गौला पुल को जल्द से जल्द चालू करवाना प्राथमिकता-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सुबह क्षतिग्रस्त गौला पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा गौला पुल पूरे क्षेत्र के आवागमन के लिए अति महत्वपूर्ण है। जिस दिन से यह पुल क्षतिग्रस्त हुआ है उसी दिन से हमारा प्रयास है कि पुल जल्द से जल्द चालू किया जा सके। नियमों को शिथिल किया गया है। पुल का कार्य युद्धस्तर पर होगा ताकि पुल जल्द चालू हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता के साथ है प्रभावितों की हर संभव मदद की जायेगी। उन्होने कहा मूलभूत सुविधाएं विद्युत, पेयजल, सड़क, स्वास्थ तुरन्त बहाल किये जा रहे है। सरकार आपदा कार्याे की लगातार मॉनिटरिंग भी कर रही है।
निरीक्षण दौरान प्रभारी एवं ग्राम्य विकास मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ धन सिंह रावत, मेयर डॉ. जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला, मण्डलायुक्त सुशील कुमार, डीआईजी नीलेश आनन्द भरणे, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

युवा सीएम के जज्बे को सलाम, 15 दिन के अंदर गौलापुल की क्षतिग्रस्त एप्रोच वॉल का होगा निर्माण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सुबह सर्किट हाउस काठगोदाम में जन समस्याएं सुनी। मुख्यमंत्री ने गौलापार क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि गौलापुल के क्षतिग्रस्त एप्रोच वॉल का निर्माण 15 दिन के भीतर प्रारम्भ कर दिया जायेगा। क्षेत्र के प्रधान संगठन भी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिले, जिस पर मुख्यमंत्री ने प्रधानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जायेगा। उन्होंने कहा सरकार हमेशा जनता के साथ है उनकी मदद के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में धैर्य बनाये रखें, समस्याओं का प्राथमिकता से निदान किया जायेगा।
इस अवसर पर आपदा प्रबन्धन मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, महापौर डॉ. जोगेन्द्रपाल सिंह रौतेला, सहित डीजीपी अशोक कुमार, आयुक्त सुशील कुमार, डीआईजी नीलेश आनन्द भरणे, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी के अलावा जनप्रतिनिधि मौजूद थे।