सीएम ने पौड़ी में एनसीसी कैडेट्स के किया संवाद, पलायन रहा विषय

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास भवन, पौड़ी में एनसीसी कैडेट्स व अन्य प्रतिभाशाली स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ “क्यों होता है गाँव से पलायन“ विषय पर संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के लिए पलायन एक बड़ी चिंता का विषय है। कई गांव का खाली होना राज्य एवं देश की सुरक्षा के लिए खतरा भी है। उन्होंने कहा राज्य सरकार बड़े स्तर पर रिवर्स माइग्रेशन पर कार्य कर रही है। केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार प्रदान कर गांव में रोकने का कार्य किया जा रहा है। कोरोना काल में लाखों प्रवासी भाई बहन अपने गांव आए। सरकार के लिए उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना एक बड़ा अवसर था। कोरोना काल में कई युवाओं ने स्वरोजगार को अपनाया। आज वही युवा कई अन्य लोगों को भी रोजगार देने का कार्य कर रहे हैं। सरकारी एवं जनता के बीच आपसी समन्वय एवं सहभागिता से पलायन रुकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों का रुझान लगातार होम स्टे की ओर बढ़ रहा है। राज्य सरकार होम स्टे को लगातार बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह को ऋण वितरित किया जा रहा है। आज महिलाएं भी आत्मनिर्भर बन गांव से पलायन रोकने में अपनी अहम भूमिका निभा रही है। हमारा राज्य संभावनाओं से भरा हुआ है। इन संभावनाओं को हम प्रयास एवं परिश्रम से खोज सकते हैं, जिससे पलायन रुकेगा एवं लोगों को आर्थिक फायदा भी होगा। उन्होंने कहा हमारे युवा वर्ग को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से अवगत होना चाहिए। उन्होंने जिला अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि जिले में युवाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कैंपों का आयोजन किया जाए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस बार उत्तराखंड की झांकी “मानसखंड“ को गणतंत्र दिवस परेड में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा एन.सी.सी से हमें सेना के जैसा अनुशासन एवं साहस सीखने को मिलता है। एन.सी.सी जवान हर मोर्चे पर अपने तन मन के साथ खड़े रहते हैं। देश के अंदर आने वाले हर संकट में एनसीसी हमेशा आगे रहती है। उन्होंने कहा जीवन में शिक्षा प्राप्त करने का समय अमूल्य होता है। हमें अपने विद्यार्थी काल में पूरे मनोयोग से कार्य करना चाहिए। यदि संकल्प लेकर आगे बढ़ा जाए तो सपने जरूर साकार होते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। आज देश का मान, सम्मान, स्वाभिमान पूरे विश्व में बढ़ा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमें जी-20 की अध्यक्षता करने का मौका मिला है। हम सभी उत्तराखण्डवासियों के लिए गौरव की बात है कि हमारे प्रदेश में जी-20 की दो बैठकें आयोजित होने वाली हैं। जी 20 देशों के साथ अन्य 9 देश एवं 15 अंतरराष्ट्रीय संगठन भी भारत आ रहे हैं। उन्होंने कहा राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के ध्येय वाक्य के साथ उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की ओर आगे बढ़ रही है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष शान्ति देवी, विधायक पौड़ी राजकुमार पौरी, विधायक यमकेश्वर रेनू बिष्ट, गौ सेवा आयोग उपाध्यक्ष प. राजेन्द्र अंथवाल, सदस्य पलायन आयोग वीरेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी पौडी डॉ.आशीष चैहान, भाजपा जिला अध्यक्ष सुषमा रावत एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

युवा स्वयं में लीडरशिप का विकास करें-मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में इस वर्ष गणतन्त्र दिवस परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने एनसीसी कैडेट्स व आरडीसी दल को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री धामी ने कैडेट् अंजलि नेगी, कैडेट् प्रिया पाण्डेय, कैडेट् आरती सिंह (घुड़सवारी में कांस्य पदक), कैडेट् यश पाण्डेय (बैण्ड मास्टर), कैडे्ट मनोज सिंह बिष्ट (घुड़सवारी में कांस्य पदक), शिविर के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये फलाईग कैडे्ट अविनाश, कैडेट मंयक काला, कैडेट् गिरीश जोशी, कैडेट् तन्वी, कैडे्ट अदिति कौशिक और कैडे्ट प्रियंका पनेरू को सम्मानित किया।
एनसीसी कैडेट्स को गणतंत्र दिवस पर बधाई देते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हमारे एनसीसी कैडेट्स के उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ ही इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर उत्तराखण्ड की झांकी मानसखण्ड को प्रथम स्थान मिलना प्रत्येक उत्तराखण्डवासी के लिये गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि एनसीसी जैसे गौरवशाली संगठन से जुड़ना प्रत्येक युवा के लिए गर्व का विषय है। एनसीसी संगठन से ज्यादा एक मिशन है, जिसका उद्देश्य देश की युवाशक्ति में अनुशासन, दृढ़ निश्चय और राष्ट्र के प्रति निष्ठा की भावना को मजबूत करना है। देश के किसी भी हिस्से में जब भी कभी कोई संकट या आपदा आई, एनसीसी के कैडेट्स ने हमेशा पूर्ण समर्पण भाव के साथ अपने दायित्व का निर्वहन किया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह गर्व की बात है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दोनों ही दक्ष एनसीसी कैडेट्स रहे हैं। एनसीसी वो नर्सरी है, जहां भविष्य के वीर सैनिक तैयार होते हैं, इसलिए वर्तमान में एनसीसी के विस्तार और आधुनिकीकरण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में केंद्र सरकार की ओर से विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री की योजना है कि आने वाले समय में 1 लाख नए कैडेट्स तैयार किए जाएं, जिनमें से करीब एक तिहाई महिलाएं होंगी। सरकार की योजना सीमावर्ती इलाकों में एनसीसी के कार्यक्षेत्र को और अधिक बढ़ाने की भी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि विद्यार्थी जीवन के दौरान वह भी एनसीसी का कैडेट रहे हैं। एनसीसी के माध्यम से जिस अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठता और राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव को उन्होंने अंगीकार किया वह आज प्रदेश के मुख्य सेवक के रूप में कार्य करते हुए उनके सबसे अधिक काम आ रहा है। उन्होंने कहा कि आज विश्व में हमारे देश की पहचान एक युवा देश के रूप में होती है, देश ही नहीं बल्कि हमारा प्रदेश भी एक युवा प्रदेश है। देश में आज युवा सोच है और देश का युवा हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। जिस देश के युवाओं में अनुशासन हो, दृढ़ इच्छाशक्ति हो, निष्ठा हो और लगन हो, उस देश का तेज गति से विकास कोई नहीं रोक सकता। युवाओं को स्वयं में लीडरशिप का विकास करना होगा। युवा जिस भी क्षेत्र में जाए, वहां नेतृत्व करें। प्रधानमंत्री “सबका साथ“ लेकर, “सबका विकास“ करते हुए, “सबका विश्वास“ हासिल कर रहे हैं, अब यह हम “सबका प्रयास“ होना चाहिए कि हम इस भावना को देश के प्रत्येक युवा तक पहुंचा सके।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत को विश्व के जी-20, की अध्यक्षता मिलना अन्तर्राष्ट्रीय मंच पर देश के सामर्थ्य का परिचय देता है। कोरोना काल में जहां दुनिया की अर्थव्यवस्था अव्यवस्थित रही वही भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की रूप में उभरी। प्रधानमंत्री जी के आह्वाहन पर पूरे विश्व में योग को मान्यता मिली। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भारतीयों का आत्मविश्वास बढ़ा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की धर्मपत्नी गीता धामी, एडीजी उत्तराखण्ड एनसीसी निदेशालय मेजर जरनल पी.एस.दहिया, कंटीजेंट कमांडर आरडीसी 2023 लेफ्टिनेंट कर्नल दीपेन्द्र सिंह समेत एनसीसी के अधिकारी-कर्मचारी एवं कैडेट्स मौजूद रहे।

एनसीसी कैडेट्स ने विधानसभा में कार्यवाही का संचालन देखा

शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन 32 एनसीसी कैडेट्स ने दर्शक दीर्घा में बैठकर सदन की कार्यवाही देखी। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सदन में पीठ से सदस्यों को एनसीसी कैडेट्स का परिचय करा कर कैडेट्स का उत्साह वर्धन भी किया।
ऋषिकेश के श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के 32 एनसीसी कैडेट्स को आज उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही देखने का मौका दिया। एनसीसी कैडेट्स एवं उनके साथ 4 अध्यापकों को दर्शक दीर्घा में बैठकर सदन की कार्रवाई से रूबरू होने का मौका मिला। सदन की कार्रवाई देखने के बाद सभी एनसीसी कैडेट्स में गजब का उत्साह देखने को मिला। सभी में लोकतंत्र के मंदिर को इतने पास से देखने एवं सदन के भीतर माननीय सदस्यों द्वारा विभिन्न विषयों पर की जा रही चर्चा को लेकर उत्सुकता भी पैदा हुई।
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने अपने सभाकक्ष में सभी एनसीसी कैडेट से बातचीत की। वहीं अग्रवाल ने एनसीसी कैडेट्स के सदन संचालन को लेकर पूछे गए प्रश्नों का जवाब भी दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें भी प्रसन्नता है कि देश के आने वाले भविष्य को अपने लोकतंत्र एवं सविधान को जानने की जिज्ञासा है। इस दौरान अग्रवाल ने एनसीसी कैडेट्स को प्रश्नकाल, शून्य काल एवं विभिन्न नियमों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने भी उत्साह पूर्वक विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।

एनसीसी कैडेट्स को स्पीकर प्रेमचंद ने किया सम्मानित

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने राजकीय महाविद्यालय ऋषिकेश के एनसीसी कैडेट्स को कोरोना काल में किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया।

स्पीकर ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स ने हमेशा देश सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। हर चुनौती से लड़ने के लिए देश की सेनाओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कहा कि जब सैनिक सेना की वर्दी धारण करते हैं तब उनका दायित्व अन्य समाज से देश के प्रति और अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स ने हमेशा राष्ट्रहित में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

ऋषिकेश स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्रशंसा करते हुए कहा है कि यहां के एनसीसी कैडेट्स को गणतंत्र दिवस की परेड में भी प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त हुआ है जो ऋषिकेश वासियों के लिए सौभाग्य का विषय है।

इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ अनिल कुमार, एनसीसी कैडेट्स प्रशांत बिष्ट, मयंक राणा, आशीष भटट, अरविंद राणा, सोनू शाह, मानसी, आराधना, प्राची, प्रेरणा व प्रियंका आदि कैडेट्स को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र नेगी, रामरतन रतूड़ी, गौतम राणा, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष नरेंद्र रावत हरजिंदर सिंह आदि उपस्थित थे।

सफलता का कोई शार्ट कट नहींः ब्रिगेडियर रविंद्र गुरंग

महाविद्यालय ऋषिकेश के एनसीसी विभाग के एएनओ कैप्टेन डॉ सतेन्द्र कुमार के निर्देशन में एनसीसी कैडेटस ने रुड़की ग्रुप के ग्रुप कमांडेंट ब्रिगेडियर रविन्द्र गुरुंग को महाविद्यालय आगमन पर गॉर्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया।

ग्रुप कमांडेंट सरकारी दौरे पर कॉलेज पधारे व साथ ही उन्होंने कैडेटस से भी वार्तालाप कि जिनमें आर डी सी परेड के लिए चयनित कैडेटस भी मौजूद थे।।

सभी कैडेटस ने एनसीसी से जुड़े अपने अनुभव उनके समक्ष रखे व उनसे नवीन ज्ञान प्राप्त किया। ब्रिगेडियर गुरुंग ने कहा सफलता के लिए आपको मेहनत करनी होगी और कोई शॉर्टकट नहीं है वहीं उन्होंने कहा कि आप के बैग में हमेशा एक किताब जरूर होनी चाहिए या नोबेल ज्ञान प्राप्त करने के लिए आप को पढ़ना बहुत जरूरी है और किताबें पढ़ना बहुत जरूरी है और इंटरनेट और गूगल आजकल के समय में जो है वह खतरनाक बताया क्योँकि किताबें पढ़ना कम कर दिया।

ब्रिगेडियर गुरंग ने एलओसी के अलावा जम्मू और कश्मीर और देश के कई जगह कई कमांड में सेवा दी है। उन्होंने एनसीसी को कहा यह एक महत्वपूर्ण अंग है। वे खुद स्कूल और काॅलेज में 6 सांल एनसीसी के कैडेट्स रहे हैं। अभी रुड़की ग्रुप कमांडर है। ब्रिगेडियर गुरु ने एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर ड्रिल पायलट और अन्य कैडेट्स के डिसिप्लिन और उनके काम को भी सराहा। साथ ही कैडेट्स ने प्रश्लात भी किए। ब्रिगेडियर गुरंग ने कहा मोटिवेट करना अहम है। मोईवेशन जरूरी है। कोविड काल में दबब की फिजिकल ट्रेनिंग नहीं हो रही है लेकिन ऑनलाइन तरीके से जानकारियां दी रहे हैं। उन्होंने बताया आने वाले समय में दबब शिक्षा का अभिन्न अंग हो सकता है।

इस अवसर पर महाविद्यालय ऋषिकेश की प्राचार्या प्रो सुधा भारद्वाज, एडम ऑफिसर कर्नल प्रवीण भट्ट, एस एम थापा, डॉ रूबी तब्बसुम, डॉ पूनम पाठक, डॉ वीके गुप्ता, इशिका, ममता और महाविद्यालय एनसीसी के सभी कैडेटस मौजूद थे।

तीर्थनगरी के यह कैडेट्स 2021 की राजपथ परेड दिल्ली के लिए हुए चयनित

प्रत्येक वर्ष के भांति इस वर्ष भी ऋषिकेश महाविद्यालय के एनसीसी प्रभारी डॉ सतेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन व कड़ी मेहनत के कारण महाविद्यालय के अंडर ऑफिसर (दीपक और ममता) का चयन 2021 में दिल्ली राजपथ परेड की लिए हुआ है दोनों ही कैडेट्स द्वारा देहरादून में आरडी परेड से पूर्व सम्पन होने वाले कैम्प मे प्रतिभाग कर अपना स्थान 2021 के लिए पक्का किया। 31 यूके बीएन एनसीसी हरिद्वार से कुल तीन एनसीसी कैडेटस का चयन हुआ जिसमें 2 कैडेट्स ऋषिकेश कॉलेज से चुने गए है।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ सुधा भारद्वाज, प्रो. गुलशन कुमार, डॉ वीके गुप्ता, प्रो. सुषमा गुप्ता, डॉ प्रीतपाल, डॉ अनिता, डॉ मृत्युंजय, प्रो. राकेश, मयंक रैवानी, आयुष, साक्षी, इशिता आदि ने हर्ष व्यक्त किया व साथ ही कैप्टन डॉ सतेन्द्र कुमार के साथ साथ दोनों एन सी सी कैडेट्स (दीपक और ममता) को बधाईयां प्रेषित की। डॉ सतेन्द्र कुमार ने बताया कि इस वर्ष कोविड महामारी के कारण आर डी परेड के लिए कम सीटों पर चयन किया गया जिससे चयन होने वाले कैडेटस की संख्या में भी कमी आयी।