मुख्यमंत्री ने की भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शिरकत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति अपनी क्षमता एवं दक्षता से राज्य का सम्मान तथा गौरव बढ़ा रही है। प्रदेश की समृद्ध एवं गौरवशाली परम्परा को आगे बढाने का दायित्व भी हमारी नारी शक्ति बखूबी निभा रही है। हमारी संस्कृति अर्द्धनारिश्वर की उपासना के साथ देवियों की पूजा की परम्परा रही है।
परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा उत्तराखण्ड की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री ने महिला शक्ति को महाशक्ति बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में तो स्त्री ही सृष्टि की समग्र अधिष्ठात्री है, क्योंकि नारी सृजनात्मक शक्ति का प्रतीक होने के साथ ही संस्कृति एवं परंपराओं की संवाहक होती हैं एवं आदिकाल से भारतीय संस्कृति में महिलाओं को काफी ऊंचा स्थान हासिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई, जीजाबाई, अहिल्याबाई होल्कर एवं सती सावित्री जैसी अनेक नारियों ने अपनी क्षमता के बूते समय-समय पर इसको प्रमाणित करने का कार्य किया। हमारी सांस्कृतिक विरासत में मां का स्थान सर्वश्रेष्ठ माना गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत पुनः अपनी पुरातन विचार संस्कृति की ओर लौट रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश महिला विकास से आगे बढ़कर महिलाओं के नेतृत्व की बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि आप सभी महिला कार्यकर्ताओं पर प्रदेश की आधी आबादी के प्रतिनिधित्व की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, हमारे देश और प्रदेश की समृद्ध एवं गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण दायित्व भी आप पर है। हमारी सरकार ने महिलाओं के कल्याण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पास अपार उपलब्धियां और योजनाएं है और इन उपलब्धियों और योजनाओं को लेकर हर बहन तक पहुंचने की जिम्मेदारी महिला मोर्चा की है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा लगातार पार्टी के कार्यक्रमों के साथ ही रचनात्मक और सामाजिक कार्याे में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि आगामी समय में महिला मोर्चा और भी महत्वपूर्ण कार्य करेगा। महिला शक्ति ही महाशक्ति है इसलिए महिला मोर्चा की आप सभी उत्साही कार्यकर्ता जब घर-घर संपर्क करेंगी तो जनता का हमारे प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारी नारीशक्ति ने अपने कार्यों से, आत्मबल से और आत्मविश्वास से स्वयं को आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने खुद को तो आगे बढ़ाया ही है, साथ ही देश और समाज को भी आगे बढ़ाने और एक नए मुकाम पर ले जाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब देश में महिलाओं का हर क्षेत्र में सहयोग एवं योगदान बढ़ता है, तब देश का विकास सुनिश्चित हो जाता है। आखिर हमारा न्यू इंडिया का सपना यही तो है, जहां नारी सशक्त हो, सबल हो और देश के समग्र विकास में बराबर की भागीदार हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार राजनीति के एजेंडे की धुरी बदलने का काम किसी ने किया है तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो काम देश में हो रहे हैं वे नए भारत की तस्वीर को प्रस्तुत करते हैं। नए भारत की तस्वीर में महिला पीछे नहीं बल्कि समाज का नेतृत्व करने के लिए आगे खड़ी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों में महिला सशक्तिकरण हमेशा से प्राथमिकता पर रहा है। ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ही सरकार है जिसने तीन तलाक की कुप्रथा को खत्म करके वर्षों से इस कुप्रथा का दंश झेल रही मुस्लिम महिलाओं को सम्मान के साथ जीवन यापन करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज वित्तीय समावेश से लेकर सामाजिक सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा से लेकर आवास, शिक्षा से लेकर उद्यमिता तक, हमारी नारी शक्ति को भारत की विकास यात्रा में सबसे आगे रखने के लिए कई प्रयास किए गए हैं। ये प्रयास आने वाले समय में और भी अधिक उत्साह के साथ जारी रहेंगे। उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, शौचालयों का निर्माण ये सभी कार्य इसके उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का दर्द किसी ने समझा तो वो आदरणीय मोदी जी ने ही समझा। ये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही थे जिन्होंने देश में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसा अभियान प्रारंभ किया। हमारी सरकार ने भी सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण का संपूर्ण लाभ देने के लिए जिस तेज गति से काम किया, उससे आप हमारी प्रतिबद्धता को समझ सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश की समस्त माताओं और बहनों ने अपने अथक परिश्रम से जहां एक ओर आर्थिक रूप से अपने आपको आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया है वहीं देवभूमि की सभ्यता और संस्कृति को भी जीवंत रखा है। हमारा लक्ष्य उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का है और इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हमें आपका आशीर्वाद चाहिए, आपका समर्थन चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक हमारी सरकार के “सशक्त मातृशक्ति सशक्त राज्य“ के संकल्प को पूर्ण करने में सहायक सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी मातृशक्ति ने समय-समय पर अपनी क्षमताओं से प्रदेश का गौरव और सम्मान बढ़ाने का कार्य किया है, हमारी सरकार के सर्वश्रेष्ठ उत्तराखण्ड निर्माण के “विकल्प रहित संकल्प“ की सिद्धि के लिए भी आप अपना योगदान सुनिश्चित करेंगी इसका भी भरोशा मुख्यमंत्री ने जताया।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल, विधायक रेनू बिष्ट, महिला मोर्चा के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के परमार्थ निकेतन पहुंचने पर परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि ने भी उनका स्वागत किया।

साल के 365 दिनों में होना चाहिए कन्या पूजन

भाजपा महिला मोर्चा द्वारा उत्तराखंड के संगठनात्मक 14 जिलों के 252 मंडलों में भव्य कन्या पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में ऋषिकेश मंडल में महिला मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा आवास विकास क्षेत्र में कन्या पूजा कार्यक्रम के दौरान मेहंदी प्रतियोगिता सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ऋषिकेश मंडल में आवास विकास स्थित मंडल उपाध्यक्ष भावना भट्ट के आवास पर आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम के दौरान विधिवत रूप से शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष उषा जोशी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य भाजपा सरकार द्वारा संचालित योजना एवं कार्यों को अधिक से अधिक सक्रिय होकर जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कन्या पूजन करके बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना को और अधिक शक्तिशाली बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष के प्रतिनिधि के तौर पर उपस्थित सहायक जनसंपर्क अधिकारी कौशल बिजलवान ने कहा कि कन्या पूजन के माध्यम से पूरे भारतवर्ष को यह विश्वास दिलाया जा रहा है कि सिर्फ 9 दिन ही कन्याओं का सम्मान नहीं करना चाहिए। अपितु देवी स्वरूप कन्या का 365 दिन सम्मान होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान छोटी-छोटी कन्याओं का पूजन किया गया एवं मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर माधवी गुप्ता, सिमरन गाबा, पुष्पा नेगी, भावना किशोर गौड़, कंचन बंसल, शमिष्टा पटेल, पूर्णिमा तायल, उषा अरोड़ा, मेघा शर्मा, शारदा शर्मा, मण्डल उपाध्यक्ष अंकित पाण्डेय, सुमित सेठी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

त्रिवेणीघाट में गंगा आरती कर अविभूत हुई महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी

भाजपा महिला मोर्चा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को देहरादून में प्रारंभ हुई। वहीं महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं विभिन्न प्रदेशों से पहुँचे प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने त्रिवेणी घाट पर सायंकालीन गंगा आरती में प्रतिभाग किया एवं देश के विकास व सुख समृद्धि के लिए माँ गंगा से प्रार्थना की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को गंगाजली भेंट की साथ ही अन्य महिला पदाधिकारियों को रुद्राक्ष की माला एवं पट्टा भेंट कर स्वागत किया।
त्रिवेणी घाट पर 200 से अधिक महिला मोर्चा के पदाधिकारियों के पहुंचने पर ऋषिकेश की महिला कार्यकर्ताओं द्वारा उत्तराखंड के पारंपरिक वेशभूषा में विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ स्वागत किया गया। साथ ही पुष्प वर्षा कर सभी अतिथियों का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने भाजपा महिला मोर्चा की कार्य समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन सहित अन्य पदाधिकारियों, महिला सांसदो का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौक़े पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा महिलाओं का सम्मान करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण एवं उत्थान के लिए कई विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है जिनका लाभ देश भर की महिलाओं को प्राप्त हो रहा है। अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अग्रणी रही है एवं देव भूमि उत्तराखंड में महिलाओं का सम्मान सर्वाेपरि माना गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि संगठन को मजबूत करने में महिलाओं का विशेष योगदान है।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत, उत्तराखंड महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण, नगर निगम मेयर अनीता मंमगाई, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, रेखा गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराधा वालिया, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, ज़िला महामंत्री सुदेश कंडवाल, पार्षद शिव कुमार गौतम, सुंदरी कंडवाल, रजनी बिष्ट, उषा जोशी, रीना शर्मा, कविता साह, अनीता तिवारी, सुमित पवार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

महिला मोर्चा ने शुरू चुनाव की तैयारियां

प्रत्येक बूथ पर पांच-पांच महिलाओं को दी जाएगी जिम्मेदारी

ऋषिकेश।
भाजपा महिला मोर्चा ने विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। महिला मोर्चा की मंडल प्रभारी मंजू बलोदी ने प्रत्येक बूथ पर पांच-पांच महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए हैं।
रेलवे रोड भाजपा कार्यालय में शनिवार को आयोजित बैठक में ऋषिकेश मंडल प्रभारी मंजू बलोदी ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर महिला संयोजिका और चार महिलाओं की तैनाती की जाएगी। इससे बूथ स्तर पर भाजपा को मजबूती मिलेगी। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनिता ममगाईं और भाजपा नेता स्नेहलता शर्मा ने बताया कि 13 अक्तूबर को सुबह 10 बजे डोईवाला ब्लॉक में घेरा डालो-डेरा डालो कार्यक्रम है। इसमें बड़ी संख्या में परवादून से महिला कार्यकर्ताएं भाग लेंगी। कहा कि कांग्रेस ने जिन 150 महिलाएं के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने का दावा किया है वे भाजपा की सदस्य तक नहीं थीं।

107

बैठक में मंडल अध्यक्ष अनिता तिवारी, महामंत्री रजनी बिष्ट, चेतन शर्मा, पंकज शर्मा, रजनी, रानी पाल, ज्योति नेगी, उर्मिला गुप्ता, पूनम गुप्ता, कमला खत्री, सुशील बिष्ट, किरन जोशी, नीलम वर्मा आदि मौजूद रहीं।