चिदानंद मुनि ने प्रशिक्षु पत्रकारों को संकल्प कराया

ऋषिकेश।
परमार्थ निकेतन स्वामी चिदानन्द मुनि ने फिल्म सिटी नोएडा में आयोजित पत्रकार मंथन महोत्सव में भाग लिया। उन्होंने कहाकि मंथन से जीवन में नित नये विचारों का समावेश होता है। जिस प्रकार सागर मंथन से रत्नों की खान प्राप्त हुयी थी उसी प्रकार जीवन में विचार मंथन से वैचारिक रत्न प्राप्त होते है। उन रत्नों को धारण करने से जीवन पर्व बन जाता है। न्यायालय के द्वारा गंगा और यमुना को जीवित व्यक्ति की तरह दर्जा देने के आदेश की सराहना की। कहाकि उत्तराखंड के न्यायाधीशों का दशहरे पर्व पर सम्मान किया जायेगा। स्वामी चिदानंद मुनि ने अध्ययनरत युवा पत्रकारों के दल को शौचालय बनवाने का संकल्प कराया। कहा कि शौचालय बनेंगे तो हमारे देश की मातृ शक्ति को सुरक्षापूर्ण, गरिमामय और स्वस्थ जीवन प्राप्त हो सकता है।

ऋषिकेश में इंडोनेशिया हिन्दू समुदाय केन्द्र खोलने पर मंथन

ऋषिकेश।
गुरुवार को परमार्थ निकेतन में आयोजित चर्चा में धर्मगुरुओं ने ऋषिकेश के गंगा तट पर इंडोनेशिया हिन्दू समुदाय केन्द्र खोलने पर गहन मंथन किया। धर्मगुरुओं ने कहा कि यह सांस्कृतिक आदान-प्रदान का ऐसा केन्द्र होगा। जहां पर इन्डोनेशिया के संगीतप्रेमी व संस्कृति के वाहक उत्तराखंड की भूमि पर आ सकेंगे। यहां योग की संस्कृति को आत्मसात कर अपने जीवन में बदलाव लायेंगे। स्वामी चिदानन्द मुनि ने कहा कि भारत की संस्कृति और सभ्यता संसार की प्राचीनतम संस्कृतियों में से एक है। इसमें योग और आयुर्वेद जैसे खजानों के राज छुपे हुये है। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक आदन-प्रदान के केन्द्र स्थापित करते है तो इससे अनेक समस्याओं का हल सहजता से निकाला जा सकता है।
गांधीपुरी आश्रम के संस्थापक इन्द्रा उद्यान ने कहा कि यह सांस्कृतिक केन्द्र दो परम्पराओं एवं संस्कृतियों के मिलन का केन्द्र होगा। इंडोनेशिया व बाली के लोग भी भारतीय आध्यात्म, योग एवं आयुर्वेद को आत्मसात कर पायेंगे। बाली से आये प्रतिनिधिमण्डल ने विश्व के सभी व्यक्तियों तक शुद्ध जल एवं शुद्ध प्राणवायु की उपलब्धता को लेकर वाटर ब्लेसिंग सेरेमनी में सहभाग किया। चिदानंद मुनि ने पर्यावरण व जल स्रोतो को संरक्षित करने का संकल्प करवाया।

परमार्थ में विदेशियों ने खेली होली

ऋषिकेश।
परमार्थ निकेतन में विदेश से आए योग साधकों ने रविवार को परमार्थ के स्वामी चिदानंद मुनि के साथ होली खेली। उन्होंने होलिका पूजन भी किया। चिदानंद मुनि ने होली त्योहार को एकता, पवित्रता, स्वच्छता और सद्भावना का प्रतीक बताया।
रविवार को परमार्थ योग गार्डन में अमेरिका के योगाचार्य टोमी रोजेन तथा उनके साथ आए 40 योग साधकों ने चिदानन्द मुनि के साथ मिलकर होलिका का पूजन किया। चिदानंद मुनि ने विदेशी साधकों को अपने अंदर की बुराइयों के खात्मे के लिए सकंल्प कराया। उन्होंने कहा कि होली का अर्थ है समर्पित हो जाना। जीवन की हर श्वास को अपने प्रभु को अर्पित करना ही होली है। होली अर्थात पवित्रता। जीवन में दिव्यता का समावेश होना। हमें एकता के रंग में रंग जाना चाहिए और मानवता की सेवा में डूब जाना चाहिए। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस पर्व पर हम अपने अंदर निहित आनन्द के स्रोत से जुड़ जाएं ताकि जीवन का हर क्षण उत्सव बन सके। होली अर्थात हो ली। जो हो ली वो हो ली। नए ढंग से जीवन को जिएं। एक नए ढंग से जीने का संकल्प लें। साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि हमें केवल होलिका दहन से मिलने वाले आनन्द को ही याद नहीं रखना चाहिए बल्कि अपने अंदर निहित जो अशुद्ध विचार हैं, उनका भी त्याग करना चाहिए।

योग महोत्सव में दक्षिण अफ्रीका के योगाचार्यों का जलवा

ऋषिकेश।
योग गुरू सुखमिंदर सिंह खालसा ने कुण्डलिनी साधना का अभ्यास कराया। कनाडा की ग्लोरिया लैथम ने द वाइस ऑफ सोल विषय पर अपना व्याख्यान दिया। वहीं दक्षिण अफ्रीका की योगाचार्य भवानी काला ने आई फ्लो एवं चन्द्र नमस्कार के बारे में जानकारी दी। योग विशेषज्ञ जूल्स फेबर ने जीवमुक्ति योग का अभ्यास कराया। भारत की दीपिका मेहता ने अष्टांग योग का प्रशिक्षण दिया। बैंगलोर से आये एचएस अरूण ने एंगर योग, आयरलैण्ड के ब्रियान इंगले ने सोमेटिक योग फ्लो की जानकारी दी। विश्व विख्यात वैज्ञानिक ब्रूस लिप्टन ने धरती पर ईश्वर के अवतरण का रहस्य समझाया। बताया किस तरह ईश्वर धरती पर विद्यमान है। योगाचार्य मोहन भन्डारी ने योगी योग फार बैक पेन का अभ्यास कराया गया। परमार्थ निकेतन की साध्वी भगवती ने गंगा फ्लो मेडीटेशन विषय पर विचार रखे। इस दौरान परमार्थ निकेतन में पहुंचे सूफी गायक कैलाश खेर ने साधकों के साथ मिलकर योग किया और गंगा स्वच्छता का संकल्प भी लिया।

फिटनेस को ट्रेनर ने बताए योग के विशेष गुर

ऋषिकेश।
योग क्रियाओं से पूर्व साधकों को मंत्रोच्चारण के साथ सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया गया। अमेरिका से आए योगाचार्य गुरुशब्द खालसा ने साधकों को कुंडलिनी योग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुंडलिनी योग से मनुष्य के भीतर सुस्त अवस्था में रह रही शक्ति जागृति हो जाती है। इस क्रिया से शरीर के भीतर के सभी चक्र खुल जाते हैं। उन्होंने कहा कि एक बार यह चक्र खुल जाने के बाद मनुष्य को स्वयं का ज्ञान हो जाता है। उन्होंने इस क्रिया को गुरु के सानिध्य में ही करने की हिदायत दी। बॉलीवुड के फिल्मी सितारों की फिटनेस ट्रेनर दीपिका मेहता ने स्वस्थ शरीर के लिए सही खान-पान व योग क्रियाओं की जानकारी दी जिसके इस्तेमाल से व्यक्ति लंबे समय तक फिट और जवान रह सकता है। अमेरिका से आई आनन्द्रा जॉर्ज ने साधकों को नादयोग का प्रशिक्षण दिया। ऑस्ट्रेलिया के मार्क रॉबर्ट ने अष्टांग प्राथमिक श्रृंखला और योगाचार्य एचएस अरुण ने एंगर योग का अभ्यास कराया। न्यूयार्क के विश्वविख्यात योगाचार्य जूल्फ फेबर ने जीवमुक्ति योग कराया जबकि योगाचार्य लौरा प्लम्ब ने रॉक भक्ति का अभ्यास कराया। साध्वी भगवती एवं ब्रूस लिप्टन ने सभी योग साधकों से प्रकृति व पृथ्वी संरक्षण के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।

महिलाओं को दिए जा रहे आत्म सुरक्षा के टिप्स

ऋषिकेश।
बेटियां भी अपनी सुरक्षा कर सकती हैं। इसके लिए महिलाओं को प्रशिक्षण की आवश्यकता है। यह बात पौड़ी जिले की एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने कही। एसएसपी ने परमार्थ निकेतन योगा हॉल में पांच दिवसीय महिलाओं के लिए आयोजित आत्म सुरक्षा शिविर का शुभारंभ किया। 105
गुरूवार को प्रशिक्षित टीचरों ने परमार्थ निकेतन में महिलाओं व छात्राओं को आत्म सुरक्षा के टिप्स देने प्रारंभ कर दिए हैं। एसएसपी पौड़ी निवेदिता कुकरेती के निर्देश पर आयोजित पांच दिवसीय शिविर में क्षेत्र की महिलाओं व छात्राओं को बिना हथियार के आत्म सुरक्षा करने के बारे में बताया जाएगा। शिविर का उद्देश्य महिलाओं को आत्म निर्भर बनाना है। शिविर के पहले दिन महिला मंगल दल की महिलाओं व यमकेश्वर क्षेत्र के विद्यालय की छात्राओं को आत्म सुरक्षा के बारे में बताया गया। थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रशिक्षत गेस्ट टीचरों के माध्यम से इस शिविर में भाग ले रही छात्राओं व महिलाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। बताया कि शिविर में क्षेत्र के विद्यालय की लगभग 190 छात्राएं प्रतिभाग करेंगी। जिन्हें योग भी सिखाया जाएगा। शुभारंभ अवसर पर महिला आयोग की अध्यक्ष सरोजनी कैंतुरा, नगर पंचायत अध्यक्ष शकुंतला राजपूत, इंद्र प्रकाश अग्रवाल, माधव अग्रवाल, देवेंद्र राणा, मंडल अध्यक्ष भरत लाल, कांग्रेस नगर अध्यक्ष आदेश तोमर, मनीष राजपूत, देवेंद्र, अशोक अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।