिंह पुत्र ज्ञान सिंह निवासी ग्राम उसाड़ा, पोस्ट दैडा, तहसील उखीमठ, रुद्रप्रयाग और रविन्द्र चव्हाण पुत्र महादेव चव्हाण निवासी ब् 714, ओम सद्गुरुनगर, ग्रेटर मुम्बई के रूप में कराई।
जबकि मृतकों की पहचान शिवाजी बुधकर पुत्र शिवाजी बाबा जी बुधकर निवासी दहिसर मुंबई (महाराष्ट्र), पुरुषोत्तम दत्तात्रेय खिलकुटी पुत्र दत्तात्रेय खिलकुटी निवासी पछुबंदर कोलीवाडा रोड वेस्ट वसई थाणे महाराष्ट्र, जितेश प्रकाश लोखंडे पुत्र प्रकाश लोखंडे निवासी स्ठैभ् मार्ग मनोर टाकवाहल ठाणे महाराष्ट्र, धर्मराज पुत्र नारायण निवासी पचुबंदर वसई पालघर महाराष्ट्र के रूप में कराई है।

भारत जोड़ो पदयात्रा और जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन

अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के 7 सितंबर से कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3570 किलोमीटर की भारत जोड़ो पर यात्रा का शुभारंभ राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू हो चुका है। जिसके मध्य नजर जिला एवं नगर कांग्रेस कमेटी ढालवाला मुनिकीरेती द्वारा 14 बीघा पुल से क्रांति चौक तक भारत जोड़ो पदयात्रा एवं जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमे सभी कांग्रेस जन 14 बीघा के पुल पर एकत्रित हुए और जहां से कैलाश गेट पर राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ साकेतिक जाम लगा कर जोर दार नारे बाजी की।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगमोहन भंडारी एवं दिनेश व्यास तथा राजेंद्र सिंह राणा ने कहा कि आज पूरे देश को जोड़ने की आवश्यकता है। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ जो खिलवाड़ किया है उसे उत्तराखंड के नौजवान इस छलावे से बहुत दुखी हैं। जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि आज देश को सामाजिक तौर पर भाजपा ने छिन्न-भिन्न कर दिया है। जिसको जोड़ने की बहुत आवश्यकता है। साथ ही आर्थिक तौर पर युवाओं को बेरोजगार कर उत्तराखंड में अपने चहेतों को अपने रिश्तेदारों को और बाकी अयोग्य लोगों से लाखों रुपया लेकर जो भर्ती घोटाला किया, उसकी सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान जज की निगरानी में सीबीआई जांच करा कर युवाओं के सपनों को जोड़ने की आवश्यकता है। साथ ही जो धर्म के आधार पर देश को बांटने का काम हो रहा है उसमें सभी धर्मों के लोगों को एक साथ जोड़ने की आवश्यकता है।
नगर अध्यक्ष महावीर खरोला ने प्रदेश सरकार द्वारा भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। इस अवसर पर उत्तम असवाल जिला अध्यक्ष, महावीर खरोला शहर अध्यक्ष, जगमोहन भंडारी, राजेन्द्र राणा, पूर्व अध्यक्ष दिनेश व्यास, आशीष रानाकोटी, प्रदेश सचिव।दिनेश सकलानी, अजय रमोला, कार्यकारी अध्यक्ष लेखराज भंडारी, अनिल रावत, विपिन रावत, बलवंत चौहान, शिवम भट्ट, विक्की प्रजापति, सुरेंद्र भंडारी, दयाल भंडारी, गबर चौहान, सरस्वती जोशी, बंदना नेगी, अनिता कोटियाल, उर्मिला ममगाईं , प्यारी रावत आदि मौजूद थे।

लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की बोर्ड बैठक में सभासदों ने घरों से कूड़ा उठान में सोर्स सेग्रीगेशन में लापरवाही बरते जाने पर नाराजगी जताई। इसके बाद पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी बिफर गए, उन्होंने मौके पर ही संबंधित कार्यदायी संस्था के कर्मियों को बुलाया और जमकर फटकार लगाई। कहा प्रत्येक घर से सेग्रिगेशन में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की बोर्ड बैठक में प्रत्येक घर से कूड़ा न उठाए जाने की समस्या सभासदों ने अध्यक्ष के समक्ष रखी। पालिकाध्यक्ष रतूड़ी ने कार्यदायी संस्था के सुपरवाइजरों को बुलाया और सभी को फटकार लगाई। पालिकाध्यक्ष ने सुपरवाइजरों को प्रत्येक घर से कूड़ा उठवाने के निर्देश दिए। तंग गलियों में आवाज लगाकर कूड़ा उठाने के लिए कहा, साथ ही कूड़ा न देने वालों के नाम नोट कर निकाय कार्यालय में देने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बोर्ड बैठक में क्षेत्र के आवारा और पालतु कुत्तों पर चर्चा की गई। पर्यावरण मित्रों को ड्रेस उपलब्ध करवाने हेतु सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बताया कि गंगा क्षेत्र में पशुओं द्वारा गंदगी किए जाने पर पांच हजार रुपये तक का चालान किया जाएगा। पशुपालकों के लाइसेंस बनाए जायेंगे।
मुनीकीरेती-ढालवाला क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र में भवन और संपत्ति पर कर लगाया जाएगा। नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों के लिए ओपन जिम सामग्री लगाई जाएगी। साथ ही पालिका के बकायेदारों के खिलाफ आरसी की कार्रवाई किए जाने का निर्णय भी लिया गया। पालिका क्षेत्र में गंगा घाट, आस्था पथ पर क्योस्क के माध्यम से दुकान बनाकर सौंदर्यीकरण किए जाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
मौके पर ईओ तनवीर मारवाह, सभासद मीनू, सुभाष चौहान, धर्म सिंह, मनोज बिष्ट, गजेंद्र सिंह सजवाण, बिरेंद्र सिंह चौहान, सुषमा नेगी, विनोद सकलानी, वंदना थलवाल, सोविता भंडारी, सांसद प्रतिनिधि भगवती काला, विधायक प्रतिनिधि दीपक थलवाल, वरिष्ठ लेखालिपिक बेताल सिंह, कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, लिपिक प्रकाश अवस्थी, पिंकी तड़ियाल, विकास सेमवाल, दीपक कुमार आदि उपस्थित थे।

503 Service Unavailable

Service Unavailable

The server is temporarily unable to service your request due to maintenance downtime or capacity problems. Please try again later.

Additionally, a 503 Service Unavailable error was encountered while trying to use an ErrorDocument to handle the request.