देवभूमि में धामी के यूसीसी लागू करने के प्रयासों की जेपी नड्डा ने की सराहना

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने उत्तराखण्ड के विकास के प्रति मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रतिबद्धता की सराहना की है। उन्होंने कहा कि युवा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखण्ड का चहुंमुखी विकास हो रहा है। केन्द्र सरकार द्वारा भी राज्य के विकास में निरंतर सहयोग दिया जा रहा है। देवभूमि उत्तराखण्ड में समान नागरिक संहिता लागू करने के प्रयासों पर मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि शीघ्र ही समान नागरिकता संहिता लागू करने वाला उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बनेगा। उत्तराखण्ड में समान नागरिकता संहिता लागू करने के लिए प्रदेश की जनता से किया वादा उन्होंने पूरा किया है। उत्तराखण्ड में समान नागरिक सहिंता सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास के मूलमंत्र की दिशा में बढ़ाया गया महत्वपूर्ण कदम होगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि है। दो-दो अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़ा हुआ राज्य है। धर्म, अध्यात्म एवं संस्कृति का केन्द्र है। राज्य हित में उत्तराखण्ड में धर्मांतरण को लेकर सख्त कानून बनाए जाने के लिए भी उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रयासों को सराहा है। प्रदेश में अब धर्मांतरण कराने वालों के विरूद्ध इस कानून के तहत कार्यवाही की जा सकेगी। राज्य में जबरन धर्म परिवर्तन संज्ञेय एवं गैर जमानती बनाया गया है।

राज्य के युवाओं के व्यापक हित में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से उत्तराखण्ड में पूरे देश का सबसे बड़ा नकल विरोधी कानून बनाए जाने के प्रयासों की भी श्री नड्डा ने सराहना की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला ऐसा प्रदेश है जिसने नकल विरोधी कानून बनाया है तथा प्रदेश में इसे सख्ती से लागू किया गया है। इससे प्रदेश का युवा अब उत्तराखंड में भाजपा सरकार का आभार जता रहा है। अब प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का कोई खिलवाड़ नहीं होगा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्तराखण्ड में अतिक्रमण के खिलाफ कार्यवाही करके भी बड़ा कार्य किया है। देवभूमि में सरकारी एवं वनभूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त करने का निर्णय लेकर मुख्यमंत्री ने देवभूमि के स्वरूप को बनाए रखने का भी महान कार्य किया है।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वसुधैव कुटुंबकम कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा के साथ गायत्री कुंज, हरिद्वार में देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित व्याख्यान माला ‘वसुधैव कुटुंबकम’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कई पुस्तकों का विमोचन किया, जिसमें पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखी ‘समस्याएं आज की, समाधान कल के’ एवं ‘मैं क्या हूं’ का वियतनामी भाषा प्रकाशन, आयुर्वेद पर आधारित शोध पत्र एवं सेंट्रल फॉर यज्ञ रिसर्च पर आधारित पुस्तक का विमोचन शामिल रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने देव संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर स्थित महाकाल मंदिर में पूजा अर्चना की, तत्पश्चात उन्होंने शौर्य दीवार पर पुष्पांजलि अर्पित कर परिसर में पौधारोपण किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां गायत्री के सिद्ध साधक, विचार क्रान्ति अभियान के सूत्रधार, वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी को नमन करते हुए कहा कि उनके द्वारा रोपित बीज आज वटवृक्ष का आकार ले चुका है और विश्व के असंख्य लोगों को ज्ञान और संस्कार की छाया दे रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा का उत्तराखंड पधारने पर समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत किया। उन्होंने कहा आदरणीय श्री जेपी नड्डा जी का मार्गदर्शन निश्चित रूप से हमें ऊर्जा प्रदान करेगा। इतिहास में विरले ही ऐसे लोग हुए हैं जिन्होंने अपने विचारों से करोड़ों लोगों के जीवन को बदलने का कार्य किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि परम पूजनीय पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी का समूचा जीवन भारत के सांस्कृतिक पुनरोत्थान को समर्पित रहा। ‘‘हम बदलेंगे-युग बदलेगा’’ का मंत्र देकर उन्होंने समाज में जो जन जागृति लाने का पुनीत कार्य किया इसके लिए आने वाली पीढ़ियां सदैव उनकी ऋणी रहेंगी। माता गायत्री व यज्ञ को घर-घर में स्थापित करने और सनातन संस्कृति को पुनः परिभाषित करने से लेकर साधना, शिक्षा, स्वावलंबन, महिला सशक्तिकरण, जनशक्ति का संरक्षण और युवाओं को संगठित करने का कार्य आज आचार्य जी के सिद्धांतों पर चल कर किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देव संस्कृति विश्वविद्यालय के रूप में यह विश्व विख्यात शिक्षा केंद्र नैतिक मूल्यों पर आधारित रोजगारपरक शिक्षा देने का अनुपम कार्य कर रहा है। भविष्य में भी ये संस्थान युवाओं का इसी प्रकार उचित मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जी-20 की अध्यक्षता भारत के लिए एक जिम्मेदारी है, जो विश्व के भारत पर भरोसे का एक पैमाना है। जब हम अपनी प्रगति के लिए प्रयास करते हैं, तो हम वैश्विक प्रगति की भी परिकल्पना करते हैं। आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान जी-20 की अध्यक्षता करना हर भारतवासी के लिए गर्व की बात है। जी-20 की थीम भी ‘वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर’ है, जो मूल रूप से भारतीय संस्कृति द्वारा विश्व को दिए गए सिद्धांत ‘वसुधैव कुटुंबकम’ पर आधारित है, जिसका अर्थ है ‘समस्त विश्व एक परिवार है’।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के मंत्र के जरिए विश्व बंधुत्व की भावना को हम सदियों से जीते आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की पौराणिक धरोहर, आस्था एवं बौद्धिकता को चित्रित किया जा रहा है। जी-20 की थीम भारत की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतिनिधित्व करती है। जी-20 का उद्देश्य विविधता का सम्मान करते हुए दुनिया को एक साथ लाना है। आज विश्व के विभिन्न देश और विद्वान पुनः भारत का और हमारी सांस्कृतिक धरोहरों का अध्ययन कर रहे हैं।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी की सोच में चलने वाला यह संस्थान आध्यात्मिक विकास, संस्कृति के माध्यम से देश को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है ।श्रीराम शर्मा आचार्य जी एवं मां गायत्री जी के द्वारा स्थापित किए गए आध्यात्मिक एवं सनातन संस्कृति को गायत्री परिवार के माध्यम से आगे बढा़ने का कार्य किया जा रहा है। योग, आयुर्वेद, तकनीकी, शोध, विज्ञान के समन्वय से देव संस्कृति विश्वविद्यालय शोध के क्षेत्र में निरन्तर तरक्की कर रहा है। यह शोध मानवता के लिए अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा की शुरुआत संस्कार सीखने से होती है। शिक्षा से सभ्य जीवन में सार्थक रास्ता ढूंढने का लक्ष्य प्राप्त होता है।

जे.पी नड्डा ने कहा कि आज भारत में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है। आयुर्वेद चिकित्सा पर भी कार्य किया जा रहा है। आत्मनिर्भर गांव से ही आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना पूर्ण हो सकती है। इसके लिए पूरे विश्व को एक साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा नारी सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, पर्यावरण, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण जैसे विभिन्न विषयों पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के विचार से ही समाज, देश में परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश का विकास और विरासत को संवारने का कार्य किया जा रहा है। भारत ने जी-20 के माध्यम से दुनिया के सामने वसुधैव कुटुंबकम का नारा सिद्ध किया।

इस दौरान कार्यक्रम में कुलाधिपति डॉ प्रणव पंड्या, प्रतिकुलपति चिन्मय पंड्या, भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सांसद रेखा वर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, सांसद डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

विधानसभा चुनाव की तैयारियों को और गति देने आ रहे जेपी नड्डा

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सोमवार से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे पार्टी के चुनाव तैयारियों की थाह लेंगे और कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाएंगे। विधानसभा चुनाव आचार संहिता लागू होने के लिए लगभग पौने दो माह शेष बचा है। ऐसे में भाजपा दिग्गजों के दौरों ने जोर पकड़ लिया है। भाजपा पूरी तरह से चुनावी मोड पर आ चुकी है। पार्टी ने इन दिनों हर घर संपर्क अभियान शुरू किया है, जिसमें 252 मंडलों के लगभग दो लाख कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क साध रहे हैं।
एक पखवाड़े के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तराखंड चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम व तीन अन्य सह प्रभारी उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं। अब सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इसके बाद 25 नवंबर से उत्तराखंड चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी व पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष का दो दिवसीय दौरा प्रस्तावित है।
भाजपा दिग्गज मिशन 2022 फतह के लिए हर छोटी-मोटी कमजोरियों को भी दुरस्त करने पर जुटे हैं। अब जो कमियां रह गई हैं, उन्हें नड्डा दूर करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार वे चुनाव तैयारियों का जायजा लेंगे और पार्टी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे। पार्टी का सबसे ज्यादा फोकस बूथों पर हैं। भाजपा ने 11,252 बूथों पर कमेटियां हैं, हालांकि कुछ स्थानों पर कमेटियां निष्क्रिय हैं। इन कमेटियों को सक्रिय करने के लिए इनमें नए सिरे से तेज-तर्रार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है।

नड्डा के दो दिवसीय कार्यक्रम
9.50 बजे सुबह सहस्रधारा हैलीपेड पर लैंड करेंगे
10.15 बजे किमाड़ी में डा. निशंक की बेटी की शादी शिरकत करेंगे
11.00 बजे सहस्रधारा हैलीपेड से सवाड़ चमोली के लिए रवाना होंगे
12.00 बजे दोपहर शहीद सैनिक यात्रा का करेंगे शुभारंभ
1.55 बजे शिखर होटल, अल्मोड़ा पहुंचेंगे
3.00 बजे से भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में लेंगे हिस्सा
5.20 बजे रुद्रपुर में आनंदम वैंक्वेट हाल जाएंगे
7.00 बजे शाम रेडिशन होटल पहुंचेंगे व रात्रि विश्राम
10.00 बजे सुबह ओमेक्स अपार्टमेंट कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा
10.45 बजे से कलेक्ट्रेट व मुख्य बाजार भ्रमण
11.20 बजे रामलीला मैदान में जनसभा संबोधित करेंगे
12.40 बजे आनंदम वैंक्वेट हाल में कार्यक्रम में जाएंगे
4.50 बजे पुलिस लाइन ग्राउंड से दिल्ली के लिए होंगे रवाना
जेपी नड्डा रुद्रपुर में 15-16 नवंबर को भरेंगे चुनावी हुंकार

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनय रोहिल्ला ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सायं 4 बजे 15 नवंबर को पुलिस लाइन हैलीपेड रुद्रपुर आएंगे। यहां से वे सीधे आनंदम बैठक पहुंचेंगे। यहां वे ऊधमसिंह नगर के शक्ति केंद्र संयोजक, शक्तिकेंद्र प्रचारक, मंडल अध्यक्ष व विधानसभा विस्तारक, विधानसभा प्रभारियों की सामूहिक बैठक को संबोधित करेंगे। रात्रि विश्राम रुद्रपुर में ही करेंगे।
रविवार को पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री भंडारी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष 16 नवंबर की सुबह 10 बजे शहीद ऊधमसिंह नगर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद 10रू45 पर भीमराव आंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। 11ः15 में आर्शीवाद बैंकट हॉल में बंगाली समाज के कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
इसके बाद 2 बजे प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, मोर्चा अध्यक्ष, मोर्चा प्रदेश महामंत्री, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा सह प्रभारी, विस्तारकों की सामूहिक बैठक को राष्ट्रीय अध्यक्ष संबोधित करेंगे। इसके बाद कोर ग्रुप की बैठक को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, मीडिया प्रभारी ललित मिगलानी समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

युवा चेहरे के साथ भाजपा को मिलेगी और ज्यादा विधानसभा सीटें

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 20-21 अगस्त को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। यंहा नड्डा देहरादून व हरिद्वार जनपद के पार्टी द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। जिनमें देहरादून के रायवाला में में सैनिकों के सम्मान व उनसे संवाद एवं हरिद्वार में संतों का आशीर्वाद कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उक्त जानकारी काशीपुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उक्त जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चुनावों को दृष्टिगत रखते हुए 70 पूर्णकालिक विस्तारकों का प्रशिक्षण वर्ग काशीपुर में किया जा रहा है जिसमें राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी० एल० संतोष राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने 20 और 21 अगस्त को हरिद्वार व देहरादून में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे की जानकारी देते हुए कहा कि इस दौरान नड्डा प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात के साथ-साथ सैनिक संवाद और संतो का आशीर्वाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगें।

कौशिक ने बताया कि कोरोना की तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए भाजपा पूरे प्रदेश में 25,000 स्वास्थ्य स्वयंसेवक तैयार कर रही है जिनका प्रदेश स्तर पर प्रशिक्षण हो चुका है तथा अतिशीघ्र जिला और मंडल स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम किया जाएगा। साथ ही कहा रामनगर में हुए चिंतन शिविर में पार्टी ने अगामी कार्यकर्ताओं की रूपरेखा तैयार की है जिसके तहत 2365 शक्तिकेन्द्रों में कार्यक्रम आरम्भ हो चुके है।

कौशिक ने कहा कि बूथ समिति भाजपा की ताकत रही है और यही उसकी जीत का आधार है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन द्वारा 11,235 बूथ समितियों का गठन किया जा चुका है और उनके सत्यापन का कार्य चल रहा है। भाजपा में बूथ समितियां पूरे 5 वर्ष कार्य करती है। बूथ समितियों के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान होता है और संवाद बना रहता है। जबकि अन्य विपक्षी पार्टियो में चुनाव से कुछ समय पूर्व ही कार्यकर्ताओं की सुध ली जाती है।

कौशिक ने कहा कि आज हमारे पास लोकप्रिय और युवा मुख्यमंत्री है। 2022 में भाजपा 2017 से भी बड़ी विजय हासिल करेगी और 60 से प्लस विधानसभा क्षेत्रों में विजय प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी चुनावों में कमल के निशान तथा 60 प्लस के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।

इस दौरान जिलाध्यक्ष शिव अरोड़ा, विधायक काशीपुर हरभजन सिंह चीमा, मेयर काशीपुर उषा चौधरी, कुमाऊं सह मीडिया प्रभारी रवि कुरिया, जिला उपाध्यक्ष गुरविंदर चंडोक आदि उपस्थित रहे।

भाजपा के लिए देश सर्वोपरि, अन्य दल मोदी का विरोध करते हुए देश के खिलाफ उतर आएः नड्डा

अन्य दलों को देश की कोई चिंता नहीं है, यह लोग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अन्य शक्तियों के साथ मिलकर मोदी के खिलाफ काम कर रहे है। भाजपा के लिए देश ही सर्वोपरि है। दूसरे दल मोदी के विरोध में इतने अंधे हो गए हैं, कि वह अब देश का भी विरोध करने लगे हैं। हमें मोदी और भाजपा को सशक्त बनाना है। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कही।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का बीजापुर अतिथि गृह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने स्वागत किया। नड्डा ने आज सुबह हरिद्वार से देहरादून के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान नेपाली फार्म से लेकर देहरादून तक कोविड के नियमों का पालन करते हुए जगह-जगह मानव श्रृंखला बनाकर उनका स्वागत किया गया जाएगा। करीब बारह बजे वे देहरादून पहुंचे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तराखंड आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में जबदस्त उत्साह है। उनका यह दौरा हर दृष्टि से ऐतिहासिक है। उनके कुशल मार्गदर्शन में पार्टी कार्यकर्ता मिशन 2022 को फतह करने के लिए नई ऊर्जा के साथ जुटेंगे। राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने देशव्यापी प्रवास कार्यक्रम की उत्तराखंड से शुरुआत कर देवभूमि के प्रति अपने स्नेह को प्रदर्शित किया है। उनके इस दौरे से प्रदेश में भाजपा कार्यककर्ताओं में नई ऊर्जा व उत्साह का संचार होगा।
वहीं, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के पास विशाल संगठनात्मक और प्रशासनिक अनुभव है। आने वाले समय में पार्टी उनके नेतृत्व में और अधिक मजबूत होकर उभरेगी।

नेपाली फार्म में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को पहुंचे भाजपाई

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हरिद्वार में महामंडलेश्वरों की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर वार्ता के प्रश्चात आज सुबह कुंभ नगरी हरिद्वार से द्रोण नगरी देहरादून के लिए रवाना हुए। उनके स्वागत कार्यक्रम की ऋषिकेश विधानसभा संयोजक महापौर अनिता ममगई के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का बेहद गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान उनपर जबरदस्त पुष्प वर्षा भी की गई।

पार्टी के तमाम पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ स्वागत कार्यक्रम की संयोजिका मेयर अनिता ममगाई भी मौके पर डटी रही। इससे पूर्व उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश भी पार्टी कार्यकर्ताओं को दिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष के वाहनों का काफिला नेपाली फार्म तिराहे पर पहुंचते ही समूचा क्षेत्र भाजपा जिदांबाद और जयश्री राम के गूंजायमान उद्वोषों से गूंज उठा। मेयर अनिता ममगाई ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को वाहन पर ही पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

वहीं, हरिपुरकलां स्थित एक होटल में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने भी उनका स्वागत किया। इस दौरान पुष्पगुच्छ भेंट वार्ता भी की। वहीं, वीरभद्र मंडल की ओर से भी उनका स्वागत किया गया।

17 अक्टूबर को होगा उत्तराखंड भाजपा के नए कार्यालय का भूमिपूजन व शिलान्यास

देहरादून रिंग रोड पर बनने वाला भाजपा का नया प्रदेश कार्यालय अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसका भूमिपूजन व शिलान्यास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली से वर्चुअल के जरिए करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष वंशीधर भगत और संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने रिंग रोड पर बनने जा रहे नए कार्यालय का निरीक्षण किया। प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने बताया कि नया प्रदेश कार्यालय आधुनिक तकनीक व सुविधाओं से युक्त होगा। इसका भूमि पूजन व शिलान्यास 17 अक्टूबर को 11 बजे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।