लोकसभा हरिद्वारः सीएम ने पूर्व सीएम त्रिवेंद्र के लिए मांगे वोट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेहरू स्टेडियम, रूड़की में हरिद्वार लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के पक्ष में आयोजित जनसभा में प्रतिभाग किया।’इस अवसर पर हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।’

मुख्यमंत्री ने महान क्रांतिकारी भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु के शाहिद दिवस पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि आज से ठीक दो साल पहले राज्य में पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनी। और उन्हें सरकार में मुख्य सेवक का दायित्व मिला। उन्होंने कहा पिछले लोकसभा चुनाव में हरिद्वार से भाजपा प्रत्याशी को भारी बहुमत से विजय प्राप्त हुई थी। उन्होंने इस चुनाव में भी पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ नए कीर्तिमान स्थापित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा 2 वर्षाे के कालखंड में राज्य सरकार ने बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना कर अनेक योजनाओं को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा 19 अप्रैल को होने वाले मतदान दिवस में बड़ी संख्या जाकर भाजपा के पक्ष में वोट डालकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री बनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाहन अनुसार 4 जून को 400 पार के नारे में हमने अपना योगदान देना है। उन्होंने सभी से अपील की कि अपने साथ अन्य लोगो को भी भाजपा को वोट देने के लिए प्रेरित करें। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश की विकास योजनाएं बढ़ी हैं। पूरे विश्व के अंदर भारत का मान सम्मान स्वाभिमान बढ़ा है। भारत की पहचान बढ़ी है विकास को नए पंख लगे हैं। भारत नई बुलंदियों को छू रहा है एवं विश्व में शक्तिशाली देश के रूप में उभरा है। प्रधानमंत्री ने अपने संकल्प अनुसार आज देश में सीएए का कानून लागू किया है। राम मंदिर का भव्य निर्माणकार्य हुआ है। कश्मीर से धारा 370 को खत्म किया है। आज आतंकवाद का खात्मा हुआ है। कोरोना के बाद भी भारत की अर्थव्यवस्था दुनियां की 5वी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। मुस्लिम बहनों को तीन तलाक से आज़ादी मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद हरिद्वार में मातृशक्ति कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया था। महिलाओं ने कार्यक्रम में आकर हमे अपना आशीर्वाद दिया है। बड़ी संख्या में मुस्लिम बहनों ने भी यूसीसी हेतु धन्यवाद दिया था, यह धन्यवाद उत्तराखंड की सवा करोड़ जनता को जाता है। उन्होंने कहा राज्य सरकार ने होनहार युवाओं, के हक को बचाने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया है। कई हज़ार एकड़ ज़मीन अतिक्रमण से मुक्त करवाई है। जिन लोगो ने हल्द्वानी में अशांति फैलाने की कोशिश की वो आज जेल में हैं। उत्तराखंड शांत प्रदेश है। यहाँ दंगाईयों की कोई जगह नही है। धर्मांतरण रोकने के लिए भी कानून बनाया गया। जिससे हमारी संस्कृति और सभ्यता बची रहेगी। हरिद्वार एवं आसपास क्षेत्र में विकास की कई योजनाओं पर काम हुआ है। उन्होंने कहा हरिद्वार ऋषिकेश कॉरिडोर बनाकर धर्मनगर हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर बनाने जा रहे हैं। जिसके लिए समय सीमा निर्धारित कर ली गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार के विभिन्न फ्लाईओवरों के नीचे खाली पड़े स्थान को स्पोर्ट्स जोन के रूप में विकसित किया जा रहा है। साथ ही फ्लाईओवर के नीचे कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, पार्किंग और पार्क भी बनाए जा सकते हैं। कावड़ पट्टी मार्ग से लाखों श्रद्धालु गुजरते हैं। कावड़ पट्टी मार्ग को भी स्थाई रूप से विकसित किया जा रहा है। एचआरडीए के स्तर पर भी कई विकास योजनाओ पर कार्य जारी है। इसके अलावा हर क्षेत्र में विकास कार्य जारी हैं। उत्तराखंड को विकल्प रहित संकल्प के मंत्र के साथ देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की ओर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई दशकों से कांग्रेस ने देश को लूटा है। मुगलों और अंग्रेजों के बाद भारत को कांग्रेस ने ही कंगाल किया है। कांग्रेस की भ्रष्टाचारी सरकारों ने घोटाले के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। कांग्रेस की सरकार में हर महीने कोई ना कोई बड़ा घोटाला सामने आता थे। कांग्रेस ने देश में हमेशा परिवारवाद, एवं तुष्टिकरण की राजनीति की है। सभी भ्रष्टाचारीर्यों ने मिलकर देश को भ्रम में डालने के लिए गठबंधन बनाया है। परंतु जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास को आगे बढ़ाएगी। मोदी जी का गठबंधन देश के प्रत्येक नागरिक से है प्रत्येक भारतवासी से है। पूरा देश उनका परिवार है।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, लोकसभा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

मंत्री अग्रवाल ने रूड़की में हुए कार्यों को लेकर अधिकारियों की ली संयुक्त बैठक

शहरी विकास व आवास मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने जल संस्थान, नगर निगम रूड़की और एडीबी के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। इस दौरान रूड़की में डीएवी कॉलेज रोड निकट अंबर तालाब के समीप किए गए कार्यों की जानकारी हासिल की। साथ ही बीते दिनों रूड़की में स्थलीय निरीक्षण करने के बाद मंत्री डा. अग्रवाल ने परियोजना में हुए कार्यों की जांच के निर्देश दिए।

बुधवार को विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में हुई बैठक में डा. अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों की फटकार लगाते हुए कहा कि वर्ष 2019 में एडीबी द्वारा सीवर पाइप लाइन तथा नगर निगम रूड़की द्वारा सड़क निर्माण किया गया। जिसे 2022 में जल संस्थान के सुपुर्द कर दिया गया। मगर, सड़क का निर्माण मजबूती से न होने पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए है, जिस पर राहगीरों एवं स्थानीय निवासियों को असुविधा को सामना करना पड़ रहा है, जिस पर मंत्री डा. अग्रवाल द्वारा अत्यंत रोष प्रकट किया गया।

डा. अग्रवाल ने सख्त लहजे में कहा कि जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उन्होंनें तत्कालिक राहत दिये जाने हेतु संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए। साथ ही कहा कि उच्चस्तरीय जांच कमेटी भी गठित करने की जाएगी। जिसमें आईआईटी रूड़की के प्रोफेसर जो संबंधित प्रकरण के विशेषज्ञ होंगे, की देखरेख में उक्त समिति द्वारा जांच कराई जाएगी। तथा किये गए कार्याे का उत्तरदायित्व भी निर्धारित किया जा सकेगा। साथ ही भविष्य में स्थायी समाधान हेतु समिति से प्रस्ताव प्राप्त किया जाएगा।

इस मौके पर परियोजना निदेशक उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी चंद्रेश कुमार, एडिशनल प्रोग्राम डायरेक्टर विनय मिश्रा, एमएनए नगर निगम रूड़की विजय चंद्र शुक्ल, जल संस्थान सहायक अभियंता अब्दुल रासिद सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने रूड़की नगर निगम के स्वच्छता कर्मियों को वितरित किए जैकेट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जीवनदीप आश्रम में जीवनदीप एकेडमी गुरुकुलम विद्यालय के वार्षिक उत्सव में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने बाल गुरुकुलम का उद्घाटन किया एवं श्री सिद्धाबली हनुमान कुश्ती अखाड़ा के कुश्ती पहलवानों से वार्ता कर उनका हौसला अफजाई किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्रों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री ने नगर निगम के स्वच्छता कर्मियों को जैकेट वितरित की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जीवनदीप आश्रम, नन्द विहार से मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण कार्य किए जाने एवं जीवनदीप एकेडमी गुरुकुलम विद्यालय परिसर में हॉल बनाए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने जीवनदीप आश्रम स्थित मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश में खुशहाली कि कामना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गुरुकुल आकर यहां छात्र-छात्राओं से मुलाकात करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा शिक्षक किसी भी विद्यार्थी के जीवन को प्रकाश एवं उन्नति से आलोकित करने का सर्वश्रेष्ठ माध्यम हैं। उनके मार्गदर्शन में एक विद्यार्थी “अंक से पूर्णांक“ बनता है। स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि महाराज के मार्गदर्शन में जीवनदीप आश्रम अनेकों वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य कर रहा है। जिस प्रकार आश्रम द्वारा सुबह-शाम जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क भोजन कराने का कार्य किया जाता है, वह प्रेरणास्पद कार्य है, साथ ही गुरुकुलम् के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने का पुण्य काम भी किया जाता है। उन्होंने कहा स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि महाराज जैसे पूज्य संत के मार्गदर्शन में जब गुरूकुलम् के विद्यार्थी जीवन के अन्य क्षेत्रों में जाएंगे तो वे निश्चित रूप से समाज को समृद्ध बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा हमारा देश भारत वर्ष प्राचीन काल से ही विश्व गुरू रहा है और आज का भारत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पुनः विश्व में अपने उसी स्थान को प्राप्त करने के लिए पूरी शक्ति के साथ हर क्षेत्र में विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में देश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू की गई है। यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि राज्य में इस नीति को लागू कर दिया गया है। राज्य सरकार भी उत्तराखण्ड के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा नई शिक्षा नीति से स्कूली शिक्षा और उच्च शिक्षा दोनों को नए आयाम प्राप्त होंगे। इससे सभी वर्ग के लोगों को समानता के आधार पर शिक्षा प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे तथा स्कूल स्तर पर युवाओं के कौशल विकास में सहायता प्राप्त होगी। नई शिक्षा नीति से शोध एवम अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में आज युवाओं के भविष्य को समृद्ध बनाने के लिए एक विशेष रोड मैप तैयार किया गया है। उस रोड मैप के अनुसार ही राज्य सरकार भी उत्तराखण्ड के युवाओं को प्रत्येक स्तर पर उनके सपने साकार करने में सहायता प्रदान करने का हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा “मुख्यमंत्री बालश्रय योजना“ के माध्यम से राज्य सरकार अनाथ बच्चों को निःशुल्क स्कूली शिक्षा प्रदान करने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आने वाले समय में रूड़की और दिल्ली की दूरी कम होगी। देहरादून से दिल्ली की दूरी महज दो घंटे में पूरी कर ली जाएगी, वही जनपद हरिद्वार में मेडिकल कॉलेज बन रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत जी-20 देशों की अध्यक्षता करने जा रहा है। जी-20 देशों के साथ ही अन्य 9 देशों एवं विश्व की कई बड़ी संस्थान अगले साल भारत में आकर यहां की संभावनाओं को खोजेंगे। उन्होंने कहा जी-20 से दो दल उत्तराखंड राज्य में भी आएंगे इस दौरान यहां कई बैठकों का आयोजन किया जाएगा। जिसमे उत्तराखंड के विकास को लेकर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है।

इस दौरान महामंडलेश्वर योगी यतींद्रानंद गिरी, पुरुषोत्तम अग्रवाल, विधायक प्रदीप बत्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, अतुल सिंह, राकेश बिंदल, डॉ. धर्मेद्र भारद्वाज, मेयर गौरव गोयल, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चौंपियन एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

मेक इन इंडिया के तहत सीएम ने किया प्रदेश की पहली ड्रोन फैक्ट्री का शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में रोटर प्रेसिजन इंस्ट्रूमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा मेक इन इंडिया के तहत प्रदेश की पहली ड्रोन फैक्ट्री का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने स्वदेशी तकनीक से बनाए जा रहे ड्रोन उपकरणों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के साथ ही रोटर ग्रुप को बधाई देते हुए कहा कि आज प्रदेश के लिए बहुत ही ऐतिहासिक दिन है जब देश की सबसे बड़ी और प्रदेश की पहली आधुनिक ड्रोन तकनीक फैक्ट्री की शुरुआत हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आदिकाल से ज्ञान विज्ञान के क्षेत्र में आगे रहा है, वेद पुराणों में भी पुष्पक विमान जैसे आधुनिक विमानों का उल्लेख है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में आज भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत मेक इन इंडिया के तहत ड्रोन तकनीक और हथियार निर्माण के क्षेत्र में बहुत तेजी से कार्य कर रहा है। आज भारत तमाम देशों को हथियार निर्यात कर रहा है जो कि भारत को एक विश्व शक्ति के रूप में प्रस्तुत कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार संसाधनहीन प्रतिभाओं को मेक इन इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया, स्किल इंडिया के तहत प्रोत्साहित कर रही है। उत्तराखंड भौगोलिक परिस्थितियों के लिहाज से बेहद जटिल राज्य है, यहां ड्रोन तकनीक बेहद कारगर सिद्ध हो सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रोन का राज्य में और कितना बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है इसके लिए सभी विशेषज्ञ अपने सुझाव सरकार तक पहुंचा सकते हैं। राज्य सरकार राज्य हित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अवश्य संज्ञान लेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में ड्रोन एप्लीकेशन रिसर्च सेंटर डार्क स्थापित किया गया है। हमारी सरकार का लक्ष्य है अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना है। हम संकल्प रहित विकल्प के सिद्धांत के साथ काम कर रहे हैं।

कार्यक्रम में रोटर ग्रुप द्वारा जानकारी दी गई कि इस ड्रोन फैक्ट्री में प्रति माह 150 से अधिक सर्वेक्षण ड्रोन और भारतीय सेना के लिए 50 से ज्यादा एडवांस ड्रोन बनाने की क्षमता है । फैक्ट्री में ड्रोन के सुरक्षित और कुशल उपयोग के साथ-साथ भू-स्थानिक डेटा उत्पादन में पायलटों को प्रशिक्षित करने के लिए एक स्वतंत्र प्रशिक्षण अकादमी भी होगी।

कार्यक्रम में विधायक रुड़की प्रदीप बत्रा, सर्वे ऑफ़ इंडिया, आईआईटी रुड़की समेत अन्य संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

महापौर रुड़की गौरव गोयल भाजपा से निष्कासित

रुड़की के महापौर गौरव गोयल को भारतीय जनता पार्टी ने छह साल के निष्कासित कर दिया है। कार्यकाल के दौरान से ही विवादों में रहे महापौर पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने एवं पार्टी में गुटबाजी बढ़ाने के भी आरोप है। आज ही अदालत ने एक पुराने मामले में उनके खिलाफ दोबारा जांच के आदेश पुलिस को दिए हैं।
इसके बाद हरकत में आई भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि रुड़की के महापौर गौरव गोयल लगातार पार्टी की रीति-नीति का उल्लंघन कर रहे हैं। पार्टी विरोधी कार्य में लिप्त हैं। उनके द्वारा रुड़की नगर निगम में पार्टी के पार्षदों के मध्य लगातार विवाद पैदा किया जा रहा है। इसके अलावा संपत्ति के नवीनीकरण के मामले में उनके द्वारा 25 लाख रुपये की रिश्वत मांगे जाने का प्रकरण भी पुलिस जांच में विचाराधीन है। विधायक गणों द्वारा जो घोषणाएं मुख्यमंत्री द्वारा कराई गई थी, उनमें भी लगातार वह बाधा डालने का काम कर रहे हैं। साथ ही बोर्ड बैठक निर्धारित दो माह में ना बुलाकर रुड़की शहर के विकास कार्यों को बाधित कर रहे हैं।
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व एवं संगठन के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। संगठन पर भी भ्रष्टाचार के मनगढ़त आरोप लगा रहे हैं, जिसकी वजह से पार्टी की छवि को क्षति पहुंच रही है। इन सभी कारणों के चलते उनको छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया जा रहा है। वहीं, इस संबंध में मदन कौशिक ने कहा कि रुड़की के मेयर गौरव गोयल लगातार अनुशासनहीनता कर रहे थे। संगठन में भी गुटबाजी को हवा देने का काम कर रहे थे। भाजपा एक अनुशासित संगठन हैं। यहां व्यक्ति नहीं अनुशासन सर्वाेपरि है। इसलिए उन्हें संगठन से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।

धामी और सैनी का रुड़की में हुआ भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की स्थित नेहरू स्टेडियम में आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री का उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत एवं डॉ. कल्पना सैनी को राज्यसभा सांसद मनोनीत होने पर भव्य स्वागत किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपकी मेहनत एवं समर्पण भाव ने उत्तराखंड में पुनः सरकार बनाकर मिथक तोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने सांसद कल्पना सैनी को राज्यसभा हेतु निर्विरोध चुने जाने बधाई दी। उन्होंने कहा मुझे पूर्ण विश्वास है कि कल्पना सैनी इस दायित्व को भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगी। उन्होंने कहा राज्यसभा में आपकी उपस्थिति से पूरे उत्तराखंड को आपके अनुभव का लाभ मिलेगा और सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड का जो संकल्प लेकर हम चल रहे हैं उसको अपेक्षित बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार आपस में समन्वय बनाकर 2025 तक उत्तराखंड को हिंदुस्तान का सर्वश्रेष्ठ एवं आदर्श राज्य बनाएंगे एवं अपने देश, अपनी मातृभूमि की सेवा कर हम एकात्म मानववाद के दर्शन को सार्थक कर पाएंगे। उन्होने कहा मुझे गर्व है कि हम एक ऐसी विचारधारा से जुड़े हैं जिसका हमेशा से ये मंत्र रहा है कि“व्यक्ति से बड़ा दल, दल से बड़ा देश“। उन्होंने कहा ये परंपरा और ये सिद्धांत डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, श्रद्धेय दीनदयाल उपाध्याय और आदरणीय अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर आज तक अनवरत चली आ रही है। उन्होंने कहा हमारा मूल उद्देश्य ही भारतीयता की प्रेरणा के साथ जन सेवा करना है। उन्होने कहा आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम अपने राज्य व इस महान राष्ट्र के सपनों को पूर्ण करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उत्तराखंड में हमें मिली जीत ने हमारे दायित्वों को बढ़ा दिया है और अब हमें एक क्षण की भी देर ना करते हुए इस राज्य की जन आकांक्षाओं को पूर्ण कर के दिखाना है। हमें गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाओं को पहुंचाना है, प्रदेश में रोजगार के अवसरों को बढ़ाना है, अपनी सांस्कृतिक पहचान को और अधिक समृद्ध बनाना है। उन्होने कहा उत्तराखंड सरकार “विकल्प रहित संकल्प“ के साथ कार्य कर रही है। इसकी सिद्धि के लिए हम दिन-रात एक कर देंगे। उन्होने कहा हमे समाज के दायित्वों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें पूर्ण करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के विभिन्न क्षेत्रों की कार्यशैली में बदलाव आया है। आज प्रत्येक योजनाएं जमीनी स्तर पर लागू हो रही हैं एवं प्रत्येक वर्ग के ध्यान में रखकर योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकार पहुंचे इसके लिए कई कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा भारत अब अपने हितों को आगे कर अन्य देशों से बात करता है और आज विकसित राष्ट्र भी भारत की नीतियों का अनुसरण कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज भारत जिस विकास यात्रा पर अग्रसर है, हमें उत्तराखंड को उसका सबसे योग्य बनाना है।
इस दौरान अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री को चंपावत उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत पर बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश, मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लगातार आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार विकल्प रहित संकल्प के नारे के साथ विकास योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। सतपाल महाराज ने डॉ. कल्पना सैनी को राज्यसभा सांसद बनने पर बधाई देते हुए उन्हें धनी व्यक्तित्व का बताया।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने भी अपने संबोधन में मुख्यमंत्री को उपचुनाव में ऐतिहासिक विजय एवं कल्पना सैनी को राज्यसभा सांसद बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस दौरान राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रदीप बत्रा, विधायक आदेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ जयपाल सिंह चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चौंपियन, खिलेन्द्र चौधरी, आदेश सैनी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

नारसन बॉर्डर पर राज्य कर जांच चौकी का वित्त मंत्री ने किया औचक निरीक्षण

वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने नारसन बॉर्डर पर बनी राज्य कर जांच चौकी का औचक निरीक्षण किया। मौके पर कई खामियां पाई गई। जिसका उन्होंने राज्य कर के शीर्ष अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

बुधवार को वित्त मंत्री को चौकी में तैनात सेल टैक्स ऑफिसर जगदीश जोशी कार्यरत मिले। जिस पर वित्त मंत्री ने चौकी की व्यवस्था और कार्यप्रणाली को लेकर जानकारी मांगी। जिस पर मौजूदा आफिसर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। वित्त मंत्री ने साफ सफाई में भी खामियां पाईं।

वित्त मंत्री ने नाराजगी जताते हुए मौके से ही कमिश्नर सेल टैक्स इकबाल अहमद से फोन पर वार्ता की। निर्देश देते हुए कहा कि नारसन बॉर्डर उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश का काफी अहम बॉर्डर है। यहां कर्मचारी की संख्या बढ़ाई जाए। साफ सफाई का विशेष ध्यान देते हुए प्रत्येक फाइल को सुव्यवस्थित तरीके से रखा जाए।

कहा कि लगातार 24 घंटे किसी कर्मचारी से काम न लिया जाए। कहा कि कि प्रदेश का राजस्व बढ़ाने में राज्यकर की अहम भूमिका है। यह सुनिश्चित किया जाए कि राजस्व वृद्धि में प्रत्येक कर्मचारी द्वारा ईमानदारी से कार्य किया जाए।

कमिश्नर सेल टैक्स को सघन अभियान चलाकर राजस्व बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण करेंगे।

सस्टेनेबिलिटी कॉन्क्लेव 2022 में सीएम ने किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आईआईटी रूड़की के 175 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘‘सस्टेनेबिलिटी कॉन्क्लेव-2022‘‘ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 175 वर्षों से आईआईटी रुड़की भारतीय शिक्षा के क्षेत्र में देश एवं प्रदेश को गौरवान्वित करता रहा है। आईआईटी रूड़की से पढ़े अनेकों विद्यार्थी आज देश के वरिष्ठ पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं एवं अपने ज्ञान एवं कुशलता से देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न विषयों पर शोध के क्षेत्र में भी संस्थान ने हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आई.आई.टी रुड़की ने हमेशा ज्ञान-विज्ञान को एक नई दिशा देने का कार्य किया तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सदैव उत्कृष्टता का प्रतीक रहा है। तथा उन्होंने कहा कि इस कान्क्लेव में होने वाले मंथन से प्राप्त होने वाले सूत्र ना केवल उत्तराखण्ड बल्कि हमारे देश और दुनिया के लिए भी अमृत के सामान होंगे।

सतत् विकास से ही समस्याओं का निदान संभव।
उन्होंने कहा कि दो दिवसीय यह आयोजन सामाजिक जागरूकता और समाज को विकसित करने का काम करेगा। उन्होंने कहा विकास शब्द से ही प्रलक्षित होता है कि ऐसा विकास जो सतत हो, उन्होने कहा निरंतर विकास से ही सभी समस्याओं का निदान संभव है। राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय संस्थानों द्वारा अनेक ऐसे मानक तय किए गए हैं जो कि सतत विकास को मापने का कार्य करते हैं। हमारे सतत विकास को आने वाले समय में दो ही बिंदु परिभाषित करेंगे जिसमें पहला हमारे लोगों का स्वास्थ्य और दूसरा हमारी पृथ्वी का स्वास्थ्य। उन्होंने कहा विकास को सुनिश्चित करने के लिए हमें गरीबी, भुखमरी रोगों से मुक्ति और प्राथमिक शिक्षा की सार्वभौमिक उपलब्धता जैसी चुनौतियों का सामना करना है इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन जैसे व्यापक विषय को भी केंद्र में रखना है।

उत्तराखण्ड पहला राज्य जहां जी.ई.पी की व्यवस्था।
विकल्प रहित संकल्प के साथ बनायेंगे उत्कृष्ट उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने जलवायु परिवर्तन के संकट को सतत विकास के अवसर में बदलने के लिए पर्यावरण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जल संरक्षण सहित अन्य विषयों पर विभिन्न नीतियों एवं योजनाओ का निर्माण किया है। उत्तराखण्ड पहला राज्य है जहां जी.ई.पी. की व्यवस्था बनायी गई है। इन सभी योजनाओं कि सफलता को सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार के द्वारा 8,832 करोड़ से अधिक की धनराशि का आवंटन किया गया है। जहां एक तरफ हम राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने का कार्य कर रहे हैं वहीं जैविक खेती को प्रोत्साहन देने, सिंचाई के उत्तम तौर-तरीकों को अपनाने और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को गति देने का कार्य कर रहे हैं। प्रदेश सरकार की सभी योजनाएं एवं नीतियां जनता की भागीदारी से बनाई जाएंगी तथा जनता की भागीदारी से ही उनको लागू किया जाएगा। हम एक उत्कृष्ट उत्तराखण्ड बनाने का विकल्प रहित संकल्प लेकर चल रहे हैं।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की सेवा में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री का सपना नए भारत एवं आत्मनिर्भर भारत का है जिसमें आप सभी लोगों का सहयोग बहुत अहम भूमिका निभाएगा। कोरोना महामारी से बचाव के लिए निःशुल्क वैक्सीन का कवच हो या गरीबों को मुफ्त उपलब्ध करवाया जा रहा राशन ये सभी निर्णय केंद्र सरकार की वंचितों के उत्थान की संकल्पबद्धता को दर्शाते हैं।

हमारी युवा शक्ति हमारी बौद्धिक सम्पदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति के रूप में जो बौद्धिक संपदा आज राष्ट्र के पास है इसी के आधार पर 21वीं सदी के नए भारत का निर्माण सुनिश्चित हो रहा है। युवाशक्ति इस दिशा में भी सोचें कि कैसे अंतिम छोर पर खड़े एक व्यक्ति के जीवनस्तर को ऊंचा उठाया जाए, कैसे सामाजिक परिवेश को बेहतर बनाया जाए और कैसे अंत्योदय के संकल्प को सिद्ध किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे देश ने विश्व को ज्ञान देने का कार्य किया है, तक्षशिला एवं नालन्दा इसके उदाहरण है। हमें अपने युवाओं की क्षमताओं संदेह नहीं है और कोई इस बात से भी इनकार नहीं कर सकता कि आप जैसे युवाओं में से ही कोई कल को स्वामी विवेकानन्द जी की तरह सनातन संस्कृति की ध्वजा विश्व में फहरायेगा, आप में से ही कोई एपीजे अब्दुल कलाम जी की तरह विज्ञान को नये क्षितिज पर ले जाएगा, आप में से ही कोई नानाजी देशमुख जी की तरह ग्रामीण भारत में आत्मनिर्भरता की अलख जगाएगा।

सपनो को साकार करना हो युवाओं का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी वे छात्रों के बीच आते हैं तो अपने को ऊर्जावान महसूस करते हैं। उन्होंने कहा समय का कोई मूल्य नहीं होता सही समय पर सही कार्य करते हुए अपने सपनों को साकार करना ही हमारा एकमात्र लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा की आज लोगों की उम्मीद देश के युवाओं से है। अपना हर पल हर क्षण अपने सपनों को समर्पित करें एवं अपने लक्ष्य पर केंद्रित करें। उत्साह एवं उमंग हमेशा जीवन को उर्जा देने का कार्य करते हैं।

इस दौरान महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी महाराज, आई.आई.टी रुड़की निदेशक प्रोफेसर अजीत कुमार चतुर्वेदी, उपनिदेशक मनोरंजन परिदा, विधायक प्रदीप बत्रा, जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. योगेन्द्र सिंह रावत तथा संस्थान के शिक्षक एवं छात्र-छात्रायें सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

सड़क दुर्घटना में रूड़की के दो युवकों की मौत

रूड़की से ऋषिकेश घूमने आए पांच युवकों में से दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि दो युवक की हालत स्थिर व एक की हालत नाजुक है।

बीते सोमवार को रूड़की से पांच युवक ऋषिकेश घूमने पहुंचे थे। रात को हरिद्वार लौटते समय उनकी कार श्यामपुर बाईपास मार्ग मंसा देवी के समीप एक पोल से टकराकर पेड़ को टक्कर मार दी।
दरअसल, मंगलवार की अलसुबह पुलिस कंट्रोल ऋषिकेश द्वारा मनसा देवी के पास एक्सीडेंट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो मौके पर आसपास के लोग खड़े थे। मालूम हुआ कि कार एक खंभे से टकराकर उसके बाद एक पेड़ से टकरा गई। घटना के वक्त कार तेज गति से चल रही थी। कार के अंदर पांच लोग सवार थे। जिनमें से तीन की हालत बहुत गंभीर थी। आगे बैठे दो लोगों को हल्की-फुल्की चोटें आई थी। जिनको 108 की मदद से ऋषिकेश सरकारी हॉस्पिटल भिजवाया गया। कार चालक द्वारा साइड में सड़क किनारे खड़ी एक्टिवा को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया तथा बगल में लगी झोपड़ी के मेज व मिट्टी के घड़े आदि को नुकसान हुआ है।

कोतवाल रितेश शाह के अनुसार, दुर्घटना में कार की पिछली सीट पर बैठे अमित निवासी गणेशपुर रुड़की जनपद हरिद्वार, अवधेश पटेल निवासी सीबीआरआई रुड़की जनपद हरिद्वार की मौत हो गई। जबकि एम्स ऋषिकेश में भर्ती सोनू निवासी मोहनपुरा रुड़की जनपद हरिद्वार की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, दुर्घटना में कार चला रहे रमेश सिंह पुत्र तेज नारायण निवासी 429 गली नंबर 10 रामनगर रुड़की हरिद्वार, प्रशांत कुमार पुत्र दया राम ठाकुर निवासी इ18 सीबीआरआई कॉलोनी रुड़की जनपद हरिद्वार को मामूली चोट आई। आगे बैठे दोनों लोग सेफ्टी बैलून खुलने के कारण बच गए। बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना भेज दी है।

सोशल मीडिया का हुआ सही इस्तेमाल, 14 माह बाद बिछड़ा लड़का परिजनों से मिला

14 माह पूर्व लापता हुए बेटे की जिंदा होने की खबर लगते ही परिवार में खुशी का माहौल है। यह खुशी का माहौल सोशल मीडिया की वजह से संभव हो पाया। जी हां, यह हकीकत है, घटना उत्तर प्रदेश के जनपद उन्नाव के ग्राम शफीपुर की है। यहां 13 वर्षीय मिथिलेश पुत्र कमलेश को 14 महीने पूर्व मेले में देर होने पर घरवालों ने फोन पर डांट लगा दी। डांट से घबराया मिथिलेश ट्रेन पकड़कर नानी के यहां जाने की बात कहने लगा। मगर, गलत ट्रेन में सवार हो गया और उन्नाव से ढंढेरा रूड़की पहुंच गया। यहां ढंडेरा निवासी राव इमरान नामक मुस्लिम नागरिक ने मिथिलेश को अपने पास रखा और उसके परिजनों तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया।

राव इमरान को इसमें सफलता भी हाथ लग गई। बेटे के जिंदा होने की जानकारी जैसे ही परिजनों को मिली तो वह खुशी से झूम उठे। बृहस्पतिवार को मिथिलेश की माता फूल दुलारी, पिता कमलेश और दादा रामपाल ढंढ़ेरा पहुंचे और बेटे को लेकर उन्नाव के लिए निकले।