मुख्यमंत्री धामी के हल्द्वानी रोड शो में उमड़ा जनता का हूजूम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन नैनीताल लोकसभा के अंतर्गत हल्द्वानी में आयोजित रोड शो में प्रतिभाग किया। इस दौरान हजारों की संख्या में जनता का हुजूम उमड़ा और पूरा हल्द्वानी शहर भगवामय हो गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनता से भाजपा प्रत्याशी को अधिक से अधिक वोटों से जीताने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज की रामनवमी हम सबके लिए बहुत विशेष है। यह दिन हम सबके जीवन में पहली बार आया है जब रामलला जो 500 वर्षों से अपने घर से बाहर रह रहे थे, इस बार का अपना जन्मदिन अपने महल में मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री जी का विशेष अभिनंदन करता हूँ कि उनकी वजह से आज हम सबको यह अवसर प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार का चुनाव ऐतिहासिक चुनाव है और मोदी जी तीसरी बार प्रचंड बहुमत से देश के प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। उत्तराखंड की पांचों सीटें भी हम जीतकर प्रधानमंत्री जी के 400 पार के नारे को साकार करने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से अपील करते हुए कहा कि हर किसी को मतदान में जरूर भाग लेना है और हिमालयी राज्यों के बीच सबसे अधिक मतदान का रिकॉर्ड बनाना है। साथ ही ऐतिहासिक विजय हमें यहां से भाजपा को दिलानी है। उन्होंने कहा कि 4 जून को जब नतीजे आएंगे, उस दिन निश्चित हम एक बार फिर मोदी जी को प्रधानमंत्री बनते देखेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी जी के हृदय में उत्तराखंड बसता है और अब हमारी बारी है कि हमें यहां से प्रचंड बहुमत से सभी प्रत्याशियों को जीत दिलानी है।

सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने को पीएम के नेतृत्व में लगा रहे अपना पल-पलः धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल लोकसभा के अंर्तगत हिमगिरी स्टेडियम, लेटीबुंगा ( मुक्तेश्वर, नैनीताल) में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए जनसभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य के साथ इस क्षेत्र की देवतुल्य जनता ने भी विधानसभा चुनावों में भाजपा को पुनः विजय बनाकर राज्य में सरकार बनाई थी। लम्बे समय से चले आ रहे मिथक को तोड़ने का काम किया था। हमने जनता से समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा किया था, जिसे सरकार बनने के बाद पूरा किया गया है। देश के अंदर लगातार समान नागरिक संहिता पर मांग उठती रही है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में धारा 370 समाप्त हुई जिसके एक भारत की परिकल्पना पूर्ण हुई है। समान नागरिक संहिता विधेयक पास होने का श्रेय उत्तराखंड के नागरिकों को जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार समान नागरिक संहिता लागू एवं धारा 370 समाप्त कर एक भारत श्रेष्ठ भारत की बात कर रही है तो कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में मुस्लिम पर्सनल लॉ को लागू/ बरकरार रखने की बात कही है। यह कांग्रेस की तुष्टिकरण वोट बैंक की सोच को दर्शाता है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में मुस्लिम लीग की विचारधारा की छाप दिख रही है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा की बात हो रही है। उन्होंने कहा नैनीताल क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी श्री अजय भट्ट जी जनता ने अपना समर्थन देना है। अजय भट्ट मोदी के कैबिनेट में रक्षाराज्य मंत्री के रूप में देश को अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अजय भट्ट जी ने संपूर्ण देश के साथ नैनीताल लोकसभा का विशेष ध्यान रखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल में एचएमटी की कई एकड़ जमीन राज्य सरकार को हस्तांतरण की गई है, जमरानी बांध परियोजना को मंजूरी मिल गई है। लालकुआं, हल्द्वानी, रामनगर में रेल लाइनो का नवीनीकरण। जारी है। अमृतसर के लिए ट्रैन शुरू हो गई है। किच्छा में एम्स बनने जा रहा है। हल्द्वानी को स्मार्ट शहर बनाने के लिए 2200 करोड़ की धनराशी प्राप्त हुई है। रोड़वेज टर्मिनल बन गया है। रिंग रोड पर कार्य जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश विकसित और आत्मनिर्भर भारत के रूप में उभर रहा है। पिछले 10 वर्षाे में गांव से शहर तक, हर क्षेत्र में चहुंमुखी विकास हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार आम जन के कल्याण हेतु कई योजनाएं संचालित कर रही है। जनधन योजना, उज्जवला योजना, किसान सम्मान निधि, पीएम आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना, जल जीवन मिशन जैसी योजनाओ से देश एवं प्रदेश का विकास निरंतर जारी है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश हित में कई कड़े निर्णय लिए गए हैं। देश में सीएए लागू किया गया है। कश्मीर से धारा 370 का खात्मा हुआ है तीन तलाक का खात्मा हुआ है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सेना को पहले से और अधिक सशक्त किया गया है। आज दुश्मनों की ओर से आने वाली गोली का जवाब देने के लिए किसी तरह की अनुमति नहीं लेनी पड़ती। आज गोली का जवाब गोलों से दिया जा रहा है। वन रैंक वन पेंशन लागू किया गया है। राज्य सरकार शहीद सैनिकों की याद में देहरादून में सैन्य धाम का निर्माण कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने उत्तराखंड के हित में कई कड़े कानून लागू किए हैं। परीक्षाओं में हो रही निरंतर नकल पर रोक लगाते हुए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। 100 से भी अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया है हल्द्वानी में जो दंगे हुए उसे उत्तराखंड वासी स्वीकार नहीं कर सकते। दंगा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो रही है। जिसके लिए दंगा रोधी कानून लाया गया है। उन्होंने कहा प्रदेश के जंगलों में पीली हरी चादर लगाकर जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा था, हमने सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने का काम किया है। महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के कुशल नेतृत्व में देश विकास की सीढ़ियां चढ़ रहा है। मोदी जी कहते हैं गरीबी को खत्म करो तो कांग्रेस वाले कहते हैं मोदी को खत्म करो। उन्होंने कहा मोदी देश की 140 करोड़ जनता के दिलों में बसते हैं, उनको खत्म करने के मंसूबे रखने वालों को जनता खुद ही अपने वोट से खत्म कर देगी। उन्होंने कहा सोने का चम्मच लेकर पैदा होने वाले राजकुमार गरीब का दर्द नही जान सकते हैं। जीवनभर वंशवाद के साए में पलने वाले लोग जनता के संघर्ष को नही जान सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। पिछले 10 वर्षों में उत्तराखंड हेतु केंद्र द्वार दो लाख करोड़ रूपए की योजनाएं स्वीकृत की हैं। उन्होंने कहा राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए दिन-रात कार्य कर रही है।आदरणीय मोदी जी हर कदम पर उत्तराखंड का साथ दे रहे हैं। अब उत्तराखंड की जनता की बारी है कि मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने में अपना योगदान दें। हम सबने मिलकर नैनीताल उधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट को भारी से भारी मतों से विजय बनाकर लोकसभा में भेजना है।

इस दौरान भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक राम सिंह कैड़ा, प्रदीप, मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल डब्बू एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

4 जून को उत्तराखंड में चारों ओर खिलेगा कमलः धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नैनीताल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट के समर्थन में बेतालघाट में जनसभा को संबोधित किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मैं यहां आकर धन्य महसूस कर रहा हूं। इस क्षेत्र को एक आदर्श बनाना हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई या उत्तराखंड आंदोलन में नैनीताल जनपद के लोगों का अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के उत्थान के लिए हमने कई उत्सव पूरे प्रदेश में किए और हर उत्सव में लाखों की संख्या में हमारी माताएं-बहनें पहुँची। उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र से हमारे प्रत्याशी श्री अजय भट्ट जी ने बहुत बड़े कार्य केंद्र में मंत्री रहते हुए प्रदेश के लिए किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि उत्तराखंड में चारों ओर कमल खिलने वाला है। मोदी जी ने इस बार अबकी बार 400 पार का नारा दिया है, ये केवल नारा नहीं बल्कि उनका विश्वास है। 4 जून को जब नतीजे आएंगे तो हम निश्चित रूप से इस लक्ष्य को हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। प्रदेश के लिए डेढ़ लाख करोड़ से ज्यादा की योजनाएं केंद्र ने स्वीकृत की हुई हैं। हमारी सरकार भी क्षेत्र के विकास को लेकर कोई कोताही नहीं बरतती। नैनीताल में आज 2000 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत किये गए हैं। कैंची धाम के मास्टर प्लान के लिए भी 28 करोड़ स्वीकृत कर दिए हैं। कालाडूंगी में सड़कों के लिए बड़ी धनराशि स्वीकृत की गयी है। देहरादून में पांच दशकों से लखवाड़ बांध नहीं बन पा रहा था तो जमरानी बांध भी नहीं बन पा रहा था लेकिन मोदी जी के आशीर्वाद से इन दोनों को ही आज स्वीकृति मिल चुकी है।

उन्होंने कहा कि ऊधमसिंह नगर में एम्स का सैटेलाइट सेन्टर बन रहा है तो एचएमटी की भूमि भी हमें हस्तांतरित हो गयी है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में हमने भी उत्तराखंड के विकास का संकल्प लिया है।

उन्होंने कहा कि विपक्षियों में आज टिकट लेने वाले भी बचे नहीं हैं। चुनाव में केवल 20 दिन रह गए हैं, भट्ट जी कई जगहों का दौरा कर चुके हैं। वे जनता की तमाम बातें उठा रहे हैं, उनको पूरा क्षेत्र रट गया है। कांग्रेस वालों को तो कुछ नहीं पता। बस वो पाला छूने वाली स्थिति में है। कांग्रेस ने प्रदेश में सरकार में रहते हुए तमाम पाप किए हैं। इनके काले कारनामों ने देवभूमि को कलंकित करने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में हमने समान नागरिक सहिंता का जो वादा किया था उसे पूरा कर दिया है। देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून हमने लाया है। पिछले दो सालों में हमने बीते 22 साल के बराबर रोजगार देने का काम किया है। हमने लैंड जेहाद के तहत सरकारी जमीनों को कब्जा मुक्त कराया है। बनभूलपुरा में अराजकता फैलाने का कार्य किया गया, लेकिन हमने ऐसा करने वाले एक एक व्यक्ति को जेल भेजने का काम किया। प्रदेश में कोई अब उपद्रव या आगजनी करेगा तो ऐसे लोगों को हम बख्शने वाले नहीं।

उन्होंने कहा कि मोदी जी ने पिछले दस सालों में युगांतरकारी निर्णय लिए। उन्होंने सीएए का कानून लागू किया है। कश्मीर से धारा 370 हटाई गई है। आज अयोध्या में राम मंदिर बनकर तैयार हो गया है। देश के अंदर हमला करने पर पाकिस्तान के अंदर जाकर सर्जिकल स्ट्राइक की गई। उज्ज्वला योजना के साथ ही गैस के दामों में 100 रुपये कम किये हैं। राज्य में पिछले दो वर्षों से गरीब परिवारों को तीन सिलिंडर निशुल्क दिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना में तमाम लोगों को आवास प्रदान किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस देश में 60 साल से ज्यादा राज किया लेकिन काम नहीं किया बल्कि काले कारनामे किये। उन्होंने जनता से भाजपा प्रत्याशी श्री अजय भट्ट जी को बड़ी मार्जिन से जिताने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्य, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, लोकसभा के प्रभारी राकेश नैनवाल, दायित्वधारी अनिल डब्बू, हेम आर्य आदि उपस्थित रहे।

रुद्रपुर में पीएम मोदी की पूर्व में हुई रैली जैसी ऐतिहासिक भीड़ उमड़ने से डबल इंजन सरकार पर जनता का भरोसा दिखा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल सीट के रुद्रपुर में हुई जनसभा के साथ लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया है। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूर्व में हुई रैली जैसी भारी भीड़ उमड़ने से डबल इंजन सरकार पर जनता का भरोसा दिखा है। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी जनता का आभार जताते हुए हर सीट पर कमल का फूल खिलाने की अपील की है। इधर, रुद्रपुर जनसभा के बाद मुख्यमंत्री धामी कल (आज) से कुमाऊं और गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में हर दिन दो या उससे ज्यादा रैली और कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे।

देवभूमि में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि के साथ ही भाजपा ने नैनीताल सीट से प्रचार का श्री गणेश कर दिया है। रुद्रपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पार्टी प्रत्याशी अजय भट्ट के पक्ष में पहली चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसी भीड़ जुटने पर मुख्यमंत्री धामी गदगद दिखे और कहा कि कार्यकर्ताओं का यह उत्साह बताता है कि जनता के आशीर्वाद से हम पांच लाख से ज्यादा वोटों से विजयी होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार राज्य में विकास की नई इबारत लिख रही है। केदारखंड के साथ ही मानसखंड का विकास राज्य में तीर्थाटन, पर्यटन को नई ऊंचाई पर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि की पांचों सीट पर रिकॉर्ड मतों से जीत होगी और देश के विकास की बागडोर तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होगी। इससे जहां देश में बड़े बदलाव और विकास की नई गाथा लिखी जाएगी, वहीं 21वी शतबादी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बने इसकी परिकल्पना भी साकार होगी।