भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इंडी गठबंधन पर किया हमला, कांग्रेस को लिया आड़े हाथ

टिहरी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी माला राज लक्ष्मी शाह के समर्थन में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विकासनगर में आयोजित जनसभा में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और देवी-देवताओं की भूमि है, पड़ोसी राज्य हिमाचल भी देवभूमि है। यह कर्म भूमि भी है और वीरों की भूमि भी है। उन्होंने कहा कि जब-जब देश पर खतरा आया तब उत्तराखंड के वीरों ने दुश्मनों को मुँह तोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि जब मैं वीरभूमि बोलता हूँ तो दिल को बहुत संतोष भी मिलता है। वन रैंक वन पेंशन को अगर किसी ने लागू किया तो वह हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी जी ने किया। उन्होंने कहा कि पहले राजनीति होती थी भाई को भाई से लड़ाओ, जातिगत, तुस्टीकरण की राजनीति होती थी। यह परिपाटी कांग्रेस ने 70 साल तक चलाई लेकिन मोदी जी ने यह परिपाटी बदल दी है। अब राजनीति की परिभाषा बदल गयी है। अब सिर्फ मोदी जी के नेतृत्व में विकासवाद की राजनीति चलेगी यानी पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस की राजनीति करनी होगी। तुस्टीकरण, जातिवाद पर अब राजनीति नहीं चलेगी।

उन्होंने कहा कि, कुछ दिनों पहले जातिगत जनगणना की बात चली, हमने भी कहा कि इससे हमारा कोई दुराव नहीं है लेकिन जातियों के आधार पर देश को बांटना अच्छी बात नहीं है। मोदी जी ने श्ज्ञानश् की बात कही। यानी गरीब, यूथ, अन्नदाता और नारी, जब इन चारों की बात होगी तो देश अपने आप आगे बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले घरों में बिजली नहीं थी, बच्चों के पढ़ने की सुविधा नहीं थी लेकिन आपने मोदी जी को आशीर्वाद दिया तो उन्होंने 1000 दिन के अंदर 18 हजार गांव में बिजली पहुँचा दी। पहले पानी के किये लोगों को कई मील चलना पड़ता था आज हर घर नल, हर घर जल पहुँच रहा है। यह मोदी जी ने साकार किया। आज से दस साल पहले महिलाओं को खुले में शौच के लिए जाना पड़ता था। आज देश में 12 करोड़ इज्जत घर बनाये गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले गांव में सड़के नहीं होती थी। आज हर जगह सड़क है। ये बदलता भारत है। 10 साल पहले हमारी बहनें, जंगल में पांच बजे सुबह जाकर लकड़ी काटा करती थी, फिर चूल्हा जलाती थी। आज हमारी बहनों को मोदी जी ने 10 करोड़ गैस कनेक्शन दिए।

उन्होंने कहा कि ऐसे में याद रखना 2019 में जब आपने मोदी जी को आशीर्वाद दिया तो भारत 11 नंबर की अर्थव्यवस्था थी, इस बीच कोविड आया, लेकिन इतने प्रतिकूल परिस्थितियों के बाद आज हमारी अर्थव्यवस्था 5 वें नंबर पर है। उन्होंने कहा कि, आप मोदी जी को जिताएं, 2027 में हमारी अर्थव्यवस्था तीसरे नम्बर पर होगी। आज 25 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर आ गए हैं। आवास योजना के अंतर्गत पीएम मोदी ने आज 4 करोड़ पक्के घर बनाकर दिए हैं। एक लाख घर उत्तराखंड में बने हैं। आज देश के 55 करोड़ लोगों को 5 लाख तक स्वास्थ्य बीमा, आयुष्मान योजना में प्रदान किया जा रहा है। हमारी उत्तराखंड की सरकार ने भी अटल आयुष्मान शुरू कर बचे हुए लोगों को इसका लाभ दिया है।

उन्होंने कहा कि पहले बॉर्डर के गांव को देश का अंतिम कहा जाता था, मोदी जी ने कहा यह पहले नंबर के गांव है। आज 758 करोड़ रुपये वाइब्रेंट विलेज के लिए खर्च हो रहे हैं। ऋषिकेश से कर्णप्रयाग के लिए रेल लाइन का कार्य तेजी से चल रहा है। चारधाम की सड़क के लिए 12 हजार करोड़ रुपये खर्च हो रहे। उत्तराखंड के धामों का विकास किया जा रहा है। देहरादून से दिल्ली, लखनऊ के लिए वंदे भारत ट्रेन चल रही है। पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भी उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। मोदी जी ने कहा है 21 वी सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा, यह आज साकार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आजकल यह इंडी अलायंस की बात हो रही। ये गठबंधन किस बात का है। ये अलायंस भ्रस्टाचारियों को बचाने के लिए है। कांग्रेस ने आकाश, पाताल, जल, धरती हर जगह तमाम घोटाले किये। राहुल गांधी, सोनिया गांधी बेल पर हैं। अखिलेश पर तमाम आरोप हैं, केसीआर की बेटी पर घोटाले के आरोप हैं। अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम जेल में हैं, क्यूंकि ये सब भ्रस्टाचारियों का जमावड़ा है। ये सभी परिवारवादी पार्टियां हैं लेकिन भाजपा में ऐसा नही होता। यहां एक चाय वाला प्रधानमंत्री बनता है। उन्होंने लोगों से भाजपा को भारी बहुमत से जीताने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में एक सशक्त सरकार आई है। आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान और पहचान पूरे विश्व में बढ़ी है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने इस बार विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड बनाने के लिए 400 पर का लक्ष्य दिया है और यह 400 पार का लक्ष्य विकसित भारत बनाने के लिए है। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार ने बहुत सारे काम उत्तराखंड में किये हैं और हम लोगों ने केंद्र के नेतृत्व में बहुत से कार्यों को राज्य में आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों की अगर बात करें तो 2 लाख करोड़ से ज्यादा की योजनाएं उत्तराखंड के लिए स्वीकृत हुई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने समान नागरिक सहिंता को राज्य में लागू किया है। नकल विरोधी,दंगा विरोधी कानून के साथ ही 30 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को प्रदेश में सरकारी नौकरियों में दिया जा रहा है। इसके अलावा, गरीब परिवारों को साल में तीन निशुल्क सिलिंडर हमारी सरकार दे रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में पीएम मोदी जी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं और इस बार जनता मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए तैयार है।

इस अवसर पर टिहरी सीट से भाजपा प्रत्याशी माला राज लक्ष्मी शाह, भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत विधायक मुन्ना सिंह चौहान, सहदेव सिंह पुंडीर, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, भाजपा के वरिष्ठ नेता राम शरण नौटियाल आदि उपस्थित रहे।

घनसाली में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में उमड़े लोग, सीएम रहे मौजूद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होटल श्रीराम, घनसाली (टिहरी) में टिहरी लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बूढ़ाकेदार धाम, घंटाकर्ण देवता, माँ राज राजेश्वरी देवी, को नमन करते हुए सभा में उपस्थित घनसाली विधानसभा क्षेत्र की माताओं, बहनों, बुजुर्गों एवं युवाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा देवभूमि की वीरधरा के लाल शहीद प्रवीण सिंह गुसाई जी की जन्मस्थली और वीर बलिदानियों के शौर्य की पुण्य भूमि को नमन करता हूँ। उन्होंने कहा इस सभा में जनता की उपस्थिति से यह साफ हो गया है कि टिहरी लोकसभा की जीत में घनसाली विधानसभा नया रिकॉर्ड बनाएगी। उन्होंने कहा देश प्रदेश का जन-जन कह रहा है कि मोदी जी की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा बीते मंगलवार को प्रधानमंत्री की रुद्रपुर में आयोजित रैली में लोगों ने अपार जन समर्थन दिया है। प्रधानमंत्री ने देवभूमि उत्तराखंड से विजय शंखनाद की शुरुआत की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घनसाली विधानसभा क्षेत्र में विकास के कई कार्य किए जा रहे हैं। घनसाली के विकास के लिए 77 करोड़ रुपए की 28 योजनाओं पर काम किया जा रहा है। भिलंगना क्षेत्र में महाविद्यालय का निर्माण और घनसाली के अन्तर्गत आने वाले सभी मोटर मार्गों का नवनिर्माण किया गया है। भिलंगना में विकासखंड कार्यालय बनाने का कार्य भी किया गया है। घनसाली में पेयजल और सिंचाई की योजनाओं पर भी ध्यान दिया है। राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से टिहरी लोकसभा क्षेत्र भी लगातार विकसित हो रहा है। टिहरी झील को पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। देहरादून से टिहरी के लिए टनल बनाने की डीपीआर पर कार्य जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का प्रणाम जन जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा एक ओर वह लोग हैं जो भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, परिवारवाद बढ़ाने की बात करते हैं। पर प्रधानमंत्री कहते हैं भ्रष्टाचार समाप्त होना चाहिए और भ्रष्टाचारियों की जगह जेल में है। प्रधानमंत्री हर भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल में भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने कहा स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी अभूतपूर्व योजनाओं से देश आत्मनिर्भर बन रहा है। वंदेभारत जैसी विश्वस्तरीय स्वदेशी ट्रेन भारत की पहचान बन रही हैं। भारत में प्रतिदिन 38 किमी. नई सड़क बनाई जा रही है। बीते 10 सालों में 55 हजार किलोमीटर राष्ट्रीय राज्यमार्गाे, 15 नए एम्स अस्पतालों, 74 हवाइअड्डों का निर्माण हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वभर में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। जी-20 जैसा अंतर्राष्ट्रीय संगठन हो या संयुक्त राष्ट्र संघ हर जगह भारत का डंका बज रहा है। उन्होंने कहा मोदी जी देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपना परिवार मानकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सरकार बीते 10 वर्षों में 25 करोड़ देशवासियों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफल रही है। 4 करोड़ से ज्यादा लोगों को पीएम आवास योजना का लाभ मिला है। 12 करोड़ से ज्यादा घरों में नल से जल पहुंचाया गया। देश के 50 करोड़ लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। 50 करोड़ से ज्यादा लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया है। 80 करोड़ लोगों को राशन देने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा गरीबों का कल्याण नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही संभव हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आयोजित हुए मातृशक्ति कार्यक्रम के तहत नए भारत की तस्वीर दिखाई दी। उन्होंने कहा महिलाएं राष्ट्र निर्माण में अपना अहम योगदान देती हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। जिससे राजनीति में महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित होगी। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हुआ है। मोदी के नेतृत्व में देश पहले से मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा उत्तराखंड के अमर बलिदानी शूरवीर शहीद सैनिकों की याद में देहरादून में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। राज्य के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू किया गया है। नकल विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया है। महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर मोदी जी के विकास की गारंटी वाली डबल इंजन की भाजपा सरकार है। और दूसरी ओर भ्रष्टाचारियों और घोटालेबाजों की देश को लूटने की गारंटी वाले लोग हैं। 2014 से पहले कांग्रेस सरकार में हर दिन घोटाले होते थे। कांग्रेस के लिए राष्ट्रीय हित, समाज हित पीछे रहा और उनके अपने स्वहित आगे रहे। उन्होंने कहा कांग्रेस का मतलब – भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, परिवारवाद, कुशासन, जातिवाद , एक दूसरे को बांटने की गारंटी से है। और प्रधानमंत्री जी की विकसित भारत, महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार, किसान सम्मान, और गरीब कल्याण की गारंटी है। उन्होंने कहा इस बार के चुनाव में भी कांग्रेस को भारी वोटों से हराकर टिहरी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र का रिकॉर्ड कायम रखना है। उन्होंने सभी से 19 अप्रैल को पहले मतदान, फिर जलपान करने का आग्रह किया। उन्होंने श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी जी को विजय बनाकर आदरणीय प्रधानमंत्री जी के एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को साकार करने में अपना योगदान सुनिश्चित किए जाने की बात कही।

इस दौरान जिला अध्यक्ष राजेश नौटियाल, विधायक शक्ति लाल शाह, विधनसभा प्रभारी प्रभारी अतर सिंह तोमर, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

सीएम के नेतृत्व में टिहरी लोस प्रत्याशी को आशीर्वाद देने पहुंची जनता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सांई मंदिर मैदान, पुरोला (उत्तरकाशी) में टिहरी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह के पक्ष में आयोजित जनसभा में प्रतिभाग किया।’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा में उपस्थित महिलाओं, बुजुर्गों युवाओं का स्वागत एवं देवी-देवताओं को प्रणाम करते हुए कहा कि टिहरी लोकसभा क्षेत्र को मां गंगा और यमुना के साथ विभिन्न धामों देवस्थानो का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा इस क्षेत्र के लोगों ने पिछली बार विधानसभा चुनाव में सारे मिथक तोड़े हैं। विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता ने पुनः भाजपा की सरकार बनाकर मिथक तोड़ने का काम किया है। उन्होंने सभी से आग्रह करते हुए कहा कि विकसित और अग्रणी उत्तराखंड के सपने को साकार करने हेतु टिहरी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह जी को बढ़ चढ़कर वोट देकर ऐतिहासिक जीत दिलाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में देश तेज़ी से आगे बढ़ा है। भारत का दुनियां के अंदर मान सम्मान स्वाभिमान बढ़ा है। विकास की गंगा तेजी से बही है। देश के अंदर विकास और इनोवेशन पर कार्य निरंतर जारी है। मोदी जी के कुशल नेतृत्व और सफल कूटनीति की वजह से दुनियां में भारत नई शक्ती के तौर पर सामने आया है। उन्होंने कहा 2024 में नरेंद्र मोदी जी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे तब देश और तेज़ गति से आगे बढ़ेगा। उत्तराखंड सहित संपूर्ण भारत में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी ने छोटे बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक सभी को अपने परिवार का सदस्य मानकर काम किया है। देशवासियों के जीवन को सुखद और समृद्ध बनाने का हरसंभव प्रयास किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जन-धन योजना, उज्जवला योजना, किसान समृ्द्धि योजना, पीएम आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना चलाई जा रही है। प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच के कारण मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं को लॉच किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में आय़ोजित हुए ऐतिहासिक जी-20 सम्मेलन भारत में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। विकास के साथ ही केंद्र सरकार ने देशहित में कई कड़े फैसले उठाए। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया। तीन तलाक को खत्म किया गया, देश में नागरिकता संशोधन अधिनियम लागू किया गया है। प्रधानमंत्री की मजबूत इच्छाशक्ति से अयोध्या में भव्य और दिव्य राम मंदिर बन चुका है। सैकड़ों वर्षों के इंतजार के बाद भगवान राम अपने भवन में विराजमान हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्व में किए वादे अनुसार राज्य में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित किया है। नकल माफियाओं को जेल भेजकर पारदर्शिता के साथ परीक्षाएं करवाई जा रही हैं। जिसके नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। सख्ती से सरकारी ज़मीन से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। इसके साथ ही राज्य में दंगारोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया है। साथ ही महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में 3.5 लाख करोड़ के एमओयू साइन हुए , जिसमें से 81 हज़ार करोड़ के एमओयू पर काम शुरु हो गया है। इससे रोजगार के कई अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा राज्य में 207 प्रकार की पैथोलॉजी जांचें मुफ्त करवाई हैं। साथ ही महालक्ष्मी किट योजना, लखपति दीदी योजना, वृद्धा पेंशन, गैस रिफिल योजना शुरू की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड में विकास की गंगा बहाने का कार्य कर रही है। राज्य सरकार हर वर्ग के उत्थान को ध्यान में रखते हुए अनेकों योजनाएं संचालित कर रही है। राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के मूल मंत्र पर चलते हुए गांव से लेकर शहर तक विकास की नई गाथा को आगे बढ़ा रही है । सड़क, पुल, स्कूल, अस्पताल और जल एवं विद्युत परियोजनाओं का वृहद स्तर पर निर्माण कार्य हो रहा है। कई सालों से लंबित लखवाड़ योजना को स्वीकृति मिल गई है। सोंग बांध, जमरानी बांध परियोजना को भी स्वीकृति प्रदान हो गई है। दशकों से लटके काम पूरे हो रहे हैं। उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों का पुनर्विकास कर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार विभिन्न क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार को बढ़ाने पर कार्य कर रही है। स्वयं सहायता समूहों से बहनों को रोज़गार मिल रहा है। उत्तराखंड के उत्पादों को विश्व में नई पहचान मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरोला क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। हाल ही में उत्तरकाशी जिले में ₹ 291 करोड़ से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया था। जून 2023 में जिले की तीनों विधानसभाओं हेतु ₹ 350 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया था। विकास कार्यों से पूरे जिले में सड़क, स्कूल और पेयजल सहित विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं। घोषणा के अनुरुप पुरोला को नगरपालिका का दर्जा मिल गया है। डबल इंजन की सरकार उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी के हृदय में उत्तराखंड बसता है। बीते 10 वर्षों में उत्तराखंड के लिए 1 लाख 50 हजार करोड़ रूपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। उन्होंने कहा निश्चित ही पुरोला सहित टिहरी लोकसभा क्षेत्र की जनता आगामी 19 अप्रैल को भाजपा प्रत्याशी श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह जी को भारी मतों से विजयी बनाकर आदरणीय मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान देगी।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सतेंद्र राणा, विधायक दुर्गेश्वर लाला, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरू देवी, पूर्व विधायक राजकुमार, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, रमेश चौहान एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

राज लक्ष्मी शाह के नामांकन में पहुंचे सीएम, तो उमड़ पड़ा जनसैलाब

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में लोक सभा टिहरी से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती माला राज लक्ष्मी शाह के नामांकन के अवसर पर आयोजित रोड शो में प्रतिभाग किया।

भाजपा महानगर कार्यालय, पलटन बाजार, धामावाला, राजा रोड से गांधी रोड़ तक आयोजित रोड शो में हजारों की संख्या में टिहरी लोकसभा के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन पर पुष्प वर्षा की। मुख्यमंत्री ने जनता से टिहरी से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती माला राज लक्ष्मी शाह को अधिक से अधिक मतों से विजय बनाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी माला राज लक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक खजान दास एवं अन्य लोग मौजूद रहे।