मुख्यमंत्री आवास परिसर में रंगों के पर्व होली की धूम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री आवास परिसर में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी को अबीर – ग़ुलाल लगाते हुए रंगों के पर्व होली की बधाई व शुभकामनाएं दी।

होली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों ने भी मुख्यमंत्री को होली की शुभकामनाएं दी तथा होली से सम्बंधित पारम्परिक गीत- ’श्याम मुरारी के दर्शन को जब विप्र सुदामा आए हरि, आयो वसंत बहार, शिव शंकर खेले होली, फागुन में खेला होली, शिव के मन माहि बसे काशी,’ आदि खड़ी होली के गीत गाते हुए ढ़ोल – दमाऊ के बीच एक -दूसरे को बधाई दी स

इस उल्लास भरे उत्सव के अवसर पर सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

होली त्यौहार को लेकर विशेष सतर्कता बरतें पुलिस विभागः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गृह विभाग तथा पुलिस विभाग को प्रदेश में होली पर्व के दृष्टिगत कानून व्यवस्था पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि होली को लेकर पुलिस विभाग पुख्ता इंतजाम करें। प्रदेश की सीमा से लगे जनपदों में विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होने पुलिस महानिदेशक को सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों से इस सम्बन्ध में तैयारियों की समीक्षा के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पुलिस अधिकारी सुनिश्चित करें कि प्रदेश में होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की कोई अव्यवस्था या अप्रिय घटना न होने पाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने गृह विभाग तथा पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ होली की तैयारियों के सम्बन्ध में समीक्षा की। पुलिस विभाग होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए अपनी तैयारियां समय से पूरी कर लें। पुलिस अधिकारी व्यवस्था पर निरन्तर निगरानी बनाएं रखे। आसामाजिक तत्वों व संदिग्ध लोगों पर विशेष निगरानी रखी जाय। पुलिस तंत्र फील्ड पर सतर्क एवं सक्रिय रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि उल्लास और उमंग का यह पर्व देवभूमि उत्तराखण्ड में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए, यह परम्परा आगे भी बनाए रखनी है।
बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार उपस्थित थे।