पौड़ी लोकसभाः कोटद्वार में केंद्रीय मंत्री शाह ने भाजपा प्रत्यशी अनिल बलूनी के समर्थन में विजय संकल्प रैली को किया संबोधित

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गढ़वाल लोकसभा के अंतर्गत कोटद्वार में भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के समर्थन में आयोजित विशाल विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने जनता से बलूनी को जिताने की अपील करते हुए कहा कि आप अनिल बलूनी को जिताओ, गढ़वाल की चिंता मैं करूंगा।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि 500 सालों के बाद रामलला अपना जन्मदिन राम मंदिर में मनाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि यह हम सबके लिए सौभाग्य की बात है कि हमने उनकी प्राण प्रतिष्ठा का दृश्य देखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को जानबूझकर पिछले कई दशकों से लटकाते हुए आई जबकि मोदी जी ने महज पांच साल में ही राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्य सम्पन्न कराया।

शाह ने कहा कि, मैं हमारे उत्तराखंड के युवा सीएम धामी को भी बहुत अभिनंदन देना चाहता हूँ। उन्होंने कहा कि, भारतीय जनसंघ ने अपनी स्थापन के समय से एक ही मांग रखी थी समान नागरिक सहिंता। उन्होंने कहा कि मुझे गर्व होता है कि पूरे भारत में सबसे पहले यह काम हमारे धामी ने किया और प्रधानमंत्री मोदी ने इसी तर्ज पर देश में इसे लाने के लिए हमारे संकल्प पत्र में अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहाड़ियों में कहने को तो आबादी कम है लेकिन देश की सीमाओं की रक्षा में उत्तराखंड के लोगों का अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने वन रैंक वन पेंशन का वादा किया था लेकिन यह वादा मोदी जी ने पूरा किया और 70 हजार करोड़ रुपये की धनराशि उन्होंने सीधा सेना के जवानों के खाते में डालने का काम किया। उन्होंने कहा कि मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाने का मतलब है विकसित भारत बनाना, विकसित उत्तराखंड बनाना।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, मैं कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहता हूँ। अपने काम का हिसाब देना चाहिए या नहीं, लेकिन कांग्रेसी हिसाब नहीं देते। उन्होंने कहा कि 10 साल तक उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार थी। तब, उत्तराखंड के नेता मंत्री बने बैठे थे, लेकिन कांग्रेस ने 10 साल में महज 53 हजार करोड़ उत्तराखंड को दिये जबकि मोदी ने 1 लाख 66 करोड़ रुपया सीधा ग्रांट के रूप में दिये। 82 हजार करोड़ इंफ्रा के लिए भेजे, और भी हजारों करोड़ के विभिन्न प्रोजेक्ट चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि, जब भी धामी मिलने आते हैं तो मांगों की सूची लेकर आते हैं, इसे देखकर बहुत खुशी होती है और आज के विकसित हो रहे उत्तराखंड को देखकर संतोष भी मिलता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पलायन रोकने के लिए पर्यटन को आगे बढ़ाना होगा। कांग्रेस के समय में डोली के सहारे लोग मार्गों तक आने को मजबूर होते थे लेकिन मोदी जी ने आज 12 हजार करोड़ से ऑल वेदर रोड बना दिया है। 8 हजार करोड़ से दिल्ली देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर बन रहा है। गढ़वाल में रेल दौड़ने वाली हैम

उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी रेल सुरंग, उत्तराखंड में बन रही है। हेली सेवाओं का राज्य में लगातार विस्तार किया जा रहा है, एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। पलायन रोकने को वाइब्रेंट विलेज मोदी लेकर आये हैं। उन्होंने कहा कि ये मोदी की गारंटी है कि जल्द 1980 से ज्यादा आबादी चीन बॉर्डर के गांव में होगी। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि खड़गे कहते हैं कि राजस्थान और उत्तराखंड वालों को कश्मीर से क्या मतलब, तो मैं उन्हें बता दूं कि कश्मीर बचाने के लिए सबसे ज्यादा लहू पहाड़ियों ने बहाया है। उन्होंने कहा कि दिवंगत जनरल विपिन रावत का अपमान करने का काम कांग्रेस ने किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर से आज मोदी जी ने धारा 370 को समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 10 साल के राज में पाकिस्तान से रोज आतंकी भारत आते थे। धमाके करते थे और चले जाते थे। लेकिन उरी और पुलवामा में हमलों के बाद भारत ने 10 दिन में सर्जिकल और एयर स्ट्राइक कर दुनिया को बता दिया कि ये नया भारत है, मोदी का भारत है।उन्होंने कहा कि 70 साल से तकलीफ में जी रहे तमाम हिन्दू और सिख भाइयों के लिए मोदी सरकार सीएए का कानून लेकर आई है। 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त राशन दिया गया। आने वाले सालों में और तीन करोड़ लोगों को अपना घर मिलेगा। 10 करोड़ लोगों को नल से जल और गैस का कनेक्शन दिया गया। अब जल्द गैस भी पाइप से आने वाली है।

उन्होंने कहा कि, यह सब योजनाएं जो मोदी लाये हैं, उसे लागू करने में भी उत्तराखंड नंबर है और धामी ने सारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने का काम किया।

उन्होंने कहा कि अनिल बलूनी के साथ मैंने काम किया है। उन्होंने जनता का आह्वान किया कि आप अनिल बलूनी को यहां से संसद भेजो, गढ़वाल की चिंता मैं करूंगा। उन्होंने कहा कि बलूनी ने राज्यसभा से सांसद रहते हुए पौड़ी में तारामंडल की स्थापना के साथ ही डॉपलर रडार लगवाने का कार्य किया। इगास को भी अनिल बलूनी की वजह से देश जानने लगा है। उन्होंने कहा कि, मोदी जी को यहां से एक ऐसा साथी चाहिए जो वाइब्रेंट विलेज के लिए काम करे। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने यहां के श्री अन्न का प्रचार किया जिससे यहां के छोटे किसानों को लाभ मिल है। आने वाले दिनों में यहां के मिलेट्स को भाजपा बाहर भेजने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि मोदी जी, उत्तराखंड को संवार रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की रचना का विरोध कौन करता था, कांग्रेस। उत्तराखंड के युवाओं पर किसने गोली चलवाई सब जानते हैं लेकिन उत्तराखंड को किसने बनाया। अटल जी ने बनाया और मोदी जी इसको संवारने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कह रही है कि भाजपा को 400 सीटें मिली तो आरक्षण चला जायेगा लेकिन मोदी जी इसके सबसे बड़े रक्षक हैं और आरक्षण पूरी तरह से बरकरार रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकृति से आगे बढ़ रही है। उत्तराखंड में 14 हजार कांग्रेसी भाजपा में आ गए। कांग्रेस में पार्टी छोड़ने की दौड़ लगी है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल भारत की सुरक्षा का गढ़ है। गढ़वाल का देश की सुरक्षा में बड़ा योगदान है, उन्होंने जनता का आह्वान किया कि गढ़वाल को एक ऐसा प्रतिनिधि दीजिए जो गढ़वाल का विकास कर सके।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी को दुर्गा अष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए जनता से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी को वोट देकर समर्थन देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने दिनों के प्रचार में मैंने स्पष्ट देखा है कि एक बार फिर मोदी जी देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी हमने कोई बात कही तो पीएम मोदी व अमित शाहलल ने हर बात को पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी ने कहा है कि 21 वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा और हम इस कथन को सच साबित करने की दिशा में दिन रात कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, पूर्व सांसद बलराम पासी, रेणु बिष्ट, आदित्य कोठारी आदि उपस्थित रहे।

केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता, जोशीमठ क्षेत्र अपने मूल एवं पौराणिक स्वरूप में बना रहेः धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ ( चमोली) स्थित टैक्सी स्टैण्ड में गढ़वाल लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा की निश्चित ही जनता के आशीर्वाद से गढ़वाल लोकसभा के अंतर्गत आने वाले सभी विधानसभाओं में से बद्रीनाथ विधानसभा को सबसे अधिक मतों से जितने वाले हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी ने ऋषिकेश से सभी को प्रणाम और राम राम भेजा है। उन्होंने कहा अनिल बलूनी जी का संकल्प इस पूरे लोकसभा क्षेत्र की सेवा करना है। राज्यसभा सांसद के तौर पर अनिल बलूनी जी ने कई कार्य इस क्षेत्र में किए गए हैं। उन्होंने कहा जनता का दिया गया हर वोट सीधा प्रधानमंत्री जी को जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा आपदा के दौरान मैंने स्वयं जोशीमठ में कैंप किया। उन्होंने कहा उनके द्वारा आपदा काल के दौरान हर शिविर, अस्पताल, में जाकर लोगों से मुलाकात की गई थी। उन्होंने कहा जोशीमठ नरसिंह देवता, आदि गुरु शंकराचार्य की भूमि है। ये पौराणिक और सामरिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण भूमि है। उन्होंने कहा जोशीमठ क्षेत्र अपने मूल एवं पौराणिक स्वरूप में बना रहे, इसके लिए प्रधानमंत्री जी, गृह मंत्री जी द्वारा स्वयं यहां की चिंता की गई। केंद्र सरकार के सहयोग से हमें 1700 करोड़ की धनराशि जोशीमठ के पुनर्निर्माण नवनिर्माण, विकास कार्यों के लिए मिली है। उन्होंने कहा जोशीमठ के लिए जिस कार्य की जरूरत होगी, वो कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार हमेशा काम करने में विस्वास रखती है। उन्होंने कहा अनिल बलूनी जी के गढ़वाल क्षेत्र से सांसद चुने जाने के बाद भारत सरकार में इस क्षेत्र की पैरवी करना आसान हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जनपद में कई बार प्रधानमंत्री जी का आगमन हुआ है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व भगवान बद्रीविशाल के पुनर्निर्माण का कार्य जारी है। माणा तक सड़क का कार्य जारी है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी ने माणा को देश का अंतिम गांव की जगह देश का पहला गांव बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा की प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तराखंड में कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। चार धाम हेतु ऑल वेदर रोड का निर्माण हुआ है। आज जनता विकास पर चर्चा करती है। उन्होंने कहा एक समय जोशीमठ से ऋषिकेश पहुंचने में पूरा दिन लग जाता था। पर आज कुछ ही घंटे में यह दूरी तय कर ली जाती है। उन्होंने कहा लोगों के जीवन में बदलाव आया है। पहले पानी के लिए लंबी-लंबी लाइन लगाई जाती थी। आज हर घर, नल जल पहुंच रहा है। पहले जंगलों से लकड़ी लाकर घर में खाना बनाया जाता था, आज उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा की प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में गरीबों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज दिया जा रहा है। जनधन योजना, किसान समृ्द्धि योजना, पीएम आवास योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना चलाई जा रही है। उन्होंने कहा उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीर है यहां के लोगों ने कश्मीर को बचाने के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान दिया है। उस कश्मीर से धारा 370 हटाने का खात्मा मोदी जी ने किया। सैनिकों हेतु वन रैंक वन पेंशन लागू किया। सैनिकों का अपमान करने वाले कांग्रेस के लोग, आज सेना की हितैषी बनने का ढोंग रच रहे हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य हुआ है। इस बार राम नवमी पर भगवान अपना जन्मदिन अपने महल में मनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा की जनता के आशीर्वाद से राज्य सरकार ने कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता विधेयक पास हो गया है। उन्होंने कहा भाजपा के संकल्प पत्र में समान नागरिक संहिता लागू करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी देश में मुस्लिम पर्सनल लॉ लागू करने की बात करती है। कांग्रेस के लोग पहले की तरह आज भी तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा आज समान अधिकारों के लिए देश आगे बढ़ चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा की प्रदेश के अंदर अतिक्रमण हटाना कोई अधर्म का काम नहीं है। हम सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने का काम कर रहे हैं। धर्मांतरण, दंगे न हो इसके लिए धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून लाया गया है। उन्होंने कहा विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा राज्य में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण सरकारी नौकरी में दिया जा रहा है। राज्य सरकार ने नवजात शिशु से लेकर बुजुर्ग तक हर वर्ग के कल्याण हेतु महालक्ष्मी किट योजना, लखपति दीदी योजना उत्तराखंड आयुष्मान योजना, वृद्धा पेंशन योजना, गरीब परिवारों को साल में 3 मुफ्त गैस रिफिल, होम स्टे योजना शुरू की है।

मुख्यमंत्री ने कहा की जोशीमठ एवं बद्रीनाथ क्षेत्र में लगभग 900 करोड़ रूपए की लागत से 100 से अधिक सड़कों का निर्माण कार्य गतिमान है।औली से गौरसू तक भी रोपवे निर्माण का कार्य गतिमान है। कई दूरस्थ गांव में आजादी के बाद पहली बार सड़क पहुंचने का काम हमारी सरकार ने किया है। ऑल वेदर का निर्माणकार्य जारी है। 500 करोड़ रूपए की लागत से बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के जरिए पुनर्विकास के कार्य हो रहे हैं। पोखरी में मिनी स्टेडियम बनाने के लिए 3.5 करोड़ रूपए की धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा की एक तरफ मोदी जी देश की समृद्धि और खुशहाली के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहे हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस है जो सिर्फ भ्रष्टाचार और परिवारवाद को बढ़ावा देने का काम कर रही है। कई भ्रष्टाचारी पार्टियों ने मिलकर गठबंधन बना लिया है। इंडी गठबंधन, जातिवाद, वंशवाद, भ्रष्टाचार और सनातन विरोधियों का गिरोह है। जो अपने अपने परिवार और अस्तित्व को बचाने के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा हर कोई कहता है राहुल गांधी कॉमेडी तो अच्छी कर लेते हैं पर जनसेवा के गुण उनमें नहीं है। कांग्रेस पर परिवारवाद का ऐसा नशा चढ़ा है कि वो अपने नादान राजकुमार से आगे बढ़ा ही नहीं पा रही है। कांग्रेस भाई – भतीजावाद के साथ ही महिला विरोधी पार्टी भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा की मोदी जी ने 2014 के बाद से ही उत्तराखंड के कायाकल्प में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। 10 वर्षों में उत्तराखंड को लगभग 2 लाख करोड़ रूपए की परियोजनाओं की सौगात दी है। हम सभी मिलकर आदरणीय मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा आगामी 19 अप्रैल को पूरे उत्तराखंड की सभी पांचों सीटों पर कमल खिलाना है, और मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रत्याशी अनिल बलूनी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रमेश, निवर्तमान विधायक राजेंद्र भंडारी, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

पौड़ी में अनिल बलूनी के पक्ष में सीएम ने की जनसभा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकासखण्ड कार्यालय मैदान, जखोली, रुद्रप्रयाग में गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के पक्ष में अयोजित जनसभा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री ने बाबा केदारनाथ की पुण्य भूमि को प्रणाम करते हुए कहा कि रुद्रप्रयाग, राज्य की वीरधरा है, जिसने भारत माता की रक्षा के लिए अपने कई लाल न्यौछावर किये हैं, ऐसी पावन भूमि को कोटि-कोटि नमन। उन्होंने कहा लोकसभा चुनावों का शंखनाद हो चुका है, और 19 अप्रैल को उत्तराखंड में मतदान होने वाला है। जनता के आशीर्वाद से इस बार हर कोई कह रहा है मोदी सरकार बनने जा रही है। उत्तराखंड के विभिन्न स्थानो में आयोजित कार्यक्रमों में जनता का साफ रुझान भाजपा के प्रति, भाजपा द्वारा किए गए विकास कार्यों के प्रति देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा निश्चित ही गढ़वाल लोकसभा सीट में सबसे अधिक मत प्रतिशत रुद्रप्रयाग क्षेत्र से रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 400 पार का दिया गया नारा विकसित भारत की गारंटी, माता बहनों को लखपति बनाने की गारंटी, कोने कोने तक विकास पहुंचाने और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सारी सुविधाएं पहुंचाने की गारंटी है। उत्तराखंड के साथ पूरे देश का विकास हुआ है। 2013 आपदा के बाद केदारनाथ जी के प्रांगण के नवनिर्माण का कार्य प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने कहा राज्य में हुए मातृशक्ति उत्सव में महिलाओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया, महिलाएं आज मल्टीनेशनल कंपनी के से भी अच्छे उत्पाद बना रही है। मातृशक्ति उत्सव का मकसद महिलाओं का आगे लाने से है। हमारे राज्य की महिलाएं कौशल से भरी हुई हैं। हमारा उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीर भूमि है। उन्होंने कहा वो सैनिक परिवार की समस्याओं से भली भांति वंचित हैं। शहीद सैनिकों की याद में देहरादून में सैन्य धाम बनाया जा रहा है। वीर जवान हमारे पूर्व सीडीएस. बिपिन रावत उत्तराखंड और भारत की शान हैं, और कांग्रेसियों ने उनके प्रति अपमान जनक शब्दों का प्रयोग किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षियों में चुनाव लड़ने का ही सामर्थ नहीं है। उनके यहां चुनाव लड़ने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सेना को और अधिक सशक्त किया गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सैनिकों तक अच्छे से अच्छा उपकरण, वर्दी पहुंचाई जा रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व के वन रैंक वन पेंशन लागू हुआ। आज दुश्मन की गोली का जवाब गोलो से दिया जा रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार सैनिकों के कल्याण हेतु पूर्ण रूप से समर्पण हैं। जो सैनिक देश की रक्षा में अपनी पूरी जवानी लगाते हैं, उन सैनिकों की सुविधा हमारी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा केदारनाथ की भूमि से प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का बताया था। केंद्र एवं राज्य सरकार ने डबल इंजन की रफ्तार से काम किया है। राज्य में केंद्र की 2 लाख करोड़ से भी ज्यादा योजनाएं स्वीकृत हैं। आज चार धाम की यात्रा सुगम और सुरक्षित हुई है। चार धाम यात्रा में करीब 50 लाख लोग आ रहे हैं। केदारनाथ मंदिर में रोपवे का कार्य पूर्ण होने के बाद यात्रा और तेजी से चलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड और चार धामों के लिए कभी कोई कमी नहीं की है। रेल, रोपवे, रोड़, कृषि बागवानी पशुपालन रोजगार हर क्षेत्र में विकास निरंतर जारी है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने 10 साल के काल खंड में कभी छुट्टी नहीं ली। उन्होंने हर पल हर क्षण भारत मां की सेवा में समर्पित किया है।उन्होंने कहा सभी 19 अप्रैल को पहले मतदान करें, फिर जलपान करें। अनिल बलूनी जी को विजयी बनाकर आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को साकार करने में अपना योगदान सुनिश्चित करें।

इस दौरान भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी, विधायक भरत चौधरी, बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय, महावीर पंवार एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

अनिल बलूनी को जीताकर अपने क्षेत्र के विकास में दें योगदानः धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामलीला मैदान थराली, चमोली में गढ़वाल सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के समर्थन में आयोजित जनसभा में प्रतिभाग किया।’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी संख्या में मौजूद लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि चमोली जिले की देव धरा में आकार गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। ये किसानों, जवानों, की भूमि है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों में चमोली का अन्नदाता राज्य की सेवा कर रहा है। उन्होंने थराली के लाल वीर शहीद भवानी जोशी को भी नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा 19 अप्रैल को राज्य में लोक सभा हेतु मतदान होना है, गढ़वाल लोकसभा से प्रत्याशि अनिल बलूनी का अनुभव गढ़वाल क्षेत्र को मिलना है। उन्होंने जनता से अनिल बलूनी को अधिक से अधिक मतों से विजय बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा तीरथ सिंह रावत द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अनिल बलूनी के कंधो मे है। हम सब मिलकर विकास की गंगा को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा इस क्षेत्र में कई विकास कार्य हुए है, ग्वालदम से कर्णप्रयाग मार्ग का भी विकास हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन और दृढ़ संकल्प से पूरा भारत आगे बढ़ा है। विकास की नई गाथा लिखी गई है। दुनिया में भारत का मान सम्मान स्वाभिमान बढ़ा है। भारत शक्तिशाली देश के रूप में सामने आया है। कोरोना जैसे कठिन काल के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था दुनियां में 5वी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। कोरोना के बाद प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त में राशन दिया जा रहा है। दुनिया में भारत के युवाओं का कौशल आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा 2014 के बाद प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में 15 नए एम्स की आधारशिला रखी गई है। 74 नए हवाई अड्डों का विकास कार्य हुआ है। रेलवे स्टेशन का विकास कार्य जारी है। वंदे भारत ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी संपूर्ण देश को अपना परिवार मानकर समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के विकास हेतु निरन्तर कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने चमोली के माणा गांव को देश का आखिरी गांव से देश का पहला गांव बनाया है। अब देश का हर सीमांत गांव देश का पहला गांव है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में बीते 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर हुए हैं। 12 करोड़ से ज्यादा घरों तक नल से जल पहुंचा है। देश के 50 करोड़ लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। आज दिल्ली देहरादून से सीधा पैसा लाभार्थी के खाते में आता है। 50 करोड़ से ज्यादा लोगों को आयुष्मान कार्ड से मुफ्त इलाज मिल रहा है। विभिन्न योजनाओं के तहत गरीबों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हजारों करोड़ रुपए की सहायता दी गई है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में ब्।। लागू हुआ है। कश्मीर में अलगाववाद और आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली धारा-370 का अंत किया है। तीन तलाक जैसी कुप्रथा ख़त्म हुई है। अयोध्या में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण का सपना साकार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश के विकास को नए पंख लगे हैं। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा राज्य सरकार ने पूर्व में किए वादे अनुसार राज्य में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित किया है। प्रदेश में पारदर्शित के साथ परीक्षाओं का आयोजन करवाया जा रहा है। जिसके लिए राज्य सरकार ने नकल विरोधी कानून लागू किया है। सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा इसके साथ ही राज्य में दंगारोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया है। साथ ही महिलाओं को 30 क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा प्रदेश में गरीब परिवारों को साल में निःशुल्क 3 सिलेंडर रिफिल करवाएं जा रहे हैं। थराली एवं आस पास के क्षेत्रों में बहुत से विकास कार्य हुए हैं ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में चमोली जनपद और थराली क्षेत्र के विकास के लिए 45 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया था। थराली विधानसभा क्षेत्र के 4 विकास खंडों में गौ-संरक्षण सेवा केंद्र और कुलसारी में उत्कृष्टता केंद्र खोलने का काम किया गया है। राज्य सरकार ने महज दो वर्षों के कार्यकाल में थराली विधानसभा के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने का काम किया है। उन्होंने कहा हम उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने ’’विकल्प रहित संकल्प’’ के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा देश पर 60 सालों तक राज करने वाली कांग्रेस ने देश को बस लूटा है। कांग्रेस के लोगों में हमेशा लूटने, घोटालों, भ्रष्टाचार की बात होती है। सभी विपक्ष के लोग अपने परिवार, पार्टी और अस्तित्व को बचाने के लिए गठबंधन बना रहे हैं। 60 सालों तक राज करके देश को लूटने का काम किया है। इनकी सरकारों ने काम नहीं काले कारनामे किए हैं। मुगलों और अंग्रेजों के बाद भारत को कंगाल करने का श्रेय कांग्रेस की भ्रष्टाचारी सरकारों को जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार पूर्ण पारदर्शिता के साथ राष्ट्रहित को ध्येय मानकर काम कर रही है। कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए किसी भी हद तक जाने वाली पार्टी है। कांग्रेस ने अंग्रेजियत वाली मानसिकता नहीं छोड़ी, वो आज भी ‘बांटो और राज करो’ की नीति का ही अनुसरण कर रही है। कांग्रेस ने पहले देश फिर समाज को जाति, समुदाय, धर्म, क्षेत्र और भाषा के आधार पर बांटा है। आज वो और उनके समर्थन दल सनातन धर्म पर हमला करते हैं। उन्होंने कहा हमें कांग्रेस को भारी वोटों से हराकर पौड़ी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र और थराली का रिकॉर्ड बनाना है।

भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी ने कहा कि बड़ी संख्या स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता कार्यक्रम में आए हैं। 19 तारीख तक हम सबने बहुत मेहनत करनी है, उसके उपरांत मैं आप लोगों के लिए मेहनत करूंगा। थराली से हमने कार्यक्रम की शुरूवात की है। उत्तराखंड एवं चमोली जिले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री इस क्षेत्र से भली भांति परिचित हैं। राज्यसभा सांसद के तौर पर डॉपलर रडार की स्थापना, रेल कनेक्टीविटी सहित कई अन्य कार्य करवाए। उन्होंने कहा मैं हर पल हर समय आप लोगों के लिए उपलब्ध हूं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक भोपाल राम टम्टा, विधायक अनिल नौटियाल एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

भाजपा नेता जुगरान ने कहा, मुंबईवासी है गोदियाल, कर रहे भ्रामक प्रचार

भाजपा ने रेबासी मुद्दे पर फैलाए जा रहे भ्रम पर पलटवार करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी गोदियाल को मुंबईवासी ठहराया है। पार्टी नेता एवं पूर्व दायित्वधारी रविंद्र जुगरान ने उनके द्वारा नामांकन में दी गई जानकारी का हवाला देते हुए कहा, व्यवसाय, घर, शिक्षा, गाड़ी एवं परिवार समेत लगभग सभी जानकारियां उनके बाहरी होने का सबूत देती है और वे दूसरों पर झूठा आरोप लगा रहे हैं। 2003 में देवभूमि आने वाले मुद्दाविहीन और विचारहीन कांग्रेस उम्मीदवार, अब दूसरों को रैबासी, प्रवासी का प्रमाणपत्र बांट रहे हैं।

प्रदेश मीडिया सेंटर में हुई पत्रकार वार्ता में जुगरान कांग्रेस के पौड़ी प्रत्याशी गणेश गोदियाल पर नामांकन के दौरान दिए हलफनामा के आधार पर बाहरी होने का कटाक्ष किया है। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा, उनके द्वारा एवं कांग्रेस पार्टी द्वारा लगातार सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से भाजपा प्रत्याशी को लेकर झूठे एवं अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं। जबकि स्वयं गोदियाल के चुनाव आयोग को दिए गए दस्तावेज बताते हैं कि उनकी तमाम संपत्ति महाराष्ट्र में है जिनके किराया एवं अन्य आय से उनका जीवन यापन होता है, इसी तरह उनका व्यापार महाराष्ट्र में है, उनकी शिक्षा महाराष्ट्र के पुणे में हुई, उनके पास जो गाड़ियां हैं वह भी मुंबई की ही है और उनका परिवार भी वहीं रहता है। इसके अतिरिक्त जो भी इनकम टैक्स या अन्य नोटिस उन्हें मिले हैं वे सभी महाराष्ट्र में चल रहे उनके उद्योगों से संबंधित हैं। उन्होंने मीडिया के सम्मुख आयोग को दिए दस्तावेजों को प्रस्तुत करते हुए कहा, मुंबई में पले बड़े, मुंबई में व्यवसाय करके आगे बढ़े, मुंबई में आज भी अपना जीवनयापन चला रहे इस व्यक्ति को रेबासी या प्रवासी शब्द से चिढ़ क्यों है। उनका यह भेदभाव आधारित दुष्राचार दिल्ली एवं अन्य स्थानों पर रह रहे प्रवासियों का भी सरासर अपमान है।

उन्होंने तंज किया कि जिनका राज्य निर्माण से पहले तक उत्तराखंड से कोई लेना-देना नहीं था और उस समय ठीक चुनाव के समय वे यहां आए थे। हैरानी है कि वही मुंबईवासी अब यहां आने के बाद औरों को निवासी, प्रवासी होने का सर्टिफिकेट बांट रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उनके प्रत्याशी मुद्दाविहीन, विचारहीन हैं, साथ ही विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जाने का उनमें नैतिक साहस नहीं है। यही वजह है कि शीशे के घर में रहने के बावजूद भी वह दूसरों के घरों पर बाहर से पत्थर फेंकने को आमादा हैं। लेकिन गढ़वाल की महान और स्वाभिमानी जनता जानती है कि कौन उनके सुख दुख में साथ रहता है, कौन उनके स्वाभिमान की चिंता करता है, कौन उनके क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम करता आ रहा है, कौन उनकी आवाज बनकर संसद में उनके मुद्दों की बुलंद पैरवी कर सकता है ?

पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, राजीव तलवार प्रदेश प्रवक्ता सुनीता विद्यार्थी, हनी पाठक प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

पौड़ी के लोकसभा प्रत्याशी बलूनी के नामांकन में पहुचे सीएम और केंद्रीय मंत्री स्मृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय महिला बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने रामलीला मैदान, पौड़ी में गढ़वाल लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के नामांकन के अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा में प्रतिभाग किया।’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पूरे देश में अबकी बार 400 पार की चर्चा है। देश ने हमेशा प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाले लोक सभा चुनाव को प्रचंड बहुमत दिया है। उन्होंने कहा 2019 से भी बड़ी जीत 2024 लोक सभा में हम सब मिलकर देंगे। उन्होंने कहा हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने पर कार्य कर रहें हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इस लोकसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओ पर कार्य जारी हैं। ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन पर कार्य जारी है। बद्रीनाथ मास्टर प्लान पर कार्य चल रहा है। आज पहले के मुकाबले कुछ ही घंटो में ऋषिकेश से बद्रीनाथ एवं गढ़वाल के किसी भी क्षेत्र में पहुंचा जा सकता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रेल रोड हवाई कनेक्टीविटी बढ़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चार धाम का विकास हुआ है। केन्द्र एवं राज्य सरकार मिलकर निरंतर डबल इंजन की रफ्तार से कार्य कर रही हैं। कश्मीर से धारा 370 का खात्मा हुआ है, भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य, एवं सीएए कानून लागू किया गया है, गरीब कल्याण हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। उत्तराखंड के प्रत्येक व्यक्ति को यूसीसी लागू करने वाले प्रथम राज्य के नागरिक का गौरव प्राप्त है। हमारी सरकार ने चुनाव से पहले किए वादे को पूरा किया है। नकल विरोधी कानून लागू करने के बाद कई हज़ार नियुक्तियां दी गई हैं। नकल विरोधी कानून ने बच्चों की निराशा को दूर कर उनका मनोबल को बढ़ाने का काम किया है। राज्य की बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने महिलाओं हेतु 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता जनार्दन के आशीर्वाद को देखकर लगता है कि गढ़वाल लोकसभा से सारे रिकॉर्ड ध्वस्त होने वाले हैं। अनिल बलूनी इस क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने सभी से अनुरोध करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को पुनः प्रधानमंत्री बनाना है। इसके लिए भाजपा के प्रत्याशी को अधिक से अधिक वोट देकर विजय बनाएं।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि हम सब इस भूमि को देवभूमि मानते हैं। उन्होंने कहा देवभूमि का वोट राम मंदिर के विरोधियों को नहीं जाना चाहिए। यह वह भूमि है जहां देवताओं का वास है। और इस भूमि के शूरवीरों ने भारत की सरहद में जाकर मां भारती के संरक्षण में अपने प्राणों की आहूति दी है। कांग्रेस ने धारा 370 हटाने का विरोध किया, सर्जिकल स्ट्राइक के साक्ष्य मांगे। देवभूमि का एक भी वोट कांग्रेस जैसी निर्लज पार्टी को नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा प्रत्याशि अनिल बलूनी ने डॉपलर रडार, आईसीयू, ट्रेन अन्य सभी व्यवस्थाएं जनता को उपलब्ध करवाने का काम किया।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि अनिल बलूनी ने नियम के पद पर चलकर पार्टी ने जब जो आदेश दिया, तब उसका पालन किया है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संघ के कार्यकर्ता स्वयंसेवक के रूप में उत्तराखंड क्षेत्र में समाज की सेवा की है। प्रधानमंत्री ने गरीबों को मुफ्त में राशन देने की गारंटी दी है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने वैक्सीन बनाई और दुनियां तक वैक्सीन पहुंची है। उन्होंने कहा अनिल बलूनी को गढ़वाल लोक सभा से जीतकर प्रधानमंत्री को पुनः प्रधानमंत्री बनाना है।

इस दौरान प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत एवं अन्य लोग मौजूद रहे।