न्याय के देवता गोल्ज्यू के दरबार में पहुंचे सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को चितई गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश को कोरोना मुक्त बनाने के लिए प्रार्थना की। साथ ही अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल का निरीक्षण कर कोरोना से निपटने को लेकर चल रही तैयारियों की जानकारी ली।इसके अलावा कार्यकर्ताओं से भाजपा के प्रत्याशी कैलाश शर्मा समेत अन्य प्रत्याशियों को भी विजयी बनाने के लिए प्रयास तेज करने की अपील की।
शुक्रवार को सीएम धामी चितई गोल्ज्यू मंदिर गए। वहां पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मीडिया से कहा लोकतंत्र का पर्व है। दूसरी ओर महामारी की आशंका है। इसको देखते हुए लोक देवता गोल्ज्यू से हम पर कृपा बनाए रखें और पूरे प्रदेश में सुख व समृद्धि बनी रहे। इसके बाद उन्होंने बेस अस्पताल का दौरा किया और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा से कोरोना को लेकर चल रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा आचार संहिता के साथ ही कोविड के खतरे से जनता को बचाने की जरूरत है। कहा पीएम मोदी कुछ दिन पहले समीक्षा भी कर चुके हैं। उन्होंने कहा पिछले दिनों एसटीएच हल्द्वानी का दौरा किया था।
अस्पतालों में बच्चों के लिए बेड तैयार किए जा रहे हैं। जान-माल की सुरक्षा के लिए पूरा ध्यान रखा जा रहा है। हर विभाग के नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। सरकार आचार संहिता के साथ ही जनता की जानमाल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह संजीदा है। इधर, सीएम ने भाजपा प्रत्याशी कैलाश शर्मा की मौजूदगी में स्थानीय होटल में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।कहा आम जनता तक इनको ले जाना होगा। कहा कोरोना के चलते सभाओं को आयोजन नहीं हो रहा है। वर्चुअल माध्यम से भाजपा सरकारों को काम को जनता तक पहुंचा रही है। यहां जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, महेश नयाल, राजेंद्र भंडारी, पूर्व जिपं अध्यक्ष मोहन सिंह महरा, द्वाराहाट के प्रत्याशी अनिल शाही रहे।

विस उपाध्यक्ष चौहान सहित दावेदार नहीं पहुंचे
सीएम पुष्कर सिंह धामी के शुक्रवार को अल्मोड़ा दौरे के दौरान भाजपा के टिकट के दावेदार मौजूद नहीं रहे। यही नहीं विस उपाध्यक्ष अल्मोड़ा के विधायक रघुनाथ सिंह चौहान भी उपस्थित नहीं रहे। सीएम धामी से इस पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा नाराजगी जैसी कोई बात नहीं हैं। उनका कार्यक्रम जल्दी में बना और सभी को सूचना नहीं दी जा सकी। यह जरूरी भी नहीं है सब यहां मौजूद रहें। इससे पहले एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा जिले से लेकर प्रदेश से लेकर जिनके नाम भेजे गए थे। उनको टिकट मिला है। एक प्रत्याशी ही चुना जा सकता है। कहा बची हुई सीट के प्रत्याशी जल्द घोषित हो जाएंगे। जनता भाजपा के अबकी बार साठ पार के संकल्प को पूरा करेगी।

टिकट वितरण से नाराज कार्यकर्ताओं ने दिये सामूहिक इस्तीफे

भारतीय जनता पार्टी के टिकट वितरण के बाद भीमताल विधानसभा में बगावत की शुरुआत हो गई है। भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष व नैनीताल के भाजपा जिलाध्यक्ष रह चुके मनोज साह समेत 300 कार्यकर्ताओं ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। सभी ने अपने-अपने इस्तीफे प्रदेश अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष को भेजे हैं।
वहीं पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष मनोज साह ने कार्यकर्ताओं की राय के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। साह ने शुक्रवार को अपने 300 से अधिक समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। साह ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा से ऐसे उम्मीदवार को टिकट दिया है जो कुछ माह पूर्व ही भाजपा में शामिल हुआ है। साह ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता को टिकट न देकर मनोबल तोड़ने का काम किया है। इससे आहत होकर वह और सैकडों पदाधिकारियों ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं ने उन्हें निर्दलीय चुनाव लड़ाने का ऐलान किया है।
साह ने कहा कि वह अब निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। साथ ही जीत हासिल कर पार्टी को अपनी पकड़ दिखाएंगे। वहीं कार्यकर्ताओं ने भी साह को निर्दलीय चुनाव लड़ाने की बात कही है। ज्ञापन में धारी मंडल अध्यक्ष कैलाश गुणवंत, आलम सिंह नगदली, हिरेश सिंह बिष्ट, इंद्र कुमार मेलकानी, कुंदन सिंह, देवेंद्र सिंह, पान सिंह, रविंद्र कर्नाटक समेत सैकेंडों लोगों के हस्ताक्षर है।

सरिता आर्य की भाजपा में ज्वाइनिंग, कांग्रेस को क्या पड़ेगा फर्क

कांग्रेस छोड़ सरिता आर्य की भाजपा में ज्वाइनिंग के समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरिता आर्य के आने से भाजपा नैनीताल जिले में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि सरिता आर्य लम्बे समय से महिला उत्थान के लिए काम कर रही हैं। पूरे प्रदेश में उनका एक नेटवर्क है। उस पूरे नेटवर्क का भाजपा को लाभ होने वाला है। उन्होंने कहा कि सरिता आर्य लम्बे समय से महिलाओं के लिए काम कर रही हैं। इसी की बदौलत वह राजनीति में मुकाम हासिल कर पाई हैं। उन्होंने कहा कि इससे निश्चित रूप से भाजपा को सभी क्षेत्रों में लाभ होगा। उन्होंने सरिता आर्य के भाजपा में आने के लिए उनका आभार जताया और कहा कि महिलाओं की सच्ची हितैशी भाजपा ही है।
सरिता आर्य पिछले पांच सालों से नैनीताल विधानसभा सीट पर कार्य कर रहीं थीं। लेकिन, पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य के ज्वाइन करने के बाद उनके टिकट पर संशय बना हुआ था। 2017 के विधानसभा चुनाव में संजीव आर्य नैनीताल विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने थे। सूत्रों की मानें तो संजीव 2022 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर नैनीताल विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ेंगे।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि सरिता आर्य भाजपा में बिना शर्त आई हैं। लेकिन उनका उपयोग कैसे किया जा सकता है और उनके बारे में सोचना अब पार्टी का काम है। सरिता आर्य को भाजपा नैनीताल सीट से टिकट देगी या नहीं इस सवाल पर उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर पार्लियामेंट्री बोर्ड फैसला करेगा। उन्होंने कहा कि सरिता के आने से भाजपा को मजबूती मिली है। उन्होंने इस दौरान कहा कि कांग्रेस में महिलाओं का सम्मान नहीं होता और इस वजह से उन्हें भाजपा की रीति नितियों के साथ आना पड़ा है।
कौशिक ने कहा कि भाजपा में आने के लिए सरिता ने कोई शर्त नहीं रखी और पार्टी में शामिल होने के लिए पार्टी के अनुसाशन का पालन करना होता है। उन्होंने इस दौरान कहा कि सरिता ने बड़ी संख्या में अपने समर्थकों में भाजपा में आई हैं और इसका विधानसभा चुनावों में बहुत सकारात्मक असर देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरिता के भाजपा में आने से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है और इससे उनके लड़की हूं, लड़ सकती हूं नारा भी खोखला साबित हो गया है।

अगले कुछ दिन का मौसम अपडेट लेकर ही करें सफर

उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में विशेषकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में उथला से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि पर्वतीय जिलों में पाला परेशानी का कारण बन सकता है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान लगाया है। लेकिन 18 के बाद एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के चलते गढ़वाल मंडल के पर्वतीय हिस्सों व कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ बागेश्वर जनपद में कहीं-कहीं हल्की से हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक घने कोहरे को लेकर प्रदेश के मैदानी जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। वही पर्वतीय क्षेत्रों के लिए भी पाला पड़ने को लेकर येलो अलर्ट जारी है। जिसके चलते मौसम विभाग ने प्रदेश के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। जिसमें मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाने से यातायात में टकराव की स्थिति, ड्राइविंग की मुश्किल परिस्थिति, हवाई अड्डे पर लैंडिंग, टेक ऑफ को प्रभावित कर सकती है।
मौसम विभाग ने रेलवे, एयरलाइंस, परिवहन सेवाओं के संपर्क में रहने के सुझाव दिए हैं। कोहरे में वाहन चला रहे लोगों से फोग लाइट के इस्तेमाल करने को कहा है। साथ ही पर्वतीय जिलों में पौधों को ठंड के कारण नुकसान से बचाने के लिए लगातार हल्की सिंचाई करने खेतों के चारों ओर हवा के अवरोध, शेल्टरबेल्ट लगाने, हवा की गति कम करने व पाले मे सड़क पर सावधानी से वाहन चलाने का सुझाव दिया है। राज्य के कई शहरों में आज तापमान काफी कम रहा।
शुष्क मौसम के बावजूद मसूरी में न्यूनतम तापमान 2.1, रनीचौरी में माइनस 1.8, जॉली ग्रांट में 6.6, नैनीताल में 4.8, पिथौरागढ़ में 1.5, टिहरी में तीन, मुक्तेश्वर में 1.1, पंतनगर में 9.9, डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहाड़ों में दिन में धूप के बावजूद सुबह शाम जबरदस्त ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह के मुताबिक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 16 जनवरी व नॉर्थवेस्ट भारत में 18 जनवरी के बाद दो ताजा पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी होंगे जिससे एक बार फिर मौसम बदलेगा।

दल बदल को तैयार बैठे है सियासी कद्रदान

कांग्रेस पार्टी में पहली सूची जारी होने से पहले ही नैनीताल में पार्टी को बड़ा झटका लग सकता है। इस सीट से दावेदारी पेश कर रही पूर्व विधायक और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकती हैं। सरिता आर्या ने कहा है कि अगर पार्टी में सम्मान नहीं मिलेगा तो उनके सामने दूसरे विकल्प खुले हैं। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार देर रात उनकी भाजपा नेताओं से मुलाकात हुई। इस मुलाकात में भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी, पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक मौजूद थे।
शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे डालनवाला स्थित भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के फ्लैट में यह मुलाकात करीब एक घंटे चली। बताया जा रहा है कि भाजपा सरिता आर्य को नैनीताल विधानसभा सीट से प्रत्याशी बना सकती है। सरिता कांग्रेस से टिकट की दावेदारी पेश कर चुकी हैं, लेकिन इस सीट पर विधायक रहे संजीव आर्य को पार्टी हाईकमान पहले ही प्रत्याशी बनाने का वादा कर चुका है। संजीव के पार्टी में आने के बाद से ही सरिता आर्य के तेवर तल्ख हैं। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उन्हें मनाने के प्रयास किए, लेकिन वह टिकट से इतर कुछ भी मानने को तैयार नहीं है। बताते चलें कि सरिता आर्य वर्ष 2012 के चुनाव में विधायक बनीं थीं। जबकि वर्ष 2017 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वर्तमान में सरिता प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष हैं।
सूत्र बताते हैं कि ऐसा रणनीति के तहत किया जा रहा है, ताकि टिकट मिलने के बाद किसी के पाला बदलने से फजीहत न हो। कुछ सीटों पर पार्टी अब भी किसी के आने का इंतजार कर रही है। वहीं महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य कहा है कि अगर पार्टी में सम्मान नहीं मिलेगा तो उनके सामने दूसरे विकल्प खुले हैं। मीडिया के सवाल पर आज कांग्रेस मुख्यालय में उन्होंने कहा वह भाजपा का भी दामन थाम सकती हैं।
वहीं एक और बयान में पूर्व विधायक और प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सरिता आर्य ने कहा डालनवाला स्थित जिस बिल्डिंग की बात कही जा रही है, उसमें दूसरे लोग भी रहते हैं। मैं फ्लैट संख्या 27 में शुक्रवार रात अपने एक रिश्तेदार से मिलने गई थी। कांग्रेस पार्टी छोड़ने का मेरा कोई इरादा नहीं है। मुझे तो बाद में पता चला, इस बिल्डिंग में भाजपा के कोई नेता भी रहते हैं।

कोरोना से बचाव और सुरक्षा को लेकर सीएम ने दिए निर्देश

चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के निजी दौरे से हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने कोरोना की गाइड लाइन के बीच आम जनता के स्वास्थ्य व सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक जानकारी भी ली। निजी दौरे पर आए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसी क्रम में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर हल्द्वानी के सुशीला तिवारी हॉस्पिटल में मरीज़ों से अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के साथ मरीज़ों के तिमारदारों से भी बात की। उन्होने वहाँ मौजूद लोगों से कोरोना व अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं और दवाइयों की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी हासिल की। मुख्यमंत्री धामी ने जन औषद्धि केंद्र का निरीक्षण कर जनता को सस्ते दामों में मिल रही दवाइयों की जानकारी भी ली। सुशीला तिवारी हॉस्पिटल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मुख्यमंत्री को जनपद स्तर पर चल रही स्वास्थ्य सेवाओ की जानकारी भी दी। उन्होने कोविड के खतरों को लेकर आम जनता के स्वास्थ्य सुविधाओं की और विशेष ध्यान देने को भी कहा।
सीएम धामी ने अस्पताल के बाहर सपजजसम उपतंबसमे विनदकंजपवद के द्वारा आम मरीजों व तीमारदारों के लिए 5 रुपये में भोजन सुविधा सेवा में शामिल हुए और इस सेवा कार्यक्रम के संचालन को बारीकी से समझा। इस दौरान मकर संक्रांति के उत्सव पर बनी विशेष खिचड़ी भी ग्रहण करने के साथ प्रदेश की समस्त जनता व उपस्थित जनता को मकर संक्रांति के उत्सव की भी बधाई दी। इसके उपरांत निजी दौरे पर आए प्रदेश के मुख्यमंत्री ने डीआरडीओ द्धारा संचालित कोविड अस्पताल पहुँच कर वहाँ व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होने अस्पताल में मौजूद सीसीटीवी कैमरों से संस्थान में चल रहे स्वास्थ्य सुविधाओं को भी देखा। विदित हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 दिन पूर्व कोरोना से संबंधित मामलों को लेकर देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ इस दिशा में वर्चुअल बैठक की थी। वही सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को इस महामारी के खतरे से निपटने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन देने के साथ घबराने की नहीं बल्कि सतर्कता बरतने पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया था।

धामी का व्यंग-हरीश रावत को कांग्रेस नहीं लेती सीरियस तो दूसरे क्यों लेंगे

उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सक्रियता के सवाल को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आप उत्तराखंड के लिए ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए खतरा है। वह ऐसी पार्टी है जो सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगती है और सेना पर सवाल उठाती है, ऐसी पार्टी पर ज्यादा कुछ नहीं बोला जा सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर धामी ने कहा कि उनकी पार्टी खुद उन्हें हल्के में लेती है तो और व्यक्ति उनके बयानों को क्यों महत्व देगा? कांग्रेस पार्टी पहले खुद सीएम का चेहरा तय करे। तभी दूसरों के बारे में बात करें।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा बड़ी पार्टी है। इसमें दावेदारों की संख्या भी ज्यादा है लेकिन मारामारी जैसी कोई स्थिति नहीं है। रायशुमारी पूरी हो चुकी है। अब पार्लियामेंट्री बोर्ड प्रत्याशियों की घोषणा करेगा।

निशंक के सक्रिय होने से भाजपा को मिल रहा बल, मैनेजमेंट के गुरु माने जाते है पूर्व सीएम

पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने आज देहरादून से हल्द्वानी में आयोजित वर्चुअल पत्रकार वार्ता संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के ‘अबकी बार 60 पार’ की अपील पर मुहर लगाने वाली है। मौसम खराब होने के कारण वहाँ नहीं पहुँच पाने पर खेद जताने के बाद उन्होने विश्वास जताया कि लोग भाजपा द्धारा राज्य बनाने के लिए किए संघर्ष और उनकी पार्टी की सरकारों के विकास कार्यों को नहीं भूले हैं और न ही कॉंग्रेस पार्टी की राज्य निर्माण विरोधी सोच और उनकी सरकारों के कुशासन को।
देहरादून में बलबीर रोड स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय से वर्चुअली पत्रकारों से मुखातिब होते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि राज्य निर्माण को लेकर भाजपा की भावना और प्रयास तभी से स्पष्ट नज़र आते हैं जब अविभाजित उत्तरप्रदेश के कार्यकाल में ही पार्टी ने उत्तरांचल को अलग प्रदेश संग़ठन का दर्जा दे दिया था। वहीं कॉंग्रेस को शर्म आनी चाहिए, जिन्होने हमेशा पृथक राज्य का विरोध किया। उत्तराखंड के सच्चे सपूत तो अटल जी थे जिन्होने राज्य की जनता के सम्मान में न केवल अलग राज्य की दशकों पुरानी मांग को पूरा किया साथ ही उसके विकास के लिए विशेष पैकेज भी दिया। कॉंग्रेस की सरकारों ने तो सूबे के लिए न कोई विकास का कार्य किया अपितु विशेष राज्य की सौगात को भी मनमोहन सरकार में तय अविधि से पहले ही वापिस ले लिया।
अपने मुख्यमंत्री काल के अनुभवों को याद करते हुए उन्होने कहा कि 100-200 करोड़ की योजनाओं के लिए भी उन्हे केंद्र की कॉंग्रेस सरकार के सामने गिड्गिड़ाना पड़ता था। वहीं आज मोदी सरकार ने 1 लाख करोड़ के कार्य राज्य में करवाए हैं, हाल में ही हल्द्वानी में लगभग 17.50 हज़ार करोड़ और देहरादून में 18.50 हज़ार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण इसकी एक बानगी है। वहीं हल्द्वानी के लिए ही 2000 करोड़ के विकास योजनाओं को स्वीकृति दी, इतनी स्वीकृति तो कॉंग्रेस की सरकारों ने समूचे राज्य के लिए भी कभी नहीं दी होगी। आज बड़ी बेशर्मी से सैनिक प्रेमी होने का स्वांग रच रहे हैं। वहीं दिवंगत जनरल रावत को सड़क का गुंडा कहने वाले, सर्जिकल स्ट्राइक पर सबूत मांगकर भारतीय सेना के शौर्य का अपमान करने वाले, कश्मीर में हमारे जवानों को बलात्कारी कहने वाले इनकी पार्टी में खुलेआम बड़े-बड़े पदों पर बैठे हैं।
पीएम मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की भाजपा सरकार द्धारा किए विकास कार्यों से राज्य अब उस मुकाम की और है जब वर्ष 2025 में राज्य रजत जयंती आते आते देश में उत्तराखंड का दशक होगा । केंद्र ने अटल आयुष्मान से देश में गरीबों के स्वास्थ्य की चिंता की तो प्रदेश सरकार ने उसे प्रत्येक राज्यवासी तक उसे पहुंचा दिया। चाहे उज्ज्वला से माँ बहनों को धुएँ से निजात दिलाने की बात हो या किसान सम्मान और श्रमिक कार्ड से प्रदेशवासियों का स्वाभिमान दिलाने की बात हो या फिर हर घर बिजली और हर नल पानी की बात हो ।विकास के सभी मोर्चों पर प्रदेश की भाजपा सरकार ने बेहतर कार्य किया है। उत्तराखंड की जनता देशभक्त है और वह नहीं भूल सकती कि उसके एक वोट से आज़ादी के समय से कश्मीर से धारा 370 हटाने की मांग पूरी हुई, एक वोट से पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक हुई, एक वोट से सैकड़ों वर्ष पुरानी राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़ी श्री राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की मांग पूरी हुई, एक वोट से तीन तलाक पर रोक लगी और मुस्लिम बहिनों को न्याय मिला । ऐसा और भी बहुत कुछ है जिससे साबित होता है मोदी जी ने और उनके मार्गदर्शन में चल रही प्रदेश की भाजपा सरकार ने जो कहा था वो किया है और अब जो कह रही है उसे भी अवश्य पूरा करेगी।
इस अवसर पर पूर्व सीएम निशंक के साथ प्रदेश कार्यालय से पार्टी प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार एवं राजेन्द्र भण्डारी, पुनीत मित्तल, कौस्तुभानन्द जोशी, अजीत नेगी आदि पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे ।

अन्त्योदय की भावना पर काम कर रही राज्य सरकार-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खटीमा, ऊधमसिंह नगर में सरकार के 5 साल ‘नये इरादे-युवा सरकार’ प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में लगभग 74 करोड़ 32 लाख की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें 41 करोड़ 45 लाख के शिलान्यास एवं 32 करोड़ 87 लाख की योजनाओं के लोकार्पण शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट एवं 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को मोबाईल टैबलेट प्रदान किये।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास के अनेक कार्य हो रहे हैं। पिछले पांच सालों में डबल इंजन की सरकार में जनहित में अनेक कार्य हुए हैं। सड़क कनेक्टिविटी, रेलवे कनेक्टिविटी एवं हवाई कनेक्टिविटी में तेजी से विस्तार हुआ है। स्वास्थ्य सुविधाओं, लंबे समय से लंबित प्रकरणों एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अनेक कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केदारनाथ का पुनर्निर्माण किया गया है। बदरीनाथ में भी 250 करोड़ रूपये की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। भारतमाला श्रृंखला के अन्तर्गत भी अनेक सड़कों पर कार्य चल रहा है। पिछले पांच वर्षों में केन्द्र सरकार से राज्य के लिए एक लाख करोड़ रूपये से अधिक परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधमसिंह नगर में लगभग 500 करोड़ की लागत से एम्स का सैटेलाईट सेंटर स्थापित किया जा रहा है। ऋषिकेष एम्स में प्रतिदिन हजारों लोगों का ईलाज हो रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में यह राज्य के लिए बड़ी सौगातें हैं। देश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में सबसे बड़ी योजना आयुष्मान भारत योजना चलाई जा रही है। राज्य में अटल आयुष्मान योजना से लोगों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुरक्षा कवच दिया गया है। टनकपुर-बागेश्वर रेललाईन के सर्वे के लिए भारत सरकार से सहमति मिल चुकी है। 2024 तक ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन निर्माण का कार्य पूर्ण हो जायेगा। देहरादून एयरपोर्ट को अन्तरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाया जा रहा है। पंतनगर एयरपोर्ट को भी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए केन्द्र सरकार से राज्य को पूरा सहयोग मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 6 माह पूर्व उन्हें राज्य के मुख्य सेवक की जिम्मेदारी दी गई। इन 6 माह में जनहित में 600 से अधिक निर्णय लिये गये। राज्य सरकार अन्त्योदय के सिद्धान्त पर कार्य कर रही है। समाज के अन्तिम पंक्ति पर खड़े लोगों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं चलाई जा रही हैं। राज्य में सीमित संसाधन होने के बावजूद भी कोरोना काल में लोगों की परेशानियों को देखते हुए हर क्षेत्र में लोगों को राहत देने का कार्य किया गया। स्वास्थ्य, परिवहन, संस्कृति एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को राहत दी गई। प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को आयुसीमा में एक वर्ष की छूट दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के मुख्य सेवक बनने के पद ही उनकी पहली कैबिनेट में निर्णय लिया गया कि राज्य के विभिन्न विभागों में रिक्त सभी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जायेगा। अनेक पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेजी से गतिमान हैं। पुलिस विभाग में भी 1734 पदों पर भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। राज्य में नई खेल नीति लाई गई है। खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभाओं को उजागर करने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए खेल नीति में उनको हर प्रकार की सुविधाएं दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा उनकी कर्मभूमि रही है। इस क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास किये गये हैं। इस क्षेत्र को शिक्षा का हब बनाने के लिए अनेक प्रयास किये गये हैं। क्षेत्र में केन्द्रीय विद्यालय, कैन्टीन की सुविधा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र जनजाति बहुल क्षेत्र है, इसके दृष्टिगत क्षेत्र में एकलव्य आवासीय विद्यालय खोला गया है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार की कैबिनेट में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है कि भारत एवं नेपाल को जोड़ने वाले पुल का निर्माण 03 साल के अन्दर पूर्ण किया जायेगा। यह भारत एवं नेपाल के सबंधों को और मजबूत करने में काफी कारगर साबित होगा। भारत और नेपाल का रोटी-बेटी का संबंध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को 2025 तक देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए राज्य सरकार द्वारा पूरे प्रयास किये जा रहे हैं। इसके लिए बोधिसत्व कार्यक्रम के माध्यम से विषय विशेषज्ञों एवं प्रबुद्धजनों के सुझाव लिये जा रहे हैं। सभी विभागों से अगले 10 साल का रोडमैप बनाया जा रहा है।
सरकार के 5 साल ‘नये इरादे-युवा सरकार’ कार्यक्रम प्रदेश की सभी 70 विधानसभाओं में आयोजित किया गया। सभी मंत्रीगणों, विधायकगणों, सांसदगणों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम में प्रतिभाग कर सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।

503 Service Unavailable

Service Unavailable

The server is temporarily unable to service your request due to maintenance downtime or capacity problems. Please try again later.

Additionally, a 503 Service Unavailable error was encountered while trying to use an ErrorDocument to handle the request.