शिवभक्तों का किया स्वागत, फल, जूस और बेलपत्र वितरित किये

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने पवित्र सावन मास के चतुर्थ सोमवार को शिव भक्तों को फल, जूस और बेलपत्र वितरित किये।
सोमवार को चंद्रभागा के समीप आयोजित कार्यक्रम में शिव भक्तों को फल, जूस और बेलपत्र वितरित कर मंत्री डॉ अग्रवाल ने बोल बम के जयकारे भी लगाए। उन्होंने कहा कि सावन मास में भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व है, ऐसे में भगवान शिव के दर्शन करने वालों की सेवा करने से भी विशेष फल की प्राप्ति होती है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि भगवान शिव को बेलपत्र बहुत प्रिय है। डा. अग्रवाल ने कहा कि भगवान शिव को जल की धारा अधिक प्रिय है। कहा कि ऐसी मान्यता है कि इस दिन जलाभिषेक से शिवभक्तों के सारे कष्ट दूर होते है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि सावन मास सबसे पवित्र महीना है, यह भगवान शिव को समर्पित है। उन्होंने शिव भक्तों का स्वागत करते हुए आभार जताया और यात्रा की मंगल कामना की। वहीं, शिव भक्तों ने सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल का अभिवादन स्वीकारते हुए सरकार की व्यवस्था की प्रशंसा की।
इस मौके पर आयोजक यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अमरजीत धीमान, अजय धीमान, संदीप तोमर, शुभम ओमकार, सुमित सेठी, दिव्यांशु नारंग, योगेश ध्यानी, अंशुम चावला, कपिल शर्मा, शिवम कुकरेजा, शंकर नौटियाल, रवनीत सिंह आदि उपस्थित रहे।

अगस्त क्रांति पर कांग्रेस निकाल रही पदयात्रा

अगस्त क्रांति यानि नौ अगस्त को कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में पद यात्रा के माध्यम महंगाई, भ्रष्टाचार और लोकतंत्र पर चोट करने की सत्ता की कोशिशों का विरोध करेगी।
ये कहना है कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा का। माहरा सोमवार को ऋषिकेश में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बगैर किसी लाग लपेट के कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा के झूठ और फरेब को राज्य के गांव-गांव तक पहुंचाएगी। बताएगी कैसे लोगों के साथ छल किया जा रहा है। कैसे उनकी खून पसीने की कमाई धन्नासेठों पर टैक्स माफ के नाम पर लुटाई जा रही है। उन्होंने कहा अगस्त क्रांति यानि नौ अगस्त को कांग्रेस पार्टी प्रदेश भर में पद यात्रा के माध्यम महंगाई, भ्रष्टाचार और लोकतंत्र पर चोट करने की सत्ता की कोशिशों का विरोध करेगी। राज्य के प्रत्येक जिले में कार्यकर्ता 75 किमी. की यात्रा करेंगे। यात्रा के दौरान लोगों को भाजपा के राष्ट्रवाद की हकीकत बताई जाएगी।
बताया जाएगा कि घर-घर तिरंगा लहराने वाली भाजपा का पितृ संगठन आरएसएस के मुख्यालय में तिरंगे से परहेज किया जाता है। यहां तिरंगा फहराने का प्रयास करने वाले तीन युवकों ने 13 साल मुकदमा झेला। भाजपा को इस पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को भाजपा से अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत है। हमारे रोजगार के सबसे बड़े जरिया सेना में संभावनाएं समाप्त की जा रही है। अग्निपथ योजना को लेकर हाइप क्रेट किया जा रहा है। मगर, इसकी हकीकत युवाओं को बरबात करने वाली साबित होगी।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उनका फोकस पार्टी के कैडर को रेस्टोर करना है। इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यकीन है कि लोग जल्द भाजपा की हकीकत समझेंगे। समझेंगे की दूध पर टैक्स लगाने वाली पार्टी कभी आम जन की हितैषी नहीं हो सकती।
इस मौके पर कांग्रेस एआईसीसी के सदस्य जयेंद्र रमोला, प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत, जिलाध्यक्ष अश्वनी बहुगुणा, प्रदेश महामंत्री राजपाल खरोला, दर्शनलाल, महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय, शैलेंद्र बिष्ट, राकेश मिया, मनीष शर्मा, मधु जोशी, रवि जैन, सरोज देवराड़ी आदि मौजूद रहे।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर विशिष्ट प्रदर्शन के लिए युवा फाइन आर्ट शिक्षक राजेश चन्द्र सम्मानित

देवभूमि लोक सम्मान समारोह में ऋषिकेश के युवा फाइन आर्ट शिक्षक राजेश चन्द्र को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कला व शिक्षा के क्षेत्र में देवभूमि का नाम रोशन करने के लिये हिमाद्रि फिल्म्स द्वारा सम्मानित किया गया।
युवा शिक्षक राजेश को यह सम्मान उनके व उनके विद्यार्थियों के तीन बार सयुंक्त राष्ट्र संघ की कला प्रदर्शनी में उत्तराखंड व पर्यावरण की कला दर्शाने व कई और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के लिए मिला। हिमाद्रि फिल्म्स द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सूबे के कबीना मंत्री सुबोध उनियाल सहित विशिष्ट अतिथि गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी, पद्मश्री डॉ प्रीतम भरतवाण, पद्मश्री जागर गायिका बसंती बिष्ट, लोक गायिका अनुराधा निराला, मीना राणा एवं कल्पना चौहान, हिमाद्रि फिल्म्स की निर्मात्री नीलिमा मिश्रा एवं प्रकाश मिश्रा द्वारा राजेश चन्द्र को इस विशिष्ट सम्मान से नवाजा गया।
इस अवसर पर काबीना मंत्री उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति को बढ़ाना देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड की प्राचीन संस्कृति और परम्पराओं को हमें मिलकर आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने बेहद खूबसूरत आयोजन केे लिए हिमाद्री फिल्मस की खुलकर सराहना भी की। इस अवसर पर विभिन्न क्षेेत्रों की गणमान्य हस्तियों सहित कला एवं संस्कृति जगत से जुड़े लोग बड़ी संख्या मेें मोजूद रहे। युवा कला शिक्षक अपने मामा चन्द्रप्रकाश भारती के साथ मौजूद रहे।

छात्रों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ

जनपद देहरादून को नशा मुक्त करने के लिए जिलेभर में शिक्षण संस्थानों, एनजीओ, ग्राम सभाओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता को साथ लेकर व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष रायवाला द्वारा द्वारा आज प्राथमिक विद्यालय खैरीकला/ठाकुरपुर नेपाली तिराहा रायवाला जनपद देहरादून में छात्र-छात्राओं को नशे के कुप्रभाव, साइबर संबंधी अपराधों एवं ट्रैफिक नियमों के संबंध में जानकारी दी गइ। समस्त छात्र-छात्राओं को लगन व मेहनत के साथ और एक अनुशासित होकर कठिन परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करने हेतु प्रोत्साहित भी किया गया। वहीं, छात्र-छात्राओं द्वारा नशे के खिलाफ देहरादून पुलिस के अभियान को सफल बनाने तथा उत्तराखंड को नशा मुक्त करने हेतु प्रण लिया गया। इसके साथ ही पुलिस के अभियान की सराहना की गई।

गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर युवती डूबी

मुनिकीरेती स्थित योग निकेतन के पास गंगा घाट पर टिहरी की युवती का अचानक पैर फिसल गया। गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर वह डूब गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने युवती की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया।
एसडीआरएफ के मुताबिक, सोमवार को चार युवतियां और एक युवक मुनिकीरेती स्थित योग निकेतन के पास गंगा घाट पर पहुंचे। इस दौरान ग्राम पाटा, टिहरी गढ़वाल निवासी आयुषी (18) पुत्री दीपक चमोली का पैर अचानक फिसल गया। गंगा के तेज बहाव की चपेट में आने वह डूबने लगी। इस दौरान उसके साथ आई युवतियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने आयुषी की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि ये लोग परीक्षा देने के लिए टिहरी से आए थे। युवती की तलाश को मंगलवार को फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जायेगा।

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन जरुरतमंद छात्रों की मदद को आया आगे

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन द्वारा श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश के जरुरतमंद छात्रों को जूते वितरित किए गए।
विद्यालय प्रशासन की ओर से लायंस क्लब को बताया गया था कि कुछ जरुरतमंद छात्र हैं जिनके माता-पिता जूते खरीदने में असमर्थ हैं। इस समस्या को देखते हुए आज लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन की ओर से छात्रों को जूते दिए गए और आने वाली सर्दी को देखते हुए आश्वासन दिया गया कि शीघ्र ही उनको गर्म वस्त्र भी वितरित किए जाएंगे।
क्लब अध्यक्ष लायन रजत भोला व संस्थापक लायन ललित मोहन मिश्र ने बताया कि सरकारी विद्यालयों में आमतौर पर कम आय वर्ग के लोगो के बच्चे पढ़ते है। आर्थिक व्यवस्था में कमी के कारण उन्हें कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसी में विद्यालय प्रशासन ने जब बताया कि फिलहाल ऐसे छात्रों की संख्या 50 है तो उन्हें आज क्लब द्वारा जूते वितरित किए गये है।
इस अवसर पर सचिव मोहित गनेरिवाला, कोषाध्यक्ष घनश्याम डंग, जगमीत सिंह, महेश किंगर, विशाल संगर, विनीत चावला, कृष्णा कालरा, जगदीश पनेसर, कार्यक्रम संयोजक अमित सूरी जूनियर आदि शामिल रहे।

कैबिनेट मंत्री अग्रवाल तिरंगा रैली के जरिये राष्ट्रीय ध्वज फहराने का संदेश दिया

उत्तराखंड जन विकास मंच की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने किया। तिरंगा यात्रा में लोगों के साथ मंत्री डॉ अग्रवाल ने भारत माता की जय सहित देश समर्पित नारे भी लगाए, जबकि देश के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान देने वाले महान पुरुषों को नमन भी किया गया। इस दौरान यात्रा मार्ग में विभिन्न जगहों पर पुष्प वर्षा हुई।
रविवार को परशुराम चौक से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई त्रिवेणीघाट पहुंची। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने तिरंगा रैली के साथ लोगों को अपने घर पर देश की आन बान शान का प्रतीक तिरंगा लगाने के लिए जागरूक किया। कहा कि किसी भी देश या राष्ट्र की आजादी का 75 साल पूरा होना अपने आप में गौरव की बात है। केंद्र व प्रदेश सरकार ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अभियान चलाया है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि यह पहल नागरिकों और राष्ट्रीय ध्वज के बीच व्यक्तिगत जुड़ाव पैदा करने के लिए है। यह आजादी का एक उत्सव है। स्वतंत्रता सेनानियों की बलिदान की वजह से आज हम खुले आसमान में सांस ले पा रहे हैं। कहा कि तिरंगा चंद गज का कपड़ा नहीं है। तिरंगे की ताकत 130 करोड़ भारतीयों को एकजुट करने की है।आने वाले पीढ़ियों को इससे संदेश दिया जा रहा है कि हम सब भारत को एकजुट रखेंगे, भारत को आगे बढ़ाएंगे।
इस अवसर पर सभी क्षेत्रवासियों से इस महान अभियान में प्रतिभाग कर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की गयी।
इस अवसर पर अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राहुल मनमीत, पवन शर्मा, राजीव कालड़ा, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, अमित चौधरी, दिनेश गुसाईं, हैप्पी गावड़ी, देवेंद्र बेलवाल, केके लाम्बा, ऋषि पोखरियाल, प्रदीप गुप्ता, पार्षद शिव कुमार गौतम, राजू नरसिम्हा, कपिल गुप्ता, रवि शर्मा, शम्भू पासवान, जितेंद्र अग्रवाल, सुभाष शर्मा, राकेश थपलियाल, कुँवर सिंह, अजय कल्याण, भूपेंद्र राणा, जतिन जाटव, राजेन्द्र पाल, नीटू शर्मा, गिरीश नौटियाल, मनीष बिजल्वाण, मनीष मौर्य, गणेश बिजल्वाण, राजू बर्थवाल सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने शहीद की पुण्यतिथि पर स्मारक बनाने की घोषणा की

वीर अमर शहीद हमीर पोखरियाल की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने शहीद हमीर पोखरियाल के उत्तरकाशी स्थित पैतृक गांव पोखरियाल में स्मारक बनाने की घोषणा की।
रविवार को गुमानीवाला भट्टोवाला में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि जिस घर, परिवार से सैनिक निकलते हैं, वह घर और परिवार पूजनीय होता है। उस परिवार पर ईश्वर की विशेष कृपा होती है। कहा कि हमीर ने देश सेवा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, ऐसे सच्चे देशभक्त समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते है। कहा कि हमीर आज हमारे दिलों और दिमाग में आज भी जिंदा हैं।
इस मौके पर शहीद की माता राजकुमारी, पिता जयेंद्र पोखरियाल, पत्नी पूजा, बेटी अन्वी, बेटा शौर्यवीर, चाचा शैलेन्द्र, आलेंद्र, समाजसेवी मानवेन्द्र कण्डारी, प्रधान दीपिका व्यास, नत्थीलाल सेमवाल, रवि शर्मा, शहीद प्रदीप रावत के पिता कुँवर सिंह रावत, पार्षद वीरेंद्र रमोला, संजीव कुडियाल, आशीष रांगड़, प्रभाकर पैन्यूली सहित कई लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

लोकभाषा और लोक संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर डॉ. राजे नेगी का सम्मान

ऋषिकेश के डॉ. राजे सिंह नेगी को देवभूमि लोक सम्मान 2022 से नवाजा गया है। उन्हें यह सम्मान लोकभाषा व लोक संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया है।
समाजसेवी डॉ. राजे सिंह नेगी ने बताया कि बीते रोज देहरादून में हिमाद्रि फिल्म्स द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें उन्हें लोकभाषा एवं लोक संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए देवभूमि लोक सम्मान-2022 से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें काबीना मंत्री सुबोध उनियाल, गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी सहित अन्य अतिथियों द्वारा भेंट किया गया। कहा कि वे बच्चों को लोकभाषा सिखाने के लिए मोबाइल एप उड़ान लोकभाषा का प्रयोग कर रहे हैं। जिसको लेकर हिमाद्री फिल्मस ने उनके कार्यों की सराहना की है।

पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर कैबिनेट मंत्री ने कार्यकर्ताओं को समर्पित किए तिरंगे

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान के क्रम में भाजपा ऋषिकेश मंडल की ओर से कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। इस मौके पर कैबीनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दो पूर्व सैनिक रमेश प्रसाद डिमरी और जसराम कश्यप को सम्मानित किया। साथ ही 500 तिरंगा झंडा ऋषिकेश मण्डल को सौपे।
रेलवे रोड स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की जनता से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की अपील की है। इस अभियान में प्रदेश के गैर सरकारी संगठनों व संस्थाओं को भी साथ लिया जा रहा है। उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ वीर भूमि भी है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि भारत की आजादी के लिए जिन वीर सेनानियों ने अपना सर्वस्व अर्पित किया, उनका सदैव स्मरण रहे। हमारी नई पीढ़ी को ऐसे बलिदानियों के बारे में अधिक से अधिक जानकारी हो। आजादी के अमृत महोत्सव में देश के इन वीर बलिदानियों का देश स्मरण कर रहा है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि यह देशभक्ति की भावना का कार्यक्रम है। यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं है। यह एक जन आंदोलन है जिसमें सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देश की आजादी के लिए शहीद हुए क्रान्तिकारियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं स्वच्छता अभियान भी चलाया जायेगा। अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ें इसके लिये व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाए।
इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने रमेश प्रसाद डिमरी और जसराम कश्यप को तिरंगा देकर सम्मानित किया। साथ ही ऋषिकेश मण्डल को 500 तिरंगा भी दिए।
इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष दिनेश सती, महामंत्री सुमित पंवार, जयंत शर्मा, पार्षद शिव कुमार गौतम, विकास तेवतिया, राजेश दिवाकर, प्रदीप कोहली, संजीव पाल, महिला मोर्चा मण्डल अध्यक्ष उषा जोशी, हरीश तिवाड़ी, राकेश चंद, कविता शाह, अजय गुप्ता, दीपक बिष्ट, सचिन अग्रवाल, शम्भू पासवान, मोनिका गर्ग, माधवी गुप्ता, रुपेश गुप्ता, सिमरन गाबा, जगावर सिंह, संजीव सिलस्वाल आदि भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।