पिथौरागढ़ जिले के जौलजीबी पीएचसी के लिए 10 पदों पर होगी भर्ती

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य स्वास्थ्य विभाग पर्वतीय जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को युद्वस्तर पर मजबूत करने पर जुटा हुआ है। इसको लेकर सबसे पहले राज्य के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सा स्टाफ की कमी के साथ ही चिकित्सा उपकरणों की कमी दूर करने के निर्देश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार को दिए हैं।
इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग ने पिथौरागढ़ जिले के धारचुला विकासखंड के जौलजीबी गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के संचालन के लिए 10 पदों के सृजन के लिए मंजूरी प्रदान की है। इन पदों में स्वास्थ्य अधिकारी, नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन और तीन पद चतुर्थ कर्मचारियों के लिए हैं।
स्वास्थ्य सचिव डा. आर राजेश कुमार ने कहा है कि इन पदों पर नियुक्ति के लिए महामहिम राज्यपाल से अनुमति मिल गयी है। जौलजीबी में इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड के मानकों के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन किया जा रहा है। इसके लिए चिकित्सा स्वास्थ्य महानिदेशालय ने विभाग से 10 पदों के सृजन के लिए अनुमति मांगी थी।
स्वास्थ्य सचिव डा. आर. राजेश कुमार ने बताया कि सरकार ने इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए इन पदों पर नियुक्तियों की अनुमति प्रदान कर दी है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक चिकित्सा अधिकारी, चार स्टाफ नर्स, एक फार्मासिस्ट, एक लैब टेक्निशियन, एक सेनेटरी वर्कर कम वॉचमैन, दो मल्टीस्किल्ड ग्रुप डी की नियुक्ति करने का मंजूरी दी गयी है। यह पद फिलहाल अस्थायी होंगे। जरूरत के मुताबिक पदों का सृजन बढ़ाया जा सकता है और सेवाओं को समाप्त किया जा सकेगा। स्वास्थ्य सचिव ने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर कार्य किया जा रहा है। इसको लेकर चिकित्सा स्टाफ की नियुक्ति के साथ जरूरी उपकरण भी खरीदे जा रहे हैं ताकि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर ही मरीजों को बेहतर ईलाज मिल सके।

मुख्य सेवक आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सीएम ने सुनी 250 लोगों की समस्यायें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान प्रथम दिवस में पिथौरागढ़ स्थित लोनिवि विश्राम गृह में मुख्य सेवक आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत आमजन की शिकायतों को सुना। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जनपद के विभिन्न महिला संगठनों व महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों, जनपद के प्रबुद्ध नागरिकों, पूर्व सैनिक संगठन के सदस्यों, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों, प्रधान संगठन के सदस्यों, मेडिकल एसोसिएशन के सदस्यों, सस्ता गल्ला विक्रेता संगठन के सदस्यों आदि से भेंटवार्ता कर उनकी समस्याओं को भी सुना।
मुख्य सेवक आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 250 शिकायतें पंजीकृत हुई, जिनमें से अधिकांश शिकायतें आर्थिक सहायता प्रदान किये जाने से संबंधित थी। इसके अलावा सड़क व पुल निर्माण, रोजगार आदि से सम्बधित शिकायतें भी लोगों द्वारा दर्ज कराई गई। मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इस अवसर पर जनपद के विभिन्न महिला संगठनों एवं महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से भेंटवार्ता की गई तथा उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा अपने स्वरोजगारपरक कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई। मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा किये जा रहे उत्पादन कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वोकल फॉर लोकल का जिक्र करते हुए देशवासियों से आग्रह किया कि जहां भी जाएं एक संकल्प करें कि यात्रा पर जितना भी खर्च करते हैं उसका कम से कम 5 प्रतिशत वहां के स्थानीय उत्पाद खरीदने पर खर्च करें। इससे राज्य के उत्पादों को बढ़ावा मिलने के साथ देश व दुनिया में उनकी पहचान भी बनेगी। मुख्यमंत्री ने जनपद की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से कहा कि वे जनपद की अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर जनपद के प्रबुद्ध नागरिकों व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों से भेंटवार्ता कर उनकी समस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री ने सभी को आश्वस्त किया कि उनकी जो भी समस्याएं हैं उनका समाधान अवश्य किया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत, जिलाधिकारी रीना जोशी, एसपी लोकेश्वर सिंह आदि उपस्थित रहे।

गंगोलीहाट विधानसभा को सीएम ने दी करोड़ों रुपये की योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को गंगोलीहाट, पिथौरागढ़ में 21 करोड़ 57 लाख रुपए के 6 कार्यों का शिलान्यास एवं 1 करोड़ 39 लाख की लागत के जीआईसी दशाईथल, गंगोलीहाट का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास हेतु विभिन्न घोषणाएं की। उन्होंने विकासखंड बेरीनाग के ग्राम बेलकोट-उपराडा सड़क को शहीद चारुचंद्र और विकासखंड गंगोलीहाट में जरमाल गांव से कनारा सड़क को वीर चक्र विजेता शहीद शेर सिंह के नाम से कराए जाने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त गणाई बनकोट मोटर मार्ग का डामरीकरण एवं सुधारीकरण किए जाने, डंगोली सैलानी-दाडिमखेत-धरमघर, कोटमन्या-पाँख, थल-सातशिलिंग मोटर मार्ग में सुधारीकरण एवं हॉटमिक्स का कार्य अवशेष की घोषणा, बासपटान ग्वाल मोटर मार्ग सेतु सहित (5 कि०मी०) की घोषणा, थर्प बडेत बाफिला मोटर मार्ग के कि०मी० 2 से कमदीना बगदोली बजेत मोटर मार्ग का निर्माण (4 कि०मी०) की घोषणा, मधनपुर काकडा मोटर मार्ग (3 कि०मी०) की घोषणा, पाताल भुवनेश्वर से चौडमन्या मोटर मार्ग (5 कि०मी०) की घोषणा। मडकनाली सुरखाल पाठक मोटर मार्ग का निर्माण, बोगटा से खतीगंव तल्लीसार मोटर मार्ग, चमलेख इंटर कालेज का जीर्णाेद्धार, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बेरीनाग में विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञ की तैनाती, चौंलेखवसे क्लोन तक मोटर मार्ग का शीघ्र निर्माण, ड्युड हडाकोट से बड़ेना मोटर मार्ग का शीघ्र निर्माण, गंगोलीहाट में अगले सत्र से पशु चिकित्सा महाविद्यालय खोले जाने की घोषणा समेत क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न घोषणाएं की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां हाट कालिका के दर्शन कर उन्हें असीम शक्ति एवं शांति की अनुभूति हुई। मां हाट कालिका से मिले संरक्षण के कारण ही आज हम इतनी लगन और समर्पण के साथ उत्तराखण्ड की सेवा कर पा रहे हैं। इसी सिद्ध स्थान पर आदि गुरू शंकराचार्य जी द्वारा मां देवी की स्तुति करने के लिए देवी अपराध क्षमा स्रोत ’’न मत्रं नो यन्त्रं’’ की रचना की थी। जिसमें वर्णित ’’कुपुत्रो जायेत क्व चिदपि कुमाता न भवति’’ अर्थात पुत्र कुपुत्र हो सकता है, परन्तु माता कुमाता कभी नही हो सकती, जैसी सारगर्भित पंक्ति हमारी संस्कृति का दृष्टि सूत्र है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भूमि जहां वीरों की भूमि रही है, विद्वानों की भूमि रही है, वहीं महान ज्योतिषाचार्यों की भी भूमि रही है। गंगोलीहाट क्षेत्र जहां अपनी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को समेटे हैं, वहीं पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यन्त महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। सरकार का निरंतर ये प्रयास रहा है कि जनभावनाओं के आधार पर फैसले हों, जन समस्याओं का समाधान सरकार की शीर्ष प्राथमिकता रही है। हर विभाग से अगले दस साल का रोड मैप मांगा गया है, ताकि भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप राज्य के विकास का खाका खींच सकें। सरकार ने बोधिसत्व विचार श्रृंखला कार्यक्रम को भी शुरू किया है जिसके अंतर्गत सरकार विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर चुके अनुभवी व्यक्तियों से सुझावों को लेकर योजनाएं बना रही है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केन्द्र सरकार से राज्य को पूरा सहयोग मिला है। सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी का राज्य में तेजी से विस्तार हो रहा है। कई ऐसे बहुआयामी प्रोजेक्ट हैं जिन पर योजनाबद्ध तरीके से काम जारी हैं और जो भविष्य में उत्तराखण्ड की उन्नति के आधार स्तंभ बनेंगे। वर्ष 2025 में राज्य जब अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण करेगा, तब तक उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में प्रयास किये जा रहे हैं।
इस अवसर पर मंत्री पेयजल ग्रामीण निर्माण विभाग बिशन सिंह चुफाल, विधायक गंगोलीहाट मीना गंगोला, अध्यक्ष जिला पंचायत दीपिका बोहरा, जिलाध्यक्ष भाजपा वीरेन्द्र वल्दिया, ब्लॉक प्रमुख गंगोलीहाट अर्चना गंगोला, बेरीनाग विनीता बाफिला, धारचूला धन सिंह धामी जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान, पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह आदि उपस्थित रहे।

हर पिथौरागढ़ के शरदीय मेले का 50 लाख देगी सरकार-धामी

जनपद पिथौरागढ़ के भ्रमण पर पंहुचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देव सिंह मैदान में आयोजित शरदोत्सव एवं विकास प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए बेस चिकित्सालय पिथौरागढ़ का नाम स्वर्गीय प्रकाश पंत के नाम किए जाने, जिला मुख्यालय के पाण्डेयगांव से निराड़ा तक सड़क का निर्माण किए जाने, शरदोत्सव एवं विकास प्रदर्शनी हेतु प्रत्येक वर्ष 50 लाख रुपये सरकारी अनुदान दिए जाने, छिपला केदार मेला स्थल हेतु 2 लाख रुपये दिए जाने, तथा लंदन फोर्ट का नाम सोरगढ़ किले के नाम पर रखे जाने की घोषणा के अतिरिक्त देव सिंह मैदान का सौंदर्यीकरण तथा नगर पालिका भवन का जीर्णाेद्धार किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी कहा है कि आने वाला दशक उत्तराखण्ड का दशक है और इस दशक को उत्तराखण्ड का दशक बनाने के लिए हमारी मातृशक्ति को बहुब भूमिका का निर्वहन करना है। मोदी के विजन 2025 को लेकर हमारी सरकार पूर्ण रूप से प्रतिबद्व है कि इस दशक की शुरूआत में जो विकास की रफ्तार हमने पकड़ी है उसको हम पूर्ण रूप से गतिमान रखेंगे और उत्तराखण्ड को एक आदर्श मॉडल राज्य के रूप में स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रदेश को बनाने में हमारी मातृशक्ति की कितनी बड़ी भूमिका रही है यह बात किसी से छिपी नही है मैं अपने इस प्रदेश की मातृशक्ति को भी प्रणाम करता हूं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा हमने आजीविका मिशन से जुडी महिलाओं को मजबूती के लिए 118 करोड का कोविड राहत पैकेज जारी कर दिया है जिससे 7.5 लाख महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि पूरे प्रदेश में और अधिक से अधिक महिलाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जाए। महिलाओ को सशक्त बनाने और उनकी सुरक्षा, मानसम्मान करने की प्रधानमंत्री की सोच और महिला सशक्तिकरण की दिशा में हम लगातार काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विधवा, निशक्त, दिव्यांग महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वरोजगारी बनाने हेतु सरकार द्वारा कार्य किया जा रहा है। सरकार ने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना का शुभारम्भ किया है, तीलूरौतेली और आंगनबाडी पुरस्कार की राशि को बढाकर 51 हजार कर दिया गया है साथ ही नन्दागौरा योजना के तहत 2015 से 2017 तक के वंचित रह गई 30 हजार बेटियों को योजना का लाभ देने के लिए 49 करोड़ की स्वीकृति सरकार ने दे दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महान जनता के आर्शीवाद, सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति प्रधानमंत्री के उत्तराखण्ड के प्रति विशेष लगाव और केन्द्र सरकार के सहयोग से प्रदेश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। पिछले पांच वर्षाे में केन्द्र सरकार द्वारा लगभग एक लाख करोड की विभिन्न परियोजनायें प्रदेश के लिए स्वीकृत की गई हैं जिनमें बहुत सी परियोजनाओं पर काम हो गया है और अन्य पर काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा केन्द्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड में सडक मार्गाे का विकास किया जा रहा है वहीं पहाड़ में रेल का सपना भी साकार होने की कगार पर है। उन्होंने कहा केन्द्र सरकार ने उत्तराखण्ड के लिए चारधाम आलवेदर रोड, भारत माला प्रोजेक्ट, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन की योजनाओ की सौगात दी है। उससे आने वाले समय मे उत्तराखण्ड का आवागमन सुगम हो जायेगा। इसके अतिरिक्त केन्द्र सरकार ने भौगोलिक एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण 155 किमी के टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग के अन्तिम सर्वे को मंजूरी दे दी है इसके लिए 28 करोड की धनराशि भी अवमुक्त कर दी है। सीएम धामी ने कहा हमारी सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करती है सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व पं. नारायण दत्त तिवारी जी के कार्याे को हमारी सरकार ने सम्मान दिया है। उन्होंने कहा पंतनगर सिडकुल का नाम अब पं नारायण दत्त तिवारी के नाम से होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरे मुख्य सेवक की भूमिका निभाने के बाद हमारी सरकार लगातार ही जनहित के फैसले ले रही है। उन्होंने कहा हमारी सरकार युवाओं को रोजगार देने पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा विभिन्न विभागों में रिक्त चल रहे 24000 पदों पर भर्ती एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए युवाओं हेतु प्रत्येक जिले में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण वितरित किए जा रहे है।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत गौरवशाली शक्तिशाली आत्मनिर्भर एवं विश्व गुरु के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड युवा राज्य को आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य,पर्यटन व्यापार उद्योग जैसे तमाम क्षेत्रों में हिंदुस्तान का नंबर वन राज्य बनाएंगे। उन्होंने कहा हमारी सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को लाभ पहुंचे इस पर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहां राज्य का विकास मेरी अकेली यात्रा नहीं अपितु सामूहिक यात्रा है जिसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकत्रियों की मांग को पूरा करते हुए उनके मानदेय के अन्तर्गत 1000 रूपये और प्रोत्साहन राशि के रूप में 500 रूपये दिए बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि उपनल से सम्बन्धित कार्मिकों के मानदेय में 10 वर्ष से कम के कार्मिकों को 2000 रूपये प्रतिमाह और 10 वर्ष से ऊपर कार्मिकों को 3000 रूपये प्रतिमाह मानदेय के रूप में वृद्धि की जायेगी। उन्होंने कहा मुख्य सेवक के रूप में 101 दिन में करीब 330 से अधिक फैसले ले लिए गए हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा एनआरएलएम योजनान्तर्गत 1955 महिला स्वयं समूहों को 165.66 लाख की धनराशि के चेक भी वितरित किये गये।
इस अवसर पर पेयजल मंत्री विशन सिंह चुफाल द्वारा जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी गई, उन्होंने कहा कि गांव में सड़क,पेयजल, स्वास्थ्य आदि के क्षेत्र में विकास कार्य गतिमान है। विधायक पिथौरागढ़ चंद्रा पंत द्वारा विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्यों,संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
इस मौके पर विधायक गंगोलीहाट मीना गंगोला, अध्यक्ष नगरपालिका राजेन्द्र रावत, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक मनोज सामंत, जिलाध्यक्ष भाजपा विरेन्द्र वल्दिया,आयुक्त कुमाऊं सुशील कुमार,आई जी कुमाऊं नीलेश आनंद भरणे, जिलाधिकारी डा0 आशीष चौहान, पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अनुराधा पाल, अपर जिलाधिकारी फिंचा राम चौहान समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, क्षेत्रीय जनता आदि उपस्थित रहे।

503 Service Unavailable

Service Unavailable

The server is temporarily unable to service your request due to maintenance downtime or capacity problems. Please try again later.

Additionally, a 503 Service Unavailable error was encountered while trying to use an ErrorDocument to handle the request.